देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले दो दिन से लगातार बढ़ रहे हैं, हालांकि दैनिक मामलों में बढ़त काफी मामूली है लेकिन तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए ये बढ़ोतरी चिंताजनक हो सकती है। कोरोना की दूसरी लहर अब भले ही घटने लगी हो लेकिन तीसरी लहर कभी भी आ सकती है। ऐसे में टीकाकरण की प्रक्रिया और तेज होनी चाहिए लेकिन कई राज्यों से अब वैक्सीन की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 46000 से ज्यादा मामले सामने आए और इसी दौरान 853 मरीजों की मौत हुई। केंद्र सरकार ने केरल, त्रिपुरा, मणिपुर, छत्तीसगढ़, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश में भेजी कोविड टीमें। उधर, केंद्र सरकार ने लोगों से अपील की है कि लापरवाही न बरतें क्योंकि कोरोना की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है। दूसरी ओर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गर्भवती महिलाओं के लिए कोविड-19 टीकाकरण की अनुमति दे दी है। देश में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
दूसरी लहर से बच्चों की रक्षा के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करेंगे: पटनायक
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से बच्चों की रक्षा के लिए उपलब्ध सभी स्वास्थ्य संसाधनों का इस्तेमाल करेगी। विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि तीसरी लहर से बच्चों को अधिक खतरा होगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ‘हर जीवन मूल्यवान है’, के सिद्धांत में विश्वास करती है।
शिशु देखभाल विषय पर डॉक्टरों के एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन करने के बाद पटनायक ने कहा कि राज्य सरकार ने तीसरी लहर से निपटने के लिए अनिवार्य ढांचा निर्माण की कार्ययोजना को अनुमति दी है।
उन्होंने इस अवसर पर अग्रिम मोर्चे पर काम करनेवाले कर्मियों के लिए कोविड-19 के प्रति जागरूकता फैलाने वाले कई वीडियो जारी किए और छोटे आकार की किताबें भी जारी कीं।
11:00 PM, 02-Jul-2021
झारखंड: 88 नए मामले, 111 की मौत
झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 88 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इसी अवधि में यहां 111 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब तीन लाख 45 हजार 794 हो गई है। इनमें से सक्रिय मामलों की संख्या 831 है।
10:50 PM, 02-Jul-2021
केरल सरकार प्रकाशित करेगी कोविड-19 के मृतकों के नाम व अन्य विवरण
केरल में कोविड-19 से हुई मौतों के आंकड़ों में हेरफेर होने के विपक्षी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों के बाद स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने राज्य में संक्रमण से जान गंवाने वालों के नाम और अन्य विवरण प्रकाशित करने का फैसला किया है। मंत्री ने कहा कि उन्होंने शनिवार से स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट पर संक्रमण से जान गंवाने वाले मरीजों के नाम, उम्र और स्थान के विवरण प्रकाशित करने का निर्देश दिया है। विभाग की वेबसाइट पर अब तक जान गंवाने वाले मरीज के जिला, उम्र और मृत्यु तारीख के विवरण ही प्रकाशित किए जा रहे थे।
असम में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 2453 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 2902 लोग इस बीमारी से ठीक हुए तो 27 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 23,914 हो गई है। वहीं, कुल चार लाख 83 हजार 741 लोग ठीक हो चुके हैं और अब तक कुल 4604 लोगों की जान जा चुकी है।
10:18 PM, 02-Jul-2021
तमिलनाडु में सामने आए कोरोना के 4230 नए मामले
तमिलनाडु में शुक्रवार को कोविड-19 के 4230 नए मामले आए, जिससे संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 24 लाख 88 हजार 407 हो गए। साथ ही, 97 रोगियों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 32,818 हो गयी।
विज्ञापन
10:09 PM, 02-Jul-2021
मुंबई में कोरोना से लगातार तीसरे दिन 20 से ज्यादा लोगों की मौत
मुंबई में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 676 नए मामले आए जबकि संक्रमण से 27 लोगों की मौत हुई है। वहीं 546 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, शहर में अभी तक कुल सात लाख 23 हजार 555 लोगों के संक्रमित होने और कोरोना वायरस संक्रमण से 15,499 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। गौरतलब है कि शहर में पिछले तीन दिनों से लगातार 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है। 30 जून को 25 जबकि एक जुलाई को 21 लोगों की मौत संक्रमण से हुई है।
09:56 PM, 02-Jul-2021
हरियाणा: 76 नए मामले, 148 ठीक हुए
हरियाणा में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 76 नए मामले दर्ज किए गए। इसी दौरान यहां 148 लोग ठीक हुए और 15 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 1293 हो गई है। इसके अलावा अब तक कुल सात लाख 58 हजार 46 लोग ठीक हो चुके हैं और 9461 मरीजों की जान जा चुकी है।
09:44 PM, 02-Jul-2021
मध्य प्रदेश: शहरी क्षेत्रों में रात 11 से सुबह 6 बजे तक रहेगा कर्फ्यू
मध्यप्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में अब रात्रिकालीन कोरोना कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक रहेगा। राज्य के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम और बचाव के लिए शुक्रवार को नवीन दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। राजौरा ने बताया कि संशोधित आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
09:29 PM, 02-Jul-2021
तमिलनाडु में मिलेंगी अब ये राहतें
तमिलनाडु सरकार ने लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने के साथ कुछ राहतों का एलान भी किया है। इसके अनुसार जिन दुकानों और गतिविधियों को शाम सात बजे तक संचालन की अनुमति थी, अब वे आठ बज तक खुल सकेंगे। होटल और चाय की दुकानों को 50 फीसदी ग्राहक क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी गई है। जिले से जिले के बीच और जिले के अंदर परिवहन सेवाएं 50 फीसदी यात्री क्षमता के साथ चल सकेंगी।
09:14 PM, 02-Jul-2021
तमिलनाडु में 12 जुलाई तक बढ़ा लॉकडाउन
तमिलनाडु सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस महामारी के चलते लगाए गए लॉकडाउन को एक और हफ्ते के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में अब 12 जुलाई तक लॉकडाउन लागू रहेंगे। हालांकि, इस दौरान सरकार ने कुछ और राहतें देने का फैसला भी किया है।
08:58 PM, 02-Jul-2021
देश में अब तक लगे 34.41 करोड़ से ज्यादा टीके
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत में अब तक कोरोना रोधी टीकों की कुल 34 करोड़ 41 लाख 158 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। मंत्रालय ने कहा कि शाम सात बजे तक की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को 38 लाख 88 हजार 643 लोगों को टीके की खुराक लगाई गई।
08:47 PM, 02-Jul-2021
सिक्किम में कोविड-19 के 111 नए मामले
सिक्किम में बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 111 नए मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 20,777 हो गई। इस दौरान कोरोना संक्रमण से किसी मरीज की मौत नहीं हुई और मृतकों की संख्या 308 पर स्थिर है। राज्य में कोरोना के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2062 हो गई है जबकि राज्य में अब तक 18,154 लोग इस जानलेवा वायरस को मात दे चुके हैं। यहां संक्रमण की दर 17.9 फीसदी है जबकि ठीक होने की दर बढ़कर 87.3 फीसदी हो गई है।
08:33 PM, 02-Jul-2021
तेलंगाना में कोविड-19 के 858 नए मामले, नौ की मौत
तेलंगाना में शुक्रवार को कोविड-19 के 858 नए मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6.25 लाख हो गई। वहीं, नौ मरीजों की मौत होने से मृतकों की तादाद 3678 पर पहुंच गई। राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 12,726 हो गई है। अब तक छह लाख आठ हजार 833 लोग इस जानलेवा वायरस को मात दे चुके हैं।यहां संक्रमण से ठीक होने की दर 97.37 फीसदी हो गई है जबकि मृत्यु दर 0.58 फीसदी बनी हुई है।
08:17 PM, 02-Jul-2021
गोवा: 183 नए मामले, 285 ठीक हुए
गोवा में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 183 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में यहां 285 लोग ठीक हुए और दो की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 2174 हो गई है। इसके साथ ही यहां अब तक कुल एक लाख 61 हजार 867 लोग इस बीमारी को मात दे चुके हैं और 3062 संक्रमितों की जान जा चुकी है।
07:58 PM, 02-Jul-2021
महाराष्ट्र: 8753 नए मामले, 156 की मौत
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 8753 नए मामले दर्ज किए गए। इसी दौरान यहां 8385 लोग ठीक हुए और 156 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब एक लाख 16 हजार 876 हो गई है। वहीं, 58 लाख 36 हजार 920 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना से ठीक होने की दर यानी रिकवरी रेट 96.01 फीसदी है।
07:30 PM, 02-Jul-2021
दिल्ली में कोविड-19 के 93 मामले, दो मरीजों की मौत
दिल्ली में कोविड-19 से शुक्रवार को दो और मरीजों की मौत हुई और संक्रमण के 93 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण की दर 0.13 फीसदी दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में 407 मरीज स्वस्थ हुए। अब दिल्ली में कोविड-19 के कुल मामले 14 लाख 34 हजार 374 हो गए हैं। वहीं, अब तक इस बीमारी के चलते अब तक 24,983 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण से मृत्यु दर 1.74 फीसदी है।
07:16 PM, 02-Jul-2021
उत्तराखंड: 109 नए मामले, दो की मौत
उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 109 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 108 लोग ठीक हुए तो दो संक्रमितों की मौत हो गई। राज्यमें कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1864 हो गई है और इस बीमारी से अब तक कुल तीन लाख 25 हजार 361 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 7327 लोगों की अब तक इस बीमारी के चलते जान जा चुकी है।
06:53 PM, 02-Jul-2021
कोविड-19 के नए स्वरूपों की जीनोम सीक्वेंसिंग में लाएं तेजी: उप राष्ट्रपति
उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने हैदराबाद में उपयुक्त टीके और औषधि की खोज करने के लिए कोविड-19 के नए स्वरूपों की ‘जीनोम सीक्वेंसिंग’ में तेजी लाने का आह्वान किया। उप राष्ट्रपति ने सीएसआईआर-कोशिकीय और आणविक जीवविज्ञान केंद्र की यहां स्थित विलुप्तप्राय प्रजातियां संरक्षण प्रयोगशाला का दौरा किया और इसके प्रभारी वैज्ञानिक द्वारा दी गई एक प्रस्तुति देखी। बता दें कि ‘जीनोम सीक्वेंसिंग’ के तहत किसी संक्रमित मरीज से लिए गए नमूने का विश्लेषण किया जाता है और उसकी तुलना अन्य मामलों से की जाती है।
06:38 PM, 02-Jul-2021
गोवा ने बढ़ाई राज्यव्यापी कर्फ्यू की अवधि
गोवा सरकार ने राज्यव्यापी कर्फ्यू को 12 जुलाई की सुबह सात बजे तक बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि इस दौरान सुबह सात से शाम छह बजे तक दुकानें खुल सकेंगी। सैलून और आउटडोर स्पोर्ट्स परिसर और स्टेडियम भी खुल सकेंगे।
06:29 PM, 02-Jul-2021
केरल: कांग्रेस-भाजपा ने कोविड मौतों के आंकड़ों में हेरफेर का आरोप लगाया
विपक्षी कांग्रेस और भाजपा ने शुक्रवार को केरल में कोविड-19 से हुई मौतों के आंकड़ों में हेरफेर होने और राज्य सरकार पर महामारी के खिलाफ लड़ाई में अपनी नाकामी छिपाने के लिए गलत आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया। विपक्ष द्वारा ये आरोप लगाए जाने से एक दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा था कि राज्य सरकार ने महामारी से हुई मौतों से संबंधित कोई आंकड़े नहीं छिपाए हैं। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने शुक्रवार को कहा कि मरने वालों की संख्या में अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री कोविड से होने वाली मौतों की भ्रामक संख्या पर सरकार के उजागर होने से बचाने की कोशिश कर रही हैं।
06:10 PM, 02-Jul-2021
उत्तर प्रदेश: कोरोना संक्रमण से सिर्फ एक मौत, 133 नए मरीज
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण से मृत्यु का सिर्फ एक मामला सामने आया और राज्य में संक्रमण के 133 नए मरीज मिले। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार संक्रमण से अब तक 22,616 मरीजों की मौत हुई है जबकि कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17 लाख छह हजार 384 हो गई है। राज्य में इस समय 2560 संक्रमित उपचाराधीन हैं जिनका पृथकवास से लेकर सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
05:51 PM, 02-Jul-2021
गर्भवती महिलाएं भी लगवा सकती हैं टीका
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गर्भवती महिलाओं के लिए कोविड-19 टीकाकरण की अनुमति दे दी है। मंत्रालय ने कहा कि गर्भवती महिलाओं कोविड प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण करा सकती हैं या पास के कोविड टीकाकरण केंद्र पर जाकर टीका लगवा सकती हैं।
05:35 PM, 02-Jul-2021
बांग्लादेश: कोरोना से 143 लोगों की मौत, एक दिन का सर्वाधिक आंकड़ा
बांग्लादेश में गुरुवार को एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे अधिक 143 लोगों की मौत हुई थी। मीडिया रिपोर्ट में शुक्रवार को इसकी जानकारी दी गई। डेली स्टार समाचार पत्र की खबरों में कहा गया है कि देश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 14,646 हो गई है। गुरुवार से पहले बांग्लादेश में एक दिन में सर्वाधिक 119 मौत 27 जून को हुई थी।
05:23 PM, 02-Jul-2021
आंध्र प्रदेश: 3464 नए मामले, 25 की मौत
आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 3464 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 25 संक्रमितों की मौत भी हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 37,323 हो गई है।
05:12 PM, 02-Jul-2021
जॉनसन एंड जॉनसन की एक खुराक वाले टीके पर चल रही बात
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने बताया कि देश के 12 राज्यों में कोरोना वायरस के डेल्टा ए प्लस (डेल्टा एवाई.1) से संक्रमण के 56 मामले हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम जॉनसन एंड जॉनसन की एक खुराक वाली वैक्सीन को लेकर उनसे बातचीत कर रहे हैं। उनकी वैक्सीन का उत्पादन बाहर हो रहा है। योजना के अनुसार, इस वैक्सीन का उत्पादन भी हैदराबाद के बायोलॉजिकल ई में किया जाएगा।
04:59 PM, 02-Jul-2021
दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई, लापरवाही न बरतें: केंद्र
केंद्र सरकार ने कहा है कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है, इसलिए लापरवाही कतई न बरतें। मास्क महनने और शारीरिक दूरी जैसे नियमों का पालन करते रहें और कोरोना अनुरूप व्यवहार अपनाएं।
04:32 PM, 02-Jul-2021
देश के 71 जिलों में पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी अधिक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने एक प्रेसवार्ता में बताया कि कोरोना वायरस के मामलों की पीक के बाद सक्रिय मामलों में 86 फीसदी की गिरावट गेखी गई है। क्लीनिकल प्रबंधन पर फोकस जारी रखने से रिकवरी रेट अब 97 फीसदी के आस-पास आ गया है। तीन मई को यह 81.1 फीसदी था। उन्होंने बताया कि देश के 71 जिले ऐसे हैं जहां पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी से अधिक है।
04:24 PM, 02-Jul-2021
कर्नाटक: टीके की एक खुराक ले चुके केरल के लोगों को राहत
कर्नाटक सरकार ने अपने पहले के आदेश में थोड़ा बदलाव करते हुए कोविड-19 रोधी टीके की कम से कम एक खुराक ले चुके और उसका प्रमाण रखने वाले केरल के लोगों को राज्य में प्रवेश करने पर निगेटिव आरटी-पीसीआर प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने से छूट दे दी है। राज्य सरकार ने गुरुवार को कहा था कि केरल से कर्नाटक में प्रवेश करने वाले सभी लोगों को निगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी जो 72 घंटे से ज्यादा पुरानी न हो। आदेश के अनुसार, ऐसे लोगों को इससे छूट दी गई थी जो कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं और उनके पास इसका प्रमाण पत्र है।
04:07 PM, 02-Jul-2021
मुंबई: कार्यालयों और हाउसिंग सोसायटी में टीकाकरण केंद्रों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी
कोविड-19 टीकाकरण में कथित घोटाले की हालिया घटनाओं की पृष्ठभूमि में बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अतिरिक्त दिशानिर्देश जारी किए हैं, जिसमें कहा गया है कि हाउसिंग सोसायटी और कार्यालय में निजी टीकाकरण केंद्र कोविन पोर्टल पर पंजीकृत कराने के बाद ही लगाए जा सकते हैं। बीएमसी ने शहर में केंद्र सरकार के कोविन पोर्टल पर शहर के पंजीकृत 95 निजी टीकाकरण केंद्रों की सूची भी जारी की है और इसके साथ ही वार्ड स्तर पर वॉर रूम के नंबर भी जारी किए गए हैं।
03:55 PM, 02-Jul-2021
जम्मू-कश्मीर: मुगल रोड खुलने से पहले फल-सब्जी विक्रेताओं में उत्साह
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में पांच जुलाई से मुगल रोड को दोबारा खोल दिया जाएगा। इसे लेकर इलाके के फल और सब्जी विक्रेताओं में उत्साह है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार उन्होंने कहा कि यह सरकार का अच्छा कदम है और इससे फल-सब्जी विक्रेताओं को बहुत फायदा पहुंचेगा। हमारी अर्थव्यवस्था प्रमुख रूप से इसी व्यापार पर चलती है, और अब हमें अच्छे दिनों की उम्मीद है।
03:42 PM, 02-Jul-2021
भारत में होने वाली कॉमनवेल्थ निशानेबाजी और तीरंदाजी प्रतियोगिता रद्द
2022 बर्मिंघम गेम्स से पहले चंडीगढ़ में होने वाली कॉमनवेल्थ आर्चरी एंड शूटिंग चैंपियनशिप कोरोना वायरस संकट के चलते रद्द कर दी गई है। यह फैसला कॉमनवेल्थ गेम्स इंडिया (सीजीआई) के एग्जीक्यूटिव बोर्ड ने कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन (सीजीएफ) के समर्थन के साथ यह फैसला लिया।
03:28 PM, 02-Jul-2021
लॉरस लैब्स को 2डीजी दवा के उत्पादन व बिक्री का लाइसेंस मिला
दवा कंपनी लॉरस लैब्स ने कहा है कि उसे रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) से कोविड-19 की दवा 2-डीऑक्सी-डी-ग्लूकोज (2डीजी) का उत्पादन बिक्री के लिए लाइसेंस मिला है। इससे पहले डॉ. रेड्डीज ने 28 जून को 990 रुपये प्रति पाउच के अधिकतम खुदरा मूल्य पर 2डीजी को बाजार में उतारने की घोषणा की थी।
03:19 PM, 02-Jul-2021
कोलकाता: संदिग्ध कोविड टीका शिविर मामले में सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार
कोलकाता में संदिग्ध कोविड टीकाकरण शिविर मामले में एक निजी सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक पकड़े गए लोगों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता पुलिस के जासूसी विभाग के विशेष जांच दल के अधिकारियों ने गुरुवार की रात सुरक्षा गार्ड को दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया।
03:03 PM, 02-Jul-2021
अब तक 34 करोड़ से अधिक खुराक दी गईं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि देश में अब तक कोविड-19 टीके की 34 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है। मंत्रालय ने बताया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 18-44 आयु वर्ग के कुल 9,41,03,985 लोगों ने टीके की पहली खुराक ले ली है और 22,73,477 ने दूसरी खुराक भी ले ली है।
02:49 PM, 02-Jul-2021
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिलेंगी 44.9 लाख खुराकें
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अगले तीन दिन में कोविड-19 रोधी टीके की 44.9 लाख खुराकें मिलेंगी। मंत्रालय ने कहा कि सरकार पूरे देश में कोविड-19 टीकाकरण की गति को तेज करने और इसका दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में टीकों की उपलब्धता बढ़ाकर, बेहतर योजना बना और टीका आपूर्ति श्रृंखला को सुव्यवस्थित कर टीकाकरण अभियान में तेजी लाने की कोशिश की गई है।
02:38 PM, 02-Jul-2021
मध्यप्रदेश: छिंदवाड़ा में वैक्सीन लेने गए लोगों के बीच मची भगदड़
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में कोरोना की वैक्सीन लगवाने आए लोगों के बीच एकदम भगदड़ मच गई। इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे लोग वैक्सीन लेने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे हैं और कुर्सियां छीन रहे हैं।
02:00 PM, 02-Jul-2021
केरल में वैक्सीन की कमी, कुल सात लाख खुराकें उपलब्ध- स्वास्थ्य मंत्री
केरल की स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारे पास वैक्सीन की कमी है। आज हमारे पास कुल सात लाख डोज उपलब्ध हैं। हमने रोजाना ढाई लाख लोगों को वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की है। हम केंद्र से हमें और वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए कह रहे हैं।
01:32 PM, 02-Jul-2021
कर्नाटक: राज्य को मिली 7.5 लाख खुराकें
कर्नाटके के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमें 7.5 लाख कोविशील्ड वैक्सीन मिली हैं। केंद्र सरकार की ओर से साढ़े चार लाख खुराकें और मिली हैं। उन्होंने आगे कहा कि सोमवार को दिल्ली आएंगे और कर्नाटक राज्य के लिए और वैक्सीन की मांग करेंगे।
01:11 PM, 02-Jul-2021
नीदरलैंड में कोविशील्ड को मिली मान्यता
नीदरलैंड ने कोविड 19 के खिलाफ टीकाकरण के वैध प्रमाण के रूप में कोविशील्ड को मान्यता दी है।
12:53 PM, 02-Jul-2021
खुदरा और थोक व्यापारियों को एमएसएमई के दायरे में लाने का फैसला लिया- नितिन गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि कोविड के दूसरे वेव के कारण आई दिक्कतों से खुदरा और थोक व्यापारियों पर पड़े असर को ध्यान में रखते हुए अब इसे एमएसएमई के दायरे में लाने का फैसला किया गया है। प्रायोरिटी सेक्टर लेंडिंग के अंतर्गत इस सेक्टर को लाकर सहायता पहुँचाने की कोशिश की जा रही हैं।
12:33 PM, 02-Jul-2021
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिली 33.63 करोड़ वैक्सीन
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 33.63 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई गई है। 44 लाख से ज़्यादा डोज़ पाइपलाइन में हैं और ये अगले तीन दिनों में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्राप्त हो जाएगी।
12:19 PM, 02-Jul-2021
योगी आदित्यनाथ ने कोविड के संबंध में टीम-9 के साथ बैठक की
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में कोविड संक्रमण के संदर्भ में टीम-9 के अधिकारियों के साथ बैठक की।
11:36 AM, 02-Jul-2021
केंद्र ने छह राज्यों में भेजी टीमें, कोविड के बढ़ते मामलों की करेंगी जांच
केंद्र सरकार ने केरल, त्रिपुरा, मणिपुर, छत्तीसगढ़, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश में कोविड टीमें भेजी हैं। इन राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्यों में कोविड रोधी गतिविधियों की जांच और रोकथाम के लिए इन टीमों को भेजा गया है।
11:22 AM, 02-Jul-2021
हरिद्वार फर्जी कोविड टेस्टिंग मामला: एसआईटी ने शुरू की जांच
हरिद्वार के कुंभ मेला में फर्जी कोविड टेस्ट मामले को लेकर एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है। इस दौरान मेले की व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
10:58 AM, 02-Jul-2021
जुलाई में 12 करोड़ वैक्सीन होंगी उपलब्ध- पीयूष गोयल
राहुल गांधी के जबाव पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि जुलाई में कोरोना वैक्सीन की 12 करोड़ खुराकें उपलब्ध होंगी और ये निजी अस्पतालों की आपूर्ति से अलग हैं। राज्योंको 15 दिन पहले ही आपूर्ति की सूचना दी जा चुकी है। बता दें कि राहुल गांधी ने सवाल किया था कि जुलाई आ गया लेकिन वैक्सीन नहीं आईं।
10:35 AM, 02-Jul-2021
रिकवरी रेट बढ़कर हुआ 97.01 फीसदी
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि कोरोना वायरस के सक्रिय मामले कुल मामलों के 1.67 फीसदी हैं। रिकवरी रेट बढ़कर 97.01 फीसदी हो गया है और दैनिक पॉजिटिविटी रेट 2.48 फीसदी है।
10:13 AM, 02-Jul-2021
असम: ब्लैक फंगस से डिब्रूगढ़ में हुई एक मरीज की मौत
असम मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने कहा कि राज्य में ब्लैक फंगस से एक मरीज की मौत दर्ज की गई है। जो मरीज लखीमपुर से आए, उनमें कोविड के लक्षण थे। हमने उनका ब्लैक फंगस का टेस्ट किया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई।
09:54 AM, 02-Jul-2021
कोरोना: बीते 24 घंटे में 42,64,123 वैक्सीन लगाई गईं- स्वास्थ्य मंत्रालय
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 42,64,123 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 34,00,76,232 हुआ।
09:33 AM, 02-Jul-2021
कोरोना: बीते 24 घंटे में सामने आए 46617 नए मामले
कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 46617 दैनिक मामले सामने आए और इसी बीच 853 मरीजों की मौत हो गई। इसी बीच 59,384 मरीजों ने कोरोना को मात दी है और अपने घर वापस लौटे हैं।
09:15 AM, 02-Jul-2021
बीते 24 घंटे में 18,80,026 लोगों का हुआ टेस्ट- आईसीएमआर
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, बीते 24 घंटे में देश में 18,80,026 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ है और अबतक 41,42,51,520 लोगों का टेस्ट हो चुका है।
09:04 AM, 02-Jul-2021
उत्तराखंड: कोरोना की वजह से कावड़ यात्रा रद्द
उत्तराखंड सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार ने कोरोना महामारी की वजह से सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को रद्द करने का निर्णय लिया है।
08:32 AM, 02-Jul-2021
केरल से कर्नाटक आने वाले यात्रियों को साथ लानी होगी निगेटिव रिपोर्ट
केरल से कर्नाटक आने वाले लोगों को अपने साथ कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट साथ लाना जरूरी है, ये रिपोर्ट यात्रा से 72 घंटे पहले की होगी। ट्रेन, बस, हवाई यात्रा से कर्नाट आने वाले लोगों पर ये लागू होता है। हालांकि जिन लोगों ने कोरोना की वैक्सीन ले ली है, उन्हें निगेटिव आरटी पीसीआर रिपोर्ट लाना जरूरी नहीं है।
08:21 AM, 02-Jul-2021
मध्यप्रदेश: शहडोल में 100 फीसदी टीकाकरण
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के जमुई गांव में सभी लोगों का 100 फीसदी टीकाकरण हो गया है। शहडोल के डीसी ने बताया, "जमुई गांव में 100 फीसदी टीकाकरण हो गया है। इसके साथ-साथ जिले की छह और ग्राम पंचायते हैं जहां 100 फीसदी टीकाकरण हो गया है।"
07:57 AM, 02-Jul-2021
मिजोरम: बीते 24 घंटे में सामने आए 278 नए मामले
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 278 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 20,770 है जिसमें 4,132 सक्रिय मामले, 16,545 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 93 मौतें शामिल हैं।
07:37 AM, 02-Jul-2021
मुंबई: बीएमसी के सीमित केंद्रों पर तीन घंटे के लिए वैक्सीनेशन होगा
मुंबई में आज बीएमसी के सीमित केंद्रों पर तीन घंंटे के लिए ही वैक्सीनेशन होगा। दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक वैक्सीनेशन अभियान चलेगा। इस दौरान दूसरी खुराक लेने वाले लोगों को कोवाक्सिन और 45+ से ज्यादा उम्र के लोगों को कोविशील्ड दी जाएगी।
07:14 AM, 02-Jul-2021
Coronavirus Live: तमिलनाडु में 12 जुलाई तक बढ़ा लॉकडाउन, 4230 नए मामले
देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले दो दिन से लगातार बढ़ रहे हैं, हालांकि दैनिक मामलों में बढ़त काफी मामूली है लेकिन तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए ये बढ़ोतरी चिंताजनक हो सकती है। कोरोना की दूसरी लहर अब भले ही घटने लगी हो लेकिन तीसरी लहर कभी भी आ सकती है। ऐसे में टीकाकरण की प्रक्रिया और तेज होनी चाहिए लेकिन कई राज्यों से अब वैक्सीन की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। महाराष्ट्र, दिल्ली, झारखंड, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में वैक्सीनेशन अभियान को रोकना पड़ रहा है। अगर टीकाकरण प्रक्रिया में कमी आई, तो तीसरी लहर का डर ज्यादा बन सकता है। क्योंकि स्वास्थ्य जानकार टीकाकऱण को बढ़ाने का सुझाव दे रहे हैं। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में बढ़ोतरी हुई थी और कोरोना से मरने वाले मरीजों का आंकड़ा भी बढ़ा था।