फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: महाराष्ट्र में कोविड-19 के 11766 नए मामले, मृतकों की संख्या में 2213 का इजाफा

Sat, 12 Jun 2021 01:01 AM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार अब धीमी पड़ती जा रही है। एक तरफ जहां संक्रमण के मामले तेजी से कम हो रहे हैं, वहीं दैनिक मौतों का आंकड़ा भी तीन हजार से कम आ रहा है। हालांकि कोरोना की दूसरी लहर ने पीक के दौरान देश में तबाही मचा दी थी। दूसरी लहर के दौरान लाखों लोगों की जान गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों की माने तो इस साल एक मार्च यानी कोरोना वायरस की दूसरी लहर शुरू होने के बाद औसतन करीब 2000 लोगों की मौत हुई है। वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के दैनिक मामले लगातार चौथे दिन एक लाख से कम आए हैं और इस दौरान 3403 मरीजों ने अपनी जान गंवाई है। उत्तराखंड में ब्लैक फंगस के 356 मामले सामने आए हैं। दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने कहा है कि भारत में सात मई को कोविड-19 के सर्वाधिक नए मामले सामने आने के बाद देश में प्रतिदिन सामने आने वाले नए मामलों में लगभग 78 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। देश में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स जानने के लिए यहां पढ़िए...
विज्ञापन
भारत में कोरोना टीकाकरण - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:58 AM, 12-Jun-2021

महाराष्ट्र में 11766 नए मामले, मृतकों की संख्या में 2213 का इजाफा

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के 11,766 नए मामले सामने आये जबकि कुल मिला कर 2213 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 58,87,853 और मृतक संख्या 1,06,367 हो गई है।

राज्य सरकार ने प्रयोगशाला में कोविड-19 जांच और अन्य आंकड़ों की जांच करने के बाद मृतकों की संख्या में यह इजाफा किया है। हालांकि बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 406 मरीजों की मौत हुई है।

इससे पहले राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 26 मई से 10 जून तक कोविड-19 के 8074 मरीजों की मौत हुई है। यह संशोधित आंकड़ा है। अप्रैल और मई में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण सरकारी तंत्र को आंकड़ों के मिलान करने में समय लगा। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 8,104 मरीज ठीक हुए। राज्य में अब तक कुल 56,16,857 संक्रमण मुक्त हो चुके है। । प्रदेश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,61,704 है।

बयान में कहा गया है कि संक्रमण से ठीक होने की दर 95.4 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 1.81 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के लिए 2,54,301 नमूनों की जांच की गयी। राज्य में अब तक कुल 3,76,11,005 नमूनों की जांच हो चुकी है।

इस दौरान राजधानी मुंबई में कोविड-19 के 721 नए मामले सामने आए जबकि 24 मरीजों की मौत हो गई। देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में कुल संक्रमितों की संख्या 7,14, 216 पहुंच गई जबकि मृतकों की तादाद 15,079 हो गई।

11:10 PM, 11-Jun-2021

गुजरात में कोविड-19 के 481 नए मामले

गुजरात में शुक्रवार को कोविड-19 के 481 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर आठ लाख 19 हजार 376 हो गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कम से कम नौ मरीजों की मौत हुई जबकि 1526 मरीज संक्रमण मुक्त हुए। राज्य में यह वायरस अब तक 9985 मरीजों की जान ले चुका है जबकि सात लाख 97 हजार 734 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। 

11:02 PM, 11-Jun-2021

चेन्नई में शुरू हुआ ड्राइव-इन टीकाकरण शिविर

तमिलनाडु के चेन्नई में शुक्रवार को एमजीएम हेल्थकेयर पर कोरोना के खिलाफ एक ड्राइव-इन टीकाकरण शिविर की शुरुआत की गई। यह शिविर 45 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों के टीकाकरण के लिए शुरू किया गया है।
 

विज्ञापन
10:53 PM, 11-Jun-2021

मध्यप्रदेश: कोरोना के 397 नए मामले, 35 की मौत

मध्यप्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 397 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या सात लाख 87 हजार 572 तक पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में तीन महीने से अधिक समय बाद 400 से कम मामले आए हैं। इसके साथ ही राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से प्रदेश में 35 व्यक्तियों की मौत हो गई। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या 8510 हो गई है। 

10:44 PM, 11-Jun-2021

मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में 21 जून तक लॉकडाउन बढ़ा

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने क्षेत्र में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पूर्वी खासी हिल्स जिले में एक और सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ाने की शुक्रवार को घोषणा की। जिले में अब 21 जून तक लॉकडाउन लागू रहेगा। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि जिले में संक्रमण की दर 10 फीसदी से अधिक बनी हुई है। मेघालय में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 514 नए मामले सामने के बाद मामलों की कुल संख्या 41,100 पर पहुंच गई। राज्य में इस महामारी से 10 और मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 714 हो गई है।

विज्ञापन
10:23 PM, 11-Jun-2021

प्रसिद्ध कन्नड़ कवि सिद्धलिंगैया का कोविड के कारण निधन

मशहूर कन्नड़ कवि सिद्धलिंगैया का शुक्रवार को कोविड-19 बीमारी के कारण निधन हो गया। उनके करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 67 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उन्हें दलित कवि भी कहा जाता था। सूत्रों के अनुसार, वह एक महीने से भी अधिक समय से एक निजी अस्पताल में भर्ती थे और पिछले कुछ समय से वेंटिलेटर पर थे। उनकी पत्नी भी कोविड से पीड़ित थीं और अब वह उससे उबर गई हैं। कवि, नाटककार, निबंधकार और दलित कार्यकर्ता सिद्धलिंगैया दलित संघर्ष समिति के संस्थापकों में से एक थे। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, जद (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी सहित अन्य लोगों ने सिद्धलिंगैया के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

10:12 PM, 11-Jun-2021

टीके की 24.93 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं: केंद्र

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि देश में अभी तक दी गई कोविड-19 रोधी टीके की खुराकों की कुल संख्या बढ़कर 24.93 करोड़ से अधिक हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि शुक्रवार को 18-44 आयु वर्ग के 19 लाख 49 हजार 902 लाभार्थियों को पहली खुराक जबकि इस आयु वर्ग के 72,279 लोगों को दूसरी खुराक दी गई। देशभर में टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत के बाद से 18-44 आयु वर्ग के कुल मिलाकर तीन करोड़ 79 लाख 67 हजार 237 लोगों को पहली और पांच लाख 58 हजार 862 लोगों को दूसरी खुराक दी गई है। शाम सात बजे संकलित एक अस्थाई रिपोर्ट के अनुसार, देश में दी गई कोविड-19 टीके की खुराक की कुल संख्या 24 करोड़ 93 लाख 16 हजार 572 हो गई है।

10:05 PM, 11-Jun-2021

मिजोरम: आइजन में एक सप्ताह और बढ़ा लॉकडाउन

मिजोरम के आइजल में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन एक और सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया। शुक्रवार को विभिन्न विभागों की बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. आर ललथंगलियाना ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से आइजल में एक और सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के विधायक डॉ. जेडआर थियामसांगा ने कहा कि राज्य में कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। आइजल में मौजूदा लॉकडाउन की अवधि 14 जून को समाप्त होनी थी।

09:56 PM, 11-Jun-2021

बिहार: छह महीने में छह करोड़ लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्य में अगले छह महीने में छह करोड़ लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया जिससे राज्य में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ सकती है। मुख्यमंत्री ने यहां प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की बैठक में इस संबंध में निर्देश जारी किए। करीब 13 करोड़ आबादी वाले राज्य में अभी तक 1.18 करोड़ लोगों को ही टीके लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छह महीने में छह करोड़ लोगों को टीका लगाने के काम में जितने सरकार कर्मचारियों की जरूरत है, उतने लोगों को लगाया जाना चाहिए। उन्होंने इस बाबत जागरूकता अभियान चलाने की भी आवश्यकता बताई।

09:49 PM, 11-Jun-2021

हरियाणा: कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मनाया जाएगा योग दिवस

 

हरियाणा के स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में 21 जून को कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार प्रत्येक जिले में सुबह सात बजे से कार्यक्रम शुरू किये जाएंगे। विज ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जश्न के संबंध में आज विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में होने वाले कार्यक्रम के लिए उपायुक्त नोडल अधिकारी होंगे।

09:41 PM, 11-Jun-2021

तेलंगाना: 1707 नए मामले, 2493 ठीक हुए

तेलंगाना में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1707 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 2493 लोग ठीक हुए और 16 मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में अब कोविड के कुल मामलों की संख्या छह लाख 318 हो गई है। इनमें से पांच लाख 74 हजार 103 लोग ठीक हो चुके हैं और कुल 3456 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। राज्य में इस बीमारी के सक्रिय मामलों का आंकड़ अब 22,759 पर पहुंच गया है।

09:19 PM, 11-Jun-2021

पंजाब: 1230 नए मामले, 2071 ठीक हुए

पंजाब में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 1230 नए मामले मिले, 2071 मरीज ठीक हुए और 59 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या पांच लाख 85 हजार 986 हो गई है। इनमें से पांच लाख 55 हजार 245 लोग ठीक हो चुके हैं और 15,435 मरीजों की जान जा चुकी है। प्रदेश में अब कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा 15,306 हो गया है।

09:12 PM, 11-Jun-2021

एनसीएल ने छह ऑक्सीजन संयंत्र लगाने के लिए मप्र सरकार को 11.75 करोड़ दिए

नॉर्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को एम्स, भोपाल सहित प्रदेश में छह आक्सीजन संयंत्र लगाने के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के तहत 11.75 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया। प्रदेश के जनंसपर्क विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि एनसीएल ने स्वास्थ्य विभाग को पांच ऑक्सीजन संयंत्र लगाने के लिए 10 करोड़ रुपये और एम्स भोपाल को ऑक्सीजन संयंत्र के लिए एक करोड़ 75 लाख रुपये की राशि दी है। अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 आपदा में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से यह योगदान किया गया है।

09:04 PM, 11-Jun-2021

उत्तराखंड: 287 नए मामले, 21 लोगों की मौत

उत्तराखंड में शुक्रवार को 287 नए मरीजों में कोविड-19 की पुष्टि हुई और 21 अन्य ने महामारी से दम तोड़ दिया जबकि ब्लैक फंगस से पीड़ित दो और मरीजों की मौत हो गई । स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख 36 हजार 153 हो गई है। इसके अलावा, अब तक प्रदेश में कुल 6909 लोग महामारी से अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रदेश में उपचाराधीन मामलों की संख्या 5277 हैं जबकि 318235 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। इस बीच, प्रदेश में ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) के 13 और मामले सामने आए जबकि दो मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में इस रोग से पीड़ित अब तक 369 मरीज मिल चुके हैं जिनमें से 58 की मृत्यु हो चुकी है।

08:53 PM, 11-Jun-2021

उत्तर प्रदेश में कोरोना से 74 और मौतें, 619 नए मरीज

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 74 और संक्रमितों की मौत हो गई जबकि 619 नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले अब तक संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 21,667 हो गई है। वहीं, अब तक कुल संक्रमितों का आंकड़ा 17 लाख एक हजार 668 पर पहुंच गया है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 1642 मरीज स्वस्थ हुए जिसके बाद इस बीमारी को मात देने वालों की कुल संख्या 16 लाख 68 हजार 874 पर पहुंच गया।

08:38 PM, 11-Jun-2021

त्रिपुरा को देश में सौ फीसदी टीकाकरण वाला पहला राज्य बनाएंगे: विप्लव देव

मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार त्रिपुरा को सौ फीसदी टीकाकरण वाला देश का पहला राज्य बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा, 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को टीका देने वाला देश का पहला राज्य पहले ही बन चुका है और यह सरकार द्वारा बड़े स्तर पर चलाए गए जागरूकता अभियान और लोगों के टीकाकरण के प्रति सजग होने के चलते संभव हो सका।

08:23 PM, 11-Jun-2021

बंगाल: 4883 नए मामले, 4321 ठीक हुए

पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 4883 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में राज्य में 4321 मरीज ठीक हुए वहीं 89 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 14 लाख 52 हजार 987 हो गई है। इनमें से 14 लाख 21 हजार 64 मरीज ठीक हो चुके हैं और 15192 सक्रिय मामले हैं। बंगाल में इस महामारी के चलते अब तक कुल 16,731 मरीजों की जान जा चुकी है।

08:11 PM, 11-Jun-2021

दिल्ली में कोरोना के 238 नए मामले, संक्रमण दर 0.31 फीसदी

दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 238 नए मामले सामने आए जो कि पिछले तीन महीने में प्रतिदिन सामने आने मामलों की सबसे कम संख्या है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, महामारी से 24 और मरीजों की मौत हो गई और संक्रमण की दर घटकर 0.31 फीसदी रह गई है। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में अब तक कोविड-19 से 24,772 मरीजों की मौत हो चुकी है।

08:02 PM, 11-Jun-2021

गोवा में कोविड के 423 नए मामले, आठ की मौत

गोवा में कोविड-19 के 423 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर शुक्रवार को एक लाख 61 हजार 576 हो गई। वहीं, संक्रमण से आठ और लोगों की मौत हो गई जबकि 819 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली। राज्य में अब तक कोरोना की वजह से 2899 मरीजों की मौत हो चुकी है और एक लाख 53 हजार 476 मरीज ठीक हो चुके हैं और 5201 सक्रिय मरीज हैं।

07:54 PM, 11-Jun-2021

चंडीगढ़: 70 नए मामले, 84 ठीक हुए

चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 70 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान यहां तीन मरीजों की मौत हुई और 84 ठीक हुए। केंद्र शासित प्रदेश में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 564 हो गई है। चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा कि प्रदेश में 13 जून की सुबह पांच बजे से 14 जून की सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा।

07:45 PM, 11-Jun-2021

तमिलनाडु: 15759 नए मामले, 378 मरीजों की मौत

तमिलनाडु में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 15,759 नए मामले दर्ज किए गए। इसी दौरान राज्य में 378 संक्रमितों की मौत हो गई और 29,243 लोग ठीक हुए। प्रदेश में अब कोविड के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख 74 हजार 802 हो गई है।

07:31 PM, 11-Jun-2021

तमिलनाडु ने 21 जून तक बढ़ाया लॉकडाउन

तमिलनाडु सरकार ने और राहतों के साथ लॉकडाउन को 21 जून तक बढ़ाने का फैसला किया है। इसके तहत तस्माक दुकानों को राज्य के 27 जिलों में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक खुलने की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही चेन्नई समेत इन 27 जिलों में 14 जून से सलून, ब्यूटी पार्लर और स्पा को शाम पांच बजे से खुलने की अनुमति दी गई है। इस दौरान एसी चलाने की अनुमति नहीं होगी और ग्राहक क्षमता 50 फीसदी रखनी होगी। सरकारी पार्कों को सुबह छह से रात नौ बजे तक खुलने की अनुमति दी गई है। टैक्सी और ऑटोरिक्शॉ को भी चलने की मंजूरी दे दी गई है।

07:27 PM, 11-Jun-2021

राजस्थान: 446 नए मामले, 1475 ठीक हुए

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 446 नए मामले सामने आए। इस दौरान प्रदेश में 1475 मरीज ठीक हुए और 27 संक्रमितों की जान चली गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 9023 हो गई है।

06:52 PM, 11-Jun-2021

मुंबई: 696 नए मामले मिले, 658 ठीक हुए

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 696 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में शहर में 24 लोगों की मौत हुई और 658 ठीक हुए। शहर में अब कोविड के कुल मामलों की संख्या सात लाख 15 हजार 146 हो गई है। इनमें से छह लाख 81 हजार 946 ठीक हो चुके हैं और कुल 15,146 की जान जा चुकी है। मुंबई में अब कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा 15,189 पर पहुंच गया है।

06:35 PM, 11-Jun-2021

आंध्र प्रदेश: 8239 नए मामले, 11135 ठीक हुए

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 8239 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इसी अवधि में 11,135 मरीज ठीक हुए और 61 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 17 लाख 96 हजार 122 हो गई है। इनमें से 16 लाख 88 हजार 198 ठीक हो चुके हैं और 96,100 सक्रिय मरीज हैं।

06:18 PM, 11-Jun-2021

केरल: 14233 नए मामले, जारी रहेगा वीकेंड लॉकडाउन

केरल में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 14,233 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान यहां 173 मरीजों की मौत हो गई और 15,355 लोग ठीक हुए। राज्य के मुख्यमंत्री पी विजयन ने कहा कि मामलों की संख्या और संक्रमण के प्रसार की दर, दोनों में गिरावट देखने को मिल रही है। लॉकडाउन का असर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार और रविवार को राज्य में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा और लोगों को इसमें सहयोग करना चाहिए। इस दौरान केवल आवश्यक सेवाओं को संचालन की अनुमति होगी।

06:08 PM, 11-Jun-2021

महाराष्ट्र: कोल्हापुर में संक्रमण की दर और इस्तेमाल हो रहे ऑक्सीजन बेड का फीसद सर्वाधिक

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने राज्य की साप्ताहिक संक्रमण दर और प्रशासनिक इकाइयों में इस्तेमाल हो रहे ऑक्सीजन बेड के बारे में शुक्रवार को आंकड़े जारी किए और स्थानीय प्रशासन को उन इलाकों में पाबंदियों के स्तर के बारे में निर्णय लेने को कहा। आंकड़ों के अनुसार राज्य के कोल्हापुर में संक्रमण की दर 15.85 फीसदी है और यहां ऑक्सीजन बेड के भरे होने का फीसद 67.41 है। राज्य में दोनों ही मामलों में यह सर्वाधिक है। गोंदिया में संक्रमण दर सबसे कम 0.83 फीसदी है। वहीं, वर्धा में उपयोग में लाए जा रहे ऑक्सीजन बेड का प्रतिशत सबसे कम 1.57 है।

05:54 PM, 11-Jun-2021

दूसरी बार कोरोना की चपेट में आए हिमाचल के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह दूसरी बार कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। इससे पहले वह 13 अप्रैल को पॉजिटिव पाए गए थे और बाद में ठीक हो गए थे। राज्य के स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि दोबारा कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

05:48 PM, 11-Jun-2021

हरियाणा में 15 जून से होगा सीरो सर्वे

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को कहा कि 15 जून से हम राज्य में एक सीरो सर्वे कराएंगे। इसमें टीकाकरण या पॉजिटिव आने की वजह से लोगों में एंटीबॉडी का फीसद पहचानने के लिए छह साल से अधिक आयु के बच्चों को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे हमें टीकाकरण के लिए भविष्य में योजना बनाने में मदद मिलेगी।

05:40 PM, 11-Jun-2021

ओडिशा: अस्पताल में भर्ती 93 वर्षीय कोरोना मरीज का जन्मदिन मनाया गया

ओडिशा के बालांगिर में स्थित केआईएमएस कोविड अस्पताल में भर्ती एक 93 वर्षीय कोरोना मरीज का जन्मदिन मनाया गया। इस कार्यक्रम में अस्पताल ते डॉक्टर और स्टाफ शामिल हुए।
 
 

05:28 PM, 11-Jun-2021

कोरोना से जान गंवाने वाले कर्मचारियों के बच्चों को शिक्षा मुहैया कराएगी जेसीबी इंडिया

निर्माण कार्यों में काम आने वाले उपकरण बनाने वाली कंपनी जेसीबी इंडिया कोविड19 के कारण जान गंवाने वाले अपने कर्मचारियों के बच्चों को शैक्षिक सहायता मुहैया कराएगी। कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि इसके अलावा कर्मचारियों के परिजनों को राहत पैकेज के तौर पर दस साल तक जीवन बीमा भी दिया जाएगा। जेसीबी ने कहा कि इस राहत अभियान के तहत कंपनी कोविड-19 से जान गंवाने वाले कर्मचारियों के बच्चों को स्कूली शिक्षा के लिए प्रति वर्ष एक-एक लाख रुपये, और स्नातक शिक्षा के लिए दो लाख रुपये प्रति वर्ष तीन साल तक उपलब्ध कराएगी।

05:12 PM, 11-Jun-2021

झिझक मिटाने के लिए राज्यों के साथ मिलकर कर रहे काम: केंद्र

ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों में टीकाकरण को लेकर झिझक संबंधी मीडिया में आई खबरों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि वह इस मुद्दे से निपटने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार 16 जनवरी से ही टीकाकरण के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रयास का समर्थन ‘संपूर्ण सरकार’ की पहल के तहत कर रही है। एक बयान में कहा गया, 'मीडिया में खबरें हैं कि ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्य कर्मियों में टीकाकरण को लेकर कथित ‘झिझक’ है। टीकाकरण को लेकर झिझक वैश्विक स्तर पर व्याप्त परिपाटी है और इसका निदान वैज्ञानिक अध्ययनों और सामुदायिक स्तर पर होना चाहिए।’

05:02 PM, 11-Jun-2021

साप्ताहिक संक्रमण दर में तेज गिरावट

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि 30 अप्रैल से छह मई के बीच भारत में कोरोना वायरस की साप्ताहिक संक्रमण दर 21.6 फीसदी के साथ चरम पर थी। अब इस दर में करीब 74 फीसदी की कमी आ चुकी है। मंत्रालय ने कहा कि देश में महामारी के हालात स्थिर होते दिख रहे हैं, लेकिन लोगों को उचित व्यवहार और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करते रहने की आवश्यकता है

04:53 PM, 11-Jun-2021

113.96 टन ऑक्सीजन लेकर 31वीं ट्रेन बंगलूरू पहुंची

कर्नाटक में कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए 113.96 टन चिकित्सीय तरल ऑक्सीजन (एलएमओ) लेकर 31वीं ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन बेंगलूरू पहुंच गई है। दक्षिण पश्चिम रेलवे ने शुक्रवार को बताया कि यह ऑक्सीजन छह क्रायोजेनिक कंटेनर में पहुंचाया गया है। रेलवे के मुताबिक अब तक कर्नाटक को ट्रेन के जरिए 3563.15 टन एलएमओ की आपूर्ति की जा चुकी है। भारतीय रेलवे अबतक 400 से अधिक ऑक्सीजन एक्सप्रेस का परिचालन कर चुका है। इन विशेष रेलगाड़ियों से 1648 टैंकरों में 28,473 टन ऑक्सीजन देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाया गया है।

04:46 PM, 11-Jun-2021

ओडिशा: 5235 नए मामले, 43 मरीजों की मौत

ओडिशा में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 5235 नए मामले सामने आए जो कि पिछले 50 दिन में प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों की सबसे कम संख्या है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि महामारी से 43 मरीजों की मौत हो गई जिसके बाद मृतकों की कुल संख्या 3210 हो गई है। राज्य में अब तक संक्रमण के आठ लाख 42 हजार 461 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 66,226 का इलाज चल रहा है और सात लाख 72 हजार 972 मरीज ठीक हो चुके हैं। 

04:37 PM, 11-Jun-2021

अगले सीरो सर्वे की तैयारियां पूरी: डॉ. वीके पॉल

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने बताया कि राष्ट्रीय सीरो सर्वे की तैयारियां पूरी हो गई हैं। अगले सीरो सर्वे के लिए आईसीएमआर इसी महीने काम शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि अगर हम अपने भौगोलिक क्षेत्रों की रक्षा करना चाहते हैं तो केवल राष्ट्रीय सीरो सर्वे पर निर्भर रहने से काम नहीं चलेगा, हमें राज्यों को भी सीरो सर्वे के लिए प्रोत्साहित करना होगा।

04:32 PM, 11-Jun-2021

पुणे: संक्रमण दर में गिरावट के बाद मिल सकती है प्रतिबंधों में छूट

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने शुक्रवार को कहा कि अगर पुणे शहर में अगले दो दिन में संक्रमण दर पांच फीसदी से कम दर्ज की गई तो प्रशासन यहां प्रतिबंधों में छूट देने पर विचार कर सकता है। पिछले सप्ताह पुणे शहर राज्य सरकार के स्तर श्रेणी तीन में शामिल था। हालांकि यहां संक्रमण दर पांच फीसदी से थोड़ा नीचे आने के बाद शहर स्तर दो की श्रेणी में आ गया है। स्तर दो में आने वाले इलाकों में दुकानों को शाम सात बजे तक खोले रखने की अनुमति मिल जाती है। वहीं होटल, रेस्तरां और भोजनालय 50 फीसदी क्षमता के साथ भोजन परोसने के लिए रात 10 बजे तक काम कर सकते हैं और शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए मॉल खोले जा सकते हैं।

04:24 PM, 11-Jun-2021

लगातार कम हो रहे नए मामले

केंद्र सरकार ने कहा है कि भारत में सात मई को कोविड-19 के सर्वाधिक नए मामले सामने आने के बाद देश में प्रतिदिन सामने आने वाले नए मामलों में लगभग 78 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।

04:16 PM, 11-Jun-2021

हनीवेल ने बंगलूरू में कोविड मरीजों के लिए आईसीयू बनाया

हनीवेल ने शुक्रवार को घोषणा की कि शहर में कोविड-19 के मरीजों के इलाज के लिए उसने यहां बाउरिंग अस्पताल में गहन देखभाल कक्ष (आईसीयू) स्थापित किया है। प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी ने एक बयान में कहा कि उसने राज्य में वितरण के लिए सरकार को 200 ऑक्सीजन सांद्रक, एन95 रेस्पिरेटर और पीपीई किट भी दान किए हैं। इसने बताया कि बाउरिंग अस्पताल में 10 बिस्तरों वाले आईसीयू में कोविड-19 के गंभीर मरीजों की देखभाल के लिए आवश्यक उपकरण हैं। कंपनी ने बताया कि बंगलूरू में शुरू किए गए 10 बिस्तरों का एक और आईसीयू केंद्र मुंबई में भी स्थापित करने की योजना है।

04:05 PM, 11-Jun-2021

मिजोरम में कोविड के 210 नए मामले

मिजोरम में शुक्रवार को कोविड-19 के 210 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14,743 हो गई। नए मामलों में से 144 मामले आइजोल, 35 मामले लुंगलेई, 16 मामले लॉन्गतलाई और 10 मामले कोलासिब जिले से सामने आए हैं। नए संक्रमित मरीजों में 50 बच्चे भी हैं। राज्य में फिलहाल 3578 मरीजों का उपचार चल रहा है, जबकि 11,104 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और 61 मरीजों की मौत हुई है।

03:56 PM, 11-Jun-2021

बच्चों का घर में ही ध्यान रखें

हिमाचल प्रदेश सरकार ने अपने दिशा-निर्देश में कहा है कि ऐसे बच्चे जिनका संदिग्ध संपर्क वाला इतिहास रहा है, या जिन्हें गले में खराश, नाक बहने और कोविड के अन्य हल्के लक्षण हैं। परंतु इसके साथ ही सांस लेने में कोई कठिनाई नहीं है तो ऐसे बच्चों को घर में पृथकवास में रखकर देखभाल की जानी चाहिए।

02:51 PM, 11-Jun-2021

ग्वालियर के सिविल अस्पताल में वैक्सीन खत्म

ग्वालियर के सिविल हॉस्पिटल, हजीरा में वैक्सीन नहीं होने की वजह से वैक्सीन लगवाने गए लोगों को वापस लौटना पड़ा। एक व्यक्ति ने बताया, ''वैक्सीन की पहली डोज़ लगवाने आया था। कहा गया है अभी वैक्सीन है नहीं। जब आ जाएगी तब आना है।''
 

02:24 PM, 11-Jun-2021

उत्तराखंड: ब्लैक फंगस के 356 मामले हुए दर्ज

उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि अब तक राज्य में ब्लैक फंगस के 356 मामले सामने आ चुके हैं। इस बीमारी से अबतक राज्यों में 56 मरीजों की मौत हो गई है।
 

01:51 PM, 11-Jun-2021

कानपुर के निजी अस्पतालों में वैक्सीनेशन बंद

कानपुर के निजी अस्पतालों में वैक्सीन नहीं होने से वैक्सीनेशन रोक दिया गया है। कानपुर नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि अभी निजी अस्पतालों में वैक्सीन उपलब्ध नहीं है क्योंकि सरकार ने कहा है कि डायरेक्ट कंपनियों से खरीदें। अभी कंपनियां दे नहीं रही हैं।
 

01:43 PM, 11-Jun-2021

सुप्रीम कोर्ट ने एम्स को पीजी मेडिकल की प्रवेश परीक्षा पर दिए ये निर्देश

उच्चतम न्यायालय ने एम्स को पीजी मेडिकल की प्रवेश परीक्षा एक महीने बाद आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि आईएनआई सीईटी 2021 परीक्षा के लिए 16 जून की तारीख तय करने का फैसला मनमाना है।

01:26 PM, 11-Jun-2021

अमेरिका में कोवाक्सिन को इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी नहीं मिली

स्वदेशी वैक्सीन निर्माता कंपनी भारत बायोटेक को अमेरिका में इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। अमेरिका ने अभी कोवाक्सिन के इमरजेंसी इस्तेमाल पर मंजूरी ना देने का फैसला किया है। अमेरिकी फूड और एडमिनिस्ट्रेशन यानी एफडीए ने भारत बायोटेक की कोवाक्सिन टीके के आपातकालीन इस्तेमाल के आवेदन को खारिज कर दिया है। 

12:57 PM, 11-Jun-2021

उत्तराखंड: 12वीं कक्षा की राज्य बोर्ड परीक्षा रद्द

उत्तराखंड सरकार ने कोविड की स्थिति को देखते हुए 12वीं कक्षा की राज्य बोर्ड परीक्षा रद्द की।
 

12:51 PM, 11-Jun-2021

हैदराबाद: नौ लोगों पर मामला दर्ज, कोविड प्रोटोकॉल का किया उल्लघंन

हैदराबाद सिटी पुलिस ने शहर में नौ लोगों के खिलाफ कोविड के नियमों का उल्लघंन करने पर मामला दर्ज किया है। बता दें कि किसी की बर्थडे पार्टी में इन लोगों ने कोविड प्रोटोकॉल के नियमों का उल्लंघन किया था।
 

12:38 PM, 11-Jun-2021

गुजरात: श्रद्धालुओं के लिए खुला सोमनाथ मंदिर

गुजरात में सोमनाथ मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। मंदिर परिसर में लोगों से कोरोना नियमों का पालन कराया जा रहा है।
 

12:13 PM, 11-Jun-2021

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 25.60 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन दी जा चुकी है- स्वास्थ्य मंत्रालय

भारत सरकार और प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के माध्यम से अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 25.60 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं। इसमें वेस्टेज सहित कुल खपत 24,44,06,096 डोज है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास 1.17 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज अभी भी उपलब्ध हैं। 38 लाख से अधिक वैक्सीन की डोज अगले तीन दिन के अंदर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिल जाएगी।
 

11:55 AM, 11-Jun-2021

झुग्गी बस्तियों के लोग डर की वजह से नहीं ले रहे टीका - मुंबई मेयर

मुंबई मेयर किशोरी पेडनेकर का कहना है कि वैक्सीन की दूसरी डोज कोई नहीं छोड़ेगा। हर वार्ड में ज्यादा से ज्यादा 20,000 घर होंगे जहां हमारी आरोग्य सेविका या पार्टी के लोग जाकर रिपोर्ट कार्ड लेकर आएंगे। हम उनके पते पर जाकर उनको मनाएंगे। झुग्गी बस्तियों के लोग डर की वजह से नहीं आ रहे हैं। उनको और जागरुक करना पड़ेगा।
 

11:31 AM, 11-Jun-2021

कोरोना के इलाज के लिए बायोफोर की दवा का हो सकता है इस्तेमाल

हल्के से मध्यम लक्षण वाले कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए बायोफोर इंडिया फार्मास्युटिकल्स ने ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया से अपनी दवा के आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी मांगी है। 

11:13 AM, 11-Jun-2021

अमेरिका को कोविड वैक्सीन के मोर्चे पर और योगदान करना चाहिए- सांसद कृष्णमूर्ति

भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा है कि दुनिया को कोविड-19 रोधी टीके की 50 करोड़ खुराकें दान करना ही काफी नहीं है बल्कि अमेरिका को महामारी के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में और अधिक योगदान देना चाहिए।

10:56 AM, 11-Jun-2021

महाराष्ट्र: सीवर ड्रेन में वायरस के 108 म्यूटेशन मिले

महाराष्ट्र के पुणे में सीवर ड्रेन में वैज्ञानिकों को वायरस के 108 म्यूटेशन मिले हैं। अभी तक देश में जीनोम सीक्वेसिंग के आधार पर भी इतने म्यूटेशन की पहचान नहीं हो पाई है। जबकि पुणे स्थित सीएसआईआर की नेशनल कैमिकल लेबोरेटरी में जब छह अलग-अलग सैंपल की जांच की गई तो किसी में 20 तो किसी में 35 म्यूटेशन तक पाए गए। अध्ययन के दौरान वैज्ञानिकों को सीवर में डेल्टा और अल्फा वैरिएंट भी मिला है। वहीं दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील और अमेरिका में मिले अलग-अलग वैरिएंट भी यहां पाए गए हैं।

10:40 AM, 11-Jun-2021

अनलॉक की प्रक्रिया के बाद वाराणसी में नाव चलना शुरू

अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद वाराणसी में आज से नाव चलनी शुरू हो गई है। एक नाव चालक ने बताया, "लगभग 2 महीने बाद गंगा में फिर से नाव चलनी शुरू हुई है। हम कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं।"
 

10:21 AM, 11-Jun-2021

ओडिशा: बीते 24 घंटे में 5235 मामले आए सामने

ओडिशा में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 5,235 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल सक्रिय मामलों की संख्या 66,226 हो गई है। एक ही दिन में ओडिशा में 43 लोगों ने अपनी जान गंवाई है।
 

10:00 AM, 11-Jun-2021

राष्ट्रीय पॉजिटिविरी रेट 4.49 फीसदी- स्वास्थ्य मंत्रालय

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि देश में आज चौथे दिन कोरोना वायरस के एक लाख से कम नए मामले आए। दैनिक पॉजिटिविटी रेट 4.49% और रिकवरी रेट 94.93% है।
 

09:45 AM, 11-Jun-2021

बीते 24 घंटे में 32,74,672 लोगों को लगी वैक्सीन

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 32,74,672 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 24,60,85,649 हुआ।
 

09:21 AM, 11-Jun-2021

लगातार चौथे दिन एक लाख से कम दर्ज हुए दैनिक मामले

देश में लगातार चौथे दिन कोरोना वायरस के दैनिक मामले एक लाख से कम दर्ज किए गए हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के 91,702 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,92,74,823 हुई। 3,403 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 3,63,079 हो गई है। 1,34,580 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,77,90,073 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 11,21,671 है।
 

09:00 AM, 11-Jun-2021

बीते 24 घंटे में 20,44,131 लोगों का लिया गया सैंपल- आईसीएमआर

भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 20,44,131 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 37,42,42,384 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं>
 

08:32 AM, 11-Jun-2021

बिहार: कटिहार में जागरुकता की कमी की वजह से लोग नहीं लगवा रहे वैक्सीन

बिहार के कटिहार में लोग वैक्सीनेशन की जागरुकता की कमी की वजह से टीका लगवाने से कतरा रहे हैं। एक स्थानीय निवासी का कहना है कि यहां लोगों के बीच में टीका लगवाने को लेकर जागरुकता कम है और लोग शर्म ज्यादा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि वैक्सीन की खुराक लेने के बाद कुछ लोगों की मौत हो गई है।
 

08:04 AM, 11-Jun-2021

दूसरी लहर के दौरान औसतन 2000 लोगों की रोजाना मौत हुई

कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने भारत में जमकर कहर मचाया है। इस साल 1 मार्च से अब तक कोरोना संक्रमण के कारण दो लाख से अधिक मौतें हो चुकी हैं। 2020 में महामारी के शुरू होने के बाद से हर पांच  में से तीन मौतें कोरोना वायरस के कारण हुई हैं। भारत में इस साल 1 मार्च यानी कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने के बाद से रोजाना औसतन करीब 2000 लोगों की इस वायरस से जान गई है। कोरोना की दूसरी लहर में मृत्युदर बहुत अधिक रही है। पहली लहर के बाद से अब तक भारत में कुल 3,63,029 लोगों की मौत हुई है।

07:45 AM, 11-Jun-2021

तेलंगाना: पति की मौत के बाद सब्जियां बेच रही महिला

तेलंगाना में एक महिला कोविड-19 काल में सब्जियां बेच रही है। छह महीने पहले महिला के पति की मौत हो गई थी लेकिन चार साल के बच्चे को पालने के लिए महिला ये काम कर रही है। महिला घर-घर जाकर काम कर रही थी लेकिन कोविड की वजह से वो काम छूट गया। महिला का कहना है कि अपने परिवार का पेट भरने के लिए वो अब सब्जियां बेच रही हैं। उन्होंने सरकार से मदद मांगी है।
 

07:34 AM, 11-Jun-2021

मिजोरम: 24 घंटे में सामने आए 210 नए मामले

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 210 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 14,743 है जिसमें 3,578 सक्रिय मामले, 11104 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 61 मौतें शामिल हैं।
 

07:20 AM, 11-Jun-2021

Coronavirus: महाराष्ट्र में कोविड-19 के 11766 नए मामले, मृतकों की संख्या में 2213 का इजाफा

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार अब धीमी पड़ती जा रही है। एक तरफ जहां संक्रमण के मामले तेजी से कम हो रहे हैं, वहीं दैनिक मौतों का आंकड़ा भी तीन हजार से कम आ रहा है। हालांकि कोरोना की दूसरी लहर ने पीक के दौरान देश में तबाही मचा दी थी। दूसरी लहर के दौरान लाखों लोगों की जान गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों की माने तो इस साल एक मार्च यानी कोरोना वायरस की दूसरी लहर शुरू होने के बाद औसतन करीब 2000 लोगों की मौत हुई है। वहीं कोरोना के खिलाफ एकमात्र हथियार यानी वैक्सीनेशन को लेकर केंद्र सरकार और ज्यादा सख्त हो गई है। केंद्र सरकार ने वैक्सीनेशन का कमान को अपने हाथों में ले लिया है और अब 21 जून से 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी, इस दौरान केंद्र सरकार मुफ्त में राज्य सरकारों को कोरोना की वैक्सीन मुहैया कराएगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें