फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Operation Sindoor Live: पीएम मोदी ने सचिवों के साथ की सुरक्षा समीक्षा बैठक; गुजरात पुलिस ने रद्द कीं छुट्टियां

Thu, 08 May 2025 02:26 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Operation Sindoor Today News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले का बदला भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में दहशतगर्दों के नौ ठिकानों पर सटीक एयर स्ट्राइक कर लिया। भारत की तीनों सेनाओं ने 15 दिन बाद पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया। भारतीय सेना की इस कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। संयुक्त राष्ट्र अध्यक्ष ने दोनों देशों से शांति की अपील की है। पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। वहां किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रक्षा इकाइयों को सक्रिय कर दिया गया है। कुछ राज्यों में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। जानें पल पल के अपडेट...
विज्ञापन
ऑपरेशन सिंदूर लाइव अपडेट। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:25 PM, 08-May-2025

पीएम मोदी ने सुरक्षा की समीक्षा के लिए सचिवों के साथ की बैठक
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद उपजे हालात को देखते हुए आज राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी घटनाओं और तैयारियों की समीक्षा के लिए मंत्रालयों के सचिवों के साथ बैठक की अध्यक्षता की।

02:02 PM, 08-May-2025

गुजरात में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
ताजा घटनाक्रम में गुजरात के तट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने 'अप्रत्याशित स्थिति के कारण' पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उन्हें तत्काल ड्यूटी पर लौटने को कहा गया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक विकास सहाय के इस फरमान के बाद राजकोट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अशोक कुमार यादव ने कहा कि पाकिस्तान में भारत के आतंकवाद विरोधी हमलों के बाद तटीय पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। यादव ने बताया कि राजकोट रेंज के अंतर्गत आने वाले पांच जिलों में से जामनगर, मोरबी और देवभूमि द्वारका में समुद्र तट है।

12:22 PM, 08-May-2025

सीमावर्ती इलाकों में तनाव, सुरक्षित जगहों पर भेजे जा रहे लोग

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान बुरी तरह से बौखला गया है और उसकी सेना द्वारा सीमावर्ती इलाकों में उकसावे वाली कार्रवाई के तहत भारी गोलीबारी की जा रही है। सरकार सीमावर्ती इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर रही है।

विज्ञापन
12:00 PM, 08-May-2025

पाकिस्तानी गोलाबारी में अब तक 13 नागरिकों की मौत
विदेश मंत्रालय ने जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की तरफ से लगातार हो रहे संघर्ष विराम उल्लंघन पर बयान दिया है। सरकार ने बताया कि पुंछ में 13 नागरिक मारे गए हैं, जबकि 44 घायल हुए हैं। अलग-अलग इलाकों में हताहत हुए लोगों को मिलाकर अब तक कुल घायलों की संख्या 59 हो गई है।

11:40 AM, 08-May-2025
संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष - फोटो : एएनआई

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान तनाव से UN महासभा चिंतित
संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष फिलेमोन यांग ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जताई है। नौ पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद उपजे हालात को लेकर उन्होंने कहा, 'मैं भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ती शत्रुता को लेकर बहुत चिंतित हूं। मैं दोनों पक्षों से अधिकतम संयम बरतने और तत्काल तनाव कम करने का आह्वान करता हूं। मैं सभी आतंकवादी हमलों और नागरिकों तथा नागरिक बुनियादी ढांचे के विरुद्ध हमलों की निंदा करता हूं।'
उन्होंने कहा, 'मेरा दृढ़ विश्वास है कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप बातचीत और कूटनीतिक समाधान ही मतभेदों को दूर करने और स्थायी शांति और स्थिरता प्राप्त करने का एकमात्र तरीका है।'

विज्ञापन
11:02 AM, 08-May-2025

सर्वदलीय बैठक के लिए संसद भवन पहुंचे अमित शाह

सर्वदलीय बैठक के लिए संसद भवन की एनेक्सी बिल्डिंग पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह। सर्वदलीय बैठक में सभी राजनीतिक पार्टियों को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी जाएगी। 

10:17 AM, 08-May-2025

'ऑपरेशन सिंदूर सैन्य रणनीति के लिहाज से बेहद अहम'

पूर्व राजदूत केपी फेबियन ने ऑपरेशन सिंदूर पर कहा कि 'यह एक सुनियोजित ऑपरेशन था। पुलवामा हमले के बाद हमारे लड़ाकू विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए। इस बार हमने बिना पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में गए हमला किया है। साथ ही पाकिस्तान में अंदर तक हमला किया है। सैन्य रणनीति के लिहाज से भी यह बेहद अहम है।'

06:56 AM, 08-May-2025

जोधपुर में बंद रहेंगे सभी निजी-सरकारी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को देखते हुए राजस्थान के जोधपुर में सभी निजी-सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केद्रों में अवकाश की घोषणा की गई है। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा कि अगले आदेश तक समस्त शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक परीक्षाएं भी स्थगित रहेंगी। उन्होंने कहा कि आदेश का पालन न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 
 

05:05 AM, 08-May-2025

बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान : कुपवाड़ा में फिर किया संघर्षविराम का उल्लंघन
पाकिस्तानी सैनिकों ने गुरुवार को लगातार दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सीमा पार से गोलाबारी की। इससे एक दिन पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पड़ोसी देश में आतंकी ढांचे को निशाना बनाया था। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान ने आधी रात के बाद करनाह इलाके में नागरिक इलाकों को निशाना बनाया और गोले और मोर्टार दागे। भारतीय सशस्त्र बलों ने बिना उकसावे के की गई गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया। 

02:19 AM, 08-May-2025

सिंगापुर ने अपने नागरिकों के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
सिंगापुर के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सुरक्षा स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए सिंगापुर के लोगों को सलाह दी जाती है कि वे भारत के जम्मू-कश्मीर और पूरे पाकिस्तान की गैर-जरूरी यात्रा न करें। विदेश मंत्रालय ने आगे कहा यात्रियों को विशेष रूप से पाकिस्तान और भारत के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में सावधानी बरतनी चाहिए। 

स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें
विदेश मंत्रालय ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए आगे कहा कि भारत और पाकिस्तान में रहने वाले सिंगापुर के लोगों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें और अपनी सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सावधानी बरतें। विदेश मंत्रालय ने लोगों से कहा कि वह भीड़-भाड़ से बचें, स्थानीय खबरों पर बारीकी से नजर रखें और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। 

02:18 AM, 08-May-2025

सशस्त्र बलों के लिए टिकटों की रिशेड्यूलिंग होगी प्री
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि सशस्त्र बलों के जो कर्मी इन एयरलाइनों से टिकट बुक करते हैं, उन्हें जरूरत पड़ने पर टिकटों को मुफ्त में रीशेड्यूल करने या रद्द करने की सुविधा दी जाएगी। टिकट रद्द करने पर पूरा पैसा भी वापस मिलेगा। एयरलाइनों ने यह घोषणा ऐसे समय में की है, जब भारत के सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के 25 मिनट तक मिसाइल और ड्रोन हमले में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा सहित नौ आतंकवादी ढांचों को नष्ट कर दिया। एयर इंडिया ने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'मौजूदा स्थिति में, 31 मई 2025 तक एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों में बुक किए गए रक्षा किराए वाले कर्मियों के लिए, हम रद्दीकरण पर पूर्ण धन वापसी और 30 जून 2025 तक उड़ानों के पुनर्निर्धारण पर एक बार की छूट की पेशकश कर रहे हैं, ताकि उनकी कर्तव्य प्रतिबद्धताओं का समर्थन किया जा सके।' इसी तरह की एक पोस्ट एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा भी साझा की गई।

12:28 AM, 08-May-2025

सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस सूर्यकांत ने की ऑपरेशन सिंदूर की सराहना
सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस सूर्यकांत और भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एन वी रमना ने बुधवार को 'ऑपरेशन सिंदूर' को अंजाम देने में असाधारण बहादुरी के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। जस्टिस सूर्यकांत दिल्ली हाईकोर्ट में आयोजित जस्टिस (सेवानिवृत्त) वी रमना की पुस्तक 'नैरेटिव्स ऑफ द बेंच: ए जज स्पीक्स' के विमोचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

जस्टिस सूर्यकांत ने कहा, देश के नागरिक के रूप में हमें अपने सैन्य बलों पर गर्व करना चाहिए, जिन्होंने सीमाओं से परे जाकर देश विरोधी गतिविधियों को तबाह कर दिया। शीर्ष अदालत के न्यायाधीश ने कहा, भारतीय सशस्त्र बल हमारे देश की संप्रभुता की रक्षा करते हैं। कर्तव्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और खतरे का सामना करने की तत्परता ऐसी चीज है जिसे हर नागरिक को पहचानना और सम्मान देना चाहिए। पूर्व मुख्य न्यायाधीश रमना ने कहा कि हमलों ने आतंकवादियों और उनके समर्थकों को एक कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा, हम सभी उपमहाद्वीप में मौजूदा घटनाक्रमों को लेकर बहुत चिंतित हैं। यह निश्चित रूप से चिंताजनक है, लेकिन अपराधियों को पहले ही एक कड़ा संदेश दिया जा चुका है। देश के नागरिक होने के नाते, हमें पूरे दिल से सरकार का समर्थन करना चाहिए और उसके साथ खड़ा होना चाहिए।

12:04 AM, 08-May-2025

जमीयत उलेमा हिंद, जमात-ए-इस्लामी हिंद ने सैन्य कार्रवाई की सराहना की
प्रमुख मुस्लिम संगठनों जमीयत उलेमा-ए-हिंद और जमात-ए-इस्लामी हिंद ने सशस्त्र बलों के साथ एकजुटता व्यक्त की और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ उनकी ओर से की गई कार्रवाई को पूरे देश का समर्थन प्राप्त है।

जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने एक बयान में कहा कि भारत हमारी मातृभूमि है और इसकी रक्षा हमारी राष्ट्रीय और सांविघानिर जिम्मेदारी है। जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने हमेशा देशभक्ति, शांति और एकता के मूल्यों को कायम रखा है। यदि पाकिस्तान युद्ध थोपता है तो हम स्पष्ट शब्दों में कहना चाहते हैं कि पूरा देश - सभी धर्मों के लोग, विशेषकर मुसलमान - भारतीय सशस्त्र बलों के साथ खड़े होंगे।

जमात-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सैयद सदातुल्ला हुसैनी ने कहा कि संगठन आतंकवाद को एक गंभीर खतरा और मानवता के खिलाफ एक जघन्य अपराध मानता है और देश व इसके लोगों की सुरक्षा, संरक्षा और शांति के लिए इसके पूर्ण उन्मूलन को आवश्यक मानता है। आतंकवाद के खिलाफ देश के सशस्त्र बलों और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से की जा रही कार्रवाई को पूरे देश और सभी धर्मों और समुदायों का समर्थन मिल रहा है। देश के लोग सशस्त्र बलों के साथ खड़े हैं।

11:56 PM, 07-May-2025

भारत के हमले में पाकिस्तान में मरने वालों की संख्या हुई 31
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, पाकिस्तान पर हुई भारत की कार्रवाई में मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। वहीं 46 लोग घायल हैं।  समाचार एजेंसी ने यह जानकारी पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता के हवाले से दी है।  

10:46 PM, 07-May-2025





 

07:49 PM, 07-May-2025

आतंकवाद के खिलाफ सभी को एकजुट होकर लड़ना चाहिए: ममता बनर्जी  
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सभी को मिलकर लड़ना चाहिए और इस मुद्दे पर कोई मतभेद नहीं होना चाहिए। उनका यह बयान उस समय आया, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान और नेपाल की सीमाओं से लगे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) के साथ एक आपात बैठक की।

बता दें कि यह बैठक जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के ठिकानों पर की गई कार्रवाई के बाद बुलाई गई थी। ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय में कहा, 'इस समय हम सभी को मिलकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ना चाहिए। हमारे बीच कोई मतभेद नहीं होना चाहिए।' साथ ही मुख्यमंत्री ने मीडिया से अपील की कि वे सही जानकारी दें और किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना न फैलाएं।

07:45 PM, 07-May-2025

ऑपरेशन सिंदूर हमारी सीमाओं, सेना और नागरिकों को चुनौती देने वालों को करारा जवाब: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उन लोगों को भारत की ओर से करारा जवाब है, जो हमारी सीमाओं, सेना और नागरिकों को चुनौती देने की हिम्मत करते हैं। शाह ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर पूरी दुनिया के लिए आतंकवाद के खिलाफ नरेंद्र मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति का प्रमाण है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, शाह की ओर से बुलाई गई बैठक में पाकिस्तान और नेपाल की सीमा से लगे सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पीएम मोदी और सशस्त्र बलों की बधाई दी। 

06:31 PM, 07-May-2025

सभी पक्षों से संयम बरतने और कूटनीतिक माध्यमों से संघर्ष को हल करने की अपील: अजरबैजान
ऑपरेशन सिंदूर पर अजरबैजान ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के और बढ़ने पर अपनी चिंता व्यक्त करता है। सैन्य हमलों की निंदा करते हुए रॉयटर्स  से आई रिपोर्ट के मुताबिक अजरबैजान पाकिस्तान के लोगों के साथ एकजुट है। अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने सभी पक्षों से संयम बरतने और कूटनीतिक माध्यमों से संघर्ष को हल करने का आह्वान किया।
 

06:06 PM, 07-May-2025

ऑपरेशन सिंदूर: ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री सुनक ने क्या कहा
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भी ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'किसी भी देश को अन्य देश से नियंत्रित आतंकवादी हमलों को स्वीकार नहीं करना चाहिए। भारत ने आतंकवाद के बुनियादी ढांचे पर जो हमला किया है वह उचित है। आतंकवादियों को कोई छूट नहीं दी जा सकती।

05:00 PM, 07-May-2025
डेविड लैमी - फोटो : एएनआई

डेविड लैमी ने ब्रिटेन के नागरिकों के लिए परामर्श जारी किया
ऑपरेशन सिंदूर पर यूके के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा, भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव एक गंभीर चिंता का विषय है। यूके सरकार भारत और पाकिस्तान से संयम बरतने और आगे बढ़ने के लिए एक त्वरित, कूटनीतिक रास्ता खोजने के लिए सीधी बातचीत करने का आग्रह कर रही है। उन्होंने कहा, वे दोनों देशों को स्पष्ट कर चुके हैं कि टकराव बढ़ने पर कोई जीत नहीं पाएगा। यूके ने पहलगाम आतंकी हमले की स्पष्ट निंदा की थी। इस क्षेत्र में ब्रिटिश नागरिकों की सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता रहेगी। फॉरेन, कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस (FCDO) पूरे घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहा है। उन्होंने कहा कि एफसीडीओ किसी भी ब्रिटिश नागरिक की 24 घंटे मदद करने को तैयार है। विदेश मंत्री ने ब्रिटिश नागरिकों को अलग-अलग देशों के स्थानीय अधिकारियों की सलाह के साथ-साथ  FCDO की यात्रा परामर्श पर ध्यान देने की अपील भी की।
 

04:46 PM, 07-May-2025
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह - फोटो : वीडियो ग्रैब @DefenceMinIndia

भारत ने जवाब देने के अधिकार का इस्तेमाल किया; ऑपरेशन सिंदूर पर बोले रक्षा मंत्री राजनाथ
ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई को लेकर राजनाथ सिंह ने कहा,  सेना को संपूर्ण संबल प्रदान करने के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साधुवाद देते हैं। उन्होंने कहा, हमने हनुमान जी के उस आदर्श का पालन किया है, जो उन्होंने अशोक वाटिका उजाड़ते समय किया था। राजनाथ सिंह ने रामचरित मानस की बहुचर्चित चौपाई- 'जिन मोहि मारा, तिन मोहि मारे' का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा हमने केवल उन लोगों को ही मारा जिन्होंने हमारे निर्दोष लोगों को मारा। राजनाथ सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी सेना ने, 'ऑपरेशन सिन्दूर' लॉन्च कर आतंक को पनाह देने वाले लोगों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने दोहराया कि भारत ने हमलों के जवाब में अपना 'राइट टू रिस्पॉन्स' का इस्तेमाल किया है।

04:23 PM, 07-May-2025

भारत और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों से बात करेंगे फ्रांसीसी मंत्री; संयम बरतने का आह्वान
फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में नष्ट किए गए आतंकी ठिकानों के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात को लेकर कहा, 'मैं स्थिति को लेकर बहुत चिंतित हूं। ये दोनों बड़ी सैन्य शक्तियां हैं, यही कारण है कि वे हम संयम बरतने का आह्वान कर रहे हैं। मैंने पिछले सप्ताह अपने भारतीय समकक्ष से बात की थी। अगले कुछ घंटों या एक-दो दिन में उनसे फिर बात करूंगा। मैं इस सामूहिक प्रयास में अपनी भूमिका निभाने के लिए अपने पाकिस्तानी समकक्ष से भी बात करूंगा।' उन्होंने कहा, उनका मानना है कि किसी को भी, भारत और पाकिस्तान के बीच स्थायी टकराव में कोई दिलचस्पी नहीं है।

04:16 PM, 07-May-2025
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर - फोटो : ANI

विदेश मंत्री जयशंकर ने कतर के समकक्ष को दी जानकारी

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उन्होंने कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी से बात कर ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत ने सीमा पार आतंकवाद को रोकने के लिए भारत की लक्षित और संतुलित प्रतिक्रिया पर चर्चा की।

04:07 PM, 07-May-2025

ऑपरेशन सिंदूर: भारत ने UNSC के स्थायी और अस्थायी सदस्यों को पूरी जानकारी दी

विदेश मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के स्थायी और अस्थायी सदस्यों को ऑपरेशन सिंदूर की पूरी जानकारी दी। दिल्ली में विदेश मंत्रालय के बाहर से आई तस्वीरों में अधिकारियों को देखा गया।

03:51 PM, 07-May-2025
मल्लिकार्जुन खरगे, अध्यक्ष, कांग्रेस - फोटो : ANI

खरगे बोले- कांग्रेस पार्टी को सेना-सरकार पर गर्व
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना की सैन्य कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी आपात बैठक के बाद कहा, पार्टी को सेना के पराक्रम पर गर्व है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, कांग्रेस आतंकवाद के मुद्दे पर सरकार के साथ है। उन्होंने कहा कि पार्टी सरकार और सेना की हर कार्रवाई का समर्थन करती है।

03:32 PM, 07-May-2025

गृह मंत्री शाह की उच्चस्तरीय बैठक खत्म
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय बैठक खत्म हो गई है। इस बैठक में गृह मंत्री ने देश की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

03:21 PM, 07-May-2025

डोभाल ने आठ देशों के NSA को दी ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी
'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) के 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइलों से सटीक हमले किए। लक्षित हमलों के बाद भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने कई देशों के समकक्षों से बातचीत की। सूची में देखिए, डोभाल ने किन देशों के अधिकारियों से बात की।

  1. डोभाल ने सबसे पहले अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एवं विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत की।
  2. इसके बाद उन्होंने ब्रिटेन (UK) के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जोनाथन पॉवेल से बातचीत कर ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी दी।
  3. डोभाल ने सऊदी अरब के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मुसैद अल ऐबन से भी बातचीत की।
  4. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एचएच शेख तहनून से भी फोन पर बातचीत कर डोभाल ने भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा हालात की जानकारी दी। उन्होंने यूएई की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के महासचिव अली अल शम्सी से भी संपर्क किया।
  5. डोभाल ने जापान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मासाताका ओकानो से भी बातचीत की।
  6. भारत के एनएसए ने रूस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सेर्गेई शोइगु से भी संपर्क साधा।
  7. अजीत डोभाल ने ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देने के लिए चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CPC) की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य एवं विदेश मंत्री वांग यी से संपर्क किया।
  8. डोभाल ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार इमैनुएल बॉन से भी बात की।

03:16 PM, 07-May-2025

कांग्रेस पार्टी ने आपात बैठक बुलाई, राहुल गांधी-खरगे समेत कई नेता हुए शामिल
ऑपरेशन सिंदूर के बाद उपजे हालात को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अनौपचारिक आपात बैठक बुलाई। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा नेता राहुल गांधी, महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने देश की मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की।

03:10 PM, 07-May-2025
पीएम मोदी और शरद पवार (फाइल) - फोटो : PTI

India Air Strike Pakistan Live Updates: पवार ने पीएम मोदी और राजनाथ से बात की

महाराष्ट्र के राजनीतिक दल- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-शपा) के प्रमुख शरद पवार ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी बात की। पवार ने सरकार को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है।

02:52 PM, 07-May-2025

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शरीफ संसद को संबोधित करेंगे
भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद पड़ोसी देश पाकिस्तान से तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तान में उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की गई है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कैबिनेट मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, सभी सेनाओं के प्रमुखों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। एनएससी की बैठक दो घंटे से अधिक समय तक चली और इसमें सुरक्षा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पीएम शरीफ संसद को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने कहा कि पंजाब प्रांत और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के शहरों पर मध्य रात्रि के तुरंत बाद भारतीय मिसाइल हमलों में कम से कम 26 लोग मारे गए, जबकि 46 घायल हो गए।

02:31 PM, 07-May-2025

भारत ने आतंकियों का ठिकाना कैसे तबाह किया, सेना ने वीडियो जारी कर बताया
भारतीय सेना ने अब्बास टेररिस्ट कैंप पर सटीक मिसाइल हमले की वीडियो जारी कर बताया है कि फिदायिन हमलावरों को तैयार करने वालेआतंकियों के ट्रेनिंग सेंटर को पूरी तरह तबाह कर दिया गया है।

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना की स्ट्राइक
भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत जिन नौ ठिकानों पर हमला किया है, उसकी आधिकारिक तस्वीरें जारी की गई हैं। ऑपरेशन सिंदूर पर भारतीय सेना की महिला अधिकारियों- विंग कमांडर व्योमिका और कर्नल सोफिया ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीओजेके में पांच आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए गए हैं, जबकि चार आतंकी ठिकाने ऐसे हैं जो पाकिस्तानी सीमा के भीतर हैं। खास बात ये है कि मुरीदके में लश्कर के मुख्यालय- मरकज-तैय्यबा पर एक के बाद एक चार मिसाइलें दागी गईं।

02:02 PM, 07-May-2025
ऑपरेशन सिंदूर के बाद राष्ट्रपति से मिलने पहुंचे पीएम मोदी - फोटो : एक्स@rashtrapatibhvn

Operation Sindoor के बाद राष्ट्रपति और पीएम मोदी की मुलाकात

भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंचे पीएम मोदी ने उन्हें विस्तार से पूरी सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी। राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी काफी सहज दिखे।

01:45 PM, 07-May-2025

Operation Sindoor: कतर ने भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव पर गहरी चिंता जताई

पश्चिम एशियाई देश कतर ने भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव पर गहरी चिंता जताई है। कतर के विदेश मंत्रालय से जारी बयान के मुताबिक उसने दोनों देशों से कूटनीतिक माध्यमों से संकट का समाधान करने का आह्वान किया है।

01:34 PM, 07-May-2025

India Operation Sindoor Live: सरकार ने कल सर्वदलीय बैठक बुलाई

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद उपजे संवेदनशील हालात को देखते हुए सरकार ने 8 मई को सुबह 11 बजे संसद परिसर में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। उन्होंने सभी दलों के नेताओं से बैठक में शामिल होने की अपील भी की है।

01:15 PM, 07-May-2025

Operation Sindoor Live Updates: गृह मंत्री अमित शाह ने दो बजे उच्चस्तरीय बैठक बुलाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अब से थोड़ी ही देर बाद दोपहर दो बजे से उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। इसी बीच पीएम मोदी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ऑपरेशन सिंदूर और इसके बाद उपजे हालात की जानकारी देने पहुंचे हैं।

01:09 PM, 07-May-2025

रूस ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने पर 'गहरी चिंता' जताई
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने आज 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत नौ आतंकी ठिकानों को बर्बाद कर दिया। रूस ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव बढ़ने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने सरकारी समाचार एजेंसी टीएएसएस के हवाले से कहा, 'पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव से हम बेहद चिंतित हैं।' उन्होंने कहा, रूस आतंकवाद के कृत्यों की कड़ी निंदा करता है। आतंकवाद से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरे विश्व समुदाय को एकजुट होकर प्रयास करने की जरूरत पर बल देते हुए रूस ने दोनों देशों से संयम बरतने का आह्वान भी किया। रूस ने कहा, हमें उम्मीद है कि नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच मतभेदों को 1972 के शिमला समझौते और 1999 के लाहौर घोषणापत्र के प्रावधानों के अनुसार द्विपक्षीय आधार पर शांतिपूर्ण, राजनीतिक और कूटनीतिक तरीकों से सुलझाया जाएगा।

01:00 PM, 07-May-2025

Operation Sindoor Live Updates: अमेरिकी मिशन ने पाकिस्तान में सुरक्षा अलर्ट जारी किया
भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद उपजे संवेदनशील हालात को देखते हुए पाकिस्तान में अमेरिकी मिशन ने सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। अमेरिका ने अपने नागरिकों को संघर्ष वाले इलाकों को छोड़ने की सलाह दी है। अमेरिका ने कहा है कि वह ऑपरेशन सिंदूर के बाद की घटनाओं पर बारीकी से नजर रख रहा है। अलर्ट में कहा गया, अमेरिकी नागरिकों को आतंकवाद और सशस्त्र संघर्ष की संभावना के कारण भारत-पाकिस्तान सीमा और नियंत्रण रेखा के आसपास के क्षेत्रों की यात्रा न करने की सलाह दी जाती है। अमेरिका ने कहा कि वह उन खबरों पर भी नजर रख रहा है, जिसमें हवाई क्षेत्रों को बंद करने और कई उड़ानों को रद्द किया गया है।

12:11 PM, 07-May-2025

India Operation Sindoor Live: पीएम मोदी ने तीन यूरोपीय देशों का दौरा रद्द किया

ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद उपजे संवेदनशील हालात को देखते हुए पीएम मोदी ने नॉर्वे, क्रोएशिया और नीदरलैंड का अपना दौरा रद्द कर दिया है।

11:13 AM, 07-May-2025

India Operation Sindoor Live: सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक खत्म

पीएम मोदी की अध्यक्षता वाली सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक खत्म हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद की परिस्थितियों पर विस्तार से मंथन किया।

ऑपरेशन सिंदूर को पीएम मोदी ने देश के लिए गर्व का पल बताया
सीसीएस के अलावा पीएम मोदी ने कैबिनेट की बैठक भी की। खबरों के मुताबिक प्रधानमंत्री ने भारतीय सेना के पराक्रम की सराहना भी की। खबरों के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा कि ये पूरे देश के लिए गर्व के पल हैं।

11:07 AM, 07-May-2025

India Operation Sindoor Live: पीएम मोदी से मिलने पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह

ऑपरेशन सिंदूर पर भारतीय सेना और विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी आधिकारिक बयान के बाद गृह मंत्री अमित शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंचे हैं।

10:58 AM, 07-May-2025

Operation Sindoor Briefing LIVE: एलओसी से 30 किलोमीटर दूर आतंकी ठिकाने पर हमला

जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय मरकज सुभानअल्लाह पर हमले को लेकर कर्नल सोफिया ने बताया कि यहां भी सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया गया। वायुसेना अधिकारी- विंग कमांडर व्योमिका ने बताया कि रात 1.05 बजे से 1.30 बजे के बीच पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि मुजफ्फराबाद का सवाईनाला कैंप पीओजेके के एलओसी से 30 किलोमीटर दूर है। यहां लश्कर का ट्रेनिंग सेंटर था। सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम में आतंकी हमला करने वाले दहशतगर्दों ने यहीं ट्रेनिंग ली थी।

10:54 AM, 07-May-2025

Operation Sindoor: भारत ने पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकी हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हमला किया

कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीर्थयात्रियों की बस पर आतंकी हमला करने वाले दहशतगर्दों के ठिकाने को भी नष्ट किया गया है। कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने नेस्तनाबूद किए गए आतंकी ठिकानों की तस्वीरों के साथ पूरा ब्यौरा साझा किया और बताया कि जिन नौ ठिकानों पर हमले किए गए, उसके पीछे भारतीय सेना का मकसद क्या था। उन्होंने कहा, ऑपरेशन सिंदूर 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकी हमले के शिकार नागरिकों और उनके परिवारों को न्याय देने के लिए किया गया। नौ ठिकानों की पहचान कर उन्हें बर्बाद किया गया। इन ठिकानों में आतंकियों को प्रशिक्षित किया जाता था। ये आतंकियों के लॉन्च पैड थे। 

10:50 AM, 07-May-2025

Operation Sindoor Press Release: कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया- भारत ने नौ ठिकाने बर्बाद किए

ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देते हुए भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि भारतीय सेना ने सटीक कार्रवाई के दौरान पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकाने पूरी तरह बर्बाद करने में सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। आम नागरिकों को नुकसान न हो, इस बात का पूरा ध्यान रखा गया है।

10:44 AM, 07-May-2025

India Operation Sindoor Live: पहलगाम हमले में पाकिस्तान का हाथ

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, रेजिस्टेंस फ्रंट नामक एक समूह ने पहलगाम हमले की जिम्मेदारी ली है। यह समूह लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है। इस हमले में पाकिस्तान का हाथ होने की पुष्टि हुई है। 

10:36 AM, 07-May-2025

Operation Sindoor Live Updates: भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के चरित्र की पोल भी खोली

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि पहलगाम में आतंकी हमले में टीआरएफ के दहशतगर्दों ने जिस तरह से पर्यटकों की नृशंस हत्या की, उसके खिलाफ भारतीय सेना ने सख्त कार्रवाई की।  उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के मंच पर आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान की तरफ से अपनाए जाने हथकंडों का जिक्र कर दहशतगर्दों के पनाहगाह पड़ोसी देश की पोल खोली। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान ने पहलगाम आतंकी हमले के दो हफ्ते बाद आतंकवादियों और आतंकी संरचनओं को ध्वस्त करने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

10:34 AM, 07-May-2025
ऑपरेशन सिंदूर पर मीडिया ब्रीफिंग - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब

India Operation Sindoor Live: भारत ने पाकिस्तानी दहशतगर्दों की पोल खोली

भारतीय सेना कार्रवाई को लेकर शुरू हुई ब्रीफिंग में सबसे पहले वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई। इसमें भारत में पाकिस्तान समर्थित आतंकी हमलों का ब्यौरा दिया गया। इसमें दिखाया गया कि कैसे दहशतगर्दों ने अलग-अलग मौकों पर भारत को अशांत करने की साजिश की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह की मौजूदगी में  देश की संसद पर हमले, मुंबई हमले, पुलवामा हमले और पहलगाम हमले के दृश्य भी दिखाए गए।

10:22 AM, 07-May-2025

Operation Sindoor Indian Army: विदेश सचिव मिस्री समेत ये अधिकारी देंगे ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना की कार्रवाई के बारे में विदेश सचिव विक्रम मिस्री, शीर्ष सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह अब से थोड़ी ही देर बाद मीडिया को संबोधित करेंगे।

10:10 AM, 07-May-2025

Operation Sindoor in Hindi: पठानकोट में सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाई गई

भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर सीमावर्ती और संवेदनशील शहरों में सुरक्षाबल मुस्तैद हैं। अमृतसर में श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। यहां आने वाले विमानों को दूसरे शहरों की तरफ डायवर्ट कर दिया गया है। पाकिस्तान की सीमा से सटे गांव में बीएसएफ जवानों की चौकसी बढ़ा दी गई है। गुरुद्वारों में अनाउंसमेंट करवाई जा रही है। लोगों को अपना जरूरी सामान लेकर जल्द से जल्द गांव खाली करने के आदेश दिए गए हैं।

09:55 AM, 07-May-2025

Operation Sindoor News: फिर दिखा चीन का दोहरा चरित्र, ऑपरेशन सिंदूर पर कही यह बात

आतंकवाद के मुद्दे पर कार्रवाई और संयुक्त राष्ट्र में भारत के सामने अड़ंगा लगाने वाले चीन का दोहरा चरित्र एक बार फिर सामने आया है। पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की खबर चीन ने चौंकाने वाला बयान दिया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान पर भारत के हमले को 'अफसोसजनक' बताते हुए संयम बरतने की अपील की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, हम मौजूदा स्थिति को लेकर चिंतित हैं। 'भारत और पाकिस्तान एक दूसरे के पड़ोसी हैं और हमेशा रहेंगे। वे चीन के भी पड़ोसी हैं। चीन सभी प्रकार के आतंकवाद का विरोध करता है। हम दोनों पक्षों से शांत रहने, संयम बरतने तथा ऐसी कार्रवाई करने से बचने का आग्रह करते हैं, जिससे स्थिति और जटिल हो सकती है।

09:26 AM, 07-May-2025

सेना की प्रेस वार्ता का समय बदला
भारतीय सेना की ब्रीफिंग के समय में बदलाव हुआ है। अब सैन्य अधिकारी 10.30 बजे ऑपरेशन सिंदूर पर विस्तृत जानकारी देंगे।

08:46 AM, 07-May-2025

भारत-पाकिस्तान के हालात पर करीबी नजर रख रहे हैं-अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो
भारत द्वारा पाकिस्तान के आतंकी ढांचे को निशाना बनाकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत हमले के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच हालात पर करीबी नजर रख रहे हैं और उम्मीद है कि यह जल्द खत्म होगा। शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारतीय और पाकिस्तानी नेतृत्व दोनों के साथ बातचीत जारी रहेगी।

08:42 AM, 07-May-2025

दुनिया को आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णु होना चाहिए
 ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विदेश मंत्री जयशंकर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दुनिया को आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता दिखानी चाहिए। 

08:29 AM, 07-May-2025

राहुल गांधी ने की तारीफ
 ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है। जय हिंद!"

08:12 AM, 07-May-2025

भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पीओके में ऑपरेशन सिंदूर के तहत जिन नौ ठिकानों पर हमला किया गया वे निम्न हैं-
1. मरकज़ सुभान अल्लाह, बहावलपुर
2. मरकज़ तैयबा, मुरीदके
3. सरजाल/तेहरा कलां, बहावलपुर
4. महमूना जोया सुविधा, सियालकोट, 
5. मरकज़ अहले हदीस बरनाला, भिम्बर, 
6. मरकज़ अब्बास, कोटली, 
7. मस्कर राहील शाहिद, कोटली जिले में स्थित है। 
8.मुजफ्फराबाद में शावई नाला कैम
9. मरकज़ सैयदना बिलाल, मुजफ्फराबाद 

 

08:07 AM, 07-May-2025

पहलगाम हमले का बदला भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के ठिकाने पर हमला कर लिया है। इस बीच, राजधानी दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई गई है। 

07:45 AM, 07-May-2025

इस बीच, सूत्रों ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय वायुसेना के हमलों में जैश-ए-मोहम्मद के चार, लश्कर-ए-तैयबा के तीन और हिज्बुल मुजाहिदीन के दो आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। 

07:20 AM, 07-May-2025

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देर रात ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिए जाने के बाद तीनों सेना प्रमुखों से बात की। रक्षामंत्री ने स्थिति की जानकारी भी ली।  

07:13 AM, 07-May-2025

ऑपरेशन सिंदूर के बाद संभागीय आयुक्त जम्मू ने बताया कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ में सभी स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे। 

06:28 AM, 07-May-2025

ऑपरेशन सिंदूर पर विस्तार से सुबह 10 बजे जानकारी साझा की जाएगी। प्रेस ब्रीफिंग के जरिए भारत की आतंक पर स्ट्राइक को लेकर जानकारी दी जाएगी।

06:26 AM, 07-May-2025

बालाकोट के छह साल बाद पाकिस्तान को फिर दहलाया
छह साल पहले भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में सर्जिकल स्ट्राइक की थी। 14 फरवरी, 2019 का वो दिन जिसे भारत कभी नहीं भुला सकता, हमारे सीआरपीएफ के 40 जवान पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए थे और पूरा देश गुस्से में था। हर भारतीय पाकिस्तान से इसका बदला चाहता था, हर कोई जवाब चाहता था और फिर वो जवाब आया 12 दिन के बाद जब भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान की सरहद लांघकर बालाकोट में आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया।

06:18 AM, 07-May-2025

भारतीय सेना के मुताबिक, 06-07 मई 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना ने मनमाने तरीके से गोलीबारी की, जिसमें जम्मू-कश्मीर के सामने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार चौकियों से तोपखाने से गोलाबारी भी शामिल थी। अंधाधुंध गोलीबारी में तीन निर्दोष नागरिकों की जान चली गई। भारतीय सेना उचित तरीके से जवाब दे रही है।

06:07 AM, 07-May-2025

भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा, "...आज जो ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया, जिसमें 9 जगहों पर स्ट्राइक की गई और इसमें कई आतंकियों के मारे जाने की खबर है... यह एक बहुत अच्छा कदम है... जिस तरह से भारत और भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है, उसे अंजाम तक पहुंचाना है... हमें उम्मीद है कि भारत बड़ी कार्रवाई करेगा और आतंकियों का खात्मा करेगा..."

05:23 AM, 07-May-2025

इशाक डार ने बहाये घड़ियाली आंसू
भारत की जवाबी कार्रवाई पर पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि  भारतीय वायु सेना ने भारतीय वायु क्षेत्र में रहते हुए खुलेआम युद्ध की कार्रवाई करते हुए, मुरीदके और बहावलपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार और आज़ाद जम्मू और कश्मीर के कोटली और मुज़फ़्फ़राबाद में नियंत्रण रेखा पार करके नागरिक आबादी को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि स्टैंडऑफ हथियारों का इस्तेमाल करके पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन किया है। भारत की कारर्वाई को आक्रामक बताते हुए उन्होने कबूल किया कि इसमें महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिक मारे गए हैं। इस आक्रामक कार्रवाई ने वाणिज्यिक हवाई यातायात को भी गंभीर खतरा पैदा कर दिया है।  

इशाक डार ने घड़ियाली आंसू बहाते हुए कहा कि हम भारत की कायरतापूर्ण कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हैं। यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर, अंतर्राष्ट्रीय कानून और अंतर-राज्य संबंधों के स्थापित मानदंडों का घोर उल्लंघन है। डार ने कहा कि भारत की कार्रवाई ने दो परमाणु-सशस्त्र राज्यों को एक बड़े संघर्ष के करीब ला दिया है।

05:13 AM, 07-May-2025

नौ ठिकानों में से चार पाकिस्तान में और पांच पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में
सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना द्वारा सफलतापूर्वक निशाना बनाए गए नौ ठिकानों में से चार पाकिस्तान में और पांच पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हैं। पाकिस्तान में स्थित ठिकानों में बहावलपुर, मुरीदके और सियालकोट शामिल हैं। आतंकी शिविरों को निशाना बनाने के लिए विशेष सटीक हथियारों का इस्तेमाल किया गया। सूत्रों ने यह भी बताया कि तीनों सेनाओं ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया। 

05:08 AM, 07-May-2025

अमेरिका में भारतीय दूतावास ने कहा कि उम्मीद थी कि पाकिस्तान आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, लेकिन इसके बजाय उसने इनकार कर दिया। इसके बाद भारत की कार्रवाई नपी-तुली, जिम्मेदाराना और गैर-बढ़ावा देने वाली प्रकृति की थी। 

04:33 AM, 07-May-2025

पीएम मोदी लगातार बनाए हुए हैं निगाह
इस बीच सूत्रों ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद रात भर ऑपरेशन सिंदूर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सभी नौ ठिकानों पर हमला सफल रहा है। 

04:12 AM, 07-May-2025

सटीक हमला करने वाली हथियार प्रणालियों का हुआ इस्तेमाल
ऑपरेशन सिंदूर के बारे में सूत्रों ने बताया कि हमले में भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की तीनों सेनाओं की सटीक हमला करने वाली हथियार प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया। इसमें लोइटरिंग हथियार भी शामिल थे। पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी शिविरों पर हमलों के लिए सटीक निर्देश खुफिया एजेंसियों द्वारा मुहैया कराए गए थे। सूत्रों ने बताया कि हमले भारतीय धरती से ही किए गए। इससे पहले, सूत्रों ने यह भी बताया कि पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में कई ठिकानों पर हमले भारतीय सेना और वायु सेना द्वारा सटीक हमला करने वाले हथियारों का इस्तेमाल करके एक संयुक्त अभियान को अंजाम दिया। सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना ने भारत में आतंकवादी गतिविधियों को प्रायोजित करने में उनकी भूमिका के लिए जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाने के इरादे से हमलों के लिए स्थान का चयन किया था। 

04:05 AM, 07-May-2025

अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब, यूएई और रूस को दी गई जानकारी
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों ने अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब, यूएई और रूस के अपने समकक्षों से बात की है। उन्हें भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

04:00 AM, 07-May-2025

 एंटोनियो गुटेरेस ने भारत और पाकिस्तान से सैन्य संयम' बरतने का किया आह्वान
भारत की कार्रवाई के बाद संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारत और पाकिस्तान से सैन्य संयम बरतने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव बर्दाश्त नहीं कर सकती। 

महासचिव गुटेरेस  के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि महासचिव नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारतीय सैन्य अभियानों को लेकर बहुत चिंतित हैं। वह दोनों देशों से अधिकतम सैन्य संयम बरतने का आह्वान करते हैं। दुनिया भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव बर्दाश्त नहीं कर सकती।

03:22 AM, 07-May-2025

ट्रंप बोले- मुझे उम्मीद यह जल्दी खत्म हो जाएगा
पाकिस्तान के अंदर भारतीय हमलों पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी पहली टिप्पणी की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहलगाम हमले को शर्मनाक बताते हुए कहा कि हमने ओवल के दरवाज़े से अंदर जाते ही इसके बारे में सुना। मुझे लगता है कि लोगों को अतीत के कुछ अंशों के आधार पर पता था कि कुछ होने वाला है। वे लंबे समय से लड़ रहे हैं। अगर आप इसके बारे में सोचें तो वे कई दशकों और सदियों से लड़ रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि यह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। 

03:20 AM, 07-May-2025

भारत की कार्रवाई के बाद देश के तमाम नेताओं ने ट्वीट कर भारतीय सेना की प्रशंसा की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा भारत माता की जय!

03:17 AM, 07-May-2025

इस बीच, वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के बाद एनएसए अजीत डोभाल ने अमेरिकी एनएसए और विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की और  उन्हें की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। 

03:14 AM, 07-May-2025

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने दी प्रतिक्रिया
भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू करने पर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हमें रिपोर्टों की जानकारी है। हालांकि, इस समय हमारे पास कोई आकलन नहीं है। यह एक उभरती हुई स्थिति है, और हम घटनाक्रम पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं।
 

03:10 AM, 07-May-2025

बौखलाए पाकिस्तान ने किया संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन
भारत की ओर से एयर स्ट्राइक होते ही पाकिस्तान ने पुंछ-राजौरी क्षेत्र के भीमबेर गली में तोपखाने से गोलीबारी करके एक बार फिर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया है। भारतीय सेना उचित तरीके से जवाब दे रही है। 

02:50 AM, 07-May-2025

भारत-पाकिस्तान सीमा पर अलर्ट
इस बीच, रक्षा अधिकारियों ने बताया है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारत-पाकिस्तान सीमा पर सभी वायु रक्षा इकाइयों को सक्रिय कर दिया गया है

02:50 AM, 07-May-2025

पाकिस्तान ने शुरू किए मगरमच्छ के आंसू बहाना
भारत के जवाबी पलटवर के बाद पाकिस्तान ने दुनिया के सामने आंसू बहाना शुरू कर दिया है। पाकिस्तान के डॉन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि दोनों देशों के बीच तीव्र तनाव के बीच भारत ने कोटली, बहावलपुर और मुजफ्फराबाद में मिसाइल हमले किए हैं। यह एक कायरतापूर्ण हमला है।

02:48 AM, 07-May-2025

जानकारी के मुताबिक, भारत ने पाकिस्तान पर रात 1:10 से 1:20 के बीच हवाई हमला किया। इस हमले में भवालपुर में जैश-ए-मोहम्मद के कार्यालय,  मुजफ्फराबाद सेंट्रल ग्रिड सिस्टम, और मरीदके में हाफिज सईद के कार्यालय सहित नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया। 

02:37 AM, 07-May-2025

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारतीय सशस्त्र बलों ने यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय बलों ने उन आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया है, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और निर्देशित किया गया था। 

02:26 AM, 07-May-2025

Operation Sindoor Live: पीएम मोदी ने सचिवों के साथ की सुरक्षा समीक्षा बैठक; गुजरात पुलिस ने रद्द कीं छुट्टियां

पहलगाम के दोषियों एवं साजिशकर्ताओं को सबक सिखाने के मद्देनजर भारत ने बड़ा कदम उठाया है। भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के नौ ठिकानों को नेस्तानबूद करने के लिए एयर स्ट्राइक की है। रक्षा मंत्रालय ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। भारतीय सेना ने यह कदम तब उठाया जब वह पहले से ही आज पाकिस्तान सीमा पर बड़े पैमाने पर युद्धाभ्यास करने जा रही थी। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें