मध्यप्रदेश में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 18 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित लोगों की कुल संख्या 7,91,658 हो गई। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में किसी भी व्यक्ति की संक्रमण से मौत नहीं हुई है। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 10,512 है, वर्तमान में 219 मरीजों का इलाज चल रहा है।
केरल में 21 जुलाई को बकरीद त्योहार के मद्देनजर कोविड-19 संबंधी पाबंदियों में ढील देने के सरकार के फैसले की रविवार को विपक्षी दल कांग्रेस और भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) ने आलोचना की। आईएमए ने सरकार के फैसले को कानूनी चुनौती देने की चेतावनी दी है।
झारखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 32 नए मामले सामने आए और 42 कुल मरीज ठीक हुए। वहीं शून्य मौतें दर्ज की गई हैं। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 327 हो गई है।
भारत ने रविवार को नेपाल सरकार को 150 से ज्यादा आईसीयू बिस्तर सौंपे। भारत का यह कदम कोविड-19के खिलाफ लड़ाई में पड़ोसी मुल्क के साथ एकजुटता और निकट सहयोग दर्शाने वाला है। महामारी की शुरुआत के बाद से भारत ने नेपाल को आवश्यक दवाओं की आपूर्ति, आरटी-पीसीआर परीक्षण, वेंटिलेटर की आपूर्ति के माध्यम से लगभग 65 लाख अमेरिकी डालर की सहायता प्रदान की है।
अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 का एक नया मामला सामने आया है, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7506 हो गई। संक्रमण से पिछले 24 घंटे में किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई और मृतकों की कुल संख्या 129 बनी हुई है। केंद्र शासित प्रदेश में फिलहाल 16 मरीजों का उपचार चल रहा है। वहीं, एक और मरीज के ठीक होने के बाद अब तक इस रोग से उबरने वाले लोगों की कुल संख्या 7361 हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में 42,004 मरीज कोरोना को मात देकर अपने घर लौट गए। उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 4,22,660 रह गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 1.36 फीसदी है। कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 97.31 फीसदी है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 1,365 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,02,69,796 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.33 फीसदी है।