फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus India Live: ममता का बड़ा आरोप- बंगाल में कोरोना फैलाने के लिए मोदी और शाह जिम्मेदार

Wed, 14 Apr 2021 10:38 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना के दैनिक मामलों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बुधवार को देश में 1.84 लाख से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आए। इधर उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ आज कोरोना की स्थिति की समीक्षा करेंगे। इधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शिक्षा मंत्री ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। दसवीं की परीक्षाएं रद्द कर दी गईं हैं और बारहवीं की परीक्षाएं टाल दी गई हैं। कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:38 PM, 14-Apr-2021

छत्तीसगढ़ में कोरोना के 14,250 नए मामले

छत्तीसगढ़ में भी कोरोना का कहर लगातार जारी है। बीते 24 घंटे में 14,250 नए मामले सामने आए हैं और 73 लोगों की मौत दर्ज की गई है।


 

10:27 PM, 14-Apr-2021

कोरोना फैलाने के लिए मोदी और शाह जिम्मेदार : ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को जलपाईगुड़ी में कहा कि बंगाल में कोरोना फैलाने के लिए मोदी और शाह ने बाहर से आदमी जुटाए। अब जब कोरोना तेजी से फैल रहा है तो वे सब बचने की कोशिश कर रहे हैं। 

08:57 PM, 14-Apr-2021

दिल्ली में स्थिति बेकाबू, एक ही दिन में आए 17282 मामले, 100 की मौत

दिल्ली में कोरोना बेकाबू हो गया है। बीते 24 घंटे में 17282 नए मामले सामने आए हैं और 104 लोगों की मौत हो गई है।


 

विज्ञापन
08:41 PM, 14-Apr-2021

राजस्थान के सभी शहरों में 16 अप्रैल से कर्फ्यू

कोरोना के बढ़ते मामलों के वृद्धि के मद्देनजर, राजस्थान सरकार ने 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक सभी शहरों में शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे के बीच नाइट कर्फ्यू की घोषणा की है।



झारखंड में यूके और डबल म्यूटेंट स्ट्रेन मिलने से हड़कंप  
झारखंड सरकार ने राज्य में यूके म्यूटेंट स्ट्रेन के 9 और डबल म्यूटेंट के 4 मामलों की पुष्टि की है।

07:59 PM, 14-Apr-2021

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने दी कोरोना को मात

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को कोझिकोड के सरकारी मेडिकल कॉलेज से आज छुट्टी दे दी गई। बता दें कि 8 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।


 

विज्ञापन
07:56 PM, 14-Apr-2021

नागपुर में बीते 24 घंटे में कोरोना के 5,993 मामले

नागपुर में बीते 24 घंटे में कोरोना के 5,993 मामले सामने आए हैं और 57 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 3993 लोग स्वस्थ भी हुए।

07:53 PM, 14-Apr-2021

मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना के 9925 मामले

मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना के 9925 मामले सामने आए हैं और 54 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 9273 लोग स्वस्थ भी हुए।
 

07:20 PM, 14-Apr-2021

कोरोना का खौफ- ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने छोटा किया भारत दौरा

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अगले महीने के अपने भारत दौरे को छोटा कर दिया है। यह फैसला भारत में बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए लिए गया है।

06:35 PM, 14-Apr-2021

 चुनाव आयोग ने कोरोना को लेकर 16 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक बुलाई

 चुनाव आयोग(Election commission) ने कोरोना को लेकर 16 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में आयोग सभी राजनीतिक पार्टियों से कोरोना गाइडलाइन के पालन करने को लेकर चर्चा करेगा।   

महाराष्ट्र में आवश्यक दुकानें और सार्वजनिक परिवहन चालू रहेंगी 
महाराष्ट्र के डीजीपी ने कहा कि आवश्यक वस्तुएं बेचने वाली दुकानें और सार्वजनिक परिवहन चालू रहेंगी। हमने अपनी सभी इकाइयों को निर्देश दिया है कि आपात स्थिति में आने-जाने की अनुमति दी जाए। 

06:18 PM, 14-Apr-2021

अब हर महीने 80 लाख रेमडेसिविर इंजेक्शन का होगा उत्पादन

देश में रेमडेसिविर इंजेक्शन की मांग को पूरा करने के लिए सरकार ने बुधवार को उत्पादक कंपनियों के साथ एक बैठक की। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहत की खबर देते हुए कहा कि सरकार द्वारा  इंजेक्शन की प्रति माह 80 लाख डोज उत्पादन करने की मंजूरी दी गई है। इसका उत्पादन जल्द शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रेमडेसिविर के निर्यात पर भी प्रतिबंध लगाया गया है और निर्माता को मूल्य को कम करके 3500 रुपये से कम करने को कहा गया है।

06:06 PM, 14-Apr-2021

राजस्थान सरकार ने कक्षा 10 और कक्षा 12 की परीक्षाओं को किया स्थिगित

कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण राजस्थान सरकार ने  कक्षा 10 और कक्षा 12 की  राज्य बोर्ड परीक्षाओं को स्थिगित कर दिया है। वहीं कक्षा 8, 9 और कक्षा 11 के छात्रों को बिना परीक्षा के ही अगली कक्षा में दाखिल किया जाएगा।

05:47 PM, 14-Apr-2021

रेमडेसिविर दवा के उत्पादन, आपूर्ति और कीमतों को बढ़ाने का फैसला: सरकार

केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि भारत सरकार ने रेमडेसिविर दवा के उत्पादन, आपूर्ति और कीमतों को बढ़ाने का फैसला किया है। इससे विनिर्माण क्षमता लगभग 80 लाख प्रति माह तक बढ़ जाएगी। इस सप्ताह के अंत तक रेमडेसिविर के निर्माता को मूल्य को कम करके 3500 रुपये से  कम करने को कहा गया है। 

05:23 PM, 14-Apr-2021

पत्रकारों को भी लगे टीका

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ज्यादातर पत्रकार विपरीत परिस्थितियों से रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उन्हें फ्रंटलाइन वर्कर्स के रूप में माना जाना चाहिए और टीकाकरण की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखी जा रही है।

04:25 PM, 14-Apr-2021

उत्तर प्रदेश में कोरोना का कोहराम, एक ही दिन में आए 20510 मामले

उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 20,510 नए मामले सामने आए हैं। 4,517 लोग डिस्चार्ज हुए और सक्रिय मामलों की संख्या 1,11,835 है। अब तक 9,376 लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं बीते मंगलवार को प्रदेश में 2,10,121 सैंपल की जांच की गई। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में 3,73,84,344 सैंपल की जांच की गई है। अब तक 83,49,009 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई है। इनमें से 13,93,075 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी लगाई जा चुकी है। 

04:10 PM, 14-Apr-2021

द्रमुक सांसद टी आर बालू हुए कोरोना पॉजिटिव

वरिष्ठ द्रमुक नेता और पार्टी के लोकसभा सदस्य टी आर बालू की जांच में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है और वह ठीक हैं। उनके बेटे ने बुधवार को यह जानकारी दी। बालू, कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक ले चुके हैं।बालू के बेटे टी आर बी राजा ने ट्वीट किया, “मेरे पिता टी आर बालू की जांच में कोविड-19 की पुष्टि हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है और वह ठीक हैं।”

04:04 PM, 14-Apr-2021

बिहार में भी कोरोना बेकाबू

बिहार में भी कोरोना बेकाबू होते जा रहा है। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि स्थिति अच्छी नहीं है। पिछली बार की तुलना में इस बार मरीज ज्यादा संख्या में आ रहे हैं। इस बार मरीज ज्यादा तकलीफ में आ रहे हैं जबकि पिछली बार मरीजो में ज्यादा तकलीफ नहीं देखी गई थी। 

04:01 PM, 14-Apr-2021

 कोरोना टीके की कोई कमी नहीं है: डॉं हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि टीके की कोई कमी नहीं है और भारत सरकार हर राज्य को उचित संख्या में टीके दे रही है। यह राज्यों का काम है कि वे टीकाकरण केंद्रों पर समयबद्ध तरीके से टीकाकरण की खुराक प्रदान करें। 

रेमडेसिविर की कमी पर बोले हर्षवर्धन 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि रेमडेसिविर की कमी इसलिए हुई क्योंकि इसका उत्पादन कम हो गया था क्योंकि कोरोना के मामले कम हो रहे थे। हमारे ड्रग कंट्रोलर और मंत्रालय ने आज कंपनियों के साथ बैठक की है और निर्माताओं को उत्पादन को और अधिक बढ़ाने को कहा है।

03:36 PM, 14-Apr-2021

कोरोना के 82 फीसदी मामले केवल 10 राज्यों से: स्वास्थ्य मंत्रालय

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान में के नए मामलों में बढ़ोतरी हुई है। कोरोना वायरस के 82.04 फीसदी नए मामले इन 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं।

02:21 PM, 14-Apr-2021

10वीं की परीक्षाएं रद्द और 12वीं की परीक्षाएं टाली गईं

कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा मंत्री ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। 10वीं की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है और 12वीं की परीक्षाओं को टाल दिया गया है। 12वीं की परीक्षा जब भी दोबारा कराई जाएंगी तो 15 दिन पहले बच्चों की सूचित कर दिया जाएगा। 
 

01:17 PM, 14-Apr-2021

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ हुए कोरोना संक्रमित

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने कोविड की जांच कराई और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं सेल्फ आइसोलेशन में हूं और चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहा हूं। सभी कार्य वर्चुअल तरीके से संपादित कर रहा हूं।
 

12:55 PM, 14-Apr-2021

बिहार में इलाज ना मिलने पर कोविड मरीज की मौत

बिहार की राजधानी पटना में भी कोरोना ने कोहराम मचाया हुआ है। पटना के एनएमसीएच अस्पताल में एक कोविड मरीज की मौत हो गई। मौत के पीछे का कारण समय पर इलाज ना मिलना था। मृतक के बेटे ने कहा कि मेरे पिता जी कोविड पॉजिटिव थे, दूसरे अस्पतालों ने उन्हें भर्ती करने से मना कर दिया था। एनएमसीएच ने सहमति जताई लेकिन डेढ़ घंटे तक हमें इंतजार कराया। इस पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि ऐसे मामले दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कुछ दिनो से कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे अस्पताल में लोड बढ़ गया है लेकिन सुविधाओ में सुधार लाने की कोशिश की जा रही है।
 

12:51 PM, 14-Apr-2021

कोरोना की स्थिति पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने की वर्चुअल बैठक

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में उत्तर प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर नजर बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।
 

12:48 PM, 14-Apr-2021

दिल्ली के मंत्री कैलाश गहलोत कोरोना पॉजिटिव

दिल्ली के मंत्री कैलाश गहलोत कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अपने ट्विटर हैंडल से उन्होंने ये जानकारी दी। मंत्री कैलाश गहलोत ने बताया कि उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो लोग भी हाल फिलहाल में मेरे संपर्क में आए हैं, वो अपना कोरोना टेस्ट करा लें।
 

12:26 PM, 14-Apr-2021

महाराष्ट्र: जिलाधिकारियों के साथ सीएम की बैठक आज

आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ मिलकर बैठक करने वाले हैं। ये बैठक राज्य में कोरोना की स्थिति की समीक्षा पर चर्चा करने के उद्देश्य से की जा रही है।
 

11:18 AM, 14-Apr-2021

दिल्ली: सत्येंद्र जैन का बयान, वेंटिलेटर की कोई कमी नहीं है

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि हमारे पास 13 हजार बिस्तर हैं और यहां कोई वेंटिलेटर की कोई कमी नहीं है। यहां दिल्ली और अन्य राज्यों के मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। केंद्र ने अपने 1,100 बिस्तर दिए। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए हम लोगों से अपील करते हैं कि अगर जरूरी नहीं है कि घर से बाहर ना निकलें। 
 

11:10 AM, 14-Apr-2021

गुजरात से 25,000 रेमडेसिविर इंजेक्शन मंगाएगी उत्तर प्रदेश सरकार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना की दवा रेमडेसिविर की कमी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि गुजरात सरकार से तत्काल प्रभाव से 25 हजार इंजेक्शन मंगवाए।
 

11:04 AM, 14-Apr-2021

राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड में भी सख्ती

राजस्थान में कोरोना का कहर बढ़ रहा है और इसी को देखते हुए प्रशासन ने दस शहरों में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। दिल्ली में भी नाइट कर्फ्यू का एलान कर दिया गया है। हरियाणा में आठवीं कक्षा के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इधर उत्तराखंड में 12 राज्यों ने आने वाले लोगों को अपने साथ कोविड-19 की रिपोर्ट लाना अनिवार्य है।

11:02 AM, 14-Apr-2021

बिहार में 30 अप्रैल तक स्कूल-कॉलेज बंद

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है और सख्ती करने पर भी विचार किया जा रहा है। वहीं झारखंड की राजधानी रांची में सातवीं कक्षा के सभी स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है। बिहार में भी 30 अप्रैल तक स्कूल-कॉलेज बंद करने का फैसला लिया गया है।

11:00 AM, 14-Apr-2021

गोवा और महाराष्ट्र में धारा 144 लागू

कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है और महाराष्ट्र में कोविड के संक्रमण को रोकने के लिए जनता कर्फ्यू का एलान कर दिया गया है, जो 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। इधर गोवा में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और राज्य में धारा 144 लगा दी है। वहीं गुजरात में 20 शहरों में रात 8 से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने का एलान किया गया है और शादी में लोगों की संख्या को 100 तक सीमित कर दिया है।

10:58 AM, 14-Apr-2021

होटल और रेस्त्रां में लोगों की क्षमता घटकर हुई 50 फीसदी

ओडिशा में भी कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने 12वीं तक के सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद करने का फैसला लिया है। वहीं तमिलनाडु में धार्मिक कार्यक्रमों पर पूर्ण रोक लगा दी गई है और होटल और रेस्त्रां में लोगों की बैठने की क्षमता को घटाकर 50 फीसदी कर दिया है।

10:55 AM, 14-Apr-2021

कर्नाटक, तेलंगाना और केरल में भी सख्ती

कर्नाटक के बंगलूरू समेत सात शहरों में रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक का नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। इसके अलावा तेलंगाना में स्कूल-कॉलेज और सभी विश्वविद्यालयों को अगले आदेश तक बंद करने का फैसला किया है। इसके अलावा केरल में विदेशों से आने वाले लोगों को सात दिन के लिए क्वारंटीन में भेजा जाएगा।

10:52 AM, 14-Apr-2021

मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में नाइट कर्फ्यू

भोपाल, छिंदवाड़ा, कटनी, बैतूल और खरगोन समेत कई शहरों में 19 अप्रैल तक कर्फ्यू का एलान कर दिया गया है। यहां 30 अप्रैल तक स्कूल बंद रहेंगे और आर्थिक गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं छत्तीसगढ़ के रायपुर में 19 अप्रैल तक पूर्ण लॉकडाउन है। वहीं शहरी क्षेत्रों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया है और वाहनों में यात्रियों को बैठाने की क्षमता को घटाकर 50 फीसदी कर दिया है।

10:47 AM, 14-Apr-2021

हिमाचल में स्कूल-कॉलेज बंद

कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए हिमाचल प्रदेश में स्कूल-कॉलेज को बंद करने का फैसला लिया गया है। वहीं यहां कार्यक्रमों में केवल 50 फीसदी लोगों को ही अनुमति मिलेगी। इसके अलावा चंडीगढ़ में रात 10 से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लगा रहेगा और 

10:32 AM, 14-Apr-2021

गुजरात: अहमदाबाद की सड़कों पर आरटी-पीसीआर टेस्ट की योजना शुरू

रोजाना कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अहमदाबाद में सड़कों पर आरटी-पीसीआर टेस्ट करना शुरू कर दिया है। आयोजक ने कहा कि इससे कोरोना को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और लैब में ज्यादा भीड़ भी नहीं बढ़ेगी। जिन लोगों का टेस्ट लिया जा रहा है, उन्हें क्यूआर कोड के जरिए खुद को रजिस्टर कराना होगा और रिपोर्ट का परिणाम 24 घंटे में आ जाएगा।
 

10:25 AM, 14-Apr-2021

पंजाब में नाइट कर्फ्यू, स्कूल-कॉलेज बंद

मौजूदा समय में कोरोना का प्रकोप देश के कई राज्यों के छोटे-छोटे शहरों में फैल गया है। पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नाइट कर्फ्यू लगा दिया है और सभी तरह के राजनीतिक और धार्मिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा स्कूल और कॉलेज भी बंद हैं।

10:21 AM, 14-Apr-2021

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव कोरोना संक्रमित

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि अभी-अभी मेरी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैंने अपने आपको सबसे अलग कर लिया है व घर पर ही उपचार शुरू हो गया है। पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं, उन सबसे विनम्र आग्रह है कि वो भी जांच करा लें। उन सभी से कुछ दिनों तक आइसोलेशन में रहने की विनती भी है।
 

10:13 AM, 14-Apr-2021

भोपाल में जनता कर्फ्यू के दौरान दुकानें बंद

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जनता कर्फ्यू लागू हो गया है। इस दौरान कई तस्वीरें सामने आईं। भोपाल में दुकानों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है और सड़कें सुनसान हैं।
 

10:04 AM, 14-Apr-2021

ब्रिटेन में 97 दिन के बाद अनलॉक

ब्रिटेन में कोरोना से 97 दिनों के बाद लोगों को राहत मिली है। वहां 97 दिन बाद अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हुई है। यह दुनिया का सबसे लंबा और सख्त लॉकडाउन था, जिसमें अब प्रतिबंध हटने शुरू हो गए हैं। ब्रिटेन में महीनों बाद जिम, हेयरसेलून और रिटेल स्टोर खोले गए हैं। वहीं वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो ब्रिटेन ने अपनी 48 फीसदी आबादी को कोरोना की वैक्सीन लगा दी है।

09:36 AM, 14-Apr-2021

कोरोना : दैनिक मामलों ने तोड़े सभी रिकॉर्ड्स, बीते 24 घंटे में सामने आए 1.84 लाख मामले

देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मंगलवार को कोरोना के मामलों में मामूली गिरावट देखी गई थी लेकिन बुधवार को देश में कोविड 19 के 1.84 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं एक हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना के आगे दम तोड़ा है। मौजूदा समय में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 13,65,704 हो गई है। बुधवार को सामने आए नए मरीज का आंकड़ा अबतक का सर्वाधिक है।
 

09:04 AM, 14-Apr-2021

वीआईपी कल्चर से परेशान एम्स भुवनेश्वर के रेजिडेंट डॉक्टरों ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी

अस्पतालों में वीआईपी कल्चर से परेशान होकर एम्स भुवनेश्वर के डॉक्टर एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखी है। डॉक्टरों ने लिखा कि एम्स जैसे सरकारी अस्पतालों में नौकरशाहों, राजनेताओं और राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं को इलाज में मिलने वाली तरजीह को खत्म किया जाए। चिट्ठी में लिखा गया कि सभी लाइफ सपोर्ट, आईसीयू सेवाओं को वीआईपी लोगों के लिए बुक किया जा रहा है। यहां तक कि कई लोगों को इसकी जरूरत भी नहीं है लेकिन, उन्हें आइसोलेशन में रखकर काम चलाया जा सकता है। 

08:58 AM, 14-Apr-2021

मध्यप्रदेश: इंदौर का राधा स्वामी सत्संग ब्यास बना कोविड सेंटर

मध्यप्रदेश के इंदौर में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने राधा स्वामी सत्संग ब्यास ग्राउंड को कोविड-19 सेंटर में बदलने का फैसला लिया है। नोडल अधिकारी ने कहा कि यहां एसिम्प्टोमैटिक लक्षण वाले मरीजों का रखा जाएगा। पहले चरण में 500 बिस्तर, दूसरे चरण में अगर जरूरत पड़ी तो एक हजार बिस्तर की सुविधा की जाएगी। यहां दवाई, खाना एक दम मुफ्त होगा।
 

08:39 AM, 14-Apr-2021

Corona Live : ममता का बड़ा आरोप- बंगाल में कोरोना फैलाने के लिए मोदी और शाह जिम्मेदार

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर बेहद खतरनाक है और दैनिक मामलों का आंकड़ा हर दिन नए रिकॉर्ड तोड़ रहा है। वहीं कोरोना के मामलों पर जोर देते हुए महाराष्ट्र सरकार ने पूरे राज्य में 15 दिन का कर्फ्यू (मिनी लॉकडाउन) लगाने का फैसला किया है। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर दूसरी सभी सेवाओं पर प्रतिबंध लगा रहेगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें