कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि सिद्धारमैया को ले जा रही विशेष उड़ान खराब मौसम की वजह से दिल्ली के बजाय जयपुर में लैंड कर गई है। राज्य के प्रभारी, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव रणदीप सुरजेवाला, मंत्री केजे जॉर्ज, बैराती सुरेश, कानूनी सलाहकार पोन्नन्ना, विधान परिषद सदस्य यतींद्र, एआईसीसी सचिव अभिषेक दत्त उड़ान में हैं।
कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत राजभवन पहुंच गए हैं।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार गुरुवार को नई दिल्ली रवाना हो गए। उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके सिद्धारमैया का सबसे मजबूत उत्तराधिकारी माना जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सिद्धारमैया के इस्तीफे की घोषणा के कुछ घंटों बाद शिवकुमार कांग्रेस हाईकमान से मिलने दिल्ली रवाना हुए हैं।
इससे पहले शाम को सिद्धारमैया भी कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी रवाना हुए। मीडिया के साथ साझा किए गए शिवकुमार के यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, वह आज रात दिल्ली पहुंचेंगे, जबकि उनकी वापसी की तारीख फिलहाल तय नहीं की गई है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नए नेता के चयन, नई मंत्रिपरिषद के गठन और अन्य संगठनात्मक मामलों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद का मुद्दा भी शामिल है, जो वर्तमान में शिवकुमार के पास है। सूत्रों के अनुसार, इन मुद्दों पर एक-दो दिन में स्थिति साफ हो सकती है।
इससे पहले दिन में सिद्धारमैया ने अपने आवास पर कैबिनेट सहयोगियों के लिए नाश्ते पर बैठक की थी। बैठक में शामिल कई मंत्रियों के मुताबिक, उन्होंने मंत्रियों को अपने पद छोड़ने के फैसले की जानकारी दी और संकेत दिया कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देश के अनुसार शिवकुमार उनके उत्तराधिकारी होंगे।
VIDEO | Bengaluru: Karnataka Dy CM DK Shivakumar leaves for Delhi.
— Press Trust of India (@PTI_News) May 28, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/fLDScWg0SH
कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात करने के लिए दिल्ली जाएंगे। बंगलूरू में एचएएल हाई अड्डे के पास काफिले की तस्वीरें।
#WATCH | Karnataka CM Siddaramaiah, who tendered resignation from the CM post today, to travel to Delhi to meet the party high command
— ANI (@ANI) May 28, 2026
Visuals of the CM's convoy approaching HAL airport in Bengaluru pic.twitter.com/eAOWdNww2S
सिद्धारमैया ने कहा, कर्नाटक के अभिनेता राजकुमार ने कहा कि उनके दर्शक उनके लिए भगवान हैं। मेरे लिए हमारा संविधान हमारा धर्म है और मतदाता ही हमारे भगवान हैं। सिद्धारमैया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को धन्यवाद दिया और कहा, 'जब साल 2006 में वे कांग्रेस में शामिल हुए, तब से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं ने मुझे पूरा समर्थन दिया और मैं आज सभी को धन्यवाद देता हूं। मैं दो बार मुख्यमंत्री रहा। इस दौरान मेरे सहयोगियों से मुझे पूरा सहयोग मिला, उसके लिए उन सभी का धन्यवाद।'
इस्तीफे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सिद्धारमैया ने बताया कि उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल बंगलूरू में नहीं है इसलिए उन्होंने राज्यपाल के सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा है। सिद्धारमैया ने कहा, 'मैंने पहले भी कहा था कि जब भी पार्टी आलाकमान उन्हें कहेगा, वे अपना इस्तीफा दे देंगे। अब पार्टी आलाकमान ने मुझे इस्तीफा देने को कहा तो इसलिए आज मैंने अपना इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल जब बंगलूरू आएंगे, तब वे उनके इस्तीफा को स्वीकार करेंगे। संविधान के अनुसार, राज्यपाल को मेरा इस्तीफा स्वीकार करना जरूरी है।'
सिद्धारमैया ने लोक भवन जाकर सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। सिद्धारमैया ने राज्यपाल कार्यालय को अपना इस्तीफा सौंपा। अब कल कर्नाटक में विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए सीएम का चुनाव होगा। हालांकि डीके शिवकुमार का सीएम बनना तय माना जा रहा है।
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया बंगलूरू में लोक भवन पहुंच गए हैं। जहां वे कुछ ही देर में सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि राज्यपाल थावर चंद गहलोत लोक भवन में मौजूद नहीं हैं, लेकिन सिद्धारमैया लोक भवन कार्यालय को ही अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
#WATCH | CM Siddaramaiah arrives at Lok Bhavan in Bengaluru. He is stepping down as the Chief Minister of the state today. pic.twitter.com/62G5DdHXFj
— ANI (@ANI) May 28, 2026
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक बी.वाई. विजयेंद्र ने गुरुवार को कर्नाटक सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सिद्धारमैया के बाद अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा। होसपेट में मीडिया से बातचीत के दौरान विजयेंद्र ने कहा, 'सिद्धारमैया के बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह अब सबसे बड़ा सवाल बन गया है।' उन्होंने कहा, कांग्रेस के तीन साल के शासन में कर्नाटक आर्थिक संकट में फंस गया है। सरकार ने लोगों को अच्छा शासन देने के लिए कोई ईमानदार और गंभीर प्रयास नहीं किया। राज्य की शासन व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों, गरीबों और युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और सिर्फ अल्पसंख्यकों को खुश करने पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा, 'सरकार किसानों, गरीबों और बेरोजगार युवाओं की समस्याएं सुनने में विफल रही है। मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर चल रही लड़ाई शासन से भी बड़ा मुद्दा बन गई है। सत्ता की अंदरूनी खींचतान का असर प्रशासन पर पड़ रहा है। राज्य के युवा सरकार से नाराज हैं और कर्नाटक धीरे-धीरे ड्रग्स कैपिटल बनता जा रहा है।' सिद्धारमैया के इस्तीफे को लेकर चल रही चर्चाओं का जिक्र करते हुए विजयेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के अंदर अलग-अलग गुट सक्रिय हो गए हैं।
कर्नाटक में सिद्धारमैया के इस्तीफे की खबर के बाद उनके समर्थकों में भारी नाराजगी है। कुछ जगहों पर सिद्धारमैया समर्थकों ने कांग्रेस आलाकमान के खिलाफ प्रदर्शन किया। एक जगह सिद्धारमैया समर्थकों ने राहुल गांधी के पोस्टर में भी विरोध स्वरूप आग लगाई।
कर्नाटक कांग्रेस में चल रही उठापटक के बीच यह स्पष्ट हो गया है कि सीएम सिद्दारमैया आज तीन बजे अपने पद से इस्तीफा देने वाले हैं। कर्नाटक सरकार में मंत्री एचके पाटिल ने इसकी पुष्टि की है। नेतृत्व परिवर्तन की आहट के बीच सीएम सिद्धारमैया के सरकारी आवास कावेरी पर सुबह ब्रेकफास्ट मीटिंग में डीके शिवकुमार पहुंचे थे। इसी बैठक में एचके पाटिल भी शामिल थे। कैबिनेट मंत्रियों के साथ-साथ सिद्धारमैया के करीबी कई विधायक भी इस बैठक में शामिल हुए। इस दौरान डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और एक-दूसरे को गले लगाकर यह संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी के अंदर के अंदर कोई गुटबाजी नहीं है।
बैठक के बाद कर्नाटक के मंत्री एचके पाटिल ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मुख्यमंत्री सिद्दारमैया 3 बजे इस्तीफा देंगे। सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि हम डीके शिवकुमार को नया सीएम बनाएंगे।' मुख्यमंत्री कार्यालय की आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, 'मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज दोपहर 2:30 बजे लोक भवन का दौरा करेंगे। इसके बाद वह दोपहर 3 बजे अपने दूसरे आधिकारिक आवास ‘कृष्णा’ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।'
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल के अंदरूनी मतभेदों ने न केवल कांग्रेस विधायकों के बीच अस्थिरता पैदा की है, बल्कि राज्य का प्रशासनिक ढांचा भी पूरी तरह चरमरा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति और विकास कार्यों में कोई प्रगति न होने के कारण जनता से जुड़े अहम मुद्दों की लगातार अनदेखी हो रही है। विजयेंद्र ने कहा, 'कांग्रेस सरकार की नीतियों से राज्य के युवा बेहद परेशान और निराश हैं। सरकार लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह विफल रही है।'
कर्नाटक में सीएम पद को लेकर जारी सस्पेंस के बीच कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकर्ता उमा शंकर ने मीडिया से बातचीत में बताया 'डीके शिवकुमार कल सीएम पद की शपथ लेंगे और हम बड़े पैमाने पर इसका जश्न मनाएंगे।' इससे पहले समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि आज सुबह अपनी कैबिनेट के सहयोगियों के साथ नाश्ते पर हुई बैठक में सिद्धारमैया ने सीएम पद से इस्तीफा देने का एलान कर दिया। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर इसे लेकर कोई बयान नहीं दिया गया है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के संभावित इस्तीफे को लेकर बढ़ते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्यपाल थावरचंद गहलोत के बंगलूरू छोड़ने से राज्य की राजनीति में अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राज्यपाल की गैरमौजूदगी इस्तीफा प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करेगी और सिद्धारमैया गुरुवार दोपहर 3 बजे तय कार्यक्रम के अनुसार अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय को सौंप सकते हैं।
कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि सिद्धारमैया को निर्देश दिया गया है कि राज्यपाल के बंगलूरू में नहीं होने के बावजूद वे अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय में जमा करें। पार्टी नेताओं का कहना है कि तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा और सभी घटनाक्रम पहले से निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल बुधवार रात 11:45 बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए रवाना हुए। उन्होंने मुंबई में रात बिताई और गुरुवार को मध्य प्रदेश के इंदौर जाएंगे। फिलहाल उनके बंगलूरू लौटने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। राज्यपाल कार्यालय ने उनके अचानक दौरे की वजह पारिवारिक मेडिकल इमरजेंसी बताई है। हालांकि, उनके इस दौरे के समय को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई सवाल उठ रहे हैं। खासकर इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा था।
सूत्रों के अनुसार, सिद्दारमैया ने बुधवार को राज्यपाल से मिलने का समय मांगा था। इसके जवाब में राज्यपाल ने कथित तौर पर गुरुवार सुबह 11:30 बजे या फिर दोपहर 3 बजे के बाद मिलने की सहमति दी थी। ऐसे समय में राज्यपाल के बेंगलुरु छोड़ने से अटकलें और तेज हो गई हैं। घटनाक्रम की इस कड़ी ने राज्य में तेजी से बदल रही राजनीतिक स्थिति पर बहस को और बढ़ा दिया है।
सीएम आवास पर नाश्ते के लिए पहुंचे डीके शिवकुमार ने आज सीएम सिद्धारमैया के पैर छू कर आशीर्वाद लिया। तस्वीरें सामने आने के बाद सिद्धारमैया के इस्तीफे की अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। हालांकि, राज्यपाल के मौजूद न रहने पर इस्तीफा आज कैसे होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। मौजूदा सरकार में एक मंत्री ने इस घटनाक्रम पर कहा है कि कांग्रेस पार्टी नेतृत्व परिवर्तन के लिए तैयार है।
विपक्ष के नेता आर. अशोक ने कर्नाटक में जारी घटनाक्रम पर चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य की जनता वहां हो रहे राजनीतिक घटनाक्रमों पर पैनी नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कन्नड़ भाषी लोगों के धैर्य को कमजोरी नहीं समझना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सत्ताधारी दल के आंतरिक संघर्षों में उलझे रहने के कारण विकास, जन कल्याण, किसानों की चिंताएं और युवाओं का भविष्य सब हाशिये पर चले गए हैं। अशोका ने कांग्रेस के भीतर कथित 'सत्ता-साझाकरण व्यवस्था' को पूरी तरह से राजनीतिक तमाशा बताया और आरोप लगाया कि इस आंतरिक कलह ने प्रशासन को पंगु बना दिया है और देश के समक्ष कर्नाटक की छवि को धूमिल किया है। उन्होंने आगे कहा कि विधान सौधा अब शासन केंद्र के रूप में कार्य नहीं कर रहा है, बल्कि राजनीतिक समीकरणों और अस्तित्व की लड़ाई का मैदान बन गया है।
डीके शिवकुमार को सीएम बनाए जाने की खबरों के बीच उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। डीके शिवकुमार के बंगलूरू स्थित आवास के बाहर उनके समर्थकों ने मिठाईयां बांटकर खुशियां मनाईं। बंगलूरू के पूर्व मेयर आर संपत भी डीके शिवकुमार के आवास के बाहर पहुंचे और समर्थकों संग खुशियां मनाईं।
#WATCH | Karnataka: Supporters of Deputy CM and KPCC president D.K. Shivakumar gather outside his residence in Bengaluru amid the political developments and speculations around the CM post. pic.twitter.com/8V6uqdfjm5
— ANI (@ANI) May 28, 2026
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सीएम पद से इस्तीफे की चर्चाओं के बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में सिद्धारमैया ने कहा, राज्य के सभी समुदायों की सामाजिक और शैक्षणिक स्थिति की व्यापक जानकारी जुटाने के उद्देश्य से उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में पिछड़ा वर्ग आयोग को सामाजिक और शैक्षणिक सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया था। हालांकि बाद की सरकारों ने इस रिपोर्ट को स्वीकार करने से परहेज किया, जिसके कारण करीब एक दशक पुराना यह सर्वे लागू नहीं हो सका। दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने अधिक वैज्ञानिक तरीके से नई जनगणना कराने के निर्देश दिए थे।
सिद्धारमैया ने कहा, 'आज मैंने सामाजिक और शैक्षणिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट को बेहद संतोष के साथ स्वीकार किया है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह रिपोर्ट सामाजिक न्याय को लागू करने में मार्गदर्शक साबित होगी।' इस अवसर पर कई कैबिनेट सहयोगी, मुख्यमंत्री के कानूनी सलाहकार ए.एस. पोनन्ना, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष मधुसूदन आर. नाइक, आयोग के सदस्य, अधिकारी और अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे।
इधर, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत 27-28 मई 2026 के दौरान मुंबई और इंदौर/उज्जैन के दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम में हवाई और सड़क मार्ग से यात्रा के साथ मुंबई में रात्रि विश्राम भी शामिल है। राज्यपाल की Z+ सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन को सुरक्षा, परिवहन और प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आज सुबह अपने आवास पर पार्टी नेताओं और कैबिनेट सहयोगियों की ब्रेकफास्ट मीटिंग बुलाई है। बैठक से पहले उनके आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस हाईकमान के साथ सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की लंबी बैठक के बाद राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें और तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, सत्ता हस्तांतरण को लेकर पार्टी के भीतर गंभीर मंथन चल रहा है और जल्द बदलाव संभव माना जा रहा है।
राज्यपाल से मुलाकात से पहले सीएम सिद्धारमैया पार्टी नेताओं से नाश्ते पर मुलाकात करेंगे। इस बैठक में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी मौजूद रहेंगे।