फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona in India Live: तमिलनाडु में 15830 नए मामले सामने आए, 77 मौतें

Wed, 28 Apr 2021 01:57 AM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर फैली हुई है, जो खतरनाक तरीके से संक्रमण फैला रही है। पिछले कई दिनों में देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले तीन लाख से ज्यादा आ रहे हैं और दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है। हालांकि मंगलवार को कोरोना के दैनिक मामलों में हल्की गिरावट देखी गई है। बीते 24 घंटे में 3.23 लाख से ज्यादा मामले दर्ज हुए। इधर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला का कोरोना से निधन हो गया है। रेलवे ने अभी तक 450 टन की ऑक्सीजन सप्लाई की। ऑस्ट्रेलिया ने भारत से सभी उड़ानों को 15 मई तक रद्द कर दिया है। ऑक्सीजन की कमी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई। गुजरात में और नौ शहरों में लगाया गया कर्फ्यू। कोरोना से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़ें...
विज्ञापन
कोरोना का कहर - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:55 AM, 28-Apr-2021

तमिलनाडु में 15830 नए मामले सामने आए

तमिलनाडु में 27 अप्रैल को कोरोना के 15,830 नए मामले सामने आए, 14,043 डिस्चार्ज किए गए और 77 मौतें दर्ज की गईं। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 1,08,855 है।

12:44 AM, 28-Apr-2021

इस्राइल के राजदूत बोले- मदद के लिए कई संगठनों के साथ कर रहे हैं काम

भारत में इस्राइल के राजदूत रॉन मलका ने कहा कि 'हमारा दिल भारत के लोगों के साथ है। इस्राइल का विदेश मंत्रालय और भारत में इस्राइल का दूतावास भारत के लोगों को कोरोना से लड़ने में मदद के लिए कई संगठनों के साथ काम कर रहे हैं। इसमें निजी क्षेत्र, रक्षा कंपनियों और आम जनता के योगदान शामिल होंगे, सभी भारत की मदद करने के लिए हाथ मिला रहे हैं।'
 
 

12:33 AM, 28-Apr-2021

आईटीबीपी कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा, क्षमता कम

आईटीबीपी ने बताया कि भर्ती की मांग करने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा है, लेकिन हमारी क्षमता ऑक्सीजन की आपूर्ति को लेकर सीमित है। धीरे-धीरे केंद्र की क्षमता बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।

विज्ञापन
12:16 AM, 28-Apr-2021

आईटीबीपी के कोविड-19 सेंटर में 149 मरीजों को किया गया भर्ती

आईटीबीपी ने बताया कि छतरपुर के सरदार पटेल कोविड-19 केयर सेंटर में 149 मरीजों को मंगलवार शाम तक भर्ती किया है। सभी मरीजों को निर्बाध ऑक्सीजन की आवश्यकता है, ऐसे में दिल्ली सरकार से ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ाने का अनुरोध किया गया है ताकि ज्यादा मरीजों का यहां भर्ती किया जाए।

11:58 PM, 27-Apr-2021

छत्तीसगढ़ में 14893 नए मामले सामने आए

छत्तीसगढ़ में में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 14,893 नए मामले सामने आए हैं, 236 की मौत हुई और 14,434  मरीज स्वस्थ हुए हैं। 
 

विज्ञापन
10:48 PM, 27-Apr-2021

दिल्ली में 24,149 मामले सामने आए, 381 की मौत

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 24,149 मामले सामने आए, 381 की मौत हुई, 17,862 मरीज स्वस्थ भी हुए। 
 
 

10:11 PM, 27-Apr-2021

मध्यप्रदेश सरकार ने कहा- ऑक्सीजन की आपूर्ति जारी है

मध्यप्रदेश में वायु, रेल और सड़क तीनों मार्गों से ऑक्सीजन की पूर्ति हो रही है। हमें आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन प्राप्त हो रही है। प्रदेश में 6 प्लांट में ऑक्सीजन उत्पादन शुरू हो गया है। रिकवरी रेट 85% है, संक्रमण दर काबू में आती जा रही है: मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री नरोत्तम मिश्रा

09:02 PM, 27-Apr-2021

महाराष्ट्र में कोरोना का तांडव

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर लगातार जारी है। बीते 24 घंटे में 66,358 नए मामले सामने आए हैं और 895 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 67,752 लोग स्वस्थ भी हो गए।

 

09:01 PM, 27-Apr-2021

विशिष्ट दिशानिर्देशों और रणनीतियों को ठीक से लागू करने की आवश्यकता: पीएम मोदी

मेडिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर और कोरोना प्रबंधन पर काम कर रहे सशक्त समूह ने पीएम को बेड / सीयूएस की उपलब्धता को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। पीएम ने जोर देकर कहा कि कोविद प्रबंधन के संबंध में विशिष्ट दिशानिर्देशों और रणनीतियों को ठीक से लागू करने की आवश्यकता है। वहीं संचार पर काम करने वाले सशक्त समूह ने लोगों में जागरूकता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में पीएम मोदी को सूचित किया। पीएम को ऑक्सीजन टैंक के परिवहन के लिए वायूसेना द्वारा शुरू की गई ऑक्सीजन एक्सप्रेस, घरेलू सॉर्ट और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कामकाज के बारे में जानकारी दी गई।

08:58 PM, 27-Apr-2021

पीएसए ऑक्सीजन संयंत्रों को जल्द से जल्द शुरू करें: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पीएसए ऑक्सीजन संयंत्रों को जल्द से जल्द शुरू करने के लिए राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम करें। वहीं अधिकारियों ने पीएम को यह भी अवगत कराया कि वे राज्यों को पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

08:56 PM, 27-Apr-2021

कोरोना संकट को लेकर पीएम मोदी ने फिर बुलाई बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश में कोरोना संकट के कारण उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान अधिकारियों ने पीएम मोदी को देश में ऑक्सीजन की उपलब्धता और आपूर्ति में तेजी लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे जानकारी दी।

08:32 PM, 27-Apr-2021

मुंबई में बीते 24 घंटों में कोरोना के 4014 मामले

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना के 4014 मामले सामने आए हैं और 59 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 8240 लोग स्वस्थ भी हुए।

 

08:27 PM, 27-Apr-2021

भूटान भारत को करेगा ऑक्सीजन सप्लाई

भूटान अपने मोटंगा इंडस्ट्रियल एस्टेट से कुछ दिनों के भीतर भारत को तरल ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू कर देगा।

08:00 PM, 27-Apr-2021

कर्नाटक में बीते 24 घंटे में कोरोना के 31,830 मामले 

कर्नाटक में बीते 24 घंटे में कोरोना के 31,830 मामले सामने आए हैं और 180 मौतें हो गईं हैं। इस दौरान 10,793 लोग स्वस्थ भी हो गए। राज्य में वर्तमान में कुल 14,00,775 मामले हो गए हैं।

07:55 PM, 27-Apr-2021

गुजरात में पिछले 24 घंटे में 14352 नए मामले सामने आए

गुजरात में पिछले 24 घंटे में 14352 नए मामले सामने आए हैं और 170 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 7,803 लोग स्वस्थ भी हो गए।

 

07:20 PM, 27-Apr-2021

मध्यप्रदेश में 13417 तो राजस्थान में 16089 कोरोना के मामले आए सामने

मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में 13417 मामले सामने आए और 98 लोगों की मौत हो गई। वहीं राजस्थान में बीते 24 घंटे में कोरोना के 16,089 नए मामले सामने आए हैं और 121 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अभी 1,55,182 सक्रिय मामले बने हुए हैं।

07:15 PM, 27-Apr-2021

पीएम मोदी की चाची नर्मदाबेन का कोरोना से निधन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चाची नर्मदाबेन मोदी का कोराना संक्रमण के चलते निधन हो गया। बताया जा रहा है कि अहमदाबाद के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। काफी मशक्कत के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।
 

06:38 PM, 27-Apr-2021

राजस्थान में बीते 24 घंटे में कोरोना के 16089 नए मामले 

राजस्थान में बीते 24 घंटे में कोरोना के 16,089 नए मामले सामने आए हैं और 121 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अभी 1,55,182 सक्रिय मामले बने हुए हैं।

06:31 PM, 27-Apr-2021

महाराष्ट्र के नागपुर में बीते 24 घंटे में कोरोना के 6287 नए मामले

महाराष्ट्र के नागपुर में बीते 24 घंटे में कोरोना के 6287 नए मामले सामने आए हैं और 101 लोगों की मौत भी हुई। इस दौरान 6883 लोग डिस्चार्ज भी हुए।

06:27 PM, 27-Apr-2021

गुरुग्राम और फरीदाबाद में दिल्ली के 70 फीसदी मरीज :अनिल विज

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि गुरुग्राम और फरीदाबाद में लगभग 70 फीसदी मरीज दिल्ली से आए हैं। अब रोहतक, करनाल और अंबाला तक भी दिल्ली के मरीज आ रहे हैं, हम उनका इलाज कर रहे हैं। हमने सभी जिलों के उपायुक्तों को कहा है कि हर जिले में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जाए।

06:20 PM, 27-Apr-2021

महिला कोरोना मरीज ने कूदकर दी जान

महाराष्ट्र में इस महीने की शुरुआत में पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई एक महिला  कोरोना मरीज ने मंगलवार को पुणे के ससून जनरल अस्पताल की 8 वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी।

05:55 PM, 27-Apr-2021

केरल में बीते 24 घंटे में प्रदेश में 32,819 नए मामले

केरल में कोरोना का कहर लगातार जारी है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 32,819 नए मामले सामने आए हैं और 32 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में अभी भी 2,47,181 सक्रिय मरीज हैं।  

05:51 PM, 27-Apr-2021

यूरोपीय आयोग ने कहा भारत को ऑक्सीजन, दवा और उपकरण' की आपूर्ति जल्द होगी

यूरोपीय आयोग का कहना है कि आने वाले दिनों में यूरोपीय संघ के सदस्य देशों द्वारा 'तत्काल ऑक्सीजन, दवा और उपकरण' की आपूर्ति भारत में की जाएगी।

 

05:39 PM, 27-Apr-2021

हॉकी अंपायर मैनेजर वीरेंद्र सिंह की कोविड के कारण मौत

भारतीय हॉकी के अंपायर्स मैनेजर वीरेंद्र सिंह का कोविड-19 से जुड़ी जटिलताओं के कारण निधन हो गया है। वह 47 साल के थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोमवार को अंतिम सांस ली। वीरेंद्र ने अंपायरों के मैनेजर के रूप में कई अखिल भारतीय टूर्नामेंट और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लिया। उनका काम मैचों के लिये सर्वश्रेष्ठ अंपायरों का चयन करना था। इसके अलावा वह रेलवे में कार्यरत थे। हॉकी इंडिया ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

05:38 PM, 27-Apr-2021

महाराष्ट्र में 20 मई के बाद ही होगी वैक्सीन की आपूर्ति: सीरम 

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने महाराष्ट्र सरकार को सूचित किया है कि वह 20 मई के बाद ही कोविशिल्ड वैक्सीन की आपूर्ति कर सकती है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इसकी जानकारी दी है।

05:06 PM, 27-Apr-2021

अगर आपसे मामला नहीं संभल रहा तो केंद्र को देंगे जिम्मेदारी: दिल्ली हाईकोर्ट

दिल्ली हाईकोर्ट ने केजरीवाल सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि आपसे अगर मामला नहीं संभल रहा तो केंद्र सरकार के अधिकारी को यह जिम्मेदारी देंगे। हाईकोर्ट ने कहा कि दिल्ली सरकार को ऑक्सीजन के डिस्ट्रिब्यूशन के लिए ही नहीं ऑक्सीजन सिलेंडर्स के लिए भी कमर कसनी चाहिए। 

04:40 PM, 27-Apr-2021

कोरोना से निपटने के लिए रेलवे ने बनाए 4000 कोविड देखभाल कोच

रेल मंत्रालय ने लगभग 4,000 कोविड देखभाल कोच बनाए हैं। इनमें लगभग 64,000 बेड राज्यों के इस्तेमाल के लिए तैयार हैं। मंत्रालय ने कहा है कि वर्तमान में 169 कोच विभिन्न राज्यों को इस्तेमाल के लिए सौंप दिए गए हैं।

04:34 PM, 27-Apr-2021

इस संकट की घड़ी में गिद्ध न बनें : दिल्ली हाईकोर्ट

दिल्ली में ऑक्सीजन और रेमडेसिविर जैसी दवाइयों की कालाबाजारी पर दिल्ली हाईकोर्ट ने फटकार लगाते हुए कहा है कि इस संकट की घड़ी में गिद्ध न बनें।

 

04:18 PM, 27-Apr-2021

दिल्ली हाईकोर्ट ने ऑक्सीजन रिफिलर्स के खिलाफ कार्रवाई करने के दिए आदेश

दिल्ली हाईकोर्ट ने केजरीवाल सरकार को उन ऑक्सीजन रिफिलर्स के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है जो सही समय पर सप्लाई नहीं दे रहे हैं। अदालत का आदेश तब आया जब दिल्ली हार्ट एंड लंग इंस्टीट्यूट द्वारा बताया गया कि वे ऑक्सीजन की कमी का सामना कर रहे हैं और संबंधित नोडल अधिकारी असहाय है। 

03:23 PM, 27-Apr-2021

मोहाली के एक स्कूल में 45 लोग कोरोना पॉजिटिव

पंजाब के मोहाली में कोरोना वायरस का विस्फोट हुआ है। तंगौरी के एक स्कूल में 45 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसमें 42 छात्र शामिल हैं। पॉजिटिव मरीजों को कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया है और कुछ को घर पर ही आइसोलेट किया गया है। 
 

03:07 PM, 27-Apr-2021

असम: कामरूप जिले में 11 मई तक बंद रहेंगे सभी शैक्षणिक संस्थान

असम के कामरूप महानगर जिला ने आदेश दिया है कि कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 11 मई तक सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। 
 

03:02 PM, 27-Apr-2021

बिहार: पटना में ऑक्सीजन प्लांट के बाहर लंबी लाइन में इंतजार कर रहे लोग

बिहार की राजधानी पटना में ऑक्सीजन प्लांट के बाहर कोरोना मरीज के परिवार के सदस्य इंतजार में खड़े रहे। ऑक्सीजन प्लांट के एक कर्मचारी का कहना है कि पटना में ऑक्सीजन की मांग बहुत तेज है और हम उनकी मांग पूरी नहीं कर पा रहे हैं। 
 

02:45 PM, 27-Apr-2021

एक मई से वैकसीनेशन का तीसरा चरण होगा शुरू लेकिन वैक्सीन की आपूर्ति पर ज्यादा जोर

मुबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि मुंबई में सभी वैक्सीनेशन केंद्र बने हुए हैं लेकिन सवाल ये पैदा होता है कि क्या इन्हें पर्याप्त वैक्सीन मिलेगी। एक मई से 18 साल से उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगेगी लेकिन वैक्सीन की आपूर्ति को देखना होगा। 
 

02:33 PM, 27-Apr-2021

भारतीयों के प्रति ताइवान की राष्ट्रपति ने जाहिर की चिंता, कहा - हर संभव मदद करने को तैयार

ताइवान की राष्ट्रपति ने भारत के बढ़ते कोरोना मामलों के मद्देनजर कहा कि ताइवान के लोगों की ओर से मैं भारत में कोरोना से जंग के खिलाफ लड़ रहे लोगों से प्रति चिंता व्यक्त करती हूं। इस संकट की घड़ी में ताइवान, भारत के साथ खड़ा है और हम हर संभव मदद देने के लिए तैयार हैं। 
 

02:25 PM, 27-Apr-2021

असम में एक मई तक लगा नाइट कर्फ्यू

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए असम सरकार ने एक मई तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। ये नाइट कर्फ्यू रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगा। 
 

02:10 PM, 27-Apr-2021

वाराणसी के अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलिंडर की मांग बढ़ी

बनारस के बहुत से अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलिंडर की मांग बढ़ गई है। एक ऑक्सीजन प्लांट के प्रबंधक ने बताया कि हर दिन 1500-2000 फोन आते हैं। हम क्षमता के मुताबिक काम कर रहे हैं। 1400 सिलेंडर का उत्पादन हर दिन हो रहा है।आम दिनों की तुलना में मांग चार से पांच गुना बढ़ गई है।
 

01:59 PM, 27-Apr-2021

निजी अस्पतालों, लैब में कोविड-19 के इलाज की कीमत एक समान करने के लिए केरल हाईकोर्ट में दायर की याचिका

केरल हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई है, जिसमें निजी अस्पताल, लैब और डायगनोस्टिक सेंटर पर कोविड के इलाज की कीमत एक समान करने की मांग की गई है।
 

01:49 PM, 27-Apr-2021

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को प्रियंका गांधी ने लिखी चिट्ठी

प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई में कुछ सुझाव दिए हैं। प्रियंका गांधी ने राज्य में ज्यादा टेस्ट और ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने पर जोर देने को कहा है। 
 

01:45 PM, 27-Apr-2021

महाराष्ट्र ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन टैंकर, ऑक्सीन प्लांट समेत कई दूसरे उपकरणों के लिए मंगाए वैश्विक टेंडर

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे का कहना है कि हमने 40 हजार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 132 ऑक्सीजन प्लांट, 25,000 मीट्रिक लिक्विड ऑक्सीजन, 10 लाख रेमडेसिविर वायल और लगभग 15 ऑक्सीजन टैंकर के लिए वैश्विक टेंडर मंगाए हैं। इसके लिए हमने एक सशक्त कमिटी तैयार की है। 
 

01:43 PM, 27-Apr-2021

दिल्ली में एम्स में भर्ती हुआ छोटा राजन

गैंगस्टर छोटा राजन को 25 अप्रैल को दिल्ली के एम्स में भर्ती किया गया। 
 

01:41 PM, 27-Apr-2021

फ्रांस से मंगाए 21 तैयार ऑक्सीजन प्लांट - दिल्ली सीएम

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बैंकॉक से 18 ऑक्सीजन टैंकर मंगाए गए हैं, जो कल से आने शुरू हो जाएंगे। इसके अलावा फ्रांस से 21 तैयार ऑक्सीजन प्लांट आयात किए गए हैं। इन्हें अलग-अलग अस्पतालों में लगाया जाएगा।
 

01:37 PM, 27-Apr-2021

हरियाणा के सीएम का बड़ा बयान, बोले - मृतकों की संख्या पर बहस करने का कोई फायदा नहीं

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि इस संकट में हमे डाटा के साथ नहीं खेलना है। हमें देखना चाहिए कि लोग कोरोना वायरस से कैसे रिकवर कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जिसकी मृत्यु हो गई है, तो उसके लिए शोर मचाने से वो वापस नहीं आएगा। मृतकों की संख्या पर बहस करने से कोई फायदा नहीं होगा। 
 

01:07 PM, 27-Apr-2021

मुंबई: पुलिसकर्मियों को डबल मास्क और फेस शील्ड पहनने के निर्देश

मुंबई पुलिस कमिश्नर ने मुंबई के ड्यूटी पर तैनात और फील्ड पर काम कर रहे पुलिसकर्मियों को डबल मास्क और फेस शील्ड पहनने की सलाह दी है। मुंबई पुलिस पीआओर ने इसकी जानकारी दी।
 

12:42 PM, 27-Apr-2021

ऑक्सीजन की कमी के मुद्दे पर स्वतः संज्ञान लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट में ऑक्सीजन की किल्लत के मुद्दे पर सुनवाई हो रही है। कोर्ट इस मुद्दे पर स्वतः संज्ञान लेकर सुनवाई कर रहा है। न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि जब जरूरत पड़ेगी तो सुप्रीम कोर्ट कदम उठाएगा। इस पर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि सरकार बहुत सावधानीपूर्वक स्थिति को संभाल रही है। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि राष्ट्रीय संकट के समय कोर्ट मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकता।
 

12:29 PM, 27-Apr-2021

गुजरात: कर्फ्यू की अवधि बढ़ाई, पांच मई तक अब 29 शहरों में जारी रहेगी सख्ती

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने राज्य में नौ और शहरों में सख्त कर्फ्यू का एलान कर दिया है। इससे पहले 20 शहरों में ही कर्फ्यू था, अब 29 शहरों में कर्फ्यू का एलान किया गया है। रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा। इस दौरान सभी आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। ये फैसला 28 अप्रैल से शुरू होगा और पांच मई तक जारी रहेगा। वहीं मॉल, रेस्त्रां, बार, स्वीमिंग पूल, जिम जैसी सभी गैर जरूरी सेवाएं निलंबित रहेंगी।
 

12:22 PM, 27-Apr-2021

तेलंगाना: एक दिन में सामने आए 1,021 नए मरीज

पुडुचेरी में बीते 24 घंटे में 1,021 नए मामले सामने आए हैं और 13 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ दिया है।
 

12:19 PM, 27-Apr-2021

मध्यप्रदेश: तीन साल से बंद ऑक्सीजन प्लांट को दोबारा खोला गया

मध्यप्रदेश के धार में एक ऑक्सीजन प्लांट को दोबारा खोलने का फैसला लिया गया है। ये प्लांट पिछले तीन साल से बंद था। प्लांट प्रमुख ने कहा कि 150 लोगों ने इस प्लांट में काम किया और मात्र चार दिन में शुरू कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि कल का परसो तक ऑक्सीजन का उत्पादन शुरू हो जाएगा। 
 

12:10 PM, 27-Apr-2021

कोविड ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवार को मिलेगा 50 लाख रुपये मुआवजा

मध्यप्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कोविड ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को राज्य सरकार 50 लाख रुपये का मुआवजा देगी। इसके अलावा केंद्रीय कल्याण फंड से एक लाख रुपये दिया जाएगा। 
 

12:04 PM, 27-Apr-2021

दिल्ली में 10 मई तक तैयार होंगे 1,200 बेड

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में सभी आईसीयू बेड व्यस्त हैं। रामलीला मैदान और जीटीबी अस्पताल के पास मैदान में तैयार किए जा रहे कोविड केयर सेंटर पर 500-500 बिस्तर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दस मई तक दिल्ली में 1,200 आईसीयू बिस्तर तैयार किए जाएंगे।
 

11:55 AM, 27-Apr-2021

महाराजा अग्रसेन अस्पताल के वकील दिल्ली हाईकोर्ट में हुए पेश

महाराजा अग्रेसन अस्पताल की ओर से पेश वकील आलोक अग्रवाल ने दिल्ली हाईकोर्ट को दिल्ली सरकार के आदेश के बारे में जानकारी दी। आदेश के मुताबिक, सभी इमरजेंसी मरीजों को 10-15 मिनट में देखना होगा और उन्हें ऑक्सीजन और दवाइयां देनी होंगी। 
 

11:43 AM, 27-Apr-2021

स्टरलाइट प्लांट को दोबारा शुरू करने को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

कोरोना मरीजों के इलाज के लिए ऑक्सीजन के उत्पादन के लिए वेदांता के स्टरलाइट प्लांट को दोबारा शुरू करने को लेकर दायर की गई याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई हो रही है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि यहां से उत्पादित ऑक्सीजन केंद्र को दी जानी चाहिए, ताकि वो राज्यों को आवंटित करे। 
 

11:28 AM, 27-Apr-2021

दिल्ली के सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ने स्पेशल कोविड केयर सेंटर का किया दौरा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने जीटीबी अस्पताल के पास बने स्पेशल कोविड केयर सेंटर का दौरा किया। 
 

10:58 AM, 27-Apr-2021

15 मई तक ऑस्ट्रेलिया ने भारत से आने वाली सभी सीधी उड़ानों को किया रद्द

देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच ऑस्ट्रेलिया सरकार ने भारत से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को रद्द करने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया सरकार ने 15 मई तक सभी उड़ानें निलंबित करने का एलान किया है। 
 

10:30 AM, 27-Apr-2021

मुंबई: रेमडेसिविर की कालाबाजारी कर रहे पांच लोग गिरफ्तार

मुंबई के गोरेगांव में रेमेडिसिविर दवा की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। गोरेगांव के होटल की रसोई से मुंबई क्राइम ब्रांच ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जो रेमडेसिविर की कालाबाजारी कर रहे थे। इनके पास से 26 वायल जब्त की गई हैं। ये लोग एक वायल को 20,000-25,000 रुपये में बेच रहे थे। 
 

10:26 AM, 27-Apr-2021

आज सुबह देश में 450 टन ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई - रेलवे

भारतीय रेलवे जानकारी दी कि आज सुबह तक देश में 450 टन ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा चुकी है। वहीं छह लोडेड टैंकर रास्ते में हैं, जो बोकारो से जबलपुर और मंडीदीप पहुंचाई जाएगी। 
 

10:23 AM, 27-Apr-2021

झारखंड के बोकारो से मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुई ऑक्सीजन एक्सप्रेस

मध्यप्रदेश में ऑक्सीजन की सप्लाई करने के लिए झारखंड के बोकारो से ऑक्सीजन एक्सप्रेस रवाना हुई। 
 

10:22 AM, 27-Apr-2021

तेलंगााना: बीते 24 घंटे में मिले 10,122 नए मरीज, 52 मरीजों की मौत

तेलंगाना में कोरोना के दैनिक मामलों में तेजी आ रही है। बीते 24 घंटे में तेलंगाना में दस हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं और 52 मरीजों की जान गई है। 
 

10:17 AM, 27-Apr-2021

गिलियड ने देश में रेमडेसिविर की उपलब्धता बढ़ाने की घोषणा की

अमेरिका की बायोफार्मास्यूटिकल कंपनी ने कोविड-19 मरीजों के उपचार में इस्तेमाल की जाने वाली रेमडेसिविर दवा की उपलब्धता भारत में बढ़ाने के लिए कदम उठाने की घोषणा की है। गिलियड साइंसेज की मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी जोहाना मर्सीयर ने कहा कि भारत में हाल में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि का लोगों पर बहुत बुरा असर पड़ा है और इसने स्वास्थ्य प्रणाली पर अप्रत्याशित दबाव पैदा किया है। कंपनी ने घोषणा की कि वह अपने स्वैच्छिक लाइसेंसिंग भागीदारों को तकनीकी सहायता प्रदान करेगी और नए स्थानीय उत्पादक कंपनियों को जोड़ने तथा रेमडेसिविर का उत्पादन तेजी से बढ़ाने के लिए सक्रिय दवा सामग्री (एपीआई) देने का समर्थन करेगी। कंपनी ने कहा कि गिलियड भारतीय मरीजों की तत्काल मदद के लिए वेकलरी (रेमडेसिविर) की 450,000 शीशियां दान में देगी।

10:12 AM, 27-Apr-2021

ब्रिटेन-यूरोप जैसी स्थिति का सामना कर रहा है भारत - द.अफ्रीकी स्वास्थ्य मंत्री

दक्षिण अफ्रीका के स्वास्थ्य मंत्री ज्वेली मखीजे ने कहा कि भारत में रोजाना बड़ी संख्या में संक्रमण के मामले सामने आने से कोविड-19 का वैसा ही संकट खड़ा हो गया है, जैसा दुनिया के दूसरे हिस्सों में पहले देखा जा चुका है। उन्होंने कहा, 'भारत जिस स्थिति का सामना कर रहा है, ब्रिटेन और यूरोपीयीय देशों के साथ भी ठीक वैसी ही समस्या थी।' उन्होंने कहा, 'हमने अपने देश में बिना किसी टीके के दूसरी लहर का सामना किया और ऐहतियाती उपायों (मास्क और भौतिक दूरी) के दम पर मामलों की संख्या काबू में रखने में कामयाब रहे।'

09:52 AM, 27-Apr-2021

कोरोना के दैनिक मामलों में हल्की गिरावट, बीते 24 घंटे में सामने आए 3.23 लाख से ज्यादा मामले

रोजाना कोरोना के बढ़ते मामलो ंके बीच मंगलवार को दैनिक मामलों में थोड़ी राहत देखी गई है। मंगलवार को कोरोना के दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में देश में 3.23 लाख मामले सामने आए और 2,771 मरीजों की मौत हुई है। वहीं ढाई लाख से ज्यादा लोग एक दिन में ठीक हुए हैं। 
 

09:45 AM, 27-Apr-2021

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद करुणा शुक्ला का कोरोना से निधन

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता करुणा शुक्ला का कल रात छत्तीसगढ़ के एक अस्पताल में निधन हो गया। बता दें कि करुणा शुक्ला का छत्तीसगढ़ में इलाज चल रहा था।
 

09:14 AM, 27-Apr-2021

सोमवार को 16,58,700 लोगों का हुआ कोरोना टेस्ट - आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, सोमवार को देश में 16,58,700 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया। वहीं 26 अप्रैल तक देश में 28,09,79,877 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। 
 

08:36 AM, 27-Apr-2021

छत्तीसगढ़ से दिल्ली पहुंची ऑक्सीजन एक्सप्रेस

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से ऑक्सीजन से भरे टैंकर लेकर ऑक्सीजन एक्सप्रेस दिल्ली कैंट पहुंचे। रायगढ़ के जिंदल प्लांट से ये ऑक्सीजन टैंकर भेजे गए हैं, जो दिल्ली के कई अस्पतालों में पहुंचाए जाएंगे। 
 

08:15 AM, 27-Apr-2021

महाराष्ट्र: एक मई जारी रहेगी सख्ती

महाराष्ट्र में राज्यव्यापी सख्त लॉकडाउन एक मई तक जारी रहेगा। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने फैसला लिया। 
 

08:06 AM, 27-Apr-2021

ओडिशा: भुवनेश्वर में सड़क पर रहने वाले बच्चों को शिक्षा और खाने की सुविधाएं दी जा रही

ओडिशा में भारतीय पर्यटन वित्त निगम ने एक एनजीओ के साथ मिलकर एक पहल शुरू की है, जिसके तहत भुवनेश्वर में सड़क पर रहने वाले छोटे बच्चों को कोविड शिक्षा, खाना, मेडिकल सेवाएं और आवश्यक समर्थन मुहैया करा रहा है। 
 

07:56 AM, 27-Apr-2021

ब्रिटेन से भारत पहुंचे 100 वेंटिलेटर और 95 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर

भारतीय विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि यूनाइटेड किंगडम से आज सुबह 100 वेंटिलेटर और 95 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भारत पहुंचे। 
 

07:46 AM, 27-Apr-2021

Corona Live: तमिलनाडु में 15830 नए मामले सामने आए, 77 मौतें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर फैली हुई है, जो खतरनाक तरीके से संक्रमण फैला रही है। देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों ने अमेरिका को भी पछाड़ दिया है। पिछले कई दिनों में देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले तीन लाख से ज्यादा आ रहे हैं और दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है। वहीं देश में ऑक्सीजन जैसी जरूरी चीजों की कमी देखी जा रही है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश का स्वास्थ्य सिस्टम चरमरा गया है और सोशल मीडिया नया राष्ट्रीय हेल्पलाइन केंद्र बन गया है। हालांकि सख्त कर्फ्यू और आंशिक लॉकडाउन का असर देखने को मिल रहा है। मुंबई में कई दिनों बाद दैनिक मामले चार हजार से कम आए हैं। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें