कर्नाटक में कोविड-19 के 13,800 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 26,83,314 हो गई। वहीं 365 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 31,260 हो गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।
राज्य में 2,68,275 मरीजों का उपचार चल रहा है और अब तक कुल 23,83,758 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में बेंगलुरु शहर जिले से सबसे ज्यादा 2,686 नए मामले सामने आए और 206 और मरीजों की मौत हो गई।
विभाग ने बताया कि अब तक 3.04 करोड़ नमूनों की जाँच हो चुकी है और अभी संक्रमण दर 9.69 फीसदी है जबकि मृत्य दर 2.64 फीसदी है।
बिहार में शनिवार को कोविड-19 के 1,007 नए मामले सामने आए। वहीं इस अवधि में 21 और मरीजों की मौत हो गई। हालांकि, इसके बावजूद राज्य में महामारी के हालात में स्थिरता आई है और उपचाराधीन मरीजों की संख्या 10 हजार से नीचे आ गई है जबकि राज्य में संक्रमण से मुक्त होने की दर 97.90 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में अबतक कोरोना वायरस संक्रमण के 7,12,197 मामले सामने आए हैं जिनमें से 6,97,229 मरीज अभी तक ठीक हो चुके हैं। विभाग ने बताया कि राज्य में अबतक कुल 5,340 लोगों की जान गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 9,627 रह गई है जबकि अप्रैल में यह संख्या करीब एक लाख से ऊपर पहुंच गई थी। मई के मध्य से अबतक राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर में करीब 20 प्रतिशत का सुधार हुआ है।
राज्य में कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर को नियंत्रित करने के लिए पांच मई से ही लॉकडाउन एवं पाबंदियां लागू हैं। वहीं टीकाकरण की बात करें तो बिहार में अबतक 1.10 करोड़ लोगों का टीकाकरण हो चुका है।