देश में महामारी की दूसरी लहर की रफ्तार अब कम होने लगी है। कोरोना के दैनिक मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। देश में बीते 24 घंटे में 41,506 नए मरीज मिले है और 895 की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले 42,766 नए मरीज मिले और 1206 की जान गई थी। वहीं कई राज्यों ने अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कई राज्यों में शॉपिंग मॉल, दुकानें, बाजार, जिम और रेस्तरां खोलने की इजाजत दे दी गई है। उधर, असम सरकार ने कोविड महामारी के चलते अपने पति को खोने वाली महिलाओं को 2.5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का एलान किया है। वहीं, त्रिपुरा में कोरोना के डेल्टा प्लस वेरिएंट के बढ़ते मामलों की रिपोर्ट के केंद्र सरकार ने खारिज कर दिया है। सरकार ने कहा है कि राज्य में इस वेरिएंट से संक्रमण का एख भी मामला नहीं है। देश में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
जीनोम सिक्वेसिंग के लिए भेजे गए नमूनों में डेल्टा प्लस का मामला नहीं
भारत सरकार की ओर से कहा गया है कि त्रिपुरा में डेल्टा प्लस वैरिएंट के बढ़ते मामलों के बारे में खबरें थीं। इस बारे में सूचित किया जाता है कि अप्रैल और मई 2021 के बीच 152 लोगों के आरटी-पीसीआर जांच पॉजिटिव आने पर पूरे जीनोम सिक्वेसिंग के लिए एनआईबीएमजी कल्याणी को भेजे गए थे। इन नमूनों में डेल्टा प्लस का कोई मामला सामने नहीं आया है।
11:47 PM, 11-Jul-2021
असम में कोरोना के 1579 नए मामले दर्ज
असम में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,579 नए मामले दर्ज किए, 2,793 ठीक हुए और 16 मौतें हुईं। राज्य में सक्रिय मामले: 19,972, कुल डिस्चार्ज: 5,07,516 और
मरने वालों की संख्या: 4,828 है।
11:01 PM, 11-Jul-2021
बंगाल में कोविड-19 के 924 नए मामले, 13 की मौत
पश्चिम बंगाल में रविवार को कोविड-19 के 924 नए मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 15 लाख 12 हजार 129 हो गई जबकि 13 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की तादाद 17,916 हो गई। बीते 24 घंटों के दौरान 1314 मरीज ठीक भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 14 लाख 79 हजार 312 हो गई। बंगाल में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 14,901 हो गई है। संक्रमण से ठीक होने की दर 97.83 फीसदी हो गयी है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और कई अन्य लोगों के खिलाफ कोविड नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। एएसपी भोपाल ने कहा कि हमने राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह समेत आठ लोगों और 200 अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने औद्योगिक एरिया में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान कोविड नियमों का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि हमने आईपीसी और महामारी बीमारी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
10:37 PM, 11-Jul-2021
तमिलनाडु में कोरोना संक्रमण के 2775 नए मामले
तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 2775 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 25.18 लाख हो गए। इसके साथ ही महामारी से 47 और मरीजों की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या 33,418 पर पहुंच गई। राज्य में अब तक 24 लाख 53 हजार 61 लोग ठीक हो चुके हैं और अभी 32,307 मरीज उपचाराधीन हैं।
विज्ञापन
10:22 PM, 11-Jul-2021
गुजरात में कोरोना के 42 नए मामले, कोई मौत नहीं
गुजरात में रविवार को कोविड-19 के 42 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या आठ लाख 24 हजार 242 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि पिछले 24 घंटे में किसी की मौत नहीं हुई और मृतक संख्या 10,073 बनी हुई है। रविवार को अस्पतालों से 262 लोगों को छुट्टी मिलने के साथ अब तक आठ लाख 13 हजार 238 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। गुजरात में संक्रमण दर 98.66 फीसदी है और उपचाराधीन मरीजों की संख्या 931 है।
10:15 PM, 11-Jul-2021
पाबंदियों के बीच पार्टी करने पर कोलकाता के होटल से 37 लोग गिरफ्तार
कोलकाता में पांच सितारा होटल में कोविड-19 संबंधी पाबंदियों का उल्लंघन करते हुए पार्टी करने के आरोप में शनिवार देर रात 20 महिलाओं समेत कम से कम 37 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि होटल के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने बताया कि होटल से दो महंगी कारें और 38 मोबाइल फोन और मेहमानों की दो सूचियों समेत कई अन्य सामान जब्त किया गया है।
09:41 PM, 11-Jul-2021
झारखंड में रविवार को कोविड से कोई मौत नहीं
झारखंड में पिछले चैबीस घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अभी तक कोविड-19 से कुल 5119 लोगों की मौत हुई। वहीं संक्रमण के 56 नए मामले आने के साथ ही अभी तक कुल तीन लाख 46 हजार 279 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य में अभी तक कुल तीन लाख 40 हजार 737 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं वहीं 423 लोगों का इलाज चल रहा है।
09:33 PM, 11-Jul-2021
हरियाणा में दी गईं प्रतिबंधों में राहतें
हरियाणा सरकार के 'महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा' को 12 जुलाई की सुबह पांच बजे से 19 जुलाई की सुबह पांच बजे तक बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही कुछ राहतें भी दी गई हैं। राहतों के तहत शादियों और अंतिम संस्कार के कार्यक्रों में अधिकतम 100 लोगों को और खुले स्थान में होने वाले कार्यक्रम में 200 लोगों को शामिल होने की अनुमति दे दी गई है। इसके साथ ही स्पा को 50 फीसदी क्षमता के साथ सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक खुलने की अनुमति दी गई है।
09:27 PM, 11-Jul-2021
फिल्मकार ओनिर ने ली टीके की दूसरी खुराक
फिल्मकार ओनिर ने रविवार को कोविड -19 रोधी टीके की दूसरी खुराक लेने के बाद कहा कि उन्होंने अपना टीकाकरण पूरा करवा लिया है। 52 वर्षीय निर्देशक ने सोशल मीडिया ऐप इंस्टाग्राम पर टीकाकरण की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। दिग्गज निर्देशक ने 2011 में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अपनी फिल्म ‘आई एम’ के संदर्भ का उल्लेख करते हुए लिखा, ‘आई एम वैक्सीनेटिड। मास्क केवल फोटो के लिए उतारा। सुरक्षित रहिए और टीकाकरण करवाएं।’
09:13 PM, 11-Jul-2021
तीसरी लहर से निपटने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देगा संघ
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने रविवार को कहा कि वह देशभर में अपने कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा, ताकि कोविड-19 महामारी की संभावित तीसरी लहर आने पर वे प्रशासन के साथ मिलकर लोगों की सहायता कर सकें। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने एक बयान में कहा कि इस कार्यक्रम में एक विशेष मॉड्यूल होगा, जिससे कार्यकर्ता सभी आवश्यक उपायों से माताओं और बच्चों की सहायता कर सकेंगे।
08:37 PM, 11-Jul-2021
राजस्थान में कोरोना संक्रमण के 52 नए मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के रविवार को 52 नए मामले आए हैं। चिकित्सा विभाग की ओर से रविवार शाम जारी आंकड़ों के अनुसार, रविवार को संक्रमण से किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। राज्य में संक्रमण से अब तक 8,945 लोगों की मौत हो चुकी है। अब राज्य में 702 संक्रमित उपचाराधीन हैं।
08:26 PM, 11-Jul-2021
गोवा में 19 जुलाई तक बढ़ा कर्फ्यू, राहतें भी दी गईं
गोवा सरकार ने रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लागू राज्यव्यापी कर्फ्यू को 19 जुलाई तक बढ़ाने की घोषणा की, लेकिन साथ ही कुछ रियायतें देते हुए 50 फीसदी क्षमता के साथ जिम को खोलने की अनुमति भी प्रदान कर दी। बता दें कि राज्य सरकार ने पिछले सप्ताह सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक समारोहों, विवाह और अन्य सभाओं को 100 लोगों के साथ अथवा आयोजन स्थल की क्षमता के 50 फीसदी तक खोलने की अनुमति प्रदान की थी।
08:09 PM, 11-Jul-2021
महाराष्ट्र: 8535 नए मामले, 156 की मौत
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमण के 8535 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में यहां 6013 लोग ठीक हुए तो 156 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 61 लाख 57 हजार 799 हो गई है। इनमें से 59 लाख 12 हजार 479 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, एक लाख 25 हजार 878 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा अब एक लाख 16 हजार 165 हो गया है।
07:55 PM, 11-Jul-2021
त्रिपुरा में डेल्टा वेरिएंट का कोई मामला नहीं: केंद्र
भारत सरकार ने कहा है कि त्रिपुरा में डेल्टा प्लस वेरिएंट के बढ़ते मामलों को लेकर कुछ रिपोर्ट सामने आई थीं। सरकार ने कहा कि इस साल अप्रैल से मई के बीच आरटी-पीसीआर जांच में पॉजिटिव पाए गए 52 लोगों के नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए एनआईबीएमजी कल्याणी भेजे गए थे। इन नमूनों में किसी में भी डेल्टा प्लस वेरिएंट नहीं पाया गया है।
07:46 PM, 11-Jul-2021
कर्नाटक: 1978 नए मामले, 56 की मौत
कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1978 नए मामले सामने आए। इसी दौरान यहां 2326 लोग ठीक हुए और 56 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 28 लाख 71 हजार 298 हो गई है। इनमें से 27 लाख 98 हजार 703 लोग ठीक हो चुके हैं और 35,835 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामले अब 36,298 रह गई है।
07:34 PM, 11-Jul-2021
केरल में जीका वायरस से संक्रमण के तीन और मामले
केरल में रविवार को जीका वायरस से संक्रमण के तीन और मामले आए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। इसके साथ ही राज्य में जीका वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 18 हो गई है। नए मामलों में 22 महीने का एक बच्चा संक्रमित मिला है। इसके अलावा 46 वर्षीय एक व्यक्ति और 29 वर्षीय स्वास्थ्य कर्मी के भी जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। अबतक राज्य में 18 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है।
07:23 PM, 11-Jul-2021
एमपी और गुजरात में टीकाकरण के आंकड़े झूठे: भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को टीकाकरण को लेकर भाजपा शासित राज्यों की सरकारों को घेरा। उन्होंने कहा, 'हमने कोविड टीकों की 87 लाख खुराकें (पहली) लगाई हैं। मध्यप्रदेश और गुजरात में टीकाकरण के आंकड़े फर्जी हैं। भाजपा सदस्य अपने ही नेताओं से सवाल नहीं पूछ सकते क्योंकि ऐसा करने पर उन्हें गद्दार कहा जाएगा। उनके नौ सांसदों में से एक को भी केंद्रीय कैबिनेट में मौका नहीं मिला।'
07:14 PM, 11-Jul-2021
मंत्रियों की संख्या बढ़ गई, लेकिन टीकों की नहीं: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि मंत्रियों की संख्या बढ़ गई है लेकिन कोविड के टीके नहीं बढ़े हैं। उन्होंने रोजाना हो रहे टीकाकरण का चार्ट भी साझा किया, जिसके अनुसार, दिसंबर 2021 तक सभी वयस्कों का टीकाकरण पूरा करने के लक्ष्य से अभी बहुत दूर हैं। बता दें कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत सरकार में 43 मंत्रियों के शामिल होने के बाद राहुल गांधी ने यह टिप्पणी की है। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की संख्या अब 77 हो गई है।
07:00 PM, 11-Jul-2021
तेलंगाना: 465 नए मामले 869 ठीक हुए
तेलंगाना में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 465 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 869 मरीज ठीक हुए और चार संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 10,316 हो गई है। यहां अब तक इस बीमारी से छह लाख 17 हजार 638 लोग ठीक हो चुके हैं और 3729 लोगों की जान जा चुकी है।
06:19 PM, 11-Jul-2021
दिल्ली: 53 नए मामले, 99 मरीज ठीक हुए
दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 53 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 99 मरीज ठीक हुए तो तीन संक्रमितों की मौत हो गई। केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 743 बची है। वहीं, अब तक इस बीमारी के चलते यहां 25,015 लोगों की जान जा चुकी है। यहां संक्रमण दर इस समय 0.07 फीसदी है।
06:12 PM, 11-Jul-2021
सिक्किम: कोविड-19 के 144 नए मामले, दो मरीजों की मौत
सिक्किम में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 144 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 22,307 हो गई। वहीं दो मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 315 हो गई। यहां अब 2267 मरीजों का उपचार चल रहा है और 19,467 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं कम से कम 258 मरीज दूसरों राज्यों में जा चुके हैं। राज्य में संक्रमण दर 19.1 फीसदी और स्वस्थ होने की दर 88.2 फीसदी है।
06:00 PM, 11-Jul-2021
लद्दाख में मिले 19 नए मामले, 35 मरीज ठीक हुए
लद्दाख में कोविड-19 के 19 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 20,186 हो गई। वहीं 35 और मरीज संक्रमण मुक्त हो गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि सभी 19 मामले लेह जिले से सामने आए हैं। केंद्रशासित प्रदेश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई। यहां अब तक संक्रमण से 206 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां अब 115 मरीजों का उपचार चल रहा है।
05:47 PM, 11-Jul-2021
पुडुचेरी में कोविड के 145 नए मामले, एक भी मौत नहीं
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 145 नए मामले सामने आए हैं और इस अवधि में संक्रमण से किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई। बता दें कि पिछले छह महीने से ज्यादा समय में ऐसा पहली बार हुआ है जब केंद्रशासित प्रदेश में संक्रमण से एक भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई। यहां 10 जुलाई तक संक्रमण से मरनेवालों की कुल संख्या 1769 है। पुडुचेरी में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब एक लाख 18 हजार 976 हो गई है।
05:35 PM, 11-Jul-2021
ओडिशा: 2282 नए मामले, 65 लोगों की मौत
ओडिशा में रविवार को कोविड-19 के 2282 नए मामले आने से संक्रमितों की कुल संख्या नौ लाख 39 हजार 752 हो गई जबकि 65 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतक संख्या 4599 हो गई। हालांकि, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने ट्वीट कर बताया कि मौत के मामले एक दिन के नहीं हैं। ऑडिट प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूर्व में हुई मौत के मामले जोड़े गए हैं।
05:22 PM, 11-Jul-2021
दिल्ली: फिलहाल कोई कैदी या जेल कर्मी कोरोना संक्रमित नहीं
दिल्ली की तीनों जेलों में बंद कोई भी कैदी और जेल कर्मी फिलहाल कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं है। हालांकि जेलों में कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन किया जा रहा है तथा कैदियों की टीकाकरण की प्रक्रिया भी चल रही है। महानिदेशक (जेल) संदीप गोयल ने रविवार को यह जानकारी दी। बता दें कि जेल विभाग ने 18 मार्च को 45 साल से अधिक आयु वर्ग के कैदियों के लिए तथा 18 मई को 18-44 आयु वर्ग के कैदियों के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी।
05:08 PM, 11-Jul-2021
दिल्ली की सरोजनी नगर मार्केट में उमड़ी भीड़
दिल्ली की प्रसिद्ध सरोजनी नगर मार्केट में रविवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान अधिकांश लोग मास्क लगाए हुए तो दिखे लेकिन शारीरिक दूरी के नियम का जमकर उल्लंघन हुआ।
04:42 PM, 11-Jul-2021
राजस्थान: गहलोत ने की कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को लोगों से कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए कोविड उपयुक्त व्यवहार और महामारी की रोकथाम से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने आगाह किया कि यदि लोगों ने लापरवाही की तो अन्य देशों की तरह यहां भी कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर आ सकती है।
04:27 PM, 11-Jul-2021
असम: कोविड से अपने पति को खोने वाली महिलाओं को आर्थिक मदद
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने उन सभी विधवाओं को 2.5 लाख रुपये की एक बार वित्तीय सहायता देने की योजना शुरू की है, जिनके पति की मृत्यु कोविड-19 की वजह से हुई, बशर्ते उनकी वार्षिक पारिवारिक आय पांच लाख रुपये से कम हो। ‘मुख्यमंत्री कोविड-19 विधवा सहायता योजना’ के तहत मुख्यमंत्री ने यहां एक कार्यक्रम में आठ जिलों की 176 ऐसी महिलाओं को चेक सौंपे। सरमा ने बताया कि इस योजना केके लिए अब तक 873 लाभार्थियों की पहचान की गई है। उन्हें अगले सप्ताह तक जिलों में राज्य के मंत्री चेक सौंपेंगे।
04:11 PM, 11-Jul-2021
अरुणाचल प्रदेश: ईटानगर में अभी नहीं लगेगा लॉकडाउन
अरुणाचल प्रदेश ने राजधानी ईटानगर में 12 जुलाई से हफ्तेभर के लिए लॉकडाउन लगाने के जिला प्रशासन के आग्रह को खारिज कर दिया है, लेकिन कोविड-19 के मामलों को नियंत्रित करने के लिए अन्य उपायों का सुझाव दिया है। बता दें कि मुख्य सचिव नरेश कुमार को शनिवार को लिखे पत्र में राजधानी के उपायुक्त टी पोटोम ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों की वजह से सोमवार से एक हफ्ते के लिए राजधानी में पूर्ण लॉकडाउन की इजाजत मांगी थी।
03:53 PM, 11-Jul-2021
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों से जूझ रहा केरल
कोरोना वायरस संक्रमण से बेहतर तरीके से निपटने के लिए लगभग एक साल पहले ‘केरल मॉडल’ ने काफी प्रशंसा बटोरी थी, लेकिन अब राज्य में संक्रमण के रोजाना 12,000 से 15,000 मामले सामने आ रहे हैं। राज्य में शनिवार को संक्रमण के 14,087 नए मामले सामने आए और 109 लोगों की मौत हो गई। केरल में संक्रमण के अब तक 30 लाख 39 हजार 29 मामले सामने आए हैं और कुल 14,380 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में एक लाख 13 हजार 115 लोग उपचाराधीन हैं।
03:37 PM, 11-Jul-2021
आदिवासी गांव में टीका लगवाएंगी तेलंगाना की राज्यपाल
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने कहा कि टीकाकरण के मामले में राज्य आगे बढ़ रहा है लेकिन इसमें एक समस्या आ रही है। राज्य में जनजातियां बहुत हैं और वो टीका नहीं लगवा रहे हैं, उनमें इसे लेकर झिझक है। इसलिए कल मैं रंगारेड्डी में एक आदिवासी गांव में जाऊंगी और उनके बीच एक पीएचसी में टीका लगवाऊंगी। इससे उनके बीच एक संदेश जाएगा कि उन्हें भी टीकाकरण करवाना चाहिए।
03:31 PM, 11-Jul-2021
'खतरनाक साबित हो सकती है कांवर यात्रा'
डॉ. एसके सरीन ने कांवर यात्रा को लेकर कहा कि जब तक लोग समाज से यह वादा नहीं करते कि वह गलत व्यवहार नहीं करेंगे, मुझे लगता है कि यात्रा खतरनाक हो सकती है। अगर लोग कोरोना अनुरूप व्यवहार का पालन नहीं करते हैं तो यह खतरनाक साबित हो सकती है, इसकी सतर्कता के साथ निगरानी की जानी चाहिए।
03:23 PM, 11-Jul-2021
दूसरी लहर अभी समाप्त नहीं हुई: डॉ. सरीन
डॉ. एसके सरीन ने कहा कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर अभी समाप्त नहीं हुई है। अगर कोई पर्यटक पूरे देश में घूमते हुए एक हिल स्टेशन पर पहुंचता है तो संभव है कि वह वहां वायरस ले गया हो और भीड़ की वजह से यह एक सुपर स्प्रेडर बन जाएगा। यह घातक हो सकता है।
03:15 PM, 11-Jul-2021
लैम्ब्डा वेरिएंट चिंता का विषय: डॉ. एसके सरीन
इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बाइलियरी साइंसेज के निदेशक डॉ. एसके सरीन ने कहा कि दिल्ली में डेल्टा प्लस वेरिएंट से संक्रमण के मामले बड़ी संख्या में नहीं हैं, लेकिन यह मौजूद है। डेल्टा भी चिंताजनक है, हम इस समय लैम्ब्डा वेरिएंट को लेकर अधिक चिंतित हैं। हमारे देश में अभी इसके होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह आ सकता है।
02:50 PM, 11-Jul-2021
पुडुचेरी: 16 जुलाई से खुलेंगे कक्षा 9-12 तक के स्कूल
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए देश भर में स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए थे। वहीं अब संक्रमण के मामले घटने के साथ ही स्कूल कॉलेज दोबारा खोले जा रहे हैं। पुडुचेरी में कक्षा 9-12 तक के छात्रों के लिए 16 जुलाई से सभी स्कूल और कॉलेज दोबारा खोले जाएंगे। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी ने रविवार को यह एलान किया।
01:10 PM, 11-Jul-2021
कोरोना: नागर विमानन मंत्रालयों के दो सलाहकारों, डीजीसीए के दो अधिकारियों की मौत
कोरोना वायरस के कारण अब तक नागर विमानन मंत्रालय के दो सलाहकारों और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के दो अधिकारियों की मौत हो चुकी है। सरकारी अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि नागर विमानन मंत्रालय के दो सलाहकारों की 2020 में कोरोना वायरस की पहली लहर के दौरान मौत हुई थी। ये सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी थे और मंत्रालय ने अनुबंध के आधार पर उन्हें नियुक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि डीजीसीए के दो अधिकारियों की 2021 में कोविड-19 की दूसरी लहर में मौत हुई। इनमें एक अधिकारी निदेशक और एक सहायक निदेशक के पद पर सेवाएं दे रहा था।
01:04 PM, 11-Jul-2021
राहुल बोले- मंत्री बढ़े, वैक्सीन नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार मंत्रिमंडल में फेरबदल किया है। मंत्रिमंडल विस्तार पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मंत्रियों की संख्या बढ़ी है, वैक्सीन की नहीं।
09:44 AM, 11-Jul-2021
कोरोना: 43.08 करोड़ नमूनों की जांच हुई
देश में कोरोना वायरस पर काबू पाने के लिए तेजी से जांच की जा रही है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने बताया कि देश में शनिवार को कोरोना वायरस के लिए 18,43,500 सैंपल टेस्ट किए गए। इसके साथ ही अब तक कुल 43,08,85,470 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
07:54 AM, 11-Jul-2021
मिजोरम: 442 नए मरीज मिले, दो की मौत
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 442 नए मामले सामने आए और 2 लोगों की संक्रमण से मौत हुई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमित कुल मामलों की संख्या 23,993 पहुंच गई। इनमें से 4,501 का इलाज चल रहा है और 19,387 स्वस्थ्य होकर अपने घर लौट गए हैं। वहीं अब तक 105 लोगों की संक्रमण से जान चली गई है। मिजोरम सरकार के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने यह जानकारी दी।
07:41 AM, 11-Jul-2021
Covid-19 Live: असम में कोरोना के 1579 नए मामले दर्ज, 16 लोगों की मौत
देश में महामारी की दूसरी लहर की रफ्तार अब कम होने लगी है। कोरोना के दैनिक मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। देश में बीते 24 घंटे में 41,506 नए मरीज मिले है और 895 की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले 42,766 नए मरीज मिले और 1206 की जान गई थी।