फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LIVE: रामलीला मैदान से राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा, हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे

Sun, 01 Nov 2026 04:38 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

चलो दिल्ली LIVE: रामलीला मैदान में आज विपक्षी खेमे के अधिकांश राजनीतिक दल जुटे हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहे विपक्षी दलों में कांग्रेस, ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आहूत इस रैली और विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है। सीईसी के खिलाफ रामलीला मैदान में विपक्ष के हल्लाबोल से जुड़े तमाम अपडेट्स और पक्ष-विपक्ष के बयान अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:28 PM, 01-Nov-2026

राहुल बोले- तीनों ने देश की आत्मा पर आक्रमण किया

राहुल गांधी ने कहा 'न हम मोदी से नफरत करते हैं, न ही अमित शाह से नफरत करते हैं, न ज्ञानेश कुमार से। मगर आप तीनों ने देश की आत्मा पर आक्रमण किया है। आपने देश के संविधान और लोकतंत्र पर हमला किया है। मेरे लिए कोई दुश्मन नहीं है। न मोदी, न अमित शाह, न ज्ञानेश कुमार। मगर हमारे लिए सबसे जरूरी चीज, धर्म से भी जरूरी चीज है- हिंदुस्तान के नागरिक की आवाज। अगर आप मुझसे मेरा धर्म पूछें तो मैं कहूंगा कि हिंदुस्तान के लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए। यही मेरा धर्म है। हम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हिंसा नहीं करेंगे। उन्हें मारेंगे या काटेंगे नहीं।'

राहुल ने कहा कि गांधीजी ने कहा था कि पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति की आवाज सबसे अहम है। चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम हो, दलित हो, महिला हो, विकलांग हो, जो भी हो, हमें सबकी आवाज की रक्षा करनी है। मोदी जी ने और शाह ने देश में नफरत फैला दी है और इससे देश को नुकसान हो रहा है। यह भीड़ चिल्ला रही है, हमें मोहब्बत चाहिए, भाईचारा चाहिए। हम यही कर के दिखाएंगे। यह प्रदर्शन किसी एक पार्टी का या एक नेता का नहीं है। इसमें सब शामिल हैं। यह हिंदुस्तान की आवाज है। यह हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की आवाज है, संविधान को बचाने की आवाज है।

04:24 PM, 01-Nov-2026

2-3 लोगों का देश नहीं चाहिए हमें: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि 2-3 लोगों का देश नहीं चाहिए हमें। अदाणी जी जो भी करना चाहें, जो भी संस्था लेना चाहें, शिक्षा-स्वास्थ्य को कैप्चर करना चाहें। हर एयरपोर्ट, रेलवे, इन्फ्रास्ट्रक्चर छीन लें। ड्रोन उड़ रहा है यह भी अदाणी का, हथियार भी अदाणी का, ऐसा देश हमें नहीं चाहिए। हम यह होने नहीं देंगे। देश को सही पटरी पर लाने का तरीका इस ज्ञानेश कुमार को हटाना है। अमित शाह जी ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे। मैं आपको उल्टा बता रहा हूं। नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा सकते, अगर जाना भी चाहें तो हम उन्हें नहीं जाने देंगे। नरेंद्र मोदी और अमित शाह, ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। आपने जो वोट चोरी की है, अदाणी को जो देश बेचा है, उसके लिए देश आपसे न्याय मांगेगा। आप भागने की मत सोचो। आप भाग नहीं सकते। आप यहीं के यहीं रहोगे। आपके खिलाफ जो यह आवाज है, आपके खिलाफ, अमित शाह के खिलाफ, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ। आपके खिलाफ कार्रवाई होगी, होगी और होगी।

04:17 PM, 01-Nov-2026

राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा

राहुल ने कहा कि मैं स्टेज से कहना चाहता हूं। मैं जो कहता हूं वो होता है न। मैंने कोविड-19 के बारे में बोला, सच हुआ। मैं आपको स्टेज से कह रहा हूं कि ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा। ज्ञानेश कुमार हिंदुस्तान में जेल जाएगा। और अगर यह आम चोरी नहीं है कि किसी ने दुकान से थोड़ी सी छोटी चोरी कर ली। उसके लिए जेल होती है। इन्होंने नॉर्मल चोरी नहीं की है। यह हिंदुस्तान के हर नागरिक के आवाज की चोरी है। इसको कानूनी गलियारों में रेयरेस्ट ऑफ रेयर केस कहते हैं। इसे देशद्रोही कहते हैं, इसे ट्रीजन कहते हैं और ज्ञानेश कुमार के बिना न नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनता, न अमित शाह गृह मंत्री बनता। आरएसएस इस देश की सारी संस्थाओं को कैप्चर कर लिया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सीबीआई, ईडी, न्यायपालिका, नौकरशाही, पुलिस सारी की सारी संस्थाएं, जो आपकी हैं, वह नरेंद्र मोदी, अमित शाह, आरएसएस की नहीं, युवाओं की संस्थाएं हैं। वह इन्होंने कैप्चर कर रखी हैं।

नतीजा यह है कि किसानों को अधिकार नहीं मिल रहा, युवाओं को हक नहीं मिल रहा, मजदूरों को हक नहीं मिल रहा। नतीजा पूरा का पूरा धन कुछ लोगों के हाथ में चला गया है- अंबानी, अदाणी। उनका हजारों करोड़ का कर्जा माफ हो जाता है। मगर छोटे किसान, मजदूर का बेटा पैसे नहीं लौटा पाता तो उसे जूते मारकर जेल में डाल देते हैं। ऐसा हिंदुस्तान हमें नहीं चाहिए और यह हम स्वीकार नहीं करेंगे। शिव की बारात का नाम सुना है। उसमें कोई भी जा सकता है। उस तांडव में कोई भी जा सकता है। उसमें कभी नहीं कहा जाता कि कोई रोका जाए। हमें वैसा ही हिंदुस्तान चाहिए।

विज्ञापन
04:13 PM, 01-Nov-2026

राहुल बोले- संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे

राहुल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अमित शाह, ज्ञानेश कुमार को आपने मैसेज भेजना था, मैसेज भेज दिया है। यह किसी एक राजनीतिक दल की आवाज नहीं है। यह सिर्फ नेताओं की आवाज नहीं है। यह हिंदुस्तान के युवाओं की आवाज है। किसानों, मजदूरों की आवाज है और यह आवाज कह रही है कि हम लोकतंत्र को हिंदुस्तान में खत्म नहीं होने देंगे। हम संविधान को नष्ट होने नहीं देंगे। आप अपने आप को जितना बड़ा समझो, जितना आपके पास पैसा है, पावर है, आप जो भी हों, आप संविधान से बड़े नहीं हैं, संविधान आपसे बड़ा है।

राहुल ने आगे कहा कि वर्षों से इस देश में वोट चोरी हो रही है। ममता जी ने बंगाल को उदाहरण दिया। मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और 2024 की लोकसभा, सारे चुनाव में वोट चोरी हुई है, ईवीएम के साथ वोट चोरी हुई है। वोटर लिस्ट से नाम काटकर वोट चोरी हुई है। 2024 के चुनाव के बाद 13.5 करोड़ वोटर्स वोटर लिस्ट से हटाए गए। मतलब इतने वोटर्स को हटाया गया। हर सात में से एक वोटर को निकाला गया। 15 फीसदी हिंदुस्तान के वोटर्स को वोटर लिस्ट से हटाया गया, वह भी 2024 के बाद। 2024 में एनडीए और हमारे बीच में तीन फीसदी का फर्क था। उसके बाद 15 फीसदी वोटर्स को वोटिंग लिस्ट से निकाला गया। मतलब 2024 का चुनाव अवैध चुनाव था। चोरी का चुनाव था और यह बात मैं नहीं चुनाव आयोग खुद कह रहा है। क्योंकि उन्होंने 13.5 करोड़ वोटर्स 2024 की लिस्ट से निकाले।

03:59 PM, 01-Nov-2026

ममता बनर्जी बोलीं- ईवीएम लूटा, लोकतंत्र लूटा, संविधान लूटा

रामलीला मैदान से टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा कि हम लोकतंत्र को बचाएंगे। हम छोड़ेंगे नहीं, लड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम हारे नहीं, हराए गए हैं, बंगाल एसआईआर का पीड़ित है। ज्ञानेश कुमार ने मतगणना को हाईजैक किया। अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने कहा कि- एसआईआर भाजपा की मदद के लिए बनाई गई है। ज्ञानेश कुमार को हटाना होगा। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि इन्होंने राम मंदिर का रुपया भी लूटा है।

 

विज्ञापन
03:35 PM, 01-Nov-2026

अखिलेश यादव बोले- यूपी में हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट काटे गए

समाजवादी पार्टी के सांसद और अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ''जबसे यह तय हुआ है कि रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन एकजुट होकर उन तमाम लोगों को जिन लोगों ने लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है, उनके खिलाफ एकजुट हो रहे हैं। तबसे सामने आ रहा है कि जनता हमारे साथ जुटना चाहती है। अगर मैं यह कहूं कि एक करोड़ 27 लाख वोट कटे हैं, उसका गणित हम लगा दें 403 विधानसभाओं का तो हर विधानसभा में वोट कम हुए हैं।  जो लोग तय कर के आए हैं कि अंगद का पैर है, वे जानते हैं कि जमीन ही नहीं बची है तो पैर कहां रखोगे। जो लोग दावा करते थे कि डबल इंजन की सरकार है, उन्हें काशी की जनता ने जवाब दिया है। वे एक बार एक हार से संतुष्ट नहीं थे।''

उन्होंने कहा, ''दो रात तीन दिन काउंटिंग की, वे अब भी चंडीगढ़ चाल चलना चाहते थे, लेकिन कामयाब नहीं हुए हैं। डबल इंजन वालों को डबल हार और डबल जीरो मिलने का काम हुआ है। वह क्षेत्र कौन सा है। जो लोग काशी का नाम जानते हैं वो यह भी जानते हैं कि वह क्षेत्र क्योटो है। हम जानते हैं कि भाजपा लगातार साजिश कर रही है। वे जानते हैं कि जनता के बीच जीत नहीं सकते हैं। वे चुनाव आयोग का रास्ता अपना रहे हैं। बंगाल का चुनाव उन्होंने लूटा है। बंगाल चुनाव की तस्वीरें कोई नहीं भूल सकता कि वहां लाखों की फौज लगाकर और चुनाव से पहले एसआईआर कराकर लाखों वोट कटवा दिए गए। मुझे याद है कि 2022 में जब चुनाव हुआ था, तब हम सरकार नहीं बना पाए। उसका कारण वोट चोरी ही था। वोटरों को उन्होंने वोटर लिस्ट से हटा दिया। उन्होंने हजारों वोट समाजवादी पार्टी के हटाए थे। उन्होंने मुझे नोटिस दिया था और पूछा था कि किस आधार पर आप कह रहे हैं कि हमने वोट काट दिए हैं। तब सपा कार्यकर्ताओं ने एक-एक बूथ पर काटे गए वोटों की जानकारी निकाली थी। हमने इसकी जानकारी चुनाव आयोग को शपथ पत्र में दिया। लेकिन किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पता नहीं चुनाव आयोग कौन सी नींद की गोली लेकर सो रहा है।''

03:26 PM, 01-Nov-2026

खरगे बोले- पीएम मोदी और शाह ने की युवाओं-दलितों का वोट छीनने की कोशिश

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ''चलो दिल्ली रामलीला मार्च की ऐतिहासिक बैठक हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने युवाओं, दलितों और महिलाओं का वोट छीनने की कोशिश की। हम इसके खिलाफ रामलीला मैदान में इकट्ठा हुए हैं। हम ईडी और सीबीआई से डरते नहीं हैं। हम डरने वाले नहीं हैं, हम लड़ने वाले हैं। मोदी को हटाएंगे, तभी लोकतंत्र बचेगा। मोदी जाएगा, जरूर जाएगा।''

03:24 PM, 01-Nov-2026

तेजस्वी यादव बोले- बिहार से शुरू हुई वोट चोरी

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश में वोट चोरी की शुरुआत बिहार से हुई थी। उन्होंने कहा कि ये सरकार दो नंबरी है।

03:19 PM, 01-Nov-2026

नेहा बोरा बोलीं- भारत के इतिहास में भाजपा-आरएसएस के लिए जगह नहीं

इंडिया ब्लॉक की रैली में आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा ने कहा, "भारत के जिन लोगों से लोकतंत्र का अस्तित्व है, उनके समानता के मौलिक अधिकार को कुचलने वालों को लगा था कि वे संसद में अपनी सीटें सुरक्षित रखकर सत्ता में बने रहेंगे। वे कहते हैं कि देश की आजादी का भविष्य सिर्फ उन्हीं से शुरू हुआ। उनका दावा है कि भारत को आजादी 2014 में मिली और उन्हें लगता है कि भाजपा के साथ ही भारत का इतिहास भी समाप्त हो जाएगा। आज रामलीला मैदान में मौजूद आप सभी लोग यह साबित कर रहे हैं और गवाही दे रहे हैं कि भारत के गौरवशाली इतिहास में कभी भी भाजपा या आरएसएस के लिए कोई जगह नहीं रही है।"

03:17 PM, 01-Nov-2026

इंडिया ब्लॉक के नेता मंच पर पहुंचे

राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत इंडिया ब्लॉक के तमाम नेता रामलीला मैदान में बने मंच पर पहुंच गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मंच पर पहुंच चुके हैं।

02:54 PM, 01-Nov-2026

रामलीला मैदान पहुंचे इंडिया ब्लॉक के नेता

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक के सांसदों का काफिला रामलीला मैदान पहुंच चुका है। कुछ ही देर में सभी नेता मंच पर पहुंचेंगे।

02:44 PM, 01-Nov-2026

शशि थरूर बोले- सीईसी ज्ञानेश कुमार पर से उठा लोगों का भरोसा

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "लोगों का मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर से भरोसा उठ गया है। हम ऐसे व्यक्ति को नहीं चाहते, जो निष्पक्ष न होकर एक साम्राज्य की तरह काम करे और मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम हटाकर भारत का राजनीतिक भविष्य तय करने की कोशिश करे। लोगों को वोट देने का अधिकार मिलना चाहिए।"

02:42 PM, 01-Nov-2026

अधीर रंजन चौधरी बोले- भाजपा की विदाई का समय नजदीक है

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "मैंने अपनी पूरी जिंदगी में दिल्ली में ऐसी रैली कभी नहीं देखी। मुझे इस तरह के किसी आयोजन की जानकारी नहीं है। हो सकता है कि दूर अतीत में ऐसा कुछ हुआ हो, लेकिन मौजूदा हालात में, जब भाजपा सत्ता में है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं, इतनी बड़ी संख्या में जनता का उत्साह और समर्थन मैंने पहले कभी न देखा है और न ही सुना है। यह दिखाता है कि भाजपा की विदाई का समय नजदीक आ रहा है। उसकी सत्ता से विदाई अब तय होती दिख रही है।"

02:41 PM, 01-Nov-2026

सचिन पायलट बोले- बदल रहा है पूरे देश का माहौल

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "लोग न्याय की मांग करने, लोकतंत्र को बचाने और वोटों की चोरी रोकने के लिए दिल्ली आए हैं। पूरे देश का माहौल बदल रहा है। इस तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ज्ञानेश कुमार ने जो कदम उठाए हैं, वे गैरकानूनी हैं। उन्हें अपने पद से हटना होगा।"

उन्होंने आगे कहा, "लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है। हम चुनाव जीतें या हारें, जनता हमेशा सबसे आगे रहनी चाहिए। कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा वाली पार्टी है। हम अहिंसा, प्रेम, सद्भाव और सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। हम चाहते हैं कि लोकतंत्र कायम रहे। हम चाहते हैं कि हमारे गणराज्य के मूल मूल्य, जैसे चुनाव आयोग की निष्पक्षता, बरकरार रहें।"

02:34 PM, 01-Nov-2026

रामलीला मैदान में भारी संख्या में जुटे लोग

विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान में एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। 

02:27 PM, 01-Nov-2026

कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने क्या कहा?

कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, "देखिए, मुद्दा यह है कि हर वोट महत्वपूर्ण है और हर व्यक्ति का महत्व है। कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन हर एक वोट की रक्षा के लिए एकजुट हैं। चाहे सिर्फ एक वोट को बचाने की बात ही क्यों न हो, हम उसकी सुरक्षा के लिए भी खड़े हैं।"

02:09 PM, 01-Nov-2026

सलमान खुर्शीद बोले- जनता सड़कों पर उतर आई है

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, "आप देख सकते हैं कि बड़ी संख्या में लोग बाहर निकले हैं। जनता सड़कों पर उतर आई है। यह पूरे देश के माहौल को दर्शाता है और दिखाता है कि जो कुछ किया गया है, उसके खिलाफ लोग कितनी मजबूती से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।"

01:54 PM, 01-Nov-2026

असम के सीएम सरमा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के नेताओं से एक अपील की है। उन्होंने कहा, ''आज ही के दिन 1984 में दिल्ली और देश के कई अन्य हिस्सों में सिख समुदाय का नरसंहार हुआ था। ऐसे दिन दिल्ली में इतना हंगामा करना सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। आप यह रैली किसी दूसरे दिन भी कर सकते थे, लेकिन शायद सिख समुदाय के प्रति असंवेदनशीलता आपके डीएनए में है। खैर, जब आप सभी इस समय एक ही जगह पर जुटे हैं, तो कम से कम मंच से देश के सिख समुदाय से माफी मांगिए और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखिए। आपकी दादी की हत्या का बदला लेने की आग में आपके पिता और उनके सहयोगियों के नेतृत्व में 3,000 से अधिक सिखों का कत्लेआम किया गया था। एक बार माफी मांग लीजिए और फिर अपना कार्यक्रम जारी रखिए।''

01:49 PM, 01-Nov-2026

गिरिराज सिंह ने साधा राहुल गांधी पर निशाना

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "मुझे यह देखकर हंसी आती है कि क्या वे देश के मतदाताओं को मूर्ख समझते हैं? अगर उनका दावा है कि 13 करोड़ नाम प्रभावित हुए हैं, तो वे इसका पूरा ब्योरा क्यों नहीं देते? इनमें से कितने नाम मृत लोगों के हैं? कितने नाम मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों के हैं? कितने ऐसे लोगों के नाम हैं, जिनका पता सत्यापित नहीं किया जा सका? अगर उनमें हिम्मत है, तो उन्हें गांव-गांव जाकर लोगों से पूछना चाहिए कि उनके परिवारों के कितने नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। जनता को मूर्ख मत समझिए। कोई वोट चोरी नहीं हुई है, लोगों ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है।"

01:47 PM, 01-Nov-2026

आईयूएमएल के सांसद मोहम्मद बशीर बोले- हम हासिल करेंगे जीत

'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली पर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के सांसद ईटी मोहम्मद बशीर ने कहा, "यह वास्तव में बहुत शानदार है। हमें पूरा भरोसा है कि हम इस प्रयास में सफल होंगे और बड़ी जीत हासिल करेंगे।" कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, "मैं मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर इस रैली में शामिल हो रहा हूं। मुझे लगता है कि हां, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा देंगे।"

01:36 PM, 01-Nov-2026

विपक्ष के नेता कुछ देर में शुरू करेंगे रामलीला मैदान तक मार्च

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, नेशनल कॉन्फ्रेंस सांसद फारूक अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले, टीएमसी नेता ममता बनर्जी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और अन्य नेता मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च शुरू करेंगे। यहां कुछ ही देर में इंडिया ब्लॉक की रैली शुरू होगी।

01:18 PM, 01-Nov-2026

व्यापारियों के नुकसान पर क्या बोले राहुल गांधी?

राहुल गांधी ने रामलीला मार्च के दौरान कहा कि हमने रैली में आने वालों से यहां शॉपिंग करने की अपील की थी, जिससे दुकानदारों का फायदा हो सके। लेकिन कनॉट प्लेस आते समय पता चला है कि भाजपा ने जबरदस्ती सारी दुकानें बंद करवा दी हैं। देश देख रहा है कि भाजपा दुकानदारों का नुकसान कर रही है।

01:15 PM, 01-Nov-2026

सपा सांसद रामगोपाल यादव बोले- भाजपा बोलती है हमेशा झूठ

इंडिया ब्लॉक की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली पर समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, "यह अभूतपूर्व रैली है। भाजपा हमेशा झूठ बोलती है। उनकी बातों पर कौन भरोसा कर सकता है?"

01:12 PM, 01-Nov-2026

टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने बंगाल के पूर्व सीईओ पर क्यों साधा निशाना?

टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने सीईसी ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए कहा, "पूरे देश में इतने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्हें इस्तीफा देकर इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।" टीएमसी सांसद ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, "उस व्यक्ति को देखिए, जो पहले सीईओ था। अब वह मुख्यमंत्री का निजी सचिव और फिर मुख्य सचिव बन गया है। उसने भी बेहद अन्यायपूर्ण तरीके से काम किए हैं।"

12:43 PM, 01-Nov-2026

राहुल गांधी के साथ बस में कौन-कौन से नेता सवार?

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा, फारुक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, सुप्रिया सुले अभिषेक बनर्जी, केसी वेणुगोपाल और अन्य नेता खुली बस में बैठकर रामलीला मैदान की ओर रवाना हुए।

12:33 PM, 01-Nov-2026

राहुल गांधी के साथ मिंटो ब्रिज के लिए रवाना हुए विपक्षी दलों के नेता और सांसद

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर से इंडिया ब्लॉक के सांसद मिंटो ब्रिज के लिए रवाना होना शुरू हो चुके हैं। राहुल गांधी भी इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ खुली बस में मिंटो ब्रिज के लिए रवाना हुए।

12:16 PM, 01-Nov-2026

हिमंत बिस्व सरमा बोले- घुसपैठियों को बचाने के लिए हो रही नौटंकी

हिमाचल प्रदेश के शिमला में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "राहुल गांधी इसलिए रो रहे हैं, क्योंकि एसआईआर प्रक्रिया के जरिए घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इन घुसपैठियों को बसाने के लिए ही वह यह पूरा ड्रामा कर रहे हैं। हालांकि, देश की जनता कभी भी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होने देगी। हम चुनाव आयोग और देश के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े हैं। वह पागल हैं, उन्हें मानसिक अस्पताल में होना चाहिए।"

उन्होंने आगे कहा, "बंगाल और असम जैसे राज्यों में घुसपैठियों का मुद्दा हर कोई स्वीकार करता है। सुप्रीम कोर्ट से लेकर संसद तक इस पर चर्चा हुई है। अगर एसआईआर नहीं होगा, तो घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से कैसे हटाए जाएंगे? हमें 'बाबरों और औरंगजेबों' को मतदाता सूची से बाहर करने के लिए एसआईआर की जरूरत है।"

उन्होंने कहा, "हिमाचल प्रदेश और केरल में हुए चुनावों का क्या? क्या उन्हें भी रद्द कर देना चाहिए? रायबरेली से उनका अपना चुनाव क्या रद्द किया जाना चाहिए? कांग्रेस से कहिए कि पहले अपनी सरकारों से इस्तीफा दे, फिर हमसे बात करे। उन्हें लगता है कि उनकी अपनी सरकारें ठीक हैं, लेकिन जहां भाजपा सत्ता में है, वहां उन्हें वोट चोरी नजर आती है। यह कैसा दोहरा मापदंड है? यह पूरा ड्रामा सिर्फ घुसपैठियों को बचाने की कोशिश है, इसके अलावा कुछ नहीं।"

12:09 PM, 01-Nov-2026

जेपी नड्डा बोले- भारत में सत्ता परिवर्तन का एजेंडा नहीं चलेगा

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों पर रामलीला मैदान में होने वाली रैली को लेकर निशाना साधा। उन्होंने सिख दंगों का जिक्र करते हुए कहा, 'राहुल गांधी, ध्यान से सुन लीजिए। यह भारत है, कोई 'बनाना रिपब्लिक' नहीं, जहां आप जब चाहें लोगों को आगजनी के लिए उकसा दें, दंगे भड़काएं या 'सत्ता परिवर्तन' का एजेंडा चलाने लगें। राहुल गांधी, ऐसे सपने देखना बंद कर दीजिए। भारत दुनिया का सबसे पुराना और सबसे मजबूत लोकतंत्र है। 1 नवंबर भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे बदनाम और काला दिन है। इसी दिन कांग्रेस पार्टी द्वारा पाले-पोसे गए गुंडों ने हमारे निर्दोष सिख भाइयों का नरसंहार किया था। हजारों सिख परिवार रातोंरात बेघर हो गए और हजारों महिलाओं ने अपने पति खो दिए। देश उस घटना को नहीं भूला है। आज भी दिल्ली की 'विधवा कॉलोनी' कांग्रेस के इतिहास के उस भयावह और खूनी अध्याय की गवाही देती है। उस गंभीर अपराध के लिए गांधी परिवार ने आज तक सिख समुदाय से ईमानदारी से माफी नहीं मांगी है। कांग्रेस की असंवेदनशीलता और राहुल गांधी की छोटी सोच देखिए। इस काले दिन, जब देश को अपने शहीदों और पीड़ितों को याद करना चाहिए, राहुल गांधी रामलीला मैदान में खड़े होकर सिर्फ अपना राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ाने में लगे हैं।"
 

12:03 PM, 01-Nov-2026

सपा सांसद इकरा हसन बोलीं- सड़कों पर उतरना ही जनता के पास एकमात्र रास्ता

समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कहा, "जब जनता अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरती है और उसका सभी संस्थाओं से भरोसा उठ जाता है, तो इसकी वजह यह होती है कि आपने हर जगह स्वतंत्र और निष्पक्ष संस्थाओं के अस्तित्व को योजनाबद्ध तरीके से खत्म कर दिया है। ऐसे में लोकतंत्र में जनता के पास यही एक रास्ता बचता है। इसके अलावा, यह हमारा मौलिक अधिकार है। आज हम सत्ता में बैठे लोगों को दिखा देंगे कि यह मुद्दा सिर्फ राजनीतिक पार्टियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इस देश की जनता से जुड़ा हुआ मुद्दा है।"

11:58 AM, 01-Nov-2026

भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोले- व्यापारियों को नहीं हो रहा कोई नुकसान

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "राहुल गांधी के आह्वान पर लाखों लोग यहां पहुंच रहे हैं। इंडिया ब्लॉक के सभी नेता इस रैली में शामिल होंगे। यह जनता की आवाज है और ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ना होगा।  व्यापारियों को कोई नुकसान नहीं हो रहा है। जब लोग यहां आएंगे, तो वे कुछ न कुछ खरीदारी भी करेंगे।"

11:53 AM, 01-Nov-2026

इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर क्या बोले सपा सांसद प्रिया सरोज और जियाउर्रहमान बर्क?

समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने कहा, "हम इस रैली में इसलिए शामिल हो रहे हैं, क्योंकि यह जनता की मांग है। लोग चाहते हैं कि हम उन आरोपों पर सरकार से जवाब मांगें, जो लगातार लगाए जा रहे हैं। विपक्ष लंबे समय से चुनाव आयोग की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठा रहा है। लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं। मैं कहना चाहूंगी कि अगर सब कुछ ठीक है, तो आयोग सामने आए और तथ्यों व सबूतों के आधार पर जवाब दे। केवल राजनीतिक बयानबाजी न करे। हम लगातार कह रहे हैं कि अगर आप सही हैं, तो प्रेस कॉन्फ्रेंस कीजिए। लेकिन आप न तो प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पा रहे हैं और न ही सवालों के जवाब दे रहे हैं। ऐसे में जनता को यह समझ आने लगा है कि चुनाव आयोग एक ही पार्टी को बचाने और उसे सत्ता में बनाए रखने के लिए काम कर रहा है। इससे एक संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग की छवि का मजाक बनकर रह गई है।"

समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा, "हम पूरी तरह एकजुट हैं और आज पूरी ताकत के साथ इस रैली को सफल बनाएंगे। भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन इस रैली को रोकने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे इसमें सफल नहीं होंगे। हमारी रैली पूरी ताकत के साथ होगी। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और एसआईआर पर रोक नहीं लगाई जाती, तब तक हम इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेंगे।"

11:42 AM, 01-Nov-2026

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एसआईआर को लेकर किस पर साधा निशाना?

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "हमें मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित चाहिए। यह बेहतर होगा कि मतदाता सूची में एक-दो मृत लोगों के नाम रह जाएं, लेकिन 13 करोड़ वास्तविक मतदाताओं के नाम न हटाए जाएं।" उन्होंने आगे कहा, "भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकार चुनाव आयोग द्वारा नहीं छीने जाने चाहिए। आयोग ने जो किया, वह पूरी तरह गलत था। इस देश में पिछले 80 वर्षों से हम बिना ऐसी किसी समस्या के स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराते आए हैं। इस दौरान कभी इतनी बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाए गए।"

उन्होंने कहा, "आप 13 करोड़ मतदाताओं के नाम नहीं काट सकते। जैसा कि राहुल गांधी ने कल बताया था, भारत की वयस्क आबादी के 15 फीसदी लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। यह स्वीकार्य नहीं है। यह एक गंभीर समस्या है। हम सभी को साथ लेकर चलना चाहते हैं। पूरा इंडिया ब्लॉक यहां मौजूद है। हम इस रैली को लेकर उत्साहित हैं। इसके जरिए पूरा देश संवैधानिक संस्थाओं को स्पष्ट संदेश देना चाहता है कि भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए।"

11:40 AM, 01-Nov-2026

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी बोले- भाजपा की तानाशाही सरकार की विदाई तय

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, "1942 में महात्मा गांधी के आह्वान पर पूरा देश अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई लड़ने के लिए जाग उठा था। आज भी भारत की जनता ने वोटों की चोरी रोकने और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प ले लिया है।  कुछ लोग यहां आएंगे, तो कुछ मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगे। भाजपा की तानाशाही सरकार की विदाई अब तय है।"

11:38 AM, 01-Nov-2026

पवन खेड़ा बोले- केंद्रीय गृह मंत्री और सरकार डरे हुए हैं

इंडिया ब्लॉक की रैली में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "अब आप देख सकते हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री और पूरी सरकार किस तरह डरी हुई है। बार-बार बयान जारी कर धारा 163 का हवाला दिया जा रहा है। लेकिन जब नितिन नवीन सड़कों पर निकलते हैं, तब यह धारा 163 लागू नहीं की जाती। अब जब इंडिया ब्लॉक के आह्वान पर लोग बाहर निकल रहे हैं, तो सरकार बेचैन हो रही है। घबराइए मत, घबराने की कोई जरूरत नहीं है। यह देश की आवाज है और आपको इसे सुनना ही पड़ेगा।"

11:38 AM, 01-Nov-2026

इंडिया गठबंधन की रैली से पहले क्या बोले अशोक गहलोत?

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, "लोकतंत्र को बचाने के लिए यह बहुत बड़ी रैली हो रही है। यह सिर्फ कांग्रेस या INDIA गठबंधन की रैली नहीं है, बल्कि सभी के लिए एक मंच है। हमें देश को कैसे बचाना है? देश में लोकतंत्र को कैसे कायम रखना है? यह आज की युवा पीढ़ी के सामने एक बड़ी चुनौती है। अगर उन्होंने अभी इस पर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाली पीढ़ियां उन्हें कभी माफ नहीं करेंगी।"

11:33 AM, 01-Nov-2026

कनॉट प्लेस से निकलेगा विपक्ष का मार्च, राहुल गांधी ने किया एलान

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने रामलीला मैदान पर होने वाली रैली और उससे पहले के मार्च को लेकर एक्स पर जानकारी दी। राहुल गांधी ने कहा, ''दिल्ली, तैयार हो जाओ। वोट बचाओ, देश बचाओ। कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं। या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं - मगर, आना जरूर है। आज- दोपहर 12 बजे।'' 
 

11:29 AM, 01-Nov-2026

सीपीआईएम सांसद अमरा राम बोले- 2024 का चुनाव पूरी तरह फर्जी था

सीपीआई(एम) सांसद अमरा राम ने कहा, "यह (एसआईआर) सीधे तौर पर लोकतंत्र की निर्मम हत्या है। इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता। बाबा साहेब के संविधान ने देश के नागरिकों को वोट देने का अधिकार दिया है। 13.5 करोड़ लोगों के वोट काट दिए गए हैं। अकेले राजस्थान के झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में ही 68 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। इसका मतलब है कि 2024 का चुनाव पूरी तरह फर्जी था। इसे रद्द किया जाना चाहिए। मतदाता सूची से हटाए गए सभी नामों को दोबारा शामिल किया जाए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।"

11:21 AM, 01-Nov-2026

अखिलेश यादव बोले- डबल इंजन सरकार हो गई डबल जीरो

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निवास पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं का पहुंचना शुरू हो चुका है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, टीएमसी सांसदों समेत विपक्ष के कई बड़े नेता पहुंचे। इस दौरान इंडिया ब्लॉक की रैली में पहुंचने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "अन्याय की सारी हदें पार हो चुकी हैं। अब तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने खुद स्वीकार किया है कि 1.27 करोड़ वोट कम हो गए हैं। उन्हें इसकी याद कब आई? तब, जब वह एमएलसी का चुनाव हार गए। जो लोग 'डबल इंजन सरकार' की बात करते थे, वे अब 'डबल जीरो' हो गए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने एक बार भी अपनी हार स्वीकार नहीं की। वे चुनाव आयोग के पास गए और दोबारा मतगणना कराई। अब जरा सोचिए, एक ही चुनाव में डबल इंजन सरकार, डबल जीरो और दोहरी हार। इसके बाद वे क्या दावा कर रहे हैं? उनका कहना है कि 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट गायब हैं। उन्हें यह जानकारी कहां से मिली? यह आंकड़ा किसने दिया?"

उन्होंने कहा, "यह ऐसा आंकड़ा नहीं है, जिसे कोई सड़क से उठाकर ले आए या कोई भी व्यक्ति किसी को दे दे। अगर कोई मंत्री ऐसा बयान दे रहा है और वह भी उत्तर प्रदेश में, जहां से प्रधानमंत्री आते हैं, तो वह यह बयान कब दे रहा है? किसी के वहां जाकर लौट आने के बाद। ऐसे में आरोप किस पर लगाया जा रहा है? अगर 1.70 करोड़ वोट गायब हैं, तो सरकार दूसरों पर क्या आरोप लगा रही है? सरकार यह भी दावा कर रही है कि लाखों लाभार्थियों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। ऐसे में उन लोगों को भी रामलीला मैदान पहुंचना चाहिए, क्योंकि यह अन्याय और झूठे वादों के खिलाफ आंदोलन है।"

11:10 AM, 01-Nov-2026

इंडिया ब्लॉक की रैली पर क्या बोलीं जेएमएम की महुआ माजी?

दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की नेता महुआ माजी ने कहा, "लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी है कि वह जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करे। मतदाता सूची से लगातार लोगों के नाम हटाए जाने के कारण जनता परेशान है। INDIA गठबंधन ने इस मुद्दे पर माननीय राष्ट्रपति से अपील की है। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट से भी गुहार लगाई गई है।"

उन्होंने कहा, "हम लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं। कल सार्वजनिक महाभियोग अभियान चलाया गया और आज हम रामलीला मैदान में जुटे हैं। हमें उम्मीद है कि केंद्र सरकार अब कम से कम जागेगी। सरकार को इस पद पर टीएन शेषन जैसे ईमानदार अधिकारी की नियुक्ति करनी चाहिए।"

माजी ने कहा, "प्रधानमंत्री को अब नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के साथ मिलकर इस पद पर किसी योग्य व्यक्ति की नियुक्ति करनी चाहिए, जो जनता का भरोसा जीत सके। वास्तविक मतदाताओं समेत करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाना लोकतंत्र पर हमला है। हमारा लोकतांत्रिक देश एक तरह से निरंकुशता की ओर बढ़ रहा है। हम इसका विरोध करते हैं और इसी वजह से यह रैली आयोजित की जा रही है।"

10:51 AM, 01-Nov-2026

टीएमसी सांसद सागरिका घोष बोलीं- अब ज्ञानेश कुमार को देना होगा इस्तीफा

इंडिया ब्लॉक की रैली से पहले टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने कहा, "अब हालात में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। ज्ञानेश कुमार अब अपने पद पर नहीं रह सकते, उन्हें इस्तीफा देना होगा। उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित हो चुका है। अब वह कहां जाएंगे, कहां भागेंगे और कहां छिपेंगे? सरकार को अब औपचारिक कार्रवाई करते हुए जरूरी प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए, ताकि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जा सके।"

उन्होंने कहा, "आज रामलीला मैदान में होने वाली रैली से उठने वाली आवाज संसद तक गूंजेगी। हम सभी एकजुट हैं और अपनी मांग से पीछे नहीं हटेंगे। ज्ञानेश कुमार को अपना पद छोड़ना होगा। साथ ही, चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता का जो भरोसा टूटा है, उसे बहाल करने के लिए सरकार को ठोस प्रयास करने चाहिए।"

10:49 AM, 01-Nov-2026

भाजपा ने विपक्ष की रैली पर साधा निशाना, कहा- लगने वाला है ठगों का मेला

भाजपा ने इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान में होने वाली रैली पर निशाना साधा। भाजपा ने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा, ''आज दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर से लगने वाला है - “ठगों का मेला” मकसद - अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए देश विरोधी ताकतों के इशारे पर देश में अफवाह व अराजकता फैलाना।'

10:35 AM, 01-Nov-2026

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत बोले- लोग बैरिकेड तोड़कर रामलीला मैदान पहुंचेंगे

इंडिया ब्लॉक की रैली पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने कहा, "लाखों लोग यहां पहुंच रहे हैं। उन्हें रोकने की बड़ी कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन जितना ज्यादा लोगों को रोकने का प्रयास होगा, भीड़ उतनी ही बढ़ती जाएगी। लोग सभी बैरिकेड तोड़कर यहां पहुंचेंगे। वे सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। वे इस सरकार को नहीं चाहते। आज रामलीला मैदान में हम जिस ताकत का प्रदर्शन करने जा रहे हैं, वह किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि पूरे देश की ताकत है। यह देश की शक्ति है। देश के लोग इसमें शामिल होंगे।"

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की आंखों के सामने दिल्ली में इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहेंगे। व्यापारियों को लेकर वास्तव में कोई चिंता नहीं है। इस देश में केवल दो ही 'व्यापारी' हैं, मोदी जी और शाह जी। उन्हें निश्चित रूप से नुकसान हो रहा है। अगर ऐसे आंदोलनों से उन्हें नुकसान होता है, तो होने दीजिए।"

10:27 AM, 01-Nov-2026

रामलीला मैदान रैली पर भाजपा प्रवक्ता बोले- ये राहुल गांधी को दोबारा लॉन्च करने की कोशिश

इंडिया ब्लॉक की रैली पर भाजपा प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा, "रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की रैली वास्तव में राहुल गांधी को दोबारा लॉन्च करने की एक और कोशिश है। यह एक महंगा पीआर अभियान है, ताकि राहुल गांधी को उनकी छुट्टियों के बीच, खासकर रविवार के दिन व्यस्त रखा जा सके। इस रैली में कांग्रेस पार्टी और खासकर राहुल गांधी को कुछ सवालों के जवाब देने चाहिए। अब तक वह वोट चोरी के आरोपों के समर्थन में सबूत देने में नाकाम क्यों रहे हैं? अगर वोट चोरी हुई है, तो राहुल गांधी लोकसभा की दो सीटों से चुनाव कैसे जीत गए और उनके खाली किए गए वायनाड सीट से उनकी बहन कैसे जीत गईं?"

उन्होंने कहा, "अगर वोट चोरी हुई है, तो कांग्रेस पार्टी तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में चुनाव कैसे जीत गई? तमिलनाडु में 59 साल से अधिक समय से कांग्रेस का कोई मुख्यमंत्री क्यों नहीं बना? बंगाल में 49 साल, सिक्किम में 42 साल, उत्तर प्रदेश में 37 साल, बिहार में 36 साल, गुजरात में 30 साल, ओडिशा में 26 साल, नगालैंड में 23 साल और महाराष्ट्र में 12 साल से कांग्रेस की सरकार क्यों नहीं बनी?"

10:06 AM, 01-Nov-2026

रैली से पहले खरगे के निवास के बाहर सुरक्षा जांच तेज

इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान में होने वाली रैली से पहले मिंटो ब्रिज से विपक्षी दलों का मार्च निकलने की संभावना है। इसके मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निवास के बाहर खड़ी सांसदों और अन्य नेताओं को ले जानी वाली बसों की सुरक्षा जांच की गई।

09:55 AM, 01-Nov-2026

सपा नेता एसटी हसन बोले- देश में 'जिसकी लाठी, उसकी भैंस' का सिद्धांत हावी

इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान में होने वाली रैली को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन ने कहा, ''अगर सरकार हस्तक्षेप नहीं करती है और रैली को होने देती है, तो यह ऐतिहासिक साबित होगी। यह रैली देश को बचाने, संविधान की रक्षा करने और लोकतंत्र को सुरक्षित रखने के लिए है। इस समय दुनिया भर में यह संदेश जा रहा है कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र प्रभावी रूप से एक छद्म लोकतंत्र बन गया है। यहां वोटों की चोरी होती है, निष्पक्ष चुनाव नहीं होते और 'जिसकी लाठी, उसकी भैंस' का सिद्धांत हावी है। हमारा मानना है कि हर भारतीय का कर्तव्य है कि वह अपने देश के लिए आवाज उठाए और लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस रैली का समर्थन करे।''

09:46 AM, 01-Nov-2026

आरजेडी कार्यकर्ता भी पहुंचे रामलीला मैदान

इंडिया ब्लॉक की रैली में पहुंचे आरजेडी के एक कार्यकर्ता ने कहा, ''देशभर से लोग यहां पहुंच रहे हैं। इस रैली में ऐतिहासिक भीड़ जुटेगी और यह एक ऐतिहासिक रैली होगी। जनता अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरी है। ऐसा नहीं है कि कोई अपने लिए, किसी दूसरे के लिए या किसी खास पार्टी के लिए लड़ रहा है। यह लड़ाई संविधान को बचाने के लिए है। लंबे संघर्ष के बाद संविधान में मतदान का अधिकार मिला था और आज जनता अपने इसी अधिकार को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। लोग अपने वोट की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने जिस तरह चुनाव आयोग को शक्तिहीन और अप्रभावी बना दिया है, यह लड़ाई उसकी इस स्थिति को खत्म करने के लिए है।''

09:41 AM, 01-Nov-2026

सीपीआई सांसद पी. संतोष बोले- रात से ही जुटने लगे थे लोग

इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर सीपीआई सांसद पी. संतोष ने कहा, ''रामलीला मैदान में एक विशाल रैली होने जा रही है। इससे पहले अलग-अलग राज्यों से लोग मार्च करते हुए रामलीला मैदान पहुंचेंगे। सांसद और अन्य नेता भी अलग-अलग स्थानों पर जुटेंगे। लोगों ने कल रात से ही दिल्ली पहुंचना शुरू कर दिया था। वे ट्रेन और ट्रकों के जरिए यहां आ रहे हैं। ऐसे में रैली में लोगों का भारी हुजूम उमड़ने की उम्मीद है।''

उन्होंने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि आज पूरी दुनिया का ध्यान किसी न किसी रूप में हमारे शहर पर होगा। आज दिल्ली पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र और राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगी, क्योंकि इस रैली में 10 लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।''

09:25 AM, 01-Nov-2026

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने क्या बताया?

दिल्ली पुलिस के डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर ने बताया कि 'लोग रैली में आना शुरू हो गए हैं। हमारी भी पूरी तैयारी है। हम रैली में आने वाले लोगों की सुविधा का ध्यान रख रहे हैं और साथ ही हमारी ये भी कोशिश है कि स्थानीय लोगों को भी कोई परेशानी न हो। हमने रैली स्थल पर पूरा प्रबंध किया हुआ है। साथ ही मार्च के रूट पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।'

डीसीपी रोहित राजबीर ने कहा, हमने पूरे इलाके में 200-250 कैमरे लगाए हैं। रैली आयोजनकर्ताओं ने भी अपने कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं और साथ मिलकर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं। 

09:10 AM, 01-Nov-2026

दिल्ली: हिमाचल भवन में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता

दिल्ली के मंडी हाउस में स्थित हिमाचल भवन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए।

09:08 AM, 01-Nov-2026

रामलीला मैदान में कार्यकर्ताओं का आना शुरू, रैली स्थल पर कुछ जगहों पर अभी भी भरा पानी

इंडिया ब्लॉक की रैली से पहले रामलीला मैदान में सुबह से ही कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया है। रामलीला मैदान के कुछ हिस्से में अभी भी पानी भरा होने के दृश्य सामने आए हैं। 

08:34 AM, 01-Nov-2026

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत बोले- आज की रैली जनता की आवाज

इंडिया ब्लॉक की आज होने वाली रैली को लेकर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा, ''मुद्दा सिर्फ किसी एक व्यक्ति का नहीं है, बल्कि एक संस्था को बचाने और अपने लोकतांत्रिक मूल्यों व लोकतांत्रिक संस्थाओं को सुरक्षित रखने का है। आपने देखा होगा कि हमने इंडिया ब्लॉक के विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों और नागरिक समाज के सदस्यों को शामिल करते हुए मॉक महाभियोग की प्रक्रिया कैसे आयोजित की थी।'

उन्होंने कहा, ''मेरे विचार से इसके लिए जिम्मेदार लोगों को शर्म महसूस करनी चाहिए और उन्हें खुद ही इस्तीफा दे देना चाहिए। हमारी चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो चुकी है। इसीलिए हम कहते हैं कि आज की रैली जनता की आवाज है। असल में यह जनता की अपनी रैली है।''

08:09 AM, 01-Nov-2026

रामलीला मैदान के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक की दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली के मद्देजनर राजधानी में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों के साथ ही अन्य सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए हैं।

07:30 AM, 01-Nov-2026

डोटासरा का दावा- दिल्ली में 10 लाख लोग जुटेंगे, NDA गठबंधन के लिए अब उल्टी गिनती शुरू

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना होने वाली है, जो सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगी। उन्होंने बताया कि INDIA गठबंधन के नेतृत्व में, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ, 10 लाख से अधिक लोग एक विशाल प्रदर्शन और रैली के लिए एकजुट हो रहे हैं। इसका उद्देश्य देश के संविधान, राष्ट्र और नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा करना है। डोटासरा ने दावा किया कि दिल्ली ने अपने पूरे इतिहास में इतनी बड़ी रैली कभी नहीं देखी होगी। उन्होंने इस प्रयास को लोकतंत्र की रक्षा के लिए ऐतिहासिक बताया। डोटासरा के अनुसार, यह आंदोलन 2028 में यहां कांग्रेस सरकार और 2029 में राष्ट्रीय स्तर पर INDIA गठबंधन सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और NDA गठबंधन के लिए अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

07:05 AM, 01-Nov-2026

विपक्ष के आंदोलन पर मणिपुर की भाजपा अध्यक्ष क्या बोलीं?

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की 'वोट बचाओ-देश बचाओ' रैली को लेकर मणिपुर की भाजपा अध्यक्ष ए. शारदा देवी ने कहा, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब देश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) किया गया है। 20 साल बाद एसआईआर हुआ है। ऐसे रिव्यू पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल के दौरान भी किए गए थे। उनकी धारणा है कि वे जो भी काम करते हैं वही 'अच्छा' है—लेकिन उनसे पूछना चाहिए, क्या फिलहाल वे जो कर रहे हैं वह सच में अच्छा है? उन्हें बताना चाहिए कि उनके समय में किए गए एसआईआर और अब कराए जा रहे SIR में क्या अंतर है?

06:50 AM, 01-Nov-2026

गहलोत बोले: देश में असहमति बर्दाश्त नहीं, संस्थाएं दबाव में

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने देश की मौजूदा स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। रामलीला मैदान में आयोजित रैली से पहले उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा स्थिति जैसी होनी चाहिए, उसके बिल्कुल विपरीत है। गहलोत ने आरोप लगाया कि आज असहमति को भी बर्दाश्त नहीं किया जाता। सवाल पूछने वाले को देशद्रोही करार दिया जाता है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका, जांच एजेंसियां और चुनाव आयोग जैसी सभी संस्थाएं दबाव में हैं। यह सब सबके सामने स्पष्ट है। गहलोत ने युवा और जेन-जी पीढ़ी से कांग्रेस और भाजपा के बयानों की पड़ताल करने की अपील करते हुए कहा, इतिहास का अध्ययन करना भी जरूरी है। बिना इस अध्ययन के वे अपनी विचारधारा नहीं बना पाएंगे और न ही देश की सेवा कर पाएंगे। देश की सेवा के लिए तथ्यों का अध्ययन करना और सच्चाई के साथ खड़ा होना महत्वपूर्ण है।

06:35 AM, 01-Nov-2026

रामलीला मार्च की तैयारियों में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता और सेवादल सदस्य

दिल्ली के रामलीला मैदान में आहूत रैली की तैयारियों का जायजा लेने प्रियंका गांधी खुद देर रात पहुंचीं थीं। रविवार तड़के आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा सेवादल के सदस्य रामलीला मैदान में ठंड के बावजूद पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।

06:08 AM, 01-Nov-2026

INDIA ब्लॉक की रैली पर कानून मंत्री मेघवाल ने उठाए सवाल

आज रामलीला मैदान में होने वाली रैली पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सवाल उठाए हैं। विपक्षी दलों के गठबंधन- इंडिया ब्लॉक के आह्वान को लेकर उन्होंने कहा, सहयोगी दल भी इस तारीख पर प्रदर्शन के पक्ष में नहीं। मेघवाल ने 1 नवंबर को इंदिरा गांधी की हत्या (1984) के बाद दिल्ली में सिख विरोधी अत्याचारों का भी जिक्र किया। उन्होंने राहुल गांधी पर संवेदनशीलता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा, सिख प्रतिनिधियों के अलावा दिल्ली के व्यापार संगठनों ने भी दिवाली के चलते तारीख बदलने का अनुरोध किया। थोक व्यापारी साल भर इस समय का इंतजार करते हैं। लाखों लोगों के जमावड़े से बाजार बाधित होंगे, दुकानें बंद होंगी और ग्राहक नहीं पहुंच पाएंगे। लेकिन राहुल गांधी उनकी बात सुनने और तारीख बदलने को तैयार नहीं हैं।

05:45 AM, 01-Nov-2026

केरल, यूपी और बंगाल से दिल्ली पहुंचे दिग्गज; ममता बनर्जी पर क्या बोले मंत्री शरदवत मुखर्जी?

केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत कई नेता रामलीला मैदान की रैली के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शामिल होने को लेकर सीएम शुभेंदु अधिकारी की सरकार में मंत्री शरदवत मुखर्जी ने कहा, 'वे अपना राजनीतिक वजूद बचाए रखने के लिए तैरना सीखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे तैर नहीं पा रहे हैं। वे बंगाल में पूरी तरह डूब चुके हैं। अब दिल्ली में हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी, ममता बनर्जी को पॉलिटिकल लाइफलाइन दे रहे हैं। ममता बनर्जी अब वाम मोर्चे से भी हाथ मिला रही हैं। ये वही समूह है जिसे राहुल गांधी ने कभी समाज का दुश्मन कहा था। उन्होंने गठजोड़ पर तंज कसते हुए कहा, 'बंगाल की आंटी और दिल्ली का बच्चा आजकल हाथ में हाथ डालकर चल रहे हैं।

अभिषेक बनर्जी पर तल्ख टिप्पणी, दाऊद का जिक्र क्यों?
ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के बारे में एक सवाल पर शरदवत मुखर्जी ने कहा, 'हमें इन चोरों और ठगों के बयानों पर भरोसा नहीं है, और न ही हम उन पर कमेंट करना चाहते हैं। अगर हम उनकी बात सुनने लगें, तो दाऊद इब्राहिम भी भाषण देने लग सकता है। ये लोग दाऊद के बराबर हैं। उनके संस्कार खराब हो गए हैं, और वह नासमझ है। मैं अब भी उससे कह रहा हूं कि सुधर जाओ और सही रास्ते पर लौट आओ।'

05:20 AM, 01-Nov-2026

आंदोलन और महाभियोग से पहले भाजपा ने कांग्रेस प्रमुख खरगे से क्या कहा?

इंडिया ब्लॉक की तरफ से आंदोलन के आह्वान और ज्ञानेश कुमार के विरोध पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा, विपक्ष देश में अराजकता, भ्रम और डर फैलाकर भाई-भतीजावाद और वंशवाद की राजनीति का राज स्थापित करने की ताक में है। उन्होंने कांग्रेस प्रमुख से कहा, 'ऐसा कभी नहीं होगा, खरगे साहब। चाहे आप प्रधानमंत्री के पिता को गाली दें, उनकी मां को गाली दें, देश के लोगों को गाली दें, या किसी खास धर्म के लोगों को गाली दें, आपकी बातों में अब कोई तथ्य नहीं बचा है।' बकौल गौरव वल्लभ, अगर विपक्ष के पास इतने बड़े और गंभीर आरोप लगाने से पहले आपके पास एक भी तथ्य है, तो उस तथ्य को देश के सामने रखें, उस तथ्य को कोर्ट के सामने रखें। भ्रम, डर और अराजकता फैलाना बंद करें।

05:05 AM, 01-Nov-2026

कांग्रेस सांसद बोले- रामलीला मैदान की विशाल रैली 'दूसरा स्वतंत्रता संग्राम'

कांग्रेस सांसद करमवीर सिंह बौद्ध ने कहा कि देश भर से बड़ी संख्या में लोग एक विशाल 'पंचायत' या रैली के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने इसे जनता के गहरे गुस्से का प्रतीक बताया। बौद्ध ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस सांविधानिक संस्थाओं के कामकाज में बाधा डाल रहे हैं। वे लाखों नागरिकों के वोट मनमाने ढंग से हटा रहे हैं, जिससे देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने सांप्रदायिक ध्रुवीकरण, रिकॉर्ड महंगाई और शिक्षा व्यवस्था के ध्वस्त होने का भी जिक्र किया। सांसद ने सभी नागरिकों से, जाति या धर्म की परवाह किए बिना, देश को बचाने के लिए इस 'दूसरे स्वतंत्रता संग्राम' में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह जमावड़ा हाल के वर्षों में किसी भी त्योहार या आयोजन से बड़ा है। बौद्ध ने व्यापारियों से भी इस संघर्ष में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की।

04:25 AM, 01-Nov-2026

यूपी से बड़ी संख्या में दिल्ली आए आंदोलनकारी, कांग्रेस की अपील-  दोपहर 12 बजे से जुटना शुरू करें

रैली में उत्तर प्रदेश से करीब एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि करीब 25 हजार से ज्यादा लोग शनिवार शाम तक दिल्ली पहुंच गए हैं। कुछ जिलों से कार्यकर्ता दोपहर बाद निकले हैं, जो आज राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे। कांग्रेस ने  सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने समर्थकों से एक नवंबर को दोपहर 12 बजे सीपी जंक्शन (कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड) पर जुटने की अपील की है। यहां से रामलीला मैदान तक मार्च प्रस्तावित है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने केवल मैदान में रैली की अनुमति दी है, मार्च की नहीं। डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, मार्च के लिए कांग्रेस की ओर से अनुमति का कोई आवेदन नहीं मिला है। पुलिस इस संबंध में आयोजकों के संपर्क में है।

04:16 AM, 01-Nov-2026

दिल्ली के यातायात पर असर की आशंका, एडवाइजरी जारी

 

राजधानी दिल्ली में एक नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित एक बड़ी रैली को देखते हुए मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रह सकती है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक यातायात को नियंत्रित किया जा सकता है और आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- दिल्ली: आज रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

04:06 AM, 01-Nov-2026

रामलीला मैदान: भीड़ को नियंत्रित करने की खास रणनीति

रामलीला मैदान में आज होने वाली कांग्रेस की महारैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के सात हजार से अधिक जवान तैनात रहेंगे। मैदान के अंदर से लेकर आसपास की सड़कों तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे मैदान को 14 जोन में बांटा गया है।

ये भी पढ़ें- आज रामलीला मैदान में महारैली: 10 लाख लोगों के जुटने का दावा, पुलिस को 70 हजार का अनुमान; सात हजार जवान तैनात

03:22 AM, 01-Nov-2026

रामलीला मैदान में रैली: दिल्ली में 7000 पुलिसकर्मी तैनात

आज रैली में आने वाली भीड़ को देखते हुए दिल्ली में 7 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की कंपनियां तैनात रहेंगी। 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस को करीब 70 हजार लोगों के जुटने का इनपुट मिला है। इसी के आधार पर सुरक्षा योजना तैयार की गई है। शनिवार को पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने रामलीला मैदान पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को भीड़ के प्रवेश और निकासी मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। रैली से ठीक पहले शनिवार देर रात करीब पौने 11 बजे जारी एक वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा, बाहर से आ रहे लोग रैली भी करें और थोड़ी खरीदारी भी। इससे व्यापारियों की मदद हो जाएगी।

राहुल गांधी बोले- रामलीला मैदान की रैली में आएं, व्यापारियों की मदद भी करें

02:59 AM, 01-Nov-2026

LIVE: रामलीला मैदान से राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा, हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग के साथ चलो दिल्ली नाम के बड़े आंदोलन का आह्वान किया गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोगों से बड़ी संख्या में रामलीला मैदान की रैली में पहुंचने की अपील की है। 15 से अधिक विपक्षी दलों के गठबंधन- इंडिया ब्लॉक में शामिल पार्टियों ने इस रैली सह विरोध-प्रदर्शन का समर्थन किया है। इस आंदोलन में दिल्ली पुलिस ने लगभग 70 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया है। हालांकि, आंदोलनकारियों का कहना है कि रामलीला मैदान में आज करीब 10 लाख लोग जुटेंगे। आंदोलन से पहले दिल्ली में राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग की प्रक्रिया चलाई गई। इसमें शामिल विपक्षी दलों- समाजवादी पार्टी (सपा), बंगाल में मुख्यमंत्री रह चुकीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना के सांसदों के अलावा योगेंद्र यादव जैसे कार्यकर्ता और जंतर मंतर पर सीजेपी के आंदोलन के बाद अलग पहचान बना चुकीं छात्रा नेहा बोरा ने भी अपने विचार रखे। नेहा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की पीएचडी स्कॉलर और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की सदस्या भी हैं। इस लाइव ब्लॉग में रामलीला मैदान के आंदोलन से जुड़े तमाम अपडेट्स

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें