फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kolkata Doctor Case: नबन्ना रैली पर पुलिस कार्रवाई की BJP ने की आलोचना, मृतका के पिता बोले- मैं छात्रों के साथ

Tue, 27 Aug 2024 11:22 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

Kolkata Doctor Rape Murder Case News in Hindi: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दरिंदगी से दुष्कर्म और फिर उसकी निर्मम तरीके से हत्या करने के मामले में छात्र संगठन 'नबन्ना अभियान' मार्च निकाल रहे हैं। इस प्रदर्शन को लेकर कोलकाता में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
विज्ञापन
नबन्ना अभियान मार्च - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:19 PM, 27-Aug-2024

मृतका के पिता ने कहा- मैं छात्रों के साथ खड़ा हूं

पश्चिम बंगाल: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बलात्कार-हत्या मामले की मृतका के पिता ने 'नबन्ना अभियान' रैली में कहा, मैं उन छात्रों के समर्थन में खड़ा हूं जो मेरी बेटी के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। मुझे बहुत गर्व है कि छात्रों ने इतना जोखिम उठाया और आज मेरी बेटी के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें अपना विरोध तेज करना चाहिए और न्याय की मांग करते रहना चाहिए।

10:42 PM, 27-Aug-2024

जेपी नड्डा ने ममता सरकार पर साधा निशाना

दिल्ली: केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, पश्चिम बंगाल की सड़कों पर ममता बनर्जी की सरकार और उनकी बर्बर पुलिस द्वारा इंसाफ की मांग कर रहे डॉक्टर, बंगाल के युवाओं और महिलाओं पर हिंसा और दमनकारी चक्रों का जो तांडव देखा गया है, वो निंदनीय तो है ही साथ में मानवता को शर्मसार करने वाला है। बंगाल में एक बेटी के साथ निर्ममता की सारी हदें पार कर दी जाती हैं, मगर ममता बनर्जी चुप हैं, स्त्री की अस्मिता को तार-तार किया जाता है लेकिन ममता बनर्जी चुप हैं, बेटी के मां-बाप को भटकाया जाता है और ममता बनर्जी चुप हैं। सामान्य नागरिकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने कल सुबह 6 बजे से अगले 12 घंटे के लिए बंगाल बंद का आह्वान किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि बंगाल की जनता हमारे साथ खड़ी रहेगी।
 
 

09:15 PM, 27-Aug-2024

ममता बनर्जी डरी हुई हैं- अग्निमित्रा पॉल

पश्चिम बंगाल: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार और हत्या मामले पर प्रदेश में छात्रों के आंदोलन पर भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा, साफ है कि ममता बनर्जी डरी हुई हैं और वे पुलिस व प्रशासन का इस्तेमाल करके इस छात्र आंदोलन को बंद करना चाहती हैं। अगर वे नहीं डरतीं तो लाठी चार्ज, टियर गैस, आदि का इस्तेमाल नहीं करवाती, यह अन्याय नहीं चलेगा। ममता बनर्जी को जिस जनता ने सिंहासन पर बैठाया है और आज वे उसका ही अपमान कर रही हैं?

विज्ञापन
07:26 PM, 27-Aug-2024

बीजेपी का बंगाल बंद का आह्वान होगा फ्लॉप- कुणाल घोष

कोलकाता: आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार और हत्या मामले को लेकर भाजपा की तरफ से कल पश्चिम बंगाल में बंद का आह्वान करने पर TMC नेता कुणाल घोष ने कहा कि जांच CBI के हाथ में है, मामला सुप्रीम कोर्ट के अंदर है लेकिन कोलकाता में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, पुलिस ने गोली नहीं चलाई। पुलिस की तरफ से भीड़ को हटाने के लिए कम से कम कार्रवाई की गई है। बलात्कार और हत्या बहुत बड़ा अपराध है। लेकिन यही स्थिति पूरे देश की है हालांकि कहीं भी किसी कांग्रेस या भाजपा नेता ने इस्तीफा नहीं दिया। उन्होंने(भाजपा) कल भारत बंद का आह्वान किया है जो पूरी तरह से फ्लॉप होगा।
 

07:23 PM, 27-Aug-2024

सीबीआई ऑफिस लाए गए ASI अनूप दत्ता

पश्चिम बंगाल: आरजी कर कॉलेज और अस्पताल की डॉक्टर से बलात्कार और हत्या के मुख्य आरोपी संजय रॉय के करीबी सहयोगी कोलकाता पुलिस के एएसआई अनूप दत्ता को कोलकाता के सियालदह कोर्ट से सीबीआई कार्यालय लाया गया।
 

विज्ञापन
06:48 PM, 27-Aug-2024

सीबीआई को मिली ASI अनूप दत्ता का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति- सूत्र

सीबीआई सूत्र के मुताबिक कोलकाता में महिला डॉक्टर के बलात्कार और हत्या मामले में एएसआई रैंक के पुलिस अधिकारी अनूप दत्ता का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति सीबीआई को मिल गई है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष का पॉलीग्राफ टेस्ट पूरा हो गया है।

06:09 PM, 27-Aug-2024

लाल बाजार में प्रदर्शनकारियों ने तोड़े बैरिकेड्स

पश्चिम बंगाल: आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी मामले को लेकर प्रदर्शनकारियों ने कोलकाता के लाल बाजार में कोलकाता पुलिस (मुख्यालय) के बाहर लगे बैरिकेड्स तोड़ दिए और प्रदर्शन के साथ जमकर नारेबाजी की।

06:01 PM, 27-Aug-2024

पुलिस मुख्यालय के सामने भाजपा का विरोध प्रदर्शन

कोलकाता में केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने अन्य भाजपा नेताओं के साथ आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार और हत्या मामले को लेकर कोलकाता पुलिस मुख्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
 

05:21 PM, 27-Aug-2024

बीजेपी ने कल 12 घंटे की हड़ताल का किया आह्वान

कोलकाता: केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा, आज शांतिपूर्ण संवैधानिक आंदोलन पर पुलिस ने जिस तरह की हिंसा की, हमने इस सांवधानिक आंदोलन को कुचलने के विरोध में पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर कल 12 घंटे की हड़ताल का आह्वान किया है। जनता से हमारी अपील है कि वे इस हड़ताल में शामिल हों, हमारी मांग है कि छात्रों को छोड़ दिया जाए।

05:13 PM, 27-Aug-2024

विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से हो- अधीर रंजन चौधरी

वहीं मुर्शिदाबाद में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए अत्यधिक व्यवस्था क्यों की गई है?.. कई जगहों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं, विपक्ष और सत्तारूढ़ दल को एक साथ बैठकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से हो।
 

04:44 PM, 27-Aug-2024

नबन्ना अभियान को लेकर ममता पर बरसे नड्डा

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट किया, कोलकाता से पुलिस की बर्बरता की तस्वीरों ने लोकतांत्रिक सिद्धांतों को महत्व देने वाले हर व्यक्ति को नाराज कर दिया है। दीदी के पश्चिम बंगाल में बलात्कारियों और अपराधियों की मदद करना मूल्यवान है, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा के लिए बोलना अपराध है।
 

04:38 PM, 27-Aug-2024

प्रदर्शनकारियों पर दागे गए आंसू गैस के गोले

पश्चिम बंगाल: आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार-हत्या मामले को लेकर कोलकाता में फोर्ट विलियम के पास प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे।

04:35 PM, 27-Aug-2024

हावड़ा ब्रिज के पास वाटर कैनन का इस्तेमाल

पश्चिम बंगाल: आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल बलात्कार-हत्या मामले को लेकर आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हावड़ा ब्रिज के पास वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया।
 

03:22 PM, 27-Aug-2024

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने रैली को राजनीति से प्रेरित बताया है। पार्टी का कहना है कि यह मार्च न्याय के लिए नहीं है।

02:40 PM, 27-Aug-2024

अगर देश में कोई तानाशाह है तो...: गौरव भाटिया

भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा, 'अगर देश में कोई तानाशाह है तो वो तानाशाह ममता बनर्जी हैं...सच सामने आना चाहिए, जांच एजेंसी CBI को ममता बनर्जी और पुलिस कमिश्नर का पॉलीग्राफ टेस्ट करना चाहिए। सच को दबाया नहीं जा सकता और सबसे बड़ी बात ये है कि जब तक ये लोग अपने पदों पर हैं और छात्रों को कुचल रहे हैं, संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं, ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा जैसा कि आज उठाया गया है।'

02:10 PM, 27-Aug-2024

प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

पुलिस ने हावड़ा ब्रिज से प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जो आरजी कर मामले को लेकर 'नवान्न अभियान' मार्च के तहत यहां आंदोलन कर रहे थे।

01:44 PM, 27-Aug-2024

हावड़ा ब्रिज पर विरोध प्रदर्शन जारी

'नवान्न अभियान' मार्च के तहत हावड़ा ब्रिज पर विरोध प्रदर्शन जारी है।

01:13 PM, 27-Aug-2024

प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल
आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड्स को खींचकर हटा दिया और 'नबन्ना अभियान' मार्च निकाला। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। वहीं, पुलिस ने हावड़ा ब्रिज से प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

12:58 PM, 27-Aug-2024

पुलिस और प्रदर्शनकारी भिड़े
आरजी कर मामले में 'नबन्ना अभियान' मार्च निकालते हुए प्रदर्शनकारी हावड़ा के संतरागाछी में पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों के साथ भिड़ गए और बैरिकेड तोड़ दिए। इस पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। 
 
 

12:47 PM, 27-Aug-2024

सीबीआई ने कई सामानों को जब्त किया: सप्तर्षि चटर्जी
आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट सह वाइस प्रिंसिपल सप्तर्षि चटर्जी ने कहा, 'सीबीआई की टीम सभी दस्तावेज और कंप्यूटर, हार्ड डिस्क देखने मेरे कार्यालय आई थी। उन्होंने जब्त कर लिया और सभी सामानों को ले गए और हमें एक जब्ती सूची दी। मैं कल सीजीओ कॉम्प्लेक्स में अपने हस्ताक्षर प्रमाणित करने गया था जो पहले से ही सभी दस्तावेजों पर थे। हर दिन हम छात्रों से बात करते हैं और संकाय सदस्य अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं ताकि मरीजों को परेशानी न हो। मुझे लगता है कि आरजी कार धीरे-धीरे सामान्य जीवन में वापस आ रहे हैं क्योंकि मरीज की संख्या जो लगभग 100 थी, अब 1000 को पार कर गई है। ओपीडी और इमरजेंसी सहित सभी विभाग काम कर रहे हैं।'

12:39 PM, 27-Aug-2024

हावड़ा ब्रिज पर उठाए जा रहे ये कदम

सुरक्षा उपाय के तौर पर हावड़ा ब्रिज पर बैरिकेड्स को वेल्ड करके एक साथ जोड़ा जा रहा है।

12:36 PM, 27-Aug-2024

नबन्ना मार्च शुरू

छात्र संगठनों ने नबन्ना मार्च शुरू कर दिया है। आरजी कर मामले को लेकर हावड़ा के संतरागाछी में प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में जुटे हैं।

12:29 PM, 27-Aug-2024

फोर्ट विलियम के पीछे के चेक गेटों पर हो रही ग्रीसिंग

कोलकाता के हेस्टिंग्स में फोर्ट विलियम के पीछे के चेक गेटों पर नागरिक स्वयंसेवकों द्वारा ग्रीसिंग की जा रही है, ताकि प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड्स पर चढ़ने से रोका जा सके।

12:05 PM, 27-Aug-2024

लोकतंत्र में मौन बहुमत हो सकता, खामोश नहीं: राज्यपाल
'नबन्ना अभियान' रैली पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा, 'पश्चिम बंगाल के छात्र समुदाय द्वारा घोषित शांतिपूर्ण विरोध और सरकार के कुछ निर्देशों द्वारा विरोध को दबाने की खबरों के संदर्भ में, मैं सरकार से भारत के सर्वोच्च न्यायालय के कड़े फैसले को याद रखने का आग्रह करूंगा। शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पश्चिम बंगाल राज्य की शक्ति का दुरुपयोग न होने दें। लोकतंत्र में मौन बहुमत हो सकता है, खामोश बहुमत नहीं। इसे याद रखें।'

12:05 PM, 27-Aug-2024

पुलिस ने किए सभी पुख्ता इंतजाम
प्रदर्शन से पहले पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए  क्षेत्र में वज्र वाहनों, पानी की बौछारों और दंगा नियंत्रण बल को तैनात किया है। वहीं सड़कों को अवरुद्ध करने के लिए कंटेनर रखे गए हैं।

11:55 AM, 27-Aug-2024

पूरे महानगर को छावनी में बदला

'नबन्ना अभियान' नाम से आयोजित इस प्रोटेस्ट मार्च में राज्य सचिवालय बिल्डिंग नबन्ना का घेराव किया जाएगा, जहां से पश्चिम बंगाल की सरकार चलाई जाती है। इसी भवन में पश्चिम बंगाल की सीएम और उनके शीर्ष मंत्री बैठते हैं। कोलकाता पुलिस ने इस मार्च के हिंसक होने की आशंका जताते हुए पूरे महानगर को छावनी में बदल दिया है। पूरे शहर में करीब पांच हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी तैयार रहने के लिए कहा गया है। 
 

11:54 AM, 27-Aug-2024

चार हजार पुलिसकर्मी तैनात

सुरक्षा व्यवस्था में कोलकाता और बंगाल पुलिस के करीब 4,500 जवान लगाए गए हैं। आईजी और डीआईजी रैंक के 21 अधिकारी तैनात रहेंगे। 13 एसपी या डीसी रैंक के अधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही एडीसीपी या एसपी रैंक के 15 अधिकारियों को भी नवान्न एवं आसपास के इलाकों में तैनात किया जाएगा। साथ ही 22 एसीपी या डिप्टी एसीपी रैंक के अधिकारियों और 26 इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों के साथ दो हजार से अधिक पुलिसकर्मी नवान्न और आसपास के इलाकों में कानून व्यवस्था की स्थिति संभालेंगे।

 

11:53 AM, 27-Aug-2024

Kolkata Doctor Case: नबन्ना रैली पर पुलिस कार्रवाई की BJP ने की आलोचना, मृतका के पिता बोले- मैं छात्रों के साथ

Kolkata Doctor Rape Murder Case News in Hindi: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दरिंदगी से दुष्कर्म और फिर उसकी निर्मम तरीके से हत्या करने के मामले में छात्रों ने आज 'नबन्ना अभियान' प्रदर्शन का एलान किया है। बता दें कि हाबड़ा में स्थित नबन्ना भवन राज्य सचिवालय है। इस प्रदर्शन को लेकर कोलकाता में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा रही है। हाबडा ब्रिज को सील कर दिया गया है। ब्रिज पर लोहे की दीवार खड़ी की गई है और उसे मोबिल से चिकना कर दिया गया है ताकि कोई उसपर चढ़ न सके। 
 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें