फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budget Session Live: संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश; राष्ट्रपति को लेकर सोनिया गांधी के बयान पर विवाद

Fri, 31 Jan 2025 09:08 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Budget Session 2025 Live Updates : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया। इसके साथ ही बजट सत्र की शुरुआत हो गई। राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को देश के सामने रखा। केंद्रीय बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा। बजट सत्र 31 जनवरी से चार अप्रैल तक दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। सत्र का पहला भाग 13 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होगा।
विज्ञापन
संसद का बजट सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:57 PM, 31-Jan-2025

'नए संसद भवन में आना अद्भुत', सर्बियाई राजदूत ने भारत-सर्बिया सहयोग की उम्मीद जताई
भारत में सर्बिया के राजदूत सिनिसा पाविक ने शुक्रवार को कहा कि भारत के दृष्टिकोण और इरादों को सुनना उनके लिए दिलचस्प था। उन्होंने कहा कि सर्बिया भारत के साथ सफल सहयोग के एक साल की प्रतीक्षा कर रहा है। एएनआई से बातचीत में पाविक ने यह भी बताया कि यह उनका दूसरा मौका था जब उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भाषण सुना, और सर्बिया को मार्च 2023 में भारत में राष्ट्रपति को मेज़बानी करने का सम्मान प्राप्त होगा। 


साथ ही राजदूत ने यह भी कहा कि नए संसद भवन में आना अद्भुत अनुभव था। उन्होंने भारतीय सरकार के दृष्टिकोण और इरादों के बारे में जानकारी प्राप्त करना खुशी की बात बताई और इसे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सर्बियाई सरकार के बीच अद्भुत संयोग और पूरकता बताया। सर्बिया के राजदूत ने भारत-सर्बिया संबंधों में विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वे दोनों देशों के बीच सफल सहयोग और भारत के समग्र विकास की उम्मीद करते हैं। बता दें कि इससे पहले, भारत के संसद में विभिन्न देशों के राजनयिकों ने 2025 के बजट सत्र में भाग लिया, जिसमें ब्राजील, जापान, सर्बिया, दक्षिण कोरिया और अन्य देशों के राजदूत शामिल थे।

07:19 PM, 31-Jan-2025

वित्त मंत्री ने बजट को दिया अंतिम रूप

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कल संसद में केंद्रीय बजट 2025 पेश करेंगी। उन्होंने आज अपने कक्ष में बजट को अंतिम रूप दिया।
 

02:33 PM, 31-Jan-2025

सोनिया गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री ने जताई नाराजगी

कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 'राष्ट्रपति का ऐसा अपमान कभी नहीं हुआ था। कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी और उनके बेटे और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के खिलाफ जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया, मैं उसकी कल्पना भी नहीं कर सकता। उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है?'

विज्ञापन
02:28 PM, 31-Jan-2025

सोनिया गांधी की राष्ट्रपति पर टिप्पणी पर भाजपा ने जताई नाराजगी

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, 'आज पूरे देश ने राष्ट्रपति को सतर्कता के साथ सुना है। यह दुखद है कि कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी ने जिस प्रकार की टिप्पणी राष्ट्रपति पर की है वह बिलकुल उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति अपने भाषण में थकी हुई थी। भारतवर्ष गणतंत्र है और विश्व का सर्वोच्च लोकतंत्र है। राष्ट्रपति सशक्त और सबल हैं।'

दरअसल संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने कहा, 'अंत तक राष्ट्रपति बहुत थक गईं थी, वे मुश्किल से बोल पा रही थीं।'
 

01:03 PM, 31-Jan-2025

आर्थिक सर्वेक्षण संसद में पेश

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 पेश किया। आर्थिक सर्वेक्षण पेश करते ही सदन में हंगामा शुरू हो गया तो लोकसभा अध्यक्ष ने लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी। राज्यसभा में भी वित्त मंत्री ने आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई। 

राष्ट्रीय खातों के पहले अग्रिम अनुमानों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 में भारत की वास्तविक GDP में 6.4 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 में कहा गया है कि हमें उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026 में वृद्धि 6.3 से 6.8 प्रतिशत के बीच होगी। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, रबी की अच्छी पैदावार से वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में खाद्य कीमतों पर लगाम लगने की संभावना है।

विज्ञापन
12:53 PM, 31-Jan-2025

संसद की कार्यवाही शुरू

संसद के बजट सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। संसद के दोनों सदनों में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जेम्स कार्टर के निधन पर भी संवेदना व्यक्त की गई। लोकसभा में महाकुंभ हादसे पर भी दुख जताया गया और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।

12:06 PM, 31-Jan-2025

'किसी की मृत्यु पर राजनीति करने से दुखद कुछ नहीं'

भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, 'ये लोग तो इंतजार कर रहे थे कि कोई घटना (महाकुंभ में हुई भगदड़ दुर्घटना) हो जिससे प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को घेरा जाए। यह गलत है। उस दिन करोड़ों श्रद्धालु महाकुंभ आए थे। वर्षों बाद हिन्दुत्व जगा है। उसी माहौल में यह दुखद घटना हुई है। यह हम सभी के लिए पीड़ा जनक है। इस पर सरकार जांच बैठा चुकी है लेकिन किसी की मृत्यु पर राजनीति करने से दुखद और कुछ नहीं है।'
 

12:04 PM, 31-Jan-2025

'आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था हमारा लक्ष्य'

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'भारत में आधुनिक और आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था हमारा लक्ष्य है। मेरी सरकार किसानों को फसलों का उचित दाम दिलाने और उनकी आय को बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से काम कर रही है। देश में तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने और खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता हासिल करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय तिलहन मिशन को मंजूरी दी गई है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी राष्ट्रीय मिशन चलाया जा रहा है।'

राष्ट्रपति ने कहा कि 'आजादी के दशकों बाद भी हमारे जिस आदिवासी और जनजातीय समाज की उपेक्षा होती रही मेरी सरकार ने उनके कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सरकार ने देश की सीमाओं की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। सरकार ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी कदम उठाए हैं। मेक इन इंडिया से हम मेक फॉर द वर्ल्ड की ओर बढ़ चुके हैं।'

12:01 PM, 31-Jan-2025

भारत में दुनिया की तीसरा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क

संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत का मेट्रो नेटवर्क अब 1 हजार किलोमीटर के माइलस्टोन को पार कर चुका है। भारत अब मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया है। आसान कनेक्टिविटी प्रदान करने और शहरी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देश में 15 रोपवे परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'देश के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए 1 लाख 75 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए हैं। देश में कैंसर के रोगियों की बढ़ती संख्या और इलाज की लागत को देखते हुए कैंसर की दवाओं को कस्टम ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया है।'

11:58 AM, 31-Jan-2025

अखिलेश यादव ने महाकुंभ में भगदड़ की घटना पर सरकार को घेरा

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संसद भवन परिसर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'बजट पर चर्चा बाद में होगी, इस सत्र में आज हमें उन लोगों पर बात करने की जरूरत है, जिन्होंने कुंभ में अपनी जान गंवाईं। दूसरी बात उत्तर प्रदेश के सीएम नैतिक तौर पर जा चुके हैं, अब सवाल ये है कि राजनीतिक तौर पर वे कब जाते हैं? सरकार मृतकों की संख्या छिपा रही है ताकि लोगों को मुआवजा न देना पड़े। मृतकों के परिजनों को जल्द से जल्द सूचित किया जाना चाहिए और मृतकों की सूची जल्द से जल्द सार्वजनिक की जानी चाहिए। ये सरकार की गलती है और अभी भी चीजों को छिपाने की कोशिश की जा रही है।'
 

11:29 AM, 31-Jan-2025

'एमएसएमई के लिए ऋण गारंटी योजना लाई सरकार'

संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'MSME के लिए ऋण गारंटी योजना और ई-कॉमर्स निर्यात केंद्र देश के सभी क्षेत्रों में व्यापार को प्रोत्साहित कर रहे हैं। ONDC की व्यवस्था ने डिजिटल कॉमर्स यानि ऑनलाइन शॉपिंग की व्यवस्था को समावेशी बनाया है। आज देश में छोटे उद्योगो को भी आगे बढ़ने का समान अवसर मिल रहा है।'

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'भारत की UPI टेक्नोलॉजी की सफलता से दुनिया के कई विकसित देश भी प्रभावित हैं। आज 50% से ज्यादा रियल टाइम डिजिटल ट्रांसैक्शन भारत में हो रहा है। मेरी सरकार ने डिजिटल तकनीक को सामाजिक न्याय और समानता के एक टूल के तौर पर इस्तेमाल किया है। मेरी सरकार साइबर सुरक्षा में दक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। डिजिटल धोखाधड़ी, साइबर अपराध और डीपफेक सामाजिक, वित्तीय और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौतियां हैं। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल संपर्क परियोजना पूरी हो चुकी है और अब देश कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेलवे लाइन से जुड़ जाएगा।'
 

11:18 AM, 31-Jan-2025

'अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाए'

राष्ट्रपति ने कहा कि 'एशिया रैंकिंग में हमारे 163 विश्वविद्यालय शामिल हुए हैं। नालंदा विश्वविद्यालय के जरिए भारत का पुराना गौरव वापस लाया गया है। वो दिन दूर नहीं, जब भारत में निर्मित गगनयान में एक भारतीय अंतरिक्ष में जाएगा। कुछ दिन पहले इसरो ने स्पेस डॉकिंग की उपलब्धि हासिल की और हाल ही में इसरो ने सैटेलाइट लॉन्च में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। दिव्यांगों के लिए ग्वालियर में विशेष केंद्र खोला गया है। हाल ही में चेस में भी भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।' राष्ट्रपति ने कहा कि 'हमारा लक्ष्य भारत को इनोवेशन ग्लोबल पावरहाउस बनाना है। अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।' 

11:15 AM, 31-Jan-2025

'स्टार्टअप से लेकर स्पेस तक देश का नाम रोशन कर रहे युवा'

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि 'आज हमारे युवा स्टार्टअप से लेकर स्पेस तक देश का नाम रोशन कर रहे हैं। पिछले एक दशक में मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्टैंड अप इंडिया योजना के जरिए युवाओं को कई मौके उपलब्ध कराए गए हैं। एक और युवाओं को इंटर्नशिप योजना से अनुभव दिया जा रहा है। देश में आज लाखों स्टार्टअप काम कर रहे हैं। एआई और डिजिटल तकनीक अपनाने में भी भारत दुनिया को रास्ता दिखा रहा है। मेरी सरकार विद्यार्थियों के लिए आधुनिक पाठ्यक्रम तैयार कर रही है। मातृभाषा में शिक्षा की सुविधा दी जा रही  है। दस हजार से ज्यादा स्कूलों में अटल लैब खोली गई हैं। ईड ऑफ डूइंग रिसर्च के लिए कई काम किए गए हैं।' 

11:13 AM, 31-Jan-2025

'महिला सशक्तिकरण को दिया जा रहा बढ़ावा'

राष्ट्रपति ने कहा कि 'देश की 10 करोड़ से भी ज्यादा महिलाओं को स्वयसेवी संगठनों से जोड़ा गया है और लखपति दीदियों की संख्या को भी लगातार बढ़ाया जा रहा है। कुछ महीने पूर्व ही बीमा सखी अभियान भी शुरू किया गया है। हमारे बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट सखियां दूर-दराज के इलाकों में डिजिटल योजनाओं को फायदा पहुंचा रही हैं। ड्रोन दीदी योजना महिलाओँ के आर्थिक और तकनीकी सशक्तिकरण का माध्यम बनी है। आज महिलाएं लड़ाकू विमान भी उड़ा रही हैं और कॉरपोरेट सेक्टर में भी नेतृत्व कर रही हैं। हमारी बेटियां ओलंपिका में भी मेडल लाकर देश को गौरवान्वित कर रही हैं।'

11:10 AM, 31-Jan-2025

'मध्यम वर्ग के लिए किए बहुत से काम'

राष्ट्रपति ने कहा कि 'मेरी सरकार ने हाल ही में आठवें वेतन आयोग के गठन का फैसला किया है। यूनिफाइड पेंशन स्कीम के तहत कर्मचारियों को 50 फीसदी पेंशन देने का फैसला किया गया है। मध्यम वर्ग का अपने घर का सपना पूरा करने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है। रेरा कानून बनाया गया और लोगों को घरों पर सब्सिडी दी जा रही है। उड़ान योजना से लोगों का हवाई जहाज यात्रा का सपना पूरा किया है। हर विषय की पढ़ाई के लिए सीटों की संख्या में कई गुना बढ़ोतरी का लाभ भी मध्यम वर्ग को मिला है।'

11:05 AM, 31-Jan-2025

युवाओं के रोजगार पर विशेष ध्यान दे रही सरकार

राष्ट्रपति ने कहा कि 'मेरी सरकार ने युवाओं की शिक्षा और उनके लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया है। युवाओं को शीर्ष कंपनियों में इंटर्नशिप करने के अवसर भी दिए जाएंगे। सरकार ने पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत 70 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। जब देश अटल जी की जन्मशती मना रहा है तो उनकी अटल ग्राम सड़क योजना नए ऊंचाई छू रही है।' 

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि 'गरीब को गरिमापूर्ण जीवन मिलने से, उसमें जो सशक्तिकरण का भाव पैदा होता है, वो गरीबी से लड़ने में उसकी मदद करता है। पीएम उज्जवला योजना के तहत 10 करोड़ कनेक्शन दिए गए। ऐसी योजनाओं से गरीब को ये भरोसा दिया गया है कि वे सम्मान के साथ जी सकते हैं। देश में मध्यम वर्ग का नया वर्ग तैयार किया है, जो देश की तरक्की को गति दे रहा है। मध्यम वर्ग जितने सपने देखेगा, देश उतनी ही उड़ान भरेगा। सरकार ने मध्यम वर्ग को सराहा है। सरकार ने एक दशक के कार्यकाल में विकसित भारत की योजना को नई ऊर्जा दी है।'

11:03 AM, 31-Jan-2025

सरकारी योजनाओं से देश के गरीबों को किया जा रहा सशक्त

राष्ट्रपति ने कहा कि 'आज देश बड़े निर्णयों को तेजी से लागू होते देख रहा है। इन फैसलों से देश के गरीब, महिलाओं और वंचितों को लाभ मिला। मेरी सरकार ने पीएम आवास योजना का विस्तार करते हुए तीन करोड़ परिवारों को आवास दिए जाने का फैसला किया है। पीएम स्वामित्व योजना के तहत अब तक दो करोड़ से ज्यादा स्वामित्व कार्ड जारी किए गए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि और आयुष्मान योजना के तहत करोड़ों लोगों को सहायता दी जा रही है।' 

11:02 AM, 31-Jan-2025

राष्ट्रपति द्रौपदी मु्र्मू का संबोधन शुरू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करना शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति ने महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर हुए हादसे पर दुख जताया और मृतकों के प्रति संवेदना जताई। राष्ट्रपति ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर भी संवेदना व्यक्त की। 

10:57 AM, 31-Jan-2025

राष्ट्रपति को संसद भवन में दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

संसद भवन पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। 

10:52 AM, 31-Jan-2025

संसद भवन पहुंचा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कारवां

राष्ट्रपति का कारवां संसद भवन पहुंच चुका है। अभिभाषण में राष्ट्रपति सरकार की उपलब्धियों को देश के सामने रखेंगी। राष्ट्रपति के अभिभाषण के आधे घंटे बाद संसद की कार्यवाही शुरू होगी। अनुच्छेद 87 के तहत राष्ट्रपति हर साल बजट सत्र के पहले संबोधन देते हैं। 

10:41 AM, 31-Jan-2025

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद भवन के लिए रवाना हो गई हैं।

10:35 AM, 31-Jan-2025

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे गणतंत्र ने 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं। यह देश के प्रत्येक नागरिक के लिए बहुत गर्व की बात है। इस देश के लोगों ने मुझे तीसरी बार ये जिम्मेदारी दी है और ये इस तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट है। मैं विश्वास से कह सकता हूं कि 2047 में जब आजादी के 100 साल होंगे, विकसित भारत का जो संकल्प इस देश ने लिया है उस दिशा में यह बजट सत्र, यह बजट एक नया विश्वास पैदा करेगा, नई ऊर्जा देगा कि देश जब आजादी के 100 साल मनाएगा तब विकसित होकर रहेगा। 140 करोड़ देशवासी अपने सामूहिक प्रयासों से इस संकल्प को पूरा करेंगे।

10:23 AM, 31-Jan-2025

संसद के बजट सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानतंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन के बाहर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज बजट सत्र के प्रारंभ में मैं समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को प्रणाम करता हूं। ऐसे अवसर पर सदियों से हमारे यहां मां लक्ष्मी का पुण्य स्मरण किया जाता है। मां लक्ष्मी हमें सिद्धि और विवेक देती हैं। समृद्धि और कल्याण भी देती हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि देश के हर गरीब एवं मध्यम वर्गीय समुदाय पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा रहे।
 

09:48 AM, 31-Jan-2025

वक्फ संशोधन समेत कई बिल होंगे पेश
सरकार की तैयारी बजट सत्र के पहले ही चरण में वक्फ संशोधन बिल के साथ कुछ अन्य विधेयकों को पेश करने की है। वक्फ (संशोधन) बिल के साथ मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक भी पेश किया जाएगा। इसके अलावा विमान वस्तुओं में हितों का संरक्षण विधेयक, त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय विधेयक और आव्रजन और विदेशी विधेयक भी शामिल हैं। साथ ही वित्त विधेयक, 2025 व संबंधित अनुदान मांगों तथा विनियोग विधेयकों को भी पेश किया जाएगा। ऐसे 10 अन्य विधेयक भी हैं, जो पिछले सत्र से दोनों सदनों में लंबित हैं।

09:39 AM, 31-Jan-2025

दिल्ली विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच संसद का बजट सत्र शुक्रवार को आरंभ होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। सर्वेक्षण देश की अर्थव्यवस्था की सेहत का लेखा-जोखा पेश करेगा। साथ ही इसमें कृषि, इंडस्ट्री और सर्विस क्षेत्र के प्रमुख रुझानों के साथ आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और चुनौतियों से निपटने के लिए नीतिगत सुझाव भी होंगे। वित्त मंत्री सीतारमण मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा पूर्ण बजट और अपना लगातार आठवां बजट शनिवार को पेश करेंगी।

09:04 AM, 31-Jan-2025

Budget Session Live: संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश; राष्ट्रपति को लेकर सोनिया गांधी के बयान पर विवाद

Parliament Budget Session 2025 Live Updates : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों को संबोधित करेंगी। इसके साथ ही बजट सत्र की शुरुआत होगी। केंद्रीय बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा। राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 11 बजे लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। बजट सत्र 31 जनवरी से चार अप्रैल तक दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। सत्र का पहला भाग 13 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें