बीआरएस ने शनिवार को दो और उम्मीदवारों की घोषणा की। तेलंगाना में 13 मई को लोकसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। बीआरएस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने प्रत्याशियों के नाम का एलान किया।
भोंगीर से क्यामा मल्लेश और नलगोंडा निर्वाचन क्षेत्र से कांचरला कृष्णा रेड्डी ताल ठोकेंगे। इससे पहले सिकंदराबाद से टीगुल्ला पद्मराव गौड़ के नाम का एलान किया था। पद्मराव गौड़ बीआरएस शासनकाल में विधानसभा उपाध्यक्ष रह चुके हैं। सिकंदराबाद में केंद्रीय मंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी से इनका मुकाबला होगा।
पद्मराव गौड़ सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक हैं। शनिवार को तीन उम्मीदवारों की घोषणा के साथ, बीआरएस ने तेलंगाना की कुल 17 में से 16 लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। हैदराबाद एकमात्र लोकसभा क्षेत्र है जहां बीआरएस ने अभी तक उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने शनिवार को कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के साथ गठबंधन का अब कोई अस्तित्व नहीं है। वीबीए आगामी लोकसभा चुनावों के लिए तीन एमवीए सहयोगियों के साथ हाथ मिलाने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा, वह 26 मार्च को अपने अगले कदम की घोषणा करेंगे। उन्होंने आगामी चुनावों में वीबीए और महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के बीच बातचीत की स्थिति पर सीधा जवाब देने से परहेज किया।
अंबेडकर ने कहा, 'मैंने उद्धव ठाकरे से कहा था कि शिवसेना (यूबीटी) और वीबीए को साथ बैठकर संयुक्त राजनीतिक रास्ते की रणनीति बनानी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।' उन्होंने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के साथ वीबीए गठबंधन अब अस्तित्व में नहीं है। अगर वीबीए और एमवीए के बीच गठबंधन होता है तो इस पर विचार किया जाएगा।
गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिव सेना (यूबीटी) और वीबीए ने पिछले जनवरी में गठबंधन की घोषणा की थी। अंबेडकर ने यह भी दावा किया कि एमवीए सहयोगियों-शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (शरदचंद्र पवार) और कांग्रेस- में आंतरिक कलह हो रही है। बकौल अंबेडकर, एमवीए ने उन्हें कभी भी चार सीटों का प्रस्ताव नहीं दिया। बता दें कि अंबेडकर डॉ. बीआर अंबेडकर के पोते हैं।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हो रही है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई शीर्ष पदाधिकारी मौजूद हैं। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी भाग लिया। खबरों के मुताबिक पीएम मोदी भूटान दौरे से लौटने के बाद पार्टी मुख्यालय पहुंचे और सीईसी की बैठक में हिस्सा लिया।
खबरों के मुताबिक उत्तर प्रदेश और राजस्थान के उम्मीदवारों पर चर्चा हुई। सीईसी की बैठक दो बार पहले भी हो चुकी है। भाजपा अब तक 291 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, केरल और तेलंगाना समेत अन्य राज्यों की सीटें शामिल हैं। भाजपा ने अभी तक इनमें से कुछ राज्यों की अहम सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
विपक्षी पार्टियां- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (यूबीटी) ने शनिवार को आरोप लगाया कि मुंबई के कांदिवली इलाके में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बेटे ध्रुव गोयल का भाषण सुनने के लिए एक कॉलेज के छात्रों को मजबूर किया गया। भाजपा ने ध्रुव को मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि छात्रों को उस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मजबूर करने के लिए छात्रों की आईडी जब्त कर ली गई। गोयल के बेटे के भाषण के संबंध में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के विधायक आव्हाड ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो भी शेयर किया। इसमें एक छात्र को आपत्ति दर्ज कराते देखा जा सकता है।
विवाद के बाद, ठाकुर कॉलेज ऑफ साइंस एंड कॉमर्स ने कहा, इस कार्यक्रम का मकसद छात्रों, विशेष रूप से पहली बार वोट डालने जा रहे मतदाताओं को आगामी आम चुनावों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना था।
एलडीएफ उम्मीदवार सुनील कुमार को चुनाव आयोग ने चेतावनी दी है। प्रचार अभियान के लिए अभिनेता टोविनो थॉमस के साथ अपनी तस्वीर का उपयोग करने के खिलाफ उन्होंने चेतावनी दी। चुनाव आयोग ने त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र में सीपीआई उम्मीदवार वी एस सुनील कुमार को ऐसे समय में चेतावनी दी है, जब उन्होंने सोशल मीडिया पर अभिनेता थॉमस के साथ तस्वीर शेयर की।
कानून के खिलाफ है तस्वीर का इस्तेमाल
मलयालम अभिनेता टोविनो थॉमस चुनाव आयोग के व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी कार्यक्रम (एसवीईईपी) के दूत हैं। उनकी तस्वीर के साथ प्रत्याशी की फोटो को आयोग ने आपत्तिजनक माना है। अभिनेता ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा था कि वह SVEEP के राजदूत हैं और चुनाव प्रचार के लिए उनकी तस्वीर का इस्तेमाल करना कानून के खिलाफ है।
पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चा ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की चार और लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इन सीटों में मुर्शिदाबाद भी शामिल है। इस सीट पर सीपीआईएम के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम को मैदान में उतारा गया है। सलीम रायगंज से पूर्व लोकसभा सांसद हैं। इससे पहले, वह कोलकाता उत्तर-पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से सांसद भी सांसद रह चुके हैं।
दूसरी सूची में वाम मोर्चा ने राणाघाट सीट से सीपीआई (एम) के अलोकेश दास, बर्धमान-दुर्गापुर सीट पर पार्टी की सुकृति घोषाल और बोलपुर निर्वाचन क्षेत्र के लिए सीपीआई (एम) की श्यामली प्रधान को टिकट दिया है। वाम मोर्चा अध्यक्ष बिमान बोस ने बताया कि घटक दलों के साथ बैठक में चर्चा के बाद उम्मीदवारों का नाम फाइनल हुआ।
बता दें कि वाम मोर्चा ने अपनी पहली सूची में 16 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। इनमें से 13 सीपीआईएम से थे। आरएसपी, सीपीआई और फॉरवर्ड ब्लॉक से एक-एक प्रत्याशियों को मौका मिला है।
केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में एलडीएफ ने चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए केरल में प्रचार अभियान तेज हो चुका है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्य मंत्री चंद्रशेखर तिरुवनंतपुरम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। केरल की 20 लोकसभा सीटों के लिए 26 अप्रैल को चुनाव होंगे।
एलडीएफ ने जिला कलेक्टर के पास दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि वह आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद भी केंद्रीय मंत्री के रूप में ही कई कार्यक्रमों में भाग लेते रहे। एलडीएफ चुनाव समिति के अध्यक्ष एम विजयकुमार के मुताबिक, यह आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का स्पष्ट मामला है। उन्होंने कहा कि उन्होंने न केवल केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्यक्रम का आयोजन किया बल्कि छात्रों से वोट भी मांगे।
तेलंगाना की सिकंदराबाद लोकसभा सीट से भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने पद्म राव गौड़ को प्रत्याशी बनाया है। शनिवार को पार्टी प्रमुख और पूर्व सीएम के चंद्रशेखर राव ने गौड़ की उम्मीदवारी का एलान किया।
विपक्ष के नेताओं पर हो रही कानूनी कार्रवाई और उन्हें जेल भेजे जाने पर शिवसेना (यूबीटी) ने शनिवार को कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी लोकसभा चुनाव का सामना करने से डरे हुए हैं। शिवसेना ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में विपक्षी नेताओं को जेलों में डाल रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री मोदी की तुलना महाभारत के पात्र कंस से
शिवसेना की हालिया आलोचना शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत द्वारा मोदी की तुलना मुगल बादशाह औरंगजेब से करने के कुछ दिनों बाद भी आई है। पार्टी ने दावा किया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी कोई आश्चर्य की बात नहीं है क्योंकि एक तानाशाह ऐसी हरकतें करता ही है। संपादकीय में पार्टी ने मोदी की तुलना महाभारत के पात्र कंस से भी की। बकौल शिवसेना 'कंस ने उन सभी को जेल में डाल दिया जिनसे वह डरता था, फिर भी भगवान कृष्ण का जन्म हुआ और उन्हीं के हाथों कंस का उद्धार हुआ।
बता दें कि महाकाव्य महाभारत के मुताबिक मथुरा का अत्याचारी शासक कंस भगवान कृष्ण का मामा था। उसने भगवान कृष्ण के माता-पिता को कैद कर बाद में उनकी हत्या कर दी। कंस के कारागार में ही कृष्ण का जन्म हुआ था।
गुजरात के वडोदरा से भाजपा सांसद रंजन भट्ट आगामी आम चुनावों में ताल नहीं ठोकेंगे। उन्होंने अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के फैसले पर कहा, 'मुझे लगा कि मैं चुनाव लड़ना नहीं चाहता, इसलिए मैंने अपना मन बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर लिख डाला। उन्होंने कहा, कुछ लोग वडोदरा के बारे में बुरी बातें कहते हैं, इसलिए मैंने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कांग्रेस सरकार की गारंटी योजना कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के साथ बैठक की।
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। हिमाचल प्रदेश के छह बागी विधायक-सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, इंदर दत्त लखनपाल, देवेंद्र भुट्टो, राजेंद्र राणा और चैतन्य शर्मा हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा में शामिल होने के बाद हिमाचल के बागी विधायक राजेंद्र राणा ने कांग्रेस पर लोगों से किए वादे पूरे न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, ''कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश के लोगों से की गई गारंटी पूरी नहीं कर रही है। सीएम तानाशाह बन गए हैं। विधायकों की सुनने वाला कोई नहीं है। हिमाचल सरकार वेंटिलेटर पर है।"
भाजपा में शामिल होने के बाद हिमाचल के बागी विधायक देवेंद्र भुट्टो ने कहा, "आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश भी विकास के मामले में आगे बढ़े इसलिए हमने आज कांग्रेस पार्टी छोड़ी है और भाजपा में शामिल हुए हैं।"
भाजपा में शामिल होने के बाद बागी नेता विधायक सुधीर शर्मा ने कहा, "जब हम अपने लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं कर पा रहे हैं तो विधायक होने का क्या मतलब है। इसीलिए राज्यसभा चुनाव में हमने हर्ष महाजन को वोट दिया जो हमारे राज्य से हैं।आज हम सब अपनी मर्जी से भाजपा में शामिल हुए हैं।जब किसी व्यक्ति के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचे और आपकी बात सुनने वाला कोई ना हो तो ऐसी जगह पर नहीं रहना चाहिए।
कंग्रेस के अलावा हिमाचल प्रदेश के तीन निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा, के.एल. ठाकुर और होशियार सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए हैं।
केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने इंडी गठबंधन की जमकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि लेफ्ट और कांग्रेस का एकसाथ होना कोई आश्चर्य वाली बात नहीं है। केरल में वे जो भी कुछ कर रहे हैं, वह केवल एक नाटक है।
मीडिया से बात करते हुए चंद्रशेखर ने कहा, "लेफ्ट और कांग्रेस इंडी गठबंधन का हिस्सा है। वे पूरे देश में चुनाव को लेकर एक दूसरे का सहयोग कर रहे हैं। उनका एकसाथ आना इस बात की पुष्टि करता है कि वे दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। केरल में वे जो भी कर रहे हैं वह सिर्फ एक नाटक है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ उनका गुस्सा केवल एक नाटक है।"
उन्होंने आगे कहा, "देश की जनता को मालूम है कि ईडी की तरफ से अरविंद केजरीवाल को कई नोटिस भेजी गई। उन्होंने ईडी के समझ पेश नहीं होने का फैसला किया था। कई समन जारी होने के बाद भी पेश न होने पर गिरफ्तार किया जाता है। उन्होंने इससे पहले समन का जवाब क्यों नहीं दिया? हर साल चुनाव में कांग्रेस और वामपंथ अपना लोकप्रिय जमीन और समर्थन खो देते हैं, क्योंकि जनता आधा सच नहीं जानना चाहती है।"
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के राजगढ़ से चुनाव लड़ने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए 30 साल बाद वापस अपने घर में क्यों आ रहे हैं? इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को चुनाव लड़ाने के लिए लोग ही नहीं मिल रहे हैं।
हालांकि, मुख्यमंत्री के इस बयान पर दिग्विजय सिंह ने पलटवार किया है। कांग्रेस नेता ने कहा, "मैं नरेंद्र मोदी जी के, शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ लड़ने को तैयार हूं लेकिन पार्टी ने मुझे यहां से चुनाव लड़ने के लिए कहा है इसलिए मैं यहां से चुनाव लड़ूंगा।"
लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्र को घेरा है। उन्होंने इस गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। मीडिया से बात करते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को जेल में डाला गया है उससे यह साफ होता है कि राजनीतिक प्रतिशोध के तहत किया गया है। कहीं भी अब तक ईडी की ओर से कोई तथ्य नहीं दिखाए गए जिससे कि साबित हो पाए यह कार्रवाई किस आधार पर हो रही है, कोई सबूत नहीं दिए गए हैं। यह नहीं भूलना चाहिए कि अरविंद केजरीवाल भारी बहुमत से जनता का विश्वास जीतकर आए हैं और वे अपना काम करने के कारण ही जीत कर आए हैं।"
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ राजघाट पर प्रार्थना की और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की शपथ ली।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने आज सुबह की सैर करने के दौरान चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात भी की। आगामी लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान सीएम स्टालिन ने तंजावुर जिले में एक मिठाई की दुकान चाय भी पी।
बंगलूरू में भाजपा लोकसभा चुनाव मीडिया सेंटर का उद्घाटन हुआ। इस उद्घाटन समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश की जनता एक बार फिर नरेंद्र मोदी को अपना प्रधानमंत्री बनाना चाहती है।
बीवाई विजयेंद्र ने कहा, "एक बार फिर मोदी, यह केवल भाजपा कार्यकर्ताओं के शब्द नहीं है। देश की जनता मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाना चाहती है। उनकी लोकप्रियता दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। देश की जनता पीएम मोदी पर भरोसा करती है। उनका उद्देश्य देश का विकास करना है। कर्नाटक भाजपा के लिए दक्षिण का द्वार है। लोकसभा चुनाव के लिए कर्नाटक में कांग्रेस के पास उम्मीदवार नहीं है। जेडीएस भी हमारे साथ है।"