02:45 PM, 21-Feb-2026
'भारत-ब्राजील व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लिए तैयार'
ब्राजील के सरकारी बैंक बैंको डो ब्राजील की अध्यक्ष टार्सियाना मेडेरोस ने कहा है कि उनका बैंक भारत-ब्राजील व्यापार को बढ़ाकर 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने में रणनीतिक भूमिका निभाने के लिए तैयार है। नई दिल्ली में आयोजित भारत-ब्राजील बिजनेस फोरम में उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसमें अभी और बहुत संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि भारत और ब्राजील कई मामलों में एक जैसे हैं- दोनों बड़े, विविधता वाले देश हैं और दोनों का लक्ष्य लंबी अवधि का आर्थिक विकास है। मेडेरोस ने भारत की डिजिटल पेमेंट, फिनटेक और वित्तीय समावेशन में वैश्विक नेतृत्व की भी तारीफ की और कहा कि इन क्षेत्रों में दोनों देश मिलकर काम कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि, ऊर्जा, खनिज, दवा, तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग ऐसे सेक्टर हैं जिनमें सहयोग बढ़ाकर व्यापार को तेजी से बढ़ाया जा सकता है। साथ ही ग्रीन फाइनेंस, नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा संक्रमण जैसे क्षेत्रों में साझेदारी दोनों देशों को जिम्मेदार वैश्विक ताकत के रूप में मजबूत बना सकती है। मेडेरोस ने यह भी बताया कि उनका बैंक कंपनियों को जोड़ने, विदेशी मुद्रा सेवाएं देने और वित्तीय संरचना बनाने में मदद करेगा ताकि भारत-ब्राजील व्यापार को नई गति मिल सके।