केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कोई नाम का मुक्त होने से नहीं होगा। उसका मूल कहां है, किस परिवार में कांग्रेस छुपा है। कांग्रेस का कुछ नहीं होगा। उनके पास विजन, पॉलिसी, प्रोग्राम, सोच-विचार नहीं है। आप किसी को अध्यक्ष बनाओ पर प्रोपर्टी उसी परिवार की रहेगी।
हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा कि ये अध्यक्ष नहीं रिमोट चुने गए हैं, इनके माध्यम से गांधी परिवार पार्टी को चलाएगा। बिना गांधी कोई कांग्रेस पार्टी चला नहीं सकता। इन्होंने सीताराम केसरी को अध्यक्ष बनाया और उन्हें उठा कर बाहर फेंक दिया। रिमोट कंट्रोल गांधी परिवार के हाथ में होगा।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि ये कांग्रेस का आंतरिक मामला है। मेरी ओर से मल्लिकार्जुन खड़गे जी को शुभकामनाएं। कितने वोट रिजेक्ट हुए कितने गलत पड़े ये भी अपने आप में बहुत बड़ा प्रश्न खड़ा करता है।
कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमें उन फासीवादी ताकतों के खिलाफ मिलकर लड़ना होगा जो लोकतंत्र और संविधान पर हमला कर रही हैं। लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरों से हमें मिलकर लड़ना है।
कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव मल्लिकार्जुन खरगे से हारने के बाद शशि थरूर ने कहा कि उन्होंने पार्टी के चुनाव प्राधिकरण पर कभी संदेह नहीं जताया। मैं असहमति के लिए उम्मीदवार नहीं था, बल्कि बदलाव के लिए उम्मीदवार था। मल्लिकार्जुन खरगे की विजय, कांग्रेस की विजय है। शशि थरूर ने पार्टी अध्यक्ष चुनाव पर कहा कि इसका आगामी चुनावों पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा जिन्हें कांग्रेस को लड़ना है, कार्यकर्ता जाग गए हैं ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मल्लिकार्जुन खरगे को कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी।
शशि थरूर ने कहा कि मैं मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर गया और उन्हें उनकी जीत पर बधाई दी। वह एक वरिष्ठ नेता हैं और हमेशा पार्टी का मार्गदर्शन करेंगे। मैं बेहद खुश हूं क्योंकि 1000 से अधिक प्रतिनिधियों ने मुझे वोट दिया। हमारे कार्यकर्ता ही हमारी पार्टी का असली गौरव हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने लगातार लोकतंत्र को मजबूत किया, संविधान की रक्षा की। मैं सोनिया गांधी का आभार व्यक्त करता हूं, उन्होंने अपने खून पसीने से पार्टी को सींचा है। सरकार देश में नफरत फैला रही है। पूरा देश राहुल गांधी के संघर्ष से जुड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हम सभी को पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरह काम करना है, पार्टी में कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता है। हमें सांप्रदायिकता की आड़ में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला करने वाली फासीवादी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा।
कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 26 अक्टूबर को कार्यभार संभालेंगे।
कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मैं अपने साथी शशि थरूर को भी बधाई देना चाहता हूं। मैं उनसे मिला और चर्चा की कि पार्टी को कैसे आगे बढ़ाया जाए। मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से सोनिया गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके नेतृत्व में हमने केंद्र में दो बार अपनी सरकार बनाई।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, ने कहा कि खरगे साहब का अध्यक्ष बनना हमारे लिए गर्व की बात है। वे बेहद अनुभवी वरिष्ठ नेता हैं। खरगे जी के नेतृत्व में आने वाले समय में कांग्रेस और मजबूत होगी। सोनिया जी और राहुल जी का पूरा समर्थन उनके साथ रहेगा।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मल्लिकार्जुन खरगे को कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी।
निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने पर मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने उनकी पत्नी राधाबाई खरगे से भी मुलाकात की।
मल्लिकार्जुन खरगे के कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी खरगे के आवास पर पहुंचीं हैं। गौरतलब है कि कुछ ही देर में कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष खरगे प्रेस कांफ्रेंस करने वाले हैं।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में चुने जाने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। उन्होंने खुद इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मैं आज शाम 4 से 4:30 बजे के बीच एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा।
जो भी नया अध्यक्ष बनेगा वह सोनिया गांधी की जगह लेगा, जो 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी के पद से हटने के बाद अंतरिम अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। शाम तक परिणाम घोषित होने की संभावना है। मल्लिकार्जुन खरगे को चुनाव जीतने के प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।