फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live: गुजरात के आठ जिलों में 31 जुलाई तक रात्रि कर्फ्यू, त्रिपुरा में सप्ताहांत पर बंदी

Fri, 16 Jul 2021 11:55 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में पिछले चार दिन के दौरान कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ने शुरू हो गए। 12 जुलाई को देश में 31 हजार नए मामले मिले तो 13 जुलाई को इनकी संख्या 38 हजार पहुंच गई। इसके बाद 14 जुलाई को 41 हजार से ज्यादा नए केस सामने आ गए और 15 जुलाई को 41 हजार 806 नए मरीज मिले जिससे खौफ पसरने लगा है। ओडिशा और मणिपुर में जहां लॉकडाउन की अवधि  बढ़ा दी गई है वहीं कर्नाटक ने दिसंबर तक के लिए जिला पंचायत का चुनाव टाल दिया है। कोरोना से संबंधित और भी अपडेट यहां पढ़िए...
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:54 PM, 16-Jul-2021

कोविड-19 के कारण बच्चों के टीकाकरण पर असर पड़ने की खबरें तथ्यों पर आधारित नहीं : सरकार

सरकार ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उसने कोविड-19 के नकारात्मक प्रभावों को कम करने की दिशा में राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अन्य भागीदारों के साथ काम किया है, और यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि बच्चों को सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के तहत जीवन रक्षक टीके मिलें।

इस स्पष्टीकरण से एक दिन पहले यूनिसेफ ने कहा था कि दुनिया में सबसे ज्यादा भारत में 35 लाख बच्चों का टीकाकरण नहीं हो पाया या सभी टीके उन्हें नहीं लगे।

11:23 PM, 16-Jul-2021

असम: 1782 नए मामले, 24 की मौत

असम में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 1782 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 2656 लोग ठीक हुए और 24 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 18,222 हो गई है। यहां कोरोना के चलते अब तक 4961 लोगों की जान जा चुकी है।

11:05 PM, 16-Jul-2021

त्रिपुरा: कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर लागू किया गया वीकेंड कर्फ्यू

त्रिपुरा सरकार ने राज्य में कोविड -19 की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने के बाद शनिवार और रविवार को कर्फ्यू लागू करने के अलावा अगरतला नगर निगम और 11 अन्य शहरों अथवा शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में दिन के कर्फ्यू को 19 जुलाई से 23 जुलाई तक बढ़ाने का फैसला किया है। वीकेंड कर्फ्यू 17 जुलाई सुबह छह बजे से 19 जुलाई सुबह छह बजे तक लागू रहेगा। दरअसल, पूर्वोत्तर राज्य में हाल के सप्ताहों में कोविड-19 के नये मामलों और इसके संक्रमण के कारण होने वाली मौतों की संख्या में वृद्धि देखी गई है।

विज्ञापन
10:19 PM, 16-Jul-2021

गुजरात: आठ शहरों में 31 जुलाई तक बढ़ा रात्रि कर्फ्यू

गुजरात सरकार ने कोविड-19 महामारी को लेकर नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इनके तहत राज्य के आठ शहरों में 31 जुलाई तक रात्रि कर्फ्यू बढ़ा दिया गया है। ये जिले अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट, सूरत, भावनगर, जामनगर, गांधीनगर और जूनागढ़ हैं। वहीं, वाटर पार्क और स्विमिंग पूल को 20 जुलाई से 50 फीसदी क्षमता के साथ खुलने की अनुमति दी गई है।

10:03 PM, 16-Jul-2021

राजस्थान: कांवड़ यात्रा समेत सभी धार्मिक कार्यक्रमों पर रोक

राजस्थान सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके तहत कांवड़ यात्रा और ईद-उल-जुहा के मौके पर सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों समेत सभी धार्मिक कार्यक्रमों और सभाओं पर रोक लगा दी गई है।  

विज्ञापन
09:34 PM, 16-Jul-2021

महाराष्ट्र: 7761 नए मामले, 13452 ठीक हुए

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 7761 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 13,452 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिली तो 167 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख एक हजार 337 हो गई है। इसके अलावा 59 लाख 65 हार 644 लोग ठीक हो चुके हैं और एक लाख 26 हजार 727 लोगों की जान जा चुकी है।

09:12 PM, 16-Jul-2021

मध्यप्रदेश: 15 नए मामले, 235 सक्रिय मरीज बचे

मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के केवल 15 मामले सामने आए, जिसके बाद यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या सात लाख 91 हजार 629 हो गई। राज्य में अब तक इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्या सात लाख 80 हजार 884 हो गई है। यहां अब तक कोरोना संक्रमण से 10,510 लोगों की जान जा चुकी है और सक्रिय मामलों की संख्या अब 235 रह गई है। 

08:54 PM, 16-Jul-2021

असम में 60 फीसदी जिला अस्पतालों में आईसीयू बेड नहीं

असम के 60 फीसदी से अधिक जिला अस्पतालों में गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) के बेड नहीं हैं और राज्य के किसी भी उप-मंडलीय अस्पताल (एसडीसीएच) में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री केशब महंत ने शुक्रवार को विधानसभा को इस बारे में सूचित किया। कांग्रेस सदस्य नुरुल हुदा के एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि राज्य के 25 जिला अस्पतालों में से केवल 10 में ही आईसीयू बेड हैं। जिला अस्पतालों में कुल आईसीयू बेड की संख्या 178 है।

08:38 PM, 16-Jul-2021

आज लगीं टीके की 38.79 लाख खुराकें

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में आज कोरोना वायरस टीके की 38.79 लाख खुराकें लगाई गईं। मंत्रालय ने कहा देश में अब तक कुल टीकाकरण का आंकड़ा 40 करोड़ पर पहुंच गया है। 

08:27 PM, 16-Jul-2021

केरल में जीका के दो और मरीज मिले, कुल मामले 30 हुए

केरल में दो और लोगों के जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद राज्य में इस वायरस के कुल मामले बढ़कर 30 हो गए हैं। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने शुक्रवार को बताया कि 30 में से 10 मरीज अभी अपना इलाज करा रहे हैं। जॉर्ज ने बताया कि जीका से संक्रमित पाए गए दो और लोग तिरुवनंतपुरम के नेदुंगदंड अनयारा के इलाके के रहने वाले हैं। तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज में विषाणु विज्ञान प्रयोगशाला में की गई जांच में उनके जीका वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है।

08:18 PM, 16-Jul-2021

सिक्किम में कोविड के 151 नए मामले, एक की मौत

सिक्किम में शुक्रवार को कोविड-19 के 151 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 23,080 हो गई जबकि एक मरीज की मौत होने से मृतकों की तादाद 319 पर पहुंच गई। राज्य में कोविड के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2320 हो गई है। अब तक कुल 20,181 मरीज इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात दे चुके हैं। यहां संक्रमण की दर 17.6 फीसदी है जबकि ठीक होने की दर 88.4 फीसदी हो गई है।

07:53 PM, 16-Jul-2021

उत्तराखंड: 39 नए मामले, 32 ठीक हुए, एक की मौत

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 39 नए मामले मिले, 32 मरीज ठीक हुए और एक संक्रमित की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 698 रह गई है। यहां अब तक इस बीमारी के चलते 7355 लोगों की जान जा चुकी है।

07:41 PM, 16-Jul-2021

कर्नाटक: 1806 नए मामले, 42 की मौत

कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 1806 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 2748 मरीज ठीक हुए तो 42 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 31,399 रह गई है। यहां अब तक कुल 28 लाख 12 हजार 869 लोग इस जानलेवा बीमारी को मात दे चुके हैं। वहीं, 36,079 लोगों की जान जा चुकी है।

07:29 PM, 16-Jul-2021

कोविड के प्रभाव से अब उबर रहा है विमानन क्षेत्र: सिंधिया

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को ग्वालियर में कहा कि कोविड-19 महामारी ने देश के विमानन क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित किया है, लेकिन अब स्थिति में सुधार हो रहा है। सिंधिया ग्वालियर से चार नई उड़ानें शुरू करने के कार्यक्रम में बोल रहे थे। भाजपा के राज्यसभा सांसद सिंधिया को हाल में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बतौर कैबिनेट मंत्री शामिल किया गया है। उन्हें केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

07:08 PM, 16-Jul-2021

तिरुवनंतपुरम: जीका वायरस के प्रसार को रोकने की मुहिम शुरू

केरल स्वास्थ्य विभाग ने तिरुवनंतपुरम में जीका वायरस के संक्रमण को रोकने के प्रयास शुरू किए हैं। जिला विकास आयुक्त विनय गोयल ने बताया कि हमारा ध्यान संक्रमण के मूल को रोकने का है और अगले तीन दिन कर केमिकल का छिड़काव किया जाएगा।
 

06:53 PM, 16-Jul-2021

केरल और कर्नाटक ने की टीके की अधिक खुराकों की मांग

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके राज्यों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक अधिक मात्रा में उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। दोनों मुख्यमंत्रियों ने कोविड-19 की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री की ओर से शुक्रवार को बुलाई गई ऑनलाइन बैठक में यह मांग रखी। इस बैठक में कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।

06:09 PM, 16-Jul-2021

दिल्ली: 66 नए मामले, एक संक्रमित की मौत

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 66 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 79 लोग इस बीमारी से ठीक हुए तो एक संक्रमित की मौत हो गई। केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 657 रह गई है। यहां अब तक कुल 14 लाख नौ हजार 739 ठीक हो चुके हैं और 25,023 लोगों की जान जा चुकी है। 

05:54 PM, 16-Jul-2021

केरल: बकरीद के चलते तीन दिन तक लॉकडाउन प्रतिबंधों में राहत

केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि 18, 19 और 20 जुलाई को बकरीद के उपलक्ष्य में लॉकडाउन प्रतिबंधों में राहत दी जाएगी। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की बिक्री करने वाली दुकानों को अलावा कपड़ों, जूतों, इलेक्ट्रॉनिक, फैंसी दुकानों और ज्वेलरी की दुकानों को भी रात आठ बजे कर खुलने की अनुमति रहेगी।

05:42 PM, 16-Jul-2021

कर्नाटक: मेडिकल संस्थानों को खुलने की अनुमति

कर्नाटक सरकार ने मेडिकल, डेंटल कॉलेज और संबद्ध स्वास्थ्य देखभाल शैक्षणिक संस्थानों को दोबारा खुलने की अनुमति दे दी है। राज्य सरकार ने कहा है कि संस्थानों में केवल उन्ही लोगों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जिन्होंने कोरोना वायरस रोधी टीके की कम से कम एक खुराक लगवा ली होगी। 

04:46 PM, 16-Jul-2021

टीके की एक खुराक 82 फीसदी तक कम कर सकती है मृत्यु दर 

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने कहा कि टीके की एक खुराक मृत्यु दर को 82 फीसदी तक कम कर सकती है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन की दो खुराकें कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान इस महामारी के कारण होने वाली 95 फीसदी मौतों को रोकने में सफल रहीं।

04:22 PM, 16-Jul-2021

'नए सामान्य' की तरह जीवन में शामिल करें मास्क

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता में कहा कि विश्लेषण से पता चलता है कि हम जैसे ही गतिविधियों को फिर से शुरू करते हैं मास्क का उपयोग कम होने लगता है। हमें अपने दैनिक जीवन में मास्क के उपयोग को एक 'नए सामान्य' की तरह शामिल करना चाहिए।

03:58 PM, 16-Jul-2021

बच्चों के लिए कोविड टीकों का क्लीनिकल परीक्षण पूरा होने वाला है

केंद्र सरकार ने दिल्ली उच्च न्यायालय को शुक्रवार को बताया कि 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए कोविड वैक्सीन का क्लिनिकल परीक्षण जारी हैं और यह पूरा होने की कगार पर पहुंच गया है। केंद्र ने कहा कि सरकार नीति बनाएगी और विशेषज्ञों की अनुमति के बाद ही बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।

02:01 PM, 16-Jul-2021

सभी राज्यों को वैक्सीन की 41.10 करोड़ से अधिक खुराक दी गईं: केंद्र

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 41.10 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं और राज्यों के पास तथा निजी अस्पतालों में 2.51 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध हैं।

01:54 PM, 16-Jul-2021

इंदौर में पहली बार 16 महीने बाद बीते 24 घंटे में केवल एक मामला

मध्यप्रदेश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर जिले में महामारी की तीसरी लहर के खतरे से निपटने की तैयारियों के बीच स्वास्थ्य विभाग को पिछले 24 घंटों के दौरान केवल एक नया संक्रमित मिला है। यह दैनिक आधार पर महामारी के नये मरीजों का गत 16 महीनों का सबसे कम आंकड़ा है।

10:15 AM, 16-Jul-2021

गुरुग्राम में आज से 9वीं से 12वीं तक के स्कूल खुल गए

हरियाणा के गुरुग्राम में आज से 9वीं से 12वीं तक के स्कूल खुल गए हैं। तस्वीरें सेक्टर-4 के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की हैं।

 

09:23 AM, 16-Jul-2021

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 38,949 नए मरीज

देश में दो दिनों से लगातार मामलों में बढ़ोतरी के बाद आज राहत की खबर आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना के 38,949 नए मरीज सामने आए हैं और 542 लोगों की जान चली गई। वहीं इस दौरान 40026 लोग स्वस्थ हो गए।

 

08:53 AM, 16-Jul-2021

पुडुचेरी में 20 बच्चों में कोरोना संक्रमण से हड़कंप

पुडुचेरी में 20 बच्चों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवा निदेशक एस मोहन कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों को यहां के कादिरकामम स्थित इंदिरा गांधी सरकारी मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुमार ने बताया कि बच्चों की आयु का ब्योरा जुटाया जा रहा है।

07:50 AM, 16-Jul-2021

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 456 नए मामले

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 456 नए मामले सामने आए और एक की मौत हो गई। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 26,207 है जिसमें 5,612 सक्रिय मामले, 20,478 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 117 मौतें शामिल हैं। 


 

07:25 AM, 16-Jul-2021

Corona Live: गुजरात के आठ जिलों में 31 जुलाई तक रात्रि कर्फ्यू, त्रिपुरा में सप्ताहांत पर बंदी

मणिपुर में डेल्टा वेरिएंट के मामलों में बढ़ोतरी के बाद राज्य सरकार ने प्रदेश में 10 दिनों का संपूर्ण कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। यह आदेश 18 जुलाई से प्रभावी होगा। 

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें