असम में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,640 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 5,19,834 हो गई, जबकि 31 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या 4,683 हो गई। गोलाघाट जिले में सबसे अधिक 333 नए मामले सामने आए। इसके बाद सोनितपुर (233), कामरूप मेट्रोपॉलिटन (197) और जोरहाट (151) में मामले सामने आए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के बुलेटिन में बताया कि सोमवार को राज्य में 1,16,542 नमूनों की जांच के बाद 2,640 लोग संक्रमित पाए गए। उन्होंने बताया कि राज्य में इस समय 22,243 मरीज उपचाराधीन हैं और 4,91,561 लोग संक्रमित होने के बाद ठीक हो गए हैं। असम में अब तक 5,19,834 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 319 नए लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है जिससे राज्य में संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 9,96,037 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में सोमवार को 107 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई, वहीं 336 लोगों ने घर में पृथक-वास पूरा किया । उन्होंने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित एक मरीज की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 9,77,360 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हुए हैं तथा 5220 मरीज उपचाराधीन हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में वायरस से संक्रमित 13,457 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
महाराष्ट्र में सोमवार को कोविड-19 के 6740 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 61,04,917 हो गयी जबकि 51 और मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या 1,23,136 हो गयी है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 13,027 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी। अब तक 58,61,720 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। राज्य में वर्तमान में 1,16,827 मरीजों का उपचार चल रहा है। ठीक होने की दर 96.02 प्रतिशत है। अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 1,69,517 नमूनों की जांच की गयी। राज्य में कोरोना वायरस संबंधी अब तक कुल 4,27,12,460 नमूनों की जांच की जा चुकी है।