फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत ने रचा इतिहास: बनारस के दिव्यांग को लगा 100 करोड़वां टीका, पीएम ने नर्स से पूछा- कोई आप पर चिल्लाया तो नहीं

Thu, 21 Oct 2021 03:12 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

India New Song Launch Today for Completed 1 Billion Vaccination Live: कोरोना वैक्सीनेशन के 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर भारत ने आज इतिहास रच दिया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से बात की। यहां पीएम मोदी के सामने ही बनारस के दिव्यांग अरुण रॉय को 100करोड़वां डोज लगाया गया है। इसके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने दिल्ली में COVID19 वॉर रूम का दौरा किया, कर्मचारियों के साथ बातचीत की और भारत द्वारा वैक्सीनेशन के 100 करोड़ के आंकड़े पार करने के मौके पर मिठाई वितरित की। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण भी इस मौके पर मौजूद रहे।
विज्ञापन
पीएम मोदी के सामने बनारस के दिव्यांग को लगा 100 करोड़वां टीका - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:53 PM, 21-Oct-2021
तिरंगी रोशनी से जगमग आगरा का किला - फोटो : ANI

आगरा का किला भी हुआ तिरंगी रोशनी से जगमग

पुरातत्व विभाग ने आगरा के किले को भी गुरुवार को तिरंगी रोशनी से जगमग किया।

10:39 PM, 21-Oct-2021

वैक्सीन सेंचुरी: सुदर्शन पटनायक ने रेत पर उकेरी उपलब्धि

उधर, ख्यात सेंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा के समुद्र तट पर 100 करोड़ टीकों की उपलब्धि को रेत पर उकेरा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने उनके इस शिल्प का वीडियो साझा किया है। देखें वीडियो:-    
             
 

07:19 PM, 21-Oct-2021
तिरंगी रोशनी से सराबोर लाल किला - फोटो : ANI

लाल किले समेत देश की 100 इमारतों पर रोशनी की गई

भारतीय पुरातत्व विभाग ने इस उपलब्धि के मौके पर दिल्ली के लालकिले और कुतुब मीनार, हैदराबाद की चार मीनार समेत देश की 100 ऐतिहासिक इमारतों पर तिरंगी रोशनी की।


 

विज्ञापन
05:30 PM, 21-Oct-2021
स्पाइसजेट के विमान पर यूं लगाया गया है पोस्टर - फोटो : ANI

स्पाइसजेट ने विमान पर चस्पा किया पोस्टर

निजी एयर लाइंस स्पाइसजेट ने 100 करोड़ खुराक को जश्न अपने विमान पर पीएम मोदी व स्वास्थ्य कार्यकर्ता का पोस्टर चस्पा कर मनाया। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, स्वास्थ्य राज्यमंत्री भारती प्रवीण पटेल व स्पाइसजेट के सीएमडी अजय सिंह ने विक्ट्री का निशाना दिखाते हुए तस्वीर साझा की।

स्पाइसजेट के सीएमडी अजय सिंह ने कहा कि मैं सभी एयरलाइनों समेत सभी को बधाई देता हूं। सिर्फ स्पाइसजेट ने ही नहीं सभी एयरलाइनों ने वैक्सीन परिवहन में मदद की और दुनिया को भारत की एकता का संदेश दिया। पोस्टर युक्त यह विमान विदेश भी जाएगा। हमारे सभी कर्मचारी पूरी तरह टीकाकृत हो गए हैं।

05:28 PM, 21-Oct-2021

आशंका के बाद भी उपलब्धि हासिल की, बधाई : ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि 100 करोड़ खुराक की उपलब्धि पर मैं सभी को बधाई देता हूं। आशंकाओं के वातावरण के बावजूद हमने हमने यह हासिल किया है।

दुनिया सोच रही भारत ने यह कैसे किया: ऋषिकेश पटेल
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा,  हमने 100 करोड़ खुराक लगा दी, इस पर दुनिया यह सोचकर हैरान है कि हमने इसे कैसे पाया, लेकिन यह हमारे सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। आज हम गर्व से कह सकते हैं कि हमने कोरोना को 99 फीसदी पराजित कर दिया है। 21 अक्तूबर का दिन इतिहास में लिखा जाएगा।

 

विज्ञापन
05:16 PM, 21-Oct-2021

इस्राइल के पीएम ने दी मोदी को बधाई

इस्राइल के पीएम नफ्ताली बेनेट ने भारत में टीकाकरण कार्यक्रम की सफलता को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई दी। बेनेट ने कहा कि एक अरब टीके लगना बड़ी कामयाबी है। ये जीवन रक्षक वैक्सीन हम सभी वैश्विक महामारी को पराजित करने में मदद कर रहे हैं।

 

05:14 PM, 21-Oct-2021

बड़ी उपलब्धि, दिसंबर तक सबको टीके

नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि यह बड़ी उपलब्धि है और मुझे उम्मीद है कि हम दिसंबर अंत तक देश की समूची आबादी के टीकाकरण में सफल होंगे। हम पीएम मोदी के नेतृत्व में सही दिशा में बढ़ रहे हैं।

नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने कहा कि हमने इतनी बड़ी संख्या में टीके कम समय में लगाए हैं। यह हमारे सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। 100 करोड़ खुराक में से 30 से 35 करोड़ लोगों को दोनों खुराक लग चुकी हैं। यह संख्या इंडोनेशिया, अमेरिका जैसे देशों की कुल आबादी से ज्यादा है। अभा आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स दिल्ली ने भी देश में 100 करोड़ खुराक लगने का जश्न मनाया।

 

03:12 PM, 21-Oct-2021

अमेरिकी दूतावास ने दी बधाई

भारत में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 100 करोड़ पार करने को लेकर अमेरिकी दूतावास ने भी बधाई दी। अमेरिकी दूतावास ने ट्वीट कर कहा कि 100 करोड़ से अदिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाने के लिए भारत को बधाई। भारत का यह प्रयास ऐतिहासिक है जिसने कोरोना की जंग में बहुत बड़ी भूमिका निभाई।

02:23 PM, 21-Oct-2021

जेपी नड्डा ने दी बधाई

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बधाई देते हुए कहा कि भारत ने 10 महीने से भी कम समय में कोरोना वैक्सीनेशन के 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया है। यह देश के प्रत्येक व्यक्ति की स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मैं पीएम मोदी को दिल से धन्यवाद देता हूं और स्वास्थ्य सेवा और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
 

12:28 PM, 21-Oct-2021

पीएम मोदी ने नर्स से पूछा- दर्द के बाद कोई चिल्लाया तो नहीं

आरएमएल अस्पताल में पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने एक नर्स से भी मुलाकात की पूछा कि क्या टीका लगवाने वाला कोई ऐसा शख्स भी आया, जिसे दर्द हुआ हो या चिल्लाया हो।

12:08 PM, 21-Oct-2021

पीएम मोदी के सामने बनारस के दिव्यांग को लगा 100 करोड़वां टीका

कोरोना वैक्सीन के 100 करोड़ डोज पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से बात की। यहां पीएम मोदी के सामने ही बनारस के दिव्यांग अरुण रॉय को 100करोड़वां डोज लगाया गया है।

11:39 AM, 21-Oct-2021

हमें मिलकर कोरोना को हराना है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में में कहा कि देश को 100 करोड़ वैक्सीन का सुरक्षा कवच मिला है। मोदी ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि आज एक उत्साह है और दायित्व बोध भी है कि हमें मिलकर कोरोना को हराना है।

10:51 AM, 21-Oct-2021

पीएम मोदी ने बताया सामूहिक भावना की विजय

भारत में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 100 करोड़ पार करने पर पीएम मोदी ने भी बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि भारत ने इतिहास रचा, हम भारतीय विज्ञान, उद्यम और 130 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भावना की विजय देख रहे हैं। 100 करोड़ टीकाकरण पार करने पर भारत को बधाई। हमारे डॉक्टरों, नर्सों और इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए काम करने वाले सभी लोगों का आभार।

10:37 AM, 21-Oct-2021

स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे दिल्ली के कोविड वार रूम, बांटी मिठाई

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने दिल्ली में COVID19 वॉर रूम का दौरा किया, कर्मचारियों के साथ बातचीत की और भारत द्वारा वैक्सीनेशन के 100 करोड़ के आंकड़े पार करने के मौके पर मिठाई वितरित की। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण भी इस मौके पर मौजूद रहे। इस बड़ी कामयाबी के मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के स्टाफ को मिठाई बांटी गई।

10:34 AM, 21-Oct-2021

भारत का ये माइलस्टोन बहुत खास है: दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक

विश्व स्वास्थ्य संगठन में दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक डॉक्टर पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा कि भारत का ये माइलस्टोन बहुत खास है क्योंकि भारत ने अपने देश की जनता के साथ दुनिया के और देशों को भी वैक्सीन की करोड़ों डोज़ दी हैं। WHO भारत को इस कामयाबी के लिए बहुत बधाई देता है।

10:31 AM, 21-Oct-2021

पीएम मोदी के नेतृत्व में हुआ संभव: अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि दुनिया के बड़े-बड़े देशों जिनका हेल्थकेयर सिस्टम बहुत अच्छा है, उनसे भी बेहतर तरीके से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने देशभर में व्यापक रूप से वैक्सीनेशन किया। आज 100 करोड़ वैक्सीनेशन का बहुत महत्वपूर्ण पड़ाव पार हुआ है।

10:16 AM, 21-Oct-2021

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए कहा कि मैं उन सभी को बधाई देता हूं जो कोरोना की वैक्सीन लेकर प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के साथ जुड़े और भारत को कोरोना मुक्त होने की परिकल्पना को साकार करने में मदद की। 

10:13 AM, 21-Oct-2021

नौ महीने में इतिहास रचने के लिए बधाई: डॉ वीके पॉल

नीती आयोग के सदस्य(स्वास्थ्य) डॉ वीके पॉल ने कहा कि भारत के लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई। भारत में टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होने के बाद से केवल 9 महीनों में एक उपलब्धि, किसी भी राष्ट्र के लिए 1 बिलियन खुराक के निशान तक पहुंचना उल्लेखनीय है।

09:55 AM, 21-Oct-2021

पीएम मोदी ने आरएमएल अस्पताल का दौरा किया

भारत में कोरोना वैक्सीनेशन के आंकड़े 100 करोड़ पार करने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल(RML) पहुंचे।

09:49 AM, 21-Oct-2021

भारत ने रचा इतिहास, कोरोना वैक्सीनेशन के 100 करोड़ के आंकड़े को किया पार

कोरोना वैक्सीनेशन के 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर भारत ने आज इतिहास रच दिया है। इस मौके पर देशभर में जश्न मनाने की तैयारी है।

09:14 AM, 21-Oct-2021

Live: बनारस के दिव्यांग को लगा 100 करोड़वां टीका, पीएम ने नर्स से पूछा- कोई आप पर चिल्लाया तो नहीं

कोरोना वैक्सीनेशन के 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर भारत ने आज इतिहास रच दिया है। इस मौके पर कई जगह जश्न मनाने की तैयारी है। इसके तहत देश भर में कार्यक्रम आयोजित कर टीकाकरण में योगदान देने वालों का आभार जताया जाएगा। देश में 100 करोड़ खुराक दिए जाने के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया लाल किले से गायक कैलाश खेर का गीत और आडियो-विजुअल फिल्म जारी करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें