चंद्रशेखरन ने एअर इंडिया मुख्यालय और ट्रेनिंग अकादमी का दौरा किया
इस बीच, चंद्रशेखरन ने एअर इंडिया मुख्यालय और ट्रेनिंग अकादमी का दौरा किया और 12 जून की दुर्घटना के बाद लगभग 700 कर्मचारियों और लीडरशिप टीम को संबोधित किया। इस संबंध में एअर इंडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों ने चंद्रशेखरन के हवाले से कहा कि मैंने अपने कॅरिअर में कई संकट देखे हैं, लेकिन यह सबसे अधिक हृदय विदारक है, जिसके बारे में मैंने कभी नहीं सोचा था। उन्होंने कर्मचारियों से दृढ़ता दिखाने का आग्रह किया।
दुर्घटनाग्रस्त विमान का कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर मिला
एअर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच कर रहे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर मिल गया है। दुर्घटना के संभावित कारण का पता लगाने में के लिए यह एक महत्वपूर्ण खोज है। इससे पहले, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने पुष्टि की थी कि दुर्भाग्यपूर्ण विमान का केवल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) ही मिला है। अधिकारियों ने रविवार प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा को ब्लैक बॉक्स मिलने की पुष्टि की।
सिविल अस्पताल के अधीक्षक राकेश जोशी ने कहा कि अब तक 119 लोगों के डीएनए नमूनों का मिलान हो चुका है। इनमें से 76 लोगों के शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। शेष 43 में से 14 मृतकों के शव कल सुबह तक सौंप दिए जाएंगे।
राजकीय सम्मान के साथ रूपाणी का अंतिम संस्कार
राजकोट में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी को 21 बंदूकों से सलामी दी गई। पूर्व सीएम का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी मौजूद हैं।
विमान हादसे से प्रभावित मेडिकल छात्रों के परिवारों की वित्तीय मदद करेंगे भारतीय चिकित्सक
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रह रहे भारतीय चिकित्सक डॉ. शमशीर वायलिल ने विमान दुर्घटना से प्रभावित मेडिकल छात्रों और चिकित्सकों के परिवारों के लिए छह करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की है। बुर्जील होल्डिंग्स के संस्थापक एवं अध्यक्ष और वीपीएस हेल्थ के प्रबंध निदेशक डॉ. शमशीर ने कहा कि दुर्घटना के बाद की स्थिति देखकर वे स्तब्ध रह गए। डॉ. शमशीर के राहत पैकेज में चार मृतक छात्रों के परिवारों के लिए एक-एक करोड़ रुपये, पांच गंभीर रूप से घायल छात्रों के लिए 20-20 लाख रुपये और अपने प्रियजनों को खोने वाले चिकित्सकों के परिवारों के लिए 20-20 लाख रुपये शामिल हैं। यह वित्तीय सहायता बी जे मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के समन्वय में प्रदान की जाएगी। उन्होंने 2010 में मंगलुरु विमान दुर्घटना के बाद, प्रभावित परिवारों को वित्तीय सहायता दी थी और स्वास्थ्य सेवा प्रदाता बुर्जील होल्डिंग्स में रोजगार के अवसर प्रदान किए थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजकोट पहुंचकर पूर्व सीएम विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल आचार्य देवव्रत और सीएम भूपेंद्र पटेल ने भी रूपाणी को नमन किया।
पूर्व सीएम की अंतिम यात्रा शुरू
राजकोट में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
99 व्यक्तियों के डीएनए का मिलान, 64 शव परिजनों को सौंपे गए
विमान हादसे के चार दिन बाद अब तक डीएनए का मिलान करके 99 पीड़ितों की पहचान कर ली गई है और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित 64 शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। सिविल अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि अब तक 99 डीएनए नमूनों का मिलान हो चुका है और 64 शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। ये मृतक गुजरात और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से थे।
राजकोट पहुंचा पूर्व सीएम रूपाणी का पार्थिव शरीर
पूर्व सीएम विजय रूपाणी का पार्थिव शरीर राजकोट पहुंच गया है। उनका अंतिम संस्कार पांच बजे होगा।
साइप्रस के राष्ट्रपति ने जताया दुख
साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने कहा, 'प्रधानमंत्री जी, साइप्रस के लोग हाल ही में हुई एअर इंडिया विमान हादसे की घटना के संबंध में आपके साथ हैं। हम दुख की इस घड़ी में आपके साथ हैं...'
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को अंतिम श्रद्धांजलि
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी अपने बेटे ऋषभ रूपाणी के साथ अहमदाबाद सिविल अस्पताल के शवगृह पहुंचीं। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सिविल अस्पताल के शवगृह परिसर पहुंचे। राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे।
अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ पूर्व सीएम का परिवार
पूर्व सीएम विजय रूपाणी का परिवार गांधीनगर स्थित अपने आवास से अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ। पूर्व सीएम का पार्थिव शरीर अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में जल्द ही उन्हें सौंप दिया जाएगा। पार्थिव शरीर को हवाई मार्ग से राजकोट ले जाया जाएगा और दोपहर 2 बजे वहां पहुंच जाएगा। शाम 5 बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अहमदाबाद में घटनास्थल पर पहुंचे ब्रिटेन के विशेषज्ञ
15 जून को निरीक्षण करने के लिए अहमदाबाद में घटनास्थल पर पहुंचे ब्रिटेन के एक विशेषज्ञ ने कहा, ''शायद हम बाद में बात कर पाएंगे... हमने वही देखा जो आप लोग देख सकते हैं...यह बिल्कुल वैसा ही है, जैसा आप यहां से देख सकते हैं...'
रामनाथपारा श्मशान घाट में होगा अंतिम संस्कार
राजकोट के रामनाथपारा श्मशान घाट के अध्यक्ष ने पूर्व सीएम विजय रूपाणी के अंतिम संस्कार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, '...विजय रूपाणी का अग्नि संस्कार यहीं किया जाएगा। शाम 6 बजे के करीब अग्नि संस्कार किया जाएगा, शाम 5 बजे उनके आवास से शवयात्रा शुरू होगी।'
सुबह 11:30 बजे सिविल अस्पताल से विजय रूपाणी के पार्थिव शरीर को उनके परिजनों को सौंपा जाएगा
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज राजकोट में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इससे पहले रविवार शाम मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा, 'सुबह 11:30 बजे सिविल अस्पताल से विजय रूपाणी के पार्थिव शरीर को उनके परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को हवाई मार्ग से राजकोट ले जाया जाएगा, जहां दोपहर दो बजे तक पहुंचने की संभावना है। अंतिम यात्रा शाम पांच बजे शुरू होगी और अंतिम संस्कार शाम छह बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।' उनके पार्थिव शरीर को ले जाने वाले शव वाहन पर करीब 2000 किलोग्राम फूलों का इस्तेमाल किया जाएगा।