पालम एयरबेस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनएसए अजीत डोभाल, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और तीनों सेना प्रमुख भी मौजूद हैं।
पालम एयरबेस पहुंचे पीएम मोदी। सीडीएस जनरल बिपिन रावत और अन्य सैनिकों को दी श्रद्धांजलि। इसके बाद पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट भी पालम एयरबेस पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया।
एनएसए अजित डोभाल पालम एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे जान गंवाने वालों के परिजनों से मुलाकात की।
पालम एयरबेस पर सीडीएस बिपिन रावत की दोनों बेटियां भी मौजूद हैं। पार्थिव शरीर के यहां पहुंचते ही उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। इसके अलावा यहां कुछ दूसरे सैन्यकर्मियों के रिश्तेदार भी मौजूद हैं।
कुन्नूर में सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए सभी 13 मृतकों के पार्थिव शरीर को विमान से दिल्ली के पालम एयरबेस लाया गया। यहां सीडीएस जनरल बिपिन रावत और अन्य सभी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। पीएम मोदी, राजनाथ सिंह, एनएसए डोभाल और तीनों सेनाओं के प्रमुख श्रद्धांजलि देने यहां पहुंचेंगे।
सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर का अंतिम संस्कार कल दिल्ली कैंट में शाम 7.15 बजे किया जाएगा।
श्रीलंका के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ और सेना कमांडर जनरल शावेंद्र सिल्वा जनरल बिपिन रावत के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।
सेना के मुताबिक, अब तक केवल तीन पार्थिव अवशेषों की पहचान संभव हो पाई है (जनरल बिपिन रावत, मधुलिका रावत और ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर)। इनके अवशेषों को संबंधित परिवारों को सौंपा जाएगा। बाकी अवशेषों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सकारात्मक पहचान औपचारिकताएं पूरी होने तक पार्थिव शरीर सेना बेस अस्पताल के मुर्दाघर में रखा जाएगा। सभी मृतकों के उचित सैन्य अंत्येष्टि की योजना बनाई जा रही है और करीबी परिवार के सदस्यों के साथ परामर्श किया जा रहा है।
भारतीय सेना ने बताया कि सुलूर से भारतीय वायु सेना के विमान के आज शाम 7.40 बजे तक पालम हवाई अड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धांजलि समारोह 8.30 बजे से निर्धारित है।
हेलीकॉप्टर दुर्घटना में एकमात्र जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को इलाज के लिए बेंगलूरू के कमांड हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है। कैप्टन वरुण के पिता और कोयंबटूर के आधिकारिक सूत्रों ने वरुण की हालत पर कहा कि अब तक उनके तीन ऑपरेशन हो चुके हैं। उनकी हालत गंभीर है लेकिन स्थिर है।
पीएम मोदी आज रात करीब 9 बजे दिवंगत सीडीएस बिपिन रावत और अन्य सशस्त्र बलों के जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। रक्षा मंत्री, रक्षा राज्य मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और तीन सेना प्रमुख भी मौजूद रहेंगे।
सीडीएस बिपिन रावत और सशस्त्र बलों के अन्य जवानों का पार्थिव शरीर आज रात करीब आठ बजे दिल्ली पहुंचेगा। सैन्य विमान दुर्घटना में मारे गए जवानों के परिवार के कुछ सदस्य भी मौजूद रहेंगे।
राजस्थान के झुंझुनू जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर एक गांव में स्क्वाड्रन लीडर कुलदीप सिंह के दुखी रिश्तेदार उनके दाह संस्कार की तैयारी में व्यस्त हैं। सिंह का अंतिम संस्कार उनके घराना खुर्द गांव में महात्मा गांधी सरकारी स्कूल के मैदान में किया जाएगा और उन्हें विदाई देने के लिए हजारों लोगों के इकट्ठा होने की उम्मीद है। ग्राम सरपंच उम्मेद सिंह राव ने कहा कि शिक्षा विभाग ने सिंह के दाह संस्कार के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। स्कूल में उनकी प्रतिमा भी लगाई जाएगी।
कुन्नूर के पास हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए सशस्त्र बलों के कर्मियों में ब्रिगेडियर लखविंदर सिंह लिद्दर भी शामिल थे, जिन्होंने सीडीएस जनरल बिपिन रावत के रक्षा सहायक के रूप में त्रि-सेवा सुधारों पर बड़े पैमाने पर काम किया था। दूसरी पीढ़ी के सेना अधिकारी ब्रिगेडियर लिद्दर को जल्द ही मेजर जनरल के रूप में पदोन्नत किया जाना था। एक साल से अधिक समय तक जनरल रावत की टीम में एक प्रमुख सदस्य के रूप में सेवा करने के बाद वह अपनी अगली पोस्टिंग की तैयारी कर रहे थे। ब्रिगेडियर लिद्दर ने जम्मू और कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में बड़े पैमाने पर काम किया और चीन के साथ भारत की सीमाओं पर एक ब्रिगेड की कमान भी संभाली थी।
पुलिस ने गुरुवार को भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर दुर्घटना के संबंध में एक मामला दर्ज किया है। 8 दिसंबर को कुन्नूर के पास चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य लोगों की मौत हो गई थी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नीलगिरी जिला पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और एडीएसपी मुथुमनिकम को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और एनएसए अजीत डोभाल सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य कर्मियों को श्रद्धांजलि देने पालम एयरपोर्ट जा सकते हैं।
भारतीय वायु सेना के C-130J सुपर हरक्यूलिस परिवहन विमान में सभी 13 लोगों के पार्थिव शरीर को सुलूर से दिल्ली लाया जा रहा है। वायुसेना प्रमुख वहां से पहले ही दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, जनरल रावत, उनकी पत्नी और ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर सहित चार शवों की पहचान कर ली गई है।
तमिलनाडु: कुन्नूर सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए सीडीएस जनरल रावत, उनकी पत्नी और अन्य कर्मियों के अवशेषों को ले जाने वाली एम्बुलेंस नीलगिरी जिले के मद्रास रेजिमेंटल सेंटर से सुलूर हवाई अड्डे पर पहुंचीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने फूलों की पंखुड़ियों बरसाते हुए 'भारत माता की जय' के नारे लगाए।
महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल ने गुरुवार को कहा कि हमारे पहले CDS के जाने का ग़म हम सबके दिलों में है। इसके साथ ही कई सवाल हैं कि ये कैसे हो सकता है। दुनिया के बेहतरीन हेलिकॉप्टर में से एक हेलिकॉप्टर जिसमें CDS यात्रा कर रहे थे तो इस हादसे के पीछे कोई कारण तो नहीं? इसकी जांच होनी चाहिए।
CDS जनरल बिपिन रावत की मृत्यु पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज विधानसभा सत्र का पहला दिन था। हमने आज का दिन CDS बिपिन रावत जी को समर्पित किया है। उन्होंने मां भारती और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने का काम किया है। जो काम उन्होंने किए हम उसे भुला नहीं सकते हैं।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकसभा के संचालन पर रोष जताया है। उन्होंने कहा, "हेलिकॉप्टर दुर्घटना पर आज राजनाथ जी अपना बयान दे रहे थे तब हम सभी विपक्षी नेताओं की मांग रही कि हम सभी 2 मिनट के लिए दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहते हैं लेकिन सरकार और सभापति ने हमें इजाज़त नहीं दी। ये दर्शाता है कि यहां किस तरह का लोकतंत्र चल रहा है। इस घटना की हम निंदा करते हैं।"
तमिलनाडु में हेलीकॉप्टर क्रैश का शिकार हुए जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 जवानों के पार्थिव शरीर को मद्रास रेजिमेंटल सेंटर से सुलुर एयरबेस ले जाए जा रहे हैं। यहां से सभी के शव नई दिल्ली लाए जाएंगे, जहां उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा के एक कलाकार ने दिवंगत CDS जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि देने के लिए 8 फीट का चित्र बनाया। कलाकार जोया खान ने बताया, "मैं समाज में घटित घटनाओं पर आधारित चित्रों को कोयले से बनाता हूं। हमारे बीच बिपिन रावत जी नहीं रहें इस दुख की घड़ी में मैंने ये चित्र बनाया।"
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने तमिलनाडु में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर दुख जाहिर करते हुए कहा, "CDS बिपिन रावत जी, उनकी पत्नी और बाकी लोगों के प्रति मैं संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ये एक चिंता का विषय है कि इतने सुरक्षित विमान में ऐसी घटना कैसे हो गई। इसके लिए PM और रक्षा मंत्री ज़रूर कोई क़दम उठाएंगे जिससे ये हादसा क्यों हुआ इसका पता चल पाए।"
मद्रास रेजिमेंटल सेंटर में तमिलनाडु के मंत्री के.एन. नेहरू और अन्य मंत्रियों ने CDS बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 13 लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड विधानसभा में सीडीएस जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ कई कैबिनेट मंत्री और विधायक मौजूद रहे।
तमिलनाडु: वायु सेना के अधिकारियों ने कुन्नूर के पास हेलिकॉप्टर दुर्घटना स्थल से IAF Mi-17 के महत्वपूर्ण उपकरण बरामद किए।
तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हेलिकॉप्टर दुर्घटना स्थल से Mi-17V5 हेलिकॉप्टर का फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर बरामद किया गया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हेलीकॉप्टर क्रैश पर संसद में बयान दिया। उन्होंने पूरा घटनाक्रम बताते हुए कहा, "जनरल रावत अपने तय दौरे पर थे। कल 11.48 पर एमआई-17 हेलिकॉप्टर से उड़ान भरी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने लगभग 12.08 बजे अपना नियंत्रण खो दिया। बाद में कुछ लोगों ने इस हेलीकॉप्टर को आग की लपटों में देखा। स्थानीय प्रशासन का एक बचाव दल भी मौके पर पहुंच गया। उस अवशेष से जितने भी लोगों को निकाला गया, उन्हें वेलिंगटन के सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 14 में से 13 लोगों का निधन हो गया।"
तमिलनाडू के कुन्नूर में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा, "ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। देश ने एक अच्छे ऑफिसर को खो दिया है। इस घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 11 बजे लोकसभा में और फिर राज्यसभा में अपना बयान देंगे।"
दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संसद पहुंचे। रक्षा मंत्री आज दोनों सदनों में तमिलनाडु में हुई सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर बयान देंगे।
तमिलनाडु: कुन्नूर के पास हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले जवानों के पार्थिव शरीर को नीलगीरि के वेलिंगटन से मद्रास रेजिमेंटल सेंटर पहुंचाया गया। यहां सैनिकों को श्रद्धांजलि भी दी गई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज राज्यसभा में 11 बजे तमिलनाडु में हुई सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर बयान देंगे।
तमिलनाडु फोरेंसिक विज्ञान विभाग की टीम कुन्नूर के कैटरी के पास हुई हेलिकॉप्टर दुर्घटना स्थल पर पहुंचे, जहां कल CDS जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की मौत हुई। इस टीम का नेतृत्व फॉरेंसिक विज्ञान विभाग के निदेशक श्रीनिवासन कर रहे हैं।
तमिलनाडु में सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में सीडीएस बिपिन रावत और 12 अन्य की मौत पर यूएस इंडो-पैसिफिक कमांड ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है।