फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus Live: बिहार में कोविड-19 के 2568 नए मामले, 98 लोगों की मौत

Fri, 28 May 2021 12:48 AM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप जारी है। यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत ज्यादातर राज्यों में तमाम पाबंदियां लागू हैं। कोरोना संक्रमण के नए मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। वहीं आज कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में 2.11 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,847 लोगों की जान चली गई है। इस बीच, देश में ब्लैक फंगस भी तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। केरल में राज्य सरकार ने कोविड-19 के चलते अनाथ हुए बच्चों को वित्तीय मदद देने का फैसला किया है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने कोरोना से जान गंवाने वाले 67 पत्रकारों के परिवारों को वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोविड के मौजूदा दिशा-निर्देशों को 30 जून तक जारी रखने का आदेश दिया है। दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण की संभावित तीसरी लहर के लिए स्वास्थ्य ढांचे को बेहतर करने के लिए एक 13 सदस्यीय पैनल का गठन किया है। यहां पढ़ें कोरोना महामारी से जुड़े सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
कोरोना वायरस टीकाकरण - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:48 AM, 28-May-2021

बिहार में कोविड-19 के 2568 नए मामले, 98 लोगों की मौत

बिहार में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 2568 नए मामले आए तथा 98 और मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से 98 मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या बढकर 4943 हो गई।

विभाग के मुताबिक नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 7,00,897 हो गयी है। इनमें से 6,67,507 मरीज ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर 5015 मरीज स्वस्थ हो गए। संक्रमण के सबसे ज्यादा 369 मामले पटना से आए हैं।

बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 1,22,126 नमूनों की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक 2,95,34,428 नमूनों की जांच की गयी है। राज्य में वर्तमान में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 28,447 है।

11:56 PM, 27-May-2021

छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के 2824 नए मामले, 69 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के 2824 नए मामले आने से बृहस्पतिवार को संक्रमितों की संख्या 9,62,368 हो गई। राज्य में 1170 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई, वहीं 5545 लोगों ने पृथक-वास का समय पूरा किया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमित 69 मरीजों की मौत हुई है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रायपुर जिले से 94, दुर्ग से 54, राजनांदगांव से 66, बालोद से 97, बेमेतरा से 29, कबीरधाम से 47 मामले आए। बाकी मामले अन्य जिलों से आए।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 9,62,368 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य में 9,00,100 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हुए हैं और 49,420 मरीज उपचाराधीन हैं। राज्य में वायरस से संक्रमित 12,848 लोगों की मौत हुई है।

11:07 PM, 27-May-2021

लखनऊ में सीवेज में कोरोना वायरस?

लखनऊ म्यूनिसिपल कमिश्नर ने बताया कि हमें सीवेज में कोविड संक्रमण के बारे में पता चला है, इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन एहतियाती तौर पर हमने 100 स्थानों से पीने के पानी के सैंपल की जांच की है। सभी सैंपल सुरक्षित हैं। जांच जारी रहेगी।

विज्ञापन
10:44 PM, 27-May-2021

आंध्र प्रदेश: कोविड से अनाथ बच्चों को आर्थिक मदद

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने उन बच्चों के लिए आर्थिक मदद का एलान किया है, जिनके अभिभावकों की कोविड-19 की वजह से मौत हो गई है। उन्होंने कहा इन बच्चों को फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) के रूप में 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि यह योजना उन बच्चों के लिए है जिनकी आयु 18 वर्ष से कम है और जिनके परिवार गरीबी रेखा से नीचे हैं।

10:35 PM, 27-May-2021

कोविड पॉजिटिव मिल्खा सिंह और पत्नी की हालत स्थिर

कोविड-19 पॉजिटिव होने के बाद मोहाली के अस्पताल में इलाज करा रहे महान भारतीय धावक मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी निर्मल कौर की हालत स्थिर है और सुधार हो रहा रहा है। यहां के फोर्टिस अस्पताल ने गुरुवार को जारी बयान में कहा, ‘मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी दोनों की स्थिति स्थिर हैं और सुधार हो रहा है।’ 

विज्ञापन
10:21 PM, 27-May-2021

हरियाणा: ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए बेड बढ़ाने के निर्देश

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ब्लैक फंगस के मरीजों के इलाज के लिए सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों को निर्देश दिया है कि वह बेड की संख्या 20 से बढ़ाकर 75 करें।

10:10 PM, 27-May-2021

20.54 करोड़ से अधिक लोगों को लगा टीका

देश में अब तक कोविड-19 टीकों की लगाई गई खुराकों की कुल संख्या 20.54 करोड़ को पार कर गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि गुरुवार को 18 से 44 साल की आयु के 11 लाख 76 हजार 300 लोगों ने टीके की पहली खुराक ली। कुल मिलाकर इस आयुवर्ग में टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत से अब तक एक करोड़ 51 लाख 52 हजार 40 लोग पहली खुराक लगवा चुके हैं। शाम सात बजे की अंतरिम रिपोर्ट के अनुसार देश में कुल 20 करोड़ 54 लाख 51 हजार 902 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।

10:06 PM, 27-May-2021

दिल्ली: ऑक्सीजन की कमी से मौत के मामलों की जांच के लिए समिति

दिल्ली सरकार ने मुआवजा मंजूर करने के खातिर उन मरीजों के मामलों के मूल्यांकन के लिए छह सदस्यीय समिति बनाई है जो राष्ट्रीय राजधानी में हाल ही में ऑक्सीजन की कमी के चलते अपनी जान गंवा बैठे। गुरुवार को जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार समिति यह जांच करेगी कि नियमानुसार अस्पताल में ऑक्सीजन का सही तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा था या नहीं।

10:01 PM, 27-May-2021

शमी ने ली कोविड-19 टीके की पहली खुराक

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को ब्रिटेन दौरे से पहले टीम के पृथकवास के दौरान गुरुवार को कोविड-19 का पहला टीका लगा। साउथम्पटन में 16 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला से पहले तेज गेंदबाज शमी 14 दिन के पृथकवास से गुजर रहे हैं। शमी ने टीका लगवाते हुए अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए ट्वीट किया, ‘टीके की पहली डोज लग गई। मैं सभी से अपील करता हूं कि टीका लगवाएं और सुरक्षित रहें।’

09:55 PM, 27-May-2021

गोवा: 1504 नए मामले, 1557 ठीक हुए

गोवा में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड संक्रमण के 1504 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 1557 लोग ठीक हुए और 39 की मौत हो गई। अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या एक लाख 52 हजार 401 हो गई है। वहीं, सक्रिय मामलों की संख्या 15,699 है। राज्य में कोरोना से ठीक होने की दर फिलहाल 88.03 फीसदी है।

09:46 PM, 27-May-2021

पंजाब: 3914 नए मामले, 178 की मौत

पंजाब में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 3914 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 5995 लोग ठीक हुए और 178 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या पांच लाख 56 हजार 89 हो गई है। इनमें से 48,231 सक्रिय मरीज हैं।

09:43 PM, 27-May-2021

हरिद्वार: वैक्सीन से नहीं हुई किसी की मौत

हरिद्वार के एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने कहा कि यहां वैक्सीन से किसी की मौत नहीं हुई है। इस तरह के भ्रामक प्रचारों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां से भी खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायतें मिल रही हैं, हम टीम भेजकर जांच करा रहे हैं।

09:22 PM, 27-May-2021

तेलंगाना: 64 निजी अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस

तेलंगाना में अधिक बिल को लेकर 64 निजी अस्पतालों के खिलाफ 88 शिकायतें दर्ज की गई हैं। राज्य के जन स्वास्थ्य निदेशक श्रीनिवास राव ने बताया कि इन अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

09:19 PM, 27-May-2021

दिल्ली में तीसरी लहर के लिए तैयारी शुरू

दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण की संभावित तीसरी लहर के लिए स्वास्थ्य ढांचे को बेहतर करने के लिए एक 13 सदस्यीय पैनल का गठन किया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (ऊर्जा) सत्य गोपाल को इसका चेयरमैन बनाया गया है।

09:13 PM, 27-May-2021

हरियाणा: 2322 नए मामले, 5679 ठीक हुए

हरियाणा में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 संक्रमण के 2322 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 5679 लोग ठीक हुए और 98 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या सात लाख 50 हजार 62 हो गई है। इनमें से 28,189 सक्रिय मामले हैं।

08:59 PM, 27-May-2021

शोधकर्ताओं ने कोविड-19 वायरस में प्रोटीन की संरचना का पता लगाया

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी में शोधकर्ताओं ने कोविड-19 के वायरस में एक महत्वपूर्ण प्रोटीन की संरचना के एक हिस्से का पता लगाया है। इससे वायरस के प्रसार, बीमारी की गंभीरता को समझने और एंटीवायरल उपचार पद्धति के विकास में मदद मिल सकती है। ‘करेंट रिसर्च इन वायरोलॉजिकल साइंस’ में यह अध्ययन प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं के मुताबिक कोविड-19 का मौजूदा उपचार केवल लक्षणों के आधार पर होता है जबकि शरीर अपनी प्रतिरक्षा प्रणाली के जरिए संक्रमण से लड़ता रहता है। अब तक ऐसी कोई एंटीवायरल दवा की पुष्टि नहीं हो पायी है जो कि वायरस के प्रसार को रोके।

08:41 PM, 27-May-2021

तेलंगाना को वैक्सीन खरीद के लिए एस्ट्राजेनेका और स्पूतविक वी से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया 

तेलंगाना को राज्य सरकार द्वारा वैक्सीन खरीद के लिए वैश्विक निविदा के लिए एस्ट्राजेनेका और स्पुतनिक वी से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। राज्य के जन स्वास्थ्य निदेशक श्रीनिवास राव ने कहा कि इस मामले में बातचीत चल रही है। 

08:37 PM, 27-May-2021

मुंबई: 94 फीसदी हुआ रिकवरी रेट

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1266 नए मामले सामने आए, 855 लोग ठीक हुए और 36 मरीजों की मौत हो गई। शहर में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 28,310 हो गई है। मुंबई में कोरोना से ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) अब 94 फीसदी हो गई है। 

08:23 PM, 27-May-2021

तमिलनाडु: 33361 नए मामले, 474 की मौत

कोरोना की दूसरी लहर में गंभीर स्थिति का सामना कर रहे तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 33,361 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 30,063 लोग ठीक हुए और 474 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या तीन लाख 13 हजार 48 हो गई है। वहीं, प्रदेश में कोरोना के कुल मामले 19 लाख 78 हजार 621 हो गए हैं।

08:17 PM, 27-May-2021

हिमाचल: 1472 नए मामले, 3409 ठीक हुए

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 संक्रमण के 1472 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 3409 लोग ठीक हुए और 59 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या एक लाख 85 हजार 819 हो गई है। वहीं, 20,184 सक्रिय मामले हैं।

08:07 PM, 27-May-2021

तेलंगाना: जूनियर डॉक्टरों ने किया हड़ताल खत्म करने का एलान

तेलंगाना जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने गुरुवार की शाम को कहा कि मरीजों का स्वास्थ्य हमारी पहली प्राथमिकता है और वर्तमान महामारी के हालात में उनकी सेवा करना हमारी जिम्मेदारी है। हम हड़ताल वापस लेने का एलान करते हैं और रात नौ बजे से ड्यूटी शुरू कर देंगे।
 

08:04 PM, 27-May-2021

दिल्ली: कोरोना और टीकाकरण को लेकर डीडीएमए की बैठक कल

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) शुक्रवार (28 मई) को कोविड-19 महामारी और टीकाकरण की स्थिति को लेकर एक बैठक करेगा। इसमें एलजी, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

08:02 PM, 27-May-2021

बंगाल में 13046 नए मामले, 148 की मौत

पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 13,046 मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 19,121 लोग ठीक हुए और 148 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख 17 हजार 154 हो गई है। इसके अलावा 11 लाख 99 हजार 120 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 14,975 लोगों की मौत हो चुकी है। 

08:00 PM, 27-May-2021

उत्तराखंड: 2146 नए मामले, 81 की मौत

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 2146 नए मामले सामने आए और 81 मरीजों की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब यहां कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 39,177 हो गई है। इसके अलावा राज्य में अब तक कोरोना संक्रमण की वजह से 6201 लोगों की मौत हो चुकी है।

07:57 PM, 27-May-2021

तेलंगाना: 3614 नए मामले, 3961 ठीक हुए

तेलंगाना में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 3614 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 3961 लोग ठीक हुए और 18 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना से ठीक होने की दक 92.69 फीसदी हो गई है। 

07:54 PM, 27-May-2021

30 जून तक जारी रखें कोविड कंटेनमेंट प्रयास: गृह मंत्रालय

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोविड के मौजूदा दिशा-निर्देशों को 30 जून तक जारी रखने का आदेश दिया है। मंत्रालय ने राज्यों से कहा है कि जिन जिलों में अधिक मामले हैं, वहां पर स्थानीय स्तर पर नियंत्रण के उपाय सुनिश्चित किए जाएं। मंत्रालय ने कहा कि नियंत्रण को कठोरता से लागू करने से दक्षिण और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों को छोड़कर पूरे भारत में कोविड के मामलों में गिरावट हुई है।

07:49 PM, 27-May-2021

पंजाब के लुधियाना में नमूने लेने गई टीम पर हमला

पंजाब में लुधियाना जिले के राछिन गांव में नमूने लेने गई टीम पर हमले की जानकारी सामने आई है। डिप्टी कमिश्नर वरिंदर कुमार शर्मा ने कहा कि इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

07:36 PM, 27-May-2021

कर्नाटक में 24214 नए मामले, 476 की मौत

कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 24,214 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में 31,459 लोग ठीक हुए और 476 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या चार लाख दो हजार 203 हो गई है।

07:29 PM, 27-May-2021

कोविड से जान गंवाने वाले 67 पत्रकारों के परिवार को वित्तीय मदद का एलान

केंद्र सरकार ने कोविड से मरने वाले पत्रकारों के 67 परिवारों को वित्तीय मदद देने को मंजूरी दे दी है। सरकार ने कहा कि हर परिवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की पत्रकार हित योजना के तहत पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। 

07:27 PM, 27-May-2021

केरल: कोविड से अनाथ हुए बच्चों की मदद करेगी राज्य सरकार

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने कहा है कि कोविड-19 के चलते जिन बच्चों के माता-पिता की मौत हो गई है, उन्हें तीन लाख रुपये की (एक बार) वित्तीय मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण जान गंवाने वाले लोगों के बच्चों को तीन लाख रुपये तत्काल राहत के रूप में दिए जाएंगे और 2000 रुपये हर महीने इन बच्चों के 18वें जन्मदिन तक दी जाएगी। साथ ही स्नातक तक की पढ़ाई का खर्चा राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

07:14 PM, 27-May-2021

दिल्ली: फोर्टिस अस्पताल में मोनोक्लोनल थैरेपी की शुरुआत

कोविड-19 के कुछ रोगियों के लिए मोनोक्लोनल एंटीबॉडी थैरेपी के लिए दिल्ली के एक प्रमुख निजी अस्पताल को क्लीनिकल खुराकें मिल गई हैं। इससे उनके अस्पताल में भर्ती होने की संभावना 70 फीसदी कम हो जाती है। इस पद्धति में मामूली से मध्यम स्तर के लक्षणों वाले रोगियों को एक खुराक में कासिरिविमैब और इमडेविमैब मिलाकर दी जाती है।

06:57 PM, 27-May-2021

रेलवे ने 1195 टन ऑक्सीजन पहुंचाई, एक दिन में सबसे अधिक

ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों ने 26 मई को पूरे भारत में 1195 टन जीवन रक्षक गैस पहुंचाई, जो एक दिन में अब तक पहुंचाई गई सबसे अधिक गैस है। यह आंकड़ा तीन दिन पहले परिवहन किए गए 1142 टन ऑक्सीजन के पिछले उच्च स्तर को पार कर गया। रेलवे ने गुरुवार को बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर के बीच, रेलवे ने पिछले महीने परिचालन शुरू होने के बाद से ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों से 15 राज्यों को 1141 से अधिक टैंकरों में 18,980 टन से अधिक तरल चिकित्सा ऑक्सीजन पहुंचाई है। दिल्ली में अब तक 5000 टन से ज्यादा ऑक्सीजन पहुंचाई जा चुकी है।

06:47 PM, 27-May-2021

कोरिया से दिल्ली पहुंची मेडिकल सप्लाई

कोरिया से 8500 एंटीजन जांच किट वाली मेडिकल सप्लाई गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंची। अभी तक कोरिया सरकार नौ मई से 27 मई तक तीन हिस्सों में चिकित्सकीय सहायता की छह खेप भेज चुकी है।
 

06:44 PM, 27-May-2021

राजस्थान: 3454 नए मामले, 10396 ठीक हुए

राजस्थान में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 3454 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 10,396 लोग कोरोना से ठीक हुए और 85 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 71,099 हो गई है।

06:43 PM, 27-May-2021

अहमदाबाद: अपोलो अस्पताल ने शुरू किया ड्राइव-इन वैक्सीनेशन

गुजरात के अहमदाबाद में अपोलो अस्पताल ने ड्राइव-इन वैक्सीनेशन कार्यक्रम की शुरुआत की है। अस्पताल के सीओओ डॉ. बालाजी पिल्लै ने कहा कि हम रोज एक हजार लोगों को कोविशील्ड टीका लगाएंगे। इसके लिए प्रति व्यक्ति शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। सामूहिक टीकाकरण करके हम हर्ड इम्यूनिटी बेहतर कर सकते हैं।
 

06:38 PM, 27-May-2021

सिक्किम में एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा मामले

सिक्किम में पिछले 24 घंटों में अभी तक के एक दिन में सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में यह संख्या 408 रही।

06:29 PM, 27-May-2021

ओडिशा: 6736 नए मामले, 34 की मौत

चक्रवात यास का सामना कर रहे ओडिशा में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 6736 नए मामले दर्ज किए गए और 34 मरीजों की मौत हो गई।

06:22 PM, 27-May-2021

फेसबुक ने बदली नीति

सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक ने अपनी नीति में बदलाव किया है। इसके तहत फेसबुक ने ऐसी पोस्ट को अनुमति दे दी है जिनमें दावा किया जा रहा है कि कोविड-19 वायरस का निर्माण एक लैब में किया गया था।

06:21 PM, 27-May-2021

हल्के कोविड संक्रमण से बेहतर एंडीबॉडी सुरक्षा

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार एक अध्ययन में सामने आया है कि कोरोना का हल्का संक्रमण से शरीर को लंबे समय तक मिलने एंटीबॉडी सुरक्षा मिलती है।

06:18 PM, 27-May-2021

केरल में 24166 नए मामले, आंध्र प्रदेश में आंकड़ा रहा 16167

केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 24,166 नए मामले दर्ज किए गए। मुख्यमंत्री पी विजयन ने बताया कि राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या दो लाख 41 हजार 966 हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओणम की छुट्टियों के दौरान 11वीं कक्षा की केरल बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित कराने के लिए शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं। वहीं, आंध्र प्रदेश में गुरुवार को कोरोना के 16,167 नए मामले सामने आए और 104 मरीजों की मौत हो गई।

06:16 PM, 27-May-2021

पुडुचेरी: 1137 नए मामले, 1486 ठीक हुए 

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 1137 नए मामले दर्ज किए गए और 1486 मरीज ठीक हुए। इसके अलावा इसी अवधि में 20 मरीजों की मौत हो गई। यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब एक लाख 677 हो गई है। इनमें से 14,473 सक्रिय मामले हैं।

05:56 PM, 27-May-2021

यूपी: कोविड मरीजों को बांट दी एक्सपायर दवा

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में कोविड-19 के संक्रमित मरीजों के उपचार और संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा बांटी जाने वाली दवाओं में एक दवा ऐसी बांटी गई जो जनवरी में ही एक्सपायर (उपयोग की समय सीमा समाप्त) हो गई थी। मरीज ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी विभा चलह को की । इस के बाद जिलाधिकारी ने इस मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी उमेश त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है ।

05:50 PM, 27-May-2021

महाराष्ट्र: जहां मामले घटे उन जिलों में मिल सकती है प्रतिबंधों में ढील

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने गुरुवार को कहा कि 21 जिलों में सकारात्मकता दर 10 फीसदी से अधिक है इसलिए सभी कोविड प्रतिबंधों को न हटाने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि उन जिलों में प्रतिबंधों में राहत दी जा सकती है जहां मामले घट रहे हैं। इस संबंध में जल्द ही दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे।

05:45 PM, 27-May-2021

बच्चों के इलाज पर बॉम्बे हाईकोर्ट का बीएमसी से सवाल

बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका से पूछा कि कोरोना वायरस से संक्रमित बच्चों को समय पर और उचित इलाज मुहैया कराने के लिए क्या किया जा रहा है। बीएमसी के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल साखरे ने न्यायमूर्ति अमजद सैय्यद और न्यायमूर्ति जी. एस. कुलकर्णी की पीठ को बताया कि शहर में कोरोना वायरस संक्रमण से अभी तक 17 बच्चों की मौत हुई है। बीएमसी ने बताया कि शहर में नौ मई तक करीब 12,000 बच्चे कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। साखरे ने अदालत को बताया कि बीएमसी ने शहर में स्वास्थ्य संबंधी आधारभूत संरचना का आधुनिकीकरण किया है और वह महामारी की तीसरी लहर के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि राज्य ने कोविड-19 से ग्रस्त होने वाले बच्चों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि फिलहाल शहर में सिर्फ दो बच्चों का कोविड-19 का इलाज चल रहा है।

05:23 PM, 27-May-2021

उत्तर प्रदेश: 3278 नए मामले, 188 की मौत

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 3278 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में राज्य में 188 मरीजों की मौत हो गई।

05:13 PM, 27-May-2021

स्पूतनिक टीका: जून के दूसरे सप्ताह में होगा उपलब्ध

स्पूतनिक वी टीका जून के दूसरे सप्ताह से अपोलो अस्पतालों के माध्यम से उपलब्ध हो जाएगा। यह जानकारी अपोलो हॉस्पिटल्स की एग्जीक्यूटिव वाइस-चेयरपर्सन शोबना कामिनेनी ने गुरुवार को दी।

05:10 PM, 27-May-2021

भारत में कोविड से होने वाली मौतों की संख्या पर न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट गलत

केंद्र सरकार ने कहा है कि न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर में भारत में कोविड-19 से होने वाली मौतों की संख्या को लेकर दी गई जानकारी आधारहीन और झूठी है, उसके दावे सबूतों पर नहीं बल्कि विकृत आकलन पर आधारित हैं।

05:03 PM, 27-May-2021

अलग-अलग टीकों की खुराक से नुकसान नहीं

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार उसी वैक्सीन की दूसरी खुराक लेनी चाहिए जिसकी पहली ली थी। हालांकि, अगर लोग अलग-अलग टीकों की खुराक ले रहे हैं तो भी यह चिंता का विषय नहीं है। यह सुरक्षित है। हम ट्रायल के लिए टीकों की खुराकों को मिलाने की सोच रहे हैं।
 

04:53 PM, 27-May-2021

अमेरिका पहुंचे जयशंकर, वैक्सीन पर होगी बात

विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार को वाशिंगटन डीसी पहुंचे, जहां वह अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान वैक्सीन का मुद्दा भी उठेगा। घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कोरोना वायरस के टीके और कच्चे माल की खरीद के यहां जयशंकर की वार्ता का प्रमुख मुद्दा रहने की उम्मीद है।

04:41 PM, 27-May-2021

पंजाब में अब इन लोगों को भी लगेगा टीका

पंजाब में एक जून से 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए टीकाकरण प्राथमिकता सूची में दुकानदार, उनके स्टाफ, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर, औद्योगिक कर्मचारी, फुटपाथ विक्रेता, डिलिवरी ब्वॉय, बस और कैब के चालक और कंडक्टर तथा स्थानीय निकायों से सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी। 

04:34 PM, 27-May-2021

दिल्ली: 24 घंटों में 1072 नए मामले, 117 की मौत

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1072 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में 3725 कोरोना मरीज ठीक हुए और 117 की मौत हो गई। यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 14 लाख 22 हजार 549 हो गई है। इनमें से 13 लाख 82 हजार 359 लोग ठीक हो चुके हैं और 23,812 की मौत हुई है। राज्य में अब कोरोना की सकारात्मकता दर 1.53 फीसदी और सक्रिय मामलों की संख्या 16,378 हो गई है। 

04:30 PM, 27-May-2021

बंगाल में 15 जून और पंजाब में 10 जून तक लागू रहेंगे प्रतिबंध

पश्चिम बंगाल सरकार ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू किए गए प्रतिबंधों को 15 जून तक बढ़ाने का फैसला किया है। बनर्जी ने कहा कि वर्तमान प्रतिबंधों की वजह से बंगाल में महामारी की स्थिति में सुधार आया है। वहीं, पंजाब में कोविड-18 प्रतिबंधों को 10 जून तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है। हालांकि, यहां कोरोना के पॉजिटिव और सक्रिय मामलों में कमी आने के कारण निजी वाहनों में यात्रियों की संख्या पर लगाए गए प्रतिबंध को हटा लिया गया है।

04:19 PM, 27-May-2021

दूसरी लहर की समाप्ति की ओर हैं: डॉ. पॉल

प्रेसवार्ता में मौजूद रहे नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने कहा कि यह आश्वस्त करने वाला है कि हम दूसरी लहर के समाप्त होने की ओर हैं और अगर समय आने पर व्यवस्थित रूप से प्रतिबंध हटाने जाते हैं तो यह स्थिति कायम रहेगी।
 

04:13 PM, 27-May-2021

90 फीसदी हुई ठीक होने की दर

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या दैनिक आधार पर सामने आने वाले मामलों से अधिक हो रही है। इसके साथ ही कोरोना से ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) भी 85.6 फीसदी से बढ़कर अब 90 फीसदी हो गई है, यह एक सकारात्मक संकेत है।

04:08 PM, 27-May-2021

24 राज्यों में घटे सक्रिय मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार शाम आयोजित एक प्रेसवार्ता में बताया कि पिछले सप्ताह से 24 राज्यों में कोरोना के सक्रिय मामलों में कमी दर्ज की गई है। इसके साथ ही मंत्रालय ने बताया कि 26 मई को देश में एक दिन में सबसे ज्यादा नमूनों की जांच की गई। 26 मई को यह संख्या 22 लाख 17 हजार 320 रही। 
 

04:03 PM, 27-May-2021

झारखंड: प्रमोट किए जाएंगे नौवीं और 11वीं के छात्र

झारखंड सरकार ने कोरोना महामारी के चलते नौवीं और 11वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रमोट करने का फैसला लिया है।
 

 

03:50 PM, 27-May-2021

बच्चों के लिए वैक्सीन पर बोले डॉ. पॉल

बच्चों के लिए वैक्सीन को लकर डॉ. वीके पॉल ने कहा कि जब कोई दवा या वैक्सीन तैयार की जाती है तो आम तौर पर सबसे पहले इसका इस्तेमाल वयस्क आबादी पर किया जाता है क्योंकि आप बच्चों को खतरे में डालना नहीं चाहते। अब यह पाया गया है कि फाइजर का टीका कम आयु वाली आबादी को भी दी जा सकती है। अब एक-दो देश इसकी शुरुआत करने जा रहे हैं। डॉ. पॉल ने कहा कि बच्चों को देने के लिए कोवाक्सिन को अनुमति मिल चुकी है, वे इसके ट्रायल शुरू करेंगे। मुझे बताया गया है कि सीरम संस्थान नोवावैक्स के पीडियाट्रिक ट्रायल शुरू करना चाहता है।

03:46 PM, 27-May-2021

टीकाकरण की रफ्तार बढ़ानी होगी: डॉ. वीके पॉल

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने कहा कि हमें एक दिन में टीके की एक करोड़ खुराकें लगाने की तैयारी करनी होगी। यह कुछ सप्ताह में संभव हो सकता है, हमें तैयारी करनी होगी। हमने एक दिन में 43 लाख खुराकें देना संभव किया है। अगले तीन सप्ताह में हमें इसे 73 लाख पर लाना चाहिए। हमें यह लक्ष्य प्राप्त करने के लिए एक व्यवस्था तैयार करनी होगी।

03:08 PM, 27-May-2021

सरकार, फाइजर टीके के जल्द से जल्द आयात को मिलकर काम कर रहे हैं : वी के पॉल

नीति आयोग के सदस्य वी के पॉल ने कहा है कि फाइजर की ओर से टीके की उपलब्धता का संकेत मिलने के साथ ही सरकार और कंपनी इसके जल्द से जल्द आयात को मिलकर काम कर रहे हैं। पॉल ने गुरुवार को ‘भारत की टीकाकरण प्रक्रिया पर मिथक और तथ्य’ पर एक बयान में कहा कि वैश्विक स्तर पर टीके की आपूर्ति सीमित है। कंपनियों की अपनी प्राथमिकताएं, योजनाएं और बाध्यताएं हैं। उसी के हिसाब से वे टीके का आवंटन करती हैं।

02:20 PM, 27-May-2021

अहमदाबाद में ड्राइव-थ्रु केंद्र शुरू हुआ

अहमदाबाद नगर निकाय ने 18 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के लोगों के कोविड-19 रोधी टीकाकरण के लिए बृहस्पतिवार को यहां पर ड्राइव-थ्रु टीकाकरण केंद्र की शुरुआत की।

    

12:24 PM, 27-May-2021

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 'सर्विसेज ई-हेल्थ असिस्टेंस एंड टेली-कंसल्टेशन (SeHAT) ओपीडी पोर्टल' लॉन्च किया। चिकित्सा का यह ऑनलाइन माध्यम, न केवल दूरदराज के क्षेत्रों तक भी व्यापक पहुंच, बल्कि संपर्क रहित और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करता है। इससे एक ओर अस्पताल में पर लोड कम होगा और दूसरी ओर मरीज़ भी अधिक आसानी से कंसल्टेशन प्राप्त कर सकेंगे। रक्षामंत्री ने बताया कि वर्तमान में हम जिस दौर से गुजर रहे हैं,निश्चित ही यह हम सबके लिए अप्रत्याशित रहा है। ऐसे कठिन समय के बारे में हमने नहीं सोचा था लेकिन इस दौरान जीवन के अनेक क्षेत्रों में हमने नवीनीकरण और विकास के नए तरीके खोजे हैं आज लॉन्च हो रहा ये पोर्टल इसका बड़ा उदाहरण हैं।
 

 

11:28 AM, 27-May-2021

बच्चों के लिए जल्द से जल्द फाइजर के टीके खरीदे जाएं : केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बच्चों को टीका लगाने के लिए जल्द से जल्द फाइजर का कोविड-19 रोधी टीका खरीदने की गुरुवार को मांग की। उन्होंने यह मांग तब की जब इससे पहले अमेरिकी दवा कंपनी ने भारत में अपने टीकों को जल्द से जल्द मंजूरी दिए जाने की मांग की।

11:21 AM, 27-May-2021

यूपी में 193 और पंजाब में 185 और मरीजों की मौत

आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से जिन 3,847 लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र में 992, कर्नाटक में 530, तमिलनाडु में 475, उत्तर प्रदेश में 193, पंजाब में 185, पश्चिम बंगाल में 153, केरल में 151, दिल्ली में 130, राजस्थान में 107 और हरियाणा में 106 लोगों की मौत हुई।

10:49 AM, 27-May-2021

एफडीए ने कोरोना के इलाज के लिए तीसरी एंटीबॉडी दवा को दी मंजूरी

  अमेरिका के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कोविड-19 के कारण अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों और मृतकों की संख्या कम करने में मदद के लिए तीसरी एंटीबॉडी दवा के आपात इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है।

10:02 AM, 27-May-2021

देश में सक्रिय मामलों की संख्या 24 लाख के पार

भारत में कोरोना के 2,11,298 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,73,69,093 हुई। 3,847 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 3,15,235 हो गई है। 2,83,135 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,46,33,951 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 24,19,907 है।

09:22 AM, 27-May-2021

झारखंड में टीकों का अपव्यय सिर्फ 4.65 प्रतिशत

झारखंड सरकार ने दावा किया कि राज्य में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की मंगलवार की सूचना के विपरीत कोरोना वायरस टीकों की सिर्फ 4.65 प्रतिशत खुराक ही बेकार गई हैं। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर आंकड़ों में सुधार करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि राज्य सरकार के पास अब तक टीके की कुल खुराक की उपलब्धता के अनुसार, अपव्यय अनुपात केवल 4.65 प्रतिशत है।

09:16 AM, 27-May-2021

असम में 5,699 नए मामले, 90 और लोगों की मौत

असम में कोरोना से 90 और लोगों की मौत के बाद राज्य में बुधवार तक मृतक संख्या बढ़कर 3,005 हो गई। वहीं, 5,699 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,86,870 हो गई है।
 

09:04 AM, 27-May-2021

पश्चिम बंगाल में 16,225 नए मामले, 153 की मौत

पश्चिम बंगाल में एक दिन में कोविड-19 के 16,225 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13,18,203 हो गई।स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, 153 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 14,827 हो गई। बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अभी 1,23,377 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है तथा 11,79,999 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

08:43 AM, 27-May-2021

मिजोरम: 207 नए मरीज मिले

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 207 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 11,143 हो गई है। इनमें से 2,817 का इलाज चल रहा है और 8,292 मरीज कोरोना को मात देकर अपने घर लौट गए हैं, जबकि 34 लोगों की मौत हुई है।

07:43 AM, 27-May-2021

कोरोना: नए मरीजों की संख्या बढ़ी, मौतों के आंकड़े में आई कमी

देश में बीते 24 घंटे में 2.11 लाख नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,842 की जान जा चुकी है। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 27,367,935 पहुंच गई है। वहीं कोरोना से मरने वालों की संख्या 315,263 हो गई है। बता दें कि एक दिन पहले यानी बुधवार की तुलना में आज कोरोना मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, राहत की बात ये है कि कोविड से मरने वालों की संख्या 4 हजार से कम है। 

07:15 AM, 27-May-2021

Coronavirus Live: बिहार में कोविड-19 के 2568 नए मामले, 98 लोगों की मौत

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप जारी है। यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत ज्यादातर राज्यों में तमाम पाबंदियां लागू हैं। कोरोना संक्रमण के नए मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। वहीं आज कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में 2.11 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,842 लोगों की जान चली गई है। इस बीच, देश में ब्लैक फंगस भी तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें