फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live: महाराष्ट्र में 66 हजार से ज्यादा मामले, बंगाल में आंकड़ा रहा 12876

Fri, 23 Apr 2021 11:51 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कोहराम अब बढ़ता जा रहा है। चारों ओर से मदद की गुहार लग रही है औऱ जनता अपने स्तर से ही जनता की मदद कर रही है। देश में बीते 24 घंटे में 3.32 लाख से ज्यादा मामले सामने आए तो वहीं 2,263 मरीजों ने अपनी गंवाई है। भारत को ऑक्सीन और रेमडेसिविर मुहैया कराएगा रूस। वहीं प्रधानमंत्री मोदी उन 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं, जहां हाल ही में कोरोना के मामलों में तेजी देखी गई है। इसके साथ ही डीजीसीआई ने कोरोना के कम गंभीर मरीजों के इलाज के लिए जायडस कैडिला की विराफिन के आपात उपयोग की मंजूरी दे दी। आंध्र प्रदेश और उत्तराखंड की सरकार ने 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों का मुफ्त टीकाकरण करने का फैसला किया है। रक्षा मंत्रालय ने जर्मनी से 23 आक्सीजन उत्पादन संयंत्र हवाई मार्ग से लाने का फैसला किया है। कोरोना से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
कोरोना जांच - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:49 PM, 23-Apr-2021

मुरादाबाद में एक दिन में कोरोना से 10 मौतें

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिन में कोरोना से 10 मौतें  हुई हैं और 1752 नए संक्रमित मिले हैं। मरने वालों में दरोगा, अधिवक्ता और नगर निगम के पार्षद शामिल हैं। जिले में एक्टिव केस 6135 हो गए हैं।

10:31 PM, 23-Apr-2021

सैन्य चिकित्सा अधिकारियों को आपात वित्तीय शक्तियां

देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को सेना के तीनों अंगों की चिकित्सा सेवाओं के महानिदेशक को चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने संबंधी खरीदी के लिए पांच करोड़ रुपये की आपात वित्तीय शक्ति दी है। सरकारी आदेश के अनुसार, मेजर जनरल रैंक के मेडिकल अधिकारियों को तीन करोड़ रुपये जबकि ब्रिगेडियर रैंक के चिकित्सा अधिकारियों को दो करोड़ रुपये की खरीदी करने की आपात शक्ति दी गई है।

10:16 PM, 23-Apr-2021

केरल में अगले दो दिन लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने शुक्रवार को कहा कि अगले दो दिन (शनिवार और रविवार) को राज्य में लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध रहेंगे। केवल आवश्यक सेवाओं को और आपातकालीन यात्रा को ही अनुमति रहेगी। विवाह समारोह के लिए इनडोर में 75 लोगों और आउटडोर में 150 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी गई है। अंतिम संस्कार में अधिकतम 50 लोग शामिल हो सकेंगे।

विज्ञापन
10:05 PM, 23-Apr-2021

पुणे: 9810 नए मामले, 137 की मौत

महाराष्ट्र के पुणे जिले में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 9810 नए मामले सामने आए, 10310 लोग ठीक हुए और 137 की मौत हो गई। जिले में अब कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा एक लाख एक हजार 279 पर पहुंच गया है। यहां अब तक कोरोना के कुल सात लाख 73 हजार चार मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से छह लाख 59 हजार 875 लोग ठीक हो चुके हैं और 12,019 की मौत हुई है।

09:32 PM, 23-Apr-2021

बंगाल: 12876 नए मामले, 59 की मौत

चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 12,876 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 6878 लोग ठीक हुए और 59 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले सात लाख 13 हजार 780 हो गए हैं वहीं, सक्रिय मामलों का आंकड़ा 74,737 पर पहुंच गया है।

विज्ञापन
09:23 PM, 23-Apr-2021

महाराष्ट्र: 66836 नए मामले, 74045 ठीक हुए

देश में कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 66,836 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में 74,045 लोग ठीक हुए और 773 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 41 लाख 81 हजार 576 हो गई है। इनमें से 34 लाख चार हजार 792 मरीज ठीक हुए औं और 63,252 की जान गई है। राज्य में अब कोरोना के छह लाख 91 हजार 851 सक्रिय मामले हैं।

09:07 PM, 23-Apr-2021

ठाणे: भर्ती कराने के लिए घूस लेने के आरोप में पांच पर प्राथमिकी

महाराष्ट्र के ठाणे में कोविड-19 के दो मरीजों को अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराने के एवज में प्रत्येक से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे के महापौर नरेश म्हस्के को शिकायत मिली थी कि कोविड-19 के दो मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने के एवज में रिश्वत ली गई है जबकि अस्पताल में इलाज की सुविधा मुफ्त है।अभी मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

08:55 PM, 23-Apr-2021

बंगाल: हवाई यात्रियों के लिए निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य

पश्चिम बंगाल सरकार ने 26 अप्रैल से दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए कोरोना वायरस की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य करने का फैसला किया है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय को यह जानकारी देते हुए कहा कि 26 अप्रैल से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ से बंगाल आने वाले लोगों को निगेटिव कोरोना रिपोर्ट पेश करनी होगी और यह रिपोर्ट 72 घंटे से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।

08:38 PM, 23-Apr-2021

राजस्थान: 15398 नए मामले, 64 की मौत

राजस्थान में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 संक्रमण के 15,398 नए मामले दर्ज किए गए, 5197 मरीज ठीक हुए और 64 की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यहां अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख 17 हजार 294 हो गई है। राज्य में अब तक तीन लाख 62 हजार 526 लोग ठीक हो चुके हैं और 3453 मरीजों की जान गई है।
 

08:35 PM, 23-Apr-2021

नागपुर पहुंची ऑक्सीजन एक्सप्रेस

गुरुवार को विशाखापत्तनम से चली रोरो (रोल ऑन रोल ऑफ) ऑक्सीजन एक्सप्रेस शुक्रवार की शाम नागपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंच गई। इस ट्रेन में सात टैंकर हैं जिसमें से तीन टैंकर यहां अनलोड किए गए। 
 

08:27 PM, 23-Apr-2021

आंध्र प्रदेश में मामले 10 लाख के पार

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 11,766 मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा 10 लाख को पार कर गया। राज्य सरकार ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए 24 अप्रैल से रात्रि कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया है।

08:11 PM, 23-Apr-2021

मुंबई: 7221 नए मामले, 9541 ठीक हुए

मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 7221 नए मामले दर्ज किए गए, 9541 लोग ठीक हुए और 72 मरीजों की मौत हो गई। अब शहर में सक्रिय मामलों की संख्या 81,538 हो गई है। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 10 लाख नौ हजार 228 हो गई है। 

08:02 PM, 23-Apr-2021

दिल्ली के बत्रा अस्पताल में ऑक्सीजन की किल्लत

दिल्ली के बत्रा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर में ऑक्सीजन संकट गंभीर हो गया है। अस्पताल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. बंकटा ने कहा कि आईनॉक्स ने 107 टन से अधित लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति करने से इनकार कर दिया है, जो उन्होंने दोपहर दो बजे की थी। यहां 275 कोरोना मरीज भर्ती हैं और 8.30 बजे तक ऑक्सीजन बिल्कुल खत्म हो सकती है। कल दोपहर तक आपूर्ति मिलने से पहले हमें कम से कम छह टन ऑक्सीजन की जरूरत है।

07:36 PM, 23-Apr-2021

नागपुर: 7485 नए मरीज, 82 की मौत

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 7485 नए मामले सामने आए, 6531 लोग ठीक हुए और 82 मरीजों की मौत हो गई। अब जिले में कोरोना के कुल मामले तीन लाख 58 हजार 418 हो गए हैं। इनमें से दो लाख 78 हजार 302 ठीक हो चुके हैं और 6767 की जान गई है। जिले में अब कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा 73,349 पर पहुंच गया है।

07:31 PM, 23-Apr-2021

केरल : 28447 नए मामले, 27 की मौत

केरल में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक ही दिन में सर्वाधिक 28,447 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 13,50,501 तक पहुंच गई। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी। केरल में इसी अवधि में कोविड-19 के 5,663 मरीजों के ठीक होने के साथ ही अब तक 11,66,135 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। वहीं, राज्य में फिलहाल 1.78 लाख मरीज उपचाराधीन हैं। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने संवाददाताओं को बताया कि कोविड-19 से 27 और मरीजों की मौत हो गई, जिसके साथ ही मृतक संख्या बढ़कर 5,055 हो गई।

06:59 PM, 23-Apr-2021

तमिलनाडु: 13776 नए केस, 78 की मौत

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 13,776 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में 8078 लोग ठीक हुए और 78 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 10 लाख 51 हजार 487 हो गई है। इनमें से नौ लाख 43 हजार 44 ठीक हो चुके हैं और 11,395 की मौत हुई है। राज्य में अब कोरोना के 95,048 सक्रिय मामले हो गए हैं।

06:56 PM, 23-Apr-2021

आंध्र प्रदेश: 11766 नए मामले, 36 की मौत

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 11,766 नए मामले सामने आए, 4441 लोग ठीक हुए और 38 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 10 लाख नौ हजार 228 हो गई है। इनमें से नौ लाख 27 हजार 418 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, अब तक यहां इस बीमारी के चलते 7579 लोगों की जान गई है। राज्य में अब कोरोना के 74,231 सक्रिय मामले हैं।

06:53 PM, 23-Apr-2021

चंडीगढ़ में वीकेंड कर्फ्यू नहीं

चंडीगढ़ प्रशासन के सलाहकार मनोज परीदा ने बताया कि यहां अब सप्ताहांत पर लॉकडाउन नहीं रहेगा। हालांकि, सातों दिन रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा।

06:39 PM, 23-Apr-2021

बिहार स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव की कोरोना से मौत

बिहार में स्वास्थ्य विभाग में अतिरिक्त सचिव रवि शंकर चौधरी की कोरोना वायरस संक्रमण के चलते मौत हो गई है।

06:26 PM, 23-Apr-2021

जर्मनी से हवाई मार्ग से आएंगे 23 आक्सीजन उत्पादन संयंत्र

रक्षा मंत्रालय ने जर्मनी से 23 ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र हवाई मार्ग से लाने का फैसला किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने यह निर्णय ऐसे समय में किया है जब कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच कई राज्यों को चिकित्सीय ऑक्सीजन की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक संयंत्र की क्षमता 40 लीटर ऑक्सीजन प्रति मिनट और 2400 लीटर ऑक्सीजन प्रति घंटा उत्पादन करने की है।

06:23 PM, 23-Apr-2021

गोवा: 1420 नए मामले, 12 की मौत

गोवा में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1420 नए मामले सामने आए, 596 लोग ठीक हुए और 12 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा 11,040 पर पहुंच गया है।

06:21 PM, 23-Apr-2021

आंध्र प्रदेश में कल से रात्रि कर्फ्यू

आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य में कोरोना संक्रमण की गंभीर होती स्थिति के चलते शनिवार के रात्रि कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। यह जानकारी शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी। कार्यालय ने बताया कि कर्फ्यू की अवधि रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगी।

06:14 PM, 23-Apr-2021

दिल्ली के अस्पताल में 30 मिनट की ऑक्सीजन बची

दिल्ली में वसंत कुंज स्थित इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर के अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में 160 कोरोना मरीज भर्ती हैं और हमारे पास केवल 30 मिनट की ऑक्सीजन बची है। हम कल रात के ऑक्सीजन आपूर्ति का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हो पाया है।

05:48 PM, 23-Apr-2021

उत्तराखंड: 4339 नए मामले, 49 की मौत

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 4339 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में 1179 लोग ठीक हुए और 49 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के 29,949 सक्रिय मामले हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा है कि राज्य से सभी निजी और सरकारी अस्पतालों में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों का निशुल्क टीकाकरण होगा।

05:45 PM, 23-Apr-2021

आंध्र प्रदेश में मुफ्त टीकाकरण का एलान

आंध्र प्रदेश सरकार ने 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों का कोरोना वायरस के खिलाफ मुफ्त टीकाकरण करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने इस निर्णय पर मुहर लगा दी है।

05:41 PM, 23-Apr-2021

ओडिशा में कोविड-19 के 6215 नए मामले

ओडिशा में शुक्रवार को कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 6215 नए मामले आने के साथ राज्य में अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर तीन लाख 94 हजार 694 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि इसी के साथ गत 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित आठ मरीजों की मौत हुई है जिन्हें मिलाकर अब तक ओडिशा में महामारी से 1973 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

04:48 PM, 23-Apr-2021

माउंट एवरेस्ट पर कोरोना संक्रमण का पहला मामला

कोरोना वायरस संक्रमण का प्रकोप दुनिया की सबसे ऊंची जगह एवरेस्ट की चोटी पर भी पहुंच गया है। यहां माउंट एवरेस्ट के आधार शिविर में ठहरे नॉर्वे के एक पर्वतारोही के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उसे हेलीकॉप्टर से काठमांडू के एक अस्पताल ले जाया गया है।

पर्वतारोही एर्लेंड नेस्ट ने शुक्रवार को को बताया कि उनके 15 अप्रैल को संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। उसके बाद गुरुवार को हुई जांच में उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है और वह फिलहाल नेपाल में एक स्थानीय परिवार के साथ रह रहे हैं।

04:43 PM, 23-Apr-2021

महामंडलेश्वर प्रेमलता गिरी का कोरोना से निधन

निरंजनी अखाड़ा की महामंडलेश्वर प्रेमलता गिरी का कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया।

04:18 PM, 23-Apr-2021

पंजाब: 400 नर्सों और 140 टेक्नीशियनों की तत्काल भर्ती के आदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सरकारी मेडिकल कालेजों में 400 नर्सों और 140 टेक्नीशियनों की तत्काल भर्ती का आदेश जारी किया है। राज्य के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुख्यमंत्री जल्द ही पीजीआई सैटेलाइट सेंटर और सेना अस्पतालों को पंजाब में बेड उपलब्ध कराने के निर्देश देने की मांग के साथ प्रधानमंत्री मोदी को एक पत्र लिखेंगे।

04:17 PM, 23-Apr-2021

जबलपुर में ऑक्सीजन खत्म होने से पांच कोरोना मरीजों की मौत

मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित एक निजी अस्पताल में चिकित्सकीय ऑक्सीजन कथित रूप से खत्म हो जाने से गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कोविड-19 के पांच मरीजों की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को दी। नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली क्षेत्र) दीपक मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना गैलेक्सी अस्पताल में गुरुवारवार-शुक्रवार की रात को हुई।

उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों का आरोप है कि ऑक्सीजन समाप्त होने इन पांच मरीजों की मौत हो गई। मिश्रा ने बताया कि इन मरीजों की मौत के बाद परिजनों द्वारा अस्पताल के बाहर हंगामा किए जाने की जानकारी मिलने पर इलाके में गश्त कर रही पुलिस रात में ही अस्पताल में पहुंची। यहां पर मृतकों के परिजनों ने शिकायत की कि ऑक्सीजन समाप्त होने से मरीजों की मौत हुई है।

04:11 PM, 23-Apr-2021

ऑक्सीजन संकट: दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई

दिल्ली सरकार के अधिवक्ता राहुल मेहरा ने दिल्ली हाईकोर्ट में कहा कि चीजें सही दिशा में जा रही हैं और मुख्यधारा में आने में समय लगेगा। हमें इसके लिए केंद्र और रेलवे को समय देना होगा। 

सॉलीसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को प्रधानमंत्री मोदी की कई मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी राज्यों को निर्देश दिया है कि ऑक्सीजन के मुक्त आवागमन में कोई बाधा न डालें और सभी राज्य इस पर सहमत हुए हैं। 

04:08 PM, 23-Apr-2021

ऑक्सीजन की कमी पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई

ऑक्सीजन की कमी को लेकर ब्रम हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड और बत्रा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे हैं। मामले पर सुनवाई हो रही है। ब्रम हेल्थकेयर ने अदालत से अनुरोध किया है कि 125 से 150 ऑक्सीजन सिलिंडर की आपूर्ति करने का निर्देश दिया जाए।

03:55 PM, 23-Apr-2021

रेल वैगन से पहुंचेगी ऑक्सीजन

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सुनीत शर्मा ने कहा है कि आंध्र प्रदेश, मध्यप्रदेश और दिल्ली जैसे राज्यों ने रेल वैगन के जरिए लिक्विड ऑक्सीजन को लाने-ले जाने का अनुरोध किया है। हम दिल्ली सरकार के साथ संपर्क में हैं। हमने उनसे कहा है कि अपने टैंकर तैयार रखें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए ‘प्राणवायु’ ले जा रही ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ 24 अप्रैल को लखनऊ पहुंचेगी। हालांकि, शर्मा ने कहा कि दिल्ली की ऑक्सीजन की मांग राउरकेला द्वारा पूरी किए जाने की संभावना है, जबकि आंध्र प्रदेश की मांग अंगुल, ओडिशा द्वारा पूरी किए जाने की संभावना है। ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ के प्रत्येक टैंकर में 16 टन ऑक्सीजन होती है।

03:53 PM, 23-Apr-2021

दिल्ली के डीआरडीओ कोविड सेंटर को मिलेंगे 250 बेड

दिल्ली कैंट में स्थित डीआरडीओ कोविड सेंटर को शुक्रवार की शाम तक 250 बेड और मिलेंगे। सेंटर में फिलहाल 250 बेड हैं।

03:43 PM, 23-Apr-2021

जायडस कैडिला की विराफिन के आपात उपयोग की मंजूरी

ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीजीसीआई) ने शुक्रवार को कोरोना के कम गंभीर मरीजों के इलाज के लिए जायडस कैडिला की विराफिन के आपात उपयोग की मंजूरी दे दी।
 

03:01 PM, 23-Apr-2021

11 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ पीएम मोदी की बैठक

प्रधानमंत्री मोदी उन 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं, जहां हाल ही में कोरोना के ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हर राज्य को यह सुनिश्चित करना है कि किसी दूसरे राज्य के लिए जा रहे ऑक्सीजन टैंकर को ना रोका जाए। उन्होंने राज्यों से अपील की कि वो अलग-अलग अस्पतालों में ऑक्सीजन ले जाने के लिए एक उच्च स्तरीय समन्वय समिति को गठित किया जाए। यह समिति सुनिश्चित करेगी कि जैसे ही केंद्र की ओर से ऑक्सीजन आवंटित हो, तुरंत उसका वितरण किया जाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑक्सीजन पहुंचाने के समय को कम करने की हर संभव कोशिश की जा रही है। इसके लिए रेलवे की ओर से ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाई जा रही है। वहीं वायु सेना की मदद के जरिए भी ऑक्सीजन सप्लाई की जा रही है।
 

02:54 PM, 23-Apr-2021

रायपुर पहुंची रमडेसिविर की 15 हजार वायल

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रेमडेसिविर की 15 हजार वायल आज रायपुर हवाई अड्डे पर पहुंची। जल्द ही इनका वितरण शुरू किया जाएगा।
 

02:52 PM, 23-Apr-2021

लखनऊ के लिए बोकारो से रवाना हुई ऑक्सीजन एक्सप्रेस की दूसरी ट्रेन

रेल मंत्रालय ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए ऑक्सीजन से भरे टैंकरों के साथ दूसरी ऑक्सीजन स्पेशन ट्रेन आज बोकारो से दोपहर डेढ़ बजे रवाना हो गई। रेल मंत्रालय ने जानकारी दी कि ये ऑक्सीजन एक्सप्रेस कल तक वहां पहुंच जाएगी। 
 

02:43 PM, 23-Apr-2021

पश्चिम बंगाल की ऑक्सीजन उत्तर प्रदेश भेज दी गई - ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हमारी ऑक्सीजन सप्लाई चेन को उत्तर प्रदेश भेज दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राज्यों में ऑक्सीजन की आपूर्ति जारी है, लेकिन हमें ऑक्सीजन कहां से मिलेगी?
 

02:31 PM, 23-Apr-2021

रांची: ऑटो चालक वैक्सीन लगवाने लोगों को देता है मुफ्त में सवारी की सुविधा

कोरोना महामारी के बीच रांची में एक ऑटो चालक उन लोगों को मुफ्त में सवारी दे रहा है, जो कोरोना की टीका लगवाने जा रहे हैं। ऑटो चालक ने बताया कि वो 15 अप्रैल से ये काम कर रहा है। मेरा नंबर सोशल मीडिया पर उपलब्ध है और लोग मदद के लिए फोन करते हैं।
 

02:20 PM, 23-Apr-2021

ऑक्सीजन उत्पादकों संग बैठक शुरू

देश में ऑक्सीजन की किल्लत के मद्देनजर पीएम मोदी आज ऑक्सीजन उत्पादकों के साथ बैठक कर रहे हैं। इस दौरान ऑक्सीजन की किल्लत दूर करने को लेकर चर्चा की जा रही है। 
 

02:07 PM, 23-Apr-2021

भारत को ऑक्सीन-रेमडेसिविर इंजेक्शन मुहैया कराएगा रूस

कोरोना के बढ़ते मामलों और मौत के आंकड़ों के बीच एक राहत की खबर सामने आई है। रूस ने भारत को ऑक्सीजन और रेमडेसिविर मुहैया कराने का प्रस्ताव रखा है। ऐसा बताया जा रहा है कि अगले 15 दिनों में इन दिनों की आयात की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। रूस ने कहा कि वो हर हफ्ते तीन से चार लाख रेमडेसिविर इंजेक्शन की आपूर्ति कर सकता है। इसे बाद में बढ़ाया भी जाएगा। 

01:32 PM, 23-Apr-2021

लखनऊ के दो अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई

लखनऊ के अस्पतालों में पुलिस सुरक्षा के बीच ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। एक ऑक्सीजन प्लांट मैनेजर ने कहा कि लखनऊ में ऑक्सीजन की कमी है, हमारे पास लिक्विड ऑक्सीजन नहीं है। सरकारी आदेश के मुताबिक हम सिर्फ लोकबंधु और बलरामपुर अस्पताल को ही ऑक्सीजन की सप्लाई कर रहे हैं। निजी उपभोक्ताओं को ऑक्सीजन नहीं दी जा रही है। 
 

01:28 PM, 23-Apr-2021

सर गंगाराम अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से 25 मरीजों की खबर गलत - चेयरमैन

सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन ने जानकारी दी कि ऑक्सीजन की कमी से होने वाली मौत वाली खबर झूठी है। अगर आईसीयू बिस्तरों में ऑक्सीजन प्रेशर कम हो जाता है, तो मरीज को मैन्यूली ऑक्सीजन दी जाती है। आईनोक्स ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से एनओसी जारी होने के बाद वो हमें हर दिन 9000-10,000 क्यूबिक मीट्रिक ऑक्सीजन देंगे।
 

01:25 PM, 23-Apr-2021

मध्यप्रदेश: जबलपुर में पांच कोविड मरीजों की मौत

मध्यप्रदेश के जबलपुर में गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती पांच कोविड मरीजों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों ने बताया कि ऑक्सीजन की कमी से उनके मरीजों की मौत हो गई। 
 

12:54 PM, 23-Apr-2021

केंद्र-राज्य को एक समान कीमत पर मिले वैक्सीन - भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीएम मोदी के साथ चल रही बैठक में सुझाव दिया कि केंद्र और राज्य को मिलने वाली वैक्सीन की कीमत एक होनी चाहिए। वहीं एक मई से 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को लगने वाली वैक्सीन के लिए कोरोना के टीके की उपलब्धता को लेकर राज्य सरकारों को एक्शन प्लान जारी करें। 
 

12:36 PM, 23-Apr-2021

केजरीवाल का भाषण समाधान के लिए नहीं बल्कि जिम्मेदारी से बचने के लिए था - सरकारी सूत्र

आज पीएम मोदी कोरोना की स्थिति को लेकर अहम बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी बात रखी। इस पर सरकारी सूत्रों का कहना है कि दिल्ली के सीएम ने इस मंच का इस्तेमाल राजनीति खेलने के लिए किया। सूत्रों ने कहा कि सीएम ने जानबूझकर वैक्सीन की कीमत पर झूठ बोला। सीएम केजरीवाल ने एयरलिफ्ट की बात कही लेकिन वो नहीं जानते कि ये पहले से हो रहा है। सरकारी सूत्रों ने कहा कि केजरीवाल नए निचले स्तर पर गिर गए हैं। उनका पूरा भाषण किसी समाधान के लिए नहीं बल्कि राजनीति खेलने और जिम्मेदारी से बचने के लिए था।
 

12:26 PM, 23-Apr-2021

पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्रियों की बैठक में इन मुद्दों पर हो रही है चर्चा

कोरोना से हालात बेकाबू होने के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे ज्यादा प्रभावित दस राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में ऑक्सीजन आपूर्ति, रेमडेसिविर जैसी आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता को लेकर चर्चो हो रही है। वहीं इससे पहले अधिकारियों के साथ पीएम मोदी ने बैठक की और उनसे रिपोर्ट मांगी कि हाल ही के दिनों में क्या कदम उठाए गए हैं। इस बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से अपील की कि वो ऑक्सीजन प्लांट का कंट्रोल सेना को सौंप दें। वहीं वैक्सीन की कीमत को लेकर भी इस बैठक में चर्चा हो रही है। 

12:09 PM, 23-Apr-2021

अगर ऑक्सीजन प्लांट नहीं तो क्या दिल्ली के लोगों को नहीं मिलेगी ऑक्सीजन - केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से बैठक में कहा कि राज्य में ऑक्सीजन की भारी कमी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर यहां ऑक्सीजन प्लांट नहीं है तो क्या दिल्ली के लोगों को ऑक्सीजन नहीं मिलेगी। केजरीवाल ने आगे कहा कि कृपया मुझे बताएं कि जब दिल्ली आने वाला ऑक्सीजन सिलिंडर दूसरे राज्य में रोक दिया जाए, तो केंद्र सरकार में इस संबंध में किससे बात की जाए।
 

12:06 PM, 23-Apr-2021

उत्तराखंड: सीएम ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

उत्तराखंड में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। 
 

12:03 PM, 23-Apr-2021

पश्चिम बंगाल: गृह सचिव की सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक

पश्चिम राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए गृह सचिव सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करने वाले हैं। इस बैठक में ऑक्सीजन सप्लाई चैन प्रबंधन पर ज्यादा जोर दिया जाएगा। 
 

11:11 AM, 23-Apr-2021

पश्चिम बंगाल सरकार ने छह सदस्यों की टास्क फोर्स का किया गठन, कोविड पर्यवेक्षकों की करेगी देखरेख

पश्चिम बंगाल सरकार ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में छह सदस्यों की उच्च स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है। कोविड समन्वयकों और पर्यवेक्षकों की गतिविधियों की देखरेख करने के उद्देश्य से इसका गठन किया गया है। 
 

10:52 AM, 23-Apr-2021

एमके स्टालिन ने चेन्नई में लोगों को बांटी कोरोना किट

तमिलनाडु में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने चेन्नई में लोगों को कोविड-19 किट बांटी। इस किट में मास्क, सैनिटाइजर और साबुन रख कर दिए हैं। इसके अलावा लोगों को काढ़ा भी दिया गया है। 
 

10:33 AM, 23-Apr-2021

दिल्ली: मैक्स स्मार्ट अस्पताल को मिली ऑक्सीजन

दिल्ली के साकेत में एसओएस भेजने के बाद मैक्स स्मार्ट सुपरस्पेशिलिटी अस्पताल को ऑक्सीजन की सप्लाई हो गई है। 
 

10:30 AM, 23-Apr-2021

पीएम मोदी के साथ बैठक में ऑक्सीजन और रेमडेसिविर को लेकर करेंगे चर्चा - राजेश टोपे

महाराष्ट्र के मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक में हम ऑक्सीजन, रेमडेसिविर, वैक्सीन की सप्लाई और विरार मामले पर चर्चा करेंगे। 
 

10:22 AM, 23-Apr-2021

10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ पीएम मोदी की बैठक शुरू

प्रधानमंत्री मोदी आज दस राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं। कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, केरल, गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक के मुख्यमंत्री शामिल हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
 

10:09 AM, 23-Apr-2021

सर गंगाराम अस्पताल में पहुंचे ऑक्सीजन टैंकर

दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी का मामला सामने आया था, जिसके बाद अस्पताल ने मदद की गुहार लगाई थी। अस्पताल में मचे हंगामे के बाद अब वहां ऑक्सीजन सिलिंडर की सप्लाई हो गई है। मदद की गुहार लगाने के बाद वहां ऑक्सीजन टैंकर पहुंचे।
 

09:52 AM, 23-Apr-2021

कोरोना: बीते 24 घंटे में सामने आए 3.32 लाख से ज्यादा मामले

देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले सभी रिकॉर्ड तोड़ रहे है। शुक्रवार को देश में कोरोना वायरस के 3.32 लाख से ज्यादा मामले सामने आए। जबकि 2,263 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम ही तोड़ दिया। संक्रमित मरीजों की संख्या ज्यादा आने की वजह से सक्रिय मामले भी बढ़ रहे हैं। मौजूदा समय में देश में 24,28,616 लोगों का इलाज चल रहा है। 
 

09:02 AM, 23-Apr-2021

ऑक्सीजन टैंकों को ले जा रही वायु सेना

देश के अलग-अलग हिस्सों में ऑक्सीजन सप्लाई करने के लिए भारतीय वायु सेना की ली गई मदद। कई जगहों पर ऑक्सीजन टैंकों की आपूर्ति की जाएगी। 
 

08:48 AM, 23-Apr-2021

बेल्जियम में मिला भारत में पाए जाने वाला वेरिएंट

दुनिया में कोरोना का कहर तेजी से फैल रहा है। भारत में पाए जाने वाला वेरिएंट अब बेल्जियम में पाया गया है। बेल्जियम के स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है।

08:43 AM, 23-Apr-2021

दिल्ली: सर गंगाराम अस्पताल में दो घंटे के लिए बची ऑक्सीजन

दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के डायरेक्टर-मेडिकल ने बताया कि बीते 24 घंटे में 25 बीमार मरीजों की मौत हुई। अगले दो घंटे तक ही अस्पताल में ऑक्सीजन की सप्लाई रहेगी। अस्पताल में मौजूद वेंटिलेटर प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि ऑक्सीजन तत्काल आवश्यकता है। अस्पताल में 60 और मरीजों की जान जोखिम में है।
 

08:28 AM, 23-Apr-2021

अपने कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने के लिए रिलायंस चलाएगी खुद का वैक्सीनेशन कार्यक्रम

रिलायंस इंड्रस्टी लिमिटेड ने एक बयान जारी कर सूचना दी कि कंपनी अपने कर्मचारियों और उनके परिवार वालों को वैक्सीन लगवाएगी। इसके लिए कंपनी आर-सुरक्षा नाम से अपना खुद का वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाएगी। इस कार्यक्रम के तहत 18 साल से ऊपर के सभी योग्य लोगों को वैक्सीन दी जाएगी।
 

08:10 AM, 23-Apr-2021

बंगाल में कोरोना का ट्रिपल म्यूटेंट

देश में कोरोना जिस गति से फैल रहा है, ऐसा दुनिया के किसी भी देश में नहीं देखा गया। इसी बीच पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस का ट्रिपल म्यूटेंट मिला है। ऐसा बताया जा रहा है कि ये म्यूटेंट दूसरे स्ट्रेन से ज्यादा खतरनाक है। जानकारों ने बताया कि इसमें E484K म्यूटेंट के पाए जाने से चिंता बढ़ सकती है। जैसा कि नाम से ज्ञात होता है कि ट्रिपल म्यूटेशन वेरिएंट, वो वेरिएंट होते हैं, जिनमें वायरस के तीन म्यूटेंट एक साथ जुड़कर नया वेरिएंट बनाते हैं। इस मामले में ये तीन म्यूटेंट हैं...
  1. स्पाइक प्रोटीन में एक विलोपन और दो परिवर्तन
  2. H146 और Y145 का विलोप
  3. स्पाइक प्रोटीन में E484K और D614G में म्यूटेशन
इस ट्रिपल म्यूटेंट को B.1.618 के नाम से जाना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि वायरस की तीसरा म्यूटेंट, पहले से मौजूद म्यूटेंट से ज्यादा खतरनाक है। जानकारों का मानना है कि वैक्सीन प्रभावशीलता पर इस नए वेरिएंट का असर पड़ सकता है। क्योंकि इस नए वेरिएंट में मुख्य म्यूटेशन है, जिसे E484K म्यूटेंट कहा जाता है। ये म्यूटेंट वायरस को प्रतिरक्षा प्रणाली में विकसित होने में मदद करता है।

08:07 AM, 23-Apr-2021

महाराष्ट्र: विरार में कोविड केयर सेंटर में लगी आग, 13 मरीजों की मौत

महाराष्ट्र के विरार में एक कोविड केयर सेंटर में आग लग गई, इस हादसे में 13 मरीजों की मौत हो गई। ये हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ। विरार के विजय वल्लभ कोविड केयर सेंटर से 21 मरीज, जिनकी हालत गंभीर है, उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। 
 

07:58 AM, 23-Apr-2021

Corona Live: महाराष्ट्र में 66 हजार से ज्यादा मामले, बंगाल में आंकड़ा रहा 12876

देश में कोरोना वायरस की दूसरी का कोहराम अब बढ़ता जा रहा है। चारों ओर से मदद की गुहार लग रही है औऱ जनता अपने स्तर से ही जनता की मदद कर रही है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 3.15 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जो अबतक का सर्वाधिक आंकड़ा है। वहीं देश में ऑक्सीजन की किल्लत है और ऑक्सीजन की सप्लाई को लेकर अस्पतालों में हाहाकार मचा हुआ है। इधर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए बंगाल में सभी रैलियों को रद्द कर दिया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें