फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Cyclone Biparjoy Live: गुजरात तट पर लैंडफॉल के बाद तेज हवा के साथ भारी बारिश; 22 घायल, दो की मौत

Fri, 16 Jun 2023 05:04 AM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Biparjoy Cyclone Live News Update in Hindi: चक्रवात बिपरजॉय के गुजरात के तट से टकराने के बाद तटीय जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। कई जगहों पर पेड़ और खंभे गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। साथ ही भावनगर में दो लोगों की मौत हो गई है।
विज्ञापन
कच्छ जिले के मांडवी शहर में चक्रवात के कारण चलती तेज हवा। - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:01 AM, 16-Jun-2023

मोरबी के मलिया तहसील के 45 गांवों में बिजली गुल: पीजीवीसीएल

द पश्चिम गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (पीजीवीसीएल), मोरबी के कार्यकारी अभियंता जेसी गोस्वामी ने बताया कि तेज हवाओं से बिजली के तार और खंभे टूट गए, जिससे मलिया तहसील के 45 गांवों में बिजली गुल हो गई। 11 गांवों में बिजली बहाल कर दी गई है। तटीय ग्रामीण और रेगिस्तानी इलाकों में 300 से ज्यादा बिजली के खंभे टूट गए हैं। पीजीवीसीएल शेष ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली बहाल करने के लिए काम कर रही है।


01:41 AM, 16-Jun-2023

चक्रवाती तूफान फिलहाल पाकिस्तान-कच्छ सीमा के पास: गुजरात के राहत आयुक्त

गुजरात के राहत आयुक्त आलोक पांडे ने बताया कि चक्रवाती तूफान फिलहाल पाकिस्तान-कच्छ सीमा के पास है। हवा की औसत गति 78 किमी प्रति घंटा है। बिजली जाने के आसार हैं। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार तूफान शुक्रवार को दक्षिणी राजस्थान पहुंचेगा। निचले इलाकों में लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। अचानक बाढ़ आने के आसार हैं। तूफान के उपरिकेंद्र के पास भारी वर्षा के साथ पूरे गुजरात में रुक-रुक कर बारिश होने की उम्मीद है।
 

01:36 AM, 16-Jun-2023

आईएमडी के निदेशक महापात्रा ने दी यह जानकारी

आईएमडी के निदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि चक्रवात बिपरजॉय उत्तर पूर्व की ओर बढ़ गया और गुजरात के जखाऊ बंदरगाह के करीब पाकिस्तान तट से सटे सौराष्ट्र-कच्छ को पार कर गया है। चक्रवात अब समुद्र से जमीन की ओर बढ़ गया है और सौराष्ट्र-कच्छ की ओर केंद्रित है। चक्रवात की तीव्रता घटकर 105-115 किमी प्रति घंटा रह गई है। यह अब प्रचंड चक्रवाती तूफान की श्रेणी में बदल गया है। राजस्थान में 16 जून को भारी बारिश हो सकती है।
 

विज्ञापन
01:12 AM, 16-Jun-2023

कच्छ जिले के मांडवी शहर में पूरी तरह से बिजली गुल

कच्छ जिले के मांडवी में तूफान के असर के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए तो कई इलाकों की बिजली चली गई। वहीं समुद्र के किनारे स्थित निचले इलाकों में पानी भरने की भी जानकारी सामने आई है। मांडवी शहर में पूरी तरह से बिजली गुल रही। तेज हवाओं के कारण जखौ-मांडवी रोड के साथ-साथ मांडवी शहर में कई पेड़ उखड़ गए। जिला कलेक्टर अमित अरोड़ा ने कहा कि सबसे बुरी तरह से प्रभावित क्षेत्र कच्छ जिले में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा, हवा की गति बहुत तेज है। अभी हर जगह बारिश हो रही है। लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने मीडिया से कहा कि हमें मामूली नुकसान हुआ है जैसे 200 बिजली के खंभे उखड़ गए हैं, 250 पेड़ उखड़ गए हैं और हमने एहतियात के तौर पर पांच तहसीलों में बिजली आपूर्ति काट दी है।

01:05 AM, 16-Jun-2023

चक्रवाती तूफान के कारण अचानक आई बाढ़ से पशुओं को बचाने की कोशिश में बाप-बेटे की मौत

चक्रवात बिपारजॉय के कारण हो रही तेज बारिश के बीच भावनगर में एक उफनते नाले में फंसी अपनी बकरियों को बचाते समय एक व्यक्ति और उसके बेटे की मौत हो गई। चक्रवात के गुरुवार को कच्छ जिले में दस्तक देने के बाद भावनगर सहित गुजरात के कई हिस्सों में काफी बारिश हुई। वहीं, कच्छ जिले में चक्रवाती तूफान के कारण तेज हवा चली और भारी बारिश हुई, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। जिले में बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ गए, कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और समुद्र के पास निचले इलाकों में पानी भर गया।

भावनगर में मामलातदार (राजस्व अधिकारी) एसएन वाला ने कहा कि सुबह से हुई बारिश के बाद सीहोर शहर के पास भंडार गांव से गुजरने वाले एक नाले के ऊपर से पानी बहने लगा। वाला ने कहा कि अचानक पानी आने से बकरियों का झुंड नाले में फंस गया। जानवरों को बचाने के लिए 55 वर्षीय रामजी परमार और उनका बेटा राकेश परमार (22) नाले में घुस गए। इसके बाद वे पानी में बह गए। उनके शवों को कुछ दूर से निकाल लिया गया। अधिकारी ने कहा कि 22 बकरियां और एक भेड़ की भी मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि इसके अलावा राज्य में कहीं और से चक्रवात संबंधी मौत की जानकारी नहीं मिली है।

विज्ञापन
12:48 AM, 16-Jun-2023

चक्रवात बिपरजॉय के टकराने के बाद पीएम मोदी ने गुजरात के सीएम से बात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार रात गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात की और अत्यंत गंभीर चक्रवात 'बिपरजॉय' के बाद की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा पीएम मोदी ने जंगली जानवरों, विशेषकर गिर के जंगल में शेरों की सुरक्षा के लिए राज्य प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी ली। सीएम पटेल ने ट्वीट किया, पीएम मोदी ने टेलीफोन पर बातचीत की और चक्रवात बिपरजॉय के टकराने के बाद गुजरात की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने गिर के शेरों सहित सभी जंगली जानवरों की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में भी चर्चा की। वहीं, एक बयान में कहा गया है कि सीएम ने गांधीनगर में राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र का भी दौरा किया और स्थिति की समीक्षा के लिए शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की।

12:26 AM, 16-Jun-2023

तूफान से 22 लोग घायल, 940 गांवों में बिजली गुल

गुजरात के राहत आयुक्त आलोक पांडे ने बताया कि चक्रवाती तूफान के कारण अब तक करीब 22 लोग घायल हुए हैं। अभी तक किसी के मरने की सूचना नहीं है। पेड़ और खंभे गिरने की घटनाओं में 23 मवेशियों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं के कारण 524 पेड़ गिरे हैं और कहीं-कहीं बिजली के खंभे भी गिर गए हैं, जिससे 940 गांवों में बिजली गुल हो गई है।

11:47 PM, 15-Jun-2023

पाकिस्तान में 82000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के आज रात या आधी रात के बाद पाकिस्तान के तट से टकराने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर पाकिस्तान सरकार ने तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया है। साथ ही दक्षिणी सिंध प्रांत में 82,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पाकिस्तान मौसम विभाग ने गुरुवार शाम को बताया कि चक्रवात पूर्व-उत्तर पूर्व की ओर बढ़ गया है और अब कराची से दक्षिण की ओर लगभग 245 किमी की दूर पर है।

10:18 PM, 15-Jun-2023

99 ट्रेनों को रद्द किया जा चुका
पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ सुमित ठाकुर ने बताया कि 23 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, 3 ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है और 7 ट्रेनों का शॉर्ट-ऑरजिनेट किया गया है। इसके साथ अब तक 99 ट्रेनों को रद्द किया जा चुका है। 39 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट हैं। 38 ट्रेनों को शॉर्ट-ऑरजिनेट किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा और एहतियात को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाए गए हैं।

10:15 PM, 15-Jun-2023

150-200 बिजली के खंभे गिरे
भुज के डीएम अमित अरोड़ा ने बताया कि अब तक लगभग 150-200 बिजली के खंभे गिरे हैं, 6 बिजली उपकेंद्र बंद हैं। 15 वाटरवर्क्स सेंटर पर समस्याएं हैं, लेकिन वे जनरेटर सेट द्वारा समर्थित हैं। स्थिति नियंत्रण में हैं, लगभग 180-200 पेड़ गिरे हैं, सभी को हटा दिया गया है। हम स्थिति पर निगरानी रख रहे हैं, हमारी कोशिश है कि कम से कम नुकसान हो।

10:06 PM, 15-Jun-2023

लैंडफॉल आधी रात तक चलेगा: मौसम विभाग
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 बजे तक चक्रवात का केंद्र जमीन तक पहुंच सकता है। लैंडफॉल आधी रात तक चलेगा। फिर यह धीरे-धीरे कमजोर होता चला जाएगा। उस वक्त इसकी रफ्तार 75-85 किमी प्रति घंटा तक होगी। एमईटी निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि अभी हवा की गति 115 से 125 प्रति किमी घंटे के बीच है। यह 140 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती है। आधी रात के बाद हवा की गति कम हो सकती है।
 

08:37 PM, 15-Jun-2023

वडोदरा में तेज बारिश
वडोदरा में चक्रवात बिपरजॉय का प्रभाव देखने को मिल रहा है। शहर में तेज बारिश हो रही है। अमरेली में भी तेज बारिश हुई।
 

08:02 PM, 15-Jun-2023

नवसारी जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे
बिपरजॉय के मद्देनजर नवसारी जिले के सभी स्कूल 16 जून को बंद रहेंगे। जिला कलेक्टर ने एक अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी है।

07:25 PM, 15-Jun-2023

मुंबई में भी देखने को मिल रहा प्रभाव
चक्रवात 'बिपरजॉय' का प्रभाव मुंबई में भी देखने को मिल रहा है। उच्च ज्वार की लहरें और तेज हवाएं तटीय क्षेत्रों को प्रभावित कर रही हैं।

07:24 PM, 15-Jun-2023

भूपेंद्र पटेल ने की अहम बैठक
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने चक्रवात बिपरजॉय को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की।
 

07:21 PM, 15-Jun-2023

मोरबी में तेज हवा के साथ बारिश
बिपरजॉय की वजह से मोरबी में तेज हवा चल रही है। यहां भारी वर्षा भी जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय जिलों में लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू हो गई है और यह आधी रात तक जारी रहेगी। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में समीक्षा बैठक की।
 

07:06 PM, 15-Jun-2023

जखाऊ पोर्ट के पास होगा लैंडफॉल

गुजरात के कच्छ जिले के मांडवी में तेज हवाएं और समुद्र में खतरनाक लहरों की स्थिति बनी हुई है। चक्रवात के शाम 6 बजे से 8 बजे के बीच लैंडफॉल करने की उम्मीद है। लैंडफॉल प्रक्रिया जखाऊ पोर्ट के पास शुरू होगी और आधी रात तक जारी रहेगी।
 
 

07:02 PM, 15-Jun-2023

नौसेना स्टेशन 25 से अधिक विशेषज्ञ टीमों के साथ तैयार

पश्चिमी नौसेना कमान चीफ स्टाफ ऑफिसर रियर एडमिरल कुणाल राजकुमार ने बताया कि हम उम्मीद कर रहे हैं कि उत्तरी गुजरात क्षेत्र में भारी वर्षा के साथ लगभग 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गुजरात क्षेत्र में नौसेना स्टेशन 25 से अधिक विशेषज्ञ टीमों के साथ तैयार हैं। इन टीमों में विविध चिकित्सा विशेषज्ञ, अच्छे तैराक के साथ-साथ इनके पास पोर्टेबल चेन सेट, काटने के उपकरण जैसे उपकरण शामिल हैं। ये उपकरण मलबे और गिरे हुए पेड़ों को हटाने में बहुत उपयोगी हैं।  
 

06:53 PM, 15-Jun-2023
बिपरजॉय की स्थिति। - फोटो : अमर उजाला

गुजरात तट पर लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू
भीषण चक्रवात बिपरजॉय की स्थिति को लेकर भारतीय मौसम विभाग ने ताजा जानकारी दी है। IMD के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि गुजरात के तट पर लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह आधी रात तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह 115-125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा है। कच्छ, सौराष्ट्र में लैंडफॉल शुरू हो गया है। सौराष्ट्र, कच्छ में भारी बारिश हो रही है, आगे और तेज बारिश की संभावना है। 

05:28 PM, 15-Jun-2023

इस बीच, भारतीय मौसम विभाग ने बिपरजॉय को लेकर जानकारी दी है।  विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि  बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय आज 16:30 बजे जखाऊ बंदरगाह (गुजरात) से लगभग 80 किमी दक्षिण पश्चिम में है , वहीं देवभूमि द्वारका से यह पश्चिम दक्षिण दिशा में 130 किमी दूर है। आईएमडी ने यह भी बताया कि जखाऊ बंदरगाह के पास आज शाम से लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू होगी जो कि आधी रात तक जारी रहेगी।  
 

05:02 PM, 15-Jun-2023

भारतीय मौसम केंद्र की वैज्ञानिक मनोरमा मोहंती ने बताया कि चक्रवात बिपरजॉय फिलहाल जखाऊ पोर्ट से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा है। यह उत्तर पूर्व की ओर बढ़ते हुए कच्छ, सौराष्ट्र को पार करने वाला है। इसकी रफ्तार 115-125 किमी प्रति घंटा होने वाली है। शाम से मध्य रात्रि तक लैंडफॉल जारी रहेगा।  
 

05:01 PM, 15-Jun-2023

गुजरात में चक्रवात बिपरजॉय का प्रभाव देखने को मिल रहा है। यहां के द्वारका में तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो रही है। वहीं, जामनगर में तटीय क्षेत्रों पर ऊंची लहरें उठ रहीं हैं। द्वारका में बिपरजॉय के प्रभाव से टाटा केमिकल्स के पास सड़क पर एक शेड गिर गया। मौके पर एनडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं। 

05:01 PM, 15-Jun-2023

कमांडर कोस्ट गार्ड रीजन-नॉर्थ वेस्ट इंस्पेक्टर जनरल ए.के. हरबोला ने बताया कि हमने गुजरात में 15 जहाज तैयार रखे हैं। 7 एयरक्राफ्ट भी तैयार हैं। लैंडफॉल की संभावना के चलते 27 आपदा प्रबंधन टीम भी तैयार की गई हैं। हम राज्य सरकार के साथ निरंतर संपर्क में हैं। 

03:38 PM, 15-Jun-2023

कल तक बंद रहेंगी व्यवसायिक उड़ानें
भीषण चक्रवात बिपरजॉय को लेकर NOTAM (नोटिस टू एयर मिशन0 14 जून डेढ़ बजे से 16 जून 11 बजकर 59 मिनट तक जारी किया गया। इस दौरान कोई भी व्यावसायिक उड़ानें बंद रहेंगी। केवल आपातकालीन और राहत उड़ानों की अनुमति है। जामनगर के एयरपोर्ट निदेशक डीके सिंह ने यह जानकारी दी है। वहीं, गुजरात के मांडवी में तेज हवाएं और भारी बारिश हो रही है। 'बिपारजॉय' आज शाम गुजरात तट से टकराएगा।

02:44 PM, 15-Jun-2023

गुजरात की ओर बढ़ते चक्रवात बिपरजॉय पर लगातार अधिकारियों की नजर है। एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल ने कहा कि सुरक्षा को देखते हुए मछली पकड़ने वाली नौकाओं को समुद्र में जाने से रोक दिया है। बड़े जहाजों को गहरे समुद्र में भेज दिया गया है। साथ ही 4,000 से अधिक होर्डिंग्स को हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि  नमक बनाने वाले श्रमिकों और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। इसके साथ ही अधिकारियों ने गुजरात में लगभग 1 लाख लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

01:02 PM, 15-Jun-2023

गुजरात में बिपरजॉय के टकराने से पहले ही स्थिती खराब हो गई है। यहां भारी बारिश हो रही है। इससे बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है। वहीं, तेज हवाएं भी चल रही है। मौसम विभाग लगातार तूफान की चेतावनी दे रहा है। 

वहीं, गांधीनगर के राहत कमिश्नर आलोक पांडेय ने बताया कि बिपरजॉय की गति थोड़ी घटी है, लेकिन 110 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। उन्होंने कहा कि इतनी रफ्तार से हवाएं चलना बहुत खतरनाक है। 

11:39 AM, 15-Jun-2023

चक्रवात बिपरजॉय गुजरात तट से 200 किलोमीटर से भी कम दूरी पर रह गया है। बताया जा रहा है शाम तक ये टकरा जाएगा। साथ ही भारी बारिश और तूफान के बढ़ने की आशंका के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले 74,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 

प्रशासन ने कच्छ जिले में समुद्र के किनारे से सटे 10 किमी तक करीब 120 गांवों से लोगों को स्थानांतरित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बिपरजॉय के जखाऊ बंदरगाह के पास बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकराने की उम्मीद है, जिसमें अधिकतम हवा की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

10:24 AM, 15-Jun-2023

विंग कमांडर एन मनीष ने कहा कि लोगों में चक्रवात को लेकर डर है। इसलिए जनता को होने वाली परेशानियों को कम करने के लिए सभी सशस्त्र बल जो सेना, नौसेना, वायु सेना और भारतीय तट रक्षकों ने खुद को तैयार किया है। वह स्थानीय लोगों की हर संभव सहायता करने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने पूरे गुजरात के साथ-साथ मांडवी और द्वारका के स्थानों पर 27 से अधिक राहत स्तंभों को तैनात किया है। सेना के अधिकारियों ने भी नागरिक प्रशासन के साथ-साथ एनडीआरएफ टीमों के साथ संयुक्त रूप से राहत अभियान शुरू किया है।

09:49 AM, 15-Jun-2023

गुजरात के जूनागढ़ जिले में चक्रवात बिपरजॉय के प्रभाव के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। तटों के किनारे स्थिति घरों में समुद्र का पानी घुस गया है। स्थानीय लोगों और मछुआरों के अलर्ट जारी किया गया है।

09:48 AM, 15-Jun-2023

गेटवे ऑफ इंडिया पर समुद्र में लगातार लहरें उठ रही है। आज चक्रवात बिपरजॉय के गुजरात में दस्तक देने की आशंका है। मुंबई में सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर हाई टाइड का अनुमान है।
 

09:48 AM, 15-Jun-2023

गुजरात के जूनागढ़ जिले में ज्वार की लहरों के कारण समुद्र का पानी तट पर स्थित घरों में घुस रहा है। 
 

09:13 AM, 15-Jun-2023

मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि चक्रवात बिपरजॉय सौराष्ट्र, कच्छ की तरफ बढ़ रहा है। यह जखाऊ से करीब 180 किमी की दूरी पर है। हवाओं की रफ्तार 125-135 किमी प्रति घंटे रफ्तार से चल रही है। उन्होंने कहा कि यह शाम तक तट पर पहुंचेगा। यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान है। इसकी वजह से पेड, छोटे मकान, मिट्टी के घर, टिन के घरों को नुकसान हो सकता है।

08:01 AM, 15-Jun-2023

गुजरात के राहत आयुक्त आलोक पांडे ने कहा कि तटीय इलाकों से लोगों को निकालने की प्रक्रिया बुधवार सुबह तक पूरी कर ली गई। 74,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। आठ तटीय जिलों में कुल 74,345 लोगों को अस्थायी आश्रयों में ले जाया गया। अकेले कच्छ जिले में लगभग 34,300 लोगों को निकाला गया। इसके बाद जामनगर में 10,000, मोरबी में 9,243, राजकोट में 6,089, देवभूमि द्वारका में 5,035, जूनागढ़ में 4,604, पोरबंदर में 3,469 और गिर सोमनाथ जिले में 1,605 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। 

07:58 AM, 15-Jun-2023

पाकिस्तान में भी लगातार चक्रवात बिपरजॉय का डर बना हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आज सिंध के केटी बंदर से चक्रवात बिपरजॉय टकराएगा

07:56 AM, 15-Jun-2023
मंदिर किया बंद। - फोटो : एएनआई

गुजरात के द्वारका में बिपरजॉय का डर साफ देखा जा सकता है। चक्रवात की वजह से द्वारकाधीश मंदिर को आज श्रद्धालुओं के लिए बंद किया गया है। इसके अलावा गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने चक्रवात बिपरजॉय पर समीक्षा बैठक की।

07:55 AM, 15-Jun-2023

गुजरात में चक्रवात बिपरजॉय के प्रभाव से मांडवी के समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। वहीं, अमृतसर के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश हुई।

07:54 AM, 15-Jun-2023

अहमदाबाद सीमा सुरक्षा बल के आईजी रवि गांधी ने बताया कि BSF अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात हैं और जो चक्रवात बिपरजॉय आने वाला है उसका असर सीमवर्ती इलाकों में है। उन्होंने कहा कि सभी जवान अलर्ट हैं और जरूरी तैयारियां की गई हैं। इस विपदा से निपटने के लिए जो भी प्रयास कर सकते हैं वो कर रहे हैं।

07:54 AM, 15-Jun-2023

वहीं, राजस्थान के उदयपुर एडीएम ओपी बुनकर ने कहा कि आज मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टर, एसपी के साथ चक्रवात बिपरजॉय को लेकर एक समीक्षा बैठक की। उदयपुर वासियों से 16 और 17 जून को विशेष सर्तकता बरतने की अपील की गई है। 

07:54 AM, 15-Jun-2023

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि पिछले 5 दिनों से राज्य व जिला प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों पर रह रहे लोगों को शरण स्थलों में शिफ्ट किया है। उनके खाने, पीने, दवा आदि की व्यवस्था की गई है। NDRF, SDRF, आर्मी की टीमें तैनात की गई है।

07:53 AM, 15-Jun-2023

जामनगर के रसूलनगर गांव के लोगों ने चक्रवात बिपरजॉय के खतरे से बचने के लिए अपने गांव के चारों ओर रस्सियां लगा दी हैं।

07:53 AM, 15-Jun-2023

द्वारका में चक्रवात बिपरजॉय का प्रभाव देखने को मिल रहा है। ओखामंडल के मीठापुर क्षेत्र में तेज बारिश हो रही है।

07:53 AM, 15-Jun-2023

वर्तमान में चक्रवात बिपरजॉय गुजरात के तट से करीब 220 किमी दूर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, यह सौराष्ट्र और कच्छ को पार करेगा और शाम तक जखाऊ बंदरगाह के पास मांडवी और कराची के बीच पाकिस्तान के तटों को पार करेगा। 

07:51 AM, 15-Jun-2023

दिल्ली के केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह ने बताया कि चक्रवात में ट्रांसमिशन लाइन में खराबी की संभावना रहती है, उसे लेकर हमने सारी तैयारी कर ली है। गुजरात में इंटरस्टेट और इंट्रास्टेट ट्रांसमिशन लाइन को चेक कर लिया है। राज्य सरकार से लगातार संपर्क में हैं।

07:40 AM, 15-Jun-2023

मुंबई के आईएमडी प्रमुख सुनील कांबले ने बताया कि चक्रवात बिपरजॉय फिलहाल मुंबई से दूर है। चक्रवात पोरबंदर 300 किमी दूर है। 15 जून दोपहर को मांडवी और करांची के बीच बिपरजॉय के टकराने की संभावना है। अगले 24 घंटे कच्छ और सौराष्ट्र में भारी बारिश होगी।

07:33 AM, 15-Jun-2023

Cyclone Biparjoy Live: गुजरात तट पर लैंडफॉल के बाद तेज हवा के साथ भारी बारिश; 22 घायल, दो की मौत

गुजरात के तटों की तरफ बढ़ रहा चक्रवात बिपरजॉय बेहद खतरनाक रूप ले चुका है। आज शाम चार से रात आठ बजे के बीच कच्छ के जखाऊ में जमीन से टकराने की आशंका है। मौसम विभाग ने इससे भारी तबाही की चेतावनी दी है। कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। किसी भी हालात से निपटने के लिए गुजरात और महाराष्ट्र में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 33 टीमें तैनात की गई हैं। सेना भी तैयार है। तटवर्ती 8 जिलों से 74,345 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बनाए गए आश्रय घरों में पहुंचा दिया गया है। चक्रवात के बाद यातायात व बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए करीब छह सौ टीमें बनाई गई हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें