कोलकाता के अस्पताल में 31 साल की महिला डॉक्टर के साथ जघन्य वारदात पर आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने कहा, 'ऐसीअप्रिय घटना समाज में निराशा और नैतिकता की कमी को दिखाती है। नवरात्रि आने वाली है और महिलाएं वहां भी होंगी। लोग नाचते-गाते हैं, पार्टियां होती हैं। सबकुछ हो रहा है। लेकिन दुर्भाग्य से इस देश में कुछ ऐसे इलाके हैं जो अभी भी बहुत सुरक्षित नहीं हैं। ऐसी वारदातों के साथ बहुत सख्ती से निपटना होता है। महिलाओं, बच्चों या बुजुर्गों पर इस तरह के किसी भी अत्याचार की निंदा करनी चाहिए। ऐसे मामले बहुत गंभीर हैं। हमें आवाज उठानी होगी, क्योंकि हम समाज की संस्कृति को गलत रास्ते पर जाने की अनुमति नहीं दे सकते।
बता दें कि श्री श्री रविशंकर आध्यात्मिक गुरु होने के अलावा आर्ट ऑफ़ लिविंग के संस्थापक भी हैं। उन्होंने समाज में हिंसा की संस्कृति के सवाल पर कहा कि ये भारत का हिस्सा नहीं थी, लेकिन अब इनका ही बोलबाला दिखता है। सहस्राब्दियों से बहुत जागरूकता पैदा करने की ज़रूरत है। अभी भी बहुत काम करने की ज़रूरत है। डॉक्टर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें लोगों की जान बचानी होती है, लेकिन ऐसी अवस्था में भी उन पर हमला किया गया है। आप भारत में डॉक्टरों की ऐसी स्थिति की कल्पना भी नहीं कर सकते। ऐसी घटना जागरूकता की कमी को दर्शाती है। देश-दुनिया के चिकित्सा समुदाय को यही संदेश की हम आपके साथ एकजुट हैं।
इससे पहले घटना से आक्रोशित डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने सुरक्षा और इंसाफ के मुद्दे पर कोलकाता के अलावा केरल और नई दिल्ली तक अपनी आवाज बुलंद की।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सड़क पर उतरे डॉक्टर, AIIMS के पास से आए विजुअल
केरल के चिकित्सक समुदाय में भी गुस्सा
कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ के मामले में आई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिम बंगाल पुलिस ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तीनों लोगों को 22 अगस्त तक हिरासत में भेजा गया है। इससे पहले प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात की। उन्होंने दोषियों को फांसी की सजा की मांग दोहराते हुए कहा कि अब मामला सीबीआई के हाथ में है।
राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात के बाद राजभवन से बाहर निकलीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, कल जिन लोगों ने आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ की और ये हंगामा किया उनका आरजी कर मेडिकल कॉलेज के छात्र आंदोलन से कोई संबंध नहीं है। उत्पात बाहरी लोगों ने किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, 'मेरे पास तीन वीडियो हैं। मैंने जितने भी वीडियो देखे हैं, उसमें कुछ लोग राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए हैं, वो बीजेपी के लोग हैं। कुछ डीवाईएफआई के लोग भी हैं जो सफेद और लाल झंडे थामे हुए हैं। कल कोलकाता पुलिस पर भी हमला हुआ।' ममता ने कहा कि उपद्रव और अफरा-तफरी के माहौल में भी धैर्य नहीं खोने के लिए वे पुलिस को बधाई देना चाहती हैं। पुलिस ने किसी को चोट नहीं पहुंचाई। बकौल मुख्यमंत्री, 'अब केस हमारे हाथ में नहीं है, पूरा मामला सीबीआई के हाथ में है, अगर आपको कुछ कहना है तो सीबीआई को बताइए, हमें कोई आपत्ति नहीं है।'
डॉक्टरों की हड़ताल और आरजी कर कॉलेज-अस्पताल की जघन्य वारदात पर मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा, 'जहां तक मुझे जानकारी है, मैं छात्रों को दोष नहीं दूंगी... घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, हम अभी भी कह रहे हैं कि दोषी को फांसी होनी चाहिए... हमने सीबीआई को सारे दस्तावेज दे दिए हैं।' ममता ने कहा, जब तक पश्चिम बंगाल पुलिस जांच कर रही थी, तब तक कुछ भी लीक नहीं हुआ... मेरी और बंगाल की जनता की संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं... यह बहुत बड़ा अपराध है, और इसकी एक ही सजा है कि आरोपियों को फांसी होनी चाहिए, अगर अपराधी को फांसी होगी तभी लोगों को इससे सबक मिलेगा लेकिन किसी निर्दोष को सजा नहीं मिलनी चाहिए।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल को लेकर राजभवन ने बेहद सख्त टिप्पणी की है। इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात करने राजभवन पहुंचीं हैं।
सीबीआई की विशेष अपराध शाखा, कोलकाता ने पांच डॉक्टरों को समन भेजा है। इन डॉक्टरों से आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई जघन्य वारदात के संबंध में पूछताछ की जाएगी। सीबीआई ने निलंबित किए गए एमएसवीपी संजय वशिष्ठ, छाती रोग विभाग के एचओडी अरुणव दत्ता चौधरी, फॉरेंसिक मेडिसिन की एसोसिएट प्रोफेसर रीना दास, फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग से मौली बनर्जी और अपूर्वा बिस्वास को भी तलब किया था।
कोलकाता के अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ हुई जघन्य वारदात पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और विपक्षी दल भाजपा के बीच जुबानी जंग का दौर भी जारी है। तृणमूल सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने इस प्रकरण में एक सवाल के जवाब में कहा, 'पूरे देश में सिर्फ एक महिला मुख्यमंत्री है और हम महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं। ममता बनर्जी एक सशक्त महिला हैं और उन्होंने इस पद तक पहुंचने के लिए बहुत संघर्ष किया है। उन्होंने खुद को एक सफल नेता के रूप में साबित किया है। पूरा देश उन पर गर्व करता है...हमने भाजपा को भी देखा है। वे बहुत हताश और निराश हो जाते हैं। हमेशा हमले करते हैं और सीधे मुख्यमंत्री को दोषी ठहराने लगते हैं।
तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने कहा, बलात्कार और हत्या की घटना किसी भी समाज में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया, 'एक जगह का नाम बताइए जहां बलात्कार की घटनाएं नहीं होतीं।' बकौल कुणाल घोष, 'फर्क इतना है कि भाजपा और वामपंथी शासन वाले राज्यों में मुख्यमंत्री कार्रवाई नहीं करते। ममता बनर्जी पीड़िता के घर गईं और सुनिश्चित किया कि सख्त से सख्त कार्रवाई हो।'
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुई घटना के बाद FORDA ने फिर से हड़ताल शुरू करने का एलान कर दिया है। डॉक्टरों की इस घोषणा के बाद एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाएं चरमराने की आशंका है। मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
बवाल के बाद आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल के प्रिंसिपल को बदला गया है। वारदात और हिंसा के विरोध में सड़कों पर उतरे डॉक्टरों के साथ नई प्रिंसिपल सुहृता पॉल को भी देखा गया।
आरजी कर कॉलेज एवं अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले की जांच कर रही CBI टीम पीड़िता के घर पहुंची। सीबीआई अधिकारी ने बताया कि अभी जांच चल रही है और पीड़िता के परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में आपातकालीन विभाग का दौरा किया, जहां एक महिला डॉक्टर के बलात्कार और हत्या पर डॉक्टरों और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने तोड़फोड़ की थी।
भीड़ द्वारा आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में तोड़फोड़ करने पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, 'पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था नहीं है। जिस तरह से देर रात 2000-2500 गुंडे मेडिकल कॉलेज में घुस गए। डॉक्टरों को मारा। धमकी दी गई। पुलिस चुप बैठी रही। अगर कोई राज्य सरकार अपनी राजधानी में कानून व्यवस्था कायम नहीं कर पा रही तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है...सबूतों को मिटाने की कोशिश की गई... मैं कल आरजी कर मेडिकल कॉलेज पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करूंगा।'
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में प्रदर्शनकारी डॉक्टरों और छात्रों के साथ बातचीत करते हुए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा, 'तुम्हें न्याय मिलेगा। मैं यहां आपको व्यक्तिगत रूप से सुनने आया हूं। हम इससे लड़ेंगे और जीतेंगे। हम लोग आपके साथ हैं। मैं स्वयं को आपकी सेवा में समर्पित कर दूंगा।'
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचे।
फिल्म निर्माता और अभिनेत्री अपर्णा सेन आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बलात्कार और हत्या की शिकार हुई एक प्रशिक्षु डॉक्टर के लिए न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं। फिल्म निर्माता ने राज्य के अस्पतालों में महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षा की मांग की थी।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के कारण व्यापक विरोध के बीच राज्य के अस्पतालों में नर्सों ने सुरक्षा की मांग की है। एक स्टाफ सदस्य ने बताया, 'हमें सुरक्षा की जरूरत है, हम मरीज की देखभाल में बाधा नहीं डालना चाहते हैं।' नर्सों द्वारा सुरक्षा की मांग आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हिंसा के बाद सामने आई है।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार-हत्या की घटना | कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, 'घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण थी। महिला डॉक्टर के साथ जो हुआ वो एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। देश की आधी आबादी महिलाएं कहां सुरक्षित हैं?...इस देश में महिलाओं के साथ क्या हो रहा है? स्थानीय प्रशासन ने अपराध को छुपाने की कोशिश क्यों की? हमने कल जो हिंसा देखी वह अस्वीकार्य है और वो किसी भी बात का जवाब नहीं है।'
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने विपक्षी गठबंधन पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। स्वराज ने कहा कि विपक्षी गठबंधन सिर्फ भ्रष्टाचारियों और दुष्कर्मियों का समर्थन देने का आरोप लगाया। भाजपा सांसद ने कहा कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं की बात जब आती है तो कांग्रेस पार्टी के पास एक मिनट भी नहीं है, लेकिन जब बंगाल, उत्तर प्रदेश जैसी घटनाएं होती हैं तो वे चुप हो जाते हैं।
ममता बनर्जी ने भाजपा और सीपीआईएम पर बंगाल को बदनाम करने का आरोप लगाया है। ममता बनर्जी ने कहा कि विपक्षी बंगाल में अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस शासित प्रदेशों में भी दुष्कर्म जैसे अपराध होने की बात कही।
कोलकाता को आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ और हिंसा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। दरअसल भाजपा ने हिंसा के लिए टीएमसी पर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेता सुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि ममता बनर्जी ने टीएमसी के गुंडों को आरजी कर मेडिकल कॉलेज के नजदीक प्रदर्शन कर रहे लोगों के पास भेजा था। उन्हें लगता है कि लोगों को इसके बारे में पता नहीं चलेगा कि उनके गुंडे भीड़ में शामिल होकर आरजी कर अस्पताल के भीतर तोड़फोड़ करेंगे।