असम में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3,477 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 4,949 लोग ठीक हुए और 41 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 36,793 हो गई है।
रेल मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनें बीते 54 दिन में देश में 1830 से अधिक टैंकरों में 32,017 टन तरल चिकित्सीय ऑक्सीजन (एलएमओ) की आपूर्ति कर चुकी हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अब तक 443 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनें अपनी यात्रा पूरी कर विभिन्न राज्यों को राहत पहुंचा चुकी हैं। एक और ट्रेन चार टैकरों में 78 टन तरल चिकित्सीय ऑक्सीजन लेकर रास्ते में है। ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों ने 54 दिन पहले 24 अप्रैल को ऑक्सीजन आपूर्ति की शुरुआत की थी।
पंजाब में आज कोरोना के 726 नए मामले सामने आए, 1255 मरीज ठीक हुए और 32 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या पांच लाख 90 हजार 556 हो गई है।
मेघालय में गुरुवार को कोविड-19 के 478 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 43,732 हो गई। वहीं, चार और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 762 हो गई। इसके अलावा 329 और मरीजों के संक्रमण मुक्त होने के बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 38,361 हो गई। फिलहाल राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4609 है।
स्पूतनिक वी ने कहा है कि वह जल्द ही एक बूस्टर शॉट मुहैया कराएगी। यह बूस्टर शॉट कोरोना वायरस के डेल्टा वेरिएंट के खिलाफ काम करने के हिसाब से तैयार किया गया है। इसके साथ ही कंपनी ने कहा है कि वह जल्द ही कोरोना के खिलाफ जंग में अन्य टीका निर्माताओं के साथ मिलकर भी काम करेगी।
हरिद्वार में कुंभ मेले के दौरान कथित फर्जी कोविड जांचों को लेकर विपक्ष के निशाने पर आई उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने गुरुवार को आरोपी कंपनी मैक्स कारपोरेट सर्विस तथा दो निजी प्रयोगशालाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया।
देश की प्रमुख टीका निर्माता कंपनी भारत बायोटेक ने कहा है कि ऐसी खबरें गलत हैं कि कंपनी ने कोवाक्सीन टीके के तीसरे चरण का डाटा विश्व स्वास्थ्य संगठन के पास जमा किया है। बता दें कि बारत बायोटेक ने कोविड रोधी टीका कोवाक्सीन तैयार किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 रोधी टीके की 2.18 करोड़ से अधिक खुराकें अब भी उपलब्ध हैं। मंत्रालय ने कहा कि इसके साथ ही अगले तीन दिन के भीतर उन्हें और 56 लाख 70 हजार 350 खुराकें और दी जाएंगी। मंत्रालय ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से अब तक राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को 27.28 करोड़ से अधिक (27 करोड़ 28 लाख 31 हजार 900) खुराकें दी गई हैं।
ओडिशा में गुरुवार को कोविड-19 के 3631 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर आठ लाख 66 हजार 692 हो गई। वहीं 39 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 3471 हो गई। राज्य में संक्रमण की दर इस समय 5.72 फीसदी है। यहां कोविड के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 45,809 है। राज्य में अब तक आठ लाख 17 हजार 359 मरीज इस बीमारी को मात दे चुके हैं। इसके साथ ही गंजाम, रायगढ़ और कोरापुट जिले में सीरो सर्वेक्षण की शुरुआत की गई है।
हरिद्धार कुंभ मेले में फर्जी कोरोना जांच करने के मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। कुंभ में फर्जी कोरोना जांच उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सरकार ने इसको बहुत गंभीरता से लिया है और इस पर एसटीआई बैठाने का निर्णय लिया है, जो स्वागत योग्य है। जिन लोगों ने ये किया है, अपराध की पुष्टि होने पर उन पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।