पश्चिम बंगाल: एडीजी कुंदन कृष्णन समेत सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीआईएसएफ कर्मियों की तैनाती, सुरक्षा उपायों और अन्य पहलुओं के संबंध में पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य सचिव एनएस निगम, आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के प्रिंसिपल और कोलकाता पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की।
आरजी कर मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल के पद से संदीप घोष के इस्तीफे बाद प्रिंसिपल नियुक्त हुईं सुहृता पाल को भी स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके अलावा, मेडिकल सुपरिटेंडेंट सह वाइस प्रिंसिपल बुलबुल मुखोपाध्याय और चेस्ट मेडिसिन विभाग के प्रमुख अरुणाभ दत्ता चौधरी को भी उनके पद से हटा दिया गया। स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम ने बुधवार की शाम को इस फैसले की घोषणा की।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी की घटना के खिलाफ डॉक्टरों के देशव्यापी विरोध के बीच, कई मरीज दिल्ली एम्स में जांच का इंतजार कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के मामले पर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बेटी सना गांगुली ने कहा, हमें न्याय चाहिए, इसे रोकना होगा। हर दिन हम किसी न किसी बलात्कार के मामले के बारे में सुनते हैं और हमें बुरा लगता है कि 2024 में भी ऐसा हो रहा है और इसे रोकना होगा।
पश्चिम बंगाल: कोलकाता में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली अपनी बेटी सना गांगुली के साथ आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
पश्चिम बंगाल: कोलकाता में ओडिसी नृत्यांगना और पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सौरव गांगुली की पत्नी डोना गांगुली ने अपनी नृत्य अकादमी के सदस्यों के साथ आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के खिलाफ मोमबत्ती जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी की पीड़िता के नाम के सभी संदर्भों को हटाने का निर्देश दिया है। बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को पीड़िता की पहचान से जुड़ी सभी तस्वीरें और वीडियो क्लिप हटानी होंगी।
वहीं मृतक महिला डॉक्टर के परिजनों से मुलाकात के बाद पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि- मैं दिल्ली से सीधे यहां मृतक के माता-पिता से मिलने और उनकी भावनाओं को समझने आया हूं। उन्होंने मुझे कुछ बातें बताई हैं। मैं उन्हें अभी गोपनीय रखूंगा। मेरे पास जो जानकारी है, उसके आधार पर मैं आज एक पत्र लिखूंगा और उसे सीलबंद लिफाफे में मुख्यमंत्री को भेजूंगा।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी की शिकार हुई मृतक महिला डॉक्टर के परिवार के सदस्यों से मिलने उत्तर 24 परगना पहुंचे।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, डॉक्टर के साथ जो भयावह घटना हुई, उसके बाद हर कोई बहुत दुखी है, दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मैं डॉक्टरों से अनुरोध करूंगा कि वे काम पर लौट आएं।
पश्चिम बंगाल: आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के मामले की जांच कर रहे सीबीआई अधिकारियों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के कार की गहन तलाशी ली। एक अधिकारी ने बताया कि वाहन की जांच इसलिए की गई है ताकि इसकी गतिविधियों का विवरण पता लगाया जा सके। हम यह भी जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या वाहन का इस्तेमाल कुछ ले जाने के लिए किया गया था। हमने विवरण जानने के लिए वाहन के चालक से भी बात की है।
गृह मंत्रालय ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सीआईएसएफ की तैनाती को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को एक पत्र लिखा है।
पश्चिम बंगाल: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी की घटना पर फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने कहा, डायरेक्ट एक्शन डे के समय से ही बलात्कार को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है। बंगाल में सांप्रदायिक, राजनीतिक, चुनावी हिंसा खत्म होनी चाहिए। और हमें बंगाल को फिर से महान बनाना है। और यह तभी संभव है जब मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पूरी तरह से बदल जाए, यह सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है।
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी पर सीपीआई (एम) महासचिव डी. राजा ने कहा, पश्चिम बंगाल के साथ कोलकाता में आंदोलन जारी है। हमारी पार्टी भी मैदान में है। राज्य सरकार पूरी तरह से विफल रही है और इसीलिए कल भी हमारी पार्टी ने मांग की थी कि केंद्र सरकार सभी चिकित्सा कर्मियों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक कानून बनाए। जो कुछ भी हुआ, ममता बनर्जी को सभी जिम्मेदारियों और विफलताओं को स्वीकार करना चाहिए।
पश्चिम बंगाल में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के विरोध में पूर्व खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया।
कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी पर पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा, हम ममता बनर्जी का इस्तीफा चाहते हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए, उन्होंने अपनी विश्वसनीयता खो दी है।
कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, मामले की सीबीआई जांच हो रही है, मैंने जो कहा था वह यह था कि देश में कई अन्य घटनाएं हुई हैं, लेकिन इस एक घटना को हाईलाइट किया जा रहा है और टीवी चैनल पिछले 8-10 दिनों से यह खबर दिखा रहे हैं। क्या ऐसा इसलिए है क्योंकि वहां (पश्चिम बंगाल) विपक्ष (टीएमसी) की सरकार है? यहां तक कि पंजाब से भी तार जोड़े जा रहे हैं, विपक्षी सीएम जेल में रहेंगे, लेकिन अगर वही लोग सरकार (भाजपा) में शामिल हो जाते हैं तो वे ठीक हो जाते हैं।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी के विरोध में प्रदर्शन किया गया है।
कोलकाता के राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान के डॉक्टरों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले में न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
तेलंगाना में भी डॉक्टर्स ने कोलकाता की घटना के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा, 'पूरे देश और पश्चिम बंगाल की एक ही मांग है, न्याय। अगर ममता बनर्जी न्याय नहीं दे पा रही हैं तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। वो ममता बनर्जी जो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं, गृह मंत्री हैं, स्वास्थ्य मंत्री हैं, पुलिस मंत्री हैं वो खुद ही अपनी सरकार के खिलाफ रास्ते पर खड़ी हो गईं। हम चाहते हैं कि वे (ममता बनर्जी) न्याय दें नहीं तो इस्तीफा दें।'
कोलकाता आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दुष्कर्म और हत्या की घटना में इंसाफ की मांग को लेकर डॉक्टरों ने सीजीओ(सीबीआई कार्यालय) कॉम्प्लेक्स के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
कोलकाता पुलिस ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में तोड़फोड़ और हिंसा के मामले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में दो असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर रैंक के अधिकारी शामिल हैं। वहीं एक इंस्पेक्टर शामिल हैं। गौरतलब है कि बीते हफ्ते लोगों की भीड़ ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में घुसकर तोड़फोड़ और हिंसा की थी। यह हिंसा उस वक्त हुई, जब महिला डॉक्टर से दुष्कर्म के मामले में मेडिकल छात्र और डॉक्टर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा, 'CISF द्वारा अगर राज्य के एक अस्पताल को सुरक्षा देने की जरूरत आ पड़ी है, तो यह दर्शाता है कि सुप्रीम कोर्ट को इस प्रशासन पर बिल्कुल विश्वास नहीं है।'
आरजी कर मेडिकल कॉलेज में विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद अस्पताल की सुरक्षा सीआईएसएफ को सौंप दी गई है। जिसके बाद सीआईएसएफ के डीआईजी आज आरजी कर मेडिकल कॉलेज की दौरा करेंगे।
वहीं आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष से सीबीआई आज फिर पूछताछ करेगी। सीबीआई लगातार छठे दिन संदीप घोष से पूछताछ करेगी। मामले में संदीप घोष की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।