फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

G20 LIVE: PM मोदी से मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने जताई खुशी; बोले- आज भारत-अमेरिका में सबसे अधिक करीब

Fri, 08 Sep 2023 10:53 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी20 का 9-10 सितंबर को शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए वैश्विक नेताओं का भारत पहुंचना शुरू हो गया है। ऐसी चर्चाएं हैं कि अफ्रीकन यूनियन को भी जी20 समूह में शामिल किया जा सकता है। जब इसे लेकर यूरोपियन काउंसिल के अध्यक्ष चार्ल्स माइकल से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह जी20 दो दिन में ही दुनिया की सारी समस्याओं को सुलझा लेगा...लेकिन मुझे लगता है कि इस दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं। 
विज्ञापन
पीएम मोदी ने की बाइडन से मुलाकात। - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:51 PM, 08-Sep-2023

भारत में जी20 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की। पीएम के साथ मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट कर खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, 'आपको देखकर बहुत अच्छा लगा, श्रीमान प्रधानमंत्री। आज और जी20 के दौरान, हम पुष्टि करेंगे कि संयुक्त राज्य अमेरिका-भारत साझेदारी इतिहास में किसी भी समय की तुलना में अधिक मजबूत, करीबी और अधिक गतिशील है।'

11:50 PM, 08-Sep-2023

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दिल्ली में G 20 शिखर सम्मेलन से पहले G 20 देशों के वित्त मंत्रियों, IMF प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा और WTO प्रमुख नगोजी ओकोन्जो-इवेला के लिए रात्रिभोज की मेजबानी की।

10:52 PM, 08-Sep-2023

स्पेन के राष्ट्रपति कोविड पॉजिटिव
स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इस वजह से वे शुरू होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। सांचेज ने कहा कि आज दोपहर मेरा कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है और मैं जी20 शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली नहीं जा पाऊंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांचेज के शीघ्र स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। स्पेन का प्रतिनिधित्व प्रथम उपराष्ट्रपति और आर्थिक मामलों की मंत्री नादिया कैल्विनो और विदेश मामलों के मंत्री जोस मैनुअल अल्बेरेस द्वारा किया जाएगा। सांचेज शिखर सम्मेलन से हटने वाले तीसरे नेता हैं। इससे पहले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बताया था कि वे शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। मैक्सिकन राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज ओब्रेडोर भी जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं हुए।

विज्ञापन
10:29 PM, 08-Sep-2023

 जी20 की अध्यक्षता इस समय एक सुनहरा अवसर: परदेसी
जी20 इंडिया के विशेष सचिव मुक्तेश परदेसी ने कहा कि जी20 की अध्यक्षता इस समय एक सुनहरा अवसर है, भारत वैश्विक मंच पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार है। भारत की सभ्यतागत विरासत और प्रौद्योगिकी पर आधारित विकास गाथा जी20 शिखर सम्मेलन स्थल पर प्रदर्शित की गई।

10:04 PM, 08-Sep-2023

ब्राजील के राष्ट्रपति दिल्ली पहुंचे
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डी सिल्वा G-20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे।
 

विज्ञापन
09:55 PM, 08-Sep-2023

हेलो दिल्ली, इस वर्ष G-20 के लिए भारत में होना बेहद अच्छा है: बाइडन
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ट्वीट किया कि हेलो दिल्ली, इस वर्ष G-20 के लिए भारत में होना बेहद अच्छा है। इससे पहले बाइडन ने भारत को चंद्रयान-3 और जी-20 की अध्यक्षता के लिए बधाई दी।

09:43 PM, 08-Sep-2023

व्हाइट हाउस ने जारी किया बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच घनिष्ठ और स्थायी साझेदारी की पुष्टि करते हुए आज संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन का भारत में स्वागत किया। व्हाइट हाउस के मुताबिक, नेताओं ने प्रधान मंत्रीमोदी की जून 2023 की ऐतिहासिक वाशिंगटन यात्रा की अभूतपूर्व उपलब्धियों को लागू करने के लिए चल रही पर्याप्त प्रगति के लिए अपनी सराहना व्यक्त की।

09:30 PM, 08-Sep-2023

विश्व बैंक के अध्यक्ष और सिंगापुर के प्रधानमंत्री दिल्ली पहुंचे
विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा और सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे।

09:29 PM, 08-Sep-2023

चीनी प्रधानमंत्री दिल्ली पहुंचे
पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के प्रधानमंत्री ली कियांग G-20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे।
 

08:39 PM, 08-Sep-2023

भारत और अमेरिका के बीच संबंध और गहरे होंगे: PMO
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन दिल्ली के 7, लोक कल्याण मार्ग पर बातचीत कर रहे हैं। उनकी चर्चाओं में कई तरह के मुद्दे शामिल हैं और इससे भारत और अमेरिका के बीच संबंध और गहरे होंगे। पीएमओ ने इसकी जानकारी दी है।

08:33 PM, 08-Sep-2023

पीएम मोदी-बाइडन के बीच द्विपक्षीय बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक की।
 

08:32 PM, 08-Sep-2023

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति दिल्ली पहुंचे
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो G-20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे।
 

08:12 PM, 08-Sep-2023

तुर्किये के राष्ट्रपति भी दिल्ली पहुंचे
तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयब एर्दोगन G-20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे।
 

08:12 PM, 08-Sep-2023

जस्टिन ट्रूडो जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे। उनका स्वागत राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने किया।
 

07:36 PM, 08-Sep-2023

G20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे UAE के राष्ट्रपति
संयुक्त अरब अमीरात(UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान G20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे।
 

07:34 PM, 08-Sep-2023

सीतारमण ने अमेरिका की वित्त मंत्री के साथ की द्विपक्षीय बैठक
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन के साथ द्विपक्षीय बैठक की और जी20 की प्राथमिकताओं के बारे में चर्चा की। दोनों वित्त मंत्रियों के बीच यह बैठक यहां शनिवार से शुरू हो रहे जी20 शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले हुई।

07:22 PM, 08-Sep-2023

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कही यह बात
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने कहा कि दुनिया परिवर्तन के मुश्किल दौर में है, भविष्य बहुध्रुवीय है। हमारे बहुपक्षीय संस्थानों में गुजरे जमाने की झलक है, वैश्विक वित्तीय ढांचा पुराना और निष्क्रिय है। उन्होंने कहा कि जलवायु संकट तेजी से गहरा रहा है, लेकिन सामूहिक प्रतिक्रिया में महत्वाकांक्षा, प्रामाणिकता और तत्परता की कमी है।

जी20 सम्मेलन से पहले उन्होंने कहा कि जी20 के नेताओं को जलवायु पर और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने पर नेतृत्व का प्रदर्शन करना होगा। जी20 के देश 80 प्रतिशत उत्सर्जन के लिए जिम्मेदार, उन्हें इसे कम करने की दिशा में अगुवाई करनी होगी। 

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि भारत जी20 सम्मेलन की तैयारी के दौरान इस बात का हरसंभव प्रयास कर रहा है कि ‘ग्लोबल साउथ’ के हितों का पूरी तरह से प्रतिनिधित्व हो। मेरा मानना है कि हमें आज के विश्व की वास्तविकताओं को परिलक्षित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बात की बहुत उम्मीद नहीं है कि हमें रूस-यूक्रेन संघर्ष पर निकट भविष्य में कोई शांति समाधान मिल पाएगा।

07:18 PM, 08-Sep-2023

वी.के. सिंह ने किया बाइडन का स्वागत
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन G 20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी.के. सिंह ने उनका स्वागत किया।
 

06:57 PM, 08-Sep-2023

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन दिल्ली पहुंचे
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन भी दिल्ली पहुंच गए हैं। उनका विमान शाम करीब 6.50 पर दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने उनका स्वागत किया। यहां से बाइडन सीधे प्रधानमंत्री आवास जाएंगे और पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
 

06:57 PM, 08-Sep-2023

ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों के दिग्गज दिल्ली पहुंचे
जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल दिल्ली पहुंचे। इसके अलावा ओमान के उप प्रधानमंत्री असद बिन तारिक बिन तैमूर अल सैद भी दिल्ली पहुंच चुके हैं।

06:25 PM, 08-Sep-2023

प्रधानमंत्री मोदी और शेख हसीना ने की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना ने दिल्ली में जी 20 शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक की।
 

05:55 PM, 08-Sep-2023

खालिस्तान मुद्दे पर भी बोले सुनक
प्रधानमंत्री सुनक ने कहा कि मोदी जी और मैं दोनों हमारे दोनों देशों के बीच एक व्यापक और महत्वाकांक्षी व्यापार समझौते को संपन्न होते देखना चाहते हैं। व्यापार सौदों में हमेशा समय लगता है, उन्हें दोनों देशों के लिए काम करने की आवश्यकता होती है। हालांकि हमने काफी प्रगति की है, लेकिन अभी भी कड़ी मेहनत बाकी है।

खालिस्तान मुद्दे पर यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री ने कहा कि यह वास्तव में एक महत्वपूर्ण प्रश्न है और मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि यूके में किसी भी प्रकार का उग्रवाद या हिंसा स्वीकार्य नहीं है। इसीलिए हम विशेष रूप से 'PKE' खालिस्तान समर्थक उग्रवाद से निपटने के लिए भारत सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि यह सही है। हमारे सुरक्षा मंत्री हाल ही में भारत में अपने समकक्षों से बात कर रहे थे। हमारे पास खुफिया जानकारी और जानकारी साझा करने के लिए एक साथ कार्य करने वाले समूह हैं जिससे हम इस तरह के हिंसक उग्रवाद को जड़ से खत्म कर सकें। यह सही नहीं है और मैं इसे यूके में बर्दाश्त नहीं करूंगा।

05:42 PM, 08-Sep-2023

भारत मंडपम के प्रदर्शनी क्षेत्र में लाइव संगीत का आयोजन
प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम के प्रदर्शनी क्षेत्र में लाइव संगीत का आयोजन रखा गया है। संगीतकार हाफिज अहमद अल्वी ने कहा कि हमने यहां पूरे दिन शास्त्रीय संगीत बजाया है। इसके बाद सितार वादन, सरोद वादन और बांसूरी वादन भी होगा। यह आर्टिस्ट कुछ दिल्ली के हैं, कुछ उत्तराखंड के हैं और अन्य राज्यों से भी आए हैं। यह तीनों दिन चलेगा। यह हमारे लिए बहुत खास क्षण है।

05:41 PM, 08-Sep-2023

भारत इसकी मेजबानी के लिए सही समय पर सही देश: सुनक
यूके के प्रथानमंत्री ऋषि सुनक ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा कि G20 भारत के लिए एक बड़ी सफलता रही है। भारत इसकी मेजबानी के लिए सही समय पर सही देश है। मुझे लगता है कि हमारे पास कुछ दिनों तक विचार-विमर्श और निर्णय लेने का बहुत अच्छा मौका होगा।

05:25 PM, 08-Sep-2023

प्रधानमंत्री मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने की द्विपक्षीय बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जुगनाथ ने दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की।
 

04:57 PM, 08-Sep-2023

जी20 शिखर सम्मेलन से पहले पीएम मोदी का बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरा दृढ़ विश्वास है कि जी20 शिखर सम्मेलन मानव-केंद्रित और समावेशी विकास में एक नया मार्ग प्रशस्त करेगा। भारत प्रगति के मानव-केंद्रित तरीके पर बहुत जोर देता है। वंचितों की सेवा के गांधीजी के मिशन का अनुकरण करना महत्वपूर्ण है। हम लैंगिक समानता, महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने और विश्व शांति सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक रूप से काम करेंगे।

04:57 PM, 08-Sep-2023

जी 20 के मुख्य समन्वयक ने कही यह बात
बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना की पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक पर विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रृंगला ने कहा कि यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि हमने बांग्लादेश को एक बहुत करीबी और मैत्रीपूर्ण पड़ोसी के रूप में आमंत्रित किया है। प्रधानमंत्री शेख हसीना यहां हैं और प्रधानमंत्री के साथ प्रारंभिक बैठकों में शामिल होने वाली हैं। मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण है।

जी 20 के मुख्य समन्वयक हर्ष वर्धन श्रृंगला ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व वाला विकास हमारी अध्यक्षता की प्राथमिकता रही है। हम महसूस करते हैं कि जब महिलाओं की बात आती है तो एक नया प्रतिमान स्थापित करना बहुत महत्वपूर्ण है, न केवल कार्यबल में बल्कि संदर्भ में भी। मुझे लगता है कि हमने उस क्षेत्र में कुछ बहुत अच्छी प्रगति की है। हमने भी स्थापित किया है एक नया समूह जो महिला सशक्तीकरण समूह है। इसलिए कई अर्थों में मुझे लगता है कि महिला सशक्तिकरण और महिला विकास के मुद्दे हमारी अध्यक्षता की प्राथमिकताओं में बहुत ऊपर रहे हैं।

04:48 PM, 08-Sep-2023

ओमान के प्रधानमंत्री दिल्ली पहुंचे
ओमान के प्रधानमंत्री और सुल्तान हैथम बिन तारिक अल सईद G 20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे।
 

04:20 PM, 08-Sep-2023

दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति दिल्ली पहुंचे

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा भी जी20 सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंच गए हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री राव साहेब पाटिल दानवे ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया। 
 


 

04:18 PM, 08-Sep-2023

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुतेरस जी20 सम्मेलन के लिए भारत पहुंच चुके हैं। साथ ही ओमान के प्रधानमंत्री सुल्तान हैताम बिन तारिक अल सैद भी भारत पहुंच चुके हैं। 

04:14 PM, 08-Sep-2023

रूसी विदेश मंत्री दिल्ली पहुंचे

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंच गए हैं। 
 

03:43 PM, 08-Sep-2023

हर्षवर्धन श्रृंग्ला ने कहा कि भारत को जी20 की अध्यक्षता 1 दिसंबर 2022 को मिली थी और यह 30 नवंबर 2023 तक भारत के पास रहेगी। इस दौरान हमने 220 से ज्यादा जी20 की बैठकें आयोजित की हैं, जो देश के 60 विभिन्न शहरों में आयोजित हुईं। हमने हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के कम से कम एक शहर में जी20 की बैठक आयोजित की गई। यह कॉ-ऑपरेटिव संघवाद का बेहतरीन उदाहरण है। 

03:38 PM, 08-Sep-2023

रात्रिभोज में दिखेगी भारतीयता की झलक

जी20 के मुख्य समन्वयक हर्षवर्धन श्रृंग्ला ने 9 सितंबर को राष्ट्रपति द्वारा दिए जा रहे रात्रिभोज के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि रात्रिभोज के दौरान बैकग्राउंड में जो संगीत बजेगा, भारत के सभी हिस्सों का प्रतिनिधित्व करेगा। साथ ही इसमें संगीत की परंपरा का भी ध्यान रखा जाएगा, फिर चाहे वो हिंदुस्तानी हो, कर्नाटक संगीत हो या फिर लोकगीत, भजन। 77 संगीतकारों द्वारा संगीत के हर पहलू का ध्यान रखा जाएगा। साथ ही कई दुर्लभ वाद्ययंत्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे। 

02:53 PM, 08-Sep-2023

जी20 सम्मेलन में शिरकत करने दिल्ली पहुंचे जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा। साथ में पत्नी भी भारत पहुंची।
 

02:19 PM, 08-Sep-2023

दिल्ली पहुंचे ब्रिटिश पीएम

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक जी20 सम्मेलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने उनका स्वागत किया। 
 

02:09 PM, 08-Sep-2023

मॉरीशस के पीएम से मिले विदेश मंत्री एस जयशंकर

केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने मॉरीशस के पीएम प्रवींद कुमार जगन्नाथ से मुलाकात की। 
 

02:05 PM, 08-Sep-2023

यूनियन ऑफ कोमोरोस के राष्ट्रपति और अफ्रीकन यूनियन के अध्यक्ष अजाली असोमनी, जी20 सम्मेलन में शिरकत करने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। 
 

01:52 PM, 08-Sep-2023

दिल्ली की सड़कों को फूलों से सजाया गया

जी20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली को सजाया जा रहा है। खासकर जिन रास्तों से विदेशी राष्ट्राध्यक्ष गुजरेंगे, उन्हें खास तौर पर फूलों से सजाया जा रहा है। 
   

01:50 PM, 08-Sep-2023

जी20 नेताओं की पत्नियां करेंगी इंडियन एग्रीकल्चर रिसर्च इंस्टीट्यूट का दौरा

केंद्रीय राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने बताया कि 9 सितंबर को जी20 नेताओं की पत्नियां इंडियन एग्रीकल्चर रिसर्च इंस्टीट्यूट का दौरा करेंगी। यहां वह कुछ महिला किसानों से मुलाकात करेंगी और कुछ शीर्ष लेबोरेट्रीज का भी दौरा करेंगी। साथ ही नेताओं की पत्नियों को मोटे अनाज और उससे बनी पारंपरिक डाइट के बारे में जानकारी दी जाएगी।   

01:38 PM, 08-Sep-2023

बांग्लादेश की पीएम भारत पहुंची

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत पहुंच गई हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री दर्शना जारदोश ने उनका स्वागत किया। 
 

01:02 PM, 08-Sep-2023

एचडी देवेगौड़ा नहीं होंगे जी20 रात्रिभोज में शामिल

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा स्वास्थ्य कारणों से जी20 के रात्रिभोज कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगे। एचडी  देवेगौड़ा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 9 सितंबर की शाम इस रात्रिभोज का आयोजन किया है। इस रात्रिभोज के लिए पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को भी आमंत्रित किया गया है। 

12:24 PM, 08-Sep-2023

एतिहासिक कार्यक्रम के तैयार भारत मंडपम

जी20 देशों के प्रतिनिधियों के लिए तैयार भारत मंडपम, लगभग पूरी हुईं तैयारियां
 

12:19 PM, 08-Sep-2023

जी20 के घोषणा पत्र पर सभी की निगाहें

जी20 के शिखर सम्मेलन को लेकर जर्मनी के राजदूत फिलिप एकरमैन ने कहा कि 'मुझे उम्मीद है कि जी20 के घोषणा पत्र में सभी चीजों का ख्याल रखा जाएगा। घोषणा पत्र में उन सभी बातों का जिक्र होना चाहिए, जिन पर हमें काम करना है। यह एक मुश्किल काम है लेकिन मुझे उम्मीद है कि घोषणा पत्र में सभी का ध्यान रखा जाएगा।' एकरमैन ने कहा कि हम जी20 में  अफ्रीकन यूनियन को शामिल करने का स्वागत करेंगे। यूरोपीय यूनियन के बाद यह देशों की दूसरी सबसे बड़ी यूनियन होगी। 

11:51 AM, 08-Sep-2023

फ्रांस, कनाडा के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी 10 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ लंच मीटिंग करेंगे। साथ ही कनाडा के पीएम के साथ अलग बैठक करेंगे। इनके अलावा प्रधानमंत्री मोदी कोमोरोस, तुर्किए, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय यूनियन, यूरोपीय कमीशन, ब्राजील और नाइजीरिया के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। 

11:45 AM, 08-Sep-2023

जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत पहुंची इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी। केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करांदलाजे ने उनकी आगवानी की। 
 

11:34 AM, 08-Sep-2023

G20 LIVE: PM मोदी से मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने जताई खुशी; बोले- आज भारत-अमेरिका में सबसे अधिक करीब

प्रधानमंत्री मोदी 8 सितंबर को मॉरीशस, बांग्लादेश के प्रधानमंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। 8 सितंबर को ही पीएम मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा 9 सितंबर को पीएम मोदी जी20 शिखर सम्मेलन से इतर ब्रिटेन, जापान, जर्मनी और इटली के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें