फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election Live: शाह का तीखा हमला, कहा- पाकिस्तान राहुल गांधी पर बहुत खुश; ओवैसी ने घर-घर प्रचार किया

Wed, 08 May 2024 10:09 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi: देश में इन दिनों चुनावी मौसम चल रहा है। अब तक तीन चरणों के दौरान कई प्रदेशों में मतदान हो गए हैं और अभी आगे कई राज्यों में कराए जाने हैं। इसके साथ ही धुआंधार चुनाव प्रचार का दौर भी जारी है। 
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:02 PM, 08-May-2024

महाराष्ट्र की रैली में बरसे शाह- पाकिस्तान राहुल गांधी पर बहुत खुश

महाराष्ट्र के जालना में  चुनावी रैली करने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को लेकर पाकिस्तान बहुत खुश है। शाह ने कहा कि हर दिन पाकिस्तान के लोग राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सर्जिकल और एयर स्ट्राइक होने पर राहुल सवाल खड़े करते हैं।

08:44 PM, 08-May-2024

हैदराबाद में ओवैसी ने घर-घर जाकर प्रचार किया

तेलंगाना में चुनाव प्रचार जोरों पर है। हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने 13 मई को होने वाले मतदान से पहले बहादुरपुरा में घर-घर जाकर प्रचार किया। पीएम मोदी और शाह पर निशाना साधा
चुनाव प्रचार के दौरान ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 40 साल से हम भाजपा को हरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने और भाजपा की सरकार बनी, उस समय भी हम जीते। 2019 में भी पीएम मोदी की सरकार आई, लेकिन जीत हमारी हुई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह जब तक AIMIM का नाम न लें तब तक उनके पेट का दर्द खत्म नहीं होता। ओवैसी ने सवाल किया, सरकार को बताना चाहिए कि पीएम केयर फंड के पैसे कहां है? इलेक्टोरल बॉन्ड से जो पैसे लिए वह किस बैंक में है?

08:32 PM, 08-May-2024

प्रधानमंत्री के सियासी प्रहार पर राहुल गांधी का पलटवार

तेलंगाना की चुनावी रैली में पीएम मोदी ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि दाल में जरूर कुछ काला है, जिसके कारण कांग्रेस के शहजादे अब अंबानी और अदाणी पर बयान नहीं देते। पीएम मोदी के हमले के जवाब में राहुल गांधी ने कहा, केंद्र सरकार को अदाणी-अंबानी की जांच के लिए सीबीआई और ईडी को भेजना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी कि वह इस बात की जांच सीबीआई या ईडी से कराएं कि क्या दोनों उद्योगपतियों ने कांग्रेस पार्टी को 'पैसे' भेजे हैं।

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश में पूछा, क्या मोदी व्यवसायियों द्वारा भेजे जा रहे पैसे के बारे में अपने 'व्यक्तिगत अनुभव' से बोल रहे हैं? उन्होंने कहा, जो पैसा पीएम मोदी ने दो व्यापारियों को दिया है, कांग्रेस पार्टी उन विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भारत के लोगों को उतना ही पैसा देगी। कांग्रेस ने इसका वादा भी किया है। सोशल मीडिया हैंडल- एक्स पर जारी बयान में राहुल ने कहा, देश जानता है कि भाजपा के भ्रष्टाचार में ड्राइवर और खलासी कौन है।
राहुल ने सवाल किया कि क्या पीएम मोदी थोड़े डरे हुए हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि आम तौर पर प्रधानमंत्री बंद दरवाजों के पीछे अदाणी और अंबानी के बारे में बातें करते हैं, लेकिन पहली बार आपने सार्वजनिक रूप से दोनों के बारे में बात की है।

विज्ञापन
07:46 PM, 08-May-2024

महाराष्ट्र में चरम पर भाजपा का उत्साह; पवार के सभी नेताओं को मात का दावा

केंद्रीय मंत्री और मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार पीयूष गोयल ने रोड शो किया।
महाराष्ट्र में राजनीतिक माहौल पर भाजपा के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा, 'शरद पवार की पार्टी के सारे उम्मीदवार हार रहे हैं। खुद सुप्रिया सुले भी हार रही हैं। शरद पवार की पार्टी का इतिहास भी यही रहा है कि जब भी उनकी पार्टी हारने वाली होती है तो वह ऐसे बयान देते हैं।'

06:20 PM, 08-May-2024

असम में चुनाव ड्यूटी के दौरान 'मानसिक उत्पीड़न' और धमकी देने के आरोप

असम के एक अंचल अधिकारी ने नलबाड़ी जिले के उपायुक्त (डीसी) के खिलाफ पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है। इसमें वरिष्ठ अधिकारी पर चुनाव ड्यूटी के दौरान 'मानसिक उत्पीड़न के साथ-साथ सार्वजनिक रूप से अपमान और धमकी देने' का आरोप लगाया गया है। अपनी शिकायत में सरमा ने आरोप लगाया कि उन्हें तिहू विधानसभा के इश्यू और रसीद काउंटर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके लिए दिन में ही व्हाट्सएप पर आदेश जारी कर दिया गया था।

शिकायत पर डीसी का बयान
इस मामले में नलबाड़ी के डीसी वर्नाली डेका ने कहा, पश्चिम नलबाड़ी अंचल की अधिकारी (सीओ) अर्पणा सरमा ने अपने कर्तव्य की 'उपेक्षा' की। उन्होंने कहा कि चुनावी ड्यूटी के लिए गुर्डन हायर सेकेंडरी सरकारी स्कूल में तैनात अंचल अधिकारी ने केंद्रीय चुनाव प्रबंधन स्थल को सुबह 2 बजे काम पूरा किए बिना 'छोड़ दिया।' बता दें कि बरपेटा लोकसभा क्षेत्र में आने वाले नलबाड़ी जिले में मंगलवार को तीसरे चरण में मतदान कराया गया।

विज्ञापन
05:36 PM, 08-May-2024

पीएम मोदी के खिलाफ तमिलनाडु हाईकोर्ट पहुंची कांग्रेस

पीएम मोदी के भाषणों के खिलाफ तमिलनाडु कांग्रेस ने मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) ने मद्रास उच्च न्यायालय में दायर याचिका के माध्यम से चुनाव आयोग (ईसीआई) को नोटिस जारी करने की अपील की है। कांग्रेस का आरोप है कि पीएम मोदी ने भाजपा के चुनाव प्रचार के दौरान जैसे भाषण दिए हैं, वह सांप्रदायिक हैं। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश भी दिया है। बुधवार को जस्टिस एडी जगदीश चंदीरा और आर कलईमथी की ग्रीष्मकालीन अवकाश पीठ के समक्ष यह मामला पहुंचा। इसमें यह भी कहा गया कि उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री याचिका स्वीकार करने से सिर्फ इसलिए इनकार कर रही थी क्योंकि आरोप प्रधानमंत्री के खिलाफ लगाए गए हैं।

05:05 PM, 08-May-2024

झारखंड में गरजे तेजस्वी, कहा- भाजपा नीत राजग सरकार संविधान बदलने पर आमादा

राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार देश के संविधान को 'बदलने' और एससी, एसटी और ओबीसी श्रेणियों से 'आरक्षण छीनने' की कोशिश कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। तेजस्वी ने कहा कि राजद भाजपा की ऐसी तमाम कोशिशों को नाकाम कर देगी।

04:46 PM, 08-May-2024

सात दिनों के भीतर बंगलूरू के थाने में पेश होने का नोटिस

कर्नाटक पुलिस ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय को तलब किया है। नोटिस के मुताबिक दोनों को राजधानी बंगलूरू के हाई ग्राउंड्स थाने में सात दिनों के भीतर आना होगा। दोनों के खिलाफ कथित तौर पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) समुदाय के खिलाफ दुष्प्रचार को शह देने आरोप लगे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी की कर्नाटक इकाई की तरफ से हाल ही में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट किया गया था। नोटिस इसी एक्स पोस्ट के संबंध में भेजा गया है।

03:58 PM, 08-May-2024
केरल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सुधाकरन (फाइल) - फोटो : एएनआई

के सुधाकरन केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने

अनुभवी नेता के सुधाकरन ने एक बार फिर केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पद संभाला है। कांग्रेस नेताओं के एक धड़े की नाराजगी और आपत्ति की खबरों के बीच, बुधवार को केरल पार्टी मुख्यालय में सुधाकरन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। नाराजगी और तल्खी भी दिखी, क्योंकि एमएम हसन सहित प्रमुख नेता, सुधाकरन के पदभार संभालने के दौरान नदारद रहे। हसन सुधाकरन की गैरमौजूदगी में केपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।

सुधाकरन ने पदभार ग्रहण करने से पहले अनुभवी नेता एके एंटनी से उनके आवास पर मुलाकात भी की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के निर्देश के अनुसार, हाल के लोकसभा चुनावों में कन्नूर निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद सुधाकरन ने अस्थायी रूप से अध्यक्ष पद हसन को सौंप दिया था।

03:47 PM, 08-May-2024
ओवैसी और माधवी लता - फोटो : Social Media

माधवी लता ने ओवैसी से पूछे तीखे सवाल

हैदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार माधवी लता ने आरोप लगाया कि इस संसदीय क्षेत्र में लंबे समय से ज़्यादती होती आ रही है। उन्होंने कहा, 40 सालों से यहां से चुनाव जीतने वाले असदुद्दीन ओवैसी या अकबरुद्दीन ओवैसी आज तक यहां की एक भी समस्या हल नहीं करा पाए हैं। उन्होंने कहा, हैदराबाद के कई घरों में गरीबी के कारण मुसलमान लड़कियों की शादी दूसरे देशों में करवा दी जाती है। वहां जाने के बाद उनकी क्या हालत होती है ये किसी से भी छिपा नहीं है। हम सब जानते हैं। आज तक ओवैसी भाइयों ने इस बारे में कोई जांच नहीं कराई है। दोनों ने सच जानने की कोशिश तक नहीं की है। कितने हिंदू परिवार भी 'लव जिहाद' को लेकर शिकायत करते रहे हैं, लेकिन सच आज तक सामने नहीं आया है। माधवी ने सवाल किया कि क्या इन मुद्दों के बारे में जांच करवाने की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती?

03:25 PM, 08-May-2024
प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रत्याशी वाईएस शर्मिला - फोटो : एएनआई

पीएम मोदी को कांग्रेस प्रत्याशी शर्मिला की चुनौती

आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और कडप्पा लोकसभा सीट से उम्मीदवार वाईएस शर्मिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक रेडियो संदेश भेजा है। शर्मिला ने पीएम मोदी से राज्य के लोगों के 'मन की बात' सुनने की अपील की है। उन्होंने कहा, 'जब तक आप आंध्र प्रदेश के लोगों से माफी नहीं मांगते, तब तक आप राज्य में प्रवेश करने के पात्र नहीं हैं।' उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दस वर्षों से पीएम मोदी आंध्र प्रदेश को धोखा दे रहे हैं। चुनाव के दौरान छल करने के लिए स्नेह दिखा रहे हैं, लेकिन प्रदेश के विकास की उपेक्षा की जा रही है। शर्मिला ने कहा, वे आंध्र प्रदेश की जनता की तरफ से आरोप पत्र पेश कर रही हैं। उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा, 'अगर प्रधानमंत्री में हिम्मत है, तो आंध्र प्रदेश के लोगों से की गई प्रतिबद्धताओं को पूरा करने का वादा करते हुए हलफनामा दें।'

01:47 PM, 08-May-2024

भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

कर्नाटक के एक मतदान केंद्र पर कहासुनी के बाद भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में भाजपा और कांग्रेस के 45 वर्षीय एक कार्यकर्ता घायल हो गए। यह घटना मंगलवार को यादगीर जिले के सुरपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दयापुर मतदान केंद्र में हुई। पुलिस ने बताया कि पथराव के दौरान भीमन्ना मल्लप्पा ब्याली के सिर में गंभीर चोट आई और उसे यादगीर जिला अस्पताल ले जाया गया।

01:39 PM, 08-May-2024

तीन चरणों में ही मोदी जी 190 सीटें पार कर गए: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'कल ही तीसरे चरण का चुनाव हुआ है। तीन चरणों में ही मोदी जी 190 सीटें पार कर गए हैं। और चौथे चरण में मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा और NDA, 400 की ओर मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। सपा, बसपा और कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।'

01:37 PM, 08-May-2024

देश में सबसे ज्यादा मतदान गोवा में हुआ: प्रमोद सावंत

गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा, 'गोवा में (तीसरे चरण में) 75.5 प्रतिशत मतदान हुआ। देश में सबसे ज्यादा मतदान गोवा में हुआ। बहुत ज्यादा गर्मी के बावजूद सभी लोगों ने बाहर आकर वोट किया। मैं इसके लिए सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं। आने वाले चरणों में मतदान प्रतिशत और बढ़ेगा, ये मैं दावे के साथ कह सकता हूं।'

12:20 PM, 08-May-2024

धर्मेंद्र प्रधान ने डोर-टू-डोर अभियान में लिया हिस्सा

केंद्रीय मंत्री और संबलपुर से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने डोर-टू-डोर अभियान में हिस्सा लिया।

12:12 PM, 08-May-2024

भाजपा के खिलाफ नहीं जीत सकती टीएमसी: दिलीप घोष

पश्चिम बंगाल के बर्धमान में भाजपा सांसद दिलीप घोष ने कहा, 'चुनाव आयोग और राज्यपाल के साथ उनकी (टीएमसी) लड़ाई शुरू हो गई है क्योंकि वे जानते हैं कि वे भाजपा के खिलाफ नहीं जीत सकते। लड़ाई अब (राजनीतिक) जमीन के बजाय कार्यालय में चल रही है। टीएमसी ने संदेशखाली घटना को साजिश बताते हुए एक वीडियो जारी किया है। इस पर घोष ने कहा, 'उन्होंने वीडियो से छेड़छाड़ की है। इसकी जांच की जा रही है, सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।'

11:39 AM, 08-May-2024

हरियाणा सरकार को कोई दिक्कत नहीं हैं: नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "कांग्रेस की सोच रही है ये इच्छाएं पूरी करते हैं। पहले भी लोगों ने देखा है कि जब लोकसभा में इनको लगता था कि इनकी सरकार दिक्कत में है तब ये कुछ लोगों की इच्छाएं पूरी करते हुए घूमते थे...हरियाणा सरकार को कोई दिक्कत नहीं हैं। सरकार पूरी मजबूती से काम कर रही है। प्रदेश के लोग कांग्रेस की इच्छा पूरी करने वाली नहीं है...ये भ्रम की स्थिति पैदा करते हैं कि सरकार अल्पमत में है। सरकार को कोई दिक्कत नहीं है।"

11:29 AM, 08-May-2024

इन लोगों की सरकार नहीं बनने वाली: चौबे

राजद प्रमुख लालू यादव के बयान पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा, "इन लोग की मंशा धर्म के आधार पर आरक्षण करने की है। कांग्रेस का घोषणापत्र और कर्नाटक में उनका व्यवहार इस बात को स्पष्ट कर रहा है। ये लोग पिछड़ों, अनुसूचित जाति और अति पिछड़े सभी का आरक्षण धर्म के नाम पर मुसलमानों को देना चाहते हैं।...इन लोगों की सरकार नहीं बनने वाली है केवल पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार बनेगी। देश में फिर से तीसरी महाशक्ति हम बनने वाले हैं।"

10:36 AM, 08-May-2024

कांग्रेस और इंडी गठबंधन का तीसरा फ़्यूज उड़ा: प्रधानमंत्री मोदी

तेलंगाना के करीमनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'कल देश में तीसरे चरण का चुनाव पूरा हो गया है। तीसरे फेज में कांग्रेस और इंडी गठबंधन का तीसरा फ़्यूज उड़ गया है। अभी चार चरण का चुनाव बाकी है। जनता के आशीर्वाद से भाजपा और एनडीए तेजी से विजय रथ को आगे ले जा रही है। यहां आपने भाजपा सांसद की जीत पहले ही सुनिश्चित कर दी है। कांग्रेस की हार यहां इतनी पक्की है कि बहुत मुश्किल से वो किसी को चुनाव लड़ने के लिए मना पाई। बीआरएस का यहां कोई अता-पता ही नहीं है।'

10:28 AM, 08-May-2024

सीएम मनोहर लाल ने रोड शो किया।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल ने रोड शो किया।
 

10:27 AM, 08-May-2024

महाराष्ट्र के रायरेश्वर में सबसे ऊंचा मतदान केंद्र

महाराष्ट्र के रायरेश्वर में सबसे ऊंचा मतदान केंद्र, जहां 160 मतदाता अपने मतों का इस्तेमाल करेंगे। मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए मतदान टीम ने लोहे की सीढ़ियों की मदद से एक घंटे का रास्ता तय किया।
  

10:27 AM, 08-May-2024

तीन जनसभाओं-एक रोड शो में पीएम होंगे शामिल

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान संपन्न होने के बाद पीएम मोदी आज आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वह एक रोड शो में भी शामिल होंगे।
 

10:26 AM, 08-May-2024

Lok Sabha Election Live: शाह का तीखा हमला, कहा- पाकिस्तान राहुल गांधी पर बहुत खुश; ओवैसी ने घर-घर प्रचार किया

देश में इन दिनों चुनावी मौसम चल रहा है। अब तक तीन चरणों के दौरान कई प्रदेशों में मतदान हो गए हैं और अभी आगे कई राज्यों में कराए जाने हैं। इसके साथ ही धुआंधार चुनाव प्रचार का दौर भी जारी है। इसकी मिसाल है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। वह एक ही दिन में दो राज्यों में तीन रैलियों और एक रोड शो में शामिल होंगे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें