बिहार में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 432 नये मामले सामने आये और इस महामारी से 18 और लोगों की मौत हो गई। राज्य में कोविड-19 की स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 432 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 716728 हो गयी जबकि 18 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 9484 हो गई।
बिहार में अब तक 701543 लोग इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात दे चुके हैं और ठीक होने की दर बढ़कर 97.88 प्रतिशत हो गयी है। राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में भी लगातार कमी देखने को मिल रही है और यह संख्या कम होकर 5700 पर पहुंच गई है।
बिहार में बीते 24 घंटे में 1.11 लाख लोगों को कोविड रोधी टीके की खुराक दी गयी। अब तक 1.20 करोड़ लोग कोविड रोधी टीके की खुराक ले चुके हैं। गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस वर्ष के अंत तक राज्य के छह करोड़ लोगों को कोविड रोधी टीका लगाने का लक्ष्य रखा है।
मेघालय में शनिवार को कोविड-19 के 501 नए मामले सामने आए और 13 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यहां संक्रमण से अब तक 727 मरीजों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि राज्य में 501 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 41,601 हो गई।
उन्होंने बताया कि मेघालय में अभी 4,871 मरीजों का उपचार चल रहा है और 36,003 मरीज़ संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। शुक्रवार तक कुल 4.92 लाख लोगों को टीके की खुराक दी गई है।
गोवा सरकार ने राज्य में 21 जून सुबह 7 बजे तक कर्फ्यू बढ़ाने का फैसला किया है।
देश में कोविड-19 रोधी टीके की अब तक 25 करोड़ से ज्यादा खुराकें दी गई हैं। इनमें से 31 लाख से ज्यादा खुराकें शनिवार को दी गयीं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बारे में बताया।मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत पहली खुराक देने के मामले में 20 करोड़ का महत्वपूर्ण आंकड़ा पार कर गया है। देश में 20 करोड़ 46 लाख एक हजार 176 लोगों को टीके की पहली खुराक लग चुकी है। बयान में कहा गया कि शनिवार को 18से 44 वर्ष के उम्र समूह में 18 लाख 45 हजार 201 लोगों को पहली खुराक और एक लाख 12 हजार 633 लोगों को दूसरी खुराक दी गई।
दिल्ली सरकार ने शनिवार को केंद्र से फेस मास्क, सैनिटाइजर, ऑक्सीमीटर और थर्मोमीटर पर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) को समाप्त करने का सुझाव दिया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जीएसटी परिषद की बैठक में कहा कि कोविड-19 महामारी के बीच ये उत्पाद लोगों के नियमित खर्च का हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में इन्हें जीएसटी के दायरे से बाहर किया जाना चाहिए। सिसोदिया ने कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्य इन उत्पादों को कर-मुक्त करने के विचार का विरोध कर रहे हैं। इन उत्पादों पर कर समाप्त नहीं करना नागरिकों के हितों के खिलाफ होगा।
उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर थाना सांगीपुर क्षेत्र के जूही शुक्लपुर गांव में विवादित भूमि पर पांच दिन पूर्व स्थापित कोरोना मंदिर को एक पक्ष ने शुक्रवार की रात ढहा दिया। मामले में पुलिस को तहरीर देकर अवैध कब्जे की नियत से मंदिर निर्माण करने का आरोप लगाया गया है। शुक्रवार रात उक्त मंदिर को जेबीसी लगाकर ढहा दिया कर पूरा मलबा हटा दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मंदिर ढहाया है।
राजस्थान सरकार ने कोरोना महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों की समुचित परवरिश के लिए शनिवार को ‘मुख्यमंत्री कोरोना बाल कल्याण योजना’ की घोषणा की जिसके तहत ऐसे बच्चों की पढ़ाई व परवरिश का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस योजना की घोषणा के साथ ही कहा कि सरकार कोरोना के कारण विधवा होने वाली महिलाओं की आर्थिक मदद के लिए भी अनेक कदम उठा रही है।
केरल में लागू वीकेंड लॉकडाउन के दौरान पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे हैं। तस्वीरें कोच्चि की हैं।
केरल सरकार ने आज से राज्य में दो दिन का संपूर्ण लॉकडाउन लागू कर दिया है। हालांकि इस दौरान होटल से टेकअवे पार्सल की सुविधा जारी नहीं रहेगी लेकिन खाने की होम डिलिवरी पर कोई रोक नहीं है। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के कड़े नियमों का पालन करते हुए निर्माण कार्य को अनुमति दी गई है।