फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Cyclone Dana Live: पीएम मोदी ने सीएम माझी से फोन पर तैयारी की जानकारी ली; चक्रवात 'दाना' पर नजर रख रहा इसरो

Thu, 24 Oct 2024 10:32 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर

खास बातें

ओडिशा और पश्चिम बंगाल में आज चक्रवात और भीषण तूफान आने की आशंका है। भारतीय मौसम विभाग ने भी दोनों राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है। आइये जानते हैं कि प्रभावित राज्य सरकारों ने दाना चक्रवात से निपटने के लिए क्या क्या इंतजाम कर रखे हैं और इसके क्या अपडेट हैं...
विज्ञापन
दाना चक्रवात - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:10 AM, 24-Oct-2024

ओडिशा से केवल 50 किलोमीटर दूर है दाना, बंगाल से 170 लगभग KM की दूरी

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात तूफान दाना ओडिशा के पाराद्वीप से 50 किलोमीटर, धामरा से 60 किलोमीटर और पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप से 170 किलोमीटर दूर है। अब तक 2 लाख 11 हजार 234 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है। पश्चिम बंगाल के राज्य सचिवालय- नवान्न से जारी रिपोर्ट के मुताबिक राहत और बचाव दल मुस्तैद हैं। चक्रवाती तूफान से प्रभावित होने की आशंका से जूझ रहे इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

10:28 PM, 24-Oct-2024

ओडिशा और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रहे 'दाना' पर नजर रख रहा इसरो

वहीं भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने गुरुवार को कहा कि उसके उपग्रह ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों की ओर बढ़ रहे चक्रवाती तूफान 'दाना' पर नजर रख रहे हैं और आपदा प्रबंधन प्रयासों में सहायता के लिए वास्तविक समय के आंकड़े उपलब्ध करा रहे हैं। इसरो ने कहा कि ध्रुवीय परिक्रमा करने वाला उपग्रह ईओएस-06 और भूस्थिर उपग्रह इनसैट-3डीआर नियमित रूप से चक्रवात की स्थिति के बारे में बहुमूल्य जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, चक्रवाती तूफान 'दाना' ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों की ओर बढ़ रहा है। इसरो के ईओएस-06 और इनसैट-3डीआर उपग्रह 20 अक्टूबर से ही तूफान पर नज़र रख रहे हैं और आपदा प्रबंधन प्रयासों में सहायता के लिए वास्तविक समय के आंकड़े उपलब्ध करा रहे हैं। इसरो ने कहा कि प्रारंभिक पहचान में सहायता करते हुए, ईओएस-06 ने समुद्री हवा के पैटर्न का पता लगाया, जिससे सुरक्षा उपायों के लिए बहुमूल्य समय मिला, जबकि निरंतर अपडेट प्रदान करते हुए इनसैट-3डीआर वास्तविक समय के क्लाउड डेटा प्रदान करता है, जिससे अधिकारियों को सूचित निर्णय लेने में मदद मिलती है।
 

10:15 PM, 24-Oct-2024

PM मोदी ने ओडिशा के सीएम माझी को दो बार किया फोन, चक्रवात की तैयारियों के बारे में जानकारी ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को दो बार फोन किया और आने वाले चक्रवात के लिए राज्य की तैयारियों के बारे में जानकारी ली, जो आधी रात के बाद भितरकनिका और धामरा के बीच दस्तक देगा। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान के अनुसार, बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों के चल रहे पुनर्वास और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ और ओडीआरएएफ जैसे प्रतिक्रिया बलों की तैनाती के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

प्रधानमंत्री ने राज्य की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री के साथ स्थिति पर चर्चा की और सभी आवश्यक सहायता और समर्थन प्रदान करने का वादा किया। भारतीय मौसम विभाग की शाम 5.30 बजे के नए बुलेटिन के अनुसार, गंभीर चक्रवात 'दाना' पिछले 6 घंटों के दौरान 13 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है और पारादीप (ओडिशा) से लगभग 90 किमी दक्षिण-पूर्व, धामरा (ओडिशा) से 110 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) से 210 किमी दक्षिण में केंद्रित है।

विज्ञापन
08:38 PM, 24-Oct-2024

ओडिशा के आपदा मंत्री की जनता से अपील

ओडिशा के आपदा मंत्री सुरेश पुजारी ने चक्रवात दाना पर कहा कि, मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे राहत केंद्रों में चले जाएं। जीवन अनमोल है और हम हर व्यक्ति के जीवन के बारे में चिंतित हैं। केंद्रों में लोगों को सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसलिए कृपया घर पर न रहें, घर सुरक्षित नहीं है।
 

08:02 PM, 24-Oct-2024

चक्रवात 'दाना' को लेकर जिला हेल्पलाइन नंबर जारी

ओडिशा सरकार ने चक्रवात 'दाना' के आने से पहले जिला हेल्पलाइन नंबर जारी किया।

विज्ञापन
07:53 PM, 24-Oct-2024

अभी तक सब कुछ नियंत्रण में- ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त

ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त देवरंजन सिंह ने चक्रवात 'दाना' को लेकर कहा कि, अभी तक सब कुछ नियंत्रण में है, अधिकारी कई जगहों पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। आज की रात बहुत महत्वपूर्ण है और कल सुबह चक्रवाती तूफान के आने के बाद हम स्थिति का फिर से मूल्यांकन करेंगे।
 

07:44 PM, 24-Oct-2024

'दाना' के कारण हवाई सेवाएं हुई बाधित

भुवनेश्वर: चक्रवाती तूफान 'दाना' के कारण आज शाम पांच बजे से 25 अक्तूबर को रात नौ बजे तक उड़ान परिचालन अस्थायी रूप से निलंबित रहेगा।
 
 

07:36 PM, 24-Oct-2024

चक्रवात 'दाना' को लेकर इन जगहों पर रेड अलर्ट

वहीं चक्रवात 'दाना' के बारे में आईएमडी की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, "यह उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है और आज मध्यरात्रि और 25 अक्तूबर की सुबह के दौरान एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पुरी और सागर द्वीप के बीच उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट को भितरकनिका के बहुत करीब से पार करेगा। इस दौरान हवा की गति 100-110 किमी प्रति घंटे से लेकर 120 किमी प्रति घंटे तक होगी। इसे लेकर मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक और जाजपुर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। 
 

07:18 PM, 24-Oct-2024

ओडिशा के खोरधा में प्रशासन की तैयारी

ओडिशा के खोरधा में जिला प्रशासन ने चक्रवात दाना के आने से पहले चिल्का झील के तटीय क्षेत्र से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। चक्रवात दाना के कल 25 अक्तूबर को धामरा बंदरगाह पर पहुंचने की उम्मीद है।
 
 

07:12 PM, 24-Oct-2024

नबन्ना से 'दाना' पर नजर रख रहीं सीएम ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज रात ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के बीच नबन्ना में चक्रवात 'दाना' के संभावित दस्तक से पहले स्थिति की निगरानी कर रही हैं।
 

04:36 PM, 24-Oct-2024

आज रात नबन्ना में ही रूकेंगी सीएम ममता बनर्जी

देश के कई राज्यों में चक्रवात 'दाना' को लेकर जारी अलर्ट के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, मैं चक्रवात 'दाना' के आने तक आज रात नबन्ना में ही रहूंगी।

04:08 PM, 24-Oct-2024

लोगों को सुरक्षित जगह पर भेजा जा रहा: ममता बनर्जी

दाना चक्रवात को लेकर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि मैं आज रात राज्य सचिवालय नबन्ना में ही रहूंगीं। हालात की पूरी निगरानी की जा रही है। हम पूरी तरह से सतर्क हैं। लोगों को सुरक्षित जगह पर भेजा रहा है। 
 

03:19 PM, 24-Oct-2024

तूफान ‘दाना’: सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को जगन्नाथ मंदिर में नहीं जाने की सलाह

चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के ओडिशा तट की ओर बढ़ने के मद्देनजर अधिकारियों ने गुरुवार को श्रद्धालुओं को पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर में न जाने की सलाह दी तथा 12वीं शताब्दी के इस मंदिर पर आपदा के प्रभाव को न्यूनतम करने के लिए तैयारियां तेज कर दीं। पुरी के जिलाधिकारी सिद्धार्थ एस स्वैन ने कहा कि महीने भर कार्तिक व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं समेत सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षा कारणों के चलते मंदिर आने से बचना चाहिए। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने एक बयान में कहा कि मंदिर में दैनिक अनुष्ठानों को कायम रखते हुए सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि तूफान ‘दाना’ के शुक्रवार को तड़के तटीय क्षेत्र पर पहुंचने के दौरान पुरी जिले में 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जिले में भारी बारिश होने की भी संभावना है। मंदिर को तेज हवाओं और बारिश से बचाने के लिए प्रशासन ने मंदिर के दरवाजों और खिड़कियों की जांच की है। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि पुरी के बाहर से आने वाले भक्तों को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। बुजुर्ग महिलाओं और कार्तिक व्रत रखने वालों के लिए भी विशेष उपाय किए गए हैं। प्रशासन ने चक्रवात में सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए कदम उठाए हैं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि बिजली कटौती की स्थिति में पंप और जेनरेटर सेट अन्य उपकरणों के साथ तैयार रखे गए हैं।

श्री जगन्नाथ मंदिर के अलावा, जिला प्रशासन और एएसआई ने कोणार्क में 13वीं शताब्दी के सूर्य मंदिर में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए हैं। एएसआई ने कोणार्क मंदिर को दो दिन के लिए बंद कर दिया है, जबकि जिला पुलिस ने सभी पर्यटकों को समुद्र तटों पर जाने से रोक दिया है।

02:19 PM, 24-Oct-2024

झारखंड में भी तूफान के असर से होगी भारी बारिश

आईएमडी डीजी डॉ. मृत्युंजय महापात्रा का कहना है कि, 'चक्रवाती तूफान दाना कल आधी रात को एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा। आज सुबह यह लगभग 200 किमी दूर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है। वर्तमान में चक्रवाती तूफान के चलते हवा की गति लगभग 95 से 105 किमी/घंटा है। वहीं ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पर, हवा की गति लगभग 60 से 70 किमी/घंटा है। हवा की गति धीरे-धीरे और बढ़ेगी। आज दोपहर तक समुद्र के ऊपर यह 100 से 120 किमी/घंटा हो जाएगी और तटीय इलाकों में भी इसकी गति बढ़ेगी। आज रात से कल सुबह तक यह 100 से 120 किमी/घंटा हो जाएगी। हम उम्मीद कर रहे हैं कि चक्रवात दाना उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा और पुरी और सागर द्वीप के बीच ओडिशा, पश्चिम बंगाल के तट से टकराएगा। तूफान का सबसे प्रतिकूल प्रभाव ओडिशा और उसके बाद पश्चिम बंगाल पर पड़ेगा। तटीय इलाकों से टकराने के बाद इसके उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की उम्मीद है और इसके असर से दक्षिण झारखंड में भारी वर्षा का अनुमान है। हमने दक्षिण झारखंड के जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। 24 और 25 तारीख को झारखंड में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और ओडिशा के जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।'
 

12:24 PM, 24-Oct-2024

नौसेना भी मानवीय मदद अभियान चलाएगी

चक्रवाती तूफान दाना की भीषणता को देखते हुए भारतीय नौसेना ने भी मानवीय बचाव अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। नौसेना की ईस्टर्न नेवल कमांड ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल के प्रभारी अधिकारियों के साथ मिलकर अभियान चलाएगी, जिसमें नौसेना राहत और बचाव कार्यों में मदद के साथ ही राज्यों को जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराएगी। 
 

11:41 AM, 24-Oct-2024

चक्रवात के चलते पुरी का जिला प्रशासन हाई अलर्ट

चक्रवाती तूफान दाना के चलते पुरी के समुद्र तट पर ऊंची-ऊंची लहरे उठ रही हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पुरी के तट से सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। जिला प्रशासन हालात को देखते हुए पूरी मुस्तैदी बरत रहा है। वहीं भद्रक जिले में तेज हवाएं चल रही हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। 
 
 

10:32 AM, 24-Oct-2024

'लोगों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता'

अडानी समूह के ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बंदरगाह बिजनेस डेवलपमेंट के अध्यक्ष सुब्रत त्रिपाठी ने कहा कि 'आज के आकलन के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात या 25 अक्टूबर को चक्रवात के आने की संभावना है, चक्रवात का केंद्र बंदरगाह के ऊपर से गुजरेगा। हमने जहाज हटा लिए हैं। लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। बंदरगाह खाली कर दिया गया है। कर्मचारी केवल आपातकालीन पदों पर हैं। हमारी कॉलोनी सुरक्षित है, हमने आस-पास के कुछ होटलों का भी उपयोग किया है। हम एनडीआरएफ, ओएसडीएमए (ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण), गृह मंत्रालय के साथ समन्वय कर रहे हैं और हम एक टीम के रूप में मिलकर काम करना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य है कि किसी भी तरह की जान का नुकसान न हो।' तूफान के चलते ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में तेज हवाएं चल रही हैं। 
 

10:01 AM, 24-Oct-2024

बंगाल राज्यपाल ने रद्द किए अपने सभी कार्यक्रम

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने चक्रवाती तूफान दाना के चलते अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और वह राजभवन में स्थित कंट्रोल रूम से हालात पर नजर रखेंगे। वीडियो संदेश में राज्यपाल ने लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा दिए जा रहे सभी दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की। 
 

09:47 AM, 24-Oct-2024

मौसम विभाग ने बताया कहां तक पहुंचा चक्रवात दाना

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में बना भीषण चक्रवाती तूफान 'दाना' पिछले 6 घंटे के दौरान 12 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ गया और आज, 24 अक्टूबर को सुबह साढ़े पांच बजे भारतीय समयानुसार यह बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और उससे सटे मध्य क्षेत्र में, अक्षांश 18.5° उत्तर और देशांतर 88.2° पूर्व के पास, पारादीप (ओडिशा) से लगभग 260 किमी दक्षिण-पूर्व, धामरा (ओडिशा) से 290 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) से 350 किमी दक्षिण में केंद्रित हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि जब यह तूफान ओडिशा और बंगाल के तट से टकराएगा तो उस दौरान हवा की गति 100-120 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंच सकती है। 
 

09:18 AM, 24-Oct-2024

चक्रवात 'दाना' के मद्देनजर दिशा-निर्देशों पर भद्रक में सहायक मत्स्य अधिकारी संदीप बेहरा ने बताया, 'भद्रक में 911 पंजीकृत नाव हैं। सरकार की तरफ से आदेश जारी किया गया है कि 26 तारीख तक मछली पकड़ना बंद है। 20 तारीख से आदेश जारी किया गया था।'
 

09:08 AM, 24-Oct-2024

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा

चक्रवाती तूफान दाना के चलते तूफान प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने का काम जारी है। भद्रक जिले में लोगों को सुरक्षित शेल्टर में रखा गया है। भद्रक जिले के कलेक्टर दिलीप रोतराई ने कहा कि हम प्रभावित इलाकों से लोगों को निकाल रहे हैं। कुछ लोग रास्ते में हैं और अधिकतर को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। कुछ लोगों को पुलिस द्वारा उनके घरों से लाया गया क्योंकि वे लोग अपना घर नहीं छोड़ना चाहते थे। एनडीआरएफ की तीन और दो ओडीआरएफ और चार अग्निशमन विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। 
 

08:05 AM, 24-Oct-2024

तूफान की आहट से तेज हवाएं चलना शुरू

ओडिशा के भद्रक जिले में चक्रवाती तूफान दाना की आहट से तेज हवाएं चल रही हैं। तूफान ओडिशा और बंगाल के तट से आज मध्य रात्रि में टकरा सकता है। 
 

07:27 AM, 24-Oct-2024

आज शाम छह बजे से उड़ाने निरस्त
कोलकाता हवाईअड्डा प्राधिकारियों ने हालात को देखते हुए बृहस्पतिवार शाम छह बजे से अगले 15 घंटों के लिए सभी उड़ानों को निरस्त करने का फैसला किया है। हवाईअड्डा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

07:27 AM, 24-Oct-2024

288 बचाव दल तैनात, 6,000 राहत शिविर बनाए  
सरकार ने आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, अग्निशमन कर्मियों की 288 टीमों को तैनात की है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि संवेदनशील जिलों के 3,000 से ज्यादा गांवों की पहचान की गई है, जहां से करीब 10.60 लाख लोगों को पहले ही निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा करीब 6,000 राहत शिविर बनाए गए हैं।

07:27 AM, 24-Oct-2024

मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि चक्रवात के तट से टकराने की प्रक्रिया 24 अक्तूबर की रात को शुरू होगी और यह 25 की सुबह तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि तट से टकराने से पहले इसकी गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि इसके तट से टकराने की प्रक्रिया आमतौर पर धीमी होती है और इसमें करीब पांच से छह घंटे का समय लगता है। ताजा जानकारी के मुताबिक पिछले छह घंटों में ‘दाना’ 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।

06:55 AM, 24-Oct-2024

200 से अधिक ट्रेन की गईं रद्द
सरकार ने मछुआरों को 26 अक्तूबर तक गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। इसके अलावा 200 से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। 

06:05 AM, 24-Oct-2024

मौसम विभाग ने बुधवार को कहा कि चक्रवात के शुक्रवार सुबह केंद्रपाड़ा जिले के भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और बंगाल की खाड़ी के पास भद्रक जिले के धामरा बंदरगाह के बीच टकराने की आशंका है। इस बीच चक्रवात के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने पहले ही स्कूलों को बंद करने के आदेश दे दिए हैं।

05:01 AM, 24-Oct-2024

Cyclone Dana Live: पीएम मोदी ने सीएम माझी से फोन पर तैयारी की जानकारी ली; चक्रवात 'दाना' पर नजर रख रहा इसरो

चक्रवात दाना ओडिशा के तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इससे राज्य की लगभग आधी आबादी के प्रभावित होने का खतरा है। इस बीच सरकार ने राज्य के 14 जिलों से करीब दस लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें