फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus India Live: महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 46781 मामले, 816 लोगों की मौत

Wed, 12 May 2021 11:55 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस का कोहराम अभी भी जारी है। पिछले तीन दिनों से भले ही कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में गिरावट आ रही हो लेकिन मौत के आंकड़ों पर कोई लगाम नहीं लग रही है। सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमिटी ने 2-18 साल के बच्चों के लिए क्लीनिकल ट्रायल के दूसरे और तीसरे चरण के लिए कोवैक्सीन को मंजूरी दी। वहीं डॉ. हर्षवर्धन आठ राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि वैक्सीन के निर्यात पर पूरी तरह से रोक लगनी चाहिए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कोरोना से मरने वाले फ्रंटलाइन वर्कर के परिवार वालों को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया है। कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
महाराष्ट्र में कोरोना - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:53 PM, 12-May-2021

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि देश में अब तक दी गई कोविड-19 टीके की खुराकों की कुल संख्या 17.70 करोड़ से अधिक हो गई है।

मंत्रालय ने कहा कि 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग के 4,17,321 लाभार्थियों ने अपनी पहली खुराक ली। टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत के बाद से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 के टीके लगवाने वाले इस श्रेणी के कुल लोगों की संख्या 34,66,895 हो गई।

मंत्रालय ने कहा, "देश में दी गई कोविड-19 टीके की खुराकों की कुल संख्या 17,70,85,371 हो गई है।" इसके अलावा, 45 से 60 वर्ष की आयु के 5,62,14,942 और 81,31,218 लाभार्थियों को क्रमशः पहली और दूसरी खुराक दी गई है, जबकि 60 साल से ऊपर के 5,40,88,334 और 1,67,64,979 लोगों ने पहली और दूसरी खुराक ली है।

11:20 PM, 12-May-2021

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 46,781 नए मामले

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 46,781 नए मामले सामने आए हैं और 816 लोगों की मौत हो गई। राज्य में पॉजिटिविटी दर 17.36 फीसदी हो गई।

 

11:14 PM, 12-May-2021

देशभर में वैक्सीन की 17.7 लाख डोज लगाई गई

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बुधवार को देशभर में वैक्सीन की 17.7 लाख डोज लगाई गई, जिससे कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 17.70 करोड़ हो गया है। 

विज्ञापन
11:10 PM, 12-May-2021

पश्चिम बंगाल में बीते 24 घंटे में कोरोना के 20,377 नए मामले

पश्चिम बंगाल में बीते 24 घंटे में कोरोना के 20,377 नए मामले सामने आए हैं और 135 लोगों की मौत हो गई है।

 

11:08 PM, 12-May-2021

अगस्त तक वैक्सीन उत्पादन में होगी भारी बढ़ोतरी

कई राज्यों की तरफ से कोविड-19 टीकों की कमी की जानकारी देने के बीच सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक ने अगले चार महीने की अपनी उत्पादन योजना केंद्र को सौंपी है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इसमें उन्होंने सूचित किया है कि अगस्त तक वे क्रमश: 10 करोड़ और 7.8 करोड़ खुराकों तक अपने उत्पादन को बढ़ाएंगे।

विज्ञापन
10:20 PM, 12-May-2021

कर्नाटक में 18 से 44 आयु वर्ग के लिए टीकाकरण अगले आदेश तक निलंबित

कर्नाटक में 14 मई से 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए टीकाकरण अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। यह आदेश सभी सरकारी कोरोना टीकाकरण केंद्रों पर जारी रहेगा।

 

09:50 PM, 12-May-2021

झारखंड में लॉकडाउन 2 हफ्ता और बढ़ा 

झारखंड सरकार 27 मई तक के लिए लॉकडाउन को बढ़ा दिया है। वहीं इस दौरान दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को सात दिनों तक सरकारी क्वारंटाइन में रहना अनिवार्य कर दिया गया है। 

09:36 PM, 12-May-2021

पीएम मोदी ने कोरोना संकट पर की उच्चस्तरीय बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ऑक्सीजन और दवाओं की उपलब्धता एवं आपूर्ति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान अधिकारियों ने पीएम मोदी को बताया कि सरकार कोविड के प्रबंधन में प्रयुक्त होने वाली दवाओं की आपूर्ति पर भी सक्रिय रूप से निगरानी रख रही है। इसके साथ ही उन्हें बताया गया कि राज्यों को अच्छी मात्रा में दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। पीएम को यह भी अवगत कराया गया कि पिछले कुछ हफ्तों में रेमडेसिविर सहित सभी दवाओं के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पीएम ने ऑक्सीजन उपलब्धता और आपूर्ति पर भी स्थिति का जायजा लिया।

08:59 PM, 12-May-2021

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 18,125 मामले

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 18,125 मामले सामने आए हैं और 329 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 26,712 लोग स्वस्थ भी हो गए।

 

08:45 PM, 12-May-2021

गुजरात में सरकारी मेडिकल कॉलेज के शिक्षक हड़ताल पर गए

गुजरात में सरकार द्वारा संचालित मेडिकल कॉलेजों के शिक्षक प्रशासन पर उनकी मांगों को लेकर दिये गए आश्वासन को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को हड़ताल पर चले गए। गुजरात मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (जीएमटीए) से संबद्ध सैंकड़ों प्राध्यापकों और व्याख्याताओं ने हड़ताल में हिस्सा लिया है।

08:43 PM, 12-May-2021

कर्नाटक में बीते 24 घंटे में 39998 मामले 

कर्नाटक में बीते 24 घंटे में 39,998 लोग कोरोना संक्रमित हो गए हैं और 517 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 34,752 लोग स्वस्थ भी हुए।

 

08:37 PM, 12-May-2021

जयपुर चिड़ियाघर के शेर को हो गया कोरोना

हैदराबाद के नेहरू जूलॉजिकल पार्क के बाद जयपुर चिड़ियाघर के एक शेर में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है। 

 

06:21 PM, 12-May-2021

कर्नाटक सरकार ने सीईटी 2021 परीक्षा को किया रद्द

कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण 7 और 8 जुलाई को होने वाली कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) 2021 की पीयूसी वार्षिक परीक्षाओं को 28 और 29 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री और उच्च मंत्री शिक्षा सीएन अश्वत्थ नारायण ने इसकी जानकारी दी है।

06:16 PM, 12-May-2021

केरल में बीते 24 घंटे में कोरोना के 43259 नए मामले

केरल में बीते 24 घंटे में कोरोना के 43259 नए मामले सामने आए हैं और 95 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 34,600 लोग स्वस्थ भी हुए। 

 

04:55 PM, 12-May-2021

जस्टिस डीवाई चंद्रचूड कोरोना पॉजिटिव

कोविड प्रबंधन मामले पर सुनवाई करने वाले जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। जस्टिस चंद्रचूड़ के अलावा उनके कई स्टाफ भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वहीं इस वजह से गुरुवार को होने वाली सुनवाई भी टल गई है। बता दें कि इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट के कई जज कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।

04:43 PM, 12-May-2021

कोवैक्सीन का उत्पादन जून तक दोगुना हो जाएगा

केंद्र सरकार आत्मनिर्भर भारत अभियान के तीसरे चरण के तहत कोविड सुरक्षा मिशन शुरू करने जा रही है। इस संबंध में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि इस मिशन के तहत कोवाक्सीन टीके की वर्तमान उत्पादन क्षमता मई-जून 2021 तक दोगुनी हो जाएगी। मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तीसरे चरण के मिशन के तहत टीके का उत्पादन बढ़ाया जाएगा। यह जुलाई-अगस्त 2021 तक लगभग 6-7 गुना बढ़ जाएगा।

04:37 PM, 12-May-2021

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 13,287 मामले

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 13,287 मामले सामने आए हैं और 300 लोगों की मौत हो गई है। पॉजिटिविटी दर 17 फीसदी हो गई।

 

03:50 PM, 12-May-2021

डब्ल्यूएचओ जल्द ही जारी कर सकता है महामारी की चेतावनी

विश्व स्वास्थ्य संगठन(डब्ल्यूएचओ) ने कहा कि कोरोना महामारी के भयावह पैमाने को रोका जा सकता था यदि हमारी चेतावनी को लोग गंभीरता से लेते। लेकिन एक बार फिर से चेतावनी जारी करने की जरूरत है। 

03:09 PM, 12-May-2021

तमिलनाडु: सीएम एमके स्टालिन के दो बड़े एलान

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अपना जीवन गंवा चुके 43 फ्रंटलाइन वर्कर के परिवार वालों को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया है। इसके अलावा अप्रैल महीने के लिए फ्रंटलाइन स्टाफ को इंसेंटिव देने की भी बात कही है। 
 

02:45 PM, 12-May-2021

पंजाब: पटिलाया में बने वेस्टर्न कमांड कोविड-19 अस्पताल का संचालन हुआ शुरू

भारतीय सेना ने जानकारी दी कि पंजाब के पटियाला में वेस्टर्न कमांड कोविड-19 अस्पताल का संचालन शुरू हो गया है। यहां सभी मेडिकल सुविधाएं और शिक्षित मेडिकल स्टाफ है।
 

02:29 PM, 12-May-2021

कर्नाटक: 14 दिन के लॉकडाउन के बीच अपने घर जाते प्रवासी मजदूर

कर्नाटक में 14 दिन का लॉकडाउन लगने के बाद बंगलूरू कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रवासी मजदूर अपने घर जाते दिखाई दिए। एक मजदूर ने कहा कि 14 दिन तक कोई काम ना होने की वजह से हमें घर जाना पड़ रहा है।
 

02:27 PM, 12-May-2021

चेन्नई: मस्जिद जाविद में खोला गया क्वारंटीन केंद्र

चेन्नई के अन्ना नगर में मस्जिद जाविद लोगों को क्वारंटीन करने के लिए एक सेंटर खोला गया है। जो लोग कोरोना निगेटिव हैं और कुछ दिन के लिए आइसोलेट रहना चाहते हैं, वो यहां रह सकते हैं।
 

02:15 PM, 12-May-2021

कांग्रेस वैक्सीन पर भ्रम उत्पन्न करने की कोशिश कर रही है- भाजपा

भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस वैक्सीन को लेकर लगातार भ्रम उत्पन्न करने की कोशिश कर रही है। कल (मंगलवार) तक करीब 6.63 करोड़ वैक्सीन भारत के बाहर भेजे गए थे। सवाल उठे कि देश से बाहर वैक्सीन क्यों भेजे गए। ये वैक्सीन दो कैटेगरी में भेजे गए हैं। पहले मदद के रूप में मात्र एक करोड़ वैक्सीन भेजी गई हैं। बाकी 5 करोड़ से अधिक वैक्सीन सहायता के रूप में भेजी गई है।

01:50 PM, 12-May-2021

दिल्ली: रामलीला मैदान में बना 500 बिस्तर का आईसीयू केंद्र आज से शुरू

दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में बने 500 बिस्तर का आईसीयू केंद्र आज से शुरू हो गया है। यहां कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का इलाज किया जाएगा।
 

01:35 PM, 12-May-2021

दिल्ली: पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार, जब्त किए 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर

दिल्ली के मुंडका से पुलिस ने दो शख्स को गिरफ्तार किया है, जो जरूरी मेडिकल उपकरणों की कालाबाजारी कर रहे थे। इन लोगों के पास से 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और दो हजार पल्स ऑक्सी मीटर बरामद हुए हैं। 
 

01:21 PM, 12-May-2021

भुवनेश्वर: ड्राइव-इन टेस्टिंग शुरू, सुबह से लेकर अबतक 40 लोगों का हुआ टेस्ट

भुवनेश्वर में ड्राइव-इन वैक्सीनेशन के बाद अब नगर निगम ने ड्राइव-इन टेस्टिंग शुरू की है। इस दौरान लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट किया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारी ने कहा कि सुबह से लेकर अबतक 40 लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है।
 

01:11 PM, 12-May-2021

स्वस्थ भारत के लिए देश की नर्सों की प्रतिबद्धता उत्कृष्ट- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 के खिलाफ जारी लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर तैनात नर्सों के प्रति आभार जताते हुए बुधवार को कहा कि स्वस्थ भारत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्कृष्ट है। मोदी ने अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर ट्वीट कर कहा कि अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस कोविड-19 के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर तैनात कड़ी मेहनत करने वाली देश की नर्सों के प्रति आभार जताने का दिन है। एक स्वस्थ भारत के प्रति उनका कर्तव्य, जज्बा और प्रतिबद्धता उत्कृष्ट है।

12:58 PM, 12-May-2021

पंजाब: पीएम केयर फंड के तहत मिले वेंटिलेटर अप्रयुक्त पड़े

पंजाब के फरीदकोट में आप विधायक ने आरोप लगाया है कि गुरू गोविंद सिंह मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पीएम केयर फंड के तहत आए वेंटिलेटर बिना इस्तेमाल के ऐसे ही रखे हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है। वहीं बाबा फरीद विश्वविद्यालय के वीसी ने कहा कि हमें पीएम केयर फंड के तहत 82 वेंटिलेटर मिले, जिसमें से 62 काम नहीं कर रहे हैं। अब हमारे पास केवल 42 वेंटिलेटर ही हैं।
 

12:53 PM, 12-May-2021

पश्चिम बंगाल: कोविड से ठीक होकर दिल के दौरे से हुई शख्स की मृत्यु, परिवार वालों ने शव लेने से किया मना

पश्चिम बंगाल में कोविड से ठीक हुए एक शख्स की दिल का दौरा पड़ने पर मौत हो गई। बंगाल में एक एनजीओ ने शख्स की मदद करनी चाही लेकिन अस्पताल तक पहुंचने से पहले से शख्स की मौत हो गई। शख्स के परिवार वालों ने उसका शव लेने से मना कर दिया, जिसमें बाद एनजीओ के कार्यकर्ताओं ने शव का अंतिम संंस्कार किया। 
 

12:49 PM, 12-May-2021

राहुल और प्रियंका ने कोविड एवं टीकाकरण की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने देश में कोरोना वायरस संक्रमण एवं टीकाकरण की स्थिति को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि घर-घर टीका पहुंचाए बिना इस महामारी से लड़ना असंभव है। राहुल गांधी ने एक खबर का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सकारात्मक सोच की झूठी तसल्ली देना देशवासियों के साथ धोखा है।

12:21 PM, 12-May-2021

मनीष सिसोदिया का बड़ा आरोप, कोवैक्सीन नहीं होने पर बंद किए 100 से ज्यादा सेंटर

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोवैक्सीन की टीके खत्म होने की वजह से हमें इसके केंद्र बंद करने पड़े। उन्होंने बताया कि करीब 17 स्कूलों में चल रहे 100 से ज्यादा केंद्रों को बंद कर दिया गया है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमने भारत बायोटेक से 1.34 करोड़ खुराकें मांगी थी लेकिन कंपनी ने मना कर दिया है। वहीं अब दिल्ली में कोविशील्ड वैक्सीन ही लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र को इस पर ध्यान देना चाहिए और वैक्सीन के निर्यात पर पूरी तरह से रोक लगानी चाहिए। 
 

12:03 PM, 12-May-2021

पंचकूला: पांच मिनी बस को एंबुलेंस में बदला गया

हरियाणा के पंचकूला डिपो में पांच मिनी बस को एंबुलेंस में बदल दिया गया है। हर बस में चार बेड, दो ऑक्सीजन सिलिंडर मौजूद हैं। इसमें पैरामेडिकल और नर्सिंग स्टाफ भी शामिल है।
 

11:46 AM, 12-May-2021

शिवसेना सांसद संजय राउत का मोदी सरकार पर तंज

शिवसेना सांसद संजय राउत ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि देश में ऑक्सीजन की कमी है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल टास्क फोर्स का गठन किया है। ऑक्सीजन की कमी से लोग मर रहे हैं। महाराष्ट्र में भी ऑक्सीजन की कमी देखी गई लेकिन राज्य सरकार ने इसे नियंत्रित कर लिया।
 

11:38 AM, 12-May-2021

कर्नाटक: फूल बेचने वाले व्यापारियों को हो रहा बहुत नुकसान

लॉकडाउन और कोरोना के दौर में फूल बेचने वाले ज्यादातर व्यापारियों को बहुत नुकसान हुआ है। कर्नाटक में फूल बेचने वाले व्यापारियों का कहना है कि इस दौरान 99 फीसदी दुकानें पूरी तरह से बंद हैं। हमें बहुत नुकसान हो रहा है और हमें सरकार से कोई मदद नहीं मिल रही है।
 

11:36 AM, 12-May-2021

फ्रांस से 40 टन ऑक्सीजन की दूसरी खेप भारत पहुंची

फ्रांस के एयर लिक्विड समूह द्वारा दी गई 40 टन ऑक्सीजन मुंबई पहुंच गई है। इसे कतर द्वारा भरा गया है। 
 

10:49 AM, 12-May-2021

महाराष्ट्र: नागपुर में कुछ केंद्रों पर रोका गया वैक्सीनेशन

वैक्सीन की कमी की वजह से महाराष्ट्र के नागपुर में कुछ केंद्रों में वैक्सीनेशन अभियान रोक दिया गया है। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि मैं यहां अपनी दूसरी डोज लगवाने आया था लेकिन मुझे कहा गया कि अभी वैक्सीन नहीं है, आप कल आएं।
 

10:33 AM, 12-May-2021

उत्तराखंड, बिहार, पंजाब समेत कई राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे डॉ. हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार, पंजाब, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे।
 

10:15 AM, 12-May-2021

तमिलनाडु: रेमडेसिविर दवा के लिए मेडिकल कॉलेज के बाहर खड़े हुए लोग

तमिलनाडु के किलपौक मेडिकल कॉलेज (सरकारी) के बाहर लोग आज भी रेमडेसिविर इंजेक्शन लेने के लिए इकट्ठा होते हुए दिखाई दिए। 
 

10:02 AM, 12-May-2021

तेलंगाना: चारमीनार के बाहर खरीदारी करते नजर आए लोग

ईद उल फितर के लिए हैदराबाद के चारमीनार में लोग खरीदारी करते नजर आए। बता दें कि आज सुबह दस बजे से राज्य में 10 दिन का लॉकडाउन लगाने का एलान किया है।
 

09:50 AM, 12-May-2021

कोरोना का कहर: बीते 24 घंटे में 4205 मरीजों की मौत, संक्रमित मामलों में कमी

देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में भले ही गिरावट हो लेकिन हर दिन आने वाले मौत का आंकड़ा भयावह है। बीते 24 घंटे में सामने आई मृतकों की संख्या ने अबतक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते 24 घंटे में 4205 मरीजों ने अपनी जान गंवा दी है जबकि संक्रमित मामले तीसरे दिन भी कम आए हैं। देश में कोरोना वायरस के 3,48,421 संक्रमित मामले सामने आए हैं। वहीं एक दिन में ठीक हुए मरीजों का आंकड़ा संक्रमित मामलों से ज्यादा है। 
 

09:29 AM, 12-May-2021

बीते 24 घंटे में 19,83,804 लोगों का हुआ टेस्ट - आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने जानकारी दी कि बीते 24 घंटे में 19,83,804 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ है। अबतक देश में 30,75,83,991 लोगों का टेस्ट किया जा चुका है।
 

09:20 AM, 12-May-2021

गोवा: जीएमसीएच अस्पताल में हुए हादसे के बाद तीन सदस्यीय टीम गठित की

गोवा के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि ऑक्सीजन की कमी से गोवा के जीएमसीएच में 26 मरीजों की मौत हो गई। नोडल अधिकारियों की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है, ताकि अस्पताल में कोविड-19 के इलाज की निगरानी की जा सके। 
 

09:17 AM, 12-May-2021

2-18 साल के बच्चों के क्लीनिकल ट्रायल के लिए कोवैक्सीन को मंजूरी

सब्जेक्ट एक्सपर्ट समिति ने 2-18 साल के बच्चों के क्लीनिकल ट्रायल के दूसरे और तीसरे चरण के लिए भारत बायोटेक की कोवैक्सीन के इस्तेमाल को मंजूरी दी।
 

09:00 AM, 12-May-2021

उत्तराखंड को मिली 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन

केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई 80 मीट्रिक ऑक्सीजन को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने राज्य के दोनों मंडलों के लिए रवाना किया। ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिए उत्तराखंड में ऑक्सीजन की सप्लाई हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऑक्सीजन कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में भेजी जाएगी।
 

08:49 AM, 12-May-2021

गुजरात: एक अस्पताल में लगी आग, आईसीयू वार्ड में 70 मरीज भर्ती

कोरोना काल के दौरान अस्पतालों में आग लगने का सिलसिला जारी है। अब गुजरात के भावनगर स्थित जनरेशन अस्पताल में आग लग गई। ऐसा बताया जा रहा है कि ये आग तीसरी मंजिल पर लगी है, जहां आईसीयू बेड थे। जिस समय ये आग लगी, उस दौरान आईसीयू वार्ड में 70 से ज्यादा मरीजों का इलाज चल रहा था। हालांकि सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अस्पताल प्रशासन ने आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट को कारण बताया है। हालांकि कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।

08:30 AM, 12-May-2021

मध्यप्रदेश: पुलिस ने शहडोल में एक नर्स और दो लैब टेक्निशियन को किया गिरफ्तार

मध्यप्रदेश पुलिस ने एक नर्स और दो लैब टेक्निशियन को रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने पर गिरफ्तार किया है। मध्यप्रदेश के शहडोल में ये गिरफ्तारी की गई है। इसके अलावा एक फार्मेसी के मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से छह इंजेक्शन, मोबाइल फोन और छह लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
 

07:59 AM, 12-May-2021

महुआ मोइत्रा ने नदियों में बहते शवों पर सरकार को घेरा

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि आजाद भारत में पहली बार ऐसा दृश्य देखने को मिल रहा है कि उत्तर-प्रदेश, बिहार में नदियों में दर्जनों शवों को फेंका गया है। उन्होंने कहा कि 20 हजार करोड़ सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट से 13,300 इलेक्ट्रिक श्मशान की भट्टियां लगाई जा सकती हैं।
 

07:50 AM, 12-May-2021

Corona Live: महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 46781 मामले, 816 लोगों की मौत

देश में कोरोना वायरस का कोहराम अभी भी जारी है। पिछले तीन दिनों से भले ही कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में गिरावट आ रही हो लेकिन मौत के आंकड़ों पर कोई लगाम नहीं लग रही है। पिछले 24 घंटे में देश में रिकॉर्ड तोड़ 4208 मौत दर्ज की गई हैं। वहीं देश में 533 जिले ऐसे हैं, जहां कोरोना पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी से ज्यादा है। सरकार ने आरटी-पीसीआर से ज्यादा रैपिड एंटीजन टेस्ट करने पर जोर डालने को कहा है। इससे ज्यादा टेस्टिंग होगा और जल्द लोगों को आइसोलेट किया जाएगा, जिससे कोरोना की संक्रमण चेन रोकने में मदद मिलेगी। इसके अलावा विदेशों से आने वाली मदद लगातार जारी है। वहीं विदेशों से आ रही सहायता अब राज्यों को दी जा रही है। इस बीच रेमडेसिविर, ऑक्सीजन सिलिंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और मेडिकल उपकरणों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें