भाजपा ने गुजरात चुनाव के लिए 12 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें गांधीनगर दक्षिण से अल्पेश ठाकोर को मैदान में उतारा गया है। 2017 के चुनाव के दौरान राज्य में भाजपा विरोधी आंदोलन के चेहरों में से एक ठाकोर 2019 में भाजपा में शामिल हो गए थे। तीसरी सूची के साथ भाजपा ने 182 सदस्यीय राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 178 सीट पर उम्मीदवारों का नाम घोषित कर दिया है। राज्य में दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को मतदान होना है।
गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार के नाम पर रुख साफ कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बहुमत के साथ सत्ता में आने पर भूपेंद्र पटेल ही राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे। अमित शाह ने कहा कि यदि पार्टी गुजरात में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करती है तो भूपेंद्र पटेल राज्य के के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
पटेल ने सितंबर 2021 में विजय रूपानी की जगह मुख्यमंत्री का पद संभाला था। वह भाजपा नेतृत्व का एक ऐसा कदम जिसने कई लोगों को चौंका दिया था। पटेल घाटलोडिया निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक बने हैं। उन्हें उसी सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एकमात्र गुजरात विधायक कांधल जडेजा ने अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं दिए जाने के बाद सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। घंटों बाद वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए और घरेलू मैदान कुटियाना से नामांकन दाखिल किया। कुल 182 सीटों में से 89 पर पहले चरण में मतदान होगा, जिसमें कुटियाना भी शामिल है।
समाजवादी पार्टी की गुजरात इकाई के महासचिव रामसेवक साहनी ने कहा कि राकांपा से इस्तीफा देने के बाद जडेजा औपचारिक रूप से अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा में शामिल हो गए और उन्होंने हमारे जनादेश पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हंगामा
गुजरात की जमालपुर-खड़िया सीट से मौजूदा विधायक इमरान खेड़ावाला को टिकट देने के कांग्रेस नेतृत्व के फैसले से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अहमदाबाद में कांग्रेस मुख्यालय पर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भरत सिंह सोलंकी के पोस्टर जलाए। पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की। नाराज कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की गुजरात इकाई के पूर्व प्रमुख सोलंकी की नेमप्लेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और स्प्रे पेंट से इमारत की दीवारों पर उनके खिलाफ अपमानजनक शब्द लिख दिए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सोलंकी ने टिकट के बदले खेड़ावाला से पैसे लिए और इस मुस्लिम बहुल सीट से युवा कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद शाहनवाज शेख की दावेदारी को जानबूझकर नजरअंदाज किया।
केजरीवाल बोले- कांग्रेस की केवल 4-5 सीटें आएंगी
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल सोमवार को गुजरात पहुंचे। यहां चुनाव प्रचार में उन्होंने लोगों से कांग्रेस को वोट न करने की अपील की। केजरीवाल ने कहा, इस बार गुजरात में कांग्रेस को केवल 4-5 सीटें मिलेंगी। इसलिए लोग अपना वोट कांग्रेस को देकर बेकार न करें। मीडिया से बातचीत करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'जैसे-जैसे गुजरात चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे कांग्रेस धराशायी होती जा रही है। कांग्रेस को अब कोई वोट नहीं दे रहा।'
केजरीवाल ने कहा, गुजरात में दो किस्म के वोटर होते थे। पहले वो भाजपा को वोट नहीं देना चाहते थे, इसलिए कांग्रेस को वोट करते थे। वहीं दूसरे ऐसे तरह के वोटर थे जो भाजपा के नफरत से तंग था लेकिन कांग्रेस से अधिक नफरत करता था। ऐसे में वो भाजपा को वोट करता था। इस बार दोनों किस्म के वोटर आम आदमी पार्टी की तरफ शिफ्ट हो रहे हैं। 27 साल के कुशासन की वजह से जो लोग तंग आ चुके हैं, वो आप को वोट कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मेरा अनुमान है कि इस बार कांग्रेस का वोट शेयर 13 प्रतिशत से भी नीचे जाएगा और कांग्रेस की 4 या 5 सीटें आएंगी। अरविंद केजरीवाल ने गुजरात की जनता से अपील करते हुए कहा कि इस बार मुकाबाल सीधे तौर भाजपा और आप के बीच में है।
क्रिकेटर रविंद्र जडेजा सोमवार को अपनी पत्नी और भाजपा उम्मीदवार रिवाबा जडेजा के लिए प्रचार करते नजर आए। गुजरात के जामनगर नॉर्थ से रिवाबा ने आज नामांकन दाखिल किया है। इस दौरान रविंद्र जडेजा भी उनके साथ मौजूद रहे। जडेजा भगवा कुर्ता में दिखे।
इस दौरान जडेजा ने कहा, 'रिवाबा पहली बार चुनाव लड़ रहीं हैं। वह काफी कुछ इससे सीख रहीं हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि वह इसमें आगे बढ़ेंगी। वह काफी मददगार हैं और हमेशा दूसरों की मदद करना चाहती हैं। यही कारण है कि उन्होंने राजनीति जॉइन की है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राह पर चलकर लोगों के लिए काम करना चाहती हैं।'
कांग्रेस ने सोमवार को गुजरात चुनाव के लिए जोनल, लोकसभा और अन्य पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। पार्टी ने पांच जोनल और 32 लोकसभा पर्यवेक्षक और पांच अन्य पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। मुकुल वासनिक को दक्षिण, मोहन प्रकाश को सौराष्ट्र, पृथ्वीराज चौव्हाण को मध्य और बीके हरिप्रसाद और केएच मुनियप्पा को उत्तर गुजरात का प्रभारी बनाया गया है।
गुजरात में ओवैसी को दिखाए गए काले झंडे, युवाओं ने लगाए मोदी-मोदी के नारे
गुजरात में सूरत पूर्व सीट पर एआईएमआईएम प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने गए असदुद्दीन ओवैसी को कुछ मुस्लिम युवाओं ने काले झंडे दिखाए। ओवैसी जैसे ही मंच पर पहुंचे लोग काले झंडे दिखाते हुए मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि इस बार ओवैसी ने गुजरात की 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है।
गुजरात पहुंचे शाह, बनाएंगे रणनीति
गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट के एलान के बाद से भाजपा में अंदरूनी लड़ाई शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में प्रत्याशियों का विरोध पार्टी के कार्यकर्ता कर रहे हैं। इस बीच, गृहमंत्री अमित शाह भी गुजरात पहुंच गए। यहां वह बैठक करके चुनाव को लेकर रणनीति बनाएंगे। बताया जाता है कि जल्द ही बाकी सीटों पर भी प्रत्याशियों का एलान हो सकता है। वहीं, टिकट न मिलने से नाराज नेताओं को मनाने का काम भी होगा।
कांग्रेस ने प्रत्याशियों की नई सूची जारी की
कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 39 उम्मीदवारों की नई सूची जारी की है। इस बार वडगाम सीट से जिग्नेश मेवाणी को चुनावी मैदान में उतारा है। दलित नेता जिग्नेश मेवाणी ने 2017 में गुजरात के बनासकांठा जिले की वडगाम सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस ने पहले छह उम्मीदवारों की अपनी पांचवीं फेहरिस्त जारी की जिसमें मनहर पटेल का नाम शामिल है। बाद में शाम को, 33 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी। कांग्रेस अब तक 142 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है।