फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

#ladengecoronase : अलीगढ़- कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन न मिलने से पांच लोगों की मौत 

Thu, 22 Apr 2021 12:48 AM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना की दूसरी लहर पूरी तरह बेकाबू हो गई है और हर रोज लाखों लोग कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और करीब तीन लाख संक्रमित मामले सामने आए हैं। इधर कई राज्यों में ऑक्सीजन, रेमडेसिविर और कई मेडिकल सुविधाओं की किल्लत हो रही है। ऐसे में कोरोना के खिलाफ लड़ाई और चुनौतीपूर्ण हो गई है। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए कई राज्यों में एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है, तो वहीं कुछ इलाकों में नाइट कर्फ्यू और सख्ती जारी है। इधर एयर इंडिया ने 24 से 30 अप्रैल के बीच भारत और ब्रिटेन के बीच सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। यहां पढ़िए कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
corona virus in India - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:27 AM, 22-Apr-2021

अलीगढ़: ऑक्सीजन न मिलने से पांच लोगों  की मौत 

अलीगढ़: एसजेडी मेमोरियल कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन न मिलने से पांच लोगों की मौत। 

 

11:40 PM, 21-Apr-2021

प. बंगाल में कोरोना वायरस के 10,784 मामले, 58 की मौत

प. बंगाल में कोरोना वायरस के 10,784 मामले सामने आए, 58 मरीजों की हुई मौत। कुल 5616 मरीज डिस्चार्ज हुए। वहीं, टीएमसी नेता मदन मित्रा भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 
 
 

10:19 PM, 21-Apr-2021

महाराष्ट्र में गुरुवार रात 8 बजे से लॉकडाउन

महाराष्ट्र में गुरुवार रात 8 बजे से लॉकडाउन रहेगा जो कि 1 मई सुबह 7 बजे तक लागू रहेगा।

विज्ञापन
09:24 PM, 21-Apr-2021

बिहार में 18 साल से अधिक आयु के सभी लोगों को कोविड टीका निशुल्क

बिहार सरकार 18 साल से अधिक आयु के सभी लोगों को कोविड टीका निशुल्क लगाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी जानकारी दी है।

09:24 PM, 21-Apr-2021

कोरोना मरीज ने नर्स पर चाकू से किया हमला 

दक्षिण मुंबई के एक कोविड केयर सेंटर में कोरोना मरीज ने नर्स पर चाकू से हमला कर दिया। मुंबई पुलिस ने धारा 324, 504, 188 और 270 के तहत मामला दर्ज किया है।

विज्ञापन
09:07 PM, 21-Apr-2021

पंजाब और हरियाणा में कोरोना बेकाबू

हरियाणा में बीते 24 घंटे में कोरोना के 9,623 मामले सामने आए हैं और 45 मौतें हुईं हैं। इस दौरान 3,929 लोग स्वस्थ भी हुए। वहीं पंजाब की बात करें तो पिछले 24 घंटों में 4,970 नए मामले सामने आए हैं और 69 मौतें हुईं हैं। इस दौरान 2,727 रिकवरी दर्ज की गई हैं।

08:50 PM, 21-Apr-2021

महाराष्ट्र में कोरोना की बेकाबू रफ्तार

महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार बेकाबू हो गई है। यहां 24 घंटे में 67468 नए मामले सामने आए हैं और 568 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 54985 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।

 

08:28 PM, 21-Apr-2021

उद्योग के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति तुरंत रोके केंद्र सरकार: हाईकोर्ट

दिल्ली उच्च न्यायालय ने केंद्र से औद्योगिक उद्देश्यों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति तुरंत रोकने के लिए कहा है। बता दें कि दिल्ली उच्च न्यायालय मैक्स अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी के संबंध में एक तत्काल आवेदन पर सुनवाई कर रहा है। हाईकोर्ट ने कहा कि आप इस तरह से अस्पताल में लोगों को मरने के लिए नहीं छोड़ सकते हैं। हाईकोर्ट ने कहा कि मुझे हैरानी हो रही है कि अस्पताल में लोग मर रहे हैं और आप उद्योग के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं रोक पा रहे हैं।

08:19 PM, 21-Apr-2021

पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी कोरोना संक्रमित

पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि जांच में मेरी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, पिछले 7 दिनों से मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अनुरोध है कि वे कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें, मैं अपने अभियान को वर्चुअल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जारी रखूंगा, मैं सुझाव देता हूं और सभी से निवेदन करता हूं कि जिंदगी से कोरोना को दूर रखें।  

07:54 PM, 21-Apr-2021

कांग्रेस सांसद शशि थरूर कोरोना पॉजिटिव

कांग्रेस सांसद शशि थरूर कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि कोरोना जांच के लिए दो दिन और परिणाम के लिए एक दिन का इंतजार करने के बाद मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि मैं सकारात्मक विचारों के साथ और ढेर सारे तरल पदार्थ खाकर इससे निपटूंगा। उन्होंने आगे कहा कि मेरी बहन और 85 वर्षीय मां भी इस संक्रमण का शिकार हो गईं हैं। 

07:51 PM, 21-Apr-2021

राजस्थान में कोरोना के 14622 नए मामले, 62 लोगों की मौत

राजस्थान में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के रिकार्ड 14,622 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,53,407 हो गई है। साथ ही संक्रमण से और 62 मरीजों की मौत होने के साथ ही महामारी से राज्य में अब तक 3,330 लोगों की मौत हुई है।

हिमाचल प्रदेश में सामने आए कोरोना के 823 नए मामले
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस के 823 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की तादाद बढ़कर 80,233 हो गई है जबकि 13 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 1,219 हो गई।

07:46 PM, 21-Apr-2021

केजरीवाल का ट्वीट- केंद्र सरकार ने ऑक्सीजन का कोटा बढ़ा दिया है

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने ऑक्सीजन का कोटा बढ़ा दिया है।

07:21 PM, 21-Apr-2021

15 हजार रुपये में बेच रहे थे रेमडेसिविर इंजेक्शन, गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस ने कोरोना वायरस संक्रमण के इलाज में काम आने वाले महत्वपूर्ण इंजेक्शन रेमडेसिविर की जयपुर में कालाबाजारी का खुलासा करने का दावा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जो इंजेक्शन की एक-एक शीशी 15-15 हजार रुपये में बेच रहे थे।

06:56 PM, 21-Apr-2021

पूरे देश में वैक्सीन की एक कीमत हो तय: कांग्रेस

कांग्रेस ने सीरम इंस्टीट्यूट द्वारा राज्यों व निजी अस्पतालों के लिए कोरोना रोधी टीके का मूल्य निर्धारित किए जाने के बाद बुधवार को केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस ने कहा कि यह एक ‘घटिया’ कदम है तथा पूरे देश में टीके की एक कीमत तय होनी चाहिए।

06:41 PM, 21-Apr-2021

बिहार में टला पंचायत चुनाव

बिहार में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए  15 दिनों के लिए पंचायत चुनाव (Bihar Panchayat Chunav 2021) को टाल दिया है।

भारत में 4-5 टीके क्लीनिकल परीक्षण के काफी आगे: रेणु स्वरूप 
जैव प्रौद्योगिकी विभाग यानी डीबीटी की सचिव रेणु स्वरूप ने पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि भारत में 4-5 टीके क्लीनिकल परीक्षण के काफी आगे के चरण में हैं, इनके अलावा तीन को पहले ही मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि टीका उत्पादन क्षमता बढ़ाने और कम से कम समय में उन्हें उपलब्ध कराने की खातिर तैयारियां की गई हैं। डॉ. रेड्डीज सहित छह भारतीय कंपनियां सामूहिक रूप से रूस के टीके स्पूतिनक-वी की प्रति वर्ष 70 करोड़ खुराकों का उत्पादन करेंगी।

06:16 PM, 21-Apr-2021

पूरे गोवा में लगा नाइट कर्फ्यू

गोवा में आज रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाया जाएगा। कैसीनो, रेस्तरां और बार, सिनेमा हॉल को 50 फीसदी क्षमता के साथ अनुमति होगी। वहीं सरकार ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा स्थगित कर दी है।

05:46 PM, 21-Apr-2021

रेमडेसिविर को जादू की छड़ी मत समझो: डॉ. गुलेरिया

एम्स के नेदेशक डॉ. गुलेरिया ने कहा कि रेमडेसिविर को जादू की छड़ी मत समझो। एसिम्प्टोमैटिक और माइल्ड इन्फेक्शन वालों को यह देने से कोई फायदा या सुधार नहीं होगा। इसके अलावा टाइमिंग बहुत अहम है। बहुत पहले या देरी से दवाएं दी गईं तो यह नुकसान करेगा।

वैक्सीन लेने के बाद भी रिपोर्ट पॉजिटिव हो सकती है: डॉ गुलेरिया
यह कोई जरूरी नहीं कि आपने वैक्सीन ले लिया तो आपको संक्रमण नहीं होगा। वैक्सीन आपको बीमारी को गंभीर होने से रोकता है। यह समझना महत्वपूर्ण है कि वैक्सीन लेने के बाद भी रिपोर्ट पॉजिटिव हो सकती है, इसलिए वैक्सीन के बाद भी मास्क पहनना महत्वपूर्ण है।

05:26 PM, 21-Apr-2021

कोरोना के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत खुद को आइसोलेट करें: डॉ त्रेहन

डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा कि कोरोना के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत खुद को आइसोलेट करें और घरेलू उपचार शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर फौरन अस्पताल न जाएं। मध्यम लक्षण दिखने पर क्वारंटीन सेंटर जा सकते हैं और यदि ऑक्सीजन लेवल में उतार-चढ़ाव हो रहा है तो अस्पताल में भर्ती हो सकते हैं। डॉ त्रेहन ने आगे कहा कि अस्पतालों के ऐप से जानकारी ले सकते हैं जिससे कम संख्या में लोगों को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत होती है। उन्होंने कहा किअस्पताल के बेड्स का उपयोग जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए और यह जिम्मेदारी हम सभी की है।   

05:18 PM, 21-Apr-2021

ऑक्सीजन स्तर पर बोले डॉ. देवी शेट्टी  

डॉ. देवी शेट्टी ने कहा कि एक संभावना है कि आपमें कोरोना के लक्षण दिखाई न दे रहे हों फिर भी आज पॉजिटिव हो गए हैं तो  डॉक्टर आपको घर पर रहने, खुद को अलग करने, मास्क पहनने और हर 6 घंटे में अपने ऑक्सीजन संतृप्ति की जांच करने के लिए कहेंगे। 

ऑक्सीजन संतृप्ति 94 फीसदी से ऊपर है तो कोई समस्या नहीं है: डॉ. देवी शेट्टी
अगर आपका ऑक्सीजन संतृप्ति 94 फीसदी से ऊपर है तो कोई समस्या नहीं है। लेकिन अगर यह व्यायाम के बाद गिर रहा है, तो, आपको डॉक्टर को कॉल करने की आवश्यकता है। यह महत्वपूर्ण है कि आप सही समय पर सही उपचार प्राप्त करें।  

05:14 PM, 21-Apr-2021

प्रारंभिक अवस्था में इलाज करवाएं: डॉ शेट्टी

डॉ देवी शेट्टी ने कहा कि यदि आप कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं तो डॉक्टर से जरूर दिखाएं और उनकी राय लें। घबराएं नहीं कोरोना अब आम है। यह एक ऐसी समस्या है जिसे हल किया जा सकता है बशर्ते कि आप प्रारंभिक अवस्था में चिकित्सा सहायता प्राप्त करें और डॉक्टर के निर्देशों का पालन करें।

05:10 PM, 21-Apr-2021

अगर ये लक्षण दिखें तो जांच जरूर करवाएं: देवी शेट्टी

 नारायण हेल्थ के अध्यक्ष देवी शेट्टी ने कहा कि यदि आपके पास शरीर में दर्द, सर्दी, खांसी, अपच, उल्टी जैसे कोई लक्षण हैं तो आप कोरोना जांच जरूर करवाएं। 

05:09 PM, 21-Apr-2021

कोरोना होने पर घबराए नहीं:डॉक्टर देवी शेट्टी

डॉक्टर देवी शेट्टी ने कहा कि कोरोना होने पर घबराए नहीं, ज्यादा गंभीर न हो तो घर पर ही रहें।

04:53 PM, 21-Apr-2021

कोवाक्सीन की प्रभावकारिता 78 फीसदी

भारत बायोटेक का कहना है कि कोवाक्सीन ने लोगों पर 78 फीसदी प्रभावकारिता दिखाई है।

04:50 PM, 21-Apr-2021

इन केंद्रों पर मिलेगी निशुल्क वैक्सीन

स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि भारत सरकार द्वारा आपूर्ति किए गए वैक्सीन के आधार पर संचालित वैक्सीनेशन सेंटर निशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराएंगे। इन केंद्रों में आयु की सीमा 45 साल रहेगी। इसमें स्वास्थ्यकर्मी और फ्रंट लाइन वर्कर्स भी शामिल होंगे।

04:25 PM, 21-Apr-2021

देश में 13 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज दी गईं: स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश में 13 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं। पिछले 24 घंटों में लगभग 30 लाख वैक्सीन डोज़ दी गई हैं। देश में लगभग 87% स्वास्थ्यकर्मियों को उनकी पहली डोज़ दी जा चुकी है। देश में 79% फ्रंट लाइन वर्कर्स को पहली डोज मिल चुकी है।

04:21 PM, 21-Apr-2021

इस साल पिछले 24 घंटों में 2,95,000 मामले दर्ज किए गए हैं: स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि पिछले साल औसत सबसे ज्यादा मामले 94,000 प्रतिदिन के पास दर्ज किए गए थे। इस बार पिछले 24 घंटों में 2,95,000 मामले दर्ज किए गए हैं।  
 

04:20 PM, 21-Apr-2021

308 जिलों में कोरेाना काबू में : स्वास्थ्य मंत्रालय  

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 308 जिलों में कोरेाना काबू में है।

04:19 PM, 21-Apr-2021

देश में 146 जिले ऐसे हैं जहां पॉजिटिविटी रेट 15 फीसदी से अधिक

स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने बताया कि देश में 146 जिले ऐसे हैं जहां पॉजिटिविटी रेट 15 फीसदी से अधिक है जो चिंता का विषय है।
 

04:17 PM, 21-Apr-2021

देश में सक्रिय मरीजों की संख्या पिछले साल से दोगुणी

देश में सक्रिय मामलों की संख्या 21,57,000 है। यह संख्या पिछले साल के हमारे अधिकतम संख्या की दोगुणी है। रिकवरी दर 85 फीसदी है । मृत्यु दर 1.17 फीसदी है।

04:12 PM, 21-Apr-2021

देशभर में 21 लाख से ज्यादा एक्टिव केसः स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देशभर में 21 लाख से ज्यादा एक्टिव केस बने हुए हैं जो कि चिंताजनक हैं। 

03:55 PM, 21-Apr-2021

शाम पांच बजे एम्स के निदेशक समेत बड़े डॉक्टर कोरोना पर करेंगे चर्चा

आज शाम 5 बजे एम्स के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया, नारायण हेल्थ के अध्यक्ष देवी शेट्टी और मेदांता के अध्यक्ष डॉ नरेश त्रेहान कोरोना से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगे।


नासिक की घटना पर पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नासिक में ऑक्सीन लीकेज होने के कारण 22 लोगों की हुई मौत की घटना पर दुख जताया है।  नासिक के एक अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक रिसाव की वजह से जो हादसा हुआ दिल दहला देने वाला है। जिन लोगों की जान गई उनके लिए मैं बहुत दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। 

03:46 PM, 21-Apr-2021

छत्तीसगढ़ में कोरोना वैक्सीन का भुगतान राज्य सरकार करेगी

छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन का भुगतान राज्य सरकार करेगी। अपने नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए हम हर संभव कदम उठाएंगे। केंद्र सरकार से अनुरोध है कि वह पर्याप्त संख्या में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करे।

03:19 PM, 21-Apr-2021

अलीपुर पुलिस ने दी सिंघु बॉर्डर से ऑक्सीजन टैंकर को आवाजाही की सुविधा

अलीपुर पुलिस ने सिंघु बॉर्डर से ऑक्सीजन टैंकर को आवाजाही की सुविधा दी। इस टैंकर को रोहिणी के जयपुर गोल्डन अस्पताल में पहुंचाना था।
 

02:34 PM, 21-Apr-2021

ओडिशा: राज्य बोर्ड ने किया दसवीं परीक्षाओं को रद्द

ओडिशा के माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दसवीं की परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। 
 

02:31 PM, 21-Apr-2021

महाराष्ट्र के पास पर्याप्त रेमडेसिविर और ऑक्सीजन - स्वास्थ्य मंत्री

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने जानकारी दी कि मौजूदा मांग के मुताबिक, हमारे पास पर्याप्त रेमडेसिविर हैं लेकिन इनका वितरण एक बड़ी चुनौती है। हमने डॉक्टरों से अपील की है कि वो उपयुक्त तरीके से ऑक्सीजन और रेमडेसिविर का इस्तेमाल करें। महाराष्ट्र 1250 मीट्रिक टन लिक्विड ऑक्सीजन का उत्पादन कर रहा है। इसका इस्तेमाल पूरी तरह से मेडिकल तौर पर किया जाएगा। 
 

01:52 PM, 21-Apr-2021

नासिक: ऑक्सीजन टैंकर से गैस हुई लीक

महाराष्ट्र के नासिक में ऑक्सीजन सिलिंडर लीक करने का मामला सामने आया है। नासिक के डॉक्टर जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन टैंकर से ऑक्सीजन सिलिंडर भरने के दौरान गैस लीक हो गई। घटनास्थल पर अधिकारी मौजूद रहे।
 

01:36 PM, 21-Apr-2021

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री ने दिल्ली सरकार पर लगाया ऑक्सीजन टैंकर लूटने का आरोप

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दिल्ली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली सरकार ने फरीदाबाद जा रहे ऑक्सीजन टैंकर की लूट की है, जिसके बाद मैंने ऑक्सीजन टैंकरों को पुलिस सुरक्षा का आदेश दिया है। उन्होंने आगे कहा कि हमें दिल्ली सरकार को ऑक्सीजन देने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने आगे कहा कि पहले वो अपनी जरूरत पूरी करेंगे और उसके बाद दूसरे राज्यों को देंगे। 
 

01:27 PM, 21-Apr-2021

तेलंगाना: बीते 24 घंटे में सामने आए 6,542 मरीज

तेलंगाना में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 6,542 दैनिक मामले सामने आए। वहीं 20 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ा है। बीते 24 घंटे में कोरोना से 2,887 मरीज ठीक होकर अपने घर वापस गए हैं। 
 

01:01 PM, 21-Apr-2021

सीरम ने कोविशील्ड वैक्सीन की कीमत तय की

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने कोविशील्ड वैक्सीन की कीमत तय करने का फैसला किया है। एसआईआई ने कहा कि सरकार के द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर हम कोविशील्ड वैक्सीन की नई कीमत का एलान कर रहे हैं। इंस्टीट्यूट ने जानकारी दी कि अब कोविशील्ड की कीमत राज्य सरकारों के लिए 400 रुपये और निजी अस्पतालों के लिए 600 रुपये होगी।
 

12:58 PM, 21-Apr-2021

दिल्ली: अमरलीला अस्पताल को मिले 11 ऑक्सीजन सिलिंडर

दिल्ली के कीर्ति नगर ऑक्सीजन सप्लायर से दिल्ली पुलिस ने 11 ऑक्सीजन सिलिंडर का बंदोबस्त कराया और उन्हें अमर लीला अस्पताल तक पहुंचाया। दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि यहां 32 कोविड मरीजों की जान खतरे में है और पुलिस अभी तक 11 सिलिंडर ही उपलब्ध करा पाई है।
 

12:55 PM, 21-Apr-2021

सार्स-कोव 2 के कई वेरिएंट के खिलाफ कारगार है कोवैक्सीन - आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने जानकारी दी कि हमारा शोध दर्शाता है कि कोवैक्सीन टीका सार्स-कोव 2 के सभी वेरिएंट के लिए कारगार है और प्रभावी रूप से डबल म्यूटेंट स्ट्रेन को भी बेअसर करता है।
 

12:46 PM, 21-Apr-2021

मेडिकल ऑक्सीजन की जगह ओद्योगिक ऑक्सीजन का निर्यात किया गया- सरकार

सरकारी सूत्रों ने ऑक्सीजन निर्यात को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है और कहा कि देश में दुर्भाग्यपूर्ण गलत प्रचार किया जा रहा है कि भारत ने 2020-21 के बीच दुर्लभ मेडिकल ऑक्सीजन का निर्यात किया है। ये गलत है, सिर्फ औद्योगिक ऑक्सीजन का ही निर्यात किया गया है। सरकार ने बताया कि अप्रैल 2020 से फरवरी 2021 तक 9884 MT औद्योगिक ऑक्सीजन निर्यात किया गया जबकि 12 MT ही मेडिकल ऑक्सीजन निर्यात की गई। 
 

12:42 PM, 21-Apr-2021

गोवा में तेजी से बढ़ रहे कोविड के मामले - मुख्यमंत्री

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि मंगलवार को मेरी गृह मंत्री से बात हुई और मैंने उन्हें राज्य में कोविड की स्थिति की जानकारी दी। यहां मामले तेजी से बढ़ रहे हैं क्योंकि टेस्टिंग ज्यादा हो रही है। आज शाम पांच बजे तक गोवा में अन्य सख्ती के बारे में जानकारी दे दी जाएगी।
 

11:50 AM, 21-Apr-2021

विजय रूपाणी ने लगवाया कोरोना का टीका

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली। गांधीनगर के एक वैक्सीनेशन सेंटर पर विजय रूपाणी कोरोना का पहला टीका लगवाया।
 

11:48 AM, 21-Apr-2021

दिल्ली: सरोजिनी नगर बाजार बंद

 दिल्ली के एक सप्ताह का लॉकडाउन जारी है और इसी बीच दिल्ली के सरोजिनी नगर बाजार की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। लॉकडाउन की वजह से दिल्ली का सरोजिनी नगर बाजार भी पूरी तरह से बंद है। 
 

11:45 AM, 21-Apr-2021

मध्यप्रदेश: दामोह में ऑक्सीजन सिलिंडर की लूट

मंगलवार की रात मध्यप्रदेश के दामोह जिले में ऑक्सीजन सिलिंडर चोरी की लूट का मामला सामने आया। जिलाधिकारी ने जानकारी दी और कहा कि हमें बताया गया कि अस्पताल को जैसे ही जानकारी मिली कि ऑक्सीजन सिलिंडर आने वाले हैं, तो मरीज के परिजन वहां सिलिंडर लूटने चले गए। हालांकि अस्पताल में ऑक्सीजन की मात्रा पर्याप्त थी। अब उन लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
 

11:42 AM, 21-Apr-2021

ठाणे: रेमडेसिविर दवा की कालाबाजारी करते तीन लोग पकड़े गए

रेमडेसिविर की कालाबाजारी करने वाले तीन लोगों को ठाणे के मीरा रोड से गिरफ्तार किया गया है। रेमडेसिविर की तीन वायल और 2.25 लाख रुपये का स्टॉक इन लोगों के पास से बरामद किया गया है। ठाणे पुलिस ने इस बात की जानकारी दी।
 

11:40 AM, 21-Apr-2021

धोनी के माता-पिता को हुआ कोरोना

क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें रांची के पल्स अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता का ऑक्सीजन स्तर सामान्य है।
 

11:34 AM, 21-Apr-2021

रामनवमी के दिन चंडीगढ़ में पूरे दिन का लॉकडाउन

रामनवमी के अवसर पर चंडीगढ़ में एक पूरे दिन का लॉकडाउन लगाया गया है। कोरोना महामारी के बीच लोगों की भीड़ इकट्ठी ना हो, इसके लिए लॉकडाउन लगाया गया है। लॉकडाउन के दौरान जो लोग घरों से बाहर निकले हैं, पुलिस उनके आईडी कार्ड देख रही है।
 

11:31 AM, 21-Apr-2021

बंगाल: मछली और सब्जी बाजार में जुटी भीड़

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बंगाल के थोक सब्जी बाजार और मछली बाजार में भीड़ जुटी दिखाई दी। उत्तर 24 परगना जिले के पनपुर में लोगों ने भीड़ जुटाई।
 

11:14 AM, 21-Apr-2021

दिल्ली के सीएम केजरीवाल और राज्यपाल की बैठक

आज दिल्ली में मुख्यमंत्री केजरीवाल और गवर्नर अनिल बैजल बैठक करने वाले हैं। इस बैठक में ऑक्सीजन सप्लाई, कोरोना के बढ़ते मामले और कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़ों पर चर्चा की जाएगी।
 

10:54 AM, 21-Apr-2021

ब्रिटेन आने-जाने वाली सभी उड़ानें 24-30 अप्रैल रद्द

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए विमान कंपनी एयर इंडिया ने भारत से यूनाइटेड किंगडम जाने वाले यात्रियों को सूचित किया है कि यूके ने 24 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। यात्रियों के टिकट पर रिफंड को लेकर आगे जानकारी दे दी जाएगी।
 

10:51 AM, 21-Apr-2021

एलएनजेपी अस्पताल को दस टन ऑक्सीजन की सप्लाई

दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में मंगलवार देर रात दस टन ऑक्सीजन की सप्लाई की गई। एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि मौजूदा समय के लिए इतनी ऑक्सीजन पर्याप्त है।
 

10:32 AM, 21-Apr-2021

महाराष्ट्र: रामनवमी के मौके पर बंद मंदिर के बाहर दर्शन करते भक्त

आज राम नवमी के मौके पर मुंबई में श्रद्धालुओं ने राम मंदिर जाकर भगवान राम के दर्शन किए। महाराष्ट्र में सख्त कर्फ्यू लगे होने की वजह से सभी धार्मिक स्थल बंद हैं, जिस कारण लोगों ने मंदिर के बाहर खड़े होकर पूजा की।
 

10:25 AM, 21-Apr-2021

श्रीगंगा राम अस्पताल को मिली 11,000 क्यूबिक मीटर ऑक्सीजन

दिल्ली के श्री राम गंगा अस्पताल में मंगलवार रात को 11 हजार क्यूबिक मीटर ऑक्सीजन सप्लाई की गई। मंगलवार रात को एक निजी विक्रेता ने 4,500 क्यूबिट मीटर ऑक्सीजन सप्लाई की तो वहीं आईनॉक्स एयर ने 6,000 क्यूबिक मीटर ऑक्सीजन का आपूर्ति की। डॉक्टरों ने बताया कि अब अस्पताल में कुल 11,000 क्यूबिक मीटर ऑक्सीजन है, जो गुरुवार सुबह नौ बजे तक चल पाएगी।
 

10:10 AM, 21-Apr-2021

मंगलवार को 16,39,357 लोगों को हुआ कोरोना टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को 16,39,357 कोरोना टेस्ट किए गए। वहीं अबतक 27,10,53,392 लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है।
 

10:04 AM, 21-Apr-2021

कोरोना: बीते 24 घंटे में सामने आए 2.95 लाख मामले

देश में कोरोना के दैनिक मामलों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते 24 घंटे में करीब तीन लाख दैनिक मामले सामने आए हैं और दो हजार से ज्यादा लोगों की एक दिन में मौत हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 2,023 मरीजों की मौत हुई है। वहीं 21,57,538 मरीजों का इलाज चल रहा है।
 

09:37 AM, 21-Apr-2021

प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सरकार पर बोला हमला

समाचार एजेंसी एएनआई को दिए गए इंटरव्यू में प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि ऑक्सीजन के लिए भारत की उत्पादन क्षमता दुनिया में सबसे बड़ी है, तो इसकी कमी कैसे पड़ रही है? उन्होंने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आप लोग आठ से नौ महीने क्या कर रहे थे। प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि कोरोना की वैक्सीन और रेमडेसिविर की दवा की कमी गलत योजना की वजह से हुई है। मोदी सरकार की कोई रणनीति नहीं है, इसलिए ऑक्सीजन की कमी हुई है।
 

09:11 AM, 21-Apr-2021

कोटा: ऑक्सीजन सप्लाई रुकने की वजह से दो मरीजों की मौत

राजस्थान में कोरोना के बढ़ते मामले की वजह से स्वास्थ्य विभाग पर गहरा असर पड़ रहा है। राजस्थान के कोटा में अचानक रात को ऑक्सीजन की सप्लाई रुक गई, जिसके बाद दो मरीजों ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर आरोप लगाया है कि 19 अप्रैल की आधी रात के बाद करीब एक बजे अचानक ऑक्सीजन सप्लाई रुक गई। इस वजह से अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति बिगड़ गई और दो मरीजों की जान चली गई।
 

08:55 AM, 21-Apr-2021

महाराष्ट्र: पुणे में मेडिकल इमरजेंसी केंद्र पर कॉल फ्लो बढ़ा

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखथे हुए महाराष्ट्र के पुणे में मेडिकल इमरजेंसी केंद्र पर कॉल फ्लो बहुत ज्यादा बढ़ गया है। कंट्रोल रूम मैनेजर का कहना है कि हर दिन नौ से दस हजार कॉल ली जाती हैं, जिसमें कोविड इमरजेंसी और दूसरी सेवाएं शामिल हैं। लोगों के बीच अब तनाव बढ़ चुका है और कोरोना से संबंधित कॉल सबसे ज्यादा आ रही हैं। 
 

08:43 AM, 21-Apr-2021

महाराष्ट्र: एक मई तक सख्ती लागू

महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने एक मई तक सख्ती लागू करने का एलान किया है। वहीं राज्य में धारा 144 लागू रहेगी। 
 

08:40 AM, 21-Apr-2021

दिल्ली: लॉकडाउन में घर से बाहर निकले लोगों के आईडी और वाहनों की तलाशी

दिल्ली में छह दिन का लॉकडाउन जारी है और इस बीच दिल्ली पुलिस घरों से बाहर निकले लोगों के वाहनों की तलाशी ले रहे हैं और आईडी चेक कर रहे हैं। दिल्ली में एक सप्ताह के लिए लगा लॉकडाउन 26 अप्रैल सुबह पांच बजे तक जारी रहेगा।
 

08:09 AM, 21-Apr-2021

#ladengecoronase : अलीगढ़- कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन न मिलने से पांच लोगों की मौत 

देश में कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू हो रही है और हर रोज लाखों लोग कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। कोरोना के दैनिक मामले हर दिन सभी रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं और अब कोविड-19 से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटे में दो हजार से ज्यादा कोविड मरीजों की मौत हुई है और करीब तीन लाख लोग संक्रमित निकले हैं। इधर कई राज्यों में ऑक्सीजन, रेमडेसिविर और कई मेडिकल सुविधाओं की किल्लत हो रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को घोषणा की कि दिल्ली के अस्पतालों में कुछ समय के लिए ऑक्सीजन बची है। ऐसे में कोरोना के खिलाफ लड़ाई और चुनौतीपूर्ण हो गई है। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिे कई राज्यों में एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है, तो वहीं कुछ इलाकों में नाइट कर्फ्यू और सख्ती जारी है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें