महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि 2024 के चुनावों में, हम 2014 और 2019 (चुनावों) में जीती गई सीटों से अधिक सीटें जीतेंगे। वोट शेयर 51% से अधिक होगा...अडानी समूह कांग्रेस शासन के समय से काम कर रहा है। सरकार जांच करेगी...पीएम मोदी किसी बिजनेसमैन के लिए काम नहीं करते, वे देश के लिए काम करते हैं।
मुंबई में INDIA गठबंधन के बैठक हॉल के बाहर भारत के संविधान की एक प्रति, राष्ट्रीय चिह्न और भारत माता की तस्वीर प्रदर्शित की गई।
आज INDIA गठबंधन की बैठक के बाद NCP नेता अनिल देशमुख ने कहा, "मैंने सुना है कि (संयोजक को लेकर) चर्चा चल रही है। कल होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में शायद इसका एलान हो सकता है। लोगो का भी अनावरण होना था, लेकिन उस पर भी चर्चा हो रही है। कल नाश्ते के बाद एक बार फिर बैठक है।"
आज की INDIA गठबंधन की बैठक के बाद दिल्ली और पंजाब के सीट बंटवारे का मुद्दा उठाने को लेकर पूछे जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "सीट शेयरिंग तो पूरे देश में ही होगी, हर जगह होगी। हमने कहा सब जगह ऐसा काम होना चाहिए।"
INDIA गठबंधन की कल होने वाली बैठक पर शिवसेना (UBT) नेता सचिन अहिर ने कहा कि एजेंडा एक ही है- देश को एकजुट करना है। जिस तरह से देश में लोकतंत्र खतरे में है, महंगाई और जनता से जुड़े मामले हैं, उसमें यह सरकार विफल हो गई है। विभिन्न मुद्दों को लेकर बने इस मोर्चे की आगे की रणनीति क्या होनी चाहिए और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हम कैसे एक साथ आए और क्या करना चाहिए- इन सब पर कल चर्चा होगी।
महाराष्ट्र के मुंबई में INDIA गठबंधन की बैठक जारी है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने मुंबई में हो रही INDIA गठबंधन की बैठक पर कहा, "इस गठबंधन का कोई असर नहीं होने वाला है। जो लोग मुंबई आए हैं उनका एक ही एजेंडा है- पीएम मोदी को (उनके पद से) हटाओ। ये एजेंडा क्यों? क्योंकि पीएम मोदी के कारण सभी वंशवादी पार्टियों की दुकानें बंद हो रही हैं...इनके पास न तो कोई नेता है, न ही नीति और न ही नियत। वे चाहे जितनी कोशिश कर लें लेकिन पीएम मोदी को लोगों के मन से नहीं निकाल सकते। पीएम मोदी ने जिस तरह का नेतृत्व दिया है और जिस तरह से उनके नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है- लोगों के मन में पीएम मोदी हैं...अब तक 5 पार्टियां पीएम पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर चुकी हैं। वे एक उम्मीदवार तय ही नहीं कर सकते। वे तय करके करेंगे क्या? उनका कोई भी उम्मीदवार लोगों के मन में नहीं बस सकता। इसलिए, मुझे लगता है कि एक मीडिया कार्यक्रम हो रहा है और हम सभी उसे देख रहे हैं।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी और महासचिव केसी वेणुगोपाल मुंबई में INDIA गठबंधन की बैठक स्थल पर मौजूद हैं। संसद के विशेष सत्र के बारे में पूछे जाने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ''उन्हें लाने दीजिए, लड़ाई जारी रहेगी।''
कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी और राहुल गांधी विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस(INDIA) की तीसरी बैठक में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंचे।
कांग्रेस समर्थक पार्टी नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के स्वागत के लिए मुंबई हवाई अड्डे के बाहर एकत्र हुए। वे यहां विपक्षी दल इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) की तीसरी बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मुंबई में विपक्षी दल इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस(INDIA) की तीसरी बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली हवाई अड्डे से रवाना हुए।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने बेटे और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ मुंबई में सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में पूजा अर्चना की।
आम आदमी पार्टी सांसद राघव चड्ढा मुंबई में विपक्ष गठबंधन INDIA की तीसरी बैठक के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) की तीसरी बैठक के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे।
INDIA गठबंधन की बैठक पर शिवसेवा उद्धव ठाकरे गुट की नेता प्रियंका चतुवेर्दी ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक दिन है और आज एक नया इतिहास रचा जा रहा है... हम काम करेंगे और एक रणनीति बनाएंगे जो हमें 2024 में जीत दिलाने में मदद करेगी।"
INDIA गठबंधन पर उद्धव ठाकरे गुट के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा, "जिस तरह से बीजेपी हमें निशाना बना रही है, उससे पता चलता है कि वे भारत गठबंधन और हमारी जीत से डरे हुए हैं। उनकी नफरत देश और संविधान से है और हम उन्हें जीतने नहीं देंगे...भाजपा के पास कोई विकल्प नहीं है लेकिन हमारे पास पीएम चेहरे के लिए कई विकल्प हैं।"
कांग्रेस पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल INDIA गठबंधन की तीसरी बैठक के लिए मुंबई पहुंचे। उन्होंने कहा, "बैठक का एजेंडा तय करने के लिए INDIA गठबंधन के शीर्ष नेता आज शाम को एक अनौपचारिक बैठक करने जा रहे हैं। राहुल गांधी इस (अदाणी) मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, उन्होंने फरवरी में 20,000 करोड़ रुपए के बारे में पूछा था, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। कोई जांच नहीं हो रही है, ये अवैध लेनदेन हैं लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। राहुल गांधी ने जो सवाल उठाया है वह प्रासंगिक है, पीएम को इसका जवाब देना होगा।"
INDIA गठबंधन की तीसरी बैठक में शामिल होने के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी मुंबई पहुंचे। उन्होंने कहा, "हमें संविधान बचाना है।"
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव INDIA गठबंधन की तीसरी बैठक के लिए मुंबई पहुंचे। उन्होंने रिपोर्टर्स से कहा, ''ये दोनों (रामदास अठावले और बीएसपी प्रमुख मायावती) देश की राजनीति में अस्तित्वहीन हो गए हैं।''
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 2024 के लोकसभा चुनाव में चुनौती देने के लिए बने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की दो दिवसीय बैठक आज से मुंबई में होगी। इसमें इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन के संयोजक का नाम तय करने के अलावा समन्वय समिति का गठन किए जाने की उम्मीद है। वहीं, बैठक से पहले उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट ने गुरुवार को मुंबई हवाईअड्डे के बाहर उद्धव की तस्वीरों के साथ भगवा झंडे लगाए। पढ़ें पूरी खबर...
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने विपक्षी गठबंधन की बैठक से पहले केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "28 जनवरी से 28 मार्च तक कांग्रेस पार्टी ने अदाणी को लेकर प्रधानमंत्री से 100 सवाल पूछे... हमें कोई जानकारी नहीं है कि अदाणी की शेल कंपनियों में 20,000 करोड़ रुपए का मालिक कौन है। राहुल गांधी ने लोकसभा में अदाणी के मुद्दे पर बात की और उन्हें संसद से अयोग्य घोषित कर दिया गया। यह अदाणी का मुद्दा नहीं है, यह 'मोदानी' का मुद्दा है। असली मुद्दा प्रधानमंत्री मोदी और अदाणी के बीच का रिश्ता है।"
INDIA गठबंधन की बैठक पर कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा, "भारत की राजनीति बदल रही है। विपक्षी दल अब एकजुट हो गए हैं और वे इतने शक्तिशाली हैं कि वे भाजपा सरकार को हटा देंगे। मुंबई बैठक में एजेंडा तय होगा और समन्वय समिति की भी घोषणा होगी।" निरुपम ने आगे कहा, "सभी कांग्रेस कार्यकर्ता चाहते हैं कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें... जीत दर्ज़ करने के बाद, सभी नेता (विपक्ष के) प्रधानमंत्री का फैसला करेंगे।"
महाराष्ट्र: INDIA गठबंधन की आज से शुरू होने वाली 2 दिवसीय बैठक से पहले मुंबई में पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए हैं, जिनमें INDIA गठबंधन के नेता दिख रहे हैं।
बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "हम (विपक्षी दल) सांप्रदायिक ताकतों से लड़ने के लिए एक साथ आए हैं। देश की जनता चाहती थी कि हम इस गठबंधन को बनाने का काम करें...हर कोई जानता है कि पीएम चुनने की प्रक्रिया क्या होती है। सांसद अपना नेता चुनेंगे। (इंडिया ब्लॉक के पीएम) पीएम मोदी से अधिक ईमानदार होंगे और लोगों के प्रति वफादार होंगे।"
तेजस्वी ने आगे कहा, "एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "अगर हम आपकी जेब से 5,000 रुपए लेकर 200 रुपए वापस कर दें को फायदा हुआ या नुकसान हुआ। देश के लोग यह जानते हैं और वे (केंद्र सरकार) आगामी राज्य चुनावों के मद्देनजर ऐसा कर रहे हैं। यह एक चुनावी स्टंट है।"
INDIA गठबंधन की बैठक पर राज्यसभा सांसद और राजद नेता मनोज झा ने कहा, "मुंबई में बैठक के बाद हमारे पास एक ठोस आधार और एक रोडमैप होगा और हम कह सकेंगे कि हम इस देश को वापस पटरी पर ला रहे हैं...हर पार्टी अपने नेता को शीर्ष पर (पीएम पद) देखना चाहती है लेकिन सभी को संयुक्त बैठक के नतीजे का इंतजार करना चाहिए।"
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 2024 के लोकसभा चुनाव में चुनौती देने के लिए बने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की दो दिवसीय बैठक आज से मुंबई में होगी। इसमें इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन के संयोजक का नाम तय करने के अलावा समन्वय समिति का गठन किए जाने की उम्मीद है।