फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Wayanad Landslide Live: वायनाड में अब तक 191 की मौत, 206 लापता; त्रासदी पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने जताया दुख

Thu, 01 Aug 2024 03:15 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वायनाड (केरल)

खास बातें

Kerala Wayanad Landslide Live Updates in Hindi: केरल के वायनाड जिले में मंगलवार को मेप्पाडी के पास विभिन्न पहाड़ी इलाकों में आए भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी थी। इस प्राकृतिक आपदा के कारण अब तक 291 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 लोग लापता हैं। यह आंकड़ा अभी और भी अधिक बढ़ सकता है। वहीं भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सेना का राहत व बचाव कार्य जारी है।
विज्ञापन
वायनाड में भूस्खलन लाइव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:23 PM, 01-Aug-2024

केरल ने वापस लिया वैज्ञानिक समुदाय को दिया गया निर्देश

वहीं केरल सरकार ने गुरुवार को राज्य के वैज्ञानिक समुदाय से अनुरोध किया था कि वे वायनाड भूस्खलन पर अपनी राय और अध्ययन रिपोर्ट मीडिया के साथ साझा न करें। दरअसल राज्य राहत आयुक्त और आपदा प्रबंधन के प्रमुख सचिव टीकू बिस्वाल ने एक आदेश में केरल के सभी विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थानों को वायनाड में मेप्पाडी पंचायत का दौरा न करने का निर्देश दिया, जिसे आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित किया गया है। राज्य और अन्य जगहों के वैज्ञानिकों ने इस आपदा के लिए वन क्षेत्र में कमी, नाजुक इलाके में खनन और जलवायु परिवर्तन के घातक मिश्रण को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि कुछ देर बाद ही केरल सरकार ने अपना ये आदेश वापस ले लिया है।

11:08 PM, 01-Aug-2024

वायनाड भूस्खलन पर बाइडन ने जताया दुख

केरल के वायनाड में हुए भूस्खलन पर दुख जताते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा, जिल और मैं भारत के केरल राज्य में हुए घातक भूस्खलन से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमारी प्रार्थनाएं इस दुखद घटना के पीड़ितों के साथ हैं, और हम उन परिवारों के साथ शोक व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम इस आपदा में राहत व बचाव कार्य में जुटे जवानों व कर्मियों की भी सराहना करते हैं।

10:53 PM, 01-Aug-2024

सेना ने वायनाड में बनाया 190 फीट लंबा बेली पुल

भारतीय सेना के मद्रास इंजीनियरिंग समूह ने गुरुवार को 190 फीट लंबे बेली पुल का निर्माण पूरा कर लिया, जो मंगलवार को विनाशकारी भूस्खलन से प्रभावित वायनाड जिले के मुंडक्कई और चूरलमाला के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों को जोड़ने में मदद करेगा। जानकारी के अनुसार पुल का निर्माण बुधवार रात 9.30 बजे शुरू हुआ और गुरुवार शाम 5.30 बजे तक पूरा हो गया। ये पुल 24 टन भार वहन करने की क्षमता वाले इस ढांचे का निर्माण पूरा होने के बाद मेजर जनरल वीटी मैथ्यू, जीओसी-कर्नाटक और केरल उप-क्षेत्र ने अपने आधिकारिक वाहन से पुल पार किया। वायनाड जिले में निर्मित क्लास 24 बेली पुल इरुवंजिपुझा नदी पर चूरलमाला को मुंडक्कई से जोड़ेगा।

विज्ञापन
10:52 PM, 01-Aug-2024

वायनाड में दूरसंचार संपर्क बहाल कर रही कंपनिया

दूरसंचार सेवा प्रदाता भूस्खलन प्रभावित केरल के वायनाड में दूरसंचार संपर्क बहाल करने के साथ उसे बढ़ा रहे हैं। बचाव दलों, सरकारी अधिकारियों और जनता के लिए आवश्यक संचार चैनल बनाए रखने और स्थापित करने के लिए, दूरसंचार सेवा प्रदाता बड़े पैमाने पर भूस्खलन से प्रभावित वायनाड में युद्ध स्तर पर दूरसंचार संपर्क को बढ़ा रहे हैं और उसे बहाल कर रहे हैं। बीएसएनएल, एयरटेल, रिलायंस जियो और वोडाफोन-आइडिया समेत प्रमुख दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की तरफ से वायनाड में निरंतर कवरेज प्रदान करने के लिए दूरसंचार बुनियादी ढांचे को बढ़ाया और बहाल किया गया है। वायनाड में निवासियों की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष, राहत वितरण केंद्र और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल सक्रिय किए गए हैं। संकट में फंसे समुदायों की सहायता करने और निरंतर कवरेज सुनिश्चित करने के लिए दूरसंचार संपर्क को बढ़ाने के लिए उपाय किए गए हैं।

06:04 PM, 01-Aug-2024

वायनाड त्रासदी पर राहुल ने जताया दुख

केरल के वायनाड में त्रासदी वाली जगह और घायल और पीड़ितों से मुलाकात के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आयी है। उन्होंने कहा कि ये देखना काफी दुखद अनुभव है कि कितने लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों और घरों को खो दिया है।

विज्ञापन
04:59 PM, 01-Aug-2024

200 के करीब पहुंचा मृतकों का आंकड़ा

केरल के वायनाड में भूस्खलन के आयी तबाही में अब मृतकों का आंकड़ा 200 के करीब पहुंच गया है। केरल के राजस्व मंत्री के. राजन के अनुसार 191 लोगों की इस त्रासदी में मौत हो चुकी है, जबकि करीब 206 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

03:41 PM, 01-Aug-2024

वायनाड त्रासदी में अब तक 177 की मौत

वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने का सिलसिला जारी है। वायनाड जिला प्रशासन के अनुसार त्रासदी में अब तक 177 लोगों की मौत हो चुकी है।

03:26 PM, 01-Aug-2024

त्रासदी के पीड़ितों से मिले राहुल-प्रियंका

लोकसभा में नेता विपक्ष और वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी अपनी बहन और पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ वायनाड के मेप्पाडी सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। दोनों नेताओं ने भूस्खलन के पीड़ितों से मुलाकात की। वायनाड में 30 जुलाई को हुए भूस्खलन में अब तक 173 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

03:14 PM, 01-Aug-2024

वायुसेना ने कई लोगों को बचाया: डीजी पीयूष आनंद

एनडीआरएफ के डीजी पीयूष आनंद ने कहा, 'एनडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में लगी हुई हैं। हमारी चार टीमें वहां मौजूद हैं। हमने रस्सी बचाव तकनीक का उपयोग करके लोगों को बचाया। भारतीय सेना और वायुसेना भी वहां मौजूद है। भारतीय सेना वहां बेली ब्रिज बनाने की कोशिश कर रही है। वायुसेना ने कई लोगों को बचाया है और उन्होंने फंसे हुए लोगों तक खाने का सामान भी पहुंचाया है। हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।'

02:35 PM, 01-Aug-2024

चूरलमाला में भूस्खलन स्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेता

लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड के चूरलमाला में भूस्खलन स्थल पर पहुंचे। 
 

02:16 PM, 01-Aug-2024

वायनाड पहुंचे राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपनी बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ वायनाड पहुंचे। वे यहां स्थिति का जायजा ले रहे हैं, जहां भारी भूस्खलन के कारण सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है।
 

01:44 PM, 01-Aug-2024

बेली ब्रिज का हो रहा निर्माण

केरल के वायनाड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में खोज और बचाव अभियान जारी है। क्षेत्र में फंसे लोगों को शीघ्र निकालने की सुविधा के लिए बेली ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है।

01:44 PM, 01-Aug-2024

लापता लोगों की तलाश के लिए नदी में बचाव अभियान जारी रहेगा: सीएम विजयन

केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने कहा, 'लापता लोगों की तलाश के लिए नदी में बचाव अभियान जारी रहेगा। बचाए गए लोगों को अस्थायी रूप से शिविरों में स्थानांतरित कर दिया गया है। पुनर्वास कार्य जल्द से जल्द किया जाएगा, जैसा कि हमने पहले की स्थितियों में भी किया है। मैं मीडिया से अनुरोध करता हूं कि वे लोगों से मिलने और शिविरों के अंदर शूटिंग करने से बचें। आप उनसे शिविरों के बाहर बात कर सकते हैं, व्यक्तियों की गोपनीयता की रक्षा करना महत्वपूर्ण है।'

01:43 PM, 01-Aug-2024

राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक भी हुई

केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने वायनाड भूस्खलन पर कहा, 'आज एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। उसके बाद राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक भी हुई। बैठक में विपक्षी नेताओं ने भी हिस्सा लिया। मैं सेना के जवानों के प्रयासों की सराहना करता हूं। उन्होंने हमें बताया है कि फंसे हुए ज़्यादातर लोगों को बचा लिया गया है। मिट्टी के नीचे फंसे लोगों को बचाने के लिए मशीनरी लाना मुश्किल था और पुल बनाने से यह काम आसान हो गया। बेली ब्रिज का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है।'

01:42 PM, 01-Aug-2024

'हमें हर घटना से सीखना चाहिए: डीएमके सांसद

डीएमके सांसद तिरुचि एन शिवा ने वायनाड भूस्खलन पर कहा, 'हमें हर घटना से सीखना चाहिए। वायनाड में जो हुआ वह बहुत बड़ी त्रासदी है, ऐसा नहीं होना चाहिए था... केंद्र सरकार को राज्य के साथ समन्वय में हर कदम की योजना बनानी होगी, अच्छी चीजों के लिए उन्हें एक साथ आना होगा, समन्वय करना होगा और लोगों के हित के लिए काम करना होगा इसलिए जिम्मेदारी दोनों की है और केंद्र में होने के कारण केंद्र सरकार की जिम्मेदारी थोड़ी ज्यादा है।'

01:42 PM, 01-Aug-2024

राहत और बचाव अभियान पर चर्चा

एनडीआरएफ और केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) के अधिकारियों ने वायनाड में भूस्खलन वाले स्थान पर चल रहे राहत और बचाव अभियान पर चर्चा और समीक्षा की।

01:02 PM, 01-Aug-2024

सरकार हाथ पर हाथ धरे क्यों बैठी थी?: शांभवी चौधरी

एलजेपी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा, 'यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब उन्हें (केरल सरकार) 10 दिन पहले यह सूचना मिल गई थी कि ऐसा कुछ होने वाला है तो सरकार हाथ पर हाथ धरे क्यों बैठी थी? यहां वे(विपक्ष) सदन में हंगामा करते हैं लेकिन जहां उनकी सरकार है वहां कोई कार्रवाई नहीं करते, उनकी लापरवाही की वजह से इतने लोगों की मृत्यु हुई, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।'

12:06 PM, 01-Aug-2024

सीएम विजयन की अध्यक्षता में बैठक शुरू

केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने वायनाड भूस्खलन को लेकर वायनाड में सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की।

11:29 AM, 01-Aug-2024

दो गांव नक्शे से गायब: शशि थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने वायनाड भूस्खलन पर कहा, '200 लोगों की जान चली गई और 200 लोग लापता हैं, दो गांव नक्शे से गायब हो गए हैं। यह बहुत गंभीर संकट है। प्राथमिकता के आधार पर हमें देखना होगा कि हम क्या कर सकते हैं, फिर राजनीति करें। इन सभी चीज़ों पर बाद में विवाद हो सकता है, इस समय जवाबदेही की आवश्यकता है और आगे निवारक उपायों की आवश्यकता है।'

11:17 AM, 01-Aug-2024

वायनाड भूस्खलन पर कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा, 'आज राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वायनाड का दौरा करेंगे। राहुल गांधी ने विभिन्न अवसरों पर लोकसभा में वायनाड निर्वाचन क्षेत्र के पारिस्थितिकी मुद्दे, भूस्खलन के मुद्दे को उठाया था, लेकिन वे (भाजपा) हर चीज का राजनीतिकरण करना चाहते हैं। वायनाड के लोग पूरी तरह से जागरूक हैं और इसीलिए उन्होंने राहुल गांधी को दूसरी बार बहुमत से चुना है।'

11:16 AM, 01-Aug-2024

कन्नूर पहुंचे राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कन्नूर पहुंचे।

10:55 AM, 01-Aug-2024

अब तक 173 लोगों की मौत

केरल के वायनाड जिले में भूस्खलन की घटनाओं में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 173 हो गई है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि भूस्खलन में मरने वालों में 23 बच्चे और 70 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 100 शवों की शिनाख्त हो चुकी है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों से निकाले गए 221 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनमें से 91 का अब भी इलाज जारी है।
 

10:55 AM, 01-Aug-2024

लोग मानसिक आघात से गुजर रहे: स्वास्थ्य मंत्री
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने वायनाड भूस्खलन पर कहा, 'यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, लोग मानसिक आघात से गुज़र रहे हैं, हमारी सरकार मदद के लिए सब कुछ कर रही है। मुख्यमंत्री ने सेना, वायुसेना से सहायता मांगी है, सेना के जवान वहां मौजूद हैं। उन्होंने पुल बना दिया है इसलिए हम इस जगह पर और मशीनें ले जा रहे हैं, हमें उम्मीद है कि हम लापता लोगों की सूची में शामिल ज्यादा लोगों को ढूंढ पाएंगे। मुख्यमंत्री आज वायनाड आएंगे और एक बैठक करेंगे, उसके बाद एक सर्वदलीय बैठक होगी। हमने शिविरों का भी दौरा किया है।'

10:54 AM, 01-Aug-2024

बचाव अभियान तेजी से चल रहा: ब्रिगेडियर सेगन
वायनाड में खोज और बचाव अभियान पर ब्रिगेडियर अर्जुन सेगन ने बताया, 'जमीन पर बहुत प्रगति हो रही है, हमने रातों रात एक फूट ब्रिज बनाया है और बेली ब्रिज के भी दोपहर तक तैयार होने की उम्मीद है। बचाव अभियान तेजी से चल रहा है। कल और परसो जहां बचाव अभियान किया गया था वहां आज भी तलाशी की गई है, जिससे अगर कोई फंसा हो तो उसे बाहर निकाल लिया जाए।' 

10:14 AM, 01-Aug-2024

बेली ब्रिज का काम आज होगा पूरा: कुरियन
वायनाड में हुए भूस्खलन पर केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने कहा, 'सेना और एनडीआरएफ की कई टुकड़ियां यहां हैं। एनडीआरएफ, सेना यहां हैं। डीएसई की दो टुकड़ियां यहां हैं। वायुसेना के 6 हेलीकॉप्टर और नौसेना का 1 हेलीकॉप्टर वहां है, वे खाद्य पदार्थ गिरा रहे हैं क्योंकि कुछ लोगों के पास कनेक्शन नहीं है। बेली ब्रिज का काम आज पूरा हो जाएगा, यह ऑपरेशन में बहुत मददगार होगा। कल सुबह प्रधानमंत्री ने केंद्र की ओर से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। सुबह-सुबह ही प्रधानमंत्री कार्यालय ने मुझसे संपर्क किया और मुझे यहां पहुंचने का निर्देश दिया गया।'

10:06 AM, 01-Aug-2024

वायनाड जा रहे सीएम विजयन

केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन कोझिकोड से वायनाड की यात्रा कर रहे हैं। मुख्य सचिव डॉ. वी वेणु और डीजीपी शेख दरवेश साहिब उनके साथ मौजूद हैं।

10:05 AM, 01-Aug-2024

लोगों के हिसाब से 300 लोग लापता हैं: जनरल मैथ्यू

केरल के वायनाड में खोज और बचाव अभियान पर मेजर जनरल मैथ्यू ने कहा, 'यहां पर 500 से अधिक फौजी तैनात हैं। बचाव अभियान के लिए 350 फौजी हैं इसके अलावा हमारी ब्रिज टीम में 160 लोग हैं, 220 फीट का ब्रिज हम बंगलूरू से लेकर आए हुए हैं। ब्रिज का काम आज दोपहर तक पूरा हो जाएगा, उसके बाद हम इसे ट्रैफिक के लिए खोल देंगे। सबके लिए ये ब्रिज बहुत महत्वपूर्ण हैं। जो लोग बाहर फंसे हुए थे उन सभी लोगों को बचा लिया गया है। अब हमें यह देखना है कि घर के अंदर कोई व्यक्ति फंसा हुआ तो नहीं है, कई लोग लापता हैं लोगों के हिसाब से 300 से अधिक लोग लापता हैं लेकिन हम हर घर और हर जगह खोज करेंगे।... हम बचाव अभियान में लगे हुए हैं।'

08:38 AM, 01-Aug-2024

सीएम विजयन वायनाड आज करेंगे सर्वदलीय बैठक

केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की अध्यक्षता में गुरुवार को पहाड़ी जिले में एक सर्वदलीय बैठक होगी। जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में डेरा डाले हुए राज्य के मंत्री, विधायक और राजनीतिक पार्टी के नेता बैठक में भाग लेंगे।
 

08:34 AM, 01-Aug-2024

फंसे हुए सभी लोगों को बचा लिया गया है: जनरल मैथ्यू

केरल के वायनाड में बचाव अभियान पर मेजर जनरल मैथ्यू ने कहा, 'हम 30 तारीख की सुबह से केरल सरकार और वायनाड के लोगों की मदद के लिए यहां हैं। अब तक हमने 100 से अधिक शव बरामद किए हैं, कुल मिलाकर शवों की संख्या इससे कहीं ज़्यादा है। हमने इसमें 500 सैनिकों को शामिल किया है, अभी ऑपरेशन का यह तीसरा दिन है। फंसे हुए सभी लोगों को बचा लिया गया है। अब हमें यह देखना है कि घर के अंदर कोई व्यक्ति फंसा हुआ तो नहीं है, इसके लिए हमें भारी उपकरणों की ज़रूरत है। हम बचाव अभियान में लगे हुए हैं। अभी हमारा ध्यान घर के अंदर फंसे लोगों की तलाश पर है। हम अपने डॉग स्क्वायड का भी उपयोग करेंगे।'

08:26 AM, 01-Aug-2024

आज राहुल और प्रियंका जाएंगे वायनाड

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अपनी बहन कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ वायनाड जा रहे हैं। वह दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंच चुके हैं। कांग्रेस नेता वायनाड का दौरा करेंगे और निर्वाचन क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेंगे। 

08:26 AM, 01-Aug-2024

खोज और बचाव अभियान जारी

वायनाड में भूस्खलन प्रभावित चूरलमाला में खोज और बचाव अभियान जारी है।
 

08:22 AM, 01-Aug-2024

Wayanad Landslide Live: वायनाड में अब तक 191 की मौत, 206 लापता; त्रासदी पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने जताया दुख

केरल के वायनाड जिले में मंगलवार को मेप्पाडी के पास विभिन्न पहाड़ी इलाकों में आए भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी थी। इस प्राकृतिक आपदा के कारण अबतक 167 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 219 घायल है। यह आंकड़ा अभी और भी अधिक बढ़ सकता है। वहीं भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सेना का राहत व बचाव कार्य जारी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें