फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Congress Protest Live: राहुल-प्रियंका गांधी को रिहा किया गया, पुलिस ने कहा- मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे

Fri, 05 Aug 2022 09:03 PM IST
अजय सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

खास बातें

महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस बीच एआईसीसी मुख्यालय में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता जमा हो गए। राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर हमला बोला। वहीं राज्यसभा सांसद काला कुर्ता व पगड़ी पहनकर संसद पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक प्रदर्शन कर रहे हैं।यहां पढ़ें हर अपडेट्स...
विज्ञापन
प्रियंका गांधी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:10 PM, 05-Aug-2022

सचिन पायलट ने साधा निशाना

नेता सचिन पायलट ने कहा कि नेताओं को दिनभर बंद रखा गया, हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं। सरकार से महंगाई का जवाब चाहते हैं। सरकार की जवाबदेही तय कर, उन्हें कठघरे में खड़ा करना हमारी ज़िम्मेदारी है। जिस तरह अलोकतांत्रिक तरीके से लोगों को हिरासत में लिया गया यह अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि नेताओं को दिनभर बंद रखा गया, हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं। सरकार से महंगाई का जवाब चाहते हैं। सरकार की जवाबदेही तय कर, उन्हें कठघरे में खड़ा करना हमारी ज़िम्मेदारी है। जिस तरह अलोकतांत्रिक तरीके से लोगों को हिरासत में लिया गया यह अच्छा संकेत नहीं है।

07:00 PM, 05-Aug-2022

हिरासत से रिहा किए गए कांग्रेस नेता

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस समर्थकों ने आज दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत भी आदेश लागू हैं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों को उनके कर्तव्यों का पालन करने से रोकने की कोशिश की, उनके साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 65 दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत 65 सांसदों सहित कुल 335 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। सांसदों/विधायकों की नजरबंदी की सूचना संबंधित सक्षम अधिकारियों को भेजी जा रही है। हालांकि, इस बीच खबर आ रही है कि कांग्रेस नेताओं को रिहा कर दिया गया है।

06:09 PM, 05-Aug-2022

लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

सड़क जारी संग्राम के बीच लोकसभा की कार्यवाही सोमवार यानी 08 अगस्त तक के लिए स्थगित हुई।

विज्ञापन
06:04 PM, 05-Aug-2022

नई संसद के बजाय पुलिस लाइन बनाए सरकार: हुड्डा

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हम संसद में बेरोजगारी पर चर्चा करना चाहते हैं और सरकार से मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने और अग्निपथ योजना को वापस लेने की अपील करना चाहते हैं। अगर वे हमें चर्चा नहीं करने देंगे तो हम सड़कों पर आ जाएंगे।  दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के दौरान न्यू पुलिस लाइन किंग्सवे कैंप पीएस में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि संसद के कामकाज के दौरान सांसदों को हिरासत में लेना चाहते हैं तो संसद भवन में ईडी कार्यालय बनाने के साथ-साथ केंद्र को नई संसद के बजाय पुलिस लाइन बनानी चाहिए।

05:40 PM, 05-Aug-2022

किंग्सवे कैंप पुलिस स्टेशन पहुंचे बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किंग्सवे कैंप पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बघेल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की, जिन्हें न्यू पुलिस लाइंस किंग्सवे कैंप पीएस में हिरासत में लिया गया है।


विज्ञापन
05:32 PM, 05-Aug-2022

आलाकमान तय करेगी रणनीति: हेमा

भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि मंहगाई को लेकर कांग्रेस पार्टी जो प्रदर्शन कर रही है उस पर मैं कुछ नहीं बोलूंगी। हमारी सरकार, मोदी जी और अमित शाह जी तय करेंगे की क्या करना है। कांग्रेस का उद्देश्य है कि वे सदन नहीं चलने देंगे। 

05:19 PM, 05-Aug-2022

गिरिराज सिंह ने किया पलटवार

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 60 साल सत्ता में रही और आजादी के बाद हिटलर की ऐसी भूमिका निभाई कि लोकतंत्र की हत्या कर दी, देश में इमरजेंसी लगा दी। कांग्रेस पार्टी ने लोकतंत्र के हत्यारे के रूप में इतिहास में जो काला अध्याय लिखा है इससे बड़ा हिटलर और कौन हो सकता है।

05:15 PM, 05-Aug-2022

पार्टी ने महंगाई पर चर्चा मांगी तो वे मौजूद नहीं थे: मेघवाल

केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि मानसून सत्र में राहुल गांधी जी गंभीर नहीं हैं। उनकी पार्टी ने महंगाई पर चर्चा मांगी तो वे मौजूद नहीं थे और प्रेस वार्ता में मंहगाई की बातें करते हैं। GST की बैठक में वे विरोध नहीं करते और प्रेस वार्ता में विरोध करते हैं। 

05:04 PM, 05-Aug-2022

महंगाई तो बहाना, ED निशाना है: भाजपा

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ड्रामा कर रही है।  राहुल गांधी और कांग्रेस अगर महंगाई पर गंभीर होते तो सदन में 7 घंटे की चर्चा में राहुल गांधी बोलते। महंगाई पर बोलना तो छोड़िए उन्होंने वित्त मंत्री के जवाब तक का बहिष्कार किया। महंगाई तो बहाना, ED निशाना है। 

04:44 PM, 05-Aug-2022

देश की जनता महंगाई की मार से त्राहि-त्राहि कर रही है: बघेल

छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस कमेटी ने फैसला के बाद ही हम सभी प्रदेशों में महंगाई के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। आज देश की जनता महंगाई की मार से त्राहि-त्राहि कर रही है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, दूध, खाने का तेल सब महंगा हो रहा है।

04:38 PM, 05-Aug-2022

केंद्रीय मंत्री ने याद दिलाया आपातकाल

केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि वे जिस तानाशाही और हिटलर की बात कर रहे हैं, इस देश में 25 जून 1975 को लगाई जाने वाली आपातकाल लोकतंत्र की सबसे बड़ी तानाशाही का सबूत है जिसमें सभी विपक्षियों को जेल भेज दिया गया था। 25 जून 1975 देश के लोकतंत्र का काला दिन है। 

04:26 PM, 05-Aug-2022

देश सच्चाई जानना चाहता है: अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनको जांच एजेंसियों का डर क्यों है? आखिरकार छिपा क्या रहे हैं? क्यों सड़कों पर उतर रहे हैं? जनता बार-बार एक सवाल पूछती है कि गुनहगार को गुनाह छिपाने के लिए सबका सहयोग क्यों लेना पड़ रहा है? भ्रष्टाचार करना और ऊपर से सीना चौड़ा करके सरकार और जांच एजेंसियों पर दवाब बनाना, ये कहां का न्याय है। सोनिया जी, राहुल जी इस तरह का खेल मत खेलिए। देश सच्चाई जानना चाहता है और जांच एजेंसी जांच करना चाहती हैं।

04:15 PM, 05-Aug-2022

प्रियंका गांधी ने भरी हुंकार

कांग्रेस पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार को लगता है कि विपक्ष में जो भी है उनको दबा सकते हैं। उनको लगता है कि अपनी फौज दिखाने के बाद हम समझौता करे लेंगे। इनके मंत्री कहते हैं कि महंगाई नहीं है। हम प्रधानमंत्री आवास तक जाकर महंगाई दिखाना चाहते हैं। उनके लिए मंहगाई नहीं है, क्योंकि मोदी जी ने पूरे देश की संपत्ति अपने दोस्तों को दे दी है। उन पर कोई कार्रवाई नहीं है। 2-4 लोग रईस हो गए हैं लेकिन आम जनता तड़प, तरस रही है। उनको महंगाई इसलिए नहीं दिखती क्योंकि उनके पास पैसा ही पैसा है। सब चीजें महंगी हो चुकी हैं।
 

03:50 PM, 05-Aug-2022

पुलिस कर्मियों द्वारा वाटर कैनन इस्तेमाल किया गया

चंडीगढ़: महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस कर्मियों द्वारा वाटर कैनन इस्तेमाल किया गया।


03:45 PM, 05-Aug-2022
राहुल-प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेता। - फोटो : ANI

हिरासत में कांग्रेस नेता

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित पार्टी के अन्य सांसदों को पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ न्यू पुलिस लाइंस किंग्सवे कैंप में हिरासत में लिया गया।

03:05 PM, 05-Aug-2022

पंजाब में पुलिस व कांग्रेस नेताओं के बीच झड़प

पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग व अन्य नेताओं ने भी महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। 

03:00 PM, 05-Aug-2022

अपने नेताओं को बचाने के लिए कर रहा प्रदर्शन- सलमान खुर्शीद

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि वह अपने नेताओं को बचाने के लिए प्रदर्शन में भाग ले रहे हैं। दरअसल, वह भाजपा की ओर से एक बयान का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, मैं अपने नेता को बचाने आऊंगा, क्योंकि मेरे नेता ने मुझे बचाया है। अगर वे इसे परिवार की परिभाषा बनाते हैं तो मुझे कोई समस्या नहीं है। दरअसल, भाजपा ने कहा था कि कांग्रेस ने अपने परिवार को बचाने के लिए रैली की। 

02:54 PM, 05-Aug-2022

चंडीगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल

पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने अन्य नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस कर्मियों द्वारा वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
 

 

02:20 PM, 05-Aug-2022

पीएम आवास जाकर दिखाना चाहते हैं महंगाई- प्रियंका गांधी

हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने सरकार पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार को लगता है कि विपक्ष में जो भी है उसको दबा सकते हैं। उनको लगता है कि हम समझौता कर लेंगे। इनके मंत्री कहते हैं कि महंगाई नहीं है। हम प्रधानमंत्री आवास तक जाकर महंगाई दिखाना चाहते हैं। 

01:57 PM, 05-Aug-2022

राहुल-प्रियंका समेत कई कांग्रेसी नेता हिरासत में

01:47 PM, 05-Aug-2022

कांग्रेस नेताओं ने की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी

01:07 PM, 05-Aug-2022

किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन लाए गए कांग्रेस नेता

दिल्ली पुलिस हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं को किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन लेकर पहुंची है। यहां मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश और रंजीत रंजन सहित अन्य कांग्रेसी सांसदों को लाया गया है। 

01:06 PM, 05-Aug-2022

प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया

पुलिस ने प्रियंका गांधी को भी हिरासत में ले लिया है। इसका कांग्रेस कार्यकर्ता कड़ा विरोध कर रहे हैं। 

01:04 PM, 05-Aug-2022

राहुल गांधी के हिरासत का वीडियो आया सामने

01:01 PM, 05-Aug-2022

कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच झड़प जारी

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प जारी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रदर्शन की तस्वीरों को अपने ट्विटर पर साझा किया है। 


 

12:54 PM, 05-Aug-2022

बैरिकेड से कूदते हुए प्रियंका गांधी का वीडियो सामने आया

12:45 PM, 05-Aug-2022

प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने की कोशिश

प्रियंका गांधी सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ गई हैं। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रोक दिया है। वो सड़क पर ही बैठ गई हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश कर रही है, जिसका कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। 

12:41 PM, 05-Aug-2022

बैरिकेड क्रॉस कर आगे बढ़ीं प्रियंका गांधी

कांग्रेस मुख्यालय से प्रियंका गांधी भी बाहर आ गई हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे, लेकिन प्रियंका गांधी उसे फांदकर आगे बढ़ गईं। प्रियंका गांधी सड़क पर ही धरने पर बैठ गई हैं। 
 

12:35 PM, 05-Aug-2022

सांसदों को पीटा गया- राहुल गांधी

हिरासत में लिए गए राहुल गांधी ने पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने कहा, हम राष्ट्रपति भवन की तरफ मार्च निकाल रहे थे, लेकिन पुलिस ने हमें रोक दिया। कई सांसदों को हिरासत में लिया गया है। उन्हें बुरी तरह से घसीटा गया और पीटा गया। 

12:19 PM, 05-Aug-2022

राहुल गांधी हिरासत में

कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बीच खबर है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं राष्ट्रपति भवन की तरफ बढ़ रहे कांग्रेसी सांसदों को पुलिस ने रोक दिया है। 

12:15 PM, 05-Aug-2022

केंद्रीय एजेंसियों के समन से बच नहीं सकते सांसद- नायडू

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने कहा, सासंद केंद्रीय जांच एजेंसियों के समन से बच नहीं सकते हैं। सत्र चल रहा हो या नहीं सभी को कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना चाहिए। यह हमारा कर्तव्य है। दरअसल, कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कल ईडी के समन का विरोध जताया था। 

12:12 PM, 05-Aug-2022

बिहार में भी प्रदर्शन शुरू

12:02 PM, 05-Aug-2022

लड़ाई लंबी है, हम लड़ते रहेंगे- खुर्शीद

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, एक बात स्पष्ट है कि इस देश की जनता पर जो प्रहार हो रहे हैं, उसके लिए हम लड़ रहे हैं। ये लड़ाई लंबी है और हम लड़ते रहेंगे। 

12:02 PM, 05-Aug-2022

सारे सांसद गिरफ्तारी देंगे- राजीव शुक्ला 

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, हम लोग राष्ट्रपति भवन जाने के लिए मार्च करने की कोशिश कर रहें हैं, लेकिन पुलिस ने धारा 144 का हवाला देते हुए रोक दिया है। हम सारे सांसद गिरफ़्तारी देंगे। हम जनता को बेरोज़ागारी और महंगाई से राहत दिलाकर रहेंगे। 

11:58 AM, 05-Aug-2022

यह विरोध महंगाई और अग्निपथ के खिलाफ- पी चिदंबरम

कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा, यह विरोध महंगाई और अग्निपथ को लेकर है। महंगाई सभी को प्रभावित करती है। एक राजनीतिक दल के रूप में और निर्वाचित प्रतिनिधियों के रूप में हम लोगों के बोझ और भय की शिकायतों को आवाज देने के लिए बाध्य हैं। हम यही कर रहे हैं। 

11:53 AM, 05-Aug-2022

तेलंगाना में भी कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

तेलंगाना में भी कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। कार्यकर्ताओं ने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ हैदराबाद में विरोध प्रदर्शन किया।

11:52 AM, 05-Aug-2022

हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बाधित

महंगाई सहित विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस समेत विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को लोकसभा की बैठक शुरू होने के करीब 25 मिनट बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा कि उनका यह व्यवहार उचित नहीं है।

11:50 AM, 05-Aug-2022

राष्ट्रपति भवन की तरफ कांग्रेस का विरोध मार्च

कांग्रेस के कई सांसद राष्ट्रपति भवन की तरफ विरोध मार्च कर रहे हैं। 

11:49 AM, 05-Aug-2022

सोनिया गांधी भी प्रदर्शन में शामिल

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी प्रदर्शन में शामिल हैं। वह भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। 
 

11:40 AM, 05-Aug-2022

कांग्रेस मुख्यालय से बाहर निकलीं प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी कांग्रेस मुख्यालय से बाहर निकल चुकी हैं। उनके साथ अन्य बड़े नेता भी हैं। प्रियंका गांधी ने कहा, मुद्रास्फीति सीमा से अधिक बढ़ गई है। इसके लिए सरकार को कुछ करना होगा। इसलिए हम लड़ रहे हैं। 

11:36 AM, 05-Aug-2022

काले कपड़ों में संसद पहुंचे कांग्रेस नेता

महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस सड़क पर प्रदर्शन कर रही है। वहीं संसद में विरोध जताने के लिए राहुल गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेता काले कपड़ों में संसद पहुंचे हैं। 

11:20 AM, 05-Aug-2022

असम में भी कांग्रेस का प्रदर्शन

असम के गुवाहाटी में भी कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। महंगाई और बेरोजगारी का विरोध करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता राजभवन की तरह कूच कर चुके हैं।

11:18 AM, 05-Aug-2022

राहुल गांधी नकली 'गांधी'- प्रह्लाद जोशी

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, वह महात्मा गांधी के वंशज नहीं हैं। वह एक 'नकली' गांधी हैं और यह एक नकली विचारधारा है। 

11:16 AM, 05-Aug-2022

प्रियंका गांधी भी पहुंचीं कांग्रेस मुख्यालय

कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी कांग्रेस मुख्यालय भी पहुंच गई हैं। 

11:13 AM, 05-Aug-2022

कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू

कांग्रेस मुख्यालय के बारह कांग्रेस का महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गया है। यहां हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे हैं। पुलिस ने बैरीकेटिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया है। झड़प जारी है। 

11:11 AM, 05-Aug-2022

राज्यसभा 11:30 बजे तक स्थगित

कांग्रेस का सड़क से लेकर संसद तक प्रदर्शन जारी है। मानूसन सत्र के दौरान राज्यसभा में भी विपक्ष ने हंगामा किया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही 11:30 बजे तक स्थगित कर दी गई। 

10:57 AM, 05-Aug-2022

काला कुर्ता और पगड़ी पहन कर पहुंचे खड़गे

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। वह महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में राज्यसभा में काला कुर्ता और पगड़ी पहनकर पहुंचे। 

10:17 AM, 05-Aug-2022

हमें संसद के बाहर और भीतर बोलने नहीं दिया जाता है: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र की मौत हो रही है। उन्होंने कहा कि हम महंगाई, बेरोजगारी, समाज में हिंसा की स्थिति का मुद्दा उठाना चाहते हैं। हमें संसद के बाहर और भीतर बोलने नहीं दिया जाता है। सरकार दो-तीन बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है।
 

10:11 AM, 05-Aug-2022

अशोक गहलोत ने पीएम मोदी को घेरा

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि किसी ने कभी कल्पना नहीं की थी कि देश में ऐसा वक्त भी आएगा कि तिरंगों के लिए लोगों को समाप्त होते देखा जाएगा। कोई कल्पना नहीं कर सकता जिस रूप में संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं। महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी पर कोई सुनवाई करने वाला नहीं है।

10:09 AM, 05-Aug-2022

आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं, बस चार लोगों की तानाशाही- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हम महंगाई, बेरोजगारी और समाज को जो बांटा जा रहा है उसका मुद्दा संसद में उठाना चाहते हैं लेकिन हमें बोलने नहीं दिया जाता। लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस देश ने 70 साल में बनाया उसको 8 साल में खत्म कर दिया गया। आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है बल्कि 4 लोगों की तानाशाही है।

09:54 AM, 05-Aug-2022

देश में सिर्फ चार लोगों की तानाशाही

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, आज देश में सिर्फ चार लोगों की तानाशाही है। हम महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन हमें जेल में डाल दिया जाता है। हमें संसद में बहस नहीं करने दी जा रही। 

09:52 AM, 05-Aug-2022

राहुल गांधी की प्रेसवार्ता शुरू

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा, लोकतंत्र की जो मौत हुई, उससे आपको कैसा लग रहा है? जिस लोकतंत्र को 70 सालों में बनाया गया, उसे आठ साल में खत्म कर दिया गया। उन्होंने कहा, देश में आज लोकतंत्र नहीं है। 

09:51 AM, 05-Aug-2022

जंतर-मंतर छोड़ पूरी दिल्ली में धारा 144 लागू

कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पूरी दिल्ली में धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जंंतर-मंतर छोड़ हर जगह धारा 144 लागू है। इसका उल्लंघन करने पर कार्रवाई होगी। 

09:30 AM, 05-Aug-2022

राहुल गांधी पहुंचे कांग्रेस मुख्यालय

09:24 AM, 05-Aug-2022

राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी थोड़ी देर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय से मार्च निकालेंगे।

09:17 AM, 05-Aug-2022

कांग्रेस के प्रदर्शन से यातायात जाम का अंदेशा

दिल्ली पुलिस ने एक परामर्श जारी कर कहा कि प्रदर्शन के मद्देनजर लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में  यातायात प्रभावित रहने की आशंका है। पुलिस ने इसके लिए विशेष व्यवस्था की है और प्रमुख सड़कों पर भीड़भाड़ वाले संभावित स्थानों के आधार पर मार्ग परिवर्तन का सुझाव दिया जाएगा।

09:03 AM, 05-Aug-2022

राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च करने की तैयारी

कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च करेंगे। इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने विजय चौक पर सुरक्षाकर्मियों को जानकारी दी।

08:59 AM, 05-Aug-2022

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवायजरी

बसों को धौला कुंआ, रिज रोड, शंकर रोड, पंचकुईया रोड, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, लोधी रोड, मथुरा रोड, डब्ल्यू पाइंट, अरविंदो मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू और मोती बाग रोड लाइट(शांति पथ) से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। प्रदर्शन के चलते कमल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, राजाजी मार्ग, रायसीना मार्ग और सफदरजंग रोड प्रभावित रहेंगे। 

इसके अलावा सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, पंचशील मार्ग, तुगलक रोड, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, पृथ्वीराज रोड, शाहजहां रोड, जाकिर हुसैन मार्ग, मौलाना आजाद रोड, रफी मार्ग, जनपथ रोड, अशोक रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, मदर टेरेसा क्रेसेंट मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग व मथुरा रोड़ पर ट्रैफिक भारी रहने की संभावना है। 

08:55 AM, 05-Aug-2022

कांग्रेस संसदीय दल की बैठक

आज संसद में हंगामे के आसार हैं। वहीं कांग्रेस सांसद आज सुबह 10 बजे संसद में कांग्रेस संसदीय दल (CPP) कार्यालय में बैठक करेंगे।

08:42 AM, 05-Aug-2022

कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में जुटने लगे

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए लोगों को नई दिल्ली में कई मार्गों से बचने की सलाह दी है। बसों को बहुत पहले ही रोक दिया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के नई दिल्ली जिला डीसीपी आलाप पटेल ने बताया कि कांग्रेस व यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह 10 बजे से प्रदर्शन करने की घोषणा की है। ऐसे में ट्रैफिक के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। 

08:26 AM, 05-Aug-2022

दिल्ली में पुलिस सतर्क

कांग्रेस मुख्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचने लगे हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस ने कहा कि जंतर मंतर को छोड़कर नई दिल्ली के पूरे इलाके में सीआरपीसी की धारा 144 लागू है।

08:15 AM, 05-Aug-2022

Congress Protest Live: राहुल-प्रियंका गांधी को रिहा किया गया, पुलिस ने कहा- मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे

कांग्रेस नेता अल्का लांबा ने कहा है कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी बढ़ाने और सेना में ठेका प्रथा अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, सत्याग्रह तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार इस पर कोई राहत नहीं देती। पांच अगस्त को पूरे देश में इसके खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें