स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए जाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान नारे लगाए गए थे। यह पहली बार नहीं है, जब किसी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की यात्रा के दौरान भारत का अपमान किया है। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहती हूं कि आप अपने कारवां में ऐसे कितने लोगों को साथ लेकर चलेंगे?
अमित शाह बोले- गांवों में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति
अहमदाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पहले गांवों में 5-6 घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन अब गुजरात के सभी गांवों में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होती है।
कंधाल जडेजा ने कही यह बात
निवर्तमान विधायक कंधाल जडेजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट मांगती है, लेकिन क्या आप अपने गांव के मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री को फोन करेंगे। जडेजा ने स्थानीय स्तर पर काम करने के लिए उन्हें चुनने की लोगों से अपील की, ताकि मतदाताओं को दिल्ली पर निर्भर नहीं होना पड़े। कुटियाना गुजरात के पोरबंदर जिले का हिस्सा है। पोरबंदर महात्मा गांधी का जन्मस्थान है। कंधाल की मां 1990 में कुटियाना से विधायक चुनी गईं थीं।
कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी: देवड़ा
कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने कहा कि गुजरात के आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की लहर भले ही बताई जा रही है, लेकिन उसका प्रदर्शन मामूली रहेगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस चुनावों में इन सभी पूर्वानुमानों को गलत साबित करेगी और आश्चर्यजनक रूप से उभरेगी।
रवींद्र जडेजा ने किया रोडशो
क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने जामनगर उत्तर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही अपनी पत्नी रिवाबा जडेजा के लिए प्रचार के दौरान रोड शो किया।
सलमान खुर्शीद ने पीएम मोदी की शिकायत की
कांग्रेस नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ये शिकायत उस वीडियो पर है, जिसमें पीएम मोदी के सामने एक बच्ची कविता सुना रही है। सलमान खुर्शीद ने कहा, 'बच्चों को चुनाव प्रचार में लाया जा रहा है, उनका शोषण हो रहा है। हम इसे लेकर चुनाव आयोग को शिकायत करने आए थे। इस पर आयोग स्पष्ट आदेश दे चुका है। NCPCR ने कहा है कि बच्चों को प्रचार में नहीं डालना चाहिए। ये एक गलत प्रक्रिया है। इसमें कोई साधारण व्यक्ति शामिल नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री खुद इसमे शामिल हैं। हमने ECI को वीडियो भी दिखाए। हम उम्मीद करते हैं कि जैसा ECI ने कहा कि वे इस पर ध्यान पूर्वक विचार करेंगे आपस में चर्चा करेंगे और निर्णय लेकर हमे सूचित करेंगे।
खरगे 27 और 28 को गुजरात में करेंगे सभा
कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी गुजरात चुनाव में उतरने जा रहे हैं। 27 और 28 नवंबर को वह गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कई चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
शाह का रोड शो
केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले नंदोद विधानसभा में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी है।
स्मृति ईरानी का आप पर हमला
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सूरत में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, 'मैं महिलाओं से अनुरोध करती हूं कि अगर वे आम आदमी पार्टी के किसी नेता या कार्यकर्ता के सामने आती हैं, तो उनसे पूछें कि उनकी किस तरह की संस्कृति है कि तिहाड़ जेल में बंद उनका मंत्री नाबालिग लड़की के बलात्कारी से सेवाएं ले रहा है?
शाह बोले- लागू होकर रहेगा CAA
एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में गृहमंत्री अमित शाह ने फिर से नागरिकता संशोधन बिल (सीएए) को लेकर बयान दिया है। उन्होंने साफ किया है कि जिन लोगों को लग रहा है कि सरकार ने सीएए को ठंडे बस्ते में डाल दिया है, वो गलत हैं। लोग इसे लेकर कंफ्यूजन में न रहें। शाह ने कहा कि सीएए एक वास्तविकता है और इस देश का कानून है। इसे लागू नहीं होने को लेकर सपना देखने वाले भूल कर रहे हैं। हमें इसे लेकर नियम बनाने हैं। कोरोना के चलते ये लागू नहीं पाया था, लेकिन अब कोरोना खत्म हो रहा है। अब इस पर काम होगा।
लेडी डॉन के प्रत्याशी बेटे ने कहा, सड़क बनवाने के लिए लोग पीएम से करेंगे क्या?
लेडी डॉन संतोकबेन सरमनभाई जडेजा के बेटे कांधल जडेजा ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांधल इस बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट मांगती है। क्या चुनाव जीतने के बाद भी वो लोग सड़क बनवाने के लिए मोदी से ही फोन पर कहेंगे? बोले- लोग उन्हें भरपूर समर्थन दे रहे हैं क्योंकि वह दिल्ली पर निर्भर नहीं हैं।
रमेशभाई वीरजीभाई तिलाला गुजरात के सबसे अमीर प्रत्याशी
भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर राजकोट दक्षिण से चुनाव लड़ रहे रमेशभाई वीरजीभाई तिलाला गुजरात में पहले चरण के 788 प्रत्याशियों में सबसे अमीर हैं। तिलाला के पास 175 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। इनमें 19 करोड़ चल और 156 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है। अकेले 153 करोड़ रुपये के कॉमर्शियल प्लॉट, कृषि भूमि और बंगले हैं। हैरानी की बात ये है कि 175 करोड़ का मालिक होते हुए एभी रमेशभाई के पास खुद की कोई गाड़ी नहीं है, न ही इनके पत्नी के नाम कोई गाड़ी दर्ज है। रमेशभाई ने 7वीं तक ही पढ़ाई की है।
पीएम मोदी की सुरक्षा में सेंध!
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा की चूक का मामला गुरुवार को सामने आया है। एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने की तैयारी थी। हालांकि, एनएसजी ने इस साजिश को नाकाम कर दिया है। दरअसल गुजरात के अहमदाबाद स्थित बावला में पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इसी दौरान उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक नजर आई। इस बीच सभा स्थल के पास वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए निजी फोटोग्राफर ने ड्रोन को उड़ाया। हालांकि, पुलिस और एसपीजी की नजर पड़ते ही सुरक्षाकर्मी भागने लगे। तत्काल प्रभाव से ड्रोन को एसपीजी ने नीचे उतार लिया।
आप के सबसे ज्यादा दागी प्रत्याशी
गुजरात में 89 विधानसभा सीटों पर एक दिसंबर को पहले चरण का मतदान होना है। इसके पहले एडीआर ने प्रत्याशियों के हलफनामे पर एक रिपोर्ट तैयार की है। इसके अनुसार, इस बार चुनाव में पहले चरण के 788 प्रत्याशियों में 21 प्रतिशत दागी हैं। मतलब इनपर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें भी 13 फीसदी ऐसे प्रत्याशी हैं, जिनपर गंभीर धाराओं में मामले चल रहे हैं। सबसे ज्यादा आम आदमी पार्टी के 36 प्रतिशत प्रत्याशी दागियों की श्रेणी में आते हैं। इसके बाद कांग्रेस के 35 प्रतिशत प्रत्याशियों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे नंबर पर भारतीय ट्राइबल पार्टी है। इसके 29 प्रतिशत प्रत्याशी दागी हैं। भारतीय जनता पार्टी के 16 प्रतिशत प्रत्याशियों पर एफआईआर है।
अशांति फैलाने वालों को 2002 में सबक सिखाया: शाह
गृहमंत्री अमित शाह इस वक्त खेड़ाना महुधा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। शाह ने इस दौरान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। इसके बाद उन्होंने नाडियाड खेड़ा में रैली की। यहां उन्होंने कहा कि अशांति फैलाने वालों को 2002 में सबक सिखाया था। जिसके बाद राज्य में शांति कायम हुई है।
एडीआर ने जारी की रिपोर्ट
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, आपराधिक मामलों वाले 167 उम्मीदवारों में से 100 पर हत्या या बलात्कार जैसे गंभीर आरोप हैं। इसके साथ ही कुल उम्मीदवारों में 21 फीसदी पर आपराधिक मामले हैं, जबकि 13 फीसदी पर गंभीर आरोप हैं। आम आदमी पार्टी (आप) कुल 89 सीटों में से 88 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके 36 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी (आप) के 30 फीसदी उम्मीदवार हत्या, बलात्कार, हमला, अपहरण जैसे गंभीर मामलों का सामना कर रहे हैं। आप द्वारा मैदान में उतार गए आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवारों की संख्या 32 है। हैरान करने वाली बात यह है कि यह पार्टी राज्य में स्वच्छ और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का वादा करते हुए प्रचार में जुटी है। पढ़ें पूरी खबर...
आप ने जैन कांड को बताया साजिश
आम आदमी पार्टी गुजरात के सीएम पद के उम्मीदवार ईसुदान गढ़वी ने दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन के वीडियो मामले में बयान दिया है। गढ़वी ने इसे साजिश बताया। कहा कि यह बीजेपी की योजना है, साजिश है जो आठ दिसंबर तक चलेगी। ये लोग (दिल्ली के सीएम) अरविंद केजरीवाल और अन्य का अपमान करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। कोई बीमार है, इसका मेडिकल सर्टिफिकेट है। जेल में सीसीटीवी क्यों है?
भाजपा प्रत्याशी का आप पर हमला
खंभालिया, गुजरात से भाजपा उम्मीदवार मुलु अय्यर बेरा ने आप के सीएम उम्मीदवार ईसुदान गढ़वी पर निशाना साधा है। मुलु ने कहा कि जब मैं चुनाव हार जाता हूं, तो भी मैं यहां लोगों के बीच रहता हूं। आम आदमी पार्टी ने इस निर्वाचन क्षेत्र से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को नामित किया है, लेकिन खंभालिया के लोग जानते हैं कि आप राज्य में चार सीटें भी नहीं जीतने जा रही है, उनके पास मुख्यमंत्री कैसे होगा?
शाह का बड़ा बयान
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश का इतिहास तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। अब उसमें सुधार कर उसे फिर से लिखने से कोई नहीं रोक सकता है। इतिहासकारों और छात्रों को भारत के विभिन्न हिस्सों में 150 साल से ज्यादा शासन करने वाले 30 साम्राज्यों और देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाली 300 से अधिक विभूतियों पर शोध कर सच्चा इतिहास लिखना चाहिए।
गृहमंत्री ने आगे कहा, 'अगर लचित बोड़फूकन ना होते तो पूर्वोत्तर भारत का हिस्सा ना होता क्योंकि उस वक्त उनके लिए गए निर्णयों और उनके साहस ने न केवल पूर्वोत्तर बल्कि पूरे दक्षिण एशिया को धर्मांध आक्रांताओं से बचाया। बोले, लचित बोरफुकन के उस पराक्रम का उपकार पूरे देश, सभ्यता और संस्कृति पर है। वह अहोम साम्राज्य के महान जनरल लचित बोड़फूकन की 400वीं जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।