कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे। सीएम सिद्धारमैया दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
दिल्ली: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, 'आदरणीय मनमोहन सिंह जी अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने एक लंबी यात्रा की है और उन्होंने इस देश को एक नई दिशा दी। उनके बारे में कुछ भी कहा जाए वो बहुत कम होगा। बहुत ही कम लोग आज के समय में ऐसे मिलते हैं। उनके अनुभव, उनके द्वारा दिखाए गए मार्गदर्शक इस देश के लिए एक मील का पत्थर है। उनके इस अंतिम यात्रा में हम लोग आज शामिल हुए। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिवार के साथ हम सभी हैं..निश्चित रूप से मनमोहन सिंह जी हमेशा याद रहेंगे।'
JMM नेता कल्पना सोरेन ने कहा, 'मैं कहना चाहूंगी कि आज देश के हर व्यक्ति के लिए हमारे आदरणीय मनमोहन सिंह जी प्रेरणा के स्रोत थे। उनका जो भी कार्यकाल रहा उन्होंने भारत को एक नई पहचान दी और आज कहीं न कहीं हम अपने प्रियजनों को खो रहे हैं और यह एक अचानक हुई घटना है जैसे हमें पता चला है कि पहले से कोई दिक्कत नहीं थी। ये अचानक घटना घटी है... ये पूरा देश उनका परिवार था और आज मैं उनके परिवार से मिली...पूरे देश ने अपने व्यक्तित्व, एक अनोखा व्यक्तित्व खो दिया है और आज हम सब आए हैं और अपना दुःख व्यक्त कर रहे हैं ताकि उनकी आत्मा को शांति मिले...मैं कहना चाहूंगी कि सिर्फ झारखंड नहीं है एक व्यक्तित्व को देश ने खोया है'।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और JMM नेता कल्पना सोरेन के साथ पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
राजधानी में मनमोहन सिंह का स्मारक बनाएगी सरकार- सूत्र
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने का फैसला किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी है, इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। सूत्रों ने कहा कि स्मारक पर निर्णय कांग्रेस को बता दिया गया है, लेकिन उन्होंने कहा कि स्मारक बनाने के लिए उपयुक्त स्थान खोजने में कुछ दिन लगेंगे।
इस मामले पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी नाराजगी प्रकट की है। उन्होंने कहा, मनमोहन सिंह का स्मारक न बनाना भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री का जानबूझकर अपमान है।
सुखबीर बादल का दावा, केंद्र ने मनमोहन परिवार का अनुरोध 'अस्वीकार' किया
शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को दावा किया कि केंद्र ने मनमोहन सिंह के परिवार के उस अनुरोध को अस्वीकार कर दिया है जिसमें उनका अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर करने का अनुरोध किया गया था जहां उचित स्मारक बनाया जा सके।
दिल्ली: बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. कर्ण सिंह ने कहा, 'वह एक असाधारण इंसान थे...उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह देश के प्रधानमंत्री बनेंगे, लेकिन सोनिया गांधी ने उन्हें देश का प्रधानमंत्री चुना...उन्होंने देश के लिए कई लाभकारी कार्य किए...वह दो कार्यकाल तक देश के प्रधानमंत्री रहे...वह अपने भाषण में बहुत शालीन थे...मनमोहन सिंह पर विपक्ष ने कई बार हमला किया, लेकिन उन्होंने कभी प्रतिक्रिया नहीं दी, वह बहुत शांत थे...उन्हें उनके द्वारा किए गए कार्यों के लिए हमेशा याद किया जाएगा'।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। डॉ. मनमोहन सिंह अपने आप में एक अद्भुत नेता थे। वह एक विद्वान अर्थशास्त्री थे और उन्होंने भारत के लगभग सभी पदों पर अपना योगदान दिया- प्रधानमंत्री के रूप में, वित्त मंत्री के रूप में, भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार के रूप में, रिज़र्व बैंक के गवर्नर के रूप में, राजस्व सचिव के रूप में, कई वैश्विक निकायों के सदस्य थे..यूजीसी के चेयरमैन रहे और राज्यसभा में विपक्ष के नेता रहे, उन्होंने लगभग सभी पदों को सुशोभित किया। ये बहुत लंबा अनुभव है.. उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को खोला और भारत की उद्यमशीतला को आगे बढ़ाया। वह प्रधानमंत्री भी रहे और कई फैसले उन्होंने लिए..उन्होंने देश को अपना योगदान दिया। आज उनके निधन से हम सभी दुखी हैं इसलिए भारत सरकार ने 7 दिनों का शोक घोषित किया है।'
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, 'वह एक 'युगपुरुष' थे। उनके जाने का दुख पूरी दुनिया को है। उन्होंने अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में जो किया है उसकी पूरी दुनिया प्रशंसा करती है.. जब भी काबिलियत किरदार और ईमानदारी का जिक्र आएगा तब डॉ. मनमोहन सिंह का नाम सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।'
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा, 'डॉ. मनमोहन सिंह ने इस देश की अर्थव्यवस्था को बदला, देश के मिडिल क्लास की जिंदगी को बदला, गरीब की जिंदगी को बदला...किसान के लिए उचित मुआवजा कानून लेकर आए, 72 हजार करोड़ की कर्ज माफी को लेकर आए...मां भारती के उस सच्चे सबूत को श्रद्धांजलि का एक बड़ा हिस्सा ये हैं कि उनकी अंतिम यात्रा उस स्मारक पर हो जो स्मारक दिल्ली राजधानी में बनाया जाए। ताकि उनकी याद सदैव इस देश के लोगों के साथ रहें। ये राजनीति का विषय नहीं हो सकता है इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष ने एक पत्र लिखा है कि सरदार मनमोहन सिंह जी की स्मृति में एक स्मारक का निर्माण हो..अब इस पर सरकार को निर्णय लेना है।'
निगमबोध घाट पर होगा पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार- एमएचए
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को सुबह 11:45 बजे निगमबोध घाट श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। गृह मंत्रालय (एमएचए) ने शुक्रवार को एक संदेश में कहा, 'सरकार ने निर्णय लिया है कि डॉ. मनमोहन सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसमें कहा गया है कि रक्षा मंत्रालय से पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के पूरे सैन्य सम्मान के साथ राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस महासचिव अविनाश पांडे ने कहा, 'ये बहुत ही दुख की बात है। कांग्रेस कार्य समिति ने डॉ. मनमोहन सिंह जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। देश में उनका योगदान बहुत रहा। कांग्रेस के सही प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश का नेतृत्व किया।'
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह एक बुद्धिजीवी और दयालु व्यक्ति थे। उन्होंने आधुनिक भारत की प्रगति के लिए अनगिनत योगदान दिए हैं"।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता मीरा कुमार ने कहा, 'वह बहुत ही संवेदनशील व्यक्ति थे...उनमें देश को आगे ले जाने की भरपूर क्षमता थी और जो पीछे छूट गए और दबे हुए लोग हैं उनके प्रति उनमें बहुत संवेदनशीलता थी।'
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, 'वह बहुत ही अच्छे इंसान थे। वह विभिन्न पदों पर रहे...मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला...उन्होंने देश को आगे बढ़ाने का काम किया। आज वह हमारे बीच नहीं रहे तो जो उनकी जगह खाली हुई है वह भरना मुमकिन नहीं है। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।'
ओडिशा के सीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री को किया नमन
भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी।
CPI नेता डी. राजा ने कहा, 'मैं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं... वे एक महान राजनेता थे। वे भारत के संविधान, धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र की ओर एक प्रतिबद्ध व्यक्ति थे। उनका स्वभाव अत्यंत विनम्र था।'
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। पूर्व प्रधानमंत्री का गुरुवार रात दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे भारत के आर्थिक सुधारों को आकार देने में एक प्रमुख व्यक्ति थे। 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह ने इससे पहले वित्त मंत्री के रूप में देश की आर्थिक नीतियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वित्तीय और आर्थिक मामलों में अपनी विशेषज्ञता के लिए विश्व स्तर पर जाने जाने वाले सिंह अपने पीछे एक स्थायी विरासत छोड़ गए हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, "उनकी बात को हर व्यक्ति सुनता था ऐसा उनका व्यक्तित्व था। वह अर्थशास्त्री थे और बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी थे...उन्होंने सादगी के साथ अपना जीवन जिया। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया। उनके जाने से आज देश बहुत दुखी है।
कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है... 1991 में जब अर्थव्यवस्था ठप हो गई थी तब उन्होंने जो आर्थिक सुधार किए थे उनका फायदा आज भी भारत को मिल रहा है। ये उनकी खासियत थी।"
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'डॉ. मनमोहन सिंह भारत के महान अर्थशास्त्री थे। उनके कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय प्रगति हुई। हालांकि वे कांग्रेस पार्टी से थे, लेकिन एक अर्थशास्त्री के रूप में उनका योगदान भारत के लिए बहुत बड़ा था। आरबीआई गवर्नर के रूप में भी उनका काम उल्लेखनीय था... वे कम बोलते थे, लेकिन उनका काम करने का तरीका बहुत प्रभावी था। पूरा देश उनके निधन पर शोक मना रहा है।'
वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह ने कहा, 'सारा राष्ट्र शोक में है..वह प्रधानमंत्री तो थे ही लेकिन वह बहुमुखी व्यक्तित्व के मालिक और एक आदर्श शिक्षिक थे'।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर असम के पूर्व सीएम हितेश्वर सैकिया की पत्नी हेमोप्रोवा सैकिया ने कहा, 'उनका निधन देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है...वह मेरे पति के करीबी दोस्त थे...मेरे पति की मृत्यु के बाद भी वह हमारे परिवार के करीबी सदस्य बने रहे...वह एक महान व्यक्तित्व थे'।
पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा, 'यह पूरे देश और पूरी दुनिया के लिए बहुत बड़ी क्षति है क्योंकि उनका दर्जा राजनीति से अलग था...वे दुनिया के नए अर्थशास्त्री के रूप में रहे और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में उनका अलग नाम था...मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि जब वे प्रधानमंत्री थे तो उनके बारे में बहुत सी बातें कही गईं, लेकिन उनके जो शब्द थे 'मेरा इतिहास मेरे प्रति दयालु रहेगा', आज हम उस बात को देख रहे हैं, पूरा विश्व और पूरा देश उनके प्रति दयालु है।'
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने कहा, 'वह देश के महान नेता थे जिन्होंने देश के लिए काम किया...देश उन्हें हमेशा याद रखेगा।'
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन से हम सभी बेहद दुखी हैं। उन्होंने वित्त मंत्री, आरबीआई गवर्नर और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर अपने सभी कर्तव्यों को पूरा करने की कोशिश की, खासकर देश की अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देने का उनका प्रयास... उनका जाना देश के लिए एक बड़ी और अपूरणीय क्षति है। मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।"
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, "वह एक विरासत छोड़ गए हैं। एक शिक्षाविद् होने की विरासत, एक सुधारक होने की विरासत, एक लोक सेवक होने की विरासत, देश के विकास में उनके अपार योगदान की विरासत। वह एक टेक्नोक्रेट थे जिन्होंने 1991 में सुधारों और उदारीकरण की शुरुआत की और इसके साथ ही भारत में आर्थिक विकास के द्वार खोले। आज भारत के सभी लोग एक साथ उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं"
टाटा स्टील ने शताब्दी समारोह में मनमोहन सिंह के दौरे को याद किया
टाटा स्टील ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और कंपनी के शताब्दी समारोह के अवसर पर 16 साल पहले स्टील सिटी जमशेदपुर में उनके दौरे को याद किया। शुक्रवार को जमशेदपुर में मीडिया के साथ साझा किए गए एक बयान में टाटा स्टील ने 22 अप्रैल, 2008 को पूर्व पीएम के दौरे को याद किया, जब वे कंपनी के शताब्दी समारोह में शामिल हुए थे।
इस कार्यक्रम में अपने भाषण के दौरान मनमोहन सिंह ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, "यह वास्तव में आप सभी के लिए, झारखंड के लोगों के लिए, भारत के लोगों के लिए और वास्तव में मेरे लिए एक विशेष दिन है।"
कंपनी के बयान में कहा गया है कि इसके बाद समारोह की शुरुआत मनमोहन सिंह की तरफ से बरगद का पौधा लगाने से हुई, जिसे उन्होंने बाद में विकास और समृद्धि के प्रतीक के रूप में जमशेदपुर के नागरिकों को समर्पित किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का शनिवार से ओडिशा का दो दिवसीय दौरा स्थगित कर दिया गया है, क्योंकि केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में सात दिवसीय शोक की घोषणा की है। गृह मंत्री को 29 दिसंबर को कलिंगा स्टेडियम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक कार्यक्रम में भाग लेना था और भाजपा सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करनी थी। इसके साथ ही उनके कुछ अन्य प्रस्तावित कार्यक्रम भी थे।
मामले में भाजपा के जाजपुर सांसद रवींद्र नारायण बेहरा ने शुक्रवार को कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के कारण केंद्रीय गृह मंत्री का दौरा स्थगित कर दिया गया है।" भाजपा नेता ने कहा कि सात दिनों के लिए निर्धारित सरकारी कार्यक्रम, खासकर त्योहार रद्द कर दिए गए हैं।
गुवाहाटी: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर टीएमसी नेता सुष्मिता देव ने कहा, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। व्यक्तिगत रूप से यह मेरे लिए बहुत बड़ी क्षति है। वह मेरे स्वर्गीय पिता संतोष मोहन देव जी के बहुत करीबी थे और वह एक ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने लगातार दो बार गठबंधन सरकार का नेतृत्व किया... यह देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है और मेरी गहरी सहानुभूति और संवेदना उनके परिवार और दोस्तों के साथ है।'
दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
दिल्ली में सत्ताधारी दल आम आदमी पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को 'भारत रत्न' देने की मांग की है। पूर्व प्रधानमंत्री का बीती रात उम्र संबंधी बीमारी के कारण निधन हुआ। 92 वर्षीय डॉ. मनमोहन सिंह लगातार दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे थे।
दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और मौन धारण कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की।
पश्चिम बंगाल की राजधानी में कोलकाता में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बहन गोबिंद कौर ने अपने भाई के निधन पर शोक व्यक्त किया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर पहुंचे।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया कि आज शाम साढ़े पांच बजे कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य, स्थायी और विशेष आमंत्रित लोग पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कल सुबह आठ बजे मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को आम जनता के दर्शनों के लिए कांग्रेस मुख्यालय ले जाया जाएगा। इसके बाद साढ़े आठ बजे से लेकर साढ़े नौ बजे तक अंतिम दर्शन होंगे और फिर पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा पर ले जाया जाएगा।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, 'मनमोहन सिंह जी ने भारतीय राजनीति में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने आर्थिक सामाजिक क्षेत्र में बड़े बदलाव किए। देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए उन्होंने देश की आर्थिक सामाजिक प्रगति में योगदान दिया। समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए उनके योगदान को याद रखा जाएगा। उनका जाना देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने ईमानदारी से काम किया। उनके परिवार के लिए मेरी गहरी संवेदना है। उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिले।'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, 'भाग्य हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि हालांकि मनमोहन सिंह अब नहीं रहे, लेकिन वह अभी भी जीवित हैं। राष्ट्र के लिए उनके योगदान को बदला नहीं जा सकता। बेंगलुरू विश्वविद्यालय में, हम सभी छात्रों के लिए एक शोध और अध्ययन केंद्र शुरू करने जा रहे हैं ताकि वे देश के विकास के लिए मनमोहन सिंह द्वारा किए गए सुधारों के बारे में जान सकें।'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
दिवंगत पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'अपनी पार्टी की ओर से मैं उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। वह पहले प्रधानमंत्री थे जिन्होंने हाशिए पर पड़े समुदायों और मुस्लिम समुदाय के उत्थान के लिए काम किया। उनके निधन से देश ने अपना बेटा खो दिया है।'
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर मौजूद हैं।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए अपने शोक संदेश में कहा कि 'पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहा। एक अर्थशास्त्री के रूप में उन्होंने अलग-अलग स्तर पर भारत सरकार में सेवाएं दीं। उन्होंने रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में सेवाएं दीं। पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री रहे और देश में आर्थिक उदारीकरण की नींव रखी। जनता के प्रति, देश के विकास के प्रति उनका जो समर्पण था, उसे हमेशा बहुत सम्मान से देखा जाएगा। डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन ईमानदारी, सादगी का प्रतीक था। उनकी सौम्यता, बौद्धिकता उनके जीवन की पहचान रही। मुझे याद है, जब राज्यसभा में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ था तो मैंने कहा था कि उनका बतौर सांसद समर्पण सीखने लायक है। उच्च पदों पर रहने के बावजूद अपनी जड़ों को कभी नहीं भूले। वे सभी के लिए सहज उपलब्ध रहे। जब मैं मुख्यमंत्री था तो मनमोहन सिंह के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर खुले मन से चर्चा होती थी। दिल्ली आने के बाद भी उनसे समय-समय पर चर्चा होती थी, वो चर्चाएं और मुलाकातें मुझे हमेशा याद रहेंगी। आज इस कठिन घड़ी में मैं उनके परिवार के प्रति संवेदानाएं अर्पित करता हूं।'
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कल 28 दिसंबर को कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा, जहां लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। उनका अंतिम संस्कार राजघाट के पास किया जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'यह देश और कांग्रेस के लिए बहुत दुखद दिन है। वह इस देश के प्रशासकों में से एक थे। जहां तक कांग्रेस का सवाल है, हमने अपने महान नेताओं में से एक को खो दिया। 10 साल तक प्रधानमंत्री और 5 साल तक वित्त मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सुशासन का प्रदर्शन किया। यह देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है।' पूर्व पीएम के निधन के शोक में कर्नाटक विधानसभा का झंडा आधा झुका दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मनमोहन सिंह की बेटी आज देर रात तक भारत पहुंच सकती हैं। पूर्व पीएम का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा। आम लोग पूर्व पीएम के अंतिम दर्शन शनिवार सुबह 8 बजे से लेकर 10 बजे तक कर सकेंगे। कांग्रेस मुख्यालय से ही मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी इस दौरान पूर्व पीएम के आवास पर मौजूद रहे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे हैं।
केरल सरकार राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाएगी
केरल सरकार ने जिला कलेक्टरों को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने का निर्देश दिया है।
केएच मुनियप्पा ने जयाता दुख
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर कर्नाटक के मंत्री केएच मुनियप्पा ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी क्षति है कि हमने डॉ. मनमोहन सिंह को खो दिया। उन्होंने कहा कि वह युवा मंत्रियों का मार्गदर्शन कर रहे थे। दुनिया ने एक महान अर्थशास्त्री खो दिया है।
शनिवार को होगा मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा, जिसके लिए शुक्रवार को आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार देर रात दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार परसों होगा। हम आधिकारिक तौर पर घोषणा करेंगे। उन्होंने मनमोहन सिंह के निधन को देश के लिए दुखद क्षति बताते हुए कहा कि मनमोहन सिंह कांग्रेस और देश के असली प्रतीक थे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास से रवाना हुए।
सैम पित्रोदा ने मनमोहन सिंह के निधन पर व्यक्त की संवेदना
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोस्तों और भारत के लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं। यह एक महान नेता की बड़ी क्षति है, जिन्होंने 10 साल तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि मुझे उनके साथ लगभग 10 साल तक काम करने का मौका मिला, पहले राष्ट्रीय ज्ञान आयोग में और फिर सार्वजनिक सूचना, बुनियादी ढांचे और नवाचार पर।
मनमोहन सिंह के आवास पहुंचे राहुल और मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पहुंचे।
आंध्र प्रदेश के सीएम नायडू ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया शोक
पूर्व प्रधानमंंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को शोक व्यक्त किया। जहां पूर्व प्रधानमंत्री को एक बौद्धिक राजनेता बताते हुए मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि सिंह ने विनम्रता, बुद्धिमत्ता और ईमानदारी को अपना जीवन मंत्र बनाया था।
नायडू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। एक बौद्धिक राजनेता, डॉ. सिंह ने विनम्रता, बुद्धिमत्ता और ईमानदारी को मूर्त रूप दिया। उन्होंने कहा कि 1991 में वित्त मंत्री के रूप में आर्थिक सुधारों से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में अपने नेतृत्व तक, सिंह ने देश की निरंतर सेवा की और लाखों लोगों का उत्थान किया।
सीएम विजयन ने मनमोहन सिंह के निधन पर व्यक्त किया शोक
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मनमोहन सिंह के धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र के प्रति समर्पण की सराहना की। विजयन ने एक्स पर पोस्ट किया कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध एक प्रतिष्ठित राजनेता मनमोहन सिंह जी के निधन से गहरा दुख हुआ।
मनमोहन सिंह के निधन पर ओडिशा के सीएम ने जताया दुख
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। माझी ने कहा कि सिंह "देश के महान सपूत थे और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में अपने ज्ञान और कौशल के लिए पूरी दुनिया में सम्मानित थे"।
नवीन पटनायक ने भी जताया दुख
साथ ही ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक ने भी सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विद्वान और विनम्र नेता को आर्थिक सुधारों के वास्तुकार के रूप में याद किया जाएगा।
मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास पहुंचा
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात एम्स से उनके आवास पर पहुंचा। यहां जनता उनके अंतिम दर्शन कर सकेगी।
कांग्रेस पार्टी की तरफ से जारी संदेश में कहा गया, इतिहास डॉ. मनमोहन सिंह को उनके गरिमामय आचरण, जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता, गहन ज्ञान और विनम्रता के लिए हमेशा याद रखेगा। वे आर्थिक सुधारों, राजनीतिक स्थिरता और हर भारतीय के जीवन को बेहतर बनाने के प्रति समर्पण की विरासत छोड़ गए हैं।'
पार्टी ने कहा, पहले एक टेक्नोक्रेट के रूप में और फिर भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सामाजिक कल्याण पर ध्यान केंद्रित करने वाली आर्थिक समृद्धि और विश्व मानचित्र पर भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए याद किया जाएगा।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में, स्थापना दिवस समारोह सहित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सभी आधिकारिक कार्यक्रम अगले सात दिन के लिए रद्द कर दिए गए हैं।
केंद्र सरकार के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सौतेले भाई सुरजीत सिंह कोहली ने कहा, उन्हें अपने भाई के निधन की खबर मिली है। वे दिल्ली जा रहे हैं। कोहली ने फोन पर बताया कि वह दिल्ली जा रहे हैं।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। 'देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। एक प्रख्यात अर्थशास्त्री और प्रबुद्ध राजनेता होने के साथ ही उन्हें उनके सौम्य और सरल व्यवहार के लिए भी सदैव याद किया जाएगा। एक कुशल प्रशासक, वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने दशकों तक देश की सेवा की।'
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कहा, 'हमने एक महान नेता, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री को खो दिया है... हमने कल 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' रैली का आयोजन किया था। हमारे सभी प्रमुख नेता दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।' उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यक्रम रद्द हो चुके हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है। ममता ने गुरुवार रात डॉ सिंह के निधन पर एक्स पर लिखा, 'हमारे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आकस्मिक निधन से मैं बहुत स्तब्ध और दुखी हूं। मैंने उनके साथ काम किया था और केंद्रीय मंत्रिमंडल में उन्हें बहुत करीब से देखा था। उनकी विद्वता और बुद्धिमत्ता पर कोई सवाल नहीं था और देश में उनके द्वारा शुरू किए गए वित्तीय सुधारों की गहराई को व्यापक रूप से स्वीकार किया जाता है। देश को उनकी बहुत कमी खलेगी और मुझे उनके स्नेह की कमी खलेगी। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक प्रकट किया। राष्ट्रपति ने कहा, डॉ. मनमोहन सिंह उन दुर्लभ राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान सहजता से काम किया। सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और पार्टी सांसद राहुल गांधी कर्नाटक के बेलगावी से दिल्ली रवाना हो चुके हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर उन्होंने अपना मेंटर खो दिया।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, धनखड़ ने डॉ मनमोहन सिंह की तस्वीरें साझा कीं और कहा पद्म विभूषण से सम्मानित और 1991 में भारत के आर्थिक उदारीकरण के वास्तुकार रहे डॉ सिंह ने साहसपूर्वक हमारे देश को एक महत्वपूर्ण परिवर्तन के माध्यम से आगे बढ़ाया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया और कहा कि निश्चित तौर पर इतिहास दयालुता के साथ उनका मूल्यांकन करेगा। निःसंदेह, इतिहास आपका दयालुता के साथ मूल्यांकन करेगा, डॉ. मनमोहन सिंह जी! पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से, भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, बेदाग सत्यनिष्ठ नेता और अद्वितीय कद का अर्थशास्त्री खो दिया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया।
पीएम मोदी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा- भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक, डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।
प्रधानमंत्री ने गुजरात में मुख्यमंत्री रहने के दौरान अपने कार्यकाल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि सीएम रहने के दौरान उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह से लगातार कई मुद्दों पर बातचीत की। गवर्नेंस के मुद्दे पर उनसे कई बातें हुईं।
गुरुवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। उन्हें रात 8:06 बजे एम्स के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बाद भी उन्हें नहीं बचाया जा सका। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एम्स की तरफ से प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. रीमा डाडा ने बयान जारी किया। एम्स के बयान में कहा गया, 'गहरे दुःख के साथ, हमें यह सूचित करना पड़ रहा है कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, डॉ. मनमोहन सिंह, उम्र 92 वर्ष, का निधन हो गया। वे आयु से संबंधित चिकित्सीय समस्याओं का उपचार करा रहे थे और 26 दिसंबर 2024 को घर पर अचानक बेहोश हो गए।' एम्स के बयान के मुताबिक पहले उन्हें घर पर ही बचाने का हरसंभव प्रयास किया गया। इसके बाद एम्स, नई दिल्ली के मेडिकल इमरजेंसी विभाग में रात 8:06 बजे लाया गया। सभी प्रयासों के बावजूद, उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे मृत घोषित कर दिया गया।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन 92 साल की आयु में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में निधन हो गया। लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हुआ। देश के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की सरकार का लगातार दो बार नेतृत्व किया। 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे डॉ मनमोहन सिंह रिजर्व बैंक के गवर्नर भी रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। कांग्रेस पार्टी ने अपने तमाम कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। पीएम मनमोहन सिंह के निधन की पुष्टि दिल्ली कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर की गई। इसके अलावा कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया।