रांची वाले आवास पर लाया गया पार्थिव शरीर
उनका पार्थिव शरीर रांची स्थित उनके आवास पर लाया गया है, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर रांची लाया गया
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार को रांची लाया गया। रांची एयरपोर्ट पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक और राजनीतिक नेता पहुंचे। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में राजकीय शोक की घोषणा की है।
पीएम मोदी ने अस्पताल जाकर दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिबू सोरेन के निधन की सूचना मिलने पर दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे। पीएम मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के परिजनों को सांत्वना देते हुए दिवंगत सांसद को श्रद्धांजलि भी दी।
लालू यादव और नीतीश कुमार ने भी शोक प्रकट किया
झारखंड के पड़ोसी राज्य बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव ने भी शिबू सोरेन के निधन पर शोक प्रकट किया है।
वयोवृद्ध राजनेता शिबू सोरेन के निधन पर शोक की लहर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गजों ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताया। राजनीतिक जगत में शून्य पैदा होने और अपूरणीय क्षति की बात कहते हुए ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जैसे लोगों ने भी शोक प्रकट किया।
तीन दिनों के राजकीय शोक का एलान
झारखंड सरकार ने झामुमो के संस्थापक संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
'वे हमेशा जमीन और जनता से जुड़े रहे'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, 'झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक, श्री शिबू सोरेन जी, झारखंड के उन कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे जिन्होंने जीवन भर समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर आदिवासी समुदाय के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए संघर्ष किया। वे हमेशा जमीन और जनता से जुड़े रहे। मेरा उनसे पुराना परिचय था। उनके निधन से मुझे गहरा दुःख पहुंचा है। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!'
झारखंड के 'दिशोम गुरु' थे: मंजू कुमारी
भाजपा नेता मंजू कुमारी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर कहा, 'वे झारखंड के 'दिशोम गुरु' थे। उनके निधन से क्षति हुई है। हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं…'
'एक युग का अंत'
राजद नेता मनोज झा ने कहा, 'मैंने छात्र जीवन से शिबू सोरेन की राजनीति देखी है, उनके सरोकार देखे हैं, उनकी प्रतिबद्धता देखी है। उन्हें गुरुजी ऐसे ही नहीं कहा जाता, उनका निधन एक युग का अंत है...'
उच्च सदन में मौन रखा गया
शिबू सोरेन को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले श्रद्धांजलि दी गई। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के लिए उच्च सदन में मौन रखा गया।
महुआ माजी और संजय सिंह सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे
JMM सांसद महुआ माजी और AAP सांसद संजय सिंह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे। उनके पिता, JMM के संस्थापक संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन हो गया।
राहुल गांधी की प्रेस वार्ता रद्द
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के कारण आज लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की प्रेस वार्ता रद्द कर दी गई।
'सामाजिक क्षति के साथ-साथ, वैचारिक आंदोलन की भी बौद्धिक क्षति'
JDU नेता नीरज कुमार ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर कहा, 'झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन केवल एक व्यक्ति नहीं थे, समाज का ऐसा तबका जो जीवन की चुनौतियों से जूझता है, समाज के सबसे निचले पायदान पर रहने वाला व्यक्ति, आदिवासी समुदाय जिसकी अस्मिता की रक्षा करते हुए और सामाजिक संघर्ष को झेलते हुए वे राजनीति के मुकाम पर पहुंचे, लेकिन साथ ही साथ उन्होंने आदिवासी समुदाय को राजनीतिक स्वाभिमान के रूप में स्थापित करने का काम किया। शिबू सोरेन JMM के संस्थापक थे। उनका निधन सामाजिक क्षति के साथ-साथ, वैचारिक आंदोलन की भी बौद्धिक क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।'