पीएम का अहमदाबाद में 30 किमी लंबा रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अहमदाबाद में 30 किलोमीटर से अधिक लंबे रोड शो में हिस्सा लिया। इससे पहले तीन रैलियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस की रावण वाली टिप्पणी के लिए मतदाताओं से पार्टी को विधानसभा चुनाव में सबक सिखाने का आह्वान किया। गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत बृहस्पतिवार को 89 सीटों पर मतदान हुआ, जबकि अहमदाबाद शहर की 16 सीटों समेत बाकी 93 सीटों पर पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में अपने रोड शो के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो के जरिए कुल 54 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इस दौरान 14 विधानसभा क्षेत्र कवर होग।
अमरेली जिला के भाजपा उपाध्यक्ष अपने संयुक्त परिवार के 60 सदस्यों के साथ वोट डालने पहुंचे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश पंसुरिया ने मीडिया को बताया, हमारे परिवार में 60 सदस्य हैं और हमने सोचा कि अलग-अलग जाने के बजाय, हम एक साथ जाएंगे। हमने जाने के लिए एक ड्रेस कोड भी तय किया, जो राज्य के बाकी हिस्सों और मतदाताओं को एक संदेश पहुंचाएगा।
उनकी भतीजी निमिशाबेन ने कहा कि वह वडोदरा में पढ़ती थीं, लेकिन मतदान के लिए वह अमरेली के सावरकुंडला शहर आईं। वह पहली बार मतदान करेंगी और उनके तीन चचेरे भाई भी हैं। मतदान प्रक्रिया को लेकर सभी उत्साहित दिखे। उसने कहा, हमारे परिवार के सदस्य मतदान के साथ जश्न मनाना चाहते थे और इसलिए एक बैंड किराए पर लिया गया और परिवार ने घर से मतदान केंद्र तक मार्च किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में रोड शो कर रहे हैं। इस दौरान लोगों का भारी हुजूम जुटा हुआ है।
चुनाव आयोग के अनुसार, शाम पांच बजे तक 58% से ज्यादा लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। सबसे ज्यादा निजार विधानसभा सीट पर 77.87% और सबसे कम गांधीधाम में 39.89% लोगों ने वोट डाला।
भाजपा प्रत्याशी पर हमला
नवसारी से भाजपा प्रत्याशी पीयूष भाई पटेल ने आरोप लगाया है कि आज तड़के सुबह झरी गांव में उन पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना में 4-5 वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। नवसारी के एससी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है।
ओवैसी का कांग्रेस पर निशाना
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। गुजरात में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, 'क्या आपने कांग्रेस को कभी इतना परेशान देखा? क्यों कांग्रेस परेशान है? क्योंकि आपके वोट की अहमियत बढ़ गई है, जबसे एआईएमआईएम आ गई है। पहले ये कहते थे कि ये लोग कहां जाएंगे? मोदी-शाह और भाजपा से डरकर ये लोग तो हमें ही वोट देंगे। अब मैं आपसे बोल रहा हूं कि आप लोगों के वोट की कीमत है। इसलिए आपको न तो मोदी-शाह से डरने की जरूरत है न कांग्रेस से डरेंगे। आपको अपने बच्चों के मुस्तकबिल से डरकर मजलिस को वोट देना चाहिए। इसलिए कांग्रेस के लोग आपके घर पर आकर आपसे कह रहे हैं कि ओवैसी की बातों में न आओ।'
ओवैसी ने आगे कहा, 'मैं आपके सामने ये कहना चाहता हूं साबिर काबुलीवाला ने 2012 में क्या किया? आप इन कांग्रेसियों से पूछो कि 2017 में क्या साबिर काबुलीवाला ने काम नहीं किया? मैं कांग्रेस वालों से पूछना चाहता हूं कि 2012 में अगर भाजपा जीती तो तुम क्या कर रहे थे? तुम 2004 से 2014 तक दिल्ली में तुम्हारी सरकार थी, इसके बावजूद गुजरात में भाजपा को क्यों नहीं हरा पाए? जब दिल्ली में तुम्हारी हुकूमत थी, तब तुम्हें 2012 में गुजरात के अंदर चुनाव जीत जाना चाहिए था। तुम एक जमालपुर सीट की बात कर रहे हो... 27 साल से भाजपा गुजरात में जीत रही है। तो क्या तुम मोदी से सेटिंग कर लिए थे? क्या तुम मोदी के गोद में बैठकर चाय पी रहे थे? 27 साल से भाजपा गुजरात में जीत रही है और तुम एक जमालपुर सीट का हिसाब मांग रहे हो? सच्चाई यही है कि तुमने मोदी से सौदा कर लिया है।'
दोपहर तीन बजे तक कहां कितनी वोटिंग?
जिला वोटिंग
तापी 64.27%
डांग 58.55%
वलसाड 53.49%
सुरेंद्रनगर 48.60%
नवसारी 55.10%
नर्मदा 63.88%
मोरबी 53.75%
गिर सोमनाथ 50.89%
राजकोट 46.68%
कच्छ 45.45%
जूनागढ़ 46.03%
सूरत 47.01%
जामनगर 42.26%
पोरबंदर 43.12%
अमरेली 44.62%
भरूच 52.45%
भावनगर 45.91%
बटोड 43.67%
द्वारका 46.55%
चुनाव आयोग के अनुसार, गुजरात में दोपहर तीन बजे तक 48.48% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। सबसे ज्यादा तापी में 64.27 प्रतिशत वोटिंग हुई है। सबसे कम जामनगर में 42.26 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला है।
केजरीवाल का रोड शो
अहमदाबाद में आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रोड शो कर रहे हैं। इस दौरान उनके पास आप के राज्यसभा सांसद और क्रिकेटर हरभजन सिंह भी हैं।
गुजरात में पहले चरण का मतदान जारी है। इस दौरान मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले लोगों को चुनाव आयोग द्वारा प्रशस्ति पत्र भी दिया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कलोल के पंचमहल में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर पलटवार किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'मैं खरगे जी का सम्मान करता हूं। वह वही कहेंगे जो उन्हें कहने के लिए कहा गया है। कांग्रेस पार्टी को नहीं पता कि यह राम भक्तों का गुजरात है। "रामभक्तों" की इस भूमि पर, खरगे जी से मुझे "100 माथा वाला रावण" कहने के लिए कहा गया।'
पीएम ने आगे कहा, अगर वे लोकतंत्र में विश्वास करते तो इस स्तर तक कभी नहीं जाते। वे एक परिवार में विश्वास करते हैं न कि लोकतंत्र में। वे उस एक परिवार को खुश करने के लिए कुछ भी कर सकते हैं और वह परिवार उनके लिए सब कुछ है, लोकतंत्र नहीं। कांग्रेस में इस बात की होड़ है कि कौन मोदी के लिए ज्यादा अपशब्द कहे...हमें उन्हें सबक सिखाना है और तरीका है 5वें (गुजरात चुनाव के दूसरे चरण) में "कमल" को वोट देना।
दोपहर एक बजे तक कहां कितनी वोटिंग?
जिला वोटिंग
तापी 46.35%
डांग 46.22%
वलसाड 38.08%
सुरेंद्रनगर 34.18%
नवसारी 39.20%
नर्मदा 46.13%
मोरबी 38.61%
गिर सोमनाथ 35.99%
राजकोट 32.88%
कच्छ 33.44%
जूनागढ़ 32.96%
सूरत 33.10%
जामनगर 30.34%
पोरबंदर 30.20%
अमरेली 32.01%
भरूच 35.98%
भावनगर 32.74%
बटोड 30.26%
द्वारका 33.99%
चुनाव आयोग के अनुसार, गुजरात में दोपहर एक बजे तक 34.48% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
योगी बोले- आज का दिन अहम
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी गुजरात के अरावली में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आज एक अहम दिन है। आज पहले चरण के मतदान के लिए मतदान हो रहा है और आज ही गुजरात के गौरव पीएम मोदी जी-20 देशों के प्रमुख बन गए हैं। यह वैश्विक स्तर पर पीएम मोदी के नेतृत्व और भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। अभी वह छोटा उदयपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं।
चर्चा में ढ़ाई फुट लंबी मूछों वाले प्रत्याशी की
गुजरात के हिम्मतनगर विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी मगनभाई सोलंकी चर्चा में हैं। मगनभाई की ढाई फुट लंबी मूछों की लोग खूब बात कर रहे हैं।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दूसरे चरण के चुनाव के लिए मेहसाणा में रोड शो किया।
शाह का कांग्रेस पर निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने गुजरात, एंटी-रेडिकल सेल और पीएम मोदी पर कांग्रेस की टिप्पणी से जुड़े मुद्दों पर एएनआई से बात की। शाह ने कहा, 'जब भी कांग्रेस ने पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया, गुजरात के लोगों ने बैलेट बॉक्स के माध्यम से जवाब दिया।'
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा नेता मनसुख मंडाविया ने भावनगर के हलोल में वोट डाला।
आप उम्मीदवार
अल्पेश कथिरिया ने सूरत में वोट डाला। अल्पेश सूरत जिले की वारछा रोड सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
अहमदाबाद में गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो
गुजरात चुनाव में प्रचार करने पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के सानंद में रोड शो कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते गुजरात की कई समस्याओं का समाधान हुआ। पानी की परेशानी खत्म हुई। कई चेक डैम बनाए गए। बिजली की 24 घंटे सप्लाई शुरू हुई।
प्रधानमंत्री बोले- जितना कीचड़ उछालोगे, उतना कमल खिलेगा
कलोल में जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'कांग्रेस के मित्र कान खोल कर सुन लें, आपकी लोकतंत्र में आस्था और अविश्वास आपका विषय है, परिवार के लिए जीना है तो आपकी मर्जी, लेकिन एक बात लिख लीजिए, जितना कीचड़ उछालोगे, उतना कमल खिलेगा।'
सुबह 11 बजे तक कहां कितनी वोटिंग?
जिला वोटिंग
तापी 26.47%
डांग 24.99%
वलसाड 19.57%
सुरेंद्रनगर 20.67%
नवसारी 21.79%
नर्मदा 23.73%
मोरबी 22.27%
गिर सोमनाथ 20.75%
राजकोट 18.98%
कच्छ 17.62%
जूनागढ़ 18.85%
सूरत 16.99%
जामनगर 17.85%
पोरबंदर 16.49%
अमरेली 19.00%
भरूच 17.57%
भावनगर 18.84%
बटोड 18.50%
द्वारका 15.86%
चुनाव आयोग के अनुसार, गुजरात में सुबह 11 बजे तक 19.13% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
पीएम मोदी की रैली शुरू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के कलोल विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं।
आप नेता का बड़ा आरोप
आम आदमी पार्टी गुजरात के अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने जानबूझकर स्लो वोटिंग कराने का आरोप लगाया है। इटालिया ने ट्विट किया, 'कतारगाम विधानसभा मे जानबूझ कर वोटिंग स्लो कराया जा रहा है।' चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अगर इसी तरीके से भाजपाई गुंडों के दबाव में काम करना है तो फिर चुनाव ही क्यो करवाते हो? पूरे प्रदेश मे औसत 3.5% मतदान हुआ है लेकिन कतारगाम मे सिर्फ 1.41% ही हो पाया है। एक छोटे से बच्चे को हराने के लिए इतना मत गिरो।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने भावनगर जिले के हनोल गांव में वोट डालने से पहले ग्रामीणों से बातचीत की।
गुजरात विधानसभा अध्यक्ष निमाबेन आचार्य ने भुज के एक मतदान केंद्र पर पहले चरण के लिए अपना वोट डाला।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने भरूच के अलंकेश्वर में वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये बदलाव का चुनाव है।
गुजरात के गृहमंत्री हर्ष सांघ्वी ने सूरत में वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार फिर से बन रही है।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता पुरुषोत्तम रूपाला ने अमरेली में अपना वोट डाला।
क्रिकेटर रविंद्र जडेजा ने जामनगर में अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने लोगों से वोट करने की अपील भी की।
जडेजा के पिता बोले- मैं कांग्रेस के साथ हूं
भाजपा प्रत्याशी रिवाबा जडेजा के ससुर और क्रिकेटर रविंद्र जडेजा के पिता अनिरूद्ध सिंह जडेजा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, 'मैं कांग्रेस के साथ हूं। पार्टी के मामले परिवार से अलग होते हैं। हम लोग लंबे समय से अपनी पार्टी के साथ हैं। उन्हें (रविंद्र जडेजा) को मालूम है कि ये पार्टी का मामला है, परिवार का नहीं।'
कहां कितनी वोटिंग हुई?
जिला मतदान
डांग 7.76%
तापी 7.25%
वलसाड 5.58%
सुरेंद्रनगर 5.41%
नवसारी 5.33%
नर्मदा 5.30%
मोरबी 5.17%
गिर सोमनाथ 5.17%
राजकोट 5.05%
कच्छ 5.06%
जूनागढ़ 5.04%
सूरत 4.44%
जामनगर 4.42%
पोरबंदर 3.92%
चुनाव आयोग के अनुसार, सुबह नौ बजे तक 5.03% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जडेजा की बहन बोलीं, जो बेहतर होगा वही जीतेगा
क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की बहन नैना जडेजा का बयान आया है। रवींद्र की पत्नी रिवाबा जडेजा की उम्मीदवारी पर नैना ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। जामनगर में कई परिवारों के सदस्य विभिन्न पार्टियों के लिए काम करते हैं। अपनी विचारधारा से संतुष्ट रहें। अपना 100% दें और जो बेहतर जीतेगा। नैना ने आगे कहा, मेरे भाई के लिए मेरा प्यार पहले जैसा ही है। मेरी भाभी अभी बीजेपी की उम्मीदवार हैं। एक भाभी के रूप में वह अच्छी हैं।
भरूच में बुजुर्ग मतदाताओं ने अपना वोट डाला। मतदाताओं को केंद्र तक लाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
100 साल की बुजुर्ग महिला ने डाला वोट
100 साल की कमुबेन लालाभाई पटेल ने गुजरात चुनाव के पहले चरण में उमरगाम विधानसभा क्षेत्र में अपना वोट डाला। इस दौरान कमुबेन काफी खुश दिखाई दीं।
राहुल गांधी की अपील- रोजगार के लिए जरूर वोट डालें
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी गुजरात चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए लोगों से अपील की है। उन्होंने ट्विट कर लिखा, 'गुजरात के सभी भाई बहनों से अपील है, वोट करें…रोज़गार के लिए, सस्ते गैस सिलेंडर के लिए, किसानों की कर्ज माफी के लिए। गुजरात के प्रगतिशील भविष्य के लिए, भारी संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाएं।'
गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में एक अजब नजारा देखने को मिला। यहां अमरेली से कांग्रेस उम्मीदवार परेश धनानी साइकिल पर सिलेंडर लेकर वोट डालने निकले। वोटिंग के बाद उन्होंने कहा,"बीते 27 साल में BJP ने भय और स्वार्थ की दीवार के बीच राज्य को गुलाम बनाने की साजिश की है। सरकारी विफलताओं के कारण गुजरात में मंदी,महंगाई, बेरोजगारी प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।" धनानी ने आगे कहा, "इन समस्याओं से मुक्ति पाने के लिए मैंने आज मतदान किया है और मुझे भरोसा है कि पूरा गुजरात भी वोट करेगा तथा सत्ता परिवर्तन होगा। कांग्रेस आएगी और फिर से खुशहाली छाएगी।"
गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने सूरत में अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने विजय रुपाणी के चुनाव न लड़ने के फैसले पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि हर जगह कुछ न कुछ नयापन आना चाहिए। विजय रूपाणी जी को मुख्यमंत्री बनाया गया फिर वे राज्य सभा में रहे। ये बदलाव होता रहता है। उन्होंने खुद कहा कि मैं इस बार चुनाव लड़ना नहीं चाहता हूं।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता विजय रूपाणी ने राजकोट में अपना वोट डाला। साथ में उनकी पत्नी अंजलि रुपाणी भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा, "मैं लोगों से अपील करता हूं कि आप अवश्य मतदान करें और मुझे पूरा भरोसा है कि गुजरात में 7वीं बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है।"
वोट डालने के बाद रिवाबा जडेजा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "ये राजनीति में पहली बार नहीं हो रहा है कि एक ही परिवार के लोग अलग-अलग पार्टी के साथ जुड़े हैं। मुझे जामनगर की जनता पर भरोसा है, हम समग्र विकास पर ध्यान देंगे और इस बार भी बीजेपी अच्छे अंतर से जीतेगी।"
गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में राज्य सरकार मे मंत्री पूर्णेश मोदी ने वोट डाला।
गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग शुरू हो चुकी है। सुबह 8 बजे ही भारतीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा ने राजकोट में मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला।
पहले चरण के लिए 25 हजार मतदान केंद्र बनाए गए
पहले चरण के लिए 25,434 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में 9,018 और ग्रामीण क्षेत्रों में 16,416 केंद्रों पर वोटिंग होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, पहले चरण में कुल 34,324 बैलेट यूनिट, 34,324 कंट्रोल यूनिट और 38,749 वीवीपीएटी (वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल) का इस्तेमाल किया जाएगा। कुल 2,20,288 प्रशिक्षित अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी पर रहेगें। 27,978 पीठासीन अधिकारी और 78,985 मतदान अधिकारी ड्यूटी पर रहेगें।
दो करोड़ से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट
चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण के तहत आने वाले क्षेत्रों में कुल 2,39,76,670 मतदाता पंजीकृत हैं। इसमें 1,24,33,362 पुरुष, 1,15,42,811 महिला और 497 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। गुजरात में कुल 4,91,35,400 पंजीकृत मतदाता हैं।