फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR Rain Live: दिल्ली में 24 घंटे बारिश का रिकॉर्ड भी टूटा, सितंबर में 77 साल बाद सबसे अधिक हुई

Sat, 11 Sep 2021 07:32 PM IST
कुमार संभव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Delhi NCR Weather Live: आईएमडी ने अपने ट्वीट में लिखा कि दिल्ली के कई इलाकों और एनसीआर यानी बहादुरगढ़, गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, करनाल, आसंध, पानीपत, गोहाना, गन्नौर, सोनीपत, खरखोदा, जींद, रोहतक, झज्जर में शनिवार को भारी बारिश हो सकती है। 
विज्ञापन
आज का मौसम: देहरादून में बारिश के बाद भरा पानी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:30 PM, 11-Sep-2021

दिल्ली: इस महीने 383 मिमी बारिश, 1944 के बाद से अब तक की सबसे अधिक

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार इस महीने दिल्ली में शनिवार शाम तक मानसून ने 383.4 मिमी बारिश दर्ज की है, जो सितंबर में 77 वर्षों में सबसे अधिक है।

06:16 PM, 11-Sep-2021

महाराष्ट्र: बारिश और बाढ़ से 17 लाख हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित

महाराष्ट्र के राहत और पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार ने शनिवार को कहा कि इस साल राज्य में लगभग 17 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि अत्यधिक बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुई है, जो पिछले 50 वर्षों का रिकॉर्ड हो सकता है। राज्य सरकार प्रभावितों को राहत देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।

06:05 PM, 11-Sep-2021

दिल्ली में 121 साल का रिकॉर्ड टूटा

आईएमडी के आरके जेनामणि ने बताया कि दिल्ली में इस साल 121 साल में सबसे ज्यादा 24 घंटे बारिश हुई। सितंबर में 77 साल में सबसे ज्यादा 390 मिमी बारिश हुई है। सितंबर 1944 में 417 मिमी के बाद यह सबसे ज्यादा है। दिल्ली में चार महीनों में 1139 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो कि बीते 46 साल में सबसे अधिक है। साल 1975 में 1155 मिमी बारिश हुई थी।

विज्ञापन
05:57 PM, 11-Sep-2021

पालम फ्लाईओवर के नीचे फंस गई थी बस, 40 यात्री सुरक्षित

दिल्ली दमकल सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा कि भारी बारिश के कारण शनिवार को आईजीआई हवाई अड्डे के पास की कई सड़कें और अंडरपास जलमग्न हो गए। हवाईअड्डे के कुछ इलाके भी जलमग्न हो गए। भारी जलभराव के कारण 40 यात्रियों वाली एक बस पालम फ्लाईओवर के नीचे फंस गई। दो दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

05:44 PM, 11-Sep-2021

ओडिशा में भारी बारिश की संभावना

भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है और इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। अगले दो दिनों में ओडिशा में भारी बारिश होने की संभावना है।

विज्ञापन
05:13 PM, 11-Sep-2021

दिल्ली: कल सुबह तक जारी रहेगी भारी बारिश

मौसम विभाग के आरके जेन्नामणि ने बताया कि दिल्ली में भारी बारिश कल (रविवार) सुबह तक जारी रहेगी। जो दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और राजस्थान को कवर करेगी। पूर्वी राजस्थान और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने वाले सिस्टम के और तेज होने की संभावना है। दिल्ली में 17-18 सितंबर तक बारिश होगी। 

03:22 PM, 11-Sep-2021

दिल्ली के कई इलाकों मेंं भरा पानी

दिल्ली के मोती बाग और आरके पुरम समेत शहर के कई हिस्सों से जलभराव की खबरें आई हैं। नगर निगमों के अनुसार, मोती बाग और आरके पुरम के अलावा मधु विहार, हरी नगर, रोहतक रोड, बदरपुर, सोम विहार, आईपी स्टेशन के समीप रिंग रोड, विकास मार्ग, संगम विहार, महरौली-बदरपुर रोड, पुल प्रह्लादपुर अंडरपास, मुनीरका, राजपुर खुर्द, नांगलोई और किराड़ी समेत अन्य मार्गों पर भी जलभराव देखा गया। लोगों ने सड़कों पर जलभराव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए।

 

02:57 PM, 11-Sep-2021

बारिश से आफत, लेकिन बच्चों ने की मस्ती

दिल्ली-एनसीआर में सुबह से हुई भारी बारिश ने लोगों को परेशानी में डाल दिया, लेकिन कई इलाकों में बच्चे मस्ती करते नजर आए।
 

 

02:35 PM, 11-Sep-2021

एनसीआर में लगा भीषण जाम

बारिश के कारण नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी कई जगहों पर भारी जलभराव होने के चलते सड़कों पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। भारी बारिश के आगे नगर निगमों द्वारा किए गए पानी निकासी के बंदोबस्त और दावे भी ध्वस्त हो गए। सभी जगहों पर अंडरपासों में पानी भर गया। इसके चलते लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

 

02:26 PM, 11-Sep-2021

दिल्ली में बारिश ने किया बेहाल

02:22 PM, 11-Sep-2021

18 साल का रिकॉर्ड टूटा

दिल्ली में एक तरफ बारिश ने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया तो दूसरी तरफ 46 साल में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड भी बना लिया। यहां 1 जून से मानसून शुरू होता है। बरसात के पूरे सीजन में औसतन 649.8 मिमी बारिश होती है। 1 जून से 10 सितंबर तक औसतन 586.4 मिमी बारिश होती है। इस बार यह आंकड़ा 10 सितंबर को 1005.3 पर पहुंच गया।

02:08 PM, 11-Sep-2021

इंदिरापुरम में धंस गई सड़क

गाजियाबाद के इंदिरापुरम में स्थित शिप्रा सृष्टि सोसाइटी के पास सड़क धंस गई। सड़क धंसने से काफी बड़ा गड्ढा हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया है।

01:40 PM, 11-Sep-2021

उत्तराखंड में भूस्खलन, कई वाहन क्षतिग्रस्त

उत्तराखंड में भी भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते रुद्रप्रयाग के पास ऋषिकेश-बद्रीनाथ मार्ग पर भूस्खलन हुआ, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
 

 

01:18 PM, 11-Sep-2021

आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर भरा पानी

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार देर रात से हो रही भारी बारिश के बाद दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) के टर्मिनल-3 पर भी जलभराव हो गया। इसके चलते यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, सड़कों पर जगह-जगह हुए जलजमाव और ट्रैफिक जाम से लोग बेहाल हैं।

12:57 PM, 11-Sep-2021

रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह से भारी बारिश के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

12:14 PM, 11-Sep-2021

दिल्ली एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट डायवर्ट

भारी बारिश के चलते दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जलभराव हो गया है। इसकी वजह से कई फ्लाइट्स को जयपुर और अहमदाबाद डायवर्ट कर दिया गया है।
 

 

11:45 AM, 11-Sep-2021

इन राज्यों में कम हुई बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य भारत में 39 फीसद कम वर्षा हुई। इस क्षेत्र में महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा आते हैं। उत्तर पश्चिम भारत संभाग में उत्तर के राज्य शामिल हैं। इस क्षेत्र में 30 फीसद कम बारिश दर्ज हुई है।

11:22 AM, 11-Sep-2021

दिल्ली एयरपोर्ट पर भी भरा पानी

दिल्ली में भारी बारिश के कारण एयरपोर्ट पर भी पानी भर गया है। इसकी वजह से विमानों की आवाजाही में भी दिक्कत हो रही है। 

 

 

11:00 AM, 11-Sep-2021

राजस्थान में तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सिरोही, राजसमंद, चित्तौडगढ़़ व झालावाड़ में अगले तीन दिन तक भारी बरसात हो सकती है। 

10:45 AM, 11-Sep-2021

पिछले माह कमजोर रहा मानसून

अगस्त महीने में 24 फीसद कम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि यह 12 वर्षो में न्यूनतम है। देश में कमजोर मानसून के दो बड़े सप्ताह नौ से 16 अगस्त और 23 से 27 अगस्त साबित हुए। 

10:34 AM, 11-Sep-2021

13 जुलाई को दिल्ली में आया था मानसून

दिल्ली में 13 जुलाई को मानसून की एंट्री हुई। यह 19 साल की सबसे देरी से पहुंचा। इसके बावजूद यहां 16 दिन बारिश हुई, जो चार साल में सबसे ज्यादा है। अगस्त में सिर्फ 10 दिन बारिश हुई जो सात साल में सबसे कम है। वहीं, सितंबर में अब तक 248.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि आमतौर पर दिल्ली में सितंबर में 129.8 मिमी बारिश होती है।

 

10:20 AM, 11-Sep-2021

इस सीजन में औसत से दोगुनी बारिश दर्ज

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में 1 जून से मानसून शुरू होता है। बरसात के पूरे सीजन में यहां औसतन 649.8 मिमी बारिश होती है। बात 1 जून से 10 सितंबर तक की करें तो औसतन 586.4 मिमी बारिश होती है। इस बार यह आंकड़ा 10 सितंबर को 1005.3 पर पहुंच गया। इससे पहले यहां 2003 में 1005 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

10:06 AM, 11-Sep-2021

जलवायु परिवर्तन के कारण बदल रहा मानसून पैटर्न

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के चलते मानसून पैटर्न में बदलाव हो रहा है। अब सिर्फ 24 घंटे में 100 मिमी तक बारिश हो रही है। पहले इतनी बारिश 10 से 15 दिन में होती थी। ऐसी बारिश से ग्राउंडवॉटर रिचार्ज नहीं होता और निचले क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति हो जाती है।

10:04 AM, 11-Sep-2021

दिल्ली में सुबह से भारी बारिश, 24 डिग्री दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान

दिल्ली में शनिवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी। 

09:54 AM, 11-Sep-2021

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर में हल्की से तेज बारिश होने का अनुमान है। इसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक दिल्ली, NCR, हरियाणा और UP के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।

09:39 AM, 11-Sep-2021

18 साल में पहली बार मानसून में 1000 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज

देश की राजधानी में शुक्रवार रात से बारिश हो रही है। दिल्ली में इस साल भले ही मानसून ने देर से दस्तक की हो, लेकिन इसने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। राजधानी दिल्ली में इस मानसून सीजन में अब तक 1005.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह 2010 के बाद से पहली बार है, जब दिल्ली में बारिश ने मानसून में 1000 मिमी का आंकड़ा पार किया। इससे पहले 1 सितंबर को दिल्ली में 19 साल बाद एक दिन की ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड बना था।

 

09:22 AM, 11-Sep-2021

मुंबई में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

मुंबई में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। बीएमसी ने बताया कि मुंबई शहर और उपनगरीय इलाकों के कुछ हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है। 

 

 

09:16 AM, 11-Sep-2021

पंजाब के कई शहरों में भारी बारिश

पंजाब के भी कई शहरों में भारी बारिश हो रही है। इसकी वजह से जलालाबाद, पठानकोट और अमृतसर में जलभराव की स्थिति बन गई है। अमृतसर में तो सुबह पांच बजे से भारी बारिश हो रही है। 

08:59 AM, 11-Sep-2021

दिल्ली के मधु विहार इलाके में भारी जलभराव

भारी बारिश से दिल्ली के मधु विहार इलाके में जलभराव हो गया है। इसकी वजह से डीटीसी बसों के पहिये पानी में डूब गए हैं। 
 

 

08:53 AM, 11-Sep-2021

आईएमडी ने दी यह जानकारी

आईएमडी ने अपने ट्वीट में लिखा कि दिल्ली के कई इलाकों और एनसीआर यानी बहादुरगढ़, गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, करनाल, आसंध, पानीपत, गोहाना, गन्नौर, सोनीपत, खरखोदा, जींद, रोहतक, झज्जर में शनिवार को भारी बारिश हो सकती है। 

08:37 AM, 11-Sep-2021

Delhi NCR Rain Live: दिल्ली में 24 घंटे बारिश का रिकॉर्ड भी टूटा, सितंबर में 77 साल बाद सबसे अधिक हुई

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार (11 सितंबर) सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। इसकी वजह से कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। आईएमडी का अनुमान है कि दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद, करनाल और मानेसर आदि में शनिवार को पूरे दिन भारी बारिश हो सकती है। इसके चलते आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान जताया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें