फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

NDA Govt Update: नरेंद्र मोदी कार्यवाहक PM नामित; राष्ट्रपति ने मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेने को आमंत्रित किया

Fri, 07 Jun 2024 11:18 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Modi Govt 3.0 Formation NDA Meeting Live: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को लोकसभा चुनाव- 2024 में 293 सीटों के साथ बहुमत मिला है। एक बार फिर से देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मोदी को नौ जून की शाम सवा सात बजे उनके कैबनेट सहयोगियों के साथ पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। इससे पहले शुक्रवार को दिन में हुई बैठक में मोदी को एनडीए के संसदीय दल का नेता चुना गया।
विज्ञापन
राष्ट्रपति से मिले कार्यवाहक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:11 PM, 07-Jun-2024

टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क ने ट्वीट कर पीएम मोदी को बधाई दी। भारत में मेरी कंपनियों द्वारा किए जाने वाले रोमांचक काम का बेसब्री से इंतजार है। 

11:11 PM, 07-Jun-2024

प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए जीत का प्रमाण पत्र मिला। उन्होंने उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से जीत दर्ज की।

10:02 PM, 07-Jun-2024

राष्ट्रपति भवन परिसर में प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह और राष्ट्रपति द्वारा संसद के दोनों सदनों को संबोधित करने की तैयारी के कारण राष्ट्रपति भवन में 8, 15 और 22 जून, 2024 को गार्ड ऑफ चेंज समारोह नहीं होगा। राष्ट्रपति भवन की ओर से इसकी जानकारी दी गई है। 

विज्ञापन
08:50 PM, 07-Jun-2024

राष्ट्रपति नौ जून को दिलाएंगी पद और गोपनीयता की शपथ

सरकार गठन का दावा पेश दिए जाने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को शुक्रवार को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया। उन्होंने मोदी को मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ सरकार बनाने का न्योता दिया। इसके बाद राष्ट्रपति भवन की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि नौ जून की शाम 7.15 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रधानमंत्री और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।

06:34 PM, 07-Jun-2024

सरकार गठन का न्यौता मिलने के बाद राष्ट्रपति भवन के बाहर पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 18वीं लोकसभा एक प्रकार से नई ऊर्जा, युवा ऊर्जा और कुछ कर गुजरने की इरादे वाली लोकसभा है। आजादी के अमृत महोत्सव के बाद यह पहला चुनाव है। 

पीएम मोदी ने कहा कि 2047 में जब देश आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, उस संकल्प को पूरा करने के लिए हमारे पास स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने कहा कि देशवासियों ने एनडीए को एक बार फिर सेवा का मौका दिया है, इसके लिए वे जनता का आभार प्रकट करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जिस गति से देश आगे बढ़ा है, समाज के हर क्षेत्र में परिवर्तन साफ नजर आ रहा है। 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 18वीं लोकसभा में भी उसी गति और समर्पण भाव से देश की आशा-आकांक्षा को पूर्ण करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे। पीएम मोदी ने आगे कहा कि एनडीए की बैठक में सभी घटक दलों ने मुझे नेता चुना है। सभी दलों ने राष्ट्रपति को समर्थन के बारे में जानकारी दी। राष्ट्रपति ने मुझे न्योता दिया। नौ जून की शाम में शपथ के बारे में सूचित कर दिया है। शपथ ग्रहण का विस्तृत कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन से जारी किया जाएगा।
 

विज्ञापन
06:22 PM, 07-Jun-2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम राष्ट्रपति भवन पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
 

03:52 PM, 07-Jun-2024

कार्यवाहक पीएम मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से नई दिल्ली में मुलाकात की।

03:51 PM, 07-Jun-2024

कार्यवाहक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज एनडीए पार्लियामेंट्री पार्टी का नेता चुन लिया गया है। 

03:09 PM, 07-Jun-2024

पीएम मोदी लालकृष्ण आडवाणी के घर उनसे मिलने पहुंचे। इसके तुरंत बाद ही नरेंद्र मोदी मुरली मनोहर जोशी से मिलने पहुंचे। 
 

02:56 PM, 07-Jun-2024

एनडीए ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। 

02:39 PM, 07-Jun-2024

भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया

केंद्र में एनडीए की लगातार तीसरी बार सरकार बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
 

01:35 PM, 07-Jun-2024

जनता और सरकारों के बीच खाई की व्यवस्था को पाट दिया

पीएम मोदी ने आगे कहा कि एनडीए के लोगों में एक साझा चीज नजर आती है। वह है- गुड गवर्नेंस। सभी को जब-जब मौका उन्होंने गुड गवर्नेंस दिया है। एनडीए कहते ही गुड गवर्नेंस पर्यायवाची बन जाता है। हम सभी के कार्यकाल में, चाहे मैं गुजरात में रहा हूं, या चंद्रबाबू आंध्र में रहें हों या नीतीश जी ने बिहार की सेवा की हो, हम सभी के केंद्र में गरीब का कल्याण रहा है। देश ने एनडीए के गरीब कल्याण के, सुशासन के 10 साल को न सिर्फ देखा है, बल्कि जिया है। सरकार क्यों होती है, किसके लिए होती है, कैसे काम करती है, इसे पहली बार जनता ने अनुभव किया है। वरना जनता और सरकारों के बीच खाई की व्यवस्था बनी हुई थी, हमने उसे पाट दिया है।

01:34 PM, 07-Jun-2024

अटलजी, बादल, ठाकरे, फर्नांडीज को याद किया
पीएम मोदी ने कहा, 'जो राजनीति के विशेषज्ञ हैं, अगर वे मुक्त मन से वे सोचेंगे तो पाएंगे कि एनडीए सत्ता प्राप्त करने या सरकार चलाने का कुछ दलों का जमावड़ा नहीं है। यह राष्ट्र प्रथम की मूल भावना से प्रतिबद्ध समूह है। तीस साल का लंबा कालखंड रहा है। यह भारत की राजनीतिक व्यवस्था में ऑर्गेनिक अलायंस है। श्रद्धेय अटलजी, प्रकाश सिंह बादल, बाला साहेब ठाकरे, जॉर्ज फर्नांडीज, शरद यादव जैसे अनगिनत नामों ने जिस बीज को बोया था, जनता के विश्वास से सींचकर यह वटवृक्ष हो गया है। हम सबके पास ऐसे महान नेताओं की विरासत है। बीते 10 वर्ष में हमने एनडीए की उसी विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है।'

01:12 PM, 07-Jun-2024

एनडीए ने तीन दशक की यात्रा पूरी की: पीएम मोदी

मोदी ने कहा कि एनडीए को करीब-करीब तीन दशक हो चुके हैं। आजादी के 75 साल में तीन दशक एनडीए का होना सामान्य घटना नहीं है। विविधता के बीच तीन दशक की यह यात्रा बहुत बड़ी मजबूती का संदेश देती है। आज गर्व के साथ कहता हूं कि एक समय संगठन के कार्यकर्ता के रूप में मैं इस गठबंधन का हिस्सा था और आज सदन में बैठकर आपके साथ काम करते-करते मेरा भी नाता इससे तीस सालों का हो गया है। मैं कह सकता हूं कि यह सबसे सफल गठबंधन है। पांच साल का कार्यकाल होता है, लेकिन इस गठबंधन ने तीस साल में से पांच-पांच साल के तीन कार्यकाल पूरे किए हैं और गठबंधन चौथे कार्यकाल में प्रवेश कर रहा है।

01:11 PM, 07-Jun-2024

देश चलाने के लिए सर्वमत बहुत जरूरी: मोदी

नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, 'हिंदुस्तान के राजनीतिक इतिहास में और गठबंधन की राजनीति के इतिहास में चुनाव पूर्व गठबंधन इतना कभी मजबूत नहीं हुआ, जितना एनडीए हुआ है। यह गठबंधन की जीत है। हमने बहुमत हासिल किया है। मैं कई बार कह चुका हूं। सरकार चलाने के लिए बहुमत आवश्यक है, लोकतंत्र का वही एक सिद्धांत है। देश चलाने के लिए सर्वमत बहुत जरूरी होता है। मैं आज देशवासियों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपने जिस तरह बहुमत देकर सरकार चलाने का सौभाग्य दिया है, हम सभी का दायित्व है कि सर्वमत का सम्मान कर देश को आगे ले जाने की कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।'
 

01:07 PM, 07-Jun-2024

एनडीए के लिए कहा- महान लोकतंत्र की ताकत देखिए
उन्होंने आगे कहा, 'बहुत कम लोग इन बातों की चर्चा करते हैं, उन्हें शायद सूट नहीं करता होगा। इतने महान लोकतंत्र की ताकत देखिए। एनडीए को आज देश के 22 राज्यों में लोगों ने सरकार बनवाकर सेवा का मौका दिया है। हमारा गठबंधन सच्चे अर्थ में भारत की असली आत्मा, भारत की जड़ों में जो रचा-बसा है, उसका प्रतिबिंब है। हमारे देश में 10 ऐसे राज्य हैं, जहां आदिवासी बंधुओं की संख्या प्रभावी रूप से है, निर्णायक रूप से है। जहां आदिवासियों की आबादी ज्यादा है, ऐसे 10 राज्यों में से सात में एनडीए सेवा कर रहा है। हम सर्वधर्म समभाव वाले संविधान को समर्पित हैं। गोवा हो, पूर्वोत्तर हो, जहां बहुत बड़ी मात्रा में ईसाई भाई-बहन रहते हैं, उन राज्यों में भी एनडीए के रूप में हमें सेवा का अवसर मिला है।'

01:05 PM, 07-Jun-2024

सांसदों-सहयोगियों के लिए कहा, जितना धन्यवाद करूं, उतना कम है
उन्होंने कहा, 'व्यक्तिगत जीवन में मुझे जवाबदारी का एहसास करता हूं। 2019 में जब आप सभी ने मुझे नेता के रूप में चुना था, तब मैंने एक बात पर बल दिया था- विश्वास। आज जब आप मुझे फिर से एक बार ये दायित्व दे रहे हैं तो इसका मतलब है कि हमारे बीच विश्वास का सेतु बहुत मजबूत है। अटूट रिश्ता विश्वास के मजबूत धरातल पर है। ये पल भावुक करने वाला भी है। आप सबके प्रति जितना धन्यवाद करूं, उतना कम है।'

01:02 PM, 07-Jun-2024

लाखों कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम किया: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा, 'जो साथ विजय होकर आए हैं, वो सभी अभिनंदन के अधिकारी हैं। जिन लाखों कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम किया है, उन लोगों ने न दिन देखा, न रात देखी। इतनी भयंकर गर्मी में हर दल के कार्यकर्ता ने जो पुरुषार्थ, परिश्रम किया है, मैं आज संविधान सदन से उन्हें सिर झुकाकर प्रणाम करता हूं। साथियों मेरा बहुत सौभाग्य है कि एनडीए के नेता के रूप में आप सब साथियों ने सर्वसम्मति से चुनकर मुझे नया दायित्व दिया है। इसके लिए मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूं।'
 

12:59 PM, 07-Jun-2024

 नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी के पैर छुने की कोशिश की

पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में NDA की बैठक जारी है। इस दौरान यहां एक अजब नजारा देखने को मिला। अपना संबोधन खत्म करने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी कुर्सी की ओर बढ़ी। इसी दौरान नीतीश कुमार नरेंद्र मोदी के पैर छुने के लिए आगे बढ़े। हालांकि नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार का हाथ थाम लिया है।

12:58 PM, 07-Jun-2024

NDA की बैठक में नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया

एनडीए के संसदीय दल की बैठक में नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है। नई सरकार के लिए आज ही दावा पेश किया जा सकता है। साथ ही 9 जून को नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद के लिए शपथ ले सकते हैं।
 

12:55 PM, 07-Jun-2024

जन सेना पार्टी के नेता पवन कल्याण ने राजनाथ सिंह के प्रस्ताव का समर्थन किया। एनडीए संसदीय दल की बैठक में, हम (एस) के संस्थापक जीतन राम मांझी ने नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता नामित करने के प्रस्ताव का समर्थन किया। वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा, 'रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हम सब के समक्ष एक प्रस्ताव रखा है, मैं अपनी पार्टी अपना दल की ओर से एनडीए संसदीय दल के नेता के पद पर नरेंद्र मोदी के नाम का पूरे दिल से समर्थन करती हूं।'

12:54 PM, 07-Jun-2024

अजित पवार ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा, 'आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक प्रस्ताव रखा है। उस प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए मैं यहां पर खड़ा हूं। NDA संसदीय दल के नेता पद पर नरेंद्र मोदी के नाम का समर्थन करता हूं।'

12:52 PM, 07-Jun-2024

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'हमारे पीएम नरेंद्र मोदी को NDA संसदीय नेता पद पर राजनाथ सिंह ने जो प्रस्ताव रखा है मैं शिवसेना पार्टी की तरफ से इसका पूरा समर्थन देता हूं।'

12:50 PM, 07-Jun-2024

विपक्ष ने देश की सेवा नहीं की: नीतीश कुमार

नीतीश कुमार ने कहा, 'अभी जो लोग इधर-उधर जीत गए हैं। वो सब लोग अगली बार हारेंगे। ये सब लोग (विपक्ष) बिना मतलब की बात कर रहे हैं। ये लोग कोई काम किए हैं। आज तक उन्होंने कोई काम नहीं किया है। देश की कोई सेवा नहीं की है। इस बार मोदी को जो मौका मिला है, उससे उन लोगों के लिए आगे कोई गुंजाइश नहीं रहेगा। देश और बिहार अब और आगे बढ़ेगा। बचा हुआ काम भी पूरा होगा।'

12:49 PM, 07-Jun-2024

जो आप चाहेंगे वो होगा: नीतीश कुमार

नीतीश कुमार ने कहा, ;10 साल से ये प्रधानमंत्री हैं और ये फिर प्रधानमंत्री होने जा रहे हैं। पूरा भरोसा है की जो कुछ भी बचा है ये सब पूरा कर देंगे। हर राज्य का जो है सब पूरा करेंगे। बिना मतलब का बात बोलकर ये लोग कोई काम किए है आजतक? बिहार का सब काम हो ही जाएगा जो बचा हुआ है। जो आप चाहेंगे वो होगा।'

12:41 PM, 07-Jun-2024

एकनाथ शिंदे, चिराग पासवान ने राजनाथ के प्रस्ताव का समर्थन किया। LJP (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा जो प्रस्ताव आया है, मैं अपनी पार्टी LJP (रामविलास) की तरफ से NDA संसदीय दल के नेता पद पर नरेंद्र मोदी के नाम का समर्थन करता हूं..."

12:37 PM, 07-Jun-2024

बचा हुआ काम अब पूरा करेंगे मोदी: नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजनाथ के प्रस्ताव का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जेडीयू नरेंद्र मोदी को एनडीए के संसदीय दल के नेता के तौर पर समर्थन देती है। पीएम मोदी इस बार हर राज्य का जो कुछ भी बचा हुआ काम है, उसे पूरा कर देंगे। हम लोग खुले तौर पर इनके साथ रहेंगे। जिस तरह से भी मोदी कहेंगे वैसा ही होगा।

12:35 PM, 07-Jun-2024

तीन महीने तक पीएम मोदी ने कभी आराम नहीं किया: चंद्रबाबू नायडू

एनडीए संसदीय दल की बैठक में टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कहा, ‘हम सभी को बधाई दे रहे हैं क्योंकि हमने शानदार बहुमत हासिल किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान देखा है कि 3 महीने तक पीएम मोदी ने कभी आराम नहीं किया। उन्होंने दिन-रात प्रचार किया। उन्होंने उसी भावना के साथ शुरुआत की और उसी भावना के साथ खत्म किया। आंध्र प्रदेश में हमने 3 सार्वजनिक बैठकें और 1 बड़ी रैली की और इसने आंध्र प्रदेश में चुनाव जीतने में बहुत बड़ा अंतर पैदा किया है।'

12:33 PM, 07-Jun-2024

एचडी कुमारस्वामी ने नरेंद्र मोदी के नाम का समर्थन किया

एनडीए संसदीय दल की बैठक में जेडीएस के नवनिर्वाचित सांसद एचडी कुमारस्वामी ने नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता नामित करने के प्रस्ताव का समर्थन किया।

12:30 PM, 07-Jun-2024

यह देश के 140 करोड़ लोगों का प्रस्ताव: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'लोकसभा चुनाव दोबारा जीतने के लिए मैं सभी को बधाई देता हूं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा के नेता, बीजेपी और एनडीए संसदीय दल के नेता के रूप में नरेंद्र मोदी का नाम प्रस्तावित किया है। मैं इसका तहेदिल से समर्थन करता हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'यह प्रस्ताव केवल यहां बैठे लोगों की इच्छा नहीं है। यह देश के 140 करोड़ लोगों का प्रस्ताव है। यह देश की आवाज है कि पीएम मोदी अगले 5 साल तक देश का नेतृत्व करें।'

12:24 PM, 07-Jun-2024

मजबूरी नहीं, प्रतिबद्धता है ये गठबंधन- राजनाथ सिंह

भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा, 'मैं ये स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि ये गठबंधन हमारी मजबूरी नहीं है, बल्कि हमारी प्रतिबद्धता है। पिछले 10 सालों में मोदी जी के नेतृत्व में देश की दिशा-दशा बदली है। 10 सालों में दुनिया को भी ये मालूम चल चुका है कि भारत विकसित होने के साथ-साथ दुनिया को नेतृत्व क्षमता भी दे सकता है।'

12:24 PM, 07-Jun-2024

मोदी की नेतृत्व क्षमता से एनडीए परिवार में वृद्धि हुई: राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा, 'मैं सभी नवनिर्वाचित सांसदों को बधाई देना चाहता हूं। आज हम यहां एनडीए का नेता चुनने के लिए आए हैं। मेरा मानना है कि इन सभी पदों के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का नाम सबसे उपयुक्त है।' उन्होंने कहा कि 1962 के बाद पहली बार कोई नेता तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेगा। हम लोग सौभाग्यशाली हैं कि मोदी जी जैसा प्रधानमंत्री हमें मिलने जा रहा है। मोदी की कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता की वजह से हमारे एनडीए परिवार में भी वृद्धि हुई है।

12:22 PM, 07-Jun-2024

अमित शाह, नितिन गडकरी ने राजनाथ सिंह के प्रस्ताव का समर्थन किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के संसदीय दल के नेता और NDA संसदीय दल के नेता के रूप में PM नरेंद्र मोदी का नाम प्रस्तावित किया।

12:19 PM, 07-Jun-2024

राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा

बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने एनडीए के नेता के तौर पर नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि पीएम ने 10 सालों में जो काम किया है, उसकी तारीफ देश और दुनिया दोनों ही जगहों पर हुई है।

12:15 PM, 07-Jun-2024

नरेंद्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे: प्रहलाद जोशी

इस बीच वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलाद जोशी ने एनडीए संसदीय दल की बैठक में कहा कि नरेंद्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी को अपना नेता चुनने के लिए यहां पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एकत्रित एनडीए नेताओं से जोशी ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 9 जून को शाम 6 बजे होगा।

12:15 PM, 07-Jun-2024

मोदी-मोदी के नारों से गूंजा सेंट्रल हॉल

जेपी नड्डा ने भाषण की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आभार जताते हुए की। इस दौरान सेंट्रल हॉल मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। नड्डा ने सांसदों के साथ-साथ राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यंमत्रियों का स्वागत किया। 

12:14 PM, 07-Jun-2024

नायडू-नीतीश से चर्चा करते दिखे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेंट्रल हॉल में नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के साथ चर्चा करते हुए देखा गया। इस दौरान सेंट्रल हॉल में उनके समर्थन में नारे लगाए गए।
 

 

12:14 PM, 07-Jun-2024

पीएम मोदी को देते हैं हार्दिक बधाई- जेपी नड्डा

एनडीए संसदीय दल की बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, 'हम प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई देते हैं, जिन्होंने हर पल देश की सेवा में बिताया। यही कारण है कि भारत आज इतिहास रच रहा है और एनडीए लगातार तीसरी बार बहुमत की सरकार बना रही है।'

12:00 PM, 07-Jun-2024

पीएम मोदी ने संविधान को माथे पर लगाया

कार्यवाहक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए संसदीय समिति की बैठक के लिए संसद पहुंचे। संसद पहुंचते ही पीएम मोदी ने संविधान को उठाकर माथे पर लगाया। 
 

11:52 AM, 07-Jun-2024

राजनाथ सिंह का हुआ स्वागत

एनडीए सांसदों की बैठक का आयोजन संविधान सदन (पुरानी संसद) में हो रहा है। इसमें हिस्सा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य एनडीए नेता पहुंचे हुए हैं। राजनाथ सिंह को फूल देकर उनका स्वागत किय गया है।

11:43 AM, 07-Jun-2024

यह नेता भी पहुंचे

बिहार के सीएम और जेडीयू नेता नीतीश कुमार, बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत, बीजेपी के राज्यसभा सांसद डॉ. एस जयशंकर एनडीए संसदीय समिति की बैठक के लिए संसद पहुंचे।

11:38 AM, 07-Jun-2024

बैठक से पहले का वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बैठक होने वाली है। बैठक से पहले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांसदों को देखा जा सकता है। इस बैठक का आयोजन संविधान सदन में हो रहा है, जो पुरानी संसद में मौजूद है।
 

11:35 AM, 07-Jun-2024

अमित शाह से लेकर राजनाथ तक पहुंचे संविधान सदन

संविधान सदन (पुरानी संसद) में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और अन्य एनडीए नेता मौजूद हैं। 

11:34 AM, 07-Jun-2024

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान सदन (पुरानी संसद) में नवनिर्वाचित एनडीए सांसदों से मुलाकात की। थोड़ी देर में एनडीए सांसदों की बैठक शुरू होगी।

11:21 AM, 07-Jun-2024

नागालैंड के डिप्टी सीएम यानथुंगो पैटन एनडीए संसदीय दल की बैठक में हिस्सा लेने के लिए संसद पहुंचे। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम पूरा कार्यकाल पूरा करेंगे।'

11:19 AM, 07-Jun-2024

नौ जून को पीएम पद की शपथ लेंगे नरेंद्र मोदी: जी किशन रेड्डी

भाजपा नेता जी किशन रेड्डी ने कहा कि नरेंद्र मोदी नौ जून शाम पांच बजे प्रधानमंत्री के तौर पर तीसरी बार शपथ लेने वाले हैं। आज हम शपथ ग्रहण स्थल को फाइनल करेंगे। एनडीए के सहयोगी आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करने वाले हैं। 

11:16 AM, 07-Jun-2024

पांच साल पूरा करेगी एनडीए सरकार: अजीत पवार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने कहा है कि एनडीए सरकार पांच साल पूरा करेगी। NDA घटक दलों की मांग पर अजित पवार ने कहा, 'ऐसा कुछ नहीं है... सब ठीक ठाक होने वाला है। 300 के करीब लोग हैं तो टर्म पूरा करेगी ही।'
 

11:15 AM, 07-Jun-2024

पूरे देशवासियों ने विपक्ष के हथकंडों का नाकाम कर दिया: शिंदे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "आज NDA संसदीय दल की बैठक है। परसों के बैठक में सर्वसम्मति से NDA के घटक दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को NDA के संसदीय दल का नेता चुना गया है। आज उनके नेतृत्व में बैठक होने जा रही है...जल्द ही नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लें इस पर चर्चा होगी। हमें खुशी है कि पूरे देशवासियों ने विपक्ष के हथकंडों का नाकाम कर दिया और मोदी हटाओ बोलने वालों को हटा दिया।"

11:14 AM, 07-Jun-2024

नागालैंड के सीएम नेफ्यू रियो ने दी बधाई

संसद पहुंचकर नागालैंड के सीएम नेफ्यू रियो ने कहा, 'मैंने पहले ही उन्हें (पीएम मोदी को) उनके तीसरे कार्यकाल और तीसरे कार्यकाल की सरकार के रूप में एनडीए की सफलता के लिए बधाई दी थी।'

11:14 AM, 07-Jun-2024

मुस्लिम रिजर्वेशन जारी रहेगा: टीडीपी नेता के रविंद्र
टीडीपी नेता के रविंद्र कुमार से जब सवाल हुआ कि क्या आंध्र प्रदेश में मुस्लिम रिजर्वेशन जारी रहेगा, इस पर उन्होंने कहा, 'हां, हम उसे जारी रखने वाले हैं। इसमें कोई समस्या नहीं है। आज एनडीए की बैठक हो रही है। पांच जून को प्रारंभिक बैठक हुई। आज दूसरी बैठक है। दूसरी बैठक में एनडीए सहयोगियों से कुछ मदद ली जाएगी। उसके बाद एनडीए सांसदों की बैठक भी है। उम्मीद है कि पीएम 9 जून को शपथ लेंगे। इसलिए, उससे पहले हमें एनडीए नेता का चुनाव करना होगा और राष्ट्रपति को आवश्यक अनुरोध सौंपना होगा। फिर सांसदों की बैठक चलेगी। इसके बाद हम मुद्देवार चर्चा करेंगे।

10:58 AM, 07-Jun-2024

बैठक में शामिल होने के लिए संसद पहुंच रहे नेता

हरियाणा के सीएम और भाजपा नेता नायब सैनी, विदिशा से नवनिर्वाचित भाजपा सांसद शिवराज सिंह चौहान एनडीए संसदीय दल की बैठक में शामिल होने के लिए संसद पहुंचे।
 
 

10:46 AM, 07-Jun-2024

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, 'आज सभी (NDA की बैठक) नवनिर्वाचित सांसदों, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक यहां पर है। हम अपने सभी नवनिर्वाचित सांसदों के साथ बैठक में शामिल होने आए हैं।'

10:42 AM, 07-Jun-2024

एलजेपी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) संसदीय दल का नेता चुना गया।

10:35 AM, 07-Jun-2024

बिहार को मिले स्पेशल स्टेटस- एलजेपी सांसद

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) संसदीय दल की बैठक पार्टी प्रमुख चिराग पासवान के नेतृत्व में दिल्ली में उनके आवास पर शुरू हुई। बैठक में पांचों सांसद मौजूद हैं। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलने की मांग पर LJP(राम विलास) की सांसद वीणा देवी ने कहा, बिहार को मिले इसके समर्थन में सभी लोग रहेंगे। हम लोग बिहार की भलाई चाहेंगे क्योंकि बिहार के रहने वाले हैं।

10:31 AM, 07-Jun-2024

इन दलों की हो रही बैठक

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली आवास पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के संसदीय दल की बैठक शुरू हो गई है। इसमें पार्टी के चुने गए सभी नए सांसद शामिल हुए हैं। वहीं, चिराग पासवान के दिल्ली आवास पर लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (एलजेपीआर) के नेताओं की बैठक हो रही है। वहीं, तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) की भी बैठक चल रही है। एनडीए की बैठक से पहले हो रही इन मीटिंग को अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह सभी दल अपने-अपने नेता चुनने के बाद एनडीए की बैठक में शामिल होंगे। 

 

10:26 AM, 07-Jun-2024

NDA Govt Update: नरेंद्र मोदी कार्यवाहक PM नामित; राष्ट्रपति ने मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेने को आमंत्रित किया

नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक आज सुबह 11.15 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में होगी। इसमें सांसदों के बीच मंत्रालयों के बंटवारे पर भी सहमति बनाने की कोशिश होगी। इससे पहले एनडीए के सहयोगी दलों के संसदीय बोर्ड की मीटिंग दिल्ली में हो रही है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें