चुनाव आयोग ने मीडिया के लिए एडवाइजरी जारी की
चुनाव आयोग ने गुजरात चुनाव को देखते हुए मीडिया के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें चुनाव की कवरेज से जुड़ी कई बातों को शामिल किया गया है।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की शिकायत
कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के मद्देनजर कुछ टीवी चैनलों पर प्रसारित ओपिनियन पोल को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी के लेटर हेड पर ये शिकायत की गई है।
शाह का कांग्रेस और आप पर निशाना
गृहमंत्री अमित शाह ने आम आमदी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। शाह ने कहा कि इस चुनाव में लड़ाई में दोनों दल हैं ही नहीं। आप को लेकर तो उन्होंने कहा कि आप के उम्मीदवारों का नाम तो जीते हुए प्रत्याशियों में ढूंढे नहीं मिलेगा। बीजेपी की राज्य इकाई एंटी-रेडिकलाइजेशन सेल स्थापित किए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि बीजेपी की राज्य इकाई द्वारा एंटी-रेडिकलाइजेशन सेल स्थापित करने की घोषणा एक अच्छी पहल है, जिस पर केंद्र और अन्य राज्य विचार कर सकते हैं।
भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ एफआईआर
मंगलवार को पुलिस ने पाटन के एक भाजपा और एक कांग्रेसी नेता के खिलाफ अलग-अलग कारणों से मामला दर्ज किया है। बीजेपी नेता मनोज पटेल पर जहां धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मामला दर्ज किया गया था, वहीं कांग्रेस के किरीट पटेल के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।
ये हैं गुजरात में पहले चरण की 10 हॉट सीटें
यूं तो राजनीतिक दलों के लिए हर एक सीट जरूरी है, लेकिन हम आपको उन 10 सीटों के बारे में बताएंगे जिनकी चर्चा सबसे ज्यादा है। इनकी गिनती गुजरात की हॉट सीटों में होती है। इनसे सूबे की सियासी हवा का रूख साफ होता है। पढ़िए पूरी खबर...
भाजपा प्रत्याशी पर एफआईआर दर्ज
गुजरात के बनासकांठा जिले की दांता सीट से भाजपा के उम्मीदवार लाटूभाई पारघी के खिलाफ चुनाव अधिकारी ने एफआईआर दर्ज करवाई है। आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह खुले में शराब बेचने की बात कह रहे हैं।
अमित शाह का बड़ा दावा- चुनाव में एक भी सीट नहीं जीतेगी AAP
गुजरात में एक दिसंबर को पहले चरण की वोटिंग से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। गुजरात विधानसभा चुनाव में आप के उतरने के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि हर पार्टी को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन यह लोगों पर निर्भर है कि वे पार्टी को स्वीकार करते हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि गुजरात के लोगों के दिमाग में आप कहीं नहीं है। चुनाव नतीजों का इंतजार कीजिए, शायद सफल उम्मीदवारों की सूची में आप का नाम न आए। कांग्रेस पर शाह ने कहा कि यह अभी भी मुख्य विपक्षी पार्टी है, लेकिन पार्टी संकट के दौर से गुजर रही है, और इसका असर गुजरात में भी दिखाई दे रहा है।
गुजरात: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अहमदाबाद के जमालपुर-खड़िया विधानसभा क्षेत्र में रोड शो किया।
पहले चरण के पांच सबसे कर्जदार उम्मीदवार
पहले चरण में चुनाव लड़ रहे 788 प्रत्याशियों में 211 ऐसे हैं, जो करोड़पति हैं। मतलब इनके पास एक करोड़ या इससे अधिक की संपत्ति है। करोड़पति प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 2.88 करोड़ रुपये है। वहीं, कुछ प्रत्याशी ऐसे भी हैं, जो बेहद गरीब हैं। जिनके पास रहने के लिए खुद का घर तक नहीं है। एक प्रत्याशी ने तो शून्य संपत्ति बताई है। कुछ प्रत्याशी ऐसे भी हैं, जिनके पास संपत्ति तो काफी है, लेकिन वह कर्ज में भी डूबे हुए हैं। इनके कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और आप जैसी बड़ी पार्टियों के प्रत्याशी शामिल हैं। पहले चरण में चुनाव लड़ रहे दस सबसे ज्यादा कर्ज में डूबे प्रत्याशियों में पांच कांग्रेस, तीन भाजपा और दो आम आदमी पार्टी से हैं। पढ़िए पूरी खबर...
खरगे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। ट्विट कर लिखा, 'गुजरात के लोगों की आमदनी, राष्ट्रीय औसत से है कम! नोटबंदी, गलत थी, जीएसटी और कोरोना काल में मदद न मिलने से गुजरात के हर वर्ग की कमर टूट गई है। महंगाई के लगातार झटकों से जनता का जीना दुश्वार हो गया है। आटा-दाल, दूध, बच्चों की पेंसिल, दवाई, इलाज सब पर जीएसटी लगा दिया गया है।'
उन्होंने लिखा, 'गुजरात के किसानों से धोखा, एमएसपी बढ़ोतरी निम्न स्तर पर! मोदी जी ने देश के किसानों से वादा किया था कि लागत+50 प्रतिशत एमएसपी देंगे। ये किसानों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात निकला! गुजरात के किसान भी उर्वरक, डीज़ल, जीएसटी, बिजली और लागत की बढ़ती क़ीमतों से तंग आ चुके हैं।'
नड्डा ने कांग्रेस और आप पर साधा निशाना
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार एक चुनावी रैली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने दोनों को 'फसली बटेर' बोलते हुए कहा कि इनसे सतर्क रहने की जरूरत है। जनजातीय बहुल दाहोद जिले में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 70 सालों में जनजातीय समुदाय के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया जबकि भाजपा सरकार ने इसके लिए अनेकों काम किए हैं और समुदाय विशेष के लोगों को राष्ट्रपति, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री तक बनाया है।
नड्डा ने कहा कि कांग्रेस और आप ऐसी पार्टियां हैं, जो सिर्फ चुनावों में दिखती हैं और चुनाव के बाद गायब हो जाती हैं। लेकिन चुनाव के बाद अगर कोई सेवा के लिए बचता है तो भाजपा के कार्यकर्ता बचते हैं। उन्होंने कहा, 'गुजरात में आम आदमी पार्टी सरकार बनाने आई थी लेकिन अब इसका आकार भी बचेगा या नहीं... ये तो आठ तारीख (मतगणना) के बाद ही पता चलेगा। ये चकमा देने वाले लोग हैं, इन फसली बटेरों से आपको सतर्क रहना है।'
बैकफुट पर कांग्रेस, भाजपा करेगी कमाल?
राज्य की कुल 182 विधानसभा सीटों में एक तिहाई यानी लगभग 61 सीटें मध्य गुजरात में पड़ती हैं। पिछली बार यहां भाजपा ने काफी अच्छी बढ़त हासिल की थी। इस बार यहां से एक दिग्गज आदिवासी नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या भाजपा फिर से 2017 वाला कमाल दोहरा पाएगी? राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि कांग्रेस इस बार बैकफुट पर दिखाई दे रही है, क्योंकि क्षेत्र के एक वरिष्ठ आदिवासी नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं। 2017 के चुनावों में, भाजपा ने 37 सीटें और कांग्रेस ने 22 सीटें जीतीं, जबकि दो सीटें मध्य गुजरात क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवारों के पास गईं।
पहले चरण के लिए 25 हजार मतदान केंद्र बनाए गए
पहले चरण के लिए 25,434 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में 9,018 और ग्रामीण क्षेत्रों में 16,416 केंद्रों पर वोटिंग होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, पहले चरण में कुल 34,324 बैलेट यूनिट, 34,324 कंट्रोल यूनिट और 38,749 वीवीपीएटी (वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल) का इस्तेमाल किया जाएगा। कुल 2,20,288 प्रशिक्षित अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी पर रहेगें। 27,978 पीठासीन अधिकारी और 78,985 मतदान अधिकारी ड्यूटी पर रहेगें।
खरगे का भाजपा पर हमला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर निशाना साधा है। गुजरात में महंगाई, बेरोजगारी, कोरोना महामारी के कारण हुई मौतों का जिक्र करते हुए मंगलवार को खरगे ने कहा कि अब समय आ गया है कि प्रदेश से 27 वर्षों के 'कुशासन' को जड़ से उखाड़ फेंका जाए।
खरगे ने ट्वीट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। कहा कि लोग अब 27 साल का हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'नरेंद्र मोदी जी, यूं इधर-उधर की बात मत कीजिये, ये बताइये कि काफिला क्यूं लुटा? क्यों गुजरात का हर वर्ग - युवा, किसान, महिला, छोटा व्यापारी, दलित, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग सब भाजपा से त्रस्त हैं! 27 सालों का हिसाब, गुजरात मांगे जवाब।'
आज भाजपा के ये दिग्गज करेंगे चुनाव प्रचार
दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी आज गुजरात में होंगे। अमित शाह दो रैलियां करेंगे और असरवा में एक रोड शो करेंगे। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज सुबह अहमदाबाद के जमालपुर-खड़िया में रोड शो करेंगे। इसके बाद शाम करीब चार बजे नड्डा नडियाद में दूसरा रोड शो करेंगे। एक अन्य कार्यक्रम में रात करीब नौ बजे वो डॉक्टरों के साथ संवाद करेंगे।
पहले चरण की वोटिंग कल, 788 प्रत्याशी मैदान में
गुजरात में कल पहले चरण के 89 सीटों पर वोटिंग होगी। 19 जिलों की इन 89 सीटों के लिए 788 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण के तहत आने वाले क्षेत्रों में कुल 2,39,76,670 मतदाता पंजीकृत हैं। इसमें 1,24,33,362 पुरुष, 1,15,42,811 महिला और 497 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। गुजरात में कुल 4,91,35,400 पंजीकृत मतदाता हैं।