फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election 2024 Live:येदियुरप्पा के बेटे के खिलाफ FIR; बंगाल में BJP सांसद पर TMC कार्यकर्ताओं का हमला

Sun, 24 Mar 2024 08:51 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Lok Sabha Chunav 2024 Live Updates in Hindi: लोकसभा चुनाव होने में अब एक महीने से भी कम का समय रह गया है। सात चरण में होने वाले आम चुनाव के लिए 19 अप्रैल से मतदान शुरू होगा। इसके मद्देनजर राजनीतिक दलों ने भी कमर कस ली है।
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2024। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:51 PM, 24-Mar-2024

अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी ने राज्य के सीएम एमके स्टालिन पर निशाना साधा है। उन्होंने एक जनसभा के दौरान कहा कि सत्ता संभालने के बाद तीन साल में सीएम स्टालिन ने क्या हासिल किया। वे एक पफेट सीएम हैं। ऐसे में उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि साल 2019 में  द्रमुक को तमिलनाडु में 38 सांसद मिले थे, लेकिन वे एम्स परियोजना पर संसद में मूक थे। पलानीस्वामी ने कहा कि 38 सांसदों के साथ डीएमके को एम्स परियोजना पर संसद को ठप करना चाहिए था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। 

08:50 PM, 24-Mar-2024

सुवेंदु ने आदर्श आचार संहिता का किया उल्लंघन 
इस बीच, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने करने का आरोप लगाया है। झूठी खबरें फैलाकर और पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को बदनाम करके आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए टीएमसी ने इस बाबत चुनाव आयोग से शिकायत की है।

दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को चुनाव आयोग को पत्र लिखकर दावा किया था कि पश्चिम बंगाल में कई गैर-आईपीएस अधिकारी केवल आईपीएस अधिकारियों के लिए नामित पदों पर हैं, जिनमें पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी शामिल हैं।

08:50 PM, 24-Mar-2024

बीजेपी ने लोगों की आंखें खोल दी हैं- बीरेन सिंह
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार को कहा कि भगवा पार्टी आंतरिक मणिपुर लोकसभा सीट भारी अंतर से जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूर्वोत्तर के लोगों की आंखें खोल दी हैं। यहां से पार्टी की जीत की संभावना 200 फीसदी है। उन्होंने यह भी कहा कि इस सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार का नाम सोमवार तक पता चल जाएगा।

इससे पहले, भाजपा ने कहा था कि वह बाहरी मणिपुर सीट पर अपने सहयोगी नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) का समर्थन करेगी। मणिपुर में 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा।
 

विज्ञापन
05:27 PM, 24-Mar-2024

सिक्किम भाजपा ने एसकेएम सरकार को बताया भ्रष्ट
सिक्किम भाजपा ने रविवार को सत्तारूढ़ दल एसकेएम सरकार पर चौतरफा हमला किया है। भाजपा ने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ एसकेएम सरकार भ्रष्ट है।  भाजपा सिक्किम के प्रवक्ता पासंग शेरपा ने कहा कि सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) पार्टी राजनीतिक हिंसा में लिप्त है और जल विद्युत परियोजनाओं जैसे राज्य के प्राकृतिक संसाधनों और संपत्तियों को औने-पौने दामों पर बेच रही है। उन्होंने आगे बोलते हुए लोगों से भाजपा को वोट करने की भी अपील की। शेरपा ने कहा कि हमें खुशी है कि एसकेएम के साथ असहज गठबंधन हमेशा के लिए खत्म हो गया है और अब हम एसकेएम के साथ गठबंधन को तोड़कर स्वतंत्र महसूस कर रहे हैं।

05:18 PM, 24-Mar-2024

देश भर में चुनावी सरगर्मियों के बीच, भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है। जगन्नाथ सरकार ने कहा कि जब वे नादिया जिले में एक धार्मिक समारोह में भाग लेने जा रहे थे तभी उनके वाहन पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि चकदाहा इलाके में हुई इस घटना के दौरान उनके सुरक्षा गार्डों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें बचाया था।

दूसरी ओर, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग इलाके में टीएमसी के हमले में दो भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। हालांकि टीएमसी ने इन दोनों ही घटनाओं में अपने कार्यकर्ताओं की संलिप्तता से इनकार किया है। आरोपों को खारिज करते हुए वरिष्ठ टीएमसी नेता कुणाल घोष ने दावा किया कि ये घटनाएं भाजपा के भीतर अंदरूनी कलह का नतीजा थीं। उन्होंने कहा कि टीएमसी अपने राजनीतिक विरोधियों पर हमला करने में विश्वास नहीं करती है।

विज्ञापन
04:38 PM, 24-Mar-2024

तमिलनाडु के डीएमके सांसद गणेशमूर्ति अस्पताल में भर्ती
इस बीच, इरोड से मौजूदा लोकसभा सांसद एमडीएमके के गणेशमूर्ति को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। इस बारे में पुलिस ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे गणेशमूर्ति को बेचैनी महसूस हुई थी, जिसके बाद उनके परिजनों ने उन्हें इरोड के एक एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआती जांच के बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर वेंटिलेटर पर रखा गया था। बाद में गणेशमूर्ति को पास के कोयंबटूर के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

04:34 PM, 24-Mar-2024

वहीं, कांग्रेस नेता और केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीसन ने सीपीएम पर निशाना साधा है। उन्होंने सीपीएम केंद्रीय समिति के सदस्य और पूर्व मंत्री एके बालन के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वे कहते हैं कि कांग्रेस संसद चुनाव में हार जाएगी। इससे उनका मतलब है कि भाजपा जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि क्या वे भारत में भाजपा की जीत के लिए खड़े हैं? आगे बोलते हुए सतीशन ने कहा कि पहले भी एक सीपीएम नेता और राज्य के एलडीएफ संयोजक ने कहा था कि केरल में भाजपा के उम्मीदवार अच्छे हैं। अब, सीपीएम नेता, विशेष रूप से मुख्यमंत्री केरल में भाजपा के लिए जगह बना रहे हैं। 

04:31 PM, 24-Mar-2024

इस बीच, कर्नाटक के पूर्व सीएम और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र के खिलाफ चित्रदुर्ग में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। बीवाई राघवेंद्र शिवमोग्गा से मौजूदा सांसद और आगामी लोकसभा चुनाव में यहां से उम्मीदवार हैं।

02:58 PM, 24-Mar-2024

कुला कालवी थित्तम लाने की कोशिश

उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि वह जब भी यहां आते हैं, तमिल गौरव और तिरुक्कुरल की बात करते हैं लेकिन उन्होंने हमारी भाषा का अधिकार छीन लिया है। भाजपा नए शिक्षा कार्यक्रम के माध्यम से कुला कालवी थित्तम लाने की कोशिश कर रही है।
 

02:58 PM, 24-Mar-2024

तमिलनाडु के मंत्री और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन ने थेनी में डीएमके उम्मीदवार थंगा तमिल सेल्वन के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने पूछा कि इन 10 सालों में पीएम मोदी कितनी बार तमिलनाडु आए हैं?
 

02:52 PM, 24-Mar-2024

जेडीयू ने 16 उम्मीदवारों के नाम जारी किए

जेडीयू ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने 16 उम्मीदवारों के नाम जारी किए। राजीव रंजन (ललन) सिंह मुंगेर से और लवली आनंद शिवहर से चुनाव लड़ेंगी।
 

02:51 PM, 24-Mar-2024

बहुजन समाज पार्टी ने उम्मीदवारों के नाम जारी किए

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने 16 उम्मीदवारों के नाम जारी किए।
 

02:15 PM, 24-Mar-2024

कांग्रेस पार्टी को पैसे दान करें: नाना पटोले

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले का कहना है कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को नष्ट करने की अपनी योजना बना चुकी है। विपक्ष के बैंक खाते फ्रीज हैं। इसके पीछे मकसद यह है कि विपक्ष के पास चुनाव लड़ने के लिए पैसा न हो। उन्होंने कहा, 'मैं जनता से अपील करता हूं कि देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी को पैसे दान करें। हम कांग्रेस उम्मीदवारों के अकाउंट नंबर और आईएफएससी कोड सार्वजनिक करेंगे।'
 

01:15 PM, 24-Mar-2024

2024 के लिए मोदी नाम से अभियान शुरू

ऑस्ट्रेलिया में पीएम मोदी के समर्थकों ने '2024 के लिए मोदी' नाम से एक अभियान शुरू किया है। अभियान की शुरुआत सिडनी के हार्बर ब्रिज से की गई।
 

11:19 AM, 24-Mar-2024

फिर से भाजपा की सरकार बनेगी: पुष्कर सिंह धामी

लोकसभा चुनाव पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, 'पूरे देश में पीएम मोदी के नेतृत्व में जिस तरह काम हुआ है, पूरी दुनिया में भारत की वैश्विक पहचान बढ़ी है, भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ा है। उत्तराखंड में भी तेजी से विकास हुआ है। आज देश में इस बात की चर्चा नहीं है कि सरकार किसकी बनने वाली है क्योंकि हर एक व्यक्ति जानता है कि फिर से भाजपा की सरकार बनेगी और पीएम मोदी फिर एक बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उत्तराखंड में भी इस बात की चर्चा नहीं है कि पांचों सीटें कौन जीतेगा। सबको पता है ये सीटें भाजपा जीतेगी।'

11:18 AM, 24-Mar-2024

कांग्रेस नेता रश्मि ने जताया पार्टी का आभार

रामटेक लोकसभा सीट से अपनी उम्मीदवारी पर कांग्रेस नेता रश्मि बर्वे ने कहा, 'यह एक बड़ी चुनौती है, लेकिन मैं एक मध्यमवर्गीय महिला को इतना बड़ा अवसर देने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का धन्यवाद करना चाहूंगी।  उन्होंने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है, मैं उसे कायम रखने का प्रयास करूंगी।'

10:51 AM, 24-Mar-2024

निर्वाचन क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों को उठाऊंगा: उदय शंकर हजारिका

कांग्रेस उम्मीदवार उदय शंकर हजारिका ने कहा, 'आजादी के बाद, हमें शायद ही कभी लखीमपुर में एक सांसद मिला जो हमारे मुद्दों को संसद में उठाए। मैं निर्वाचन क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों को उठाऊंगा। हम मांग करेंगे कि सरकार विकास कार्यों के अलावा लोगों के जीवन और संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। हमारे पर्यटन क्षेत्र में बहुत संभावनाएं हैं। हम अपने राज्य में ही युवाओं के लिए नौकरी चाहेंगे...हम ऐसे सभी प्रयास करेंगे।'

10:48 AM, 24-Mar-2024

लोग जानते हैं कि किसे वोट देना है: रवींद्र धंगेकर

रवींद्र धंगेकर ने कहा, 'वे (शरद पवार) हमारे वरिष्ठ नेता हैं। मैंने उनसे मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने मुझे चुनाव लड़ने के सुझाव दिए। मैं उनके आशीर्वाद के साथ यहां से जा रहा हूं। वे पुणे में चुनाव प्रचार में शामिल होंगे और सभी का मार्गदर्शन करेंगे। वे पहले से ही यह सुनिश्चित करने के लिए तैयार हैं कि एमवीए उम्मीदवार जीतें। लोग जानते हैं कि किसे वोट देना है।'

10:39 AM, 24-Mar-2024

शरद पवार से मिलने पहुंचे नेता

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पुणे से एमवीए उम्मीदवार, कांग्रेस नेता रवींद्र धांगेकर एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचे।
 

10:38 AM, 24-Mar-2024

सीएम पटेल ने वस्त्रनगर में डोर टू डोर अभियान में हिस्सा लिया

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से मिलने के लिए वस्त्रनगर में डोर टू डोर अभियान में हिस्सा लिया।
 

09:54 AM, 24-Mar-2024

यहां के लोग कई मुद्दों को लेकर परेशान: जबलपुर से कांग्रेस उम्मीदवार

लोकसभा चुनाव 2024 में जबलपुर से कांग्रेस उम्मीदवार नेता दिनेश यादव ने कहा, 'तीन दशक से यहां पर भाजपा का शासन होने के बाद भी कई मुद्दों से यहां के लोग परेशान रहे हैं। ये मुद्दे आपको मंच पर दिखाई देंगे और सड़कों पर सुनाई देंगे।'

09:52 AM, 24-Mar-2024

हिमाचल प्रदेश में सरकार बैक गियर में चल रही: राजेंद्र राणा

भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस के पूर्व नेता राजेंद्र राणा ने कहा, 'पार्टी में मेरा स्वागत करने के लिए मैं भाजपा और राज्य नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। पिछले 14-15 महीनों से कांग्रेस में हमें प्रताड़ित और अपमानित किया जा रहा था। हिमाचल प्रदेश में सरकार बैक गियर में चल रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम चाहते हैं कि देश और राज्य प्रगति करे।'

09:49 AM, 24-Mar-2024

यह विचारधारा की लड़ाई है: विकास ठाकरे

नागपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विकास ठाकरे ने कहा, 'यह चुनाव जनता के हाथ में है और मुझे उम्मीद है कि जनता मेरे साथ खड़ी रहेगी। यह विचारधारा की लड़ाई है। नागपुर शहर की जनता किस विचारधारा की है इससे सभी लोग वाकिफ हैं और इस चुनाव में कुछ भी हो सकता है।'

09:22 AM, 24-Mar-2024

एएमएमके ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की

एएमएमके महासचिव टीटीवी दिनाकरण ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि एनडीए गठबंधन में एएमएमके दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी। थेनी से टीटीवी दिनाकरन चुनाव लड़ेंगे और त्रिची से सेंथिलनाथन चुनाव लड़ेंगे।

09:20 AM, 24-Mar-2024

कांग्रेस ने तीसरी बार खेला इमरान पर दांव

पश्चिमी यूपी के कद्दावर नेता माने जाने वाले पूर्व विधायक इमरान मसूद पर कांग्रेस ने तीसरी बार दांव खेला है। कांग्रेस की तरफ से शनिवार रात इमरान मसूद को सहारनपुर सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। इमरान के प्रत्याशी घोषित होने के बाद एक बार फिर से 2019 लोकसभा चुनाव वाले समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर...
 

09:19 AM, 24-Mar-2024

पीएम मोदी के खिलाफ अजय राय को चुनावी मैदान में उतारा

कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को वाराणसी लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। वह लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने चुनाव मैदान में होंगे। उनका नाम पहले से ही तय माना जा रहा था। वह 2014 और 2019 में भी चुनाव लड़ चुके हैं। दोनों चुनाव में वह तीसरे नंबर पर थे। यहां पढ़ें पूरी खबर...

09:08 AM, 24-Mar-2024

कांग्रेस की चौथी सूची जारी

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की चौथी सूची जारी कर दी गई है। इसमें 45 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह राजगढ़ लोकसभा सीट, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय वाराणसी से, इमरान मसूद सहारनपुर से, वीरेंद्र रावत हरिद्वार से और दानिश अली अमरोहा से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने राजस्थान की नागौर सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के लिए छोड़ी है। यहां पढ़ें पूरी खबर...

09:07 AM, 24-Mar-2024

Lok Sabha Election 2024 Live:येदियुरप्पा के बेटे के खिलाफ FIR; बंगाल में BJP सांसद पर TMC कार्यकर्ताओं का हमला

लोकसभा चुनाव होने में अब एक महीने से भी कम का समय रह गया है। सात चरण में होने वाले आम चुनाव के लिए 19 अप्रैल से मतदान शुरू होगा। इसके मद्देनजर राजनीतिक दलों ने भी कमर कस ली है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें