फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Update : छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में 5818 नए मामले सामने आए, 31 की मौत

Sun, 04 Apr 2021 12:54 AM IST
Amit Mandal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

कोरोना वायरस की दूसरी लहर काफी तेजी से आगे बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के करीब 90,000 मरीज सामने आए। पिछली बार के मुकाबले दूसरी लहर में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जानिए कोरोना से जुड़ा आज का हर अपडेट- 
विज्ञापन
नीतीश कुमार - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:22 AM, 04-Apr-2021

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में 5818 नए मामले

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5,818 नए मामले सामने आए हैं जबकि 1,172 लोग ठीक हुए हैं और 31 संक्रमितों की मौत हुई हैं। अब तक राज्य में कुल 3,63,796 मामले सामने आए हैं। जिनमें से 3,23,201 लोगों ने कोरोना को मात दी है और 4,283 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 36,312 है।
 

10:13 PM, 03-Apr-2021

कोरोना के बढ़ते मामले पर बॉम्बे हाईकोर्ट में पांच अप्रैल से सुनवाई

 बॉम्बे हाईकोर्ट में महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना के मामले को लेकर जस्टिस एसएस शिंदे और मनीष पितले की डिवीजन बेंच पांच अप्रैल से करेगी सुनवाई।

09:36 PM, 03-Apr-2021

बिहार में पांच अप्रैल से 11 अप्रैल तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद

बिहार सरकार ने पांच अप्रैल से 11 अप्रैल तक सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने का आदेश दिए हैं। कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करते हुए बची हुई परीक्षा ली जाएगी।  वहीं अप्रैल के अंत तक विवाह और अन्य पारिवारिक कार्यों को छोड़कर सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ लगाने पर रोक होगी।

विज्ञापन
09:13 PM, 03-Apr-2021

अर्जेंटीना के राष्ट्रपति हुए संक्रमित  

अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज ने कहा है कि शुरुआती जांच के अनुसार वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं हालांकि उन्होंने जनवरी में इसका टीका लगवाया था।

08:19 PM, 03-Apr-2021

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में लगभग 50 हजार मामले, 277 की मौत

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 49,447 नए मामले सामने आए हैं और 277 लोगों की मौत हो गई, वहीं 37,821 लोग स्वस्थ भी हुए। राज्य में अब तक कुल सक्रिय मामले 4,01,172 हैं, कुल स्वस्थ लोग 24,95,315 हैं और अब तक 55,656 लोगों की मौत हुई है। 

विज्ञापन
07:35 PM, 03-Apr-2021

पुरी का श्री जगन्नाथ मंदिर अब हर रविवार को रहेगा बंद

 ओडिशा में बढ़ते कोरोना के मामलों के मद्देनजर पुरी का श्री जगन्नाथ मंदिर सैनिटाइजेशन के लिए हर रविवार (4 अप्रैल से) सार्वजनिक दर्शन के लिए बंद रहेगा।

07:30 PM, 03-Apr-2021

मुंबई ने पिछले 24 घंटों में कोरोना के 9,090 नए मामले

मुंबई ने पिछले 24 घंटों में कोरोना के 9,090 नए मामले सामने आए हैं और 27 लोगों की मौत हो गई। स्वस्थ लोगों की संख्या की बात करें तो यह 5322 है।

 

06:45 PM, 03-Apr-2021

इंदौर में मास्क नहीं पहनने वालों को अस्थाई जेल 

मध्य प्रदेश के इंदौर में मास्क नहीं पहनने वाले लोगों को पुलिस अस्थाई जेल भेज रही है।  इंदौर के डीआईजी ने बताया कि जो लोग मास्क और कोविड नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, पुलिस उन्हें खुली जेल भेज रही है। सभी लोग कोविड के नियमों का पालन करे। यह प्रक्रिया जारी रहेगी।

05:17 PM, 03-Apr-2021

नागपुर में बीते 24 घंटे में 3720 लोग संक्रमित

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में 3720 नए मामले के साथ 47 लोगों की मौत हो गई है।

05:11 PM, 03-Apr-2021

द्रमुक सांसद कनिमोझी हुईं कोरोना पॉजिटिव

द्रमुक सांसद कनिमोझी जांच में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गईं और उन्हें यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। वहीं जानकारी के अनुसार उन्होंने प्रचार अभियान रद्द कर दिया है।

04:19 PM, 03-Apr-2021

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3567 नए मामले

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3567 नए मामले आए हैं और 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं स्वस्थ लोगों की बात करें तो इनकी संख्या 2904 है।

 

02:48 PM, 03-Apr-2021

लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला की कोरोना रिपोर्ट आई निगेटिव

लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला की कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आई है। ओम बिड़ला ने अपने ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि मेरी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव आ गई है और अब पहले जैसी ऊर्जा महसूस कर रहा हूं। देश-विदेश के जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों की शुभकामनाओं से अभिभूत हूं, जिन्होंने मेरे स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की। धन्यवाद।
 

02:25 PM, 03-Apr-2021

राजस्थान में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ी

राजस्थान में कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक स्तर पर पहुंच रही है। राजस्थान में बीते एक महीने में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या दस गुना ज्यादा बढ़ गई है। एक मार्च को राजस्थान में 1,304 सक्रिय मरीज थे यानी इतने मरीजों का इलाज चल रहा था लेकिन ये संख्या अब बढ़कर 10,484 हो गई है। 

01:05 PM, 03-Apr-2021

बांग्लादेश : पांच अप्रैल से सात दिनों के लिए संपूर्ण लॉकडाउन

बांग्लादेश सरकार ने देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए सात दिन का लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। ये लॉकडाउन सोमवार यानी पांच अप्रैल से लागू होगा। बांग्लादेश मीडिया ने इस बात की जानकारी दी। 
 

12:59 PM, 03-Apr-2021

मुख्तार अब्बास ने ली कोरोना की दूसरी खुराक

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी खुराक ली। 
 

12:52 PM, 03-Apr-2021

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने लगवाई वैक्सीन

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और उनकी पत्नी सीमा सिसोदिया ने कोरोना के टीके की पहली खुराक ली। दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में दोनों कोरोना का टीका लगवाया। 
 

12:27 PM, 03-Apr-2021

हिमाचल प्रदेश : 15 अप्रैल तक सभी स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान रहेंगे बंद

कोरोना के बढ़ते कहर के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश सरकार ने एलान किया है कि राज्य में 15 अप्रैल तक सभी शैक्षणिक संस्थान, स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद रहेंगे। हालांकि जिन बच्चों के भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाएं होने वाली हैं, वो स्कूल या संस्थान जा सकते हैं। इसके लिए छात्रों को अपने माता-पिता से लिखित में सहमति पत्र लाना होगा। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षा, नर्सिंग, डेंटल, मेडिकल कॉलेज की तैयारी करने के लिए सभी कोचिंग सेंटर खुले रहेंगे। 
 

12:20 PM, 03-Apr-2021

दिल्ली में कोरोना टेस्टिंग की क्षमता दूसरे राज्यों से पांच गुना ज्यादा - सत्येंद्र जैन

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राज्य में 87,505 लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है। ये आंकड़ा दूसरे राज्यों की तुलना में पांच गुना ज्यादा है। दिल्ली में सकारात्मकता दर 4.11 फीसदी है। इसके अलावा राज्य के निजी अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या को बढ़ाकर 15 फीसदी से 25 फीसदी कर दिया है। 
 

11:34 AM, 03-Apr-2021

महाराष्ट्र : पिछले पांच दिनों में डेढ़ लाख से ज्यादा मामले हुए दर्ज

महाराष्ट्र में इस हफ्ते कोरोना के रिकॉर्ड तोड़ मामले दर्ज किए गए हैं। इस हफ्ते के पांच दिनों में 1,58,053 मामले दर्ज किए गए। शुक्रवार रात महाराष्ट्र की जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगले दो दिन वो राजनेताओं और जानकारों से बातचीत करेंगे और लॉकडाउन को लेकर फैसला लेंगे। 

10:26 AM, 03-Apr-2021

पुणे : बंद मंदिरों के बाहर दर्शन करते नजर आए लोग

महाराष्ट्र के पुणे में सात दिनों तक सभी धार्मिक स्थल बंद रहेंगे। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया था। आज पुणे के श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर के बाहर लोग भगवान के दर्शन करते हुए नजर आए। 
 

10:18 AM, 03-Apr-2021

दुर्ग : कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा बढ़ा, अंतिम संस्कार और कब्रिस्तान में जगह की कमी

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है, जिस वजह से वहां कब्रिस्तानों और शमशान घाट पर जगह की कमी हो गई है। दुर्ग के जिलाधिकारी ने कहा कि इससे पहले दो जगहों पर अंतिम संस्कार किया जाता था लेकिन पिछले दो दिनों से मौत का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है, जिस कारण जगह की कमी हो गई है। हम दो-तीन और जगहों का प्रबंध कर रहे हैं। 
 

10:13 AM, 03-Apr-2021

कर्नाटक : 26 छात्रों के पॉजिटिव आने के बाद हाईस्कूल और कॉलेज की कक्षाएं रद्द

कर्नाटक के बसावनहल्ली में हाईस्कूल और कॉलेज की कक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया गया है। बसावनहल्ली में 26 छात्रों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद यह फैसला लिया गया है। 
 

10:05 AM, 03-Apr-2021

कोरोना : पिछले 24 घंटे में 89,129 नए मरीज मिले

देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले24 घंटे में देश में कोरोना के करीब 90,000 नए मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 89,129 नए मामले सामने आए। वहीं 714 लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ा है। 
 

09:46 AM, 03-Apr-2021

मुरादाबाद : कोरोना के कहर के बाद भी सब्जी मंडी में उमड़ी भीड़

कोरोना वायरस के बढ़ते कोहराम के बाद भी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की सब्जी मेंडी में लोगों की भीड़ दिखाई दी। मुरादाबाद में कल कोरोना के 15 नए मामले सामने आए और जिले में कोरोना वायरस के 116 सक्रिय मामले हैं। 
 

09:41 AM, 03-Apr-2021

दिल्ली : गाजीपुर की सब्जी मंडी में उमड़ी भीड़

शनिवार की सुबह दिल्ली के गाजीपुर की सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ दिखाई दी। बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली में एक दिन में कोरोना के 3,594 नए मामले सामने आए थे। 
 

09:32 AM, 03-Apr-2021

मध्यप्रदेश : रंगपंचमी त्योहार मना रहे लोग

कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते मध्यप्रदेश के दामोह में शुक्रवार को लोग रंगपंचमी खेलते नजर आए। 
 

09:13 AM, 03-Apr-2021

दो अप्रैल को 10 लाख से ज्यादा लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ - आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक दो अप्रैल यानी शुक्रवार को देश में 10,46,605 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया। आईसीएमरआर के मुताबिक, अबतक 24,69,59,192 लोगों का कोविड-19 टेस्ट किया जा चुका है। 
 

09:03 AM, 03-Apr-2021

दिल्ली : शुक्रवार को 52,000 से ज्यादा लोगों को लगा टीका

कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण के दूसरे दिन दिल्ली में 52,000 से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगा। तीसरे चरण में 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शाम छह बजे तक कम से कम 52,408 लोगों को टीके लग चुके थे। इनमें से 47,873 लोगों को उनकी पहली खुराक मिली जबकि 4,536 लोगों को दूसरी खुराक दी गई। अधिकारी ने बताया कि टीकाकरण के बाद मामूली प्रतिकूल प्रभाव के दो मामले सामने आए।

09:00 AM, 03-Apr-2021

महाराष्ट्र : शुक्रवार को कोरोना के 47,827 नए मरीज मिले

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 47,827 मामले दर्ज किए गए जो महामारी शुरू होने के बाद राज्य में किसी एक दिन का सर्वाधिक स्तर है। स्वास्थ्य विभाग ने एक बयान में कहा कि संक्रमण के नए मामलों के बाद राज्य में अब तक संक्रमित हुए रोगियों की कुल संख्या 29,04,076 हो गई है। वहीं शुक्रवार को कोरोना के 202 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 55,379 हो गई है। इस बीच 24,126 मरीजों को छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में अब तक इस बीमारी से ठीक हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 24,57,494 हो गई। इधर 3,89,832 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं मुंबई शहर में कोविड-19 के 8,844 नए मामले सामने आए, जो महानगर में अब तक किसी एक दिन में आए सबसे अधिक मामले हैं।

08:59 AM, 03-Apr-2021

मुंबई में लग सकते हैं कुछ प्रतिबंध

वहीं मुंबई के मेयर किशोरी पेडनेकर ने भी कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए शहर में कुछ और प्रतिबंध लगाने के संकेत दिए हैं। मुंबई में शुक्रवार को कोविड-19 के 8832 मामले आए। महामारी की शुरुआत होने के बाद से एक दिन में ये सबसे ज्यादा मामले हैं। एक दिन पहले शहर में संक्रमण के 8646 मामले सामने आए थे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि शुक्रवार को 20 मरीजों की मौत हुई जो दिसंबर 2020 के बाद सबसे अधिक संख्या है। 

08:58 AM, 03-Apr-2021

उद्धव बोले, नहीं तो लगाना पड़ेगा लॉकडाउन 

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच शुक्रवार रात सीएम उद्धव ठाकरे ने जनता को संबोधित किया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि कोरोना के चलते महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगेगा या नहीं लगेगा, इस पर मैं अभी कुछ भी नहीं बोलूंगा। हालांकि जो हालात इस समय हैं, अगर ये आगे भी जारी रहेंगे तो संभालना मुश्किल होगा। इसके बार लॉकडाउन की आखिरी उपाय है। सीएम ठाकरे ने कहा कि राज्य में 70 फीसदी टेस्ट आरटीपीसीआर से ही हो रहे हैं। कोरोना आने से पहले पिछले मार्च में हमारे पास बेड्स नहीं थे, लेकिन आज करीब तीन लाख 75 बेड्स हमने तैयार किए हैं। लॉकडाउन का उपयोग हमने अपनी जिम्मेदारी बढ़ाने के लिए किया था, जिसमें हम कामयाब भी हुए।

08:58 AM, 03-Apr-2021

दुर्ग जिला प्रशासन ने छह से 14 अप्रैल तक पूर्ण लॉकडाउन लगाया

उधर, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला प्रशासन ने छह से 14 अप्रैल तक पूर्ण लॉकडाउन लगाने का एलान किया है। जिलाधिकारी सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने कहा कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि संक्रमण चेन को तोड़ने के लिए लॉकडाउन लगाना जरूरी है, इसके लिए जनता के समर्थन की जरूरत है। हालांकि इसमें यह साफ नहीं किया गया है कि इस दौरान किन-किन गतिविधियों को मंजूरी रहेगी।

कोवाक्सिन टीका: बूस्टर डोज के लिए क्लीनिकल ट्रायल को केंद्र की मिली मंजूरी

08:58 AM, 03-Apr-2021

मप्र के चार जिलों में लॉकडाउन 

मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के चार जिलों में लॉकडाउन लगा दिया है। बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने बेतूल जिले में शुक्रवार रात दस से तो खरगोन के शहरी क्षेत्रों में रात बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन रहेगा। रतलाम शहर और छिंदवाड़ा जिले में बृहस्पतिवार रात दस बजे से लेकर सोमवार सुबह 6 बजे जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी गतिविधियों पर पाबंदी रहेगी।  

08:58 AM, 03-Apr-2021

पुणे में बार, होटल, रेस्त्रां अगले सात दिनों तक बंद

इसी के तहत कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र के पुणे में स्थानीय प्रशासन ने बार, होटल, रेस्त्रां को अगले सात दिनों तक बंद करने का फैसला किया है। इस दौरान होम डिलिवरी की जाएगी। पुणे के डिविजिनल कमिश्नर सौरभ राव ने बताया कि शनिवार से रात 12 से सुबह छह बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। सभी धार्मिक स्थल अगले सात दिनों तक पूरी तरह से बंद रहेंगे।

वहीं, अगले सात दिनों के दौरान शादी और अंतिम संस्कार के अलावा किसी भी तरह का सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजन करने की अनुमति नहीं होगी। अंतिम संस्कार में जहां अधिकतम 20 लोग शामिल हो सकेंगे वहीं शादी में 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति होगी। अगले शुक्रवार को स्थिति की फिर से समीक्षा की जाएगी।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र : बीएमसी ने कहा- मुंबई में कोरोना की चपेट में आए 32 फीसदी युवा

07:31 AM, 03-Apr-2021

इलाहाबाद उच्च न्यायालय में नौ अप्रैल तक अदालतें नहीं चलेंगी

प्रयागराज और लखनऊ में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय और इसकी लखनऊ पीठ में पांच अप्रैल से नौ अप्रैल तक नियमित रूप से अदालतें नहीं चलेंगी। मुख्य न्यायाधीश ने इस संबंध में आदेश पारित किया है।

मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर ने शुक्रवार को इस आशय का आदेश पारित किया। इस आदेश में कहा गया है कि उक्त अवधि के दौरान अत्यंत महत्वपूर्ण मामलों पर सुनवाई के लिए गठित विशेष पीठे हीं इलाहाबाद उच्च न्यायालय और इसकी लखनऊ पीठ में सुनवाई करेंगी।

अधिसूचना के मुताबिक, उच्च न्यायालय की प्रशासनिक समिति के सदस्यों ने प्रयागराज और लखनऊ में हाल ही में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर टेलीफोन पर विचार विमर्श किया और उक्त निर्णय किया।

07:19 AM, 03-Apr-2021

वाराणसी में गंगा आरती के दौरान उमड़ी भीड़

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच वाराणसी में गंगा आरती के दौरान उमड़ी भीड़।

06:56 AM, 03-Apr-2021

Live : छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में 5818 नए मामले सामने आए, 31 की मौत

कोरोना वायरस की दूसरी लहर काफी तेजी से आगे बढ़ रही है। इस लहर में संक्रमण रिकॉर्ड तोड़ गति के साथ आगे बढ़ रहा है। पिछले एक दिन में 81 हजार से ज्यादा नए मरीज सामने आए हैं। पहली की तुलना में दूसरी लहर कई गुना तेजी से आगे बढ़ रही है। इतना ही नहीं लगातार दूसरे दिन देश में 450 से अधिक लोगों की संक्रमण से मौत हुई है।

कोरोना की दूसरी लहर पर काबू करने के लिए राज्यों ने अपने स्तर पर कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्यों ने आंशिक लॉकडाउन के साथ ही सार्वजनिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। देश के कुछ शहरों में लॉकडाउन लगाया गया है। कई शहरों में रात्रि कर्फ्यू पहले से ही जारी है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें