मानसून से पहले के मौसम में बंगाल की खाड़ी में आए इस पहले चक्रवात के बारे में मौसम विभाग ने बताया कि रेमल के तट से टकराने के दौरान समुद्र में काफी ऊंची लहरें उठीं। चक्रवात के टकराने के साथ ही बंगाल और उत्तरी ओडिशा के कई जिलों, असम और मेघालय में भारी बारिश की हुई। मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में 27-28 मई को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
चक्रवात रेमल को लेकर मौसम विभाग (IMD) ने ताजा जानकारी दी है। IMD के मुताबिक उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान 'रेमल' पिछले 06 घंटों के दौरान 13 किमी प्रति घंटे की गति के साथ लगभग उत्तर की ओर बढ़ा। पश्चिम बंगाल में मोंगला के दक्षिण-पश्चिम के करीब सागर द्वीप और खेपुपारा के बीच बांग्लादेश और आसपास के पश्चिम बंगाल तटों को पार कर गया। इस गंभीर चक्रवाती तूफान के दौरान हवा की गति 110 से 120 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 135 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई।
रात बीतने के बाद सुबह भी तेज हवाओं का प्रकोप; दक्षिण 24 परगना से सामने आया वीडियो
धीरे-धीरे कमजोर होगा 'गंभीर चक्रवाती तूफान'
रेमल चक्रवात 26 और 27 मई की दरम्यानी रात लगभग 01:30 बजे तटीय बांग्लादेश और निकटवर्ती तटीय पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप समूह (पश्चिम बंगाल) से लगभग 115 किमी पूर्व में केंद्रित रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, रेमल 27 मई 2024 की सुबह तक धीरे-धीरे कमजोर होकर एक चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा।
गंभीर चक्रवाती तूफान 'रेमल' पश्चिम बंगाल के कैनिंग से लगभग 80 किमी दक्षिण दिशा में है। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तटों को पार कर रहा है, उत्तर की ओर बढ़ रहा है। राहत की बात है कि चक्रवात धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी रहने के दौरान बारिश और तेज हवाएं चलती रहीं। ऐसे ही हालात 2 घंटों तक जारी रहने का अनुमान है। यानी सोमवार तड़के करीब चार-पांच बारिश और तेज हवाएं चलती रहेंगी।
दक्षिण कोलकाता के उपायुक्त प्रियब्रत रॉय ने बताया कि कुछ जगहों पर पेड़ उखड़ने की सूचना मिली है। प्रभावित इलाकों में कोलकाता नगर पालिका की टीम, कोलकाता पुलिस की आपदा प्रबंधन टीम पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी से जारी है। सुबह तक स्थिति ठीक होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि चक्रवाती तूफान पर पुलिस का विशेष एकीकृत नियंत्रण कक्ष रात भर हालात की निगरानी कर रहा है।
चक्रवाती तूफान रेमल की मार झेल रहे पश्चिम बंगाल के अलीपुर में पेड़ उखड़ने के कारण सड़कें बाधित हुईं। राहत और बचाव कार्यों में लगी टीम ने आधी रात सड़कों पर गिरी टहनियों और पेड़ को काटकर रास्ता साफ किया।
मौसम विज्ञान केंद्र कोलकाता के पूर्वी क्षेत्र प्रमुख सोमनाथ दत्ता ने बताया कि बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल तट पर चक्रवात रेमल के तट से टकराने की प्रक्रिया रात लगभग 8:30 बजे शुरू हुई। उन्होंने बताया कि चक्रवात के लैंडफॉल की प्रक्रिया रात 12:30 बजे तक पूरा होने का अनुमान है।
गंभीर चक्रवाती तूफान रेमल के कारण बंगाल में तेज हवाएं औऱ बारिश हो रही है। कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़े हैं। सागर द्वीप से सामने आए विजुअल में देखा जा सकता है कि एनडीआरएफ और राज्य आपदा मोचन बल के कर्मी मौके पर मुस्तैद हैं और राहत और बचाव कार्य रात के अंधेरे में भी जारी है।
कोलकाता के कालीघाट में भी मूसलाधार बारिश
चक्रवाती तूफाने के तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद मौसम विभाग ने बताया कि 110 किमी प्रतिघंटा रफ्तार से लैंडफॉल के बाद रेमल बंगाल की खाड़ी से तूफान और उत्तर दिशा की तरफ आगे बढ़ा है। गौरतलब है कि चक्रवात रेमल का अलर्ट आने के बाद कोलकाता में विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक यात्रियों को विमानन कंपनी ने मैसेज भेजकर जानकारी दी थी। कोलकाता एयरपोर्ट 21 घंटे के लिए बंद किया गया है। रविवार दोपहर 12 से सोमवार सुबह नौ बजे तक कोलकाता से विमान सेवाएं निलंबित रहेंगी।
रेमल पर मौसम विभाग ने दिया अपडेट
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) से लगभग 110 किमी पूर्व में बंगाल की उत्तरी खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान (एससीएस) रेमल लगभग उत्तर की ओर बढ़ रहा है। चक्रवात सागर द्वीप और खेपूपारा के बीच बांग्लादेश और आसपास के पश्चिम तटों को अगले 3 घंटों में पार करेगा। बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिम में मोंगला में रेमल गंभीर चक्रवाती तूफान बना रहेगा।
गृहमंत्री शाह ने भी किया ट्वीट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए कहा कि चक्रवात के मद्देनजर संबंधित अधिकारियों से बात की। एनडीआरएफ की पर्याप्त तैनाती की गई है। लोगों को सुरक्षित क्षेत्रों में पहुंचाया जा रहा है। राहत दल युद्ध स्तर पर काम कर रही हैं। मोदी सरकार आपदाओं में न्यूनतम हताहत होने के लिए प्रतिबद्ध है।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने ट्वीट करते हुए कहा कि आप सभी घर रहें और सुरक्षित रहें। हम आज और हमेशा आपके लिए मौजूद हैं। तूफान भी गुजर जाएगा।
मौसम कार्यालय ने कहा कि चक्रवात रेमल बंगाल और बांग्लादेश के तटों के बीच 110 से 120 किमी प्रति घंटे की तीव्रता के साथ 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पहुंचा।
कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने चक्रवात के बाद के प्रबंधन के लिए किए गए उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम पानी साफ करना शुरू कर देंगे। हम फिर से हालात को सामान्य बना देंगे। हमारी टीमें हर नगर में मौजूद हैं।
चक्रवात की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया।
एनडीआरएफ ने बताया कि एनडीआरएफ की कुल 14 टीमों को 9 जिलों में तैनात किया गया है। इसमें, हुगली-1, हावड़ा-1, दक्षिण 24 परगना-3, उत्तर 24 परगना-2, पूर्व मेदिनीपुर-2, पश्चिम मेदनीपुर-2, कोलकाता-1, मुर्शिदाबाद-1, नादिया-1 शामिल है।
वीरान हुआ कलकत्ता हवाईअड्डा
उड़ान संचालन निलंबित होने के कारण कोलकाता हवाई अड्डे की टर्मिनल इमारत वीरान नजर आई। हवाईअड्डा हमेशा अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय यात्रियों से खचाखच भरा रहता था लेकिन आज यहां सिर्फ मुट्ठी भर हवाईअड्डा कर्मी और सुरक्षाकर्मी हैं। रविवार दोपहर से 21 घंटे के लिए उड़ान संचालन रोकने का निर्णय लिया गया है।
तटरक्षक बल आईसीजी के जहाज और विमान दो दिनों से मछुआरों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में एक एनडीआरएफ के अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर एनडीआरएफ की दूसरी बटालियन की एक टीम को हसनाबाद में तैनात किया गया है और हम पूरी तरह से तैयार हैं।
एनडीआरएफ के जवानों ने जागरूकता अभियान के तहत उत्तर डांगा में लोगों के लिए घोषणाएं कीं।
राज्यपाल बोस घटना पर रख रहे हैं नजर
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए वे राज्य और केंद्रीय विशेषज्ञों के साथ लगातार संपर्क में हैं। बोस ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को महत्व दिया और अपील की कि लोग प्रसाशन के एसओपी का पालन करें।
ओडिशा के चार जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने रेमल के मद्देनजर ओडिशा के चार जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि भद्रक, बालासोर, केंद्रपाड़ा और मयूरभंज जिलों में 7 से 11 सेमी तक भारी वर्षा हो सकती है। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) सत्यब्रत साहू ने बताया कि कलेक्टरों ने तैयारियों की समीक्षा की। साहू ने कहा कि लगभग 20,000 मछली पकड़ने वाली नौकाओं को सुरक्षित रूप से ठिकाने लगा दिया गया है।
चक्रवात रेमल की प्रतिक्रिया और तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बैठक की अध्यक्षता की.
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई इस समीक्षा बैठक में कैबिनेट सचिव राजीव गौबा, गृह सचिव अजय भल्ला और प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा, मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के महानिदेशक पीयूष आनंद समेत कई शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने आपदा प्रबंधन से जुड़े बुनियादी ढांचे और अन्य संबंधित पहलुओं की जानकारी भी ली। पीएम मोदी ने कहा, 'मैं सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।'
त्रिपुरा के चार जिलों में अलर्ट
त्रिपुरा सरकार ने रविवार को रेमल के कारण चार जिलों- दक्षिण, धलाई, खोवाई और पश्चिम में रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्व सचिव ब्रिजेश पांडे ने बताया कि राज्य के मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा के लिए सभी हितधारकों के साथ आपदा प्रबंधन की राज्य कार्यकारी समिति की बैठक बुलाई है। बैठक में राजस्व और मौसम विभाग, भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण और सुरक्षा बलों के अधिकारी शामिल हुए। पांडे ने कहा कि शेष जिलों के लिए 27 और 28 मई के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भीषण चक्रवात के कारण पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में अत्यधिक भारी बारिश और कोलकाता और इसके आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना चक्रवात रेमल से पहले हसनाबाद गांव में एनडीआरएफ की टीम तैनात की गई है।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता शहर के कुछ हिस्सों में बरसात हो रही है। क्षेत्र में चक्रवात रेमल का आगमन हो रहा है। आईएमडी के अनुसार, चक्रवात आज आधी रात को बांग्लादेश और आसपास के पश्चिम बंगाल तटों के बीच टकराएगा।
हम पूरी तरह से तैयार: एनडीआरएफ
एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर जहीर अब्बास ने कहा, 'हम चक्रवात के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। अगर यहां चक्रवात आता है तो हमारे जवान हर तरह की आपदा से निपटने के लिए तैयार हैं। हमारी टीम अच्छी तरह से सुसज्जित है। हमारी टीम पेड़ गिरने या बाढ़ बचाव आदि के लिए तैयार है। हम हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।'
केरल में भारी बारिश
केरल में लगातार हो रही भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, सड़कें जलमग्न हो गई हैं।
कोलकाता हवाई अड्डे पर 394 उड़ानें रद्द
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक प्रवक्ता ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों क्षेत्रों की कुल 394 उड़ानें (आगमन और प्रस्थान) कोलकाता हवाईअड्डे से संचालित नहीं होंगी।
यहां ऑरेज अलर्ट जारी
बिहार के कुछ स्थानों पर भी बारिश हो सकती है। चक्रवात रेमल के चलते बंगाल में श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर रविवार शाम छह बजे से 12 घंटे के लिए सभी कार्गो और कंटेनर हैंडलिंग कार्यों को बंद करने का फैसला लिया गया है। मौसम विभाग ने 26-27 मई को दक्षिण 24 परगना में 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और उत्तर 24 परगना में 90 से 100 किमी प्रति घंटे से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है। विभाग ने कोलकाता, हावड़ा, नादिया और पूर्व मेदिनीपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।