फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live : महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 9788 नए मामले, 198 लोगों की मौत

Fri, 18 Jun 2021 10:05 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। दूसरी लहर के तहत दैनिक संक्रमित मामले भले ही कम हो गए हों लेकिन मौत का आंकड़ा अभी भी चिंता का सबब बना हुआ है। कोरोना के दैनिक संक्रमित मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 62,480 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 1587 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ा है। कोरोना काल में डॉक्टरों पर हुए हमले को लेकर आज इंडियन मेडिकल एसोसिएशन देशव्यापी हड़ताल कर रहा है। आंध्र प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू में थोड़ी ढील दी गई है। देश में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:45 PM, 18-Jun-2021

असम में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3706 नए मामले

असम में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3,706 नए मामले सामने आए हैं और 33 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 4,835 लोग स्वस्थ भी हो गए।


 

08:34 PM, 18-Jun-2021

अब तक 27 करोड़ से अधिक लोगों को लगी वैक्सीन की डोज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि शुक्रवार को टीकाकरण अभियान के 154वें दिन तक 27 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। अब तक कुल 27,20,72,645 डोज दी गई हैं।


 

08:30 PM, 18-Jun-2021

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 9788 मामले

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 9,788 मामले सामने आए हैं और 198 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 14,347 मरीज स्वस्थ भी हो गए।


 

विज्ञापन
08:23 PM, 18-Jun-2021

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 762 नए मामले

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 762 नए मामले सामने आए हैं और 19 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 684 लोग स्वस्थ भी हो गए।


 

08:02 PM, 18-Jun-2021

तमिलनाडु में बीते 24 घंटे में कोरोना के 8633 नए मामले

तमिलनाडु में बीते 24 घंटे में कोरोना के 8,633 नए मामले सामने आए हैं और 287 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 19,680 लोग स्वस्थ भी हो गए।


 

विज्ञापन
06:09 PM, 18-Jun-2021

कुंभ में फर्जी कोरोना परीक्षण की जांच के लिए एसआईटी की 7 सदस्यीय टीम गठित

उत्तराखंड सरकार ने हरिद्वार में कुंभ मेले के दौरान कथित फर्जी कोरोना परीक्षण की जांच के लिए एसआईटी की 7 सदस्यीय टीम का गठन किया है। 


 

05:26 PM, 18-Jun-2021

जीनोमिक कंसोर्टिया  डेल्टा प्लस वेरिएंट पर जारी करेगा रिपोर्ट : सरकारी सूत्र

सरकारी सूत्रों के अनुसार जानकारी मिली है कि इंडियन सार्स-सीओवी-2 जीनोमिक कंसोर्टिया (आईएनएसओसीओजी) जल्द ही डेल्टा प्लस वेरिएंट पर रिपोर्ट जारी करेगा। 

04:35 PM, 18-Jun-2021

22 करोड़ से अधिक लोगों ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि 22 करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग गई है वहीं 5 करोड़ से अधिक लोगों को दूसरी डोज लगाई गई है।

04:31 PM, 18-Jun-2021

टीका लेने वाले लोगों में अस्पताल में भर्ती होने की संभावना 75-80 फीसदी कम : डॉ वीके पॉल

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ वीके पॉल ने कहा कि अध्ययनों से पता चला है कि टीका लेने वाले व्यक्तियों में अस्पताल में भर्ती होने की संभावना 75-80 फीसदी कम होती है। ऐसे व्यक्तियों को ऑक्सीजन समर्थन की आवश्यकता होने की संभावना लगभग 8 फीसदी है और टीकाकरण वाले व्यक्तियों में आईसीयू में प्रवेश का जोखिम केवल 6 फीसदी है।  

04:28 PM, 18-Jun-2021

पिछले 3 दिनों में सक्रिय मामलों में 114000 की कमी

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 7,98,656 हो गई है। पिछले 3 दिनों में सक्रिय मामलों में 1,14,000 की कमी आई है। अब रिकवरी दर बढ़कर 96 फीसदी हो गई है। हम हर रोज 18.4 लाख कोरोना टेस्ट कर रहे हैं।

04:24 PM, 18-Jun-2021

पिछले 11 दिनों से एक लाख से कम मामले : स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि पिछले 24 घंटे में देश में 62,480 नए मामले सामने आए हैं। पिछले 11 दिनों से एक लाख से कम मामले रिपोर्ट हो रहे हैं। वहीं रिकवरी दर 96 फीसदी तक पहुंच गई है। 

03:53 PM, 18-Jun-2021

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 165 नए मामले

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 165 नए मामले सामने आए हैं और 14 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 260 लोग स्वस्थ भी हो गए।


 

03:14 PM, 18-Jun-2021

21 जून से 7000 जगहों पर महा वैक्सीनेशन अभियान शुरू करेंगे- मध्यप्रदेश मंत्री

मध्यप्रदेश के मंत्री ने कहा कि 21 जून से 7,000 स्थलों पर एकसाथ महा वैक्सीनेशन अभियान की शुरू करेंगे। इन स्थानों पर समाज सेवक, राजनीतिक दल के कार्यकर्ता, साहित्यकार, कलाकार, इतिहासकार और फिल्मी हस्ती वैक्सीनेशन कार्यक्रम से लोगों को जोड़ने के प्रचार प्रसार में शामिल होंगे। 7,000 जगहों पर 7,000 विशिष्ट व्यक्ति पहुंचेंगे और जनता को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करेंगे। ये प्रेरक कोरोना अनुरुप व्यवहार का पालन करने के लिए लोगों को संकल्प दिलाएंगे।
 

03:02 PM, 18-Jun-2021

पहली लहर के बाद जो ढील दी, वो गलती फिर नहीं करनी है- स्वास्थ्य मंत्री

कोरोना की दूसरी वेव चार लाख से ज्यादा मामलों की ऊंचाई पर पहुंची, काफी दिनों से एक लाख से कम मामले आ रहे हैं। मामले कम हो रहे हैं, उसके बावजूद हमने अपनी टेस्ट करने की प्रक्रिया को कमजोर होने नहीं दिया। पिछले कई हफ़्तों से बहुत स्थानों पर अलग-अलग प्रकार का लॉकडाउन चल रहा था और अब वो अनलॉक की प्रक्रिया में बदल रहा है। इस अनलॉकिंग में पहली वेव के बाद हमने जो ढील दी, वो गलती हमसे कहीं फिर ना हो जाए।
 

02:56 PM, 18-Jun-2021

41 ऑक्सीजन प्लांट को पंजाब में लगाने की स्वीकृति दी- हरदीप सिंह पुरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 41 ऑक्सीजन प्लांट को पंजाब में लगाने की स्वीकृति दी है, उसमें से 13 प्लांट 30 जून तक लग जाएंगे और बाकी प्लांट 15 अगस्त तक लग जाएंगे।
 

02:21 PM, 18-Jun-2021

आंध्र प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू में दी गई ढील

कोरोना के कम मामलों को देखते हुए आंध्र प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू में ढील दी गई है। सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक कोरोना कर्फ्यू में ढील देने का एलान किया गया है।
 

02:13 PM, 18-Jun-2021

कोविड से आर्थिक तौर बहुत नुकसान हुआ- किशोरी पेडनेकर

मुंबई मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि कोरोना की वजह से सभी को आर्थिक तौर पर बहुत नुकसान हुआ है। जब तक कोरोना का संकट खत्म नहीं होगा तब तक प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाना उचित नहीं है और ये नहीं बढ़ेगा।
 

02:01 PM, 18-Jun-2021

तमिलनाडु के मदुरै में राशन की दुकान पर कोरोना के नियमों का उल्लंघन

तमिलनाडु के मदुरै के कीरथुराई में एक राशन की दुकान पर लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन किया।
 

01:57 PM, 18-Jun-2021

सीएम योगी ने बलिया जिले में वैक्सीनेशन सेंटर का दौरा किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया जिला अस्पताल का दौरा करके वैक्सीनेशन सेंटर और कोविड केयर सेंटर का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने हैबतपुर गांव के लोगों से मुलाकात की और राशन वितरण किया।
 

01:40 PM, 18-Jun-2021

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुहैया कराई गईं 27.90 करोड़ खुराकें

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 27.90 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 2.58 करोड़ से ज्यादा खुराकें उपलब्ध है।
 

01:11 PM, 18-Jun-2021

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में डॉक्टरों ने किया प्रदर्शन

विजयवाड़ा में डॉक्टरों पर हो रहे हमलों के खिलाफ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया।
 

12:44 PM, 18-Jun-2021

हैदराबाद में आईएमए के स्टाफ ने प्रदर्शन में लिया हिस्सा

तेलंगाना में भी इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के स्टाफ और डॉक्टर ने देशव्यापी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। हैदराबाद में आईएमए कार्यालय के बाहर डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया।
 

12:29 PM, 18-Jun-2021

आईएमए की केरल विंग कर रहा देशव्यापी प्रदर्शन

केरल के तिरुवनंतपुरम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की केरल विंग ने डॉक्टरों पर हो रहे हमले को लेकर सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। आईएमए आज डॉक्टरों को हिंसा से बचाने के लिए एक केंद्रीय कानून की मांग को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रहा है।
 

11:55 AM, 18-Jun-2021

असम में रक्षा मंत्री ने कोविड केयर सेंटर का दौरा किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुवाहाटी में डीआरडीओ के कोविड केयर सेंटर का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद रहे।
 

11:44 AM, 18-Jun-2021

पीएम मोदी ने क्रैश कोर्स की शुरुआत की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशभर के एक लाख कोरोना योद्धाओं को प्रशिक्षण देने के लिए कस्टमाइज्ड क्रैश कोर्स का शुभारंभ किया है। इसके तहत कोरोना फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए छह कोर्स जारी किए गए हैं और उन्हें कोरोना के खिलाफ लड़ने के लिए इस कोर्स के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
 

11:07 AM, 18-Jun-2021

राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन कर रहा आईएमए

आज आईएमए के सदस्यों ने डॉक्टरों पर हो रहे हमले को लेकर एम्स के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उनकी मांग डॉक्टरों को हिंसा से बचाने के लिए केंद्रीय कानून की है। आईएमए के डॉक्टर रंजन शर्मा ने कहा, कि सरकार की तरफ से जवाब नहीं आया। अस्पताल को सेफ जोन घोषित करने की मांग 10-12 साल से है।
 

10:53 AM, 18-Jun-2021

यूपी: कोरोना की वजह से अनाथ हुए बच्चों को मिलेगी सहायता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना में जिन बच्चों के माता-पिता की मौत हुई है, उन्हें 18 वर्ष तक 4,000 रुपये हर महीने उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। उनकी पढ़ाई-लिखाई के लिए भी सरकार ने योजना बनाई है।
 

10:36 AM, 18-Jun-2021

दैनिक पॉजिटिविटी रेट 3.24 फीसदी

भारत में 73 दिनों बाद कोरोना वायरस के सक्रिय मामले आठ लाख से कम हुए। दैनिक पॉजिटिविटी रेट 3.24 फीसदी है।
 

10:06 AM, 18-Jun-2021

बीते 24 घंटे में 32,59,003 वैक्सीन लगाई गईं- स्वास्थ्य मंत्रालय

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 32,59,003 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 26,89,60,399 हुआ।
 

09:45 AM, 18-Jun-2021

58 दिन बाद मौत का आंकड़ा दो हजार से कम

देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना 62,480 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,97,62,793 हुई। वहीं 58 दिन बाद कोरोना से मौत का आंकड़ा दो हजार से कम आया है। इसी दौरान 1,587 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 3,83,490 हो गई है। 88,977 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,85,80,647 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 7,98,656 है।
 

09:19 AM, 18-Jun-2021

बीते 24 घंटे में 19,29,476 लोगों का हुआ टेस्ट- आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 19,29,476 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 38,71,67,696 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
 

08:48 AM, 18-Jun-2021

दुनिया में कोरोना की वजह से 40 लाख मौतें

कोरोना को लेकर ताजा रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अबतक दुनिया में 40 लाख लोगों की कोविड 19 से मृत्यु हो गई है। इतना ही नहीं रिपोर्ट में बताया गया है कि मात्र 166 दिनों में ही 20 लाख लोगों ने कोरोना जैसे खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ा है। 

08:31 AM, 18-Jun-2021

दिल्ली: ओखला सब्जी मंडी में कोरोना के नियमों का लोगों ने किया उल्लंघन

राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में कमी के बीच लोग ओखला सब्जी मंडी में कोरोना नियमों का उल्लंघन करते दिखे।
 

08:11 AM, 18-Jun-2021

कोरोना मृतकों के वास्तविक आंकड़े जारी करे राज्य सरकार - जीतू पटवारी

मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार से कोरोना से होने वाली वास्तविक मौतों का आंकड़ा सार्वजनिक करने की मांग की है।
 

07:56 AM, 18-Jun-2021

मिजोरम: 24 घंटे में 302 नए केस मिले

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 302 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 16,437 है जिसमें 3,732 सक्रिय मामले, 12,630 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 75 मौतें शामिल हैं।
 

07:36 AM, 18-Jun-2021

कर्नाटक: मदरसे को 25 बिस्तरों के कोविड केयर केंद्र में बदला

कर्नाटक में एक मदरसे को 25 बिस्तरों वाले कोविड केयर केंद्र में तब्दील किया गया। इस मदरसे में 25 बिस्तरों की उपलब्धता है और यहां महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं।
 

07:18 AM, 18-Jun-2021

Corona Live : महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 9788 नए मामले, 198 लोगों की मौत

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। दूसरी लहर के तहत दैनिक संक्रमित मामले भले ही कम हो गए हों लेकिन मौत का आंकड़ा अभी भी चिंता का सबब बना हुआ है। कोरोना के दैनिक संक्रमित मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार को देश में कोरोना वायरस के 67000 से ज्यादा मामले सामने आए लेकिन बुधवार के मुकाबले गुरुवार को दैनिक मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। हालांकि गुरुवार से पहले कोरोना के संक्रमित मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी। कोरोना के अलावा अब देश में ब्लैक, येलो फंगस का खतरा बढ़ता जा रहा है। वहीं एक राज्य में ग्रीन फंगस का मामला भी सामने आया है। कोरोना के कम होते मामलों को देखते हुए कई राज्यों मे अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि कुछ राज्यों में थोड़ी बहुत छूट के साथ लॉकडाउन को जारी रखने का फैसला लिया गया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें