कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना से पूरे देश में गुस्सा और नाराजगी का माहौल है। अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी कोलकाता की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। राष्ट्रपति ने कहा कि 'वह घटना से निराश और भयभीत हैं।' अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए राष्ट्रपति ने महिला अपराधों पर रोक का आह्वान किया और कहा कि 'अब बहुत हो गया, अब समय आ गया है कि भारत महिलाओं के खिलाफ अपराधों की 'विकृति' के प्रति जाग जाए और उस मानसिकता का मुकाबला करे जो महिलाओं को 'कम शक्तिशाली, कम सक्षम, कम बुद्धिमान' के रूप में देखती है।' पढ़ें पूरी खबर
पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट के बैनर तले डॉक्टरों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दुष्कर्म और हत्या की शिकार हुई महिला डॉक्टर के लिए न्याय की मांग करते हुए श्यामबाजार से धर्मतला तक विरोध मार्च निकाला।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दुष्कर्म और हत्या की शिकार महिला डॉक्टर के लिए न्याय की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आसनसोल विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा, "बंगाल में जो हुआ है वो बहुत गलत हुआ है...इस पर कार्रवाई होनी चाहिए...भाजपा के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं...महिला पर अत्याचार के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए...जिसने गलत काम किया है उसे सज़ा मिलनी चाहिए..."
आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले में ASI रैंक के पुलिस अधिकारी अनूप दत्ता का पॉलीग्राफ टेस्ट CBI कार्यालय में शुरू हो गया है।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने बुधवार को केंद्र पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल बंद को इसलिए नहीं रोका गया क्योंकि पश्चिम बंगाल में भाजपा विरोधी सरकार है जबकि भाजपा के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में इसी तरह के बंद को रोका गया था। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, "जब हमने बंद का आह्वान किया था, तब हमें रोक दिया गया। क्योंकि (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदीजी यहां सरकार चला रहे हैं। यहां अमित शाह सरकार चला रहे हैं। यहां भी यौन उत्पीड़न की यही घटना हुई, लेकिन विपक्ष की आवाज दबा दी गई।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि हम न्याय चाहते हैं, लेकिन भाजपा ने आज बंद का आह्वान किया है। वे न्याय नहीं चाहते, वे केवल बंगाल को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा, 'हम इस बंद का समर्थन नहीं करते। भाजपा ने कभी भी यूपी, एमपी और यहां तक कि मणिपुर के सीएम के इस्तीफे की मांग नहीं की। हमने कल (नबन्ना अभियान रैली) की तस्वीरें देखीं, मैं स्थिति को अच्छी तरह से संभालने के लिए पुलिस को सलाम करती हूं।
इससे पहले पश्चिम बंगाल तृणमूल छात्र परिषद के 27वें स्थापना दिवस पर अभिषेक बनर्जी ने कहा, 'हम भाजपा द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के 'बंगाल बंद' का विरोध करते हैं।'
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, 'कोलकाता हाईकोर्ट ने हमें सात दिवसीय धरने की अनुमति दी है। हम इसे कल से शुरू करेंगे, हम उनके फैसले का स्वागत करते हैं। यहां कोई लोकतंत्र नहीं है, पुलिस गोलीबारी नहीं रोक सकती, लेकिन केवल भाजपा के विरोध को रोक सकती है। पुलिस भाजपा नेताओं को गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन आरोपियों को नहीं।
कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश टीएस शिवगनम और न्यायमूर्ति हिरण्मय भट्टाचार्य ने भाजपा द्वारा बुलाए गए बंद को अवैध घोषित करने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। जनहित याचिका में गलत जानकारी देने के कारण याचिकाकर्ता को न्यायालय के समक्ष कोई भी जनहित याचिका दायर करने से रोक दिया गया है।
भाटपारा में आज सुबह हुई राजनीतिक झड़पों के बाद सिर में गोली लगने से घायल दो लोगों को सुबह करीब 11:30 बजे कोलकाता के मणिपाल हॉस्पिटल ब्रॉडवे में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उनकी स्थिति का आकलन कर रहे हैं और उन्हें आईसीयू में कड़ी निगरानी में रखा गया है।
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा कि हम सभी से अनुरोध करते हैं कि हालात सामान्य रहें। कोई बाधा नहीं होनी चाहिए। हम सभी आरजी कर मामले में न्याय चाहते हैं और सीबीआई न्याय करेगी। पश्चिम बंगाल में अराजकता पैदा करने से क्या फायदा है? राजनीति से प्रेरित भाजपा यहां 'गोलमाल' कर रही है।
भाजपा नेता रूपा गांगुली को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आहूत 12 घंटे के ‘बंगाल बंद’ के खिलाफ एक याचिका बुधवार को खारिज कर दी, क्योंकि संबंधित याचिकाकर्ता को एक पूर्ववर्ती आदेश के माध्यम से अदालत के समक्ष जनहित याचिका (पीआईएल) दायर करने से हमेशा के लिए रोक दिया गया था। उच्च न्यायालय में वकालत का दावा करने वाले याचिकाकर्ता संजय दास ने अपनी याचिका में अनुरोध किया था कि बंद को अवैध घोषित किया जाए।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आज यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि ममता दीदी नहीं बल्कि तानाशाह दीदी के राज में मां, माटी, मानुष असुरक्षित है। केवल दुष्कर्मी, बमबाज और गोलीबाज ही सुरक्षित हैं। कल हमने देखा कि तानाशाह दीदी ने छात्रों द्वारा चलाए जा रहे नबन्ना अभियान को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया। लाठी, हॉकी स्टिक, कंटेनर, बैरिकेड्स, आंसू गैस, वाटर कैनन, सब कुछ इस्तेमाल किया गया। प्रदर्शनकारियों पर बलप्रयोग किया गया। प्रदर्शनकारियों का मजाक उड़ाया गया और टीएमसी सांसद ने उन्हें हत्यारा, दुष्कर्मी और न जाने क्या-क्या कहा। आज जब जनता का बंद है, यह जनता द्वारा बंद है, यह जनता के लिए बंद है, जनता द्वारा बुलाया गया और समर्थित है, तो इसे भड़काने और हिंसा का रूप देने के लिए घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। मीडिया में रिपोर्ट आई है कि कैसे भाजपा नेता की कार पर गोलियां चलाई गईं और कैसे नेता घायल हुए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा आज सभी मुख्य सचिवों और राज्य पुलिस महानिदेशकों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें राज्यों के सभी अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मियों के लिए सुरक्षा बढ़ाने और सुरक्षित कार्य का माहौल प्रदान करने के उपायों को लागू करने की उनकी तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के 'बंगाल बंद' पर पार्टी की रूपा गांगुली ने कहा कि टीएमसी के लोग कह रहे हैं कि लोग बंद का पालन नहीं कर रहे हैं, जबकि बसें खाली जा रही हैं। इसका मतलब है कि लोग बंद का पालन कर रहे हैं। क्या आपने मुझे किसी को बंद का पालन करने के लिए मजबूर करते देखा? पुलिस इन दिनों बहुत बुरा व्यवहार कर रही है, क्या उन्हें शर्म नहीं आती?
उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा में आज सुबह भाजपा नेता प्रियांगु पांडे की कार पर हुए हमले और गोलीबारी की घटना में दो लोग घायल हो गए।
भाजपा नेता प्रियांगु पांडे ने बताया कि आज मैं अपने नेता अर्जुन सिंह के आवास पर जा रहा था। हम कुछ दूर चले थे कि भाटपारा नगर पालिका की जेटिंग मशीन से सड़क को ब्लॉक कर दिया गया। जैसे ही हमारी गाड़ी रुकी, करीब 50-60 लोगों ने गाड़ी को निशाना बनाया। मेरी गाड़ी पर 7 से 8 बम फेंके गए और फिर 6-7 राउंड फायरिंग की गई। यह टीएमसी और पुलिस की मिली-जुली साजिश है। उन्होंने मेरी हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने सहयोग किया और जानकारी दी। मेरी सुरक्षा वापस ले ली गई और फिर यह घटना हुई।
भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि कुछ नहीं होगा, जितना ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया जाएगा। उतना ज्यादा लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह लोगों का गुस्सा है और वे सड़क पर हैं। पुलिस लोगों को हिरासत में ले सकती है, लेकिन विचार को नहीं।
उत्तर 24 परगना के भाटपारा में भाजपा नेता प्रियांगु पांडे पर हुए हमले के स्थान के पास से पुलिस ने खाली बम के खोल बरामद किए। प्रियांगु पांडे ने दावा किया कि आज सुबह उत्तर 24 परगना के भाटपारा में कई लोगों ने उनकी कार पर हमला किया और गोलीबारी की।
भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि प्रियांगु पांडे हमारी पार्टी के नेता हैं। आज उनकी कार पर हमला हुआ और फायरिंग की गई। ड्राइवर को गोली लगी है। 7 राउंड फायरिंग हुई। यह सब एसीपी की मौजूदगी में किया गया। प्रियांगु पांडे को मारने की योजना बनाई गई थी। टीएमसी के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। दो लोग घायल हुए हैं, उनमें से एक की हालत गंभीर है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांकुड़ा शहर के बस अड्डे पर भी प्रदर्शन किया। अलीपुरद्वार में एक मुख्य सड़क को अवरुद्ध करने की कोशिश के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘दफा एक दाबी एक, मुख्यमंत्री पदत्याग’ (एक ही मांग, मुख्यमंत्री इस्तीफा दें) जैसे नारे लगाए।
मालदा में एक सड़क अवरुद्ध करने को लेकर तृणमूल तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयी। पुलिस ने कार्रवाई कर भीड़ को तितर-बितर किया।
उत्तर 24 परगना के बैरकपुर स्टेशन पर उस समय तनाव फैल गया, जब भाजपा समर्थक और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हुगली स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन को रोक दिया। पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
भवानीपुर में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने लोगों से अपने वाहन लेकर घरों से बाहर न निकलने का हाथ जोड़कर अनुरोध किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में उत्तर 24 परगना के बनगांव स्टेशन, दक्षिण 24 परगना के गोचरण स्टेशन और मुर्शिदाबाद स्टेशन पर प्रदर्शन किया।
पश्चिम बंगाल में राज्य सचिवालय तक मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए 12 घंटे के बंद के कारण बुधवार को कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ। राजधानी कोलकाता में सड़कों पर चहल-पहल कम है। सड़कों पर बहुत कम बस, ऑटो रिक्शा और टैक्सी नजर आ रही हैं। निजी वाहनों की संख्या भी कम है। हालांकि, बाजार और दुकानें पहले की तरह खुली हैं। स्कूल और कॉलेज खुले हैं लेकिन ज्यादातर निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति बेहद कम है, क्योंकि उन्हें घर से काम करने को कहा गया है।
कोलकाता के बाटा चौक पर प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। कल नबान्न अभियान के दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे जाने के बाद राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए भाजपा ने 12 घंटे का 'बंगाल बंद' बुलाया है।
TMC नेता कुणाल घोष ने कहा, "आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुए बलात्कार-हत्या मामले में हम सभी न्याय चाहते हैं। ममता बनर्जी भी न्याय चाहती हैं...एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है...मामला अब CBI के हाथ में है...वे (भाजपा) यहां अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, कल उन्होंने पुलिस पर हमला किया और आज उन्होंने बंद बुलाया है...बंगाल में सब कुछ सामान्य है..."
पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने पश्चिम बंगाल में 12 घंटे के 'बांग्ला बंद' का आह्वान किया।
भाटापारा में भाजपा नेता की कार पर फायरिंग की गई है। बताया जा रहा है कि वे यहां बाजार बंद कराने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी कार पर गोली चलाई गई। इसका आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाए गए हैं।
पुलिस ने अलीपुरद्वार में प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कल नबान्न अभियान के दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करने के बाद राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए भाजपा ने 12 घंटे का 'बंगाल बंद' बुलाया है।
टीएमसी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज भाजपा के 12 घंटे के 'बंगाल बंद' के आह्वान के खिलाफ प्रदर्शन किया। बनगांव-सियालदह के बीच ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं, जिन्हें अब बहाल किया जा रहा है। टीएमसी नेता नारायण घोष ने कहा कि वे गरीब लोगों को परेशान करना चाहते हैं। वे पश्चिम बंगाल में डकैती करने आए हैं। आम और गरीब लोग ममता बनर्जी के साथ हैं। ऐसी हरकतें करके पश्चिम बंगाल को रोका नहीं जा सकता।
भाजपा विधायक अशोक कीर्तनिया ने कहा कि बंद चल रहा है...पुलिस कुछ नहीं कर पा रही थी, इसलिए टीएमसी के कार्यकर्ता यहां हैं, ममता ने उन्हें भेजा है। हम यहां से नहीं हटेंगे, हम लड़ाई जारी रखेंगे।
भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "वे घृणित मनोवृत्ति के साथ घूम रहे हैं...पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को अमान्य कर दिया है... उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर रसायन मिश्रित वाटर कैनन का इस्तेमाल किया... वे राज्य की महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में असमर्थ हैं... हम विरोध जारी रखेंगे..."
RG कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार-हत्या मामला में राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए भाजपा ने 12 घंटे का 'बंगाल बंद' बुलाया है। कल नबान्ना अभियान के दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किए जाने के बाद बंद बुलाया गया है।
भाजपा द्वारा 12 घंटे का 'बंगाल बंद' बुलाने पर हावड़ा में सरकारी बस के ड्राइवर हेलमेट पहने दिखे। एक बस ड्राइवर ने कहा, "आज बंद है, इसलिए डिपार्टमेंट ने हमें हेलमेट दिया है..."