नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी की चार्जशीट पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'हमने एक संगठन से दूसरे को चलाने के लिए पैसे उधार लिए, इसमें क्या गलत है? पंडित नेहरू द्वारा शुरू किया गया अखबार जब हम सत्ता से बाहर हो गए तो बंद हो गया। हमने बस इसे पुनर्जीवित करने की कोशिश की... अब वे (भाजपा) अपने संगठनों का विस्तार कर रहे हैं, पिछले 8-9 सालों में इतना पैसा कहां से आया'।
असम के नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी की चार्जशीट पर डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, 'राहुल गांधी अक्सर अदाणी और अंबानी पर आरोप लगाते हैं कि उन्होंने इतना पैसा कैसे बनाया है। मेरा सवाल है कि एक राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद उन्होंने 50 लाख रुपये को 2000 करोड़ रुपये में बदलने के लिए व्यापारिक गुर कैसे सीखे। हमें भी यही फॉर्मूला बताएं ताकि मैं असम के लिए ऐसा कर सकूं। कांग्रेस के लोगों को सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मांग करनी चाहिए कि वे पार्टी को ये 2000 करोड़ रुपये वापस दें। क्या आपने कांग्रेस पार्टी के दफ्तरों की हालत देखी है?.. लोगों को यह एहसास नहीं है कि गांधी परिवार पैसा बना रहा है लेकिन आम कांग्रेसी वंचित रह रहे हैं... अब मां और बेटे दोनों को ईडी के सामने पेश होना चाहिए और अपनी बेगुनाही साबित करनी चाहिए।'
नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी की चार्जशीट पर कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, 'यह कानूनी छद्मवेश में प्रतिशोध के अलावा कुछ नहीं है। ईडी को जवाब देना चाहिए कि एनडीए के किसी सहयोगी या भाजपा नेता को ईडी ने क्यों नहीं छुआ। चुनिंदा न्याय वास्तव में राजनीतिक ठगी के अलावा कुछ नहीं है।'
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पार्टी कार्यालय के बाहर हिरासत में लिया
केंद्र सरकार और केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पार्टी कार्यालय के बाहर हिरासत में लिया।
कांग्रेस कार्यालय पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के खिलाफ राज्य मुख्यालयों पर, प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालयों के सामने तथा संबंधित राज्यों में जिला स्तर पर केंद्र सरकार के कार्यालयों के सामने राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है।
कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात
दिल्ली के अकबर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ अपने विरोध प्रदर्शन के अंतर्गत राज्यों में प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालयों के सामने और जिला स्तर पर केंद्र सरकार के कार्यालयों के सामने प्रदर्शन करेगी।