फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnataka: कांग्रेस विधायक दल की बैठक खत्म, मल्लिकार्जुन खरगे तय करेंगे सीएम का नाम, CLP में प्रस्ताव पारित

Sun, 14 May 2023 10:29 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु

खास बातें

कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद अब इस बात पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं कि प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इसे लेकर राज्य में गहमागहमी भी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में बेंगलुरु में कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया के आवास के बाहर पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें कर्नाटक का अगला सीएम बताया गया है। वहीं डीके शिवकुमार के आवास के बाहर भी पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें राज्य का सीएम बताया गया है।   
विज्ञापन
डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया, रणदीप सुरजेवाला - फोटो : ट्विटर/रणदीप सिंह सुरजेवाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:52 PM, 14-May-2023

सीएलपी बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि विधायकों की राय लेने की यह प्रक्रिया आज रात ही पूरी हो जाएगी। जैसा कि रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, यह सिद्धारमैया द्वारा पेश किया गया एक सर्वसम्मत प्रस्ताव है और डीके शिवकुमार और सभी वरिष्ठ नेताओं द्वारा समर्थित है।

09:40 PM, 14-May-2023

सिद्धारमैया ने सिंगल-लाइन प्रस्ताव पेश किया

कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया कि सिद्धारमैया ने एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नए नेता की नियुक्ति के लिए अधिकृत करते हुए सिंगल-लाइन प्रस्ताव पेश किया और 135 कांग्रेस विधायकों ने सर्वसम्मति से उनके प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसका समर्थन डीके शिवकुमार ने भी किया। इसके बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने खरगे को इस प्रस्ताव बारे में सूचित किया। तब खरगे ने केसी वेणुगोपाल को निर्देश दिया कि तीन वरिष्ठ पर्यवेक्षकों को प्रत्येक विधायकों की व्यक्तिगत राय लेनी चाहिए और उन्हें आलाकमान तक पहुंचाना चाहिए।
 

09:09 PM, 14-May-2023

सिद्धारमैया और शिवकुमार के समर्थकों ने की नारेबाजी

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के समर्थकों ने नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि 2-3 दिन में कर्नाटक के नए सीएम का एलान होगा।

विज्ञापन
09:02 PM, 14-May-2023

कांग्रेस विधायक दल की बैठक खत्म

बेंगलुरु में चल रहे कांग्रेस विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया है कि विधायक दल के नेता का चयन राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे। यानी कर्नाटक का मुख्यमंत्री कौन बनेगा इसका फैसल खरगे करेंगे। इसी बीच खबर आ रही है कि सोमवार को सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली आ सकते हैं।

08:56 PM, 14-May-2023

सीएलपी ने निर्णय मल्लिकार्जुन खरगे पर छोड़ने का किया फैसला

कांग्रेस विधायक दल (CLP) ने सर्वसम्मति से कांग्रेस विधायक दल के नेता के चयन को एआईसीसी (AICC) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निर्णय पर छोड़ने का फैसला किया है। नवनिर्वाचित विधायकों ने मल्लिकार्जुन खरगे को विधायक दल का नया नेता चुनने के लिए अधिकृत किया है।
 

विज्ञापन
08:35 PM, 14-May-2023

कांग्रेस विधायक दल की बैठक शुरू

कर्नाटक में सरकार गठन पर चर्चा के लिए कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक बेंगलुरु में शुरू हुई।

07:51 PM, 14-May-2023

विधायक दल की बैठक से पहले चार नेताओं ने की अलग मुलाकात

कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले बड़ी खबर सामने आ रही है। विधायक दल की बैठक शुरू होने से पहले चार नेताओं ने अलग से बैठक की। इन नेताओं में कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं। डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया और सुरजेवाला ने अलग से बैठक की। बैठक में केसी वेणुगोपाल भी शामिल रहे। 

07:25 PM, 14-May-2023

हिमंत बिस्व सरमा ने कर्नाटक चुनाव परिणामों पर कही यह बात

कर्नाटक चुनाव परिणामों पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि वे (कांग्रेस) सिर्फ एक राज्य में जीते हैं और ऐसे हल्ला मचा रहे हैं जैसे कोई विश्व युद्ध जीत लिया हो, हमने कई राज्यों में जीत हासिल की है, लेकिन हमने कभी भी ओवररिएक्ट नहीं किया।

07:19 PM, 14-May-2023

बैठक के लिए होटल पहुंचे डीके शिवकुमार

कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार सीएलपी बैठक के लिए बेंगलुरु के शांगरी-ला होटल पहुंचे।
 

06:49 PM, 14-May-2023

होटल पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया

कांग्रेस विधायक दल की बैठक के लिए बेंगलुरु के शांगरी-ला होटल पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया।
 

06:41 PM, 14-May-2023

CLP की बैठक के लिए होटल पहुंचे कांग्रेस नेता

कांग्रेस विधायक दल की बैठक के लिए बेंगलुरु के एक होटल में पहुंचे कांग्रेस नेता।
 

06:09 PM, 14-May-2023

समर्थकों ने डीके शिवकुमार को सीएम बनाए जाने के नारे लगाए

बेंगलुरु में कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के आवास के बाहर भारी संख्या में समर्थक जमा हो गए और 'हम डीके शिवकुमार को सीएम बनाना चाहते हैं' के नारे लगाने लगे। शिवकुमार के समर्थकों ने बेंगलुरू में पार्टी विधायक दल की बैठक से पहले 'डीके शिवकुमार को सीएम' बनाए जाने के नारे लगाए।
 

05:20 PM, 14-May-2023

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद आलाकमान को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। जिसके बाद आलाकमान को मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करने में थोड़ा समय लगेगा।
 

05:08 PM, 14-May-2023

घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को लागू करेंगे: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली में कहा कि हमारे पर्यवेक्षक बेंगलुरु गए हैं, उनके पहुंचने के बाद कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक होगी। कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद वे अपनी राय हाईकमान से साझा करेंगे और फिर वे (हाईकमान) यहां से अपना फैसला भेजेंगे। खरगे ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने भाजपा को नकार कर कांग्रेस पार्टी को फिर से सत्ता में लाया है। लोगों ने हमें रिकॉर्ड संख्या में वोट दिए हैं। हम अपने मंत्रिमंडल के गठन के बाद अपने घोषणापत्र में जनता से किए गए सभी पांच वादों को लागू करेंगे।

05:05 PM, 14-May-2023

असदुद्दीन ओवैसी ने कही यह बात

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि कर्नाटक चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। कर्नाटक के लोगों ने कांग्रेस पार्टी को वोट दिया है और मुझे उम्मीद है कि वे अपने वादे पूरे करेंगे। हम और मेहनत करेंगे और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

05:00 PM, 14-May-2023

पीएम मोदी और उनके प्रचार अभियान से लोग थक चुके हैं: जयराम रमेश

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि लोग पीएम मोदी और उनके प्रचार अभियान से थक चुके हैं, चाहे उन्होंने कितने भी रोड शो किए हों...लेकिन लोगों में उत्साह नहीं था। उन्होंने कहा कि बजरंग दल अलग है और बजरंगबली अलग हैं। बजरंग दल नफरत और हिंसा की राजनीति फैलाने में विश्वास रखता है...कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि कोई भी संगठन जो कानून तोड़ता है, धार्मिक नफरत, धार्मिक कट्टरता फैलाता है, सांप्रदायिक हिंसा फैलाता है, उससे कानून और संविधान के अनुसार निपटा जाएगा।

04:20 PM, 14-May-2023

हरपनहल्ली से नवनिर्वाचित निर्दलीय विधायक ने कांग्रेस को दिया समर्थन

कर्नाटक के प्रभारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को कहा कि लता मल्लिकार्जुन ने राज्य में कांग्रेस पार्टी को बिना शर्त समर्थन दिया है। लता मल्लिकार्जुन हरपनहल्ली विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय निर्वाचित हुई हैं। लता मल्लिकार्जुन, अनुभवी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत एमपी प्रकाश की बेटी हैं। एमपी प्रकाश एक अनुभवी समाजवादी और जनता परिवार के नेता थे। अपने अंतिम दिनों में वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे, जिसे उनके बेटे एमपी रवींद्र ने जारी रखा था, जिनकी 2018 में मृत्यु हो गई थी।

01:40 PM, 14-May-2023

सुशील कुमार शिंदे, दीपक बावरिया और भांवर जितेंद्र सिंह को कर्नाटक में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने पर्यवेक्षक बनाया है। ये तीनों नेता आज शाम होने वाली विधायक दल की बैठक में शामिल रहेंगे और फिर अपनी रिपोर्ट आलाकमान को देंगे। 

01:25 PM, 14-May-2023

निर्दलीय विधायक ने सिद्धारमैया से की मुलाकात
 

01:22 PM, 14-May-2023

निवर्तमान सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष नलिन कतील को पद से नहीं हटाया जाएगा। आज भाजपा कार्यालय में विधायकों की बैठक हुई। इस बैठक में हमने अपनी हार को स्वीकार किया और यह पीएम मोदी की हार नहीं है। वह एक राष्ट्रीय नेता हैं और पूरे देश में कांग्रेस नेतृत्व की हार हुई है। 

12:48 PM, 14-May-2023

विधायक दल की बैठक से पहले डीके शिवकुमार अपने परिवार समेत नोनाविनाकरे कदासिद्धेश्वर मठ के दर्शन करने पहुंचे। 

12:37 PM, 14-May-2023

विधायक दल की बैठक से पहले डीके शिवकुमार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बीच हुई मुलाकात। डीके शिवकुमार के आवास पर यह मुलाकात हुई। मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे और विधायक प्रियांक खरगे ने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी और यह कोई राजनीतिक बैठक नहीं थी। 

11:17 AM, 14-May-2023

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामालिंगा रेड्डी ने कहा कि 'सभी लोगों की महत्वकांक्षाएं होती हैं। ना सिर्फ डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया ही नहीं बल्कि एमबी पाटिल और जी परमेश्वरन की भी ये इच्छा है लेकिन सीएम केवल एक बन सकता है और इसका चयन पार्टी हाई कमान और विधायक करेंगे। मुझे मंत्री पद मिलेगा।'

10:57 AM, 14-May-2023

सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के घर के बाहर लगे पोस्टर
 
 

10:52 AM, 14-May-2023

Karnataka: कांग्रेस विधायक दल की बैठक खत्म, मल्लिकार्जुन खरगे तय करेंगे सीएम का नाम, CLP में प्रस्ताव पारित

कर्नाटक में रविवार को विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें अगले सीएम का नाम तय हो सकता है। डीके शिवकुमार और पूर्व सीएम सिद्धारमैया, दोनों सीएम पद के लिए अपना दावा पेश कर रहे हैं। चुनाव से पहले भी दोनों के बीच इसे लेकर तनातनी देखने को मिली थी। यही वजह है कि अगले सीएम का चुनाव करने में पार्टी आलाकमान को पसीने छूट सकते हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें